Blog

  • चौक पर हुई गुंडागर्दी, बदमाशों ने युवक को पीट-पीटकर किया लहूलुहान, देंखे वीडियो

    चौक पर हुई गुंडागर्दी, बदमाशों ने युवक को पीट-पीटकर किया लहूलुहान, देंखे वीडियो

    फरीदाबाद: शहर में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे सरेआम लोगों पर हमला करने से भी नहीं डरते। बीती रात हार्डवेयर चौक पर कुछ बदमाशों ने एक युवक पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से बेरहमी से हमला कर दिया। युवक को अधमरी हालत में सड़क पर छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को बादशाह खान सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। घायल के साथी लखन ने बताया कि वे लोग चौक के पास खाना खा रहे थे, तभी अचानक कुछ बदमाश वहां पहुंचे और बिना किसी बात के हमला कर दिया। गौरतलब है कि हाल ही में फरीदाबाद क्राइम ब्रांच ने लूट, मारपीट और हत्या के प्रयास के मुख्य आरोपी कमल भड़ाना समेत अन्य आरोपियों की परेड निकालकर अपराधियों में भय पैदा करने की कोशिश की थी, लेकिन ताजा घटना बताती है कि पुलिस के इन प्रयासों का बदमाशों पर कोई असर नहीं दिख रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार हार्डवेयर चौक पर आए दिन झगड़े और मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं। 25 सितंबर को भी इसी चौक पर एक युवक की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ था। लोगों का कहना है कि चौक पर स्थित मीट और मुर्गे की दुकानों के बाहर लोग देर रात तक शराब पीकर हुड़दंग मचाते हैं, लेकिन पुलिस की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जाती। डायल 112 के पुलिसकर्मी संजय ने बताया कि टीम को सूचना मिलते ही घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
  • सुख की सरकार के निकम्मेपन से हर साल बिना  खर्चे वापस केंद्र को जा रहे करोड़ों रुपये: जयराम ठाकुर

    सुख की सरकार के निकम्मेपन से हर साल बिना  खर्चे वापस केंद्र को जा रहे करोड़ों रुपये: जयराम ठाकुर

    मंडी में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बोले, प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल पर 500 करोड़ की धनराशि इस्तेमाल नहीं कर पाई राज्य सरकार

    केंद्र सरकार से पैसे देने की कमी नहीं राज्य सरकार की नीयत और विजन में है खोट

    प्रदेश सरकार को असुविधा न हो इसलिए एडवांस में दिए 843 करोड रुपए

    कार्य समिति के गठन पर सभी को नवीन दायित्व के  लिए दी शुभकामनाएं 

    ऊना/सुशील पंडित: मंडी से जारी बयान में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार  सदन से लेकर सड़क तक हर दिन पानी पी पीकर केंद्र सरकार एवं प्रधानमंत्री को कोसती रहती है। हिमाचल को पैसे न देने का आरोप लगाती है जबकि हर साल हजारों करोड़ रुपया इस्तेमाल न कर पाने के कारण केंद्र सरकार को वापस भेजती है। केंद्र द्वारा दिया गया पैसा सरकार की नियत में खोट और विजन में कमी के कारण इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है। केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश को जनहित की योजनाओं के लिए पैसा देता है लेकिन सुक्खू सरकार शायद उससे अपनी जेबें भरना चाहती है। इसलिए वह पैसा बिना इस्तेमाल हुए ही केंद्र सरकार को वापस भेज दिया जाता है। व्यवस्था परिवर्तन का नारा देने वाले लोगों के लिए यह शर्म की बात है।

    जयराम ठाकुर ने कहा कि भारत सरकार द्वारा दिया गया पैसा सुक्खू सरकार खर्च नहीं कर पा रही है इसलिए वापस कर रही है। इस सरकार का फोकस विकास की बजाय केंद्र सरकार पर आरोप लगाना है। पैसे ना देने का रोना रोते रहना है। इस बार जब हिमाचल प्रदेश के दौरे पर आदरणीय केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष हिमाचल आए तो 123 करोड़ रुपए मातृ  शिशु सुरक्षा योजना के लिए दिया। साथ ही नड्डा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि केंद्र द्वारा प्रदेशवासियों के भले के लिए भेजा गया पैसा भी खर्च किया करें। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के लिए 954 करोड़ रुपए की धनराशि हिमाचल सरकार को दी गई थी लेकिन दुर्भाग्य से सुक्खू सरकार ये धन राशि आधी भी नहीं खर्च पाई।

    वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए केंद्र सरकार द्वारा स्वास्थ्य विभाग को 1050 करोड़ रुपए से अधिक की स्वीकृति दी गई है, अब तक की सरकार की कारगुजारी से यह स्पष्ट है कि इस बार का बजट भी सरकार खर्च नहीं कर पाएगी। देश का स्वास्थ्य मंत्री जाकर हिमाचल में कह रहा है कि केंद्र द्वारा दिया गया पैसा हिमाचल के हित में लगाइए लेकिन सुक्खू सरकार नहीं लगा पा रही है। इस निकम्मेपन के लिए जिम्मेदार कौन है? यह प्रदेश के बदहाल होते स्वास्थ्य विभाग की ही बात नहीं है यह प्रदेश के हर विभाग की स्थित है। जिसे सुधारना होगा सरकार अपना फोकस केंद्र सरकार और भाजपा को गाली देने के बजाय विकास पर करे।

    हिमाचल सरकार को राहत देने के लिए ही 843 करोड रुपए केंद्र ने एडवांस दिए

    जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार ने त्योहारों का सीजन देखते हुए हिमाचल प्रदेश सरकार समेत सभी राज्यों को राहत प्रदान करने के लिए ही स्टेट टैक्स शेयर के एडवांस के तहत हिमाचल प्रदेश को 843 करोड़ रुपए दिए हैं। जिससे सरकार लोगों को समय से वेतन आदि देने का प्रबंध कर सके। फीफा की तरह आगे भी केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल सरकार की मदद की जाती रहेगी। क्या जो भी हिमाचल प्रदेश में हो रहा है सब कुछ केंद्र के सहयोग से ही हो रहा है।

    कार्य समिति के गठन पर सभी को नवीन दायित्व दी शुभकामनाएं

    जयराम ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के सभी स्थाई आमंत्रित सदस्यों एवं कार्य समिति के सदस्यों को नवीन दायित्व की  हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आप सभी वरिष्ठ सहयोगियों के आशीर्वाद और मार्गदर्शन तथा युवा साथियों के उत्साह, कार्य कुशलता एवं समर्पण से भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश में  नई ऊंचाइयों को हासिल करेगी।

    चिप से लेकर शिवशिप बनाने मैं आत्मनिर्भरता हासिल कर रहा है भारत 

    सराज विधानसभा क्षेत्र के थुनाग में आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि देश के  प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से कहा था कि आत्मनिर्भरता के बिना हमारी आजादी अधूरी है।  बिना आत्मनिर्भरता के विकसित भारत का संकल्प भी आसान नहीं होगा। इसीलिए 12 मई 2020 को प्रधानमंत्री ने ‘आत्मनिर्भर भारत अभियान’ की शुरुआत की थी। आत्मनिर्भर भारत के अभियान के परिणाम आज देश के सामने हैं। हम छोटे-छोटे हथियार ही नहीं उन्नत किस्म के पांचवी पीढ़ी के फाइटर प्लेन भी बना रहे हैं।

    ऑपरेशन सिंदूर में हमारी काबिलियत और क्षमता का लोहा पूरी दुनिया ने देखा। शत प्रतिशत सफलता के पीछे रक्षा के क्षेत्र में हमारी आत्मनिर्भरता ही थी।धरती से लेकर आसमान तक समुद्र की अतल गहराइयों से लेकर अंतरिक्ष तक भारत और भारतीयता का डंका बज रहा है। चिप से लेकर शिप तक, मिसाइल से लेकर चंद्रयान और गगनयान भारत में बन रहे हैं और दुनिया में अपनी धाक जमा रहे हैं। हमारे आत्मनिर्भरता का लक्ष्य तभी आसानी से हासिल होगा जब हम स्वदेशी, मेड इन इंडिया उत्पादों को गर्व से अपनाएंगे। आज भारत में बने उत्पादों की गुणवत्ता वैश्विक मानकों के ऊपर है। आत्मनिर्भर भारत की मुहिम में जिस तरीके से हर भारतीय का सहयोग मिल रहा है उसे यह साफ है कि विकसित भारत का लक्ष्य हम निर्धारित समय के पहले हासिल कर लेंगे।

  • Punjab News: गोलियां चलने के बाद पुलिस ने 11 आरोपियों को किया गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: गोलियां चलने के बाद पुलिस ने 11 आरोपियों को किया गिरफ्तार, देखें वीडियो

    पठानकोट: जिले में हुई गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से पिस्तौल, जिंदा कारतूस और हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है ताकि लंबित चल रहे मामले हल हो सके। डीएसपी जगदीश राज ने बताया कि थाना दो और सीआईए स्टाफ की टीम को सूचना मिली थी कि ऊँची पुली के पास बदमाशों ने युवक को गोली मार दी है और घायल युवक का इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जिसके बयानों पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी लेकिन आरोपी फरार चल रहे थे।

    पहले पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनसे 20 ग्राम हेरोइन और हथियार बरामद हुए थे और उनसे पूछताछ के बाद पुलिस ने छापेमारी कर बाकी फरार चल रहे 6 आरोपियों को दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास एक पिस्तौल, जिंदा कारतूस और 120 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस को प्राथमिक जांच में पता चला कि ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और सभी नशे की तस्करी में सक्रिय थे। उन्होंने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी व्यक्ति कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

  • चिंतपूर्णी दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की थार दुर्घटनाग्रस्त, चार घायल

    चिंतपूर्णी दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की थार दुर्घटनाग्रस्त, चार घायल

    ऊना/सुशील पंडित: श्री चिंतपूर्णी मंदिर के दर्शन के लिए अमृतसर से आए श्रद्धालुओं की थार गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में चार श्रद्धालु घायल हुए हैं। सभी घायल अमृतसर के निवासी हैं। रविवार सुबह करीब पांच बजे माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर के दर्शन के लिए अमृतसर से आए हुए श्रद्धालुओं की थार गाड़ी तलवाड़ा बाईपास पर दूसरी गाड़ी को बचाने के प्रयास में सड़क से अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी हादसे की आवाज सुनते ही मौके पर स्थानीय लोग पहुंच गए और घायलों को बाहर निकालकर तुरंत 108 एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल चिंतपूर्णी भेजा गया। इस हादसे में चार श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनकी पहचान मोहित (19), ऋतिक (21), सुमित (18) और कमल दास बरसाना (36) के रूप में हुई है। सभी घायल अमृतसर के निवासी हैं वहीं अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है। डॉक्टर के अनुसार सभी को मामूली चोटें आईं और अब उनकी स्थिति पूरी तरह स्थिर है। घटना के संबंध में घायल कमल दास बरसाना ने बताया कि यह सब माता श्री चिंतपूर्णी की कृपा है कि चारों की जान बच गई। हादसा बड़ा था लेकिन हम सभी सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि हालांकि वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है, जिसे बाद में क्रेन की सहायता से तलवाड़ा पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर चिंतपूर्णी पुलिस थाना से एएसआई राजेश कुमार अपनी टीम सहित तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रेस्क्यू कार्य में स्थानीय लोगों के साथ मिलकर सहयोग दिया और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
  • हिम उन्नति योजना के सफल क्रियान्वयन का उत्कृष्ट मॉडल बनकर उभरा ऊना जिला

    हिम उन्नति योजना के सफल क्रियान्वयन का उत्कृष्ट मॉडल बनकर उभरा ऊना जिला

    कृषि नवाचार और प्राकृतिक खेती की दिशा में निर्णायक पहलकदमी

    ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल सरकार कृषि और बागवानी क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए अनेक महत्वाकांक्षी योजनाओं पर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार पारंपरिक खेती को आधुनिक तकनीकों से जोड़ते हुए प्राकृतिक खेती और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस कदम उठा रही है। इसी कड़ी में आरंभ की गई ‘हिम उन्नति योजना’ आज ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने वाली परिवर्तनकारी पहल साबित हो रही है  और ऊना जिला इस योजना के क्रियान्वयन में अग्रणी बनकर उभर रहा है।

    ऊना में कृषि विकास की नई लहर
    कृषि विभाग ऊना के उपनिदेशक डॉ. कुलभूषण धीमान बताते हैं कि हिम उन्नति योजना के अंतर्गत ऊना जिले में 10 कृषि क्लस्टर स्वीकृत किए गए हैं। प्रत्येक क्लस्टर में 15–20 किसानों को जोड़ा गया है ताकि सभी किसान प्राकृतिक विधियों से खेती करने में सक्षम बनें। इससे रासायनिक खादों पर निर्भरता घटेगी, उत्पादन लागत कम होगी और लाभ में वृद्धि होगी।

    तकनीकी सहयोग और सशक्तिकरण पर जोर
    उपनिदेशक बताते हैं जिले में हिम उन्नति योजना के लिए वर्ष 2025–26 में 33.50 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023–24 में 100 किसान समूहों का गठन किया गया था, जबकि 2024–25 में 10 नए क्लस्टर बनाए गए हैं । किसानों को तकनीकी प्रशिक्षण, विपणन सहयोग और आधुनिक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि कृषि-आधारित स्टार्टअप और स्वरोजगार के अवसर बढ़ सकें।

    क्या है हिम उन्नति योजना
    डॉ. धीमान योजना की जानकारी देते हुए बताते हैं कि हिम उन्नति योजना राज्य सरकार की एक महत्त्वाकांक्षी पहल है, जिसके तहत 150 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इस योजना को चरणबद्ध ढंग से लागू किया जा रहा है ताकि इसका लाभ राज्य के प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंच सके। योजना का मुख्य उद्देश्य कृषि में समेकित विकास, पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना तथा युवाओं के लिए कृषि-आधारित स्वरोज़गार के अवसर सृजित करना है।
    कृषि विभाग के अनुसार, योजना के तहत 40 बीघा या उससे अधिक भूमि वाले 1239 कृषि क्लस्टरों की पहचान की गई है। इनमें लगभग 50 हज़ार किसानों को शामिल करते हुए 2600 किसान समूहों के गठन का लक्ष्य रखा गया है। यह क्लस्टर-आधारित मॉडल सामूहिक खेती, तकनीकी सहयोग और बाजार से सीधे जुड़ाव के माध्यम से किसानों की आय में स्थायी बढ़ोतरी का मार्ग प्रशस्त करेगा।

    किसानों को मिल रहा वास्तविक लाभ
    ऊना जिले में एक प्रमुख क्लस्टर विकास खंड अंब के पंजोआ गांव में स्थापित है। यहां नरेश कुमार जैसे प्रगतिशील किसान प्राकृतिक खेती को अपनाकर उदाहरण पेश कर रहे हैं। नरेश बताते हैं कि यहां अदरक, हल्दी, सब्ज़ियों और फलों की मिश्रित खेती के साथ-साथ फेंसिंग निर्माण जैसी गतिविधियां चल रही हैं।

    नरेश कुमार का कहना है कि प्राकृतिक खेती से उत्पाद की गुणवत्ता बेहतर होती है और बाजार में इसकी मांग तेजी से बढ़ रही है। प्रदेश सरकार द्वारा प्राकृतिक गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 60 रुपये प्रति किलोग्राम तथा मक्की का 40 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित किया गया है, जिससे किसानों को अपनी मेहनत का वाजिब मूल्य मिल रहा है।
    बता दें, हिमाचल देश का पहला राज्य है जिसने प्राकृतिक अनाजों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य तय किया है, और इसका सबसे सकारात्मक प्रभाव जमीनी स्तर पर दिखाई दे रहा है, तथा इससे किसानों का आत्मविश्वास और आय दोनों बढ़े हैं।

    प्रशासन किसानोन्मुखी योजनाओं के ज़मीनी कार्यान्वयन को प्रतिबद्ध
    उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशानुरूप जिला प्रशासन सरकार की सभी किसानोन्मुखी योजनाओं को ज़मीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि हिम उन्नति योजना का लाभ ऊना जिले के प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचे ताकि वे आत्मनिर्भर बनें और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में सक्रिय भागीदार बन सकें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासनिक निगरानी के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर नियमित प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों को आधुनिक खेती तकनीकों से जोड़ा जा रहा है।

    ऊना से प्रदेशभर के लिए प्रेरणा
    ऊना जिले में हिम उन्नति योजना का मॉडल न केवल स्थानीय किसानों को समृद्ध कर रहा है, बल्कि यह समूचे हिमाचल के लिए एक प्रेरणास्रोत बन गया है। प्राकृतिक एवं सामूहिक खेती और सरकार की किसानहितैषी नीतियों को लागू करने में ऊना एक उत्कृष्ट मॉडल बनकर उभरा है।

  • मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का जल्द होगा कुटलैहड़ प्रवास

    मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का जल्द होगा कुटलैहड़ प्रवास

    अनेक विकास योजनाओं का करेंगे शिलान्यास: विवेक शर्मा 

    ऊना/सुशील पंडित: प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आगामी दिनों में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर आने वाले हैं। इस दौरान वे क्षेत्र में अनेक विकासात्मक योजनाओं का शिलान्यास और शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर क्षेत्र में व्यापक उत्साह का माहौल है।

    विधायक विवेक शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री सुक्खू का यह प्रवास कुटलैहड़ के लिए ऐतिहासिक साबित होगा, क्योंकि कई ऐसी योजनाओं को धरातल पर उतारने की तैयारी पूरी हो चुकी है, जो लंबे समय से लंबित थीं। विधायक विवेक शर्मा ने बताया कि उन्होंने हाल ही में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से शिमला में मुलाकात की और कुटलैहड़ क्षेत्र में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा से हुए नुक़सान की पूरी रिपोर्ट उन्हें सौंपी है। इस रिपोर्ट में बाढ़, भूस्खलन और मकानों को हुए नुकसान का विस्तृत विवरण शामिल किया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत और आर्थिक सहायता प्रदान की जाए ताकि वे अपने जीवन को पुनः पटरी पर ला सकें।

    मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान क्षेत्र में सड़कों के उन्नयन, पेयजल योजनाओं, स्वास्थ्य संस्थानों के विस्तार, और शिक्षा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन होने की संभावना है। इसके साथ ही, स्थानीय जनता की समस्याओं को सुनने के लिए मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास की नई दिशा तय कर रही है। कुटलैहड़ जैसे ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्र को सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा न केवल नई परियोजनाओं की शुरुआत का प्रतीक होगा, बल्कि आपदा से जूझ रहे परिवारों के लिए राहत और उम्मीद की नई किरण लेकर आएगा। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया और कहा कि कुटलैहड़ के विकास को नई गति देने के लिए यह प्रवास मील का पत्थर साबित होगा। इस मौके पर अनिल ठाकुर एवं जोगेंद्र देव आर्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।

  • अब Toll पर पेमेंट करने के बदले नियम, इस दिन से पूरे देश में हो जाएंगे लागू

    अब Toll पर पेमेंट करने के बदले नियम, इस दिन से पूरे देश में हो जाएंगे लागू

    नई दिल्ली: सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने नेशनल हाईवे पर टोल वसूलने के नियमों को लेकर अहम बदलाव किया है। इन नियमों के अंतर्गत यदि किसी के पास वैलिड और चालू फास्टैग नहीं होगा और वो ऑनलाइन टोल भुगतान करेगा तो उसको 1.25 गुना शुल्क ज्यादा देना पड़ेगा। इससे पहले यह राशि दोगुनी थी। मंत्रालय ने यह जानकारी दी है कि नए नियम 15 नवंबर 2025 से पूरे देश में लागू हो जाएंगे। यह बदलाव सरकार ने इसलिए किए हैं ताकि लेनदेन कम किया जा सके और डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा मिल पाए।

    यूपीआई से कर पाएंगे टोल का भुगतान

    15 नवंबर 2025 से नेशनल हाईवे पर यात्रा करते समय यदि आपके पास वैलिड और चालू फास्टैग नहीं है। ऐसे में आप ऑनलाइन पेमेंट करके पैसों की बचत कर पाएंगे। डिजिटली पेमेंट करने से आपको रेगुलर टोल के मुकाबले सवा गुना कम रुपये भुगतान करना पड़ेगा। यदि आप कैश में टोल का भुगतान करेंगे तो आपको दोगुनी राशि देनी पड़ेगी। उदाहरण के तौर पर नेशनल हाईवे पर यदि किसी फास्टैग वाले वाहन का टोल 100 रुपये है तो उसको बिना फास्टैग वाले वाहन के लिए यह 200 रुपये की राशि तय की गई है। बिना फास्टैग वाले वाहनों को दोगुना टोल देना पड़ेगा। नए नियमों के अंतर्गत ऑनलाइन पेमेंट करने वालों को 15 नवंबर से 200 रुपये की जगह 125 रुपये ही देना होंगे। इससे 75 रुपये की बचत होगी हालांकि कैश पेमेंट करने वालों के लिए नियमों में किसी भी तरह का बदलाव नहीं होगा। उन्हें पहले की तरह ही फास्टैग वालों की तुलना में दोगुना भुगतान करना पड़ेगा। मंत्रालय की ओर से एक अधिसूचना जारी की गई है जिसमें इस बदलाव के बारे में जानकारी दी गई है। इन बदलावों से तकनीक के जरिए से टोल कलेक्शन को अच्छे से बनाया जाएगा। इसके अलावा टोल पर भीड़ कम करने में भी मदद मिलेगी। नेशनल हाईवे पर यात्रा करना आसान होगा। नेशनल हाईवे पर यात्रा को आसान बनाने के प्रयासों के चलते यह फैसला लिया गया है।

    सरकार ने पहले भी किए थे बदलाव

    नेशनल हाईवे पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए सरकार की ओर से पहले भी बदलाव किए गए थे। 15 अगस्त 2025 से सालान पास की सुविधा भी शुरु की गई थी। फास्टैग एनुअल पास के अंतर्गत यात्री साल भर या 200 फ्री ट्रिप्स का फायदा ले पाएंगे। इस सुविधा के लिए उन्हें 3000 रुपये का भुगतान करना होता है हालांकि यह पास नॉन-कमर्शियल कार, जीप और वैन के लिए ही शुरु की गई थी परंतु अब कुछ नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे के लिए भी मान्य हो गया है।
  • कैंसर से जूझ रही Hina Khan ने किया अहम खुलासा, बोली – ‘मैं एक्टिंग नहीं छोड़ूंगी’

    कैंसर से जूझ रही Hina Khan ने किया अहम खुलासा, बोली – ‘मैं एक्टिंग नहीं छोड़ूंगी’

    मनोरंजन: टीवी की फेमस एक्ट्रेस बहु हिना खान इन दिनों अपनी जिंदगी की सबसे मुश्किल लड़ाई लड़ रही हैं। वो कैंसर से जूझ रही हैं और लगातार अपना इलाज करवा रही हैं। हिना ने साल 2024 में बताया था कि उनको ब्रेस्ट कैंसर है। बीमारी के बावजूद भी एक्ट्रेस लगातार काम कर रही है। इस दौरान एक्ट्रेस को कई शोज और इवेंट्स में देखा जा चुका है। इन दिनों हिना कलर्स के शो पति-पत्नी और पंगा में भी दिख रही हैं। इस शो में वह अपने पति रॉकी के साथ दिख रही हैं लेकिन इसी बीच वो अपना इलाज भी करवा रही हैं।

    मेंटल हेल्थ की मजबूती सबसे जरुरी

    हिना ने अब हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान कैंसर से अपनी लड़ाई और परिवार से मिलने वाले सपोर्ट पर बात की। एक्ट्रेस ने बताया कि वो कैसे इस मुश्किल समय में अपनी मेंटल हेल्थ का ख्याल रखती हैं। एक्ट्रेस ने कहा कि – ये सोच रखना कि कैंसर के मरीज घर बैठे कुछ न करें और उनकी जिंदगी खत्म हो जाए सच नहीं है। कुछ दिन मुश्किल होते हैं लेकिन उसके बाद आप काम पर वापिस लौट सकते हैं। आपके पास वो इच्छाशक्ति, वो ताकत और अपने परिवार का प्यार होना चाहिए। मैं हमेशा एक्टिंग करती रहूंगी, बशर्ते मेरा शरीर साथ दे आपकी मेंटल हेल्थ की मजबूती सबसे जरुरी है। इसलिए आपको मानसिक तौर पर मजबूत रहना चाहिए और खुश रहना चाहिए। अगर आपको लगता है कि कैंसर जैसी बीमारी कुछ नहीं है तो ये कुछ नहीं है।

    नहीं छोड़ेंगी एक्टिंग

    हिना खान ने कहा है कि वह अपनी स्वास्थ्य समस्याओं के बाद भी एक्टिंग नहीं छोड़ेंगी और उनका खुद से वादा है। उन्होंने यह भी कहा है कि इस दौरान काम करना बहुत मुश्किल होता है परंतु फिर भी एक्टिव रहने के लिए हमें अपना काम करना चाहिए।  
  • Punjab News: पूर्व सरपंच के बेटे के कत्ल मामले में 3 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: पूर्व सरपंच के बेटे के कत्ल मामले में 3 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    DIG Kuldeep Singh Chahal ने किये खुलासे

    बरनाला: जिले के गांव शहणा में पूर्व सरपंच मलकीत कौर के बेटे सुखविंदर सिंह ‘कलकत्ता’ की हत्या के संबंध में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। DIG कुलदीप सिंह चहल ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि SSP मोहम्मद सरफराज आलम और उनकी टीम ने इस हत्याकांड को सुलझाते हुए मुख्य हत्यारे सहित 2 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

    DIG Kuldeep Chahal ने बताया कि दिनांक 4 अक्टूबर 2025 को हुई उक्त वारदात के संबंध में मृतक सुखविंदर सिंह कलकत्ता के भाई सुखजीत सिंह धालीवाल के बयान के आधार पर थाना शहणा, बरनाला में मुकदमा नंबर 97 दिनांक 04-10-2025 धारा 103(1), 61(2) BNS, 25 आर्म्स एक्ट के तहत हरजिंदर सिंह उर्फ जिंदर पुत्र बहादुर सिंह निवासी शहणा और गुरदीप दास उर्फ दीपी बावा पुत्र बलवंत दास निवासी शहणा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

    मुकदमे के अनुसार आरोपी गुरदीप दास उर्फ दीपी बावा की पत्नी वर्ष 2018 में गाँव शहणा का सरपंच चुनाव मृतक सुखविंदर सिंह की माता मलकीत कौर से हार गई थी। इसके अलावा, मृतक सुखविंदर सिंह ने आरोपी गुरदीप दास के परिवार से पंचायती जगह का कब्जा भी छुड़ाया था, जिसके कारण गुरदीप दास मृतक सुखविंदर सिंह के साथ रंजिश रखता था।

    दिनांक 04-10-2025 को शाम करीब 4 बजे गांव शहणा के बस अड्डे पर एक दुकान के अंदर बैठे मृतक सुखविंदर सिंह कलकत्ता की आरोपी हरजिंदर सिंह द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तकनीकी और फोरेंसिक विशेषज्ञों सहित विभिन्न टीमें बनाकर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मुख्य आरोपी हरजिंदर सिंह और गुरदीप दास को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी हरजिंदर सिंह से वारदात में इस्तेमाल किया गया अवैध पिस्तौल 30 बोर और 3 जिंदा कारतूस बरामद किये है। आरोपी हरजिंदर सिंह यह अवैध पिस्तौल दिनांक 03-10-2025 को लुधियाना से अपने एक साथी से लेकर आया था।

    जांच में यह बात सामने आई है कि जगविंदर सिंह उर्फ पपलू पुत्र रणजीत सिंह निवासी शहणा, आरोपी हरजिंदर सिंह के साथ उक्त हथियार लेने के लिए लुधियाना गया था। जगविंदर सिंह उर्फ पपलू को भी मुकदमे में नामजद कर गिरफ्तार कर लिया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी हरजिंदर सिंह पिछले कुछ समय से मृतक सुखविंदर सिंह कलकत्ता से पैसों की मांग कर रहा था, लेकिन मृतक ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया था। आरोपी हरजिंदर सिंह को पैसों की जरूरत रहती थी।

    आरोपी हरजिंदर सिंह द्वारा वारदात के बाद सोशल मीडिया पर लाइव होकर पोस्ट किए गए एक वीडियो से भी इस बात की पुष्टि होती है। उक्त वारदात में दूसरे आरोपी गुरदीप दास उर्फ दीपी बावा की भूमिका के संबंध में गहराई से जांच की जा रही है, जिसकी मृतक के साथ पुरानी रंजिश थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी हरजिंदर सिंह ने वारदात के बाद अपना मोबाइल फोन किसी अज्ञात जगह पर फेंक दिया था, जिसे बरामद करवाया जाना बाकी है। उक्त मोबाइल फोन की बरामदगी के बाद मोबाइल फोरेंसिक लैब से गहराई से जांच करवाई जाएगी और वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका या कोई नए तथ्य सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

    पुलिस ने मृतक सुखविंदर सिंह कलकत्ता का हथियार जमा कराने के संबंध में सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों का खंडन करते हुए बताया कि मृतक का हथियार लाइसेंस दिनांक 07-12-2029 तक वैध था, जिस पर एक 32 बोर रिवॉल्वर दर्ज था। मृतक सुखविंदर सिंह कलकत्ता ने अपनी उक्त रिवॉल्वर बेचने के लिए मई 2025 में एन.ओ.सी. (अनापत्ति प्रमाण पत्र) के लिए आवेदन किया था और एन.ओ.सी लेने के बाद अपनी उक्त रिवॉल्वर बेच दी थी। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी हरजिंदर सिंह के खिलाफ पहले चार मुकदमे और गुरदीप बावा के खिलाफ पहले दो मुकदमे दर्ज हैं।

  • Punjab News: सीमावर्ती क्षेत्र में हालातों का जायजा लेने पहुंचे कैबिनेट मंत्री लालचंद कटारुचक

    Punjab News: सीमावर्ती क्षेत्र में हालातों का जायजा लेने पहुंचे कैबिनेट मंत्री लालचंद कटारुचक

    पठानकोट: पहाड़ों में हुई भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं के चलते रणजीत सागर बांध की झील का जलस्तर बढ़ गया है। इसके कारण बांध से रावी नदी में पानी छोड़ा गया। इससे जिले की सीमा में लगे क्षेत्र के लोगों को बड़े पैमाने पर नुकसान झेलना पड़ा है।

    बाढ़ के चलते कई लोग अपने घरों से बेघर हो गए। कुछ लोगों ने अपनी नौकरियां खो दी हैं। ऐसे में पानी आने के बाद समाज, संगठन और राज्य सरकार के द्वारा दोबारा से इन लोगों की जिंदगियां साधारण बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

    पहाड़ों में हो रही बारिश के चलते फिर से एक रणजीत सागर बांध के गेट खोल दिए गए हैं। रावी में पानी छोड़ा जा रहा है। ऐसे में हालात का जायजा लेने के लिए आज कैबिनेट मंत्री लालचंद कटारुचक सीमावर्ती क्षेत्र के कोलियान गांव में पहुंचे।

    इस दौरान उन्होंने हालात का जायजा लिया। इस संबंध में जानकारी देते हुए कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पहाड़ों में हो रही बारिश के चलते रणजीत सागर बांध में थोड़ा-थोड़ा करके रावी में पानी छोड़ा जा रहा है। थोड़ा-थोड़ा पानी इसलिए छोड़ा जा रहा है ताकि जमा पानी को दोबारा न छोड़ना पड़े। हालात को देखते हुए 3 से 4 टीमें लगातार रावी नदी पर नजर रख रही हैं ताकि भविष्य में फिर से बाढ़ जैसे हालात न बनें।