Blog
-

Himachal News: टैंपो ट्रैवलर ने पैदल जा रहे व्यक्ति को टक्कर मारी, मौत
ऊना /सुशील पंडित: पुलिस थाना अम्व के अंतर्गत आते गांव हीरा नगर अम्ब में टेम्पो ट्रैवलर ने एक राहगीर बुजुर्ग को टक्कर मार दी जिससे बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई।यह हादसा इतना भयावह था कि टक्कर लगते ही बुजुर्ग हवा में उछलकर दूर जा गिरे, जबकि आरोपी चालक अपनी इंसानियत भूल मौके से वाहन सहित रफूचक्कर हो गया।पुलिस को दी शिकायत में अंकुश धीमान निवासी अम्ब ने बताया कि मृतक कांगड़ा जिला की तहसील प्रागपुर के गांव सूंही के रहने वाले हुक्म चंद(77)पुत्र स्वर्गीय दसौंधी राम हीरा नगर के पास विश्वकर्मा ऑटोमोबाइल के समीप पैदल चल रहे थे। इसी दौरान मुवारिकपुर की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार टेम्पो ट्रैवलर संख्या (पीवी 01 डी 8150)ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।चश्मदीदों के अनुसार, टक्कर मारने के बाद चालक ने कुछ पल के लिए गाड़ी रोकी, लेकिन जैसे ही उसे खतरे का एहसास हुआ, वह अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस को सूचित किया, जिसके जरिए उन्हें नागरिक अस्पताल अम्व ले जाया गया, परंतु उन्हें डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही अम्व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वहीं पुलिस ने क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे व्यापारिक प्रतिष्ठानों और चौराहों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि गाड़ी और चालक की पहचान हो सके। वहीं पुलिस ने इस सन्दर्भ में उपरोक्त टैम्पो ट्रैवलर के नामालूम चालक के खिलाफ वीएनएस व मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के अन्तर्गत पुलिस थाना अम्ब में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। -

Jalandhar News: PPR Market में Audi और Thar की टक्कर की CCTV आई सामने, परिजनों ने पुलिस पर लगाए आरोप, देखें वीडियो
जालंधर, ENS: पीपीआर मार्किट में विनय मंदिर के पास ऑडी और थार में टक्कर होने की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि ऑडी के साथ टक्कर के बाद थार सड़क किनारे पलट गई। वहीं मामले की जानकारी देते हुए थार चालक के सदस्यों ने बताया कि घटना के बाद ऑडी चालक घायलों की मदद करने की बजाय मौके से फरार हो गया। हादसे में घायलों की पहचान तनवीर सिंह, अमरान, रॉकी और मीत दीप सिंह के रूप में हुई है। थार में सवार तनवीर सहित 4 स्पोर्ट्स खिलाड़ी मौजूद थे। वहीं मुकेरियां निवासी तनवीर सिंह घायल हो गया।
परिजनों का कहना है कि घटना को अंजाम देने के बाद ऑडी चालक चीमा चौक की ओर फरार हो गया। परिजनों ने बताया कि इस मामले को लेकर थाना 6 में शिकायत दे दी गई है। परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई में निष्पक्ष जांच ना करने के आरोप लगाए है। परिजनों का आरोप है कि जब उनके द्वारा थाना 6 के पुलिस कर्मियों से सरकारी सीसीटीवी कैमरों की मदद से ऑडी चालक का पता लगाने के लिए कहा गया तो पुलिस कर्मियों ने उन्हें कहा कि वह खुद ही गाड़ी को ढूंढ लें। ऐसे में परिजनों ने प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई है।
थार चालक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पीपीआर मार्केट से अपने घर की ओर लौट रहा था, तभी पीछे से आ रही ऑडी ने लापरवाही से उसे टक्कर मार दी। थार चला रहे युवक ने बताया कि पीपीआर मार्केट में अपना काम निपटाकर वापस आ रहा था। वह अपनी सामान्य गति में था, तभी अचानक एक तेज धमाका हुआ और उसकी गाड़ी बुरी तरह हिल गई। पीछे मुड़कर देखने पर पता चला कि एक ऑडी कार ने उसकी गाड़ी को पीछे से हिट किया है। इस हादसे में महिंद्रा थार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। टक्कर इतनी भीषण थी कि थार का रियर बम्पर पूरी तरह मुड़ गया और उसकी टेल-लाइट्स को नुकसान आया। थार चालक और वहां मौजूद चश्मदीदों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी चालक ने गाड़ी की रफ्तार और तेज कर दी और देखते ही देखते फरार हो गया।
-

Jalandhar News: LPG Gas की कमी को लेकर PM Modi का कांग्रेस ने पुतला फूंककर किया प्रदर्शन, देखें Live
जालंधर, ENS: देश भर में एलपीजी गैस को लेकर लोग परेशान हो रहे है। हालांकि डिप्टी कमिशनर द्वारा कालाबाजारी को रोकने के लिए हेल्पलाइन नबंर भी जारी किए गए है। वहीं कांग्रेस पार्टी की ओर से डीसी दफ्तर के बाहर भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया जा रहा है। इस दौरान कांग्रेस महिलाओं ने सिलेंडर सिर पर रखकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंककर रोष जाहिर किया। प्रदर्शन के दौरान एक महिला सड़क पर लेट गई और उसके पास सिलेंडर रखा गया। वहीं अन्य महिलाओं द्वारा भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
मामले की जानकारी देते हुए कांग्रेस नेत्री ने कहा कि देश भर में पेट्रोल-डीजल सहित एलपीजी की किल्लत का लोगों को सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में लोगों को लाइनों में लगकर सिलेंडर लेने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऑनलाइन बुकिंग बंद हो गई है और लोग रसोई को चलाने के लिए परेशान हो रहे है। कांग्रेस ने आरोप लगाए है कि देश के प्रधानमंत्री अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हाथों बिक गए। आरोप है कि ट्रंप जहां भारत के प्रधानमंत्री को अपने इशारों पर चला रहा है। उन्होंने कहा कि ईरान और इजराइल की लड़ाई में देश को पेट्रोल और एलपीजी गैस की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।
-

Benjamin Netanyahu का वीडियो हुआ Social Media पर Viral, Grok ने बता डाला Deepfake
नई दिल्ली: इजरायल के प्रधानमंत्री Benjamin Netanyahu एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में है। पिछले हफ्ते से इंटरनेट पर उनके बारे में अजीब तरह की अफवाहें चल रही थी। कुछ यूजर्स यह दावा कर रहे थे कि नेतन्याहू की मौत हो गई है या उन्हें ईरानी अटैक में मार दिया गया है। इन अफवाहों की शुरुआत में एक वीडियो वायरल हुई थी। इसमें यह दावा किया गया था कि नेतन्याहू के हाथ में 6 उंगलियां दिखाई दे रही हैं। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसको एआई जनरेटेड वीडियो भी बताया और सवाल उठाए हैं। वो अभी तक लाइव नहीं आए हैं इसलिए ऐसी अफवाहों को बल मिल रहा है। इसी के बीच एक्स हैंडल से एक नया वीडियो शेयर हुआ है हालांकि इंटरनेट पर लोग इस वीडियो पर भी अब सवाल उठाने लगे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि ये वीडियो एआई जेनेरेटेड तो नहीं है परंतु इसमें नेतन्याहू के बॉडी डबल का इस्तेमाल किया गया है हालांकि एलन मस्क का ग्रोक वीडियो भी नकली बता रहे हैं।क्या नया वीडियो Deepfake है?
रविवार को नेतन्याहू के ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट से एक नया वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में वह एक कैफे में खड़े दिख रहे हैं और कॉफी पीते हुए मजाकिया अंदाज में उन अफवाहों पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। वीडियो में वह कहते हैं कि लोग कह रहे हैं कि वह मर चुके हैं लेकिन वह खुद कॉफी पीते दिखाई दे रहे हैं। एलन मस्क की कंपनी XAI के एआई चैटबॉट Grok ने इस वीडियो को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया यूजर ने जब Grok से पूछा कि यह वीडियो असली है या नहीं तो चैटबॉट ने जवाब दिया कि यह AI से बना Deepfake वीडियो हो सकता है।
ग्रोक ने कहा कि वीडियो में कई ऐसे संकेत हैं जो एआई जनरेशन की ओर इशारा करते हैं। कुछ यूजर्स ने वीडियो में अजीब लिप सिंक कप में कॉफी का असामान्य स्तर और बैकग्राउंड के कुछ अस्वाभाविक हिस्सों की ओर भी ध्यान दिलवाया। इसी कारण से इंटरनेट पर बहस और तेज हो गई कि यह वीडियो असली है या एआई से बनाया गया है।אומרים שאני מה? צפו >> pic.twitter.com/ijHPkM3ZHZ
— Benjamin Netanyahu – בנימין נתניהו (@netanyahu) March 15, 2026कैफे ने शेयर की तस्वीरें
इसी बीच कैफे ने भी कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। नेतन्याहू को कॉफी लेते हुए देखा गया था। कैफे ने कहा कि प्रधानमंत्री सच में वहां आए थे और तस्वीरें उस समय की है। उससे यह दावा भी किया गया कि नेतन्याहू बिल्कुल जिंदा और एक्टिव है। दरअसल यह पूरा विवाद ऐसे समय में सामने आ रहा है जब मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर चल रहा है। अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमलों के बाद क्षेत्र में हालात काफी संवेदनशील बने हुए हैं। इस माहौल में नेतन्याहू की मौत से जुड़ी अफवाहों भी तेजी से फैलने लगी कि ईऱान द्वारा किए गए हमले में उनकी मौत हो गई है।एआई के कारण हुई कंफ्यूजन
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया कि एआई के दौरे में असली और नकली वीडियो में फर्क करना कितना मुश्किल हो रहा है। डीपफेक तकनीक से बनाए गए वीडियो इतने असली लग सकते हैं कि आम लोगों के लिए सच और झूठ में फर्क करना आसान नहीं लगता। अब सोशल मीडिया पर बहस जारी है। कुछ लोग कह रहे हैं कि वीडियो असली है और एआई चैटबॉट ने गलती की है जबकि कुछ यूजर्स अभी भी इसे डीपफेक मान रहे हैं। -

Punjabi Market में दुकान से सूट चुराकर महिला फरार, देखें CCTV
मुजफ्फरनगरः थाना सिविल लाइन के पंजाबी मार्केट में कपड़े की दुकान में सूट चोरी की घटना सामने आई है। जहां नामी गारमेंट्स शोरूम में महिला सूट चोरी करके फरार हो गई। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दरअसल, बुर्का पहनकर आई महिला ने बेहद शातिराना अंदाज में कीमती सूट पर हाथ साफ कर दिया। दुकानदार ने घटना की शिकयत पुलिस को दे दी है। वहीं पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर महिला की तलाश में शुरू कर दी है।
दरअसल, पंजाबी मार्केट में ‘वृंदा कलेक्शन’ नामक दुकान पर ईद की खरीदारी के लिए ग्राहकों का तांता लगा हुआ था। इसी दौरान एक महिला ग्राहक बनकर दुकान के अंदर दाखिल हुई। दुकानदार और कर्मचारी अन्य ग्राहकों को कपड़े दिखाने में व्यस्त थे। इसी गहमागहमी का लाभ उठाते हुए महिला ने बड़ी ही चालाकी से एक महंगा सूट उठाया और उसे अपने कपड़ों के भीतर छिपा लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद महिला बिना कुछ खरीदे बड़ी खामोशी से दुकान से बाहर निकल गई।
दुकानदार को घटना का अहसास तब हुआ जब शाम के समय स्टॉक का मिलान किया गया। एक कीमती सूट कम होने पर जब शोरूम मालिक को संदेह हुआ, तो उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की। वीडियो में साफ नजर आया कि महिला ने किस तरह पलक झपकते ही सूट को गायब कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में महिला की गतिविधियां और चोरी करने का तरीका पूरी तरह स्पष्ट है।
दुकान मालिक ने तत्काल इस घटना की सूचना थाना सिविल लाइन पुलिस को दी और साक्ष्य के रूप में सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध करा दी है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और संदिग्ध महिला की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। इस घटना के बाद पंजाबी मार्केट के व्यापारियों में चिंता का माहौल है। पुलिस ने व्यापारियों को त्योहारों के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने और दुकान के चप्पे-चप्पे पर नजर रखने की सलाह दी है।
-

Punjab News: संदिग्ध परिस्थितियो में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की लापता, पीड़िता ने युवक पर लगाए आरोप, देखें वीडियो
लुधियानाः जिले के टिबा रोड स्थित मायापुरी चौक इलाके से 17 वर्षीय लड़की संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को किसी अज्ञात व्यक्ति ने बहला-फुसलाकर अवैध रूप से बंधक बना रखा है। इस मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच तेज कर दी है। बच्ची की मां इरफाना ने बताया कि वह बच्चों के साथ उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जाने की तैयारी कर रही थीं। दरअसल, पति गांव में रहते हैं और लंबे समय से बीमार चल रहे हैं। पूरा परिवार ईद मनाने और उनसे मिलने जाने वाला था।
पीड़िता ने कहा कि 17 वर्षीय बेटी मोनी कुछ सामान लाने के लिए पैसे लिए और फिर फैक्ट्री जाने की बात कहकर घर से निकल गई। पीड़िता के अनुसार बेटी फैकट्री में धागा काटने का काम करती थी। पीड़िता ने बताया कि मोनी ना तो फैक्ट्री पहुंची और ना ही शाम तक घर लौटी। परिजनों द्वारा संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उसका फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा है। परिजनों ने अपनी स्तर पर पड़ताल की तो पता चला कि जहां मोनी काम करती थी उसी के पास वाली गली की एक फैक्ट्री में काम करने वाला एक युवक भी उसी समय से लापता है।
दोनों के मोबाइल फोन बंद होने के कारण परिवार को शक है कि वह युवक ही मोनी को शादी का झांसा देकर या डरा-धमका कर अपने साथ ले गया है। बेटी के अचानक गायब होने से परिवार किसी अनहोनी की आशंका से डरा हुआ है। पुलिस ने मां के बयानों के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है ताकि मोनी के रूट का पता लगाया जा सके। संदिग्ध युवक और मोनी के मोबाइल नंबरों की लास्ट लोकेशन ट्रैक की जा रही है।
-

Jalandhar से खरीदी 3 करोड़ लॉटरी का विजेता लापता, देखें वीडियो
लुधियानाः जिले के मशहूर भनोट एंटरप्राइजेज के माध्यम से बेची गई लॉटरी पर 3 करोड़ रुपए का पहला इनाम निकला। खास बात यह है कि यह जैकपॉट टिकट जालंधर में फिल्लौर स्थित काउंटर से बिका। पूरी टीम को उस खुशनसीब विजेता का 3 दिनों से इंतजार है जिसकी जेब में यह टिकट मौजूद है। पंजाब स्टेट लॉटरी विभाग द्वारा घोषित नतीजों में भनोट एंटरप्राइजेज का दबदबा देखने को मिला। पंजाब स्टेट लॉटरी विभाग की ओर से घोषित नतीजों में पहला इनाम 3 करोड़ रुपए का लगा है, जिसका टिकट नंबर 791016 है। वहीं, दूसरा इनाम 50 लाख रुपए का लगा है, जिसका टिकट नंबर B 862817 है।
अब एजेंसी को करोड़पति विनर का इंतजार है। मामले की जानकारी देते हुए शाम सुंदर भनोट ने कहा यह हमारे लिए बेहद गर्व और खुशी की बात है। पंजाब सरकार की मान्यता प्राप्त लॉटरियों ने आज एक बार फिर आम आदमी के सपनों को सच किया है। हमारे अलग-अलग काउंटरों से तीन बड़े इनाम निकले हैं जिनमें 3 करोड़ का बंपर प्राइज भी शामिल है। जैसे ही यह खबर फैली कि 3 करोड़ का टिकट फिल्लौर के काउंटर से बिका है, इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। भनोट एंटरप्राइजेज के दफ्तर में मिठाइयां बांटी जा रही हैं।
चेयरमैन शाम सुंदर भनोट ने बताया कि उनकी एजेंसी के माध्यम से कई लोग पहले भी करोड़पति बन चुके हैं लेकिन एक ही बार में तीन बड़े इनाम निकलना बड़ी उपलब्धि है। फिलहाल पहले इनाम के विजेता ने अभी तक एजेंसी से संपर्क नहीं किया है। एजेंसी और स्थानीय लोग अब उस मिस्ट्री विनर का इंतजार कर रहे हैं जिसकी होली इस बार करोड़ों वाली होने वाली है। लॉटरी विभाग के अनुसार विजेताओं को अपना टिकट सुरक्षित रखना होगा और तय समय सीमा के भीतर जरूरी दस्तावेजों (पैन कार्ड आधार कार्ड और ओरिजिनल टिकट) के साथ विभाग के पास क्लेम फाइल करना होगा। टैक्स कटौती के बाद विजेता को इनामी राशि का भुगतान किया जाएगा।
-

Naresh Chauhan ने कहा, ठेकेदारों के बकाया भुगतान के लिए जारी किए 500 करोड़ रुपये
शिमला: मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान ने कहा कि राज्य सरकार ने ठेकेदारों के लंबित भुगतानों की अदायगी के लिए 500 करोड़ रुपये जारी किए हैं, ताकि 1 मार्च तक की बकाया राशि का भुगतान किया जा सके। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी राज्य सरकार द्वारा इस उद्देश्य के लिए 250 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
नरेश चौहान ने आज यहां मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि राज्य सरकार वित्तीय अनुशासन के साथ कार्य कर रही है और प्रदेश के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी। विपक्ष राज्य की वित्तीय स्थिति को लेकर लगातार टिप्पणी कर रहा है, लेकिन उन्हें आलोचना करने के बजाय सरकार के साथ सहयोगात्मक रवैया अपनाना चाहिए। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष के नेता राज्य के हितों से जुड़े मुद्दों के प्रति गंभीर नहीं हैं। राज्य की जनता यह पूछेगी कि जब हिमाचल प्रदेश के हितों की बात की जा रही थी, तब विपक्ष क्या कर रहा था।
नरेश चौहान ने कहा कि आपदा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा हिमाचल प्रदेश के लिए 1500 करोड़ रुपये की घोषणा की गई थी, लेकिन यह राशि अभी तक राज्य को प्राप्त नहीं हुई है। कांग्रेस की सांसद रजनी पाटिल ने संसद में इस मुद्दे को उठाया, जबकि हिमाचल प्रदेश के भाजपा सांसदों ने आरडीजी बंद किए जाने और वित्तीय सहायता के मुद्दे को नहीं उठाया। हिमाचल प्रदेश के साथ भेदभाव क्यों किया जा रहा है, यह एक गंभीर प्रश्न है। आरडीजी बंद होने के बावजूद राज्य सरकार वित्तीय स्थिति को बेहतर बनाने और विकास कार्यों को जारी रखने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है।
-

Punjab News: ब्लॉक समिति चुनाव में आप की महिला बनीं चेयरमैन, विपक्ष ने लगाया धरना, देखें वीडियो
सुल्तानपुर लोधी: ब्लॉक समिति के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के चुनाव को लेकर दिनभर चले राजनीतिक घमासान के बीच अंतत: आम आदमी पार्टी ने दोनों पद अपने नाम कर लिए। चुनाव प्रक्रिया के बाद विद्या रानी को ब्लॉक समिति का चेयरमैन और लाभ सिंह नबीपुर को वाइस चेयरमैन चुना गया। दूसरी ओर चुनाव प्रक्रिया को लेकर विवाद भी जारी रहा। विधायक राणा इंदर प्रताप सिंह के समर्थकों ने बीडीपीओ कार्यालय के बाहर धरना जारी रखा। राणा इंदर प्रताप सिंह ने कहा कि वह विधान सभा सत्र के बावजूद यहाँ मौजूद हैं क्योंकि चुनाव के दौरान बड़े पैमाने पर धक्केशाही हुई है।
उनका कहना था कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया का उल्लंघन हुआ है और इस मामले में वह अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। उधर, आम आदमी पार्टी के हल्का इंचार्ज सज्जन सिंह चीमा ने कहा कि ब्लॉक समिति चुनाव में कानूनी तरीके से वोटिंग हुई है और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों की जीत सच्ची जीत है। उन्होंने नव-चुने चेयरमैन विद्या रानी और वाइस चेयरमैन लाभ सिंह नबीपुर को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत आम आदमी पार्टी की नीतियों और जनता के समर्थन का संकेत है।
सज्जन सिंह चीमा ने धक्केशाही के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विपक्षी दल बिना किसी कारण इल्जाम लगा रहा है। उन्होंने बताया कि हरविंदर सिंह लाली नामक सदस्य के मामले में पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही थी। क्योंकि उस पर पहले से मामला दर्ज था। उन्होंने कहा कि यह पुलिस का मामला है, पार्टी का इस से कोई संबंध नहीं।
उनके अनुसार चुनाव प्रक्रिया नियमों के अनुसार पूरी हुई और वोटिंग के बाद आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार जीत दर्ज करने में सफल रहे। इस पूरे मामले को लेकर दिनभर बीडीपीओ कार्यालय के आसपास राजनीतिक माहौल गर्म रहा और मौके पर पुलिस द्वारा भी सुरक्षा के प्रबंध किए गए।
-

Milkfed और NDBB के समझौते से दुग्ध उत्पादक किसानों को फायदा
शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार तथा राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के मध्य आज यहां मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की उपस्थिति में तीन समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए। इन समझौता ज्ञापनों पर प्रदेश सरकार की तरफ से सचिव पशुपालन रितेश चौहान तथा प्रबंध निदेशक दि हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक प्रसंघ समिति अभिषेक वर्मा ने हस्ताक्षर किए, जबकि राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. मीनेश शाह ने बोर्ड की ओर से हस्ताक्षर किए। पहला समझौता ज्ञापन कांगड़ा मिल्क यूनियन का गठन एवं संचालन, जबकि दूसरा समझौता जिला सिरमौर के नाहन तथा सोलन जिला के नालागढ़ में 20 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता के दो दूध प्रसंस्करण संयंत्रों व जिला हमीरपुर के जलाड़ी और जिला ऊना के झलेड़ा में 20 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता के दो दुग्ध अभिशीतन केन्द्रों की स्थापना व तीसरा समझौता ज्ञापन मिल्कफेड में उद्यम संसाधन प्लानिंग सॉफ्टवेयर लागू करने के बारे में है।
कांगड़ा ज़िला के ढगवार में 250 करोड़ रुपये की लागत से 1.50 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता का स्वचालित आधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित किया जा रहा है, जिसकी क्षमता भविष्य में तीन लाख लीटर प्रतिदिन तक बढ़ाई जा सकेगी। समझौते के तहत नई मिल्क यूनियन में कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर और चम्बा जिलों को शामिल किया गया है जिससे दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।

डेयरी क्षेत्र को आधुनिक एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से उद्यम संसाधन प्लानिंग सॉफ्टवेयर लागू किया जा रहा है। इससे दूध संग्रहण, गुणवत्ता परीक्षण, उत्पादन, भंडारण तथा वितरण से संबंधित सभी प्रक्रियाओं का डिजिटल प्रबंधन संभव हो पायेगा। इस पहल से दूध उत्पादक किसानों का रिकॉर्ड व्यवस्थित होगा तथा उन्हें समय पर और पारदर्शी तरीके से भुगतान किया जा सकेगा। इसके साथ ही उत्पादन प्रबंधन, स्टॉक नियंत्रण और सप्लाई चेन की निगरानी अधिक प्रभावी होगी, जिससे डेयरी संचालन में दक्षता और पारदर्शिता बढ़ेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अर्थ व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पहले दिन से ही कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि डेयरी क्षेत्र को राज्य सरकार ने प्राथमिकता दी है और यह सिलसिला यहीं रुकने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन के माध्यम से राज्य सरकार सीधे किसान के हाथ में पैसा देने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला में ढगवार मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट बनने के बाद ‘हिम’ ब्रांड के गुणवत्तापूर्ण उत्पाद बाजार में उतारे जाएंगे। उन्होंने कहा कि जब उत्पाद की गुणवत्ता बेहतर होगी तो ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत बनेगी और किसानों को उनकी मेहनत के बेहतर परिणाम मिलेंगे। उन्होंने कहा कि डेयरी क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार के पास धन का कोई अभाव नहीं है और राज्य सरकार प्रदेश के अन्य स्थानों पर भी प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने पर आने वाले समय में 300 करोड़ रुपये खर्च करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश दूध ख़रीद पर सबसे अधिक समर्थन मूल्य देने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने गाय और भैंस के दूध के ख़रीद मूल्य में ऐतिहासिक वृद्धि की है। गाय के दूध पर समर्थन मूल्य 32 रुपये से बढ़ाकर 51 रुपये प्रति लीटर तथा भैंस के दूध पर 47 रुपये से 61 रुपये प्रति लीटर किया गया है। उन्होंने कहा कि दुग्ध प्रोत्साहन योजना के तहत दूध ख़रीद केन्द्र तक स्वयं दूध ले जाने पर प्रति लीटर तीन रुपये का प्रत्यक्ष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। दूध पर मिलने वाली परिवहन सब्सिडी में 1.50 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा, ‘‘सरकार का मकसद मात्र दूध का रेट बढ़ाना नहीं है, बल्कि गांव में युवाओं को स्वरोजगार प्रदान करना है, ताकि गांव की आर्थिकी में सुधार आ सके।’’
उन्होंने कहा कि गोपाल योजना के तहत असहाय पशुओं की उचित देखभाल की जा रही है। गौ-सदनों और गौ-अभ्यारण्य में गायों के लिए देखभाल अनुदान को 700 रुपये से बढ़ाकर एक हजार 200 रुपये प्रतिमाह किया गया है। कृषि मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने ‘हिम’ ब्रांड को प्रचलित करने पर बल देते हुए कहा कि हमें अपने उत्पादों को वेरका और अमूल की तर्ज पर आगे बढ़ाना होगा, ताकि प्रदेश की अर्थव्यवस्था आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अक्तूबर माह तक ढगवार मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट शुरू हो जाएगा, जिससे कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर और चम्बा जिला के किसानों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि किसानों को पशुओं की सेहत में सुधार करने की भी आवश्यकता है और राज्य सरकार उन्हें अच्छी नस्ल के दुधारू पशु खरीदने के लिए प्रोत्साहित करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देसी गाय को भी बढ़ावा दे रही है क्योंकि डेयरी और कृषि क्षेत्र राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शराब बिक्री पर भी राज्य सरकार ने सेस लगाया है, जिसका सबसे बड़ा हिस्सा डेयरी क्षेत्र को दिया गया है तथा इसके अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं।

इस अवसर पर मिल्क फेड के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, रजिस्ट्रार को-ऑपरेटिव सोसाइटीज डी.सी. नेगी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।