Blog

  • जोगीपंगाः तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मारी

    ऊना/सुशील पंडित : जोगीपंगा में बुधवार को एक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस को शिकायत देने वाले गढ़शंकर निवासी हरभजन सिंह ने दावा किया है कि बुधवार रात जिस समय वह शादी में सम्मलित होने के लिए जा रहा था तब एक तेज रफ्तार कार जोगीपंगा की ओर से आई और उसने आगे चल रही एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार चालक ने गाड़ी भगाई और फरार हो गया। सदर थाने में अज्ञात कार चालक के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 279, 337 और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 187 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तालाश शुरू कर दी है। 
  • हीरा नगरः अवैध शराब बरामद

    ऊना/सुशील पंडित : अम्ब के हीरानगर में पुलिस को एक व्यक्ति से अवैध शराब की 12 बोतलें बरामद हुई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हीरानगर में एक व्यक्ति अवैध शराब का धंधा करता है। पुलिस ने जब उस संदिग्ध व्यक्ति की तालाशी ली तो उसके पास देसी शराब वीआरवी संतरा ब्रांड की 12 बोतलें पाई गईं। आरोपी का नाम संजीव कुमार पुत्र पूरण सिंह बताया जा रहा है। संजीव के पास शराब से जुड़ा कोई वैध दस्तावेज न मिलने के चलते अम्ब पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। 
  • अम्बः चिट्टे के साथ एक व्यक्ति काबू

    ऊना/सुशील पंडित : अम्ब पुलिस ने रेलवे पुल के पास एक व्यक्ति को चिट्टे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अम्ब पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शंभू पंजाबी वैष्णो ढाबा के पास एक व्यक्ति चिट्टा लेकर जा रहा है। पुलिस ने संदिग्ध को रोककर जब उसकी तालाशी लो तो उसके पास 1.30 ग्राम चिट्टा मिला। आरोपी की पहचान गगरेट के संघनेई गांव वासी राजिन्द्र कुमार पुत्र उदय शंकर के रूप में हुई है। पुलिस ने अम्ब थाने में आरोपी के विरुद्ध मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
  • दुर्गा स्पोर्ट्स क्लब मंडल ने किया गुजरात टाइटंस के हेड फिजियो गौरव शर्मा का स्वागत

    खेल में फिजियो का महत्वपूर्ण योगदान होता है : गौरव शर्मा

    बद्दी/ सचिन बैंसल : बरोटीवाला के धौलर माजरी निवासी आईपीएल की गुजरात टाईटन टीम के मुख्य फिजियो थेरेपिस्ट गौरव शर्मा का बरोटीवाला पहुंचने पर स्वागत किया। दुर्गा स्पोर्ट्स क्लब मधाला ने सदस्यों ने उसका शाल और हिमाचली टोपी पहना कर स्वागत किया। गौरव शर्मा हिमाचल के पहले ऐसे युवा है जिन्होंने आईपीएल की क्रिकेट टीम के मुख्य फिजियो रूप में काम करने का मौका मिला है। उन्होंने दून समेत पूरे हिमाचल का भारत में नाम रोशन किया है। 

    गौरव शर्मा दून के सूरजपुर पंचायत के टिपरा गांव के रहने वाले है। अपनी जमा दो की पढ़ाई बरोटीवाला से पूरी करने के बाद उन्होंने चंडीगढ़ से ग्रुजेएशन की। उसके बाद बैंगलौर से फिजियो थरेपिस्ट का कोर्स किया। गौरव शर्मा  भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी युवराज सिंह की फिटनेस करने बाद लाईम लाईट में आए और उन्हें गुजरात टाईटन का मुख्य फिजियो बनाया गया। 

    गौरव शर्मा ने कहा कि एक फिजियो का कार्य टीम मैनेजमेंट में काफी महत्वपूर्ण होता है। आईपीएल में फ्रैचाईजी स्टार खिलाड़ियों पर काफी पैसा लगाती है। टुर्नामेंट के दौरान खिलाड़ी फिट रहे यह सारी जिम्मेदारी फिजियो की होती है। उसे खेलने लायक बनाए रखना के लिए उसे काम करना पड़ता है। वर्तमान में कुछ लोग सड़कों के किनारे तेल मालिश के नाम पर लोगों को लूटते है। एक फिजियो पूरी  तरह से कोर्स करने व लंबे अनुभव के बाद अपने काम माहिर होता है। यह काम एक गहरे समुद्र से गोता लगा कर उसमें मोती निकालने वाला कार्य होता है। बुधवार को देर सांय गौरव शर्मा गुजरात के लिए रवाना हो गए है। आईपीएल सीजन के बाद वह वापस हिमाचल आएंगे।

    दुर्गा स्पोर्ट्स क्लब मन्धाला के प्रधान स्वर्ण सिंह ने बताया कि उनका क्लब हमेशा खेल को प्रोत्साहित करता है वह खिलाड़ियों व खेल के अन्य स्टाफ को सम्मानित करता है। उन्होंने कहा कि दुर्गा स्पोर्ट्स क्लब आने वाली 30 और 31 मार्च को एक बड़ा कबड्डी का टूर्नामेंट भी करवाने जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस क्लब का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर खेल के साथ जोड़ना है।
  • मैक्स लाईफ में 25 व एसबीआई लाईफ इंशोयरेंस में 32 पद भर जाएंगे – अक्षय शर्मा

    ऊना/ सुशील पंडित : मैक्स लाईफ इंशोयरेंस कॉर्पाेरेशन लिमिटेड वार्ड नं 3 सिटी सेंटर ऊना द्वारा मैक्स लाईफ में 25 पद और एसबीआई लाईफ इंशोयरेंस में 32 पद अधिसूचित किए गए हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला रोजगार अधिकारी अक्षय शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए साक्षात्कार 11 मार्च को प्रातः10 बजे उप रोजगार कार्यालय बंगाणा, 12 मार्च को उप रोजगार कार्यालय हरोली, 13 मार्च को उप रोजगार कार्यालय अम्ब व 14 मार्च को जिला रोजगार कार्यालय ऊना में कैंपस साक्षात्कार आयोजित किया जा रहा है।

     अक्षय शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता जमा दो और ग्रेजुएशन और आयु सीमा 18 से 50 वर्ष निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त इन पदों के लिए 10 से 20 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि साक्षात्कार में एक्स सर्विसमैन भी भाग ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपनी योग्यता प्रमाण पत्र, जन्म तिथि, रोजगार कार्यालय का पंजीकरण कार्ड, हिमाचली बोनाफाइड, आधार कार्ड नम्बर, दो पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ व बायोडाटा सहित साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 82848-79966 व 89884-25215 पर सम्पर्क किया जा सकता है। 
  • प्रधानमंत्री ने प्रसाद योजना कार्यों का ऑनलाईन माध्यम से किया शुभारंभ

    प्रसाद योजना के तहत माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में किए जाएंगे विभिन्न विकास कार्य – सुदर्शन बबलू
     
    ऊना/ सुशील पंडित : प्रधानमंत्री नरेंद्र सिंह मोदी ने वीरवार को वर्चुअल माध्यम से माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में प्रसाद योजना के माध्यम से किए जाने वाले विभिन्न विकास/प्रयोजना कार्यों का ऑनलाइन शुभारंभ किया। इस दौरान चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन सिंह बवलू मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में ऑनलाईन प्रसाद योजना के लिए लगभग 25 करोड़ रूपये स्वीकृत करने के लिए प्रधानमंत्री का धन्यावाद किया। इस दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए।

    सुदर्शन सिंह बबलू ने कहा कि प्रदेश ही नहीं बल्कि देश व विदेश के करोड़ों लोगों की आस्था माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में जुड़ी है और करोड़ों श्रद्धालु यहां आकर अपना शीश निवाते है। प्रदेश सरकार के सत्ता में आते ही माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में अनेकों विकासात्मक कार्यों को मूर्त रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि माता श्री चिंतपूर्णी जी का भव्य मंदिर बनाने तथा सौंदर्यीकरण के साथ-साथ मंदिर में अन्य विकासात्मक कार्यों पर लगभग 250 करोड़ रूपये मास्टर प्लान के तहत खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मंदिर न्यास द्वारा लोगों के कल्याणार्थ विभिन्न प्रकल्प चलाए जा रहे है।

    उन्होंने बताया कि मंदिर न्यास के माध्यम से पहले लड़कियों की शादी में 15 हज़ार रूपये की राशि दी प्रदान की जाती थी। लेकिन वर्तमान में इस आर्थिक सहायता राशि को बढ़ाकर 25 हज़ार रूपये कर दिया गया है ताकि गरीब परिवार को लाभ मिल सके।उन्होंने कहा कि माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतरीन सुविधाएं मिले इसके लिए मंदिर में हवन, प्रसाद, जागरण व लंगर करवाने के लिए ऑनलाईन सुविधा से जोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के प्रयासों से श्रद्धालुओं को माता श्री चिंतपूर्णी जी के दशनार्थ सुगम दर्शन पर्ची प्रणाली आरंभ की गई है।

    जिससे यहां आने वाले श्रद्धालु को माता श्री चिंतपूर्णी के दर्शन करने में काफी आसानी हो रही है और श्रद्धालुओं द्वारा इस सुगम दर्शन पर्ची प्रणाली को काफी सराहा जा रहा है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश को धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से प्रमुख गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और धार्मिक पर्यटकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से प्रदेश के सभी मुख्य मंदिरों और धार्मिक स्थलों का विकास और रख-रखाव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि माता चिंतपूर्णी मंदिर क्षेत्र का प्रमुख पवित्र धार्मिक स्थल है।जहां पूरे विश्व से पर्यटक आते हैं।

    उन्होंने कहा कि इस तीर्थस्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने के अलावा धार्मिक स्थल को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इस अवसर पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा मामले व खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर का भी संदेश सुनाया गया। इस मौके पर एडीसी महेंद्र पाल गुर्जर, एसडीएम अम्ब विवेक महाजन, संयुक्त निदेशक पर्यटन विभाग हिमाचल प्रदेश चंदन कपूर, सहायक निदेशक पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार संदीप शुक्ला, सहायक प्रबंधक पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार सुषमिता, खुशबू प्रिया सहित पूर्व विधायक बलवीर चौधरी के अतिरिक्त मंदिर अधिकारी चिंतपूर्णी अजय सिंह, एसडीओ टेम्पल ट्रस्ट राजकुमार जस्वाल, मंदिर न्यास के ट्रस्टी, पुजारी व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
  • जिला में गर्भवती महिलाओं की चिकित्सीय जाँच हेतू 9 मार्च को लगेगा चिकित्सा शिविर – सीएमओ 

    ऊना/ सुशील पंडित : सीएमओ ऊना डॉ संजीव वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में 9 मार्च को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं की चिकित्सीय जाँच हेतु शिविर लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिविर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र के नये भवन में लगाया जाएगा। उन्हांेने बताया कि शिविर में लैब टेस्ट, खून का स्तर, मधुमेह, रक्तचाप व गर्भावस्था के दौरान खतरे के लक्षणों की जाँच व पहचान की जाएगी और निःशुल्क इलाज किया जायेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत यह शिविर हर माह 9 तरीक को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना व जिला के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, व सिविल अस्पताल में लगाये जाते हैं। 
  • श्री चिंतपूर्णी विशेष क्षेत्र के लिए विकास योजना के लिए मांगे सुझाव 

    सुझाव/आपत्ति लिखित रूप में 30 दिनों के भीतर उपायुक्त के समक्ष करें प्रस्तुत

    ऊना/ सुशील पंडित : हिमाचल प्रदेश टाउन एंड कंट्री प्लानिंग एक्ट 1977 के अनुभाग 70 के तहत श्री चिंतपूर्णी विशेष क्षेत्र के लिए विकास योजना का प्रारूप प्रकाशित कर दिया गया है। यह जानकारी अध्यक्ष विशेष क्षेत्र विकास प्लान श्री चिंतूपर्णी एवं उपायुक्त जतिन लाल ने दी। उन्होंने बताया कि प्रकाशित प्रारूप के विकास योजना की प्रति सदस्य सचिव विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण श्री चिंतपूर्णी-सह-सहायक नगर योजनाकार, उपमंडलीय नगर नियोजन कार्यालय ऊना और कैम्प ऑफिस, विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण श्री चिंतपूर्णी, गावं रेही(नजदीक पेट्रोल पम्प) जिला कांगड़ा में निरीक्षण हेतू उपलब्ध है। जतिन लाल ने बताया कि चिंतपूर्णी विशेष क्षेत्र के लिए विकास योजना के प्रकाशित प्रारूप के संबंध में यदि किसी को आपत्ति है या सुझाव देना हो तो वह लिखित रूप में 30 दिन के भीतर अध्यक्ष विशेष क्षेत्र प्राधिकरण श्री चिंतपूर्णी एवं उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं।
  • धौम्येश्वर महादेव मंदिर: पांडवों के गुरू धौम्य ऋषि ने किया था तप, शिव ने दिए थे दर्शन

    श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ गरीब और असहाय लोगों की मदद भी की जा रही है

    ऊना/ सुशील पंडित : हिमाचल प्रदेश देवी देवताओं की पवित्र धरती है और यहां अनेकों पौराणिक मंदिर स्थापित हैं। इन्ही में से एक है ऊना जिला के तलमेहड़ा गांव का सदाशिव धौम्येश्वर महादेव मंदिर। पौराणिक कथाओं के अनुसार, पांडवों के राज पुरोहित धौम्य ऋषि ने इसी स्थान पर भगवान शिव की अराधना की थी। भगवान ने तपस्या से प्रसन्न होकर धौम्य ऋषि द्वारा स्थापित शिव लिंग की सच्चे मन से पूजा अर्चना करने वालों की सभी मनोकामनाएं पूरी करने का वरदान दिया था। महाशिवरात्रि और सावन के माह के अलावा रोजाना दूर दराज से श्रद्धालु धौम्येश्वर शिव मंदिर पहुंचते हैं। शिवरात्रि के सप्ताह में श्रद्धालुओं का सैलाब भोलेनाथ के दर्शनों के लिए उमड़ रहा है। देश विदेश से शिव भक्त ध्यूंसर पर्वत पर विराजमान इस दिव्य स्थान के दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं।

    ऊना से बड़ूही-जोल और खुरवाईं-जोल मार्ग से इस मंदिर तक पहुंचा जा सकता है। मंदिर को सदाशिव मंदिर या ध्यूंसर महादेव के नाम से भी जाना जाता है। स्थानीय लोग तो अपने अराध्य के इस दिव्य स्थान को मात्र शिवां के नाम से जानते हैं। दक्षिणी भारत से आए एक संत ने लगभग 50 वर्ष पूर्व यहां मंदिर बनाने का सुझाव दिया था। उससे पहले श्रद्धालु नीले गगन के तले शिवलिंग की पूजा किया करते थे। 

    ऊंचाई से दिखता है पूरा जिला
    सदाशिव मंदिर की विशेष धार्मिक मान्यता है। प्रकृति के अपार सौंदर्य को समेटे यह दिव्य स्थान तलमेहड़ा के बही गांव में स्थित है। चीड़ और चौड़े पत्तों के विशाल जंगल से घिरा यह स्थान शिव भक्तों को भावविभोर कर देता है। जो भी एक बार यहां आता है यहीं का होकर रह जाता है। पंजाब से आए श्रद्धालु अक्सर कहते हैं कि सदाशिव मंदिर की परिधि में ऐसा जरूर कुछ है कि व्यक्ति फिर उम्रभर इस मंदिर में आए बिना रह नहीं सकता। लोअर शिवालिक की पहाड़ियों में ऐसे अलौकिक नजारे और कहीं नहीं दिखते। ऊना जिला के सबसे खूबसूरत और ऊंचे स्थलों में से एक सदाशिव मंदिर से पूरे जिले के अलौकिक नजारे भी देखे जा सकते हैं। 

    ट्रस्ट ने मंदिर को बनाया सबसे खास

    यहां आने वाले भक्तों ने एक बात और महसूस की है कि इस मंदिर में कोई बाजार नहीं है। मंदिर की सेवा स्थानीय निवासियों द्वारा बनाए गए एक ट्रस्ट द्वारा की जाती है। ट्रस्ट के प्रधान प्रवीण शर्मा का कहना है कि धार्मिक स्थल को बाजार का रूप देने से हम सदा बचते रहे हैं। यहां भक्तों को किसी भी प्रकार से सामान खरीदने के लिए विवश भी नहीं किया जाता। भक्त और शिव के मध्य कोई नहीं आता। श्रद्धालु यहां आते हैं और मंदिर में बैठकर ध्यान, कीर्तन और तप करके चले जाते हैं। कुछ साधक पास के जंगलों में भी ध्यान साधना में बैठे नजर आ सकते हैं। इसलिए ट्रस्ट का साफ मानना है कि मंदिर को मात्र धार्मिक स्थल ही रहने दिया जाए। बाजार या व्यापार का केंद्र नहीं। प्रवीण बताते हैं कि साल 1937 में मद्रास के एक सैशन जज स्वामी ओंकारा नंद गिरी जी ने इस स्थान की खोज शुरू की थी। उन्होंने जंगल में शिवलिंग को खोजा और तपस्या करने लगे। जब स्थानीय लोगों ने उनसे पूछा कि आपको इस शिवलिंग के बारे में कैसे पता चला तो उन्होंने बताया कि मैं आराम से एक जज के नाते अपने दायित्व का निर्वहन कर रहा था। एक दिन भगवान शिव मेरे स्वपन में आए और मुझे धौम्य ऋषि की तपोस्थलि पर जाकर पूजा अर्चना का आशिर्वाद दिया। शिव ने उनसे कहा कि पांडवों के अज्ञातवास के समय उनके पुरोहित धौम्य ऋर्षि द्वारा स्वयंभू शिवलिंग को खोजकर वहां अर्चना करो। 

    10 वर्ष ढूंढने पर मिला दिव्य स्थान

    वे 10 वर्ष शिवालिक की पहाड़ियों पर इसकी खोज करते रहे और साल 1947 में सोहारी गांव पहुंचे। वहां वे स्कूल के प्रिंसिपल शिव प्रसाद शर्मा डबराल के सहयोग से इस दिव्य स्थान तक पहुंचे। स्वामी जी के सानिध्य में सबसे पहले एक छोटा सा मंदिर बनाया गया जो आज पूरे भारत के धार्मिक नक्शे पर विराजमान हो चुका है। आज सदाशिव मंदिर का ट्रस्ट न सिर्फ धार्मिक दायित्व निभा रहा है अपितु समाज सेवा के कार्यों को भी पूरी निष्ठा से पूरा कर रहा है। हिमाचल के कोने कोने से मंदिर संचालन करने वाली कमेटियां और ट्रस्ट सदाशिव मंदिर के मॉडल को अपना भी रहे हैं। मंदिर का यश बढ़ा तो कुछ राजनेताओं ने इसे कब्जाना भी चाहा। लेकिन जो भी अधिकारी जांच के लिए आया वह भी महादेव का भक्त बनकर ही लौटा। सभी अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि ऐसा सुव्यवस्थित मंदिर हमने पहले कभी नहीं देखा। मंदिर में दिन रात लंगर चला रहता है। मंदिर ट्रस्ट एक दिव्य गौशाला का संचालन भी करता है। गौमाता का स्वास्थ देख आस पास की गौशालाएं भी इस मंदिर से कुछ सीखकर ही लौटती हैं।

  • जालंधरः तस्करों और पुलिस की मुठभेड़ में DSP का आया बयान, किए अहम खुलासे, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: देहात के एसएसपी मुखविंदर सिंह भुल्लर की अगुवाई ने शाहकोट पुलिस और तस्करों में आज मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में दो आरोपी घायल हुए है। मामले की जानकारी देते हुए शाहकोट की डीएसपी जसरूप बाठ ने बताया कि उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर देहात में वेपन और हेरोइन खरीदने व बेचने का काम करते है। उनकी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार चालकों को रोककर सरेंडर करने के लिए कहा गया तो इस दौरान तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग करनी शुरू कर दी।

    जिसके चलते पुलिस द्वारा जवाबी फायरिंग की गई। जवाबी फायरिंग में विकास और विक्की घायल हो गया, जबकि हर्ष को पुलिस ने काबू कर लिया। उन्होंने बताया कि उनकी टीम ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, 260 ग्राम हेरोइन और 21 हजार की ड्रग मनी बरामद की है। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की तालाश जारी है। डीएसपी ने कहा कि आरोपियों से पूछताछ दौरान तस्करों को से साथ लिंक में बड़े खुलासे होने की संभावना है।