Blog

  • सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त हुई स्कार्पियो,पिस्टल मैगजीन और जिंदा कारतूस मिले

    सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त हुई स्कार्पियो,पिस्टल मैगजीन और जिंदा कारतूस मिले

    पंजाब के चार व्यक्तियों पर केस दर्ज

    ऊना/सुशील पंडित: जिला ऊना में बीती देर रात गगरेट के अंतर्गत आते अंबोटा-आशापुरी बाईपास के पास डवाली में हुए सड़क हादसे एक दुर्घटनाग्रस्त (पीवी 02 ई एक्स-8090) स्कॉर्पियो से पिस्टल, दो मैगजीन और नौ जिंदा कारतूस बरामद हुए। हादसे में पंजाब के जिला तरनतारन पट्टी निवासी गुरजीत सिंह, सुखदेव सिंह, रछपाल सिंह और गुरलाल सिंह घायल हुए, जिनमें से गुरजीत को छोड़ बाकी तीनों को गगरेट अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, सभी हादसे के समय शराब के नशे में थे। मौके पर पहुंचे यातायात विंग ऊना के प्रभारी एसआई घनश्याम ने वाहन की जांच की, तो डैशबोर्ड में हथियार व कारतूस मिले।

    पूछताछ में रछपाल सिंह ने पिस्टल का लाइसेंस दिखाया, लेकिन यह केवल पंजाब में मान्य पाया गया। हिमाचल में इस तरह हथियार रखना नियमों के खिलाफ है। यह लाइसेंस एक माह पहले, 7 जुलाई 2025 को ही बना था। वहीं आरोपितों ने दावा किया कि उन्हें इस नियम की जानकारी नहीं थी और वे पंजाब के एक रिसोर्ट जा रहे थे, लेकिन रास्ता भटककर हिमाचल में आ गए। पुलिस ने गुरजीत सिंह, रछपाल सिंह और अन्य के खिलाफ आर्म एक्ट के तहत पुलिस थाना गगरेट में मामला दर्ज आगामी जांच शुरू कर दी है।

  • Jalandhar News: PPR Market में कूड़ा फेंकने के मामले में NGT ने निगम कमिश्नर Gautam Jain को लताड़ा, जारी किए सख्त आदेश

    Jalandhar News: PPR Market में कूड़ा फेंकने के मामले में NGT ने निगम कमिश्नर Gautam Jain को लताड़ा, जारी किए सख्त आदेश

    जालंधर: पीपीआर मार्केट के पास स्थित कूड़े के ढेर को लेकर एनजीटी ने एक्शन लिया है। दरअसल, राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) की पीठ ने नगर निगम कमिशनर Gautam Jain को आदेश दिया है कि वे पीपीआर मार्केट के पास स्थित कूड़े के ढेर को 4 सप्ताह के भीतर हटाना सुनिश्चित करें। यह आदेश मॉडल टाउन में श्मशान घाट के सामने स्थित कूड़े के ढेर के मामले का निपटारा करते हुए दिया गया।

    शहर की सामाजिक एवं पर्यावरण कार्यकर्ता ने आरोप लगाया था कि कूड़े के ढेर का एक हिस्सा पीपीआर मार्केट के पास स्थानांतरित कर दिया गया था। जहां सभी पर्यावरण कानूनों का घोर उल्लंघन करते हुए बिना अलग किए कूड़े को गिराया जा रहा था। फैसले के अनुसार, नगर निगम के आयुक्त को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि उपरोक्त दोनों स्थलों पर कूड़े का अवैध रूप से ढेर न लगाया जाए।

    वहीं अदालत ने नगर निगम को पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीपीसीबी) को 3.6 करोड़ रुपये का लंबित पर्यावरणीय मुआवज़ा जल्द से जल्द चुकाने का भी आदेश दिया है। पीपीसीबी ने 2016 के ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन न करने पर नगर निगम पर कुल 4.6 करोड़ रुपये का मुआवज़ा लगाया था। जिसमें से 90 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है और शेष राशि लंबित है।

    अदालत ने निर्देश दिया है कि पीपीसीबी यह सुनिश्चित करेगा कि नगर निगम, जालंधर से वसूला गया पर्यावरणीय मुआवज़ा उसी ज़िले में योजना के अनुसार पर्यावरणीय बहाली के उपायों के लिए आज से 6 महीने की अवधि के भीतर उपयोग किया जाए। गौरतलब है कि शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2016 का जमीनी स्तर पर पालन नहीं हो रहा है।

  • रयात बाहरा प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, होशियारपुर— शिक्षा के माध्यम से रोजगार की नई दिशा

    रयात बाहरा प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, होशियारपुर— शिक्षा के माध्यम से रोजगार की नई दिशा

    रयात बाहरा प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी विद्यार्थियों के लिए खोलेगी रोजगार के द्वार

    ऊना/सुशील पंडित: रयात बाहरा प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, होशियारपुर के चांसलर एवं रयात बाहरा ग्रुप के चेयरमैन गुरविंदर सिंह बाहरा ने कहा कि यह एक सेल्फ-फाइनेंस शिक्षण संस्थान है, जो इस क्षेत्र में रोजगारोन्मुखी शिक्षा प्रदान कर विद्यार्थियों के लिए नई संभावनाएं पैदा करेगा।

    पत्रकारों से बातचीत में बाहरा ने बताया कि रयात बाहरा प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। व्यावसायिक पाठ्यक्रम छात्रों को रोजगार योग्य बनाएंगे और उनकी नियुक्ति के लिए मजबूत आधार तैयार करेंगे।

    उन्होंने कहा कि  यूनिवर्सिटी कैंपस 2008 में स्थापित हुआ था और 55 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैला है, जहाँ 10,000 से ज़्यादा छात्र अध्ययनरत हैं। परिसर अपने गतिशील शिक्षण वातावरण और आधुनिक सुविधाओं के लिए प्रसिद्ध है, जिसमें आरामदायक छात्रावास, सुसज्जित प्रयोगशालाएं, विशाल पुस्तकालय और विभिन्न खेल सुविधाएं शामिल हैं।

    रयात बाहरा प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में इंजीनियरिंग, फार्मेसी, मैनेजमेंट, शिक्षा, लॉ, नर्सिंग, एलाइड हेल्थ साइंस, मेडिकल डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्सेज सहित विभिन्न विषयों में ग्रैजुएशन और पोस्ट ग्रैजुएशन स्तर की पढ़ाई करवाई जाती है।

    बाहरा ने बताया कि रयात बाहरा प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में जल्द ही बहुराष्ट्रीय कंपनियों के सहयोग से कई नए कोर्स शुरू किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों के लिए रोजगार की संभावनाएं और बढ़ेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि रयात बाहरा ग्रुप की एक अनूठी विशेषता यह है कि यह विद्यार्थियों को उनकी पढ़ाई पूरी होने से पहले ही रोजगार योग्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर रयात बाहरा प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, होशियारपुर के एक्टिंग वाइस चांसलर डॉ. चंद्र मोहन के अलावा यूनिवर्सिटी के अधिकारी भी उपस्थित थे।

  • सावन माह के अंतिम सोमवार पर जिला ऊना निजी बस ऑपरेटर सोसाइटी द्वारा भंडारे का भव्य आयोजन

    सावन माह के अंतिम सोमवार पर जिला ऊना निजी बस ऑपरेटर सोसाइटी द्वारा भंडारे का भव्य आयोजन

    ऊना/सुशील पंडित: सावन माह के अंतिम सोमवार को जिला ऊना निजी बस ऑपरेटर सोसाइटी द्वारा आई.एस.बी.टी. ऊना परिसर में भगवान भोले शंकर जी की कृपा से भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।

    कार्यक्रम में राष्ट्रीय बस एवं कार महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश पराशर, हिमाचल प्रदेश बस एवं कार महासंघ के उपाध्यक्ष तथा जिला निधि बस ऑपरेटर सहकारी सोसाइटी के अध्यक्ष महेंद्र मनकोटिया, सुकेश ठाकुर, संजीव रायजादा, जगमोहन जायसवाल, संजीव आयुष, विचित्र सिंह राणा, दिनेश सैनी, ऋषि शर्मा, रामप्रकाश शर्मा, विनय जायसवाल, लकी, मनीष मनकोटिया, संजीव कालिया, राजकुमार ठाकुर, संदीप मनकोटिया, कमल ठाकुर, विनोद कुमार ठाकुर सहित अन्य अनेक निजी बस ऑपरेटरों ने सक्रिय सहयोग और सेवा प्रदान की।

    पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को स्वादिष्ट प्रसाद, विशेष रूप से खीर और मालपुडे, परोसे गए। भक्ति, सेवा और सद्भाव का वातावरण पूरे कार्यक्रम में बना रहा। आयोजकों का कहना है कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा, एकता और प्रेम की भावना मजबूत होती है। भंडारे के सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगी सदस्यों, बस ऑपरेटरों, प्रशासन और उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया।

  • वशिष्ट पब्लिक स्कूल में सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी एवं वाद- विवाद प्रतियोगिता का आयोजन

    वशिष्ट पब्लिक स्कूल में सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी एवं वाद- विवाद प्रतियोगिता का आयोजन

    ऊना/सुशील पंडित: वशिष्ट पब्लिक स्कूल ऊना में  विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन और अभिव्यक्ति कौशल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी एवं वाद- विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें कक्षा पहली से चौथी तक के विद्यार्थियों के लिए सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित हुई। जिसमें बच्चों ने विज्ञान, इतिहास, खेल ,भूगोल और वर्तमान घटनाओं से जुड़े प्रश्नों के उत्तर पूरे आत्मविश्वास के साथ दिए । इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में जिज्ञासा, सोच और ज्ञानार्जन की प्रवृत्ति को बढ़ावा देना था।कक्षा पांँचवीं से दसवीं तक के विद्यार्थियों के लिए वाद- विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें प्रतिभागियों ने निर्धारित विषयों पर प्रभावशाली ढंग से अपने विचार प्रस्तुत किए। क्या सोशल मीडिया समाज के लिए अच्छा है या बुरा? , क्या स्कूलों को ड्रेस कोड और यूनिफॉर्म को खत्म कर देना चाहिए? ,क्या जलवायु परिवर्तन एक वास्तविक खतरा है?, सीखने के लिए क्या बेहतर है: शिक्षक या इंटरनेट इत्यादि।  ‌’सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता’ में ‘स्ट्रॉबेरी ग्रुप’ (कक्षा प्रथम व द्वितीय) से आयुषी, अभिधा ,आदित शर्मा, जसलीन कौर ,अनवी शर्मा, मान्या सोनी, बिवान गर्ग ,गुरसीरत कौर प्रथम स्थान पर रहे।दृष्टि,  हरशिव, आयुष वत्स ,जसकीरत कौर, विराट, वेदिका राजपूत, रुद्र, लक्षिता शर्मा, अनायशा राणा ,गीतांशी शर्मा द्वितीय स्थान पर रहे। आध्या गुप्ता ,एकनूर कौर ,नित्या धीमान, शौरवी वशिष्ट ,उद्धव पटियाल, भाविनी, दिव्यम ,आरवरूप राय ,रेयांश कौशल तृतीय स्थान पर रहे।

    ‘एप्पल ग्रुप’ (कक्षा तीसरी व चौथी) से शिवाय ठाकुर, अराध्या कौशल, आद्विक बाली ,मनकीरत अटवाल ,कनिष्क ठाकुर प्रथम स्थान पर रहे। अकीरादीप, ईशान पटियाल, वेदांत शर्मा, आकर्षिका धीमान, काशवी ठाकुर, अवयान ऐरी द्वितीय स्थान पर रहे। काशवी भारद्वाज, आहाना कपिला ,अभिनव दत्त, कृषिका खन्ना ,राजवीर कौर तृतीय स्थान पर रहे ।

    ‘ऑरेंज ग्रुप’ से राघवी, सीरत कौर, प्रवनीत कौर ,ऋषिका, सानिया चौधरी प्रथम स्थान पर रहे । सनमीत, देवांशी , मन्नत परमार ,आयुष सिंह ,अश्मित कौर ,प्राणवी ,अवनी ठाकुर द्वितीय स्थान पर रहे। अराध्या, संविका ,गुरसीरत कौर ,ध्रुव मदान ,कीर्ति परमार ,सिद्धि वराह ,दिव्यांशी तृतीय स्थान पर रहे। ‘मैंगो ग्रुप’ से अधिराज सिंह, शांभवी सिंह अटवाल, समर्थय, अर्शिया चब्बा प्रथम स्थान पर रहे। त्रिनभ शर्मा ,रणविजय सिंह अटवाल ,अदिति परमार ,मनमीत कौर द्वितीय स्थान पर रहे। विहान, पीहू शर्मा ,रियान शर्मा, विनायक ,अक्षमा, पारस डामले, आर्यवीर धीमान तृतीय स्थान पर रहे। ‘ मेलन ग्रुप’ से अमोदिता भारद्वाज ,तनीषा धीमान ,तमन्ना साहू ,गुरलीन कौर ,हर्षदीप कौर प्रथम स्थान पर रहे। जैस्मिन धीमान ,कनन ठाकुर, धृति शर्मा, वामन शर्मा द्वितीय स्थान पर रहे। दिव्यम शर्मा तृतीय स्थान पर रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक कौशल ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियांँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और सार्वजनिक अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करती हैं।  विद्यालय के निदेशक अनुज वशिष्ट ने सभी प्रतिभागियों की प्रशंसा की और कहा कि विद्यालय भविष्य में भी इस प्रकार की शैक्षणिक और रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन करता रहेगा, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो सके।

  • गगरेट में राजमिस्त्रियों को बताई भूकंपरोधी निर्माण की नवीनतम तकनीकें

    गगरेट में राजमिस्त्रियों को बताई भूकंपरोधी निर्माण की नवीनतम तकनीकें

    6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न ऊना/सुशील पंडित: विकास खंड गगरेट के तहत कार्यरत राज मिस्रियों को भूकंपरोधी भवन निर्माण की तकनीकों बारे अवगत करवाने के लिए 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह प्रशिक्षण शिविर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, ऊना के सौजन्य से आयोजित किया गया, जिसमें 35 राज मिस्रियों ने भाग लिया। खंड विकास अधिकारी गगरेट सुरेंद्र जेटली ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम गगरेट पंचायत की स्थानीय ग्राम पंचायतों के चयनित राज मिस्त्रियों को दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को भूकंपरोधी निर्माण की नवीनतम तकनीक, भवनों में आवश्यक स्ट्रक्चर सेफ्टी उपाय, सामग्री चयन, नींव की मजबूती, कालम और बीम की डिजाइन तथा भवन निर्माण के दौरान की जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी। सुरेंद्र जेटली ने बताया कि यह पहल आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण प्रयास है जिससे न केवल निर्माण कार्यों के गुणवत्ता में सुधार होगा बल्कि ग्रामीण स्तर पर भूकंप जैसी आपदाओं से बचाव की दिशा में जागरूकता भी बढ़ेगी। प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर प्रशिक्षकों और राजमिस्त्रियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इस दौराना पंचायत प्रतिनिधि,संबंधित विभागों के अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।
  • नशे के खिलाफ एकजुट हुआ बंगाणा कॉलेज: युवाओं ने उठाया जागरूकता का परचम

    नशे के खिलाफ एकजुट हुआ बंगाणा कॉलेज: युवाओं ने उठाया जागरूकता का परचम

    ऊना/सुशील पंडित: अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय, बंगाणा में “एक युद्ध, नशे के विरुद्ध” विषय पर आधारित एक जागरूकता अभियान का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार एवं उच्च शिक्षा निदेशालय, हिमाचल प्रदेश के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत महाविद्यालय के एंटी ड्रग क्लब द्वारा आयोजित किया गया।इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की लत, नशा तस्करी तथा इससे उत्पन्न सामाजिक, मानसिक और शारीरिक दुष्परिणामों के प्रति सजग करना तथा उन्हें इस गंभीर सामाजिक चुनौती के विरुद्ध सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना रहा।

    कार्यक्रम के दौरान एंटी ड्रग क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह ने विद्यार्थियों को नशा न करने की सामूहिक शपथ दिलवाई। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश ठाकुर ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए युवाओं से अपील की कि वे स्वयं इस बुराई से दूर रहें और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें। इस अवसर पर क्लब के सदस्य प्रो. सिकंदर नेगी, डॉ. किरण ठाकुर एवं प्रो. कमलेश महाजन सहित महाविद्यालय के अन्य संकाय सदस्य भी उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों के साथ संवाद कर उन्हें नशामुक्त समाज की आवश्यकता और इसमें उनके योगदान के महत्व को रेखांकित किया। इस सार्थक पहल की स्थानीय स्तर पर भरपूर सराहना हो रही है। महाविद्यालय द्वारा उठाया गया यह कदम न केवल युवाओं को जागरूक करने में सहायक सिद्ध होगा, बल्कि समाज को नशा मुक्त बनाने की दिशा में भी एक प्रभावी प्रयास साबित होगा।

  • भाखड़ा हुंडई में भरे जाएंगे सेल्समेन के 20 पद, साक्षात्कार 14 को जिला रोजगार कार्यालय ऊना में

    भाखड़ा हुंडई में भरे जाएंगे सेल्समेन के 20 पद, साक्षात्कार 14 को जिला रोजगार कार्यालय ऊना में

    ऊना/सुशील पंडित: भाखड़ा हुंडई, रेलवे रोड नंगल में सेल्स मेन/अकाउंटेंट के 20 पद नियमित आधार पर भरे जाएंगे। इन पदों के लिए साक्षात्कार 14 अगस्त को सुबह 10.30 बजे जिला रोजगार कार्यालय ऊना में आयोजित होगा। जिला रोजगार अधिकारी ऊना अक्षय शर्मा ने जानकारी दी कि इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता बीकॉम, एमकॉम और किसी भी स्ट्रीम में ग्रेजुएशन होना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी की आयु 21 से 32 वर्ष और वेतन 14 से 18 हज़ार रूपये निर्धारित किया गया है।

    अक्षय शर्मा ने कहा कि योग्य व इच्छुक अभ्यर्थी अपने योग्यता प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, रोजगार कार्यालय पंजीकरण कार्ड, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट आकार की फोटो, मूल प्रमाण पत्र, बायोडाटा की कॉपी और अनुभव प्रमाण पत्र सहित साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नम्बर 81466-72101 पर सम्पर्क किया जा सकता है। इसके अलावा साक्षात्कार में आने जाने का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।

  • मंदिर दर्शन के लिए जा रही गाड़ी खाई में पलटी, 8 महिलाओं की मौत

    मंदिर दर्शन के लिए जा रही गाड़ी खाई में पलटी, 8 महिलाओं की मौत

    पुणे: महाराष्ट्र के पुणे जिले के खेड़ तालुका में कुंडेश्वर में देवदर्शन के लिए जा रही महिलाओं से भरी पिकअप वैन 30 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 8 महिलाओं की जान चली गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पापलवाड़ी की कुछ महिलाएं श्रावण सोमवार के अवसर पर दर्शन के लिए कुंडेश्वर जा रही थीं। कुंडेश्वर जाते समय घाट से होकर गुजरना पड़ता है। इसी दौरान घाट पर वाहन गहरी खाई में पलट गई।

    इस दुर्घटना में 8 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घायलों को तत्काल पैठ के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही खेड़ पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। श्रावण सोमवार को हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। मरने वालों में शोभा ज्ञानेश्वर पापड़, सुमन कालूराम पापड़, शारदा रामदास चोरगे, मंदा कनिफ दरेकर, संजीवनी कैलास दरेकर, मीराबाई संभाजी चोरगे, बयदाबाई नयनेश्वर दरेकर, शकुंतला तानाजी चोरगे शामिल हैं।

    दूसरी तरफ समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, महाराष्ट्र के ठाणे शहर में सोमवार सुबह एक बस की चपेट में आने से एक मोटरसाइकिल पर सवार एक पुरुष और महिला घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गुजरात के गांधीनगर से ठाणे के भिवंडी जा रही बस में 30 यात्री सवार थे और दुर्घटना में कोई भी बस यात्री घायल नहीं हुआ। उसने बताया कि घोड़बंदर रोड पर नागला बंदर सिग्नल के पास सुबह करीब 7 बजे बस ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

    पुलिस उपायुक्त (यातायात) पंकज शिरसाट ने बताया कि मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी 28 वर्षीय महिला को सिर में चोटें आईं, जबकि 24 वर्षीय चालक भी घायल हो गया. दोनों को अस्पताल ले जाया गया और उनकी हालत स्थिर बताई गई है। मोटरसाइकिल पर सवार दोनों लोग मुबंई के पास कांदिवली के निवासी हैं। एक अधिकारी ने बताया कि गांधीनगर के 40 वर्षीय बस चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और दुर्घटना की जांच की जा रही है।

  • टेरियर सिक्योरिटी सर्विसेज बद्दी में भरे जाएंगे 162 पद, साक्षात्कार 13 को

    टेरियर सिक्योरिटी सर्विसेज बद्दी में भरे जाएंगे 162 पद, साक्षात्कार 13 को

    ऊना/सुशील पंडित: टेरियर सिक्योरिटी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड बद्दी में सिक्योरिटी गार्ड, सिक्योरिटी सुपरवाइजर, असाइनमेंट मैनेजर(भूतपूर्व सैनिक), स्पेशल सिक्योरिटी गार्ड और कम्पयूटर ऑप्रेटर के 162 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए साक्षात्कार 13 अगस्त को सुबह 10.30 बजे जिला रोजगार कार्यालय ऊना में आयोजित किया जा रहा है। जिला रोजगार अधिकारी ऊना अक्षय शर्मा ने जानकारी दी कि इनमें असाइनमेंट मैनेजर के 4 पद शामिल है जिसके लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं, ग्रेजुएशन के साथ-साथ आर्मी के जेसीओ रैंक से सेवानिवृत सैनिक पात्र होंगे। इसके अलावा अभ्यर्थी की आयु 35 से 50 वर्ष और वेतन 33,975 रूपये निर्धारित किया गया है। सिक्योरिटी सुपरवाइजर के 10 पदों के लिए 12वी और ग्रेजुएशन होना अनिवार्य है। साथ ही अभ्यर्थी की आयु 21 से 40 और वेतन 22,537 रूपये निर्धारित किया गया है। सिक्योरिटी गार्ड के 120 पदों के लिए 10वीं और 12वीं, आयु सीमा 18 से 28 वर्ष और वेतन 18,236 रूपये निर्धारित किया गया है। स्पेशल सिक्योरिटी गार्ड के 20 पदों के लिए शैक्षणिक योग्तया 10वीं, 12वीं, फायर एंड सेफ्टी में डिप्लोमा अनिवार्य है। इसके लिए अभ्यर्थी की आयु 21 से 40 वर्ष और वेतन 20,294 रूपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा कम्पयूटर ऑप्रेटर के 8 पदों के लिए 10वीं, 12वीं ग्रेजुएशन और कम्पयूटर में डिप्लोमा होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी की आयु 22 से 35 वर्ष और वेतन 21,094 रूपये निर्धारित किया गया है।

    अक्षय शर्मा ने कहा कि योग्य व इच्छुक अभ्यर्थी अपने योग्यता प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, रोजगार कार्यालय पंजीकरण कार्ड, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट आकार की फोटो, मूल प्रमाण पत्र, बायोडाटा की कॉपी और अनुभव प्रमाण पत्र सहित साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नम्बर 72075-00008 पर सम्पर्क किया जा सकता है। इसके अलावा साक्षात्कार में आने जाने का यात्रा भत्ता देय नही होगा।