Blog

  • रेलवे ट्रैक उड़ाने की साजिश: डेटोनेटर से पुल पर हुआ ब्लास्ट 

    रेलवे ट्रैक उड़ाने की साजिश: डेटोनेटर से पुल पर हुआ ब्लास्ट 

    PM मोदी ने 13 दिन पहले किया था उद्घाटन

    उदयपुरः राजस्थान-गुजरात को रेलवे लाइन से जोड़ने वाले ब्रॉडगेज ट्रैक को शनिवार रात को असामाजिक तत्वों ने विस्फोटक सामग्री से उड़ा दिया। ब्लास्ट की आवाज इतनी तेज थी कि 3 किलोमीटर की रेडियस में इसकी आवाज सुनाई दे गई। बड़ी बात यह है कि इस ट्रैक की मांग मेवाड़-वागड़ के लोग पिछले 14 साल से कर रहे थे, जिसे असामाजिक तत्वों ने 14 दिन भी नहीं रहने दिया।

    13 दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के असवार रेलवे स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी देकर रवाना किया था और इसके बाद नियमित ट्रेन चल रही थी। घटना के बाद मौके पर रेलवे सहित प्रसाशन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच की। वहीं दोपहर में जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा भी पहुंचे। ताराचंद मीणा ने कहा- डेटोनेटर से पुल को उड़ाने की साजिश की गई है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा को डिटेल जांच के निर्देश दिए हैं।

    स्थानीय लोगों से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि यह घटना शनिवार रात की है। यह घटना उदयपुर शहर से 50 किलो मीटर दूर जावर माइंस कस्बे के पास हुई। विस्फोट खारवा चंदा स्टेशन और जावर माइंस स्टेशन के बीच करीब 8 किलोमीटर की दूरी ओर हुआ। ग्रामीण को रात में आवाज आई थी, लेकिन कुछ का कहना है कि ऐसा लगा कि माइंस में विस्फोट हुआ होगा। फिर भी ग्रामीण युवकों का एक दल सुबह ट्रैक के पास पहुंचा और देखा तो पटरी टूटी हुई थी और बोल्ट भी निकले हुए थे। इससे अंदाज लगाया गया कि विस्फोट यहीं पर हुआ और माइनिंग में काम आने वाले विस्फोटक से ब्लास्ट किया गया। 

    ग्रामीणों ने लाल कपड़ा बंधा तो ट्रेन को रोका

    सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हालात देखे। इसके बाद ग्रामीणों ने घटना की जगह से कुछ दूर ट्रेक पर ही लाल कोड बांधा ताकि कोई हादसा ना हो। इसके बाद रेलवे को सूचना दी। इसके बाद सुबह 6.30 अहमदाबाद के असावरा से आने वाली ट्रेन को डुंगरपुर में ही रोक दिया गया।

    जाने अधिकारियों ने क्या कहा 

    उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि सुबह 8 बजे सूचना मिली थी कि जावर से खारवा चंदा के बीच में ट्रैक को क्षति पहुंचाने की कोशिश की गई है। मौके पर सिविल पुलिस और रेलवे के अधिकारी पहुंचे। घटना स्थल से एफएसएल सैंपल भी लिए गए हैं। असरवा से उदयपुर आ रही ट्रेन को डूंगरपुर में ही शॉर्ट टर्मिनेट कर दिया है।

    डूंगरपुर से उदयपुर और उदयपुर से डूंगरपुर जाने वाले ट्रेन मध्य आंशिक रद्द रहेगी। इधर जावरमांइस थानाधिकारी अनिल कुमार विश्नोई ने बताया कि मौके जांच की जा रही है। प्राथमिक रूप सेलग रहा है कि ट्रैक को क्षतिग्रस्त करने के लिए माइनिंग में उपयोग होने वाले विस्फोटक का उपयोग किया गया है। घटना शनिवार रात की है। सुबह ग्रामीणों की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे थे, जिसके बाद पुलिस ने रेलवे को सूचना दी। मौके से सैंपल लिए गए हैं, घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

  • पंजाबः गन कल्चर को लेकर एक्शन में सीएम भगवंत मान, किया ये बड़ा ऐलान

    पंजाबः गन कल्चर को लेकर एक्शन में सीएम भगवंत मान, किया ये बड़ा ऐलान

    चंडीगढ़: पंजाब सरकार हथियार लाइसेंस को लेकर जल्द बड़ा फैसला लिया है। बता दें कि पंजाब में करीब तीन लाख लाइसेंस है जिन पर मान सरकार ने सख्ती से कार्रवाई करने के आदेश जारी किए है। सीएम भगवंत मान की सरकार की तरफ से जारी किए गए नोटिफिकेशन में गन कल्चर के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए हैं। सीएम भगवंत मान ने अभी तक जारी सभी हथियारों के लाइसेंस की अगले 3 महीनों के भीतर पूरी समीक्षा करने के लिए कहा है।

    इसके साथ ही नए असला लाइसेंसों के बनने पर भी रोक लगा दी है। जब तक डीसी व्यक्तिगत तौर पर संतुष्ट न हों और तब तक नया असला लाइसेंस जारी नहीं किया जाएगा। इतना ही नहीं, सोशल मीडिया पर हथियारों की नुमाइश करने पर भी पूरी तरह से पाबंदी लगा दी है। पुलिस को राज्य में रैंडम चेकिंग के भी आदेश जारी कर दिए हैं। सीएम भगवंत मान ने हेट स्पीच पर अंकुश लगाने का प्रयास किया है। अगर कोई किसी जाती, समुदाय के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करता है या इससे किसी दूसरे की व्यक्तिगत सुरक्षा खतरे में आती है तो इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    मान सरकार ने गीतों में गन कल्चर प्रमोट करने पर भी पाबंदी लगा दी है। हथियारों या हिंसा का गुनगान करने वाले गीत बैन किए जाएंगे। इतना ही नहीं, सामूहिक इकट्‌ठ, धार्मिक कार्यक्रमों, शादी या अन्य समारोह में भी हथियार लेकर जाने पर भी रोक लगाई गई है। इससे सार्वजनिक तौर पर लोगों की जान-माल को खतरा होता है। ऐसा करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं।

    • अब तक जारी सभी हथियारों के लाइसेंस की अगले 3 महीनों के भीतर पूरी समीक्षा की जाएगी। कोई नया हथियार लाइसेंस तब तक नहीं दिया जाएगा, जब तक कि डीसी व्यक्तिगत रूप से संतुष्ट न हो कि ऐसा करने के लिए असाधारण आधार मौजूद हैं।
    • हथियारों का सार्वजनिक प्रदर्शन (सोशल मीडिया पर प्रदर्शन सहित) सख्त वर्जित होगा।
    • आने वाले दिनों में अलग-अलग इलाकों में रैंडम चेकिंग की जाएगी।
    • हथियारों या हिंसा का महिमामंडन करने वाले गाने सख्त वर्जित होंगे।
    • एफआईआर दर्ज की जाएगी और किसी भी समुदाय के खिलाफ अभद्र भाषा बोलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
    • हथियारों का जल्दबाजी या लापरवाह उपयोग या जश्न की फायरिंग में जिससे मानव जीवन या दूसरों की व्यक्तिगत सुरक्षा खतरे में पड़ जाए, एक दंडनीय अपराध होगा क्योंकि उल्लंघन करने वाले के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
  • पंजाब की पराली को लेकर इस राज्य के बीच हुआ समझौता

    पंजाब की पराली को लेकर इस राज्य के बीच हुआ समझौता

    चंडीगढ़ः पंजाब में प्रदूषण की बड़ी वजह बन चुकी धान की पराली का प्रबंधन अब केरल में पशुओं के चारे के लिए किया जाएगा। बाकायदा पंजाब की ओर से केरल को पराली की आपूर्ति की जाएगी। केरल राज्य पशुपालन और पोषक चारे के लिए पंजाब का अनुसरण करेगा। केरल की पशुपालन मंत्री जे. चिनचुरानी ने पंजाब भवन में हुई बैठक के दौरान पशुओं के चारा प्रबंधन के लिए पंजाब मॉडल अपनाने में रूचि दिखाई।

    वहीं, मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने केरल को पशुओं के चारे के लिए पराली मुहैया करवाने का आश्वासन दिया है, जिससे पंजाब में पराली को आग लगाने की समस्या पर रोक लगाने समेत बड़ी मात्रा में पराली से निपटने में मदद मिलेगी। पंजाब की तर्ज पर पशुधन के लिए खुराक, बुनियादी ढांचा और उपयुक्त माहौल के मद्देनजर कानून बनाने के लिए केरल सरकार के 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रही पशु पालन मंत्री जे चिनचुरानी ने पंजाब के पशु पालन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को पत्र सौंपा। 

    इस प्रयास को कैबिनेट मंत्री ने दोनों राज्यों के लिए लाभ वाला बताते हुए कहा कि मान सरकार इस दिशा में हर संभव सहयोग के लिए तैयार है। आने वाले दिनों के दौरान इस प्रस्तावित प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए संभावनाएं तलाशी जाएंगी। अपने दो दिवसीय पंजाब दौरे के लिए गुरुवार को चंडीगढ़ पहुंचे केरल सरकार के प्रतिनिधिमंडल का कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर और प्रमुख सचिव विकास प्रताप ने स्वागत किया। इसके बाद बैठक के दौरान चिनचुरानी ने कहा कि केरल में लोगों के लिए डेयरी फार्मिंग रोजी-रोटी का अहम पेशा है और लाखों किसानों के लिए डेयरी पेशा आमदन का मुख्य साधन है।

    पंजाब के बाद केरल दूध उत्पादकता में देश में दूसरे नंबर पर है। पिछले कुछ साल में पशु चारे की कीमतें बढ़ने के कारण डेयरी से जुड़े किसानों की आर्थिकी बुरी तरह प्रभावित हुई है। तटीय राज्य केरल में कृषि योग्य जमीन कम होने के कारण पशुओं के लिए अपेक्षित चारा पैदा नहीं होता। अगर केंद्र सरकार द्वारा घोषित किसान रेल प्रोजेक्ट द्वारा पराली केरल राज्य में भेजी जाती है तो इससे केरल के बड़ी संख्या में डेयरी किसानों को लाभ होगा। पशु पालन विभाग के प्रमुख सचिव विकास प्रताप ने राज्य में पशु रोग और वैक्सीन संस्थाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पंजाब में इस समय पर लगभग 3,000 पशु संस्थाएं हैं, जो राज्य में औसतन 2,400 पशु प्रति संस्था और लगभग 4.5 किलोमीटर के दायरे को सेवाएं प्रदान कर रही हैं।

  • बीच सड़क पीट-पीटकर शख्स की हत्या…

    बीच सड़क पीट-पीटकर शख्स की हत्या…

    मुंबईः नवी मुंबई में बीती शाम बीच सड़क पर पीट-पीटकर एक शख्स की हत्या कर दी गई। कोपर खैरने थाना क्षेत्र में 2 गुटों में मारपीट हुई। झगड़ा इतना बढ़ा कि एक व्यक्ति को अपनी जान गंवानी पड़ी और 2 गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक हमला पूर्व नियोजित था। पहले की पिटाई का बदला लेने के लिए एक पक्ष ने दूसरे गुट के सदस्य पर हमला किया। इस संबंध में कोपर खैरने थाने में हत्या की धारोओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, अन्य की तलाश की जा रही है। घटना शनिवार रात 8 बजे की है। पुलिस आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

  • पंजाबः इस गैंगस्टर के गुर्गों ने सुनियारे पर चलाई गोलियां, कुछ दिन पहले मांगी थी फिरौती 

    पंजाबः इस गैंगस्टर के गुर्गों ने सुनियारे पर चलाई गोलियां, कुछ दिन पहले मांगी थी फिरौती 

    फिरोजपुर: पंजाब में गैंगस्टरों की ओर से वीआईपी लोगों से फिरौती मांगने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे। आए दिन वीआईपी लोगों से गैंगस्टरों की ओर से फिरौती मांगने के मामले सामने आ रहे है। फिरौती ना दिए जाने पर गैंगस्टरों के गुर्गों की ओर फायरिंग कर दहशत फैलाई जा रही है। वहीं ऐसा ही एक मामला फिरोजपुर से सामने आया है। जहां सुनियारे की ओर से रंगदारी न देने पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की।

    जानकारी के अनुसार 3 बाइक सवार बदमाशों ने कई राउंड फायर किए हैं। सुनियारे ने घर में अंदर दाखिल होकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। बता दें कि गैंगस्टर सुक्खा दुनेके के नाम से सुनियारे से 50 लाख की रंगदारी मांगी गई थी।

    पिछले 20 दिनों से सुनियारे के परिवार को जान से मारने की धमकिया मिल रही थी। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के मुताबिक बाइक पर सवार कुछ लोग उनके घर के गेट के सामने कुछ दूरी पर रुके और गेट पर गोलियां चलाई। घर के दरवाजे और कार पर गोलियां लगीं। सुनियारे ने घर के अंदर घुसकर अपनी जान बचाई। जब उनकी तरफ से जवाबी फायरिंग की गई तो मोटरसाइकिल बदमाश वहां से फरार हो गए। पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।

  • 8वीं के छात्र को मारी गोली, 13 के खिलाफ मामला दर्ज

    8वीं के छात्र को मारी गोली, 13 के खिलाफ मामला दर्ज

    गंभीर हालत के चलते युवक को PGI चंडीगढ़ किया रेफर

    अंबालाः हरियाणा के अंबाला कैंट में पुरानी रंजिश के चलते 16 वर्षीय किशोर को गोली मार दी गई। गोली किशोर की पीठ में लगी है, जिसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। किशोर सागर ग्रीन पार्क के नजदीक का रहने वाला है, जो सुभाष नगर स्थित सरकारी स्कूल में कक्षा 8वीं का छात्र है। वारदात के बाद से बदमाश फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने 13 आोरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

    किशोर सागर के दोस्त न्यू प्रीत नगर निवासी सिद्धू ने बताया कि वर्ष 2020 में प्रीत नगर निवासी कटोरा ने चाकू घोंपकर बंटी नामक युवक की हत्या की थी। हत्या का आरोपी कटोरा सेंट्रल जेल में बंद है। सागर पर हमला करने वाले आरोपी तभी से उनके साथ रंजिश रखे हुए हैं। उन्होंने बदमाशों के डर से अपना मकान भी बदल लिया है। वे पहले सोनू लाला की गली टांगरी में रहते थे। अब वे किराए के मकान में रामपुर रोड पर रह रहे हैं।

    सागर के दोस्त न्यू प्रीत नगर (महेश नगर) निवासी पवन ने बताया कि आरोपियों ने पहले इंस्टाग्राम पर धमकी दी थी। वह देर रात अपने भाई सिद्धू, ग्रीन पार्क निवासी सागर, मिथुन, डेहा कॉलोनी निवासी शुभम और टांगरी निवासी रोहन के साथ बैठकर आग सेक रहा था। इसी बीच गोलू का मिथुन के पास फोन आया और गाली-गलौज करने लगा। धमकी देते हुए गोलू ने उन्हें चुंगी पर बुलाया।

    पवन ने बताया कि जब वे परशुराम मंदिर के पास पहुंचे तो सामने से न्यू प्रीत नगर निवासी सोनू, मुकेश कुमार, विजय, सुजल, अरुण, गोलू, विनय, आशु, अभिषेक, शिब्बु, अमन, कर्ण, सौरव व रतन आए और ईंट-पत्थरों से हमला बोल दिया। इसी बीच, सोनू और मुकेश ने पहले पिस्टल से हवाई फायरिंग की और फिर सीधी गोली मार दी।

    पवन ने बताया कि एक गोली सीधी सागर की पीठ में लगी। सागर नीचे गिरा तो हमलावर मौके से फरार हो गए। वे सागर को लहूलुहान हालत में अंबाला कैंट सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने देखा कि गोली पीठ में फंस गई है। डॉक्टरों ने सागर की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।

  • पंजाबः घर से निकलने से पहले पढ़े ये ख़बर, PRTC कर्मचारियों ने दी ये चेतावनी 

    पंजाबः घर से निकलने से पहले पढ़े ये ख़बर, PRTC कर्मचारियों ने दी ये चेतावनी 

    अमृतसर: बटाला डिपो के कंडक्टर की कथित नाजायज रिपोर्ट करने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा। गुस्साए पनबस कार्यकर्ता ने बीते दिन 2 घंटे के लिए पंजाब में बस स्टैंड को बंद कर दिया था और कंडक्टर पर दर्ज मामले को रद्द करने की चेतावनी दी थी। पंजाब रोडवेज और पनबस कॉन्ट्रैक्ट वर्कर यूनियन द्वारा अपने साथी कंडक्टर की नजायज रिपोर्ट के चलते बसों का चक्का जाम किया हुआ है।

    जिसके चलते आज तीसरे दिन भी पनबस कर्मचारियों ने बसों के स्टेरिंग नहीं थामे और ट्रांसपोर्ट मंत्री के घर का घेराव, जालंधर व खरड़ में यूनियन प्रदर्शन करने के लिए उतरी हुई है। उनके समर्थन में पीआरटीसी यूनियन ने भी बसों के पहिए रोक दिए हैं और उनकी हिमायत में रोष प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं आज इस कंडक्टर की बहाली के मामले को शांत कराने के लिए चंडीगढ़ से टीम अमृतसर पहुंची, लेकिन मामला शांत करने के लिए कोई समझौता नहीं हो सका।

    मामले की जानकारी देते हुए अमृतसर के डिपो अध्यक्ष-2 केवल सिंह समेत 4 अहम अधिकारियों से बात कर मामले को शांत कराने की कोशिश की गई थी, लेकिन उनमें कोई समझौता नहीं हो सका। अमृतसर-1 के चेयरमैन जोध सिंह ने कहा कि कंडक्टर पृथ्वीपाल सिंह को बिना शर्त टंकी से बहाल करने और फिर 12 कंडक्टरों को फिरोजपुर और पट्टी डिपुओं में बदली को रद्द करने का प्रस्ताव था, जिस पर सहमति नहीं बन सकी। उन्होंने कहा कि अगर कल दोपहर 12 बजे तक समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उसके बाद पीआरटीसी बसें भी सड़कों पर दौड़ती नजर नहीं आएंगी।

  • पंजाबः दर्दनाक हादसा, सड़क हादसे में परिवार के 4 लोगों की मौत

    पंजाबः दर्दनाक हादसा, सड़क हादसे में परिवार के 4 लोगों की मौत

    अमृतसर: बल्लरवाल गांव के पास बीती रात दर्दनाक हादसा होना का मामला सामने आया है। इस हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार युवक अपनी पत्नी व बच्चों के साथ बाइक पर ससुराल घर से वापिस घर लौट रहा था। इसी दौरान अचानक बोलेरो कार ने उन्हें कुचल दिया। मृतक माता-पिता के साथ उनका 5 साल का लड़का और 7 साल की लड़की शामिल है। घटना अमृतसर के अजनाला के अंतर्गत आते गांव सरंगदेव की है। मृतक के भाई कुलदीप सिंह ने बताया कि उसका बड़ा भाई सुरजीत सिंह हलवाई का काम करता है।

    बीती रात गांव भिंडियां में उसके साले की शादी थी। शादी से रात के समय वह, पत्नी व दो बच्चे के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव सरंगदेव स्थित घर की तरफ आ रहे थे। उनके गांव में अवैध रेत का कारोबार चलता है। रेत लाद कर भारी वाहन तेजी से निकलते हैं। बीती रात भी रेत लेकर निकली बोलेरो कार ने उनके भाई के बाइक को टक्कर मार दी और फरार हो गया। घटना में सुरजीत के अलावा उसकी पत्नी संतोख कौर, सोनू और प्रीत की मौत हो गई है।

    इस मामले को लेकर थाना अजनाला की एसएचओ सुपिंदर कौर ने जानकारी दी कि फिलहाल शवों को अजनाला अस्पताल की मॉर्चुरी में रखा गया है। आज शवों का पोस्टमार्टम कर परिवार को सौंपा जाएगा। अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अगर यहां अवैध माइनिंग हो रही है तो उसकी भी जांच की जाएगी।

  • पंजाबः 70 हजार रुपए रिश्वत लेते SHO गिरफ्तार 

    पंजाबः 70 हजार रुपए रिश्वत लेते SHO गिरफ्तार 

    फिरोजपुरः पंजाब सरकार की ओर से भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत विजीलेंस की टीम ने एसएचओ को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। विजीलेंस की टीम ने थाना कुलगड़ी के एसएचओ रूपिंदरपाल सिंह को रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए विजीलेंस के अधिकारी ने बताया कि एचएचओ ने थाने में दर्ज एक मामले में शिकायतकर्ता की मदद करने के बदले पहले 70 हजार रुपए लिए, फिर 80 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी।  

    थाना विजिलेंस फिरोजपुर ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता गगनदीप सिंह गांव कासु बेगू, जिला फिरोजपुर ने भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन पर थाना कुलगड़ी के एसएचओ रुपिंदरपाल सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

    जांच में पता चला कि कुलगड़ी थाने में गांव कासुबेगु निवासी मेजर सिंह व गगनदीप के पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उस मामले की जांच एसएचओ रुपिंदर पाल सिंह कर रहे थे। उन्होंने इस मामले में उनकी मदद के लिए 70 हजार रुपये लिए थे। इसके बावजूद वह 80 हजार रुपये और मांग रहा था।

  • हवा में टकराए दो विमान, हादसे में 6 की मौत, देखें खौफनाक वीडियो

    हवा में टकराए दो विमान, हादसे में 6 की मौत, देखें खौफनाक वीडियो

    डलासः एयर शो में सेकेंड वर्ल्ड वार के जमाने के दो ऐतिहासिक सैन्य विमानों की आपस में हवा में ही टक्कर होने के बाद वे आग के गोलों में बदल गए। इस दुर्घटना के भयानक वीडियो सामने आए हैं। कैमरे में कैद हुई इस भीषण दुर्घटना में बोइंग बी-17 फ्लाइंग फोर्ट्रेस और बेल पी-63 किंगकोबरा की टक्कर हो गई। ये पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई है, क्योंकि ये विमान एक एयरशो में हिस्सा ले रहे थे। अधिकारियों ने मौतों की पुष्टि नहीं की है। लेकिन खबरों के मुताबिक कम से कम 6 लोग इन विमानों पर सवार थे और उन सभी की मौत हो जाने की आशंका है।

    न्यूज एजेंसी एएनआई की एक खबर के मुताबिक एयरशो देखने के लिए मौके पर मौजूद लोगों को काफी वक्त तक ये भरोसा नहीं हो सका कि उनकी आंखों के सामने क्या हो गया! हर कोई पूरी तरह सदमे में था। डलास के मेयर एरिक जॉनसन ने कहा कि दुर्घटना के वीडियो दिल दहला देने वाले हैं। मेयर ने कहा कि राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड ने स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की मदद के साथ दुर्घटनास्थल पर नियंत्रण कर लिया है। वीडियो में ये साफ देखा गया कि दूसरी तरफ से आ रहा किंगकोबरा प्लेन विशालकाय बी-17 से टकरा गया और आग और धुएं का एक बड़ा गोला बन गया।

    एयर शो के मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि एक ही समय में वहां कई विमान उड़ रहे थे। किंगकोबरा एक अमेरिकी लड़ाकू विमान है और सेकेंड वर्ल्ड वार के दौरान ज्यादातर सोवियत सेना द्वारा इस्तेमाल किया गया था। बी-17 एक चार इंजन वाला बमवर्षक है, जिसका इस्तेमाल द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जर्मनी के खिलाफ हमलों में किया गया था। एक्सपर्ट के मुताबिक अब किसी भी बी-17 विमान का उड़ान की स्थिति में होना दुर्लभ है। अधिकांश बी-17 को सेकेंड वर्ल्ड वार के बाद हटा कर दिया गया था। इसे केवल संग्रहालयों और एयर शो में देखा जा सकता है।