Blog

  • बिल्ली को बचाने के चक्कर में परिवार के 5 लोगों ने गंवाई जान

    नई दिल्ली : महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले से एक हैरान कर देने का मामला सामने आया है। यहां नेवासा तहसील के वाकडी नामक गांव में एक बिल्ली को बचाने की कोशिश में 5 लोगों की मौत हो गई। यह घटना देर शाम की है। जानकारी के अनुसार रात 2 बजे के करीब पाचों शवों को कुएं से निकाला गया। मरने वालों में एक ही परिवार के 5 लोग शामिल है। दरअसल, बायोगैस के गड्ढे में एक बिल्ली गिर गई थी।

    गांव वालो के मुताबिक उसे बचाने गया व्यक्ति जब ऊपर नहीं आया तो उसे बचाने दूसरे उतरे और इस तरह 6 लोग बायोगैस के गहरे गड्ढे में फंस गए। बड़ी मुश्किल से एक को जिंदा बचाया जा सका बाकी 5 की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गोबर से भरे बायोगैस के गड्ढे में फंसने सभी की मौत हो गई। एक युवक जब बायोगैस के गड्ढे में गिरी बिल्ली को बचाने के लिए कूदा। उसे डूबता देख एक के बाद एक छह लोग बचाने के प्रयास में कुएं में डुब गए।

    गोबर से भरे बायोगैस के गड्ढे में जहरीली गैस के कारण दम घुटने से इन पांचों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक ये हादसा कल हुआ था और देर शाम तक लोगों को बाहर निकालने की कोशिश होती रही थी। आपातकालीन व्यवस्था नहीं होने से राहतकार्य में बाधा आ रही थी इसलिए घटना के 10 घंटे बाद पाचों के शव गड्डे से बाहर निकाले गए। पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंच कर जरूरी कार्यवाही में जुटे हैं।

  • रेलवे क्रासिंग का फाटक गिरने से युवक घायल, देखें वीडियो

    प्रयागराजः उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से दिल दहलाने वाला हादसा सामने आया है। जहां बना जसरा रेलवे क्रासिंग का फाटक से वाहन टकरा गया और वह अचानक गिर गया। इस हादसे में बाइक के पीछे बैठा युवक घायल हो गया। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। जिसमें देखा जा सकता है कि ट्रेन निकलने के बाद फाटक पर काफी ट्रैफिक था। जैसे ही फाटक खुला धीरे-धीरे ट्रैफिक फाटक से गुजर रहा था। इस दौरान दूसरी ओर से आ रहा छोटा हाथी फाटक से टकरा कर गुजर गया। जिसके बाद अचानक फाटक युवक पर गिर गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि हादसे के दौरान बाइक के पीछे बैठा युवक घायल हो सड़क पर गिर गया। हालांकि इस घटना के दौरान अन्य स्कूटर पर बैठा बच्चा बाल-बाल बच गया। 

  • अजब मामलाः पूजा की थाली लेकर SHO की आरती उतारने थाने पहुंची महिला, देखें वीडियो

    रीवाः पुलिस अगर किसी मामले में कार्रवाई नहीं करती है तो आपने कई तरीकों से विरोध होते हुए देखा होगा। कोई धरना प्रदर्शन करता है तो कोई चक्का जाम करता है, लेकिन रीवा के सिटी कोतवाली में एक गजब का मामला सामने आया है। पुलिस चोरी के एक मामले में कार्रवाई नहीं कर रही थी जिससे नाराज होकर एक महिला अपने पति और दो छोटे बच्चों के साथ आरती की थाली और माला लेकर थाने पर पहुंच गई। बकायदा थाना प्रभारी की आरती उतारने लगी। महिला के ऐसा करने पर थाना प्रभारी उसे रोकने की कोशिश करने लगे। वहीं पास में खड़ा एक युवक इस पूरी घटना का वीडियो बना रहा था, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।

    दरअसल, यह पूरा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है जहां कुछ दिनों पहले एक चोरी हुई थी। अनुराधा सोनी नाम की महिला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत फोर्ट रोड में सोने चांदी का काम करती है। जनवरी महीने में इनकी दुकान में चोरी हो गई थी, जिसका आरोप दुकान के कारीगर पर लगाया गया था। महिला ने इसकी शिकायत सिटी कोतवाली में दर्ज कराई गई थी। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा है। पुलिस ने कहा है कि वह इस मामले में जांच कर रही है और आरोपी की तलाश कर रही है, लेकिन महिला का आरोप है कि पुलिस इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। जिसके बाद महिला अनुराधा सोनी नाराज होकर अनोखे अंदाज में अपने बच्चों और पति कुलदीप सोनी के साथ ही पूजा की थाली लेकर थाने पहुंची। उसने थाना प्रभारी सहित एस आई की आरती उतारने और माला पहनाने का प्रयास किया।

    महिला का पति थाना प्रभारी की करतूत सबको दिखाने के लिए फेसबुक से लाइव भी करने लगा, जिसके बाद थाना प्रभारी ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। इस पूरे मामले का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है और जिस थाना प्रभारी जेपी पटेल की महिला आरती उतारने का प्रयास कर रही थी वो हाल ही में सामान थाना क्षेत्र से सिटी कोतवाली आए हैं। यह वीडियो शनिवार का बताया जा रहा है और इस वीडियो के वायरल होने की शिकायत न्यायालय में भी की गई थी, जिसके बाद महिला के पति को फटकार भी लगाई गई थी। वहीं इस मामले को लेकर थाना प्रभारी जेपी पटेल ने कहा कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया था। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस के पास ऐसे ढेरों मामले होते हैं, जिनमें कार्रवाई का प्रयास करती है। कुछ में सफलता नहीं मिल पाती। दोनों पति-पत्नी थाने में बिना पूर्व सूचना के आरती की थाल लेकर पहुंच गए। आरोप निराधार हैं। उनके साथ कोई दुर्व्यवहार नहीं किया।

  • दिग्गज कांग्रेस नेता पर दर्ज हुआ मानहानि का मुकदमा, मिला 24 घंटे का समय

    नई दिल्लीः लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर नेताओं में आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है। मगर इसी बीच कांग्रेस नेता शशि थरूर की मुश्किल और बढ़ गई है। केरल के तिरुवनंतपुरम से भाजपा उम्मीदवार राजीव चंद्रशेखर ने शशि थरूर पर मानहानि का मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही राजीव ने शशि थरूर को माफी मांगने के लिए 24 घंटे का समय दिया है। कांग्रेस नेता शशि थरूर केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम से चुनावी मैदान में खड़े हैं और उन्हें टक्कर देने के लिए भाजपा ने राजीव चंद्रशेखर को टिकट दिया है। ऐसे में शशि थरूर ने राजीव पर कैश फॉर वोट जैसा गंभीर आरोप लगाया है। एक टीवी चैनल से बातचीत के दौरान शशि थरूर ने दावा किया है कि राजीव ने वोट खरीदने के लिए कुछ समुदायों के धार्मिक नेताओं के सामने पैसों की पेशकश की है।

    भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर ने शशि थरूर के बयान पर हैरानी जताई है। राजीव ने शशि थरूर को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उन्होंने अपने बयान को वापस नहीं लिया और सार्वजनिक तौर पर राजीव से माफी नहीं मांगी तो शशि थरूर पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। राजीव के अनुसार शशि थरूर का बयान पूरी तरह से गलत और बेबुनियाद है। लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए शशि थरूर, राजीव चंद्रशेखर की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। शशि थरूर के बयान पर एक्शन लेते हुए राजीव चंद्रशेखर ने उनपर मानहानि का मुकदमा दर्ज किया है। इस कानूनी नोटिस के अनुसार शशि थरूर ने लोकसभा चुनाव में जीतने के इरादे से राजीव के संबंध में झूठी और भ्रामक जानकारी का प्रचार किया है, जिससे राजीव की छवि धूमिल हो गई है। नोटिस में कहा गया है कि शशि थरूर 24 घंटे के भीतर राजीव चंद्रशेखर से माफी मांगे और आगे से ऐसे बयान ना दें।

  • केजरीवाल के इस्तीफे को लेकर भाजपा का प्रदर्शन, पुलिस ने की पानी की बौछारें, बीजेपी अध्यक्ष घायल

    नई दिल्लीः दिल्ली में आम आदमी पार्टी के दफ्तर के बाहर बीजेपी ने विरोध प्रदर्शन कर सीएम पद से अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग की है। बीजेपी के प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा के संख्त इंतजाम किए गए थे लेकिन बीजेपी कार्यकर्ता बेरिकेड पर चढ़ गए। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा अन्य भाजपा नेताओं के साथ यहां पहुंचे। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पानी की बौछार का इस्तेमाल किया। पानी की रफ्तार इतनी तेज थी कि वीरेंद्र सचदेवा चोटिल हो गए।

    इससे पहले बीजेपी ने रविवार को दिल्ली के कनॉट प्लेस में विरोध-प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के मुख्यमंत्री के मरम्मत किए गए सरकारी बंगले की एक कथित प्रतिकृति भी रखी थी। उन्होंने इसे मरम्मत कार्य में अनियमितता का आरोप लगाया. भाजपा ने प्रदर्शन स्थल पर ‘शराब से शीशमहल तक’ नाम से एक सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित की जहां पर कथित आबकारी घोटाले में आरोपी ‘आप’ नेताओं की शराब की बोतल के आकार के कटआउट लगाए गए थे। बता दें कि ईडी ने कथित आबकारी घोटाले से जुड़े धनशोधन के मामले में 21 मार्च को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया था। वह 15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में हैं।

  • बीजेपी ने जारी की उम्मीदवारों की सूची, किरण खेर का कटा टिकट

    चंडीगढ़ः लोकसभा चुनावों को लेकर बीजेपी ने लोकसभा उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी कर दी। जारी लिस्ट के अनुसार चंडीगढ़ से भाजपा की सासंद किरण खेर का टिकट काट दिया है। किरण खेर की जगह पार्टी ने संजय टंडन को उम्मीदवार बनाया है। दरअसल, भाजपा ने आज 5 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है। चंडीगढ़ की टिकट के अलावा भाजपा ने मैनपुरी से जयवीर सिंह ठाकुर, कौशाम्बी से विनोद सोनकर, फूलपुर से प्रवीण पटेल और इलाहाबाद से नीरज त्रिपाठी को उम्मीदवार घोषित किया है।

  • पंजाब : हमलावरों ने गौशाला प्रबंधकों पर किया हमला, देखें वीडियो

    श्री मुक्तसर साहिब : मलोट क्षेत्र की सर्वमान्यता की प्रतीक महावीर गौशाला प्रबंधको पर देर रात कुछ अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। जिसमें गौशाला के मुख्य सेवादार के पिता घायल हो गए। जिनका इलाज सिविल अस्पताल मलोट में चल रहा है।

    इस घटना की विभिन्न राजनीतिक दलों ने कड़ी निंदा की है और तत्काल पुलिस कार्रवाई की मांग की है। घटना रात में होने के बावजूद पुलिस ने अभी तक कोई बयान दर्ज नहीं किया है और पुलिस की कारगुजारी पर सवाल उठाया है।

    उपचाराधीन पीड़ित ने बताया कि रात के करीब 10 बजे मोटरसाइकिल पर सवार 4 हमलावर आए। जब सेवादार ने मोटरसाइकिल सवार अज्ञात व्यक्तियों को पूछा क्या काम है, तो हमलावर सेवादार से बहस करने लग पड़े।

    जब पीड़ित, सेवादार के पास गया, तो मोटरसाइकिल हमलावरों ने पीड़ित पर तेजधार हथियारों से हमला कर गंभीर रुप से जख्मी कर दिया। अस्पताल में उपचाराधीन पीड़ित ने बताया कि सेवादारों ओर लोंगों ने मिलकर एक हमलावर को काबू कर लिया है। जबकि 3 हमलावर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना दे दी है।

  • पंजाबः रिहायशी इलाके में लगी भीषण आग, कई झुग्गियां जलकर हुई राख, देखें वीडियो

    मोहालीः जिले में स्थित गांव भागो माजरा से बड़ी खबर सामने आई है। जहां झुग्गियों में भीषण आग लग गई। आग इतना ज्यादा थी कि कई झुग्गियां जलकर राख हो गई। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग को दी। वहीं घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गई। लेकिन हादसे में भारी मात्रा में झुग्गियां जलकर राख हो गई। आग के कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

  • जालंधरः सुशील रिंकू और शीतल अंगुराल ने घेरी आप सरकार, जमकर साधे निशाने, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: लोकसभा चुनाव से पहले जालंधर के विजय रिसोर्ट में भाजपा पंजाब का पहला दफ्तर खोला गया। जहां आज भाजपा के नेताओं ने हवन यज्ञ किया। इस दौरान सुशील रिंकू ने कहा कि आज पंजाब के लोग विपक्ष की पार्टियों से थका हुआ महसूस कर रही है। उन्होंने आप पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि लोगों ने आप पार्टी में एक आस देखकर उन्हें सत्ता में लेकर आई थी।

    दरअसल, आप पार्टी ने लोगों को प्रचार के दौरान झूठे वादे ही इतने कर दिए थे कि उन्होंने 92 सीटों देकर से आप पार्टी को जीत हासिल करवाई थी। रिंकू ने कहा कि पंजाब में आज सरकार को 2 पूर हो गए है। लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। वहीं नशे और माफिया पंजाब में पहले से ज्यादा सक्रिय हो गया।

    उन्होंने कहा कि पंजाब में खिलाड़ियों के साथ-साथ कलाकारों के भी कत्ल हो रहे है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की अगुवाई में देश ने काफी तरक्की की है। रिंकू ने कहा कि पंजाब को तरक्की की राह में ले जाने को लेकर तैयारियां चल रही है। ऐसे में पंजाब की 13 सीटें जीतकर भाजपा पार्टी को पंजाब में मजबूत किया जाएगा।

    वहीं किसानों के धरने को लेकर उन्होंने कहा कि यह नेचुरल धरना नहीं है, उन्हें गुमराह किया गया है। रिंकू ने कहा कि पिछली बार जो किसानों द्वारा धरना लगाया था, उस समय केंद्र सरकार ने उनकी मांग मान ली थी और धरना समाप्त हो गया था। पंजाब के लोग इस धरने को अच्छी तरह से समझ चुके है। उन्होंने कहा कि किसानों को इस धरने में किसी तरह का साथ नहीं मिल रहा। रिंकू ने कहा कि अगर किसान एमएसपी चाहता है तो वह उन्हें लिखकर दें, वह उनकी मांगों को जल्द पूरा करेंगे। वहीं उन्होंने केजरीवाल की रिहाई को लेकर कहा कि बीते दिन कोर्ट ने साबित कर दिया है उनकी गिरफ्तारी जायज है। 

    वहीं दूसरी ओर शीतल अंगुराल ने कहा कि उनका अभी तक इस्तीफा न मंजूर किया गया है। शीतल ने कहा कि यह सरकार की नालायकी है कि कैसे स्पीकर को राजनीति में इस्तेमाल किया जा रहा है। सभी ने देखा कि आप पार्टी के खटकड़ कलां धरने में कैसे स्पीकर कुलतार संधवां बयान दे रहे थे। शीतल ने कहा कि उन्हें ऐसी बातें शोभा नहीं देती है, वह एक सवैधानिक पोस्ट पर तैनात है।

    उन्होंने कहा कि अब उनका इस्तीफा मंजूर किया जाए या ना किया जाए, लेकिन वह उनकी पार्टी में रहकर गुलामी नहीं करेगे।25 महीने में आप सरकार ने क्या काम किए है, वह उनके खिलाफ मैदान में अपना उम्मीदवार उतारें उन्हें सब पता चल जाएगा। शीतल ने कहा कि आज के समय हालात यह हो गए है कि किसी को कुछ नहीं पता कि कब शहर में गोली चल जाए, कब किसी को फिरौती के लिए फोन आ जाए। पंजाब मे नशा सरेआम बिक रहा है। आज लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

    आप पर निशाना साधते हुए शीतल ने कहा कि उन्होंने सत्ता में रहते हुए जालंधर में किया कोई एक काम बता दें, उन्होंने चुनौती दी है वह उनके साथ टेबल टॉक करने के लिए तैयार है। शीतल ने कहा कि सीएम मान रोज कहते है कि उनकी सरकार ने 43 हजार नौकरियां दे दी है। उन्होंने कहा कि मेरे हलके में अगर उन्होंने एक भी नौकरी दी है तो वह बता दें।

    शीतल ने कहा कि पंजाब के लोग पूरी तरह से तैयार है और वह अब भी महिलाओं के एक हजार रुपए का इंतजार कर रहे है। उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स इंडस्ट्री को सरकार ने कुछ नहीं दिया। उन्होंने कहा कि जालंधर को कोई यूनिवर्सिटी तक नहीं दी गई। शीतल ने कहा कि आज के समय में कर्नाटक के एयरपोर्ट में कोई उतरता है तो वहां पर पंजाब सरकार का विज्ञापन लगा है।

    उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के एयरपोर्ट में पंजाब सरकार के विज्ञापन लगाए गए है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग काफी समझदार है। वहीं उन्होंने आप पार्टी के 300 यूनिट बिजली को लेकर कहा कि वह तो कांग्रेस की सरकार ने बिजली फ्री की थी। उन्होंने कहा कि आप सरकार 100 यूनिट फ्री करके लोगों को बेवकूफ बना रहे है।

  • फगवाड़ा : चोरों ने जनरल स्टोर को बनाया निशाना, देखें वीडियो

    फगवाड़ा/राजेश : पुलिस की ओर से किए गए सख्त सुरक्षित प्रबंधों के बावजूद भी चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही है। आए दिन चोरी की घटनाओं से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। शहर में चोरों के हौंसले इस तरह बढ़ गए हैं कि चोरों ने इस बार बस स्टैंड के कुछ ही दूरी पर स्थित एक जनरल स्टोर को अपना निशाना बनाया।

    चोरों ने स्टोर से हजारों रुपए की नगदी और दुकान के अंदर पड़ा सामान लेकर रफू चक्कर हो गए। इस संबंध में जानकारी देते हुए दुकान मालिक हनी ने बताया कि उनकी दुकान बस स्टैंड के साथ माल गोदाम रोड पर है।

    जब वह अपनी दुकान पर आए तो उन्होंने देखा कि उनकी दुकान का सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोर दुकान के पीछे के रास्ते से दाखिल हुए और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दुकान के मालिक ने पुलिस प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई है।