Blog

  • एम्स के प्राइवेट वार्ड में इलाज करवाना हुआ मंहगा

    एम्स के प्राइवेट वार्ड में इलाज करवाना हुआ मंहगा

    नई दिल्लीः एम्स के प्राइवेट वार्ड में इलाज कराना अब और महंगा हो गया है। अब एम्स के प्राइवेट वार्ड में पांच प्रत‍िशत जीएसटी लागू करने का आदेश जारी किया गया है। इसे बाद अब रोजाना मरीजों को 300 रुपये अत‍िरिक्त देना होगा। इससे पहले मई में ही पहले डीलक्स रूम का किराया लगभग डेढ़ से दोगुना किया गया था। 

    दो महीने बाद फिर से इलाजा कराना हुआ मंहगा

    दो महीने बाद एक बार फिर से डीलक्स रूम में इलाज कराना और महंगा हो गया है। ये अब रोजाना 6300 रुपये होगा। इसे लेकर एम्स प्रशासन की तरफ से आदेश जारी करते हुए उसे नोट‍िफाई कर दिया गया। अब 6000 रुपये वाले बेड पर 5 प्रत‍िशत जीएसटी के बाद इसका किराया 300 रुपये बढ़कर 6300 हो गया है।

    ये है वो आदेश

    इससे पहले एक जून से बढ़े हुए शुल्क पर मरीज भर्ती किए जा रहे हैं। इससे मरीजों को पहले की तुलना में प्राइवेट वार्ड के लिए डेढ़ से दोगुना शुल्क देना पड़ रहा था। इस बढ़त को देखते हुए ही शायद एम्स प्रशासन ने 19 मई को प्राइवेट वार्ड का शुल्क बढ़ाने और 300 रुपये तक की जांचें शुल्क मुफ्त करने का आदेश जारी किया था जो लागू भी हो गया था। 

    प्राइवेट वार्ड में 288 बेड की है सुविधा 

    बता दें कि एम्स के प्राइवेट वार्ड में 288 बेड की सुविधा है। एम्स प्रशासन ने मई में जारी आदेश में प्राइवेट वार्ड में बी श्रेणी के कमरे का शुल्क प्रतिदिन दो हजार रुपये से बढ़कर तीन हजार रुपये और डीलक्स श्रेणी के कमरे का शुल्क प्रतिदिन तीन हजार रुपये से बढ़ाकर छह हजार रुपये कर दिया था। जो अब एक बार फिर से 5 प्रत‍िशत जीएसटी जुड़कर लिया जाएगा। अब तक बी श्रेणी के प्राइवेट वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों को 10 दिन के लिए अग्रिम शुल्क कुल 33,000 रुपये व डीलक्स श्रेणी के प्राइवेट वार्ड में भर्ती होने के लिए कुल 63,000 रुपये अग्रिम शुल्क जमा करना होता था।

  • पंजाबः एयरपोर्ट पर 49 लाख के सोने सहित पैसेंजर गिरफ्तार

    पंजाबः एयरपोर्ट पर 49 लाख के सोने सहित पैसेंजर गिरफ्तार

    अमृतसरः दुबई से भारत में हो रही सोने की तस्करी के खेल को रोकने के प्रयासों के तहत अमृतसर कस्टम विभाग को एक और बड़ी सफलता मिली है। कस्टम विभाग ने बुधवार को एक पैसेंजर को गिरफ्तार करके उससे 49.27 लाख रुपए का सोना जब्त किया है। पैसेंजर यह सोना दुबई से लाया था और अपने बैग में छिपाकर भागने की फिराक में था। सोने को जब्त करके कस्टम विभाग ने आरोपी से पूछताछ शुरू की है।

    चैकिंग में एक्स-रे के दौरान पाया गया कुछ संदिग्ध 

    कस्टम विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि दुबई से अमृतसर पहुंची स्पाइस जेट की फ्लाइट संख्या SG56 से उतरे एक यात्री के सामान की चैकिंग में एक्स-रे के दौरान कुछ संदिग्ध पाया गया। पैसेंजर के सामान को अलग किया गया और उसकी तलाशी शुरू ली गई। इस दौरान बैग में सामान के बीच 8 सोने के बिस्कुट छिपाकर रखे हुए मिले। पुलिस ने तुरंत पैसेंजर को गिरफ्तार कर लिया।

    विभाग ने 8 सोने के बिस्कुट किए बरामद

    कस्टम विभाग ने 8 बिस्कुट कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी। पकड़े गए सोने का जब वजन किया गया तो वे 933.2 ग्राम के निकले, जिसकी इंटरनेशनल मार्केट में वेल्यू 49.27 लाख रुपए आंकी जा रही है। कस्टम विभाग ने पैसेंजर को गिरफ्तार करके सेक्शन 104 कस्टम एक्ट,1962 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है।

  • पंजाबः सीएम भगवंत मान को अस्पताल से मिली छुट्टी 

    पंजाबः सीएम भगवंत मान को अस्पताल से मिली छुट्टी 

    चंडीगढ़ः पंजाब के मुख्‍यमंत्री भगवंत मान की तबीयत देर रात अचानक खराब हो गई और उनको दिल्‍ली के अपोलो अस्‍पताल में भर्ती कराया गया। बताया जाता है कि उनकी तबीयत दो दिन पहले सुल्तानपुर लोधी में काली बेईं नदी का पानी पीने के कारण हुई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि कोई नहीं कर रहा है।

    बताया जाता है कि दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान से अस्‍पताल में मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। वहीं मिली जानकारी के मुताबिक आज सुबह सीएम मान को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।

    अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आज वह चंडीगढ़ पहुंच रहे हैं। सूत्रों के अनुसार सीएम मान आज सिद्धू मूसेवाला के हत्यारों का एनकाउंटर करने वाले पुलिस कर्मचारियों से मुलकात करेंगे। 

  • पंजाब: सरकारी स्कूल के 21 छात्र आए कोरोना पॉजिटिव

    पंजाब: सरकारी स्कूल के 21 छात्र आए कोरोना पॉजिटिव

    मोहाली : पंजाब में एक बार फिर से कोरोना वायरस का कहर देखने को मिल रहा है। वहीं अब ताजा मामला मोहाली से सामने आया है। लालड़ू के सरकारी स्मार्ट सीनियर सैकेंडरी स्कूल 21 छात्रों के कोरोना पॉजीटिव पाए जाने का मामला सामने आया है। जिसके बाद 10 दिनों के लिए स्कूल की कक्षाओं को बंद कर दिया गया हैं जबकि स्कूल स्टाफ और सभी छात्रों को कोरोना टेस्ट कराने के लिए कहा गया है।

    बता दें कि इससे पहले मंगलवार को 5 छात्रों का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया था। जिसके बाद स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा लिए गए अन्य सैंपल में 16 और छात्र कोरोना पॉजिटिव पाए गए। छात्रों द्वारा कोविड -19 की पॉजीटिव रिपोर्ट आने के बाद कक्षाएं बंद कर दी गईं। सिविल सर्जन डॉ. आदर्शपाल कौर ने बताया कि एहतियात के तौर पर स्कूल प्रबंधन को अगले दस दिनों के लिए कक्षाएं बंद करने को कहा गया है।

    वहीं बुधवार को मोहाली में 133 कोविड -19 मामले सामने आए, जिससे सक्रिय मामलों की संख्या 521 हो गई। शहरी क्षेत्रों में कुल 491 मरीज होम आइसोलेशन में हैं जबकि 27 मरीज ग्रामीण इलाकों में होम आइसोलेशन में हैं। अस्पताल में कुल तीन मरीज भर्ती हैं। जिले में कुल 97,889 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं और संक्रमण से कुल 1,159 लोगों की मौत हुई है।

  • पंजाबः सड़क हादसे का शिकार हुई बस, देखें हादसे की तस्वीरें

    पंजाबः सड़क हादसे का शिकार हुई बस, देखें हादसे की तस्वीरें

    चंडीगढ़ : पंजाब के पटियाला से बड़ी ख़बर सामने आई है। पटियाला से चंडीगढ़ जा रही एक बस आज सुबह साढ़े 5 बजे भयानक हादसे का शिकार हो गई। यह हादसा राजपुरा बाईपास के नजदीक मुक्त स्कूल के पास हुआ। गनीमत यह रही के इस हादसे में किसी की जान नहीं गई। हादसे में आधा दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें सिविल अस्पताल राजपुरा में भर्ती कराया गया है। जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया है।

    हादसा इतना भयानक था कि बस की टक्कर से बस डिवाइडर को पार कर दूसरी तरफ चली गई। मिली जानकारी के अनुसार एक बस का टायर पंक्चर होने के कारण वह बस साइड पर खड़ी थी, तभी पीछे से आ रहे टैंकर ने पीछे से टक्कर मार दी। वहीं इस हादसे को लेकर डॉक्टर का कहना है कि वे घायल यात्रियों को हमारे पास लाए। कुछ मरीज जिनकी हालत गंभीर थी, उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया गया है। इस हादसे को लेकर एक घायल सवार का कहना है कि हादसा बेहद भयानक था। उनका कहना है कि मैं भी घायल हूं लेकिन मैं ठीक हूं और इस हादसे में कई मरीज गंभीर रूप से घायल हैं।

  • अगले 24 घंटों में पंजाब, हिमाचल सहित कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

    अगले 24 घंटों में पंजाब, हिमाचल सहित कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

    नई दिल्ली : देश के कई राज्यों में सावन के महीने में झमाझम बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब के कुछ हिस्सों, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, उत्तर और मध्य मध्यप्रदेश, सिक्किम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और असम, अरुणाचल प्रदेश, तटीय क्षेत्रों, ओडिशा, विदर्भ और तटीय कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

    गंगा के मैदानी इलाकों में मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं। उत्तरी पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार के कुछ हिस्सों और उत्तरी मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। गुजरात, दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश, तटीय कर्नाटक, केरल, उत्तराखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और उत्तर पूर्व भारत में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है।

    बिहार के 10 जिलों में गुरुवार को भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका के चलते अलर्ट जारी किया गया है। लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। बेतिया, मोतिहारी, गोपालगंज, सीवान, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और भागलपुर में भारी बारिश की संभावना है।

  • आज का राशिफल, 21 जुलाई 2022

    आज का राशिफल, 21 जुलाई 2022

    मेष राशिफल। आज आपको दूसरों की मदद करने से सुकून मिलेगा और दिन का कुछ समय परोपकार के कार्यों व माता पिता की सेवा में भी लगाएंगे। आपको किसी के साथ खाली बैठकर समय व्यतीत करने से अच्छा है कि आप अपने कार्यक्षेत्र में चल रही योजनाओं पर ध्यान लगाएं। कार्यक्षेत्र में आप अपने अच्छे व्यवहार से माहौल को सामान्य बनाने में कामयाब रहेंगे। आपको कोई नया पद प्राप्त हो सकता है। परिवार में किसी वरिष्ठ सदस्य के रिटायरमेंट होने के कारण उनके लिए किसी पार्टी का आयोजन हो सकता है।

    वृष राशिफल। आज का दिन विवाह योग्य जातकों के लिए उत्तम रहेगा,क्योंकि उनके लिए विवाह के उत्तम अवसर आएंगे। आप अपने परिजनों के साथ सुखद समय व्यतीत करेंगे। परिवार व घर से दूर जो लोग नौकरी में कार्यरत हैं,वह अपने परिवार के सदस्यों से मेल मिलाप करने आ सकते हैं। रात्रि के समय आपको किसी मांगलिक कार्यक्रम में सम्मिलित होने का मौका मिलेगा जिससे आपका मान-सम्मान बढ़ेगा। काम की अधिकता के कारण आपको अपने स्वास्थ्य की ओर भी ध्यान देना होगा नहीं तो बाद में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

    मिथुन राशिफल। आज का दिन आपके लिए सामान्य रहने वाला है। आपकी किसी बहुमूल्य वस्तु व संपत्ति के पाने की अभिलाषा पूरी होगी। यदि आप किसी से धन उधार लेंगे,तो वह भी आपको आसानी से मिल जाएगा। भाइयों के साथ चल रही अनबन को आपको समाप्त करना होगा,नहीं तो दूरियां अधिक आ जाएंगी। कार्यक्षेत्र में आपको पिछली की हुई गलती के लिए डांट खानी पड़ सकती है। विद्यार्थी आज इधर-उधर घूम कर ही समय व्यतीत कर देंगे,लेकिन उन्हें अपने कमजोर विषयों पर अत्यधिक मेहनत करनी होगी। आपको व्यर्थ के व्यय करने से बचना होगा,नहीं तो आप अपने संचय धन को भी समाप्त कर देंगे।

    कर्क राशिफल। आज का दिन आपके लिए मध्यम रूप से फलदायक रहने वाला है। आपको शीघ्रता व भावुकता में लिए गए किसी निर्णय के लिए बाद में पछतावा होगा,इसलिए सावधान रहें। कार्य व्यवसाय में बड़ी मात्रा में धन हाथ लगने से आप अपने कुछ पुराने कर्ज भी उतारने में सफल रहेंगे। संतान का धार्मिक कार्य के प्रति रुझान देखकर आपका मन प्रसन्न होगा,जो लोग प्रेम जीवन जी रहे हैं,वह आज विवाह बंधन में बध सकते हैं।  राज्य मान व प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। सायंकाल से लेकर रात्रि तक आपको देव दर्शन का लाभ मिलेगा।

    सिंह राशिफल। आज का दिन राजनीतिक क्षेत्रों में कार्यरत लोगों को आशातीत सफलता दिलाने वाला रहेगा,लेकिन आपको अपने खान-पान पर विशेष ध्यान देना होगा,नहीं तो आपको कोई पेट संबंधित समस्या हो सकती है,जिसके लिए आपको डॉक्टरी परामर्श लेना होगा। संतान को कोई नई नौकरी का ऑफर आ सकता है,जिसे देखकर आप प्रसन्न होंगे। परिवार में वरिष्ठ सदस्य यदि आपको किसी कार्य को करने के लिए मना करें,तो बड़ों की बात सुनना भी बेहतर होता है। आप किसी यात्रा पर जा सकते हैं।

    कन्या राशिफल। आज का दिन आप परोपकार के कार्य में व्यतीत करेंगे। दांपत्य जीवन जी रहे लोगों के लिए  दिन उत्तम रहेगा,क्योंकि वह अपने जीवनसाथी के साथ कुछ समय अकेले में व्यतीत करेंगे। आप कुछ समय वृद्धजनों की सेवा व दान पुण्य के कामों में भी लगाएंगे। यदि आपको कोई मित्र निवेश संबंधी योजना को समझाए,तो आपको उसमें निवेश करने से बचना होगा। आपका कोई पुराना मामला सुलझ सकता है,जो लोग साझेदारी में किसी व्यापार को कर रहे हैं,उन्हें आज मन मुताबिक लाभ मिलेगा। माताजी को आप ननिहाल पक्ष के लोगों से मेल मिलाप कराने लेकर जा सकते हैं।

    तुला राशिफल। आज का दिन विद्यार्थियों के लिए प्रसन्नता दिलाने वाला रहेगा और आपको किसी परीक्षा में जीत मिल सकती है। आपकी भागदौड़ अत्यधिक रहने के कारण मौसम का व्यापक प्रभाव आपके स्वास्थ्य पर पड़ सकता है,जिसके कारण आपको थकान,बुखार और सिरदर्द आदि हो सकते हैं। जीवनसाथी का सहयोग व सानिध्य आपको पर्याप्त मात्रा में मिलता दिख रहा है। ससुराल पक्ष के किसी व्यक्ति से यदि आपकी कोई बहस बाजी हो,तो उसमें चुप रहना बेहतर रहेगा,नहीं तो वह आपके आपसी रिश्तों में दरार पैदा कर सकता है।

    वृश्चिक राशिफल। आज का दिन आपके लिए आर्थिक दृष्टिकोण से मजबूत रहेगा। आपके यश व कीर्ति में वृद्धि लेकर आएगा। आपको यदि किसी विपरीत परिस्थिति का सामना करना पड़े,तो उसमें भी धैर्य बनाए रखना होगा,नहीं तो आपके कुछ शत्रु इसका फायदा उठाने की पूरी कोशिश करेंगे। सायंकाल का समय आप अपने मित्रों के साथ मौज मस्ती करते करने में व्यतीत करेंगे। आपको घर परिवार में चल रही समस्याओं का भी समाधान कराना होगा,लेकिन उसमें आपको दोनों पक्षों की सुनकर ही किसी निर्णय को लेना बेहतर रहेगा।

    धनु राशिफल। आज का दिन सांसारिक सुख के साधनों में वृद्धि लेकर आएगा। आपको रुपए पैसे के लेन-देन में सावधानी बरतनी होगी,नहीं तो आपका धन फंस सकता है। आप अपनी गृह उपयोगी वस्तुओं की खरीदारी पर भी धन खर्च करेंगे। यदि आपका कोई संपत्ति संबंधित विवाद कानून में चल रहा है,तो उसमें आपको कोर्ट कचहरी के चक्कर काटने पड़ सकते हैं। नौकरी में कार्यरत लोगों को अपने अधिकारियों की बातों को ध्यान से सुनकर समझकर ही कार्य करना होगा,नहीं तो उनसे कोई बहुत बड़ी गलती हो सकती है।

    मकर राशिफल। आज का दिन व्यावसायिक क्षेत्र में कार्यरत लोगों के लिए उत्तम रहेगा। यदि आप व्यवसाय में कुछ परिवर्तन करने पर भी विचार विमर्श कर रहे हैं,तो वह भी आपके लिए लाभदायक रहेगा। संतान के करियर को लेकर यदि कुछ समस्याएं आ रही थी,तो उनका समाधान आप जीवनसाथी के साथ मिलकर खोजने में सफल रहेंगे। आर्थिक स्थिति पहले से सुधरेगी,क्योंकि आपका कोई रुका हुआ धन आपको प्राप्त हो सकता है। सायंकाल के समय धार्मिक स्थानों पर धार्मिक स्थानों पर जाने की योजना बना सकते हैं। आपको वाहन के प्रयोग से सावधानी बरतनी होगी, नहीं तो उसमें खराबी के कारण आपका धन खर्च बढ़ेगा।

    कुंभ राशिफल। आज का दिन आपके लिए कुछ परेशानी भरा रहेगा। आपका किसी संपत्ति की खरीदारी का सौदा टल सकता है,लेकिन जीवनसाथी को कोई स्वास्थ्य समस्या हो सकती है,जिसको लेकर आ भागदौड़ में लगे रहेंगे। आपका खर्चा भी अधिक होगा,जो लोग सामाजिक क्षेत्रों में कार्यरत है,उन्हें  जनसभाएं करने का मौका मिलेगा,जिसके कारण उनके मित्रों की संख्या में भी इजाफा होगा। माता से आप अपने मन की कुछ बातों को शेयर करेंगे,जिसके कारण आपको आपका मानसिक बोझ कम होगा।

    मीन राशिफल। आज का दिन आपके लिए महत्वपूर्ण रहने वाला है। आपको अपने किसी परिजन से कोई महत्वपूर्ण सूचना सुनने को मिलेगी। परिवार में छोटे बच्चे यदि आपसे कुछ फरमाइश करेंगे,तो आप उन्हे पूरी करते नजर आएंगे। माता-पिता के सहयोग से आप किसी नए व्यवसाय की शुरुआत कर सकते हैं,जिसके लिए  दिन उत्तम रहेगा। आपको पास व दूर की यात्रा पर जाने का मौका मिलेगा। घूमने फिरने के दौरान आपको कोई शुभ सूचना सुनने को मिल सकती है। विद्यार्थियों को अपने सीनियर्स की मदद से शिक्षा में आ रही समस्याओं का समाधान मिलेगा। 

  • पंजाबः IG Parmar ने मंडियानी गांव सील कर चलाया सर्च अभियान

    पंजाबः IG Parmar ने मंडियानी गांव सील कर चलाया सर्च अभियान

    लुधियानाः पंजाब में नशे पर नकेल कसने के लिए डीजीपी गौरव यादव ने सख्त आदेश जारी किए हुए है। वहीं लुधियाना के गांव मंडियानी में बुधवार को आईजी एसपीएस परमार भारी पुलिस फोर्स के साथ सर्च अभियान चलाया। इस दौरान पूरे गांव को पुलिस ने सील कर दिया। गांव के गणमान्य लोगों और सरपंच के साथ आईजी परमार ने बैठक की। इसके बाद गणमान्यों को साथ लेकर गांव में सर्च अभियान चलाया।

    एक-एक घर की ली गई तालाशी

    गांव के एक-एक घर में पुलिस ने चेकिंग की। आईजी परमार ने गांव निवासियों से कहा कि यदि कोई व्यक्ति गांव में नशा बेचने आए या कोई खरीदने आए तो लोग तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम गुप्ता रखा जाएगा। बताया जा रहा है कि पिछले 1 महीने में पुलिस ने मुल्लांपुर में 16 के करीब नशा तस्करों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। 

    गांव में नशा को लेकर दी थी सूचना 

    गांव की सरपंच ने आईजी परमार को बताया कि कुछ लोगों ने पुलिस को गांव में बिकने वाले नशा को लेकर सूचना दी थी, जिसके बाद पुलिस की अब गांव में गश्त भी तेज हो गई है। आईजी परमार ने कहा कि गांव के सरपंच ने बताया है कि 3-4 घर ऐसे हैं जो नशा तस्करी करते हैं। बताया जा रहा है कि कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला भी दर्ज किया है।

  • नागरिक सुविधाओं को सुनिश्चित बनाने के लिए रैरा प्रतिवद्: डा. श्रीकांत बाल्दी

    नागरिक सुविधाओं को सुनिश्चित बनाने के लिए रैरा प्रतिवद्: डा. श्रीकांत बाल्दी

    ऊना/सुशील पंडित: रियल इस्टेट रैगुलेशन अथॉरिटी (रैरा) हिमाचल प्रदेश के चेयरमैन डा. श्रीकांत बाल्दी ने बुधवार को आवासीय कालोनी हिम इनक्लेव लालसिंगी का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ रैरा के सदस्य बीसी बडालियां भी उपस्थित थे। डा. श्रीकांत बाल्दी ने हिम इनक्लेब आवासीय कालोनी में लोगों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। हिम इनक्लेव कालोनी में 12 कमर्शियल व 52 आवासीय प्लाट उपलब्ध है। उन्होंने कालोनी में सड़क, बिजली, पानी, सीवरेज, ग्रीन एरिया, मनोरंजन पार्क सहित अन्य सुविधाओं को जांचा।

    डा. श्रीकांत बाल्दी ने कालोनी में पौधे भी रोपित किए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में 20 रैजिडैंशियल प्रोजेक्टस स्वीकृत हैं। जिनमें लोगों को मिलने वाली नागरिक सुविधाओं को सुनिश्चित बनाने के लिए रैरा प्रतिवद् है। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में वह हमीरपुर व ऊना के दौरे पर है। इस दौरान इन जिलों में स्वीकृत आवासीय प्रोजेक्ट का निरीक्षण कर वहां पर उपलब्ध जन सुविधाओं का जायजा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्राय देखने में आता है कि कई स्थानों पर अनाधिकृत रुप से कालोनियां विकसित कर दी जाती है तथा इसमें नियमों की अनुपालना न होने के चलते लोगों को बाद में बिजली, पानी के कनैक्शन तक लेने में दिक्कत आती है।

    उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में लोगों के साथ-साथ  सरकार को भी जूझना पड़ता है। उन्होंने कहा कि रैरा सुनिश्चित कर रहा है कि प्रदेश में नियमानुसार आवासीय कालोनियों को विकसित किया जाए। इस अवसर पर एसीटीपी पंकज कुमार, टाऊन प्लानर निर्मल सिंह कंग, रमेश चंद, हिम इनक्लेव प्रोजेक्ट के डायरेक्टर बलदेव चंद व विजय कुमार, स्थानीय निवासी डा. रमन कुमारी, सोहन लाल चौधरी, रंजीत सिंह जसवाल, लालसिंगी पंचायत प्रधान  दिनेश रायजादा, पंचायत सदस्य मलकीयत सिंह रायजादा, संजय लठ, संतोष सिंह, हरबंस सैनी व अन्य लोग उपस्थित थे।