Blog

  • आज का राशिफल, 28 नवंबर 2022

    आज का राशिफल, 28 नवंबर 2022

    मेष: संपत्ति के बड़े सौदे बड़ा लाभ दे सकते हैं। प्रॉपर्टी ब्रोकर्स के लिए सुनहरा मौका साबित हो सकता है। भाग्योन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। रोजगार में वृद्धि के योग हैं। स्वास्थ्‍य कमजोर रहेगा। आय में वृद्धि होगी। व्यस्तता रहेगी। मित्रों की सहायता कर पाएंगे।

    वृष: व्ययवृद्धि से तनाव रहेगा। किसी व्यक्ति के उकसावे में न आएं। विवाद से बचें। पारिवारिक चिंता बनी रहेगी। काम में मन नहीं लगेगा। व्यापार ठीक चलेगा। आय होगी। विवेक का प्रयोग करें। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। मित्रों का सहयोग प्राप्त होगा।

    मिथुन: बकाया वसूली के प्रयास सफल रहेंगे। लंबी यात्रा हो सकती है। लाभ होगा। नए अनुबंध हो सकते हैं। रोजगार में वृद्धि होगी। रुके कार्य पूर्ण होंगे। प्रसन्नता रहेगी। नौकरी में उच्चाधिकारी की प्रसन्नता प्राप्त होगी। प्रशंसा मिलेगी। घर-बाहर पूछ-परख रहेगी। प्रमाद न करें।

    कर्क: आर्थिक उन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। कोई बड़ा कार्य कर पाएंगे। व्यवसाय मनोनुकूल लाभ देगा। कार्य पूर्ण होंगे। प्रसन्नता रहेगी। प्रतिष्ठा बढ़ेगी। भाग्य का साथ मिलेगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। जोखिम न लें। भाइयों का सहयोग मिलेगा। आय में वृद्धि होगी।

    सिंह: तीर्थदर्शन हो सकता है। सत्संग का लाभ मिलेगा। राजकीय सहयोग से कार्य पूर्ण व लाभदायक रहेंगे। कारोबार मनोनुकूल रहेगा। शेयर मार्केट में जोखिम न लें। नौकरी में चैन रहेगा। घर-बाहर प्रसन्नता बनी रहेगी। दुष्टजन हानि पहुंचा सकते हैं। ध्यान रखें।

    कन्या: वाहन, मशीनरी व अग्नि आदि के प्रयोग से हानि की आशंका है, सावधानी रखें। दूसरों के झगड़ों में हस्तक्षेप न करें। आवश्यक वस्तु समय पर नहीं मिलने से क्षोभ होगा। फालतू की बातों पर ध्यान न दें। व्यापार ठीक चलेगा। जोखिम व जमानत के कार्य बिलकुल न करें।

    तुला: लेन-देन में सावधानी रखें। किसी भी अपरिचित व्यक्ति पर अंधविश्वास न करें। शोक संदेश मिल सकता है। विवाद को बढ़ावा न दें। किसी के उकसाने में न आएं। व्यस्तता रहेगी। थकान व कमजोरी रहेगी। काम में मन नहीं लगेगा। आय में निश्चितता रहेगी। व्यवसाय ठीक चलेगा।

    वृश्चिक: मेहनत का फल पूरा नहीं मिलेगा। स्वास्थ्य खराब हो सकता है। बौद्धिक कार्य सफल रहेंगे। किसी प्रबुद्ध व्यक्ति का मार्गदर्शन मिल सकता है। यात्रा मनोरंजक रहेगी। पारिवारिक मांगलिक कार्य हो सकता है। नौकरी में अधिकार बढ़ सकते हैं। उन्नति के मार्ग प्रशस्त होंगे।

    धनु: रोजगार में वृद्धि होगी। व्यावसायिक यात्रा लाभदायक रहेगी। बेरोजगारी दूर करने के प्रयास सफल रहेंगे। नवीन वस्त्राभूषण की प्राप्ति होगी। कोई बड़ा कार्य हो जाने से प्रसन्नता रहेगी। निवेश लाभदायक रहेगा। भाग्योन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। विवाद से बचें। आवश्यक वस्तु गुम हो सकती है।

    मकर: शत्रुओं का पराभव होगा। राजकीय सहयोग प्राप्त होगा। वैवाहिक प्रस्ताव प्राप्त हो सकता है। कारोबार से लाभ होगा। नौकरी में प्रभाव बढ़ेगा। कोई बड़ा कार्य करने की योजना बन सकती है। कार्यसिद्धि होगी। सुख के साधनों पर व्यय होगा। प्रसन्नता रहेगी। प्रमाद न करें।

    कुंभ: पुराने संगी-साथी व रिश्तेदारों से मुलाकात होगी। नए मित्र बनेंगे। अच्‍छी खबर मिलेगी। प्रसन्नता रहेगी। कार्यों में गति आएगी। विवेक का प्रयोग करें। लाभ में वृद्धि होगी। मित्रों के सहयोग से किसी बड़ी समस्या का हल मिलेगा। व्यापार ठीक चलेगा। घर-बाहर सुख-शांति रहेगी।

    मीन: मेहनत सफल रहेगी। बिगड़े काम बनेंगे। कार्यसिद्धि से प्रसन्नता रहेगी। आय में वृद्धि होगी। सामाजिक कार्य करने के अवसर मिलेंगे। घर-बाहर पूछ-परख रहेगी। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। पार्टनरों का सहयोग मिलेगा। समय की अनुकूलता का लाभ लें। धनार्जन होगा।

  • फुटओवर ब्रिज गिरने से बड़ा हादसा, कई घायल

    फुटओवर ब्रिज गिरने से बड़ा हादसा, कई घायल

    महाराष्ट्र : रविवार को महाराष्ट्र के चंद्रपुर में फुटओवर ब्रिज गिरने से बड़ा हादसा हो गया। बल्हारशाह रेलवे जंक्शन पर फुटओवर ब्रिज का एक हिस्सा ढह गया, जिसमें चार लोग घायल हो गए हैं। इस हादसे में कई यात्रियों को बुरी तरह से घायल होने की भी आशंका है। हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। यह हादसा आज शाम को हुआ। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना में किसी के हताहत की कोई सूचना नहीं है।’

  • गर्लफ्रेंड से मिलने गए युवक को दो भाईयों ने कुल्हाड़ी से काटा, सड़क किनारे फेंका शव

    गर्लफ्रेंड से मिलने गए युवक को दो भाईयों ने कुल्हाड़ी से काटा, सड़क किनारे फेंका शव

    मोतिहारीः बिहार के मोतिहारी जिले के केसरिया थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचा था। इस दौरान लड़की के भाइयों ने उसे देख लिया। दोनों भाई इतने गुस्से में आ गए कि धारदार हथियार से काटकर युवक की हत्या कर दी। हत्या के बाद युवक के कपड़े जला दिए और शव फेंककर फरार हो गए।

    जानकारी के मुताबिक, मोतिहारी के दिलावरपुर गांव में बारात में गए अभिषेक कुमार नाम का युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पर चला गया। वह प्रेमिका से बात कर रहा था, तभी प्रेमिका के भाई ने उसे देख लिया। इसके बाद लड़की के दो भाई मौके पर आ गए और युवक को पीटने लगे।

    लड़की और उसकी दादी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। दोनों भाइयों ने युवक को एक कमरे में बंद कर दिया और उस पर कुल्हाड़ी से वार करने लगे। इस दौरान बुरी तरह से जख्मी युवक दोनों से छोड़ देने की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपियों ने उसे नहीं छोड़ा।

    प्रेमिका के दोनों भाइयों ने धारदार हथियार से काटकर बहन के बॉयफ्रेंड की हत्या कर दी। हत्या के बाद मृतक के कपड़े उतारकर जला दिए और शव भगवानपुर के पास ले जाकर फेंक दिया। बताया जा रहा है कि मृतक लड़की के भाइयों का दोस्त था। उसका घर आना जाना था। इसी दौरान लड़की से उसका प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। मृतक युवक मुजफ्फरपुर के साहेबगंज थाना क्षेत्र के धालो पाती गांव का रहने वाला था। सूचना के बाद पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

    वारदात के बाद प्रेमिका अपने प्रेमी अभिषेक के घर पर पहुंच गई और हत्या की पूरी कहानी उसके परिजनों और पुलिस को बताई। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी के साथ ही अन्य चीजें बरामद की हैं। प्रेमिका ने अपने दोनों भाइयों को युवक की हत्या के लिए जिम्मेदार बताया है। उसने कहा कि आरोपी भाइयों को फांसी होनी चाहिए। मोतिहारी एसपी डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। केसरिया व साहेबगंज पुलिस शव को बरामद कर जांच में जुटी है। जल्द ही घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • अंडर-17 क्लब फुटबॉल चैंपियनशिप: टेक्ट्रो और हिमालयन एफसी में होगा फाइनल मुकाबला

    अंडर-17 क्लब फुटबॉल चैंपियनशिप: टेक्ट्रो और हिमालयन एफसी में होगा फाइनल मुकाबला

    ऊना/सुशील पंडित :  हिमाचल प्रदेश फुटबॉल संघ द्वारा जिला फुटबॉल संघ के सहयोग से करवाई जा रही अंडर-17 क्लब फुटबॉल चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला पूल- ए की टॉप टीम टेक्ट्रो एफसी और पूल- बी की टॉप टीम हिमालयन एफसी के बीच खेला जाएगा। चैंपियनशिप में पूल- ए से टेक्ट्रो एफसी की टीम ने सर्वाधिक मैच जीतकर टॉप में जगह बनाई। जबकि पूल-बी से हिमालयन एफसी की टीम ने अपने पूल से सभी मैच जीतकर टॉप पर जगह बनाई। दोनों पूलों की टॉप की टीमें कल आपस में भिड़ेंगी।
    आज यहां इंदिरा गांधी खेल मैदान में चैंपियनशिप के तीसरे दिन रविवार को टैक्ट्रो एफसी ने वेंगा बॉयज कुल्लू को 15 से मुकाबले एक गोल से पराजित किया। टैक्ट्रो की टीम ने पूरे मैच में वेंगा बॉयज कुल्लू को एकतरफा खेल दिखाते हुए बॉल पर अपना कब्जा बनाए रखा और लगातार गोल करते रहे। दूसरे मैच में नॉर्दन एफसी मंडी ने साईं कांगड़ा की टीम को 4-0 से पराजित किया। हालांकि नॉर्दन एफसी को भी चैंपियनशिप की प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन नॉर्दन की टीम अपना स्वाभाविक खेल इस चैंपियनशिप में नहीं दिखा पाई।
    तीसरा मैच हिमालयन एफसी किन्नौर और गोलाजो एफसी हमीरपुर की मध्य हुआ। किन्नौर ने इसमें एकतरफा खेल दिखाते हुए गोलाजो को 8-0 से पराजित किया। चैंपियनशिप के तीसरे दिन का आखिरी मैच खड्ड एफसी ऊना और हिमाचल फुटबॉल क्लब के मध्य खेला गया। हिमाचल फुटबॉल क्लब ने खड्ड एफसी को 7-1 से पराजित किया। हिमाचल फुटबॉल क्लब जीतकर भी फाइनल में जगह नहीं बनाई। बेहतर गोल एवरेज के आधार पर हिमालयन फुटबॉल क्लब ने चैंपियनशिप के फाइनल में जगह पक्की की। हिमाचल प्रदेश फुटबॉल संघ के मीडिया कोऑर्डिनेटर सत्यदेव शर्मा ने बताया कि चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला 28 नवंबर को सुबह 11:00 बजे इंदिरा गांधी खेल मैदान में ही खेला जाएगा।
  • बस की टक्कर में एक की मौत

    बस की टक्कर में एक की मौत

    ऊना/ सुशील पंडित : आज सुबह लगभग 6 बजे के करीब तेज रफ्तार बस के नीचे आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहतपुर आरटीओ बैरियर के पास पंजाब रोडवेज की बस संख्या पीबी-65- 3804 जोकि नंगल से अमृतसर जा रही थी। जब यह बस आरटीओ बैरियर मैहतपुर पहुंची तो सड़क के किनारे चल रहे व्यक्ति को बस ने टक्कर मार दी जिसे घायल अवस्था में क्षेत्रीय अस्पताल उना पहुंचाया गया यहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
    उक्त बस के ड्राइवर अमरजीत सिंह निवासी नूरपुर खुर्द तहसील आनंदपुर साहिब के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 279 और 304 ए का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
  • हिमाचल और गुजरात में कांग्रेस बनाएगी सरकार: डोगरा

    हिमाचल और गुजरात में कांग्रेस बनाएगी सरकार: डोगरा

    ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश और गुजरात में कांग्रेस पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी यह वक्तव्य आज एक प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस कमेटी प्रदेश प्रवक्ता डॉ विजय डोगरा ने दिया। डॉ डोगरा ने सभी प्रदेशवासियों और खासकर प्रदेश के मतदाताओं का आभार व्यक्त किया जिन्होंने महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ इतनी बड़ी तादाद में मतदान करके सरकार बदलो हालात बदलो के नारे को साक्षात करने के लिए अपनी अहम भूमिका निभाई है।
    उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर वर्ग ने कांग्रेस के प्रतिज्ञापत्र को समझते हुए उसके पक्ष में मतदान करने के बाद जिस तरह के रुझान सामने आए हैं उनसे यह प्रतीत होता है कि प्रदेश में पूर्ण बहुमत से कांग्रेस सरकार बनाएगी और सरकार बनते ही जो वादा देशवासियों से किया है उसे सरकार अपना दायित्व समझते हुए उसे दस्तावेज बनाकर अमलीजामा पहनाया जाएगा।
    डॉक्टर डोगरा ने कहा कि गुजरात प्रदेश से जिस तरह के रुझान सामने नजर आ रहे हैं उससे यह लग रहा है कि कांग्रेस गुजरात में भी अपनी सरकार बनाएगी वही उन्होंने गुजरात के मतदाताओं से आग्रह किया कि चुनावों में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ अपना मतदान करें जिससे गुजरात प्रदेश के लोगों को भी राहत मिले। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अपने प्रतिज्ञापत्र में जो वादे सभी वर्गों से किए हैं उन्हें पूर्ण रुप से लागू कर राहत पहुंचाई जाएगी। इस मौके पर कुटलैहड़ कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष दौलतराम भी मौजूद रहे।
  • पंजाब: मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर जालंधर के साथ सांठगांठ कर फरार तीन एजेंट गिरफ्तार

    पंजाब: मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर जालंधर के साथ सांठगांठ कर फरार तीन एजेंट गिरफ्तार

    चंडीगढ़: पंजाब विजीलैंस ब्यूरो ने मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (एमवीआई), जालंधर नरेश कलेर के साथ सांठगांठ करने वाले तीन फरार आरोपी एजेंटों को गिरफ्तार किया, जो वाणिज्यिक और निजी वाहनों का निरीक्षण किए बिना भारी रिश्वत लेकर फिटनेस सर्टिफिकेट जारी कर रहे थे। विजीलैंस ब्यूरो ने सभी आरोपियों के मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त कर लिए हैं, जिन्हें इस मामले के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए डेटा विशेषज्ञों को भेजा जाएगा।

    विजीलैंस ब्यूरो के एक प्रवक्ता ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पंकज ढींगरा उर्फ भोलू निवासी न्यू कैलाश नगर, सोडल रोड जालंधर, ब्रिजपाल सिंह उर्फ रिक्की निवासी कृष्णा नगर, जालंधर और अरविंद कुमार उर्फ बिंदू निवासी उपकार नगर, जालंधर के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि उन्हें कल अदालत में पेश किया जाएगा और विजीलैंस ब्यूरो इस मामले में आगे की जांच के लिए पुलिस रिमांड की गुहार लगाएगी।

    अधिक विवरण देते हुए उन्होंने बताया कि विजीलैंस ब्यूरो ने एमवीआई, जालंधर के कार्यालय में औचक निरीक्षण किया था और निजी एजेंटों की मिलीभगत से बड़े पैमाने पर वाहनों के लिए फिटनेस सर्टिफिकेट जारी करने के लिए एक संगठित भ्रष्टाचार का पर्दाफाश किया था।

    प्रवक्ता ने आगे कहा कि विजीलैंस ब्यूरो ने पर्याप्त सबूतों के आधार पर भ्रष्टाचार अधिनियम की धारा 7, 7ए और आईपीसी की धारा 420, 120-बी के तहत विजीलैंस ब्यूरो पुलिस स्टेशन जालंधर में मामला संख्या 14 दिनांक 23-08-2022 दर्ज किया। इस मामले में अब तक कुल 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें नरेश कलेर, रामपाल उर्फ राधे, मोहन लाल उर्फ कालू, परमजीत सिंह बेदी, सुरजीत सिंह और हरविंदर सिंह (सभी निजी एजेंट) शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले की आगे की जांच चल रही है और बाकी फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • अगर आपकी कमाई है 5 से 10 लाख रुपए तो इन बातों का रखें ध्यान

    अगर आपकी कमाई है 5 से 10 लाख रुपए तो इन बातों का रखें ध्यान

    Income Tax Return: पैसा कमाना हर किसी को बढ़िया लगता है। खाते में जितने पैसे आते जाएं, उतने ही कम लगते हैं। वहीं पैसा कमाने के लिए लोग नौकरी भी करते हैं। सब लोग चाहते हैं कि उनके महीने की सैलरी या इनकम ज्यादा हो। हालांकि अगर आपकी सैलरी ज्यादा है या फिर ज्यादा होने वाली है तो संभल जाएं और कुछ बातों का ध्यान रखें।

    इनकम जितनी ज्यादा होगी, Tax देने की देनदारी भी उतनी ही बढ़ जाती है। सरकारी की ओर से लोगों की इनकम पर भी टैक्स वसूल किया जाता है। इनकम टैक्स की मदद से सरकार की ओर से कई विकास से संबंधित योजनाएं चलाई जाती है। वहीं अगर आपकी इनकम एक निश्चित राशि के पार जाती है तो आपको इनकम टैक्स चुकाना होगा।

    सरकार की ओर से इनकम टैक्स वसूल किए जाने के लिए इनकम टैक्स स्लैब भी बनाए गए हैं। लोगों से उनकी इनकम पर टैक्स भी इन्हीं स्लैब के मुताबिक ही वसूल किए जाते हैं। ऐसे में अगर आपकी इनकम सालाना 5 लाख रुपए से 10 लाख रुपए के बीच है तो आप भी इनकम टैक्स स्लैब में आएंगे। ऐसे में आपको इनकम टैक्स भरने का काम करना होगा।

    बता दें कि सरकार की ओर से दो टैक्स स्लैब के हिसाब से टैक्स वसूल किए जाते हैं। एक है पुराना टैक्स स्लैब और दूसरा है नया टैक्स स्लैब। अगर पुराने टैक्स स्लैब की बात की जाए तो 2.5 लाख रुपए सालाना की कमाई पर कोई टैक्स नहीं लगेगा। इसके बाद 2.5 से 5 लाख रुपए तक 5 फीसदी टैक्स लगेगा। वहीं अगर आपकी सालाना इनकम 5 लाख से 10 लाख रुपए के बीच में है तो 20 फीसदी टैक्स वसूल जाएगा।

    इसके अलावा नए टैक्स स्लैब की बात की जाए तो उसमें 2.5 लाख रुपए सालाना इनकम पर कोई टैक्स नहीं लगेगा। वहीं 2.5 लाख से 5 लाख रुपए के बीच इनकम है तो 5 फीसदी टैक्स लगेगा। 5 लाख से 7.5 लाख रुपए के बीच की इनकम पर 10 फीसदी और 7.5 लाख से 10 लाख रुपए की इनकम पर 15 फीसदी टैक्स लगेगा।

  • चीन में उठी राष्ट्रपति को हटाने की मांग 

    चीन में उठी राष्ट्रपति को हटाने की मांग 

    शंघाई: चीन के लोग रविवार सुबह से शंघाई में विरोध प्रदर्शन कर रहैं  है। चीन के कई शहरों के यहां आए लोग शी चिनफिंग को हटाओ, हमें आजादी चाहिए जैसे नारे लगा रहे हैं. मौके पर काफी संख्या में पुलिस भी मौजूद है और उसके सामने ही लोग नारे लगा रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी लोग इस विरोध प्रदर्शन को सपोर्ट कर रहे हैं।
     
    दरअसल, शिंजियांग क्षेत्र की राजधानी उरुमकी में गुरुवार को एक ऊंची इमारत में आग लगने से 10 लोगों की मौत हो गई। इससे पूरे चीन में गुस्सा फैल गया है. इसका कारण यह है कि लोगों का अनुमान है कि इमारत में आग लगने पर लोग इसलिए समय से नहीं बच सके क्योंकि कोरोना के चीनी नियमों के तहत इमारत आंशिक रूप से बंद थी। हालांकि, शहर के अधिकारियों ने इसे इनकार किया है।

    शंघाई चीन का सबसे अधिक आबादी वाला और वित्तीय केंद्र है।  पुलिस यहां काफी संख्या में मौजूद है और कभी-कभी भीड़ को हटाने की कोशिश भी कर रही है। चीन अभी भी कोरोना से जूझ रहा है, इसके कारण देश भर के शहरों में लॉकडाउन और अन्य प्रतिबंध लगे हुए हैं।

  • राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय ऊना बैडमिंटन टीम के तीन खिलाड़ियों का हुआ चयन

    राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय ऊना बैडमिंटन टीम के तीन खिलाड़ियों का हुआ चयन

    ऊना/सुशील पंडित:  राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय ऊना बैडमिंटन टीम (पुरुष वर्ग) के तीन खिलाड़ियों का चयन अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय और खेलो इंडिया प्रतियोगिता के लिए किया गया है।  हिमाचल प्रदेश अंतर-विश्वविद्यालय बैडमिंटन टीम (पुरुष वर्ग) ने महर्षि दयानन्द विश्वविद्यालय रोहतक में 22 से 27 नवंबर 2022 तक आयोजित नार्थ-ज़ोन इंटर-यूनिवर्सिटी बैडमिंटन प्रतियोगिता में भाग लिया और प्रतियोगिता की विजेता टीम रही‌।
    हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय बैडमिंटन (पुरुष) टीम के कप्तान राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय ऊना के खिलाड़ी करण चौधरी (पेप्सी) थे। टीम के बाकी सदस्य राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय ऊना के ही  शुभम् सांबर तथा अभिषेक कपिला, राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय के पार्थिव और समक्ष दौलता, राजकीय महाविद्यालय नाहन के  हर्षित नौटियाल थे।
    टीम मैनेजर राजेश शर्मा और टीम कोच मुनीत लखनपाल रहे। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की यह बैडमिंटन टीम अब अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय और खेलो इंडिया बैडमिंटन प्रतियोगिता में भाग लेगी।  अखिल भारतीय अन्तर विश्वविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता (पुरुष वर्ग) का आयोजन इस बार लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय फगवाड़ा में आयोजित होगी।