Blog

  • Jalandhar Road लोगों ने की जाम, टिप्पर की चपेट में आने से 2 महिलाओं की मौत

    Jalandhar Road लोगों ने की जाम, टिप्पर की चपेट में आने से 2 महिलाओं की मौत

    गुरदासपुरः बटाला के नज़दीक अड्डा अमोनंगल के नहर पुल के पास टिप्पर और बाइक में भीषण टक्कर हो गई। इस घटना में टिप्पर चालक ने मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में मोटरसाइकिल के पीछे बैठी 2 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद टिप्पर चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस उसे पकड़ने के लिए पीछे लगी हुई है।

    जानकारी के अनुसार लखविंदर कौर पत्नी मनजीत सिंह निवासी कोटला बजजा सिंह अपनी गांव की ही एक और महिला करमजीत कौर पत्नी अमरजीत सिंह के साथ अपने पति मनजीत सिंह की मोटरसाइकिल के पीछे बैठकर मेहनत-मज़दूरी के लिए महिता चौक जा रही थी। इस दौरान जब वह अमोनंगल के नहर पुल के पास पहुंचीं तो पीछे से बटाला की ओर से आ रहे एक टिप्पर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लखविंदर कौर और करमजीत कौर टिप्पर के टायरों के नीचे आकर बुरी तरह कुचल गईं, जबकि मनजीत सिंह एक तरफ गिर पड़ा और उसे मामूली चोटें आईं।

    इस हादसे की सूचना थाना रंगर नंगल की पुलिस को दी गई। लोगों का आरोप हैकि हादसा होने के 2 घंटे बाद भी थाना रंगड़ नंगल का एसएचओ मौके पर नहीं पहुंचा। जिसके बाद गांव के सरपंच सुखविंदर सिंह और गांव वालों ने नारेबाज़ी कर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि बार-बार फ़ोन करने के बावजूद भी वह घटना स्थल पर नहीं आए और बटाला से जालंधर रोड को गांव वासियों ने जाम कर दिया। गांव के सरपंच ने कहा कि जब तक टिप्पर और उसके ड्राइवर को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक मृतकों के शवों को सड़क से नहीं हटाया जाएगा और इसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।

  • तेज रफ्तार XUV-700 ने युवक को कुचला, मौके पर मौत, गुस्साए लोगों ने कार को लगाई आग

    तेज रफ्तार XUV-700 ने युवक को कुचला, मौके पर मौत, गुस्साए लोगों ने कार को लगाई आग

    सूरजपुरः अंबिकापुर-वाराणसी स्टेट हाईवे में जरही पेट्रोल पंप के पास 4 दिसंबर की रात तेज रफ्तार कार ने एक युवक को टक्कर मार दी। युवक कार के साथ करीब 25 मीटर तक घसीटता चला गया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने कार को आग के हवाले कर दिया जिससे कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना के दौरान ड्राइवर कार में ही मौजूद था, उसने भागकर अपनी जान बचाई।

    जानकारी के मुताबिक, 4 दिसंबर की रात करीब 9 बजे स्टेट हाईवे में ट्रैक्टर में पैरा लोड कर कोरंधा ले जा रहे किसान की ट्राली पेट्रोल पंप के पास पलट गई। किसान ट्रैक्टर ट्रॉली को उठाकर उसमें दोबारा पैरा लोड करा ही रहा था कि पीछे से तेज रफ्तार XUV-700 पहुंची और सड़क पर रखे पैरे में उसने गाड़ी चढ़ा दी।

    XUV कार के पैरे में चढ़ने पर दूसरी ओर से पैरा लोड कर रहा युवक हृदय लाल राजवाड़े (25) निवासी कोरंधा गाड़ी की चपेट में आ गया। XUV ने उसे करीब 25 मीटर तक घसीट लिया। युवक की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने XUV वाहन को रोककर घेर लिया। ड्राइवर कार में ही बंद रहा, जैसे तैसे निकलकर उसने जान बचाई। घटना की सूचना पर भटगांव थाना प्रभारी सरफराज फिरदौसी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक के शव को हॉस्पिटल भेज दिया। पुलिस ने कार ड्राइवर इजेन लकड़ा (23) निवासी गोंदा, प्रतापपुर को कब्जे में ले लिया और उसे लेकर थाने पहुंची। घटना से आक्रोशित लोगों ने पुलिस टीम के लौटने के बाद XUV 700 वाहन क्रमांक सीजी 15 ईएच 2400 में पैरा भर दिया और आग लगा दी। देखते ही देखते XUV वाहन धू-धू कर जलने लगी। आगजनी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।

    सड़क पर जल रही XUV के कारण दोनों ओर वाहनों का आवागमन रोक दिया। करीब एक घंटे तक गाड़ी जलती रही। इस दौरान मार्ग में आवागमन बंद रहा। पुलिस ने मृत युवक के शव का शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम कराया। शव परिजनों को सौंप दिया गया है। भटगांव थाना प्रभारी सरफराज फिरदौसी ने बताया कि XUV 700 वाहन चालक के खिलाफ FIR दर्ज किया गया है। वाहन में आगजनी करने वालों के खिलाफ अलग से एफआईआर दर्ज की जा रही है।

  • ​​​​​​​DJ से लदी गाड़ी में लगी आग, laptop-Generator जलकर राख

    ​​​​​​​DJ से लदी गाड़ी में लगी आग, laptop-Generator जलकर राख

    करनालः एक डीजे वाली गाड़ी में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते गाड़ी जलकर राख हो गई। गाड़ी एक शादी समारोह में आई हुई थी। आग लगने से अफरा तफरी मच गई और लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग भड़क गई। जिसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड व पुलिस को सूचित किया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंच आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक डीजे, लैपटॉप और जनरेटर जल चुका था।

    दूल्हे यशपाल ने बताया कि उनका घर का डीजे है और उन्होंने गाड़ी को किराए पर किया हुआ था। ऐसे में भारी नुकसान हुआ है। उम्मीद नहीं थी कि ऐसा कुछ हो जाएगा, आग क्यों लगी और कैसे लगी, इसके कारणों का अभी कोई खुलासा नहीं हो पाया है। दूल्हे की मां संतोष का कहना है कि रात को डीजे बजाया गया था और सुबह करीब पौने चार बजे हम उठे, तो हमें ऐसा लगा कि पटाखे बज रहे है, जैसे ही हम बाहर निकले, तो पता चला कि गाड़ी में आग लगी हुई है। एएसआई जसवंत सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों को भी चेक किया जाएगा।

  • Jalandhar News: Aggarwal Vaishno Dhaba संचालक की बड़ी मुश्किलें, अब ED टीम करेंगी जांच

    Jalandhar News: Aggarwal Vaishno Dhaba संचालक की बड़ी मुश्किलें, अब ED टीम करेंगी जांच

    जालंधर, ENS: कूल रोड स्थित अग्रवाल ढाबा संचालक की एक बार फिर से मुश्किलें बढ़ती हुई दिखाई दे रही है। हाल ही में सेंट्रल जीएसटी विभाग की टीम ने 18 नवंबर को ढाबा संचालक के घर और ढाबे पर दबिश दी थी। इस दौरान विभाग को 2 करोड़ 84 लाख रुपये की नगद राशि बरामद हुई थी। इस दौरान उन्होंने टैक्स चोरी का आरोप लगाया है। सेंट्रल जीएसटी टीम ने जांच के लिए जमीन, फ्लैटों और वाणिज्यिक संपत्ति के दस्तावेज भी जब्त किए थे। वहीं सूचना मिली है कि इस राशि के बरामद होने के बाद अब इनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ईडी) भी इस मामले की जांच करेगी। ऐसे में अब ईडी भी ढाबा संचालक से पूछताछ करेगी।

    हालांकि सेंट्रल जीएसटी के अधिकारी जांच के दौरान कोई जानकारी साझा करने को तैयार नहीं हैं, लेकिन सूत्रों के अनुसार अब इस मामले की जांच के लिए केंद्र के 3 विभाग मिलकर काम कर रहे हैं। जांच के दौरान ढाबे की रोज़ाना बिक्री और बैंक खातों के विवरण मिलाए जा रहे हैं। सेंट्रल जीएसटी के अधिकारी ढाबा मालिक के बैंक खातों और पिछले महीनों की बिक्री का रिकॉर्ड खंगाल रहे हैं। जांच से पहले ही ढाबा मालिक से बरामद की गई 2.84 करोड़ रुपये की नकदी उसके बैंक खाते में जमा कराई जा चुकी है और खाता फ्रीज़ किया जा चुका है। केस की जांच विभाग के इंस्पेक्टर तकदीर सिंह गिल कर रहे हैं।

    ढाबा मालिक की ओर से सेंट्रल जीएसटी के अधिकारियों को कुछ दस्तावेज़ (सबूत) मुहैया कराए गए थे, जिनकी जानकारी ईडी ने मांगी है। 21 नवंबर को अग्रवाल ढाबे के मालिक नरेश कुमार ने सेंट्रल जीएसटी के अधिकारियों को कुछ रिकॉर्ड दिए थे, लेकिन इसे अभी भी नाकाफी बताया जा रहा है। अग्रवाल ढाबे पर सेंट्रल जीएसटी की 2 टीमों ने छापामारी की थी और बरामद की गई नकदी को लेकर ढाबा मालिक नरेश कुमार को तीन दिन का समय दिया गया था। विभाग इसे अभी एक आर्थिक अपराध मान रहा है।

  • राष्ट्रपति भवन में Putin को दी 21 तोपों की सलामी, मिला Guard of Honour

    राष्ट्रपति भवन में Putin को दी 21 तोपों की सलामी, मिला Guard of Honour

    नई दिल्लीः रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की दो दिवसीय भारत यात्रा शुक्रवार को अपने औपचारिक और कूटनीतिक चरम पर पहुंच गई है। वीरवार रात पीएम आवास पर निजी डिनर के जरिए शुरू हुई यह यात्रा आज सुबह राष्ट्रपति भवन में पूरे राजकीय सम्मान के साथ आगे बढ़ी।

    रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का राष्ट्रपति भवन में 21 तोपों की सलामी से स्वागत हुआ। इसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कुछ ही देर में वे राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे। पुतिन के साथ 7 मंत्रियों का बड़ा प्रतिनिधिमंडल भी आया है। मोदी और पुतिन के बीच आज दो अहम बैठकें होने वाली हैं। इनमें से एक बैठक बंद कमरे में होगी। दोनों नेताओं की द्विपक्षीय मुलाकात के दौरान भारत और रूस के बीच 25 से ज्यादा समझौतों पर मुहर लग सकती है।

    दिल्ली इस वक्त पुतिन के स्वागत में सजी हुई है। तीन मूर्ति मार्ग से लेकर राष्ट्रपति भवन और राजघाट तक रूसी और भारतीय झंडों से पूरा क्षेत्र सजा है। वैश्विक स्तर पर इस यात्रा को भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक संदेश माना जा रहा है। कुछ ही देर में पुतिन और पीएम मोदी हैदराबाद हाउस में वार्ता शुरू करेंगे, जिसमें रक्षा खरीद, ऊर्जा, 2030 तक 100 अरब डॉलर व्यापार लक्ष्य, भारतीय निर्यात बढ़ाने और कई अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी। दोनों देशों के बीच 10 सरकारी समझौते और 15 से अधिक कारोबारी डील साइन होने की भी संभावना है।

  • Electronics के गोदाम में लगी भीषण आग, 20 फीट ऊंची लपटों से दहला इलाका, देखें वीडियो

    Electronics के गोदाम में लगी भीषण आग, 20 फीट ऊंची लपटों से दहला इलाका, देखें वीडियो

    ग्वालियरः शहर के आनंद नगर स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक गोदाम में बीती देर रात भीषण आग लग गई। रात करीब 11 बजे लगी इस आग में गोदाम में रखा लाखों रुपए का इलेक्ट्रॉनिक सामान-टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन और अन्य उपकरण जलकर राख हो गए। राहत की बात यह है कि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

    सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक लपटें 20 फीट तक पहुंच चुकी थीं। दमकल कर्मचारी आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं और लगातार पानी डालकर लपटों को रोकने की कोशिश चल रही है। गोदाम का शटर और दीवार तोड़ने के लिए जेसीबी मशीन भी मौके पर बुलाई गई है ताकि अंदर तक पहुंचकर आग बुझाई जा सके।

    दमकल विभाग का प्राथमिक अनुमान है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी होगी। फायर ब्रिगेड अधिकारी अतिबल सिंह यादव ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही चार दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और आवश्यकता पड़ने पर 2 अतिरिक्त दमकल भी रवाना की गईं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

  • बरातियों से भरी बोलेरो गाड़ी खाई में गिरने से 5 की मौत, देखें वीडियो

    बरातियों से भरी बोलेरो गाड़ी खाई में गिरने से 5 की मौत, देखें वीडियो

    पिथौरागढ़ः उतराखंड के पिथौरागढ़ जिले के सेराघाट क्षेत्र से चंपावत के पाटी आई बरातियों की कार देर रात दुर्घटनाग्रस्त हो गई। देर रात पाटी के बालातड़ी से वापिस लौटते समय बरातियों की कार घाट के आस बा क्षेत्र में गहरी खाई में गिर गई। हादसे में मां बेटा समेत पांच लोगों की मौत हो गई। पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को लोहाघाट उप जिला अस्पताल लाया गया है। आपदा परिचालन केंद्र को रात तीन बजे घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी लोहाघाट अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला और लोहाघाट उपजिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान बिलासपुर निवासी 28 वर्षीय भावना चौबे, भावना का छह वर्षीय बेटा प्रियांशु, 40 वर्षीय प्रकाश उनियाल। पंतनगर निवासी 35 वर्षीय केवल चंद्र उनियाल, 32 वर्षीय सुरेश नौटियाल के रूप में हुई है। हादसे में रुद्रपुर धीरज पुत्र प्रकाश चंद्र, लाखतोली निवासी 14 वर्षीय राजेश पुत्र उमेश चंद्र जोशी, दिल्ली निवासी पांच वर्षीय चेतन चौबे पुत्र सुरेश चौबे, किलोटा निवासी भास्कर पांडा, सल्ला भाटकोट, सेराघाट पिथौरागढ़ निवासी 38 वर्षीय वाहन चालक देवदत्त पुत्र रामदत्त घायल हो गए हैं। प्रशासन मृतकों का ब्योरा जुटा रहा है। मृतकों के शवों को भी खाई से निकालने के बाद लोहाघाट उप जिला अस्पताल लाया गया है। बताया जा रहा है की शादी समारोह संपन्न होने के बाद बारात वापिस गांव के लिए लौट रही थी। वाहन संख्या यूके 04 टीबी 2074 बोलेरा है। उसमें 10 लोग सवार थे। उपजिला चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी और डॉ. अजीम ने बताया कि गंभीर रूप से घायल भास्कर पांडा (किलोटा) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल चंपावत रेफर किया गया है। अन्य घायलों में धीरज (रुद्रपुर), राजेश (14, लाखतोली), चेतन चौबे (5 वर्ष, दिल्ली) और वाहन चालक देवदत्त (38, शेराघाट) शामिल हैं, जिनका उपचार जारी है।  
  • तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलटी, 1 की मौत, 16 यात्री घायल

    तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलटी, 1 की मौत, 16 यात्री घायल

    गुनाः बीनागंज इलाके में शुक्रवार सुबह एक बस पलटने का मामला सामने आया है। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं लगभग 16 सवारियां घायल हुई हैं। सूचना मिलने पर कलेक्टर और एसपी भी मौके पर पहुंचे।

    जानकारी मुताबिक, राधिका ट्रेवल्स की एक बस लखनऊ से इंदौर जा रही थी। शुक्रवार सुबह लगभग 5:30 बजे बस बीनागंज इलाके में पहुंची थी। यहां अचानक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। संभावना लगाई जा रही है कि ड्राइवर को झपकी आ गई होगी, या बस की स्पीड काफी तेज थी, जिससे वह अनियंत्रित हो गई। पलटने के बाद बस लगभग 30 मीटर तक घिसटती हुई चली गई।

    आसपास के गांव के लोग मौके पर पहुंचे और सवारियों को निकालना शुरू किया। सूचना मिलने पर बीनागंज पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। वहीं गुना से कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, एसपी अंकित सोनी भी मौके पर पहुंच गए। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने बताया कि हादसे में एक सवारी की मौत हुई है। लगभग 16 लोग घायल हो गए हैं। तीन गंभीर घायलों को भोपाल रेफर किया गया है। पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

  • Punjab News: प्रदर्शन से पहले किसानों को पुलिस ने किया नजरबंद, नेताओं का आया बयान, देखें वीडियो

    Punjab News: प्रदर्शन से पहले किसानों को पुलिस ने किया नजरबंद, नेताओं का आया बयान, देखें वीडियो

    लुधियाना/अमृतसर/मोगा/संगरूरः किसानों की ओर से आज पूरे पंजाब भर में रेलवे ट्रैक जाम करने का ऐलान था। जिससे पहले ही पुलिस ने एक्शन लेते कई किसान नेताओं को घर में ही नजरबंद कर दिया। हर किसान नेता के घरों के बाहर पुलिस बल तैनात है।

    लुधियाना से बलकार सिंह भैंस किसान मजदूर मोर्चा भारतीय किसान यूनियन पंजाब ने बताया कि बिजली शोध बिल 2025 को लेकर किसानों ने 1 से 3 बजे तक रेल रोको का आह्वान किया था, लेकिन रात भर से पुलिस उनके घरों में छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार और नजरबंद कर रही है।

    उन्होंने कहा कि हम अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन तक नहीं कर सकते, हम देश में कैसे आजाद बैठे है। हम कोई प्रोटेस्ट नहीं कर सकते। सभी प्रधानों और किसानों को घरों पर पुलिस सुबह से ही छापेमारी कर रही है। उन्होंने किसानों को अपील करते कहा कि ये जो बिल है जिसमें चिप वाले मीटर भी है लागू होंगे। अगर यह लागू हो जाते है तो आने वाले समय में बहुत बड़ी मुश्किल हो सकती है। किसी के घर भी बिजली नहीं आएगी। सरकारें बिजली विभाग को प्राइवेट करने जा रही है। जिससे लगभग 90 फीसदी लोगों के घरों में बिजली नहीं आएगी।

    अमृतसर में जिला प्रेस सचिव अवतार सिंह धर्म सिंह वाला (जिला मोगा) के घर अचानक पुलिस ने छापेमारी की। नैनोवाल कला में किसान नेताओं को गिरफ्तार करने आई पुलिस को किसानों ने घेर लिया। वहीं मोगा में पुलिस की ओऱ से किसान नेता गुरदेव सिंह साह वाला के घर पर छापेमारी कर किसानों को नजरबंद किया गया।

    संगरूर में आंदोलन की तैयारी कर रहे किसान नेताओं पर जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। संगरूर जिले में करीब 30 किसान नेताओं को हिरासत में ले लिया गया है, जिनमें भारतीय किसान यूनियन एकता आजाद के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष जसविंदर लोंगोवाल भी शामिल हैं। हिरासत में लिए गए अन्य नेताओं में परमजीत सिंह मेदेवास, संत राम छाजली, बलविंदर सिंह, मक्खन सिंह, हैप्पी नमोल, हरदेव सिंह, बलदेव सिंह, राज सिंह, गुरचरण सिंह व अन्य शामिल हैं। सभी को अलग-अलग पुलिस थानों में नजरबंद किया गया है। इस कार्रवाई के बाद यूनियन में रोष है। यूनियन नेता जसवीर सिंह ने कहा कि किसानों की पूरी कोशिश होगी कि किसी भी हाल में रेलवे ट्रैक तक पहुंचकर विरोध दर्ज कराया जाए। किसानों के आंदोलन को देखते जिले में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और पुलिस हर संभावित स्थान पर सतर्क दिख रही है।

  • Punjab News: कपड़ा फैक्टरी में लगी भीषण आग, देखें Live

    Punjab News: कपड़ा फैक्टरी में लगी भीषण आग, देखें Live

    लुधियानाः जिले के बहादुर के रोड़ पर स्थित कपड़ा फैक्टरी में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयानक रूप धारण कर लिया। लोगों द्वारा घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की 10 गाड़ियों द्वारा आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। आग भीषण होने के कारण दमकल विभाग के कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

    आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन आग की वीडियो सामने आई है, जिसमें आग की लपटें दूर से ही दिखाई दे रही है। वहीं वीडियो में देखा जा सकता हैकि आग लगने से आसमान में धुएं का गुब्बार छा गया है। फैक्टरी के चारों ओर धुएं का गुब्बार दिखाई दे रहा है। वहीं दीवारों में बने छेद में से भी धुआं निकल रहा है। फैक्टरी में कपड़ा होने के कारण आग कम होने की बजाए फैल रही है। जिसके कारण दमकल कर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामले की जानकारी देते हुए व्यक्ति ने बताया शार्ट सर्किट के कारण आग लगी है। घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।

    घटना की सूचना मिलते ही थाना सलेम टाबरी की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हर्षवीर संधू ने बताया कि आग लगने की वजह अभी साफ नहीं है। फिलहाल पुलिस टीम द्वारा मामले की जांच की जा रही है और आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की कई गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग लगते ही इलाके में भारी धुआं फैल गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस और दमकल विभाग स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हुए हैं।