जालंधर (वरुण)। थाना रामामंडी की पुलिस ने ब्रिटिश ओलिविया स्कूल में लाखों रुपए चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान श्यामू पुत्र धनई निवासी सनी नाई किराएदार ढिलवां रामा मंडी के तौर पर बताई गई है। थाना प्रभारी नवदीप सिंह ने बताया आरोपी ने 4 सितंबर को ब्रिटिश ओलिविया स्कूल रामा मंडी में 9 लाख 30000 रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। जिसके बाद आरोपी फरार चल रहा था। कार्रवाई करते हुए चौकी इंचार्ज दकोहा मनीष भारद्वाज ने पुलिस टीम सहित श्यामू को 8 लाख 5500 रुपए की नगदी और एक एलसीडी सहित गिरफ्तार कर लिया।
Blog
-

मामूली से कहासुनी पर पेट्रोल पंप पर बदमाशों ने युवक को दी दर्दनाक मौत
इंदौर। इंदौर के विजय नगर थाना इलाके में शनिवार रात पेट्रोल पंप पर युवकों के बीच विवाद हो गया. इस दौरान बदमाशों ने एक युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हमले में वह बुरी तरह घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतक का नाम गौरव था और वह छिंदवाड़ा का रहने वाला था। गौरव इंदौर से इंजीनियरिंग कर रहा था. उसके पिता सेना में पदस्थ हैं. घटना की जानकारी मिलते ही वह इंदौर के लिए रवाना हो गए।
जानकारी के मुताबिक, रात में गौरव और उसके दोस्त की बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया. इसके बाद सभी दोस्त तीन चार गाड़ियों से सयाजी होटल के सामने स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचे. यह सभी जन्मदिन के बाद झांकी देखने राजवाड़ा जा रहे थे. इस बीच जब गौरव पेट्रोल भरवा रहा था तो उसका वहां मौजूद अन्य युवकों से विवाद हो गया. विवाद में नौबत मारपीट तक पहुंच गई और बदमाशों ने गौरव को घेरकर उस पर चाकू से हमला कर दिया. गौरव की जांघ और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू के वार होने से वह बुरी तरह घायल होकर वहीं ढेर हो गया. यह देख बदमाश भाग निकले. वहीं गौरव को उसके साथी उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे. यहां रविवार सुबह उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने पेट्रोल पम्प पर लगे सीसीटीवी खंगाले। इसमें मामूली विवाद होता नजर भी आया, लेकिन इसमें गाड़ी का नंबर और हमलावर का हुलिया नजर नहीं आया. इसके बाद पुलिस ने आरोपियों द्वारा किए गए डिजिटली पेमेंट के बारे में जानकारी मांगी। इसमें मिले नंबर के आधार पर पुलिस ने बाणगंगा इलाके से दो संदेहियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने घटना स्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर अन्य आरोपियों की छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी है कि पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
-

कुटलैहड़ क्षेत्र में जल रक्षक दे रहे रहे सराहनीय सेवाएं – कंवर
प्रदेश सरकार ने की मानदेय में 2800 की बढ़ोतरी
ऊना/सुशील पंडित : वैश्विक महामारी कोविड-19 सहित सभी विपरीत परिस्थितियों में भी जल रक्षकों द्वारा बेहतरीन सेवाएं दी जा रही हैं तथा प्रदेश सरकार द्वारा भी इन्हें नजर अंदाज नहीं किया गया है। प्रदेश सरकार ने अपने वर्तमान कार्यकाल में जल रक्षकों के मानदेय में 28 सौ रुपए की बढ़ोतरी की है तथा अब इन्हें 4500 रुपए मासिक मानदेय दिया जा रहा है। यह जानकारी ग्रामीण विकास पंचायती राज कृषि पशुपालन तथा मत्स्य विभाग मंत्री वीरेंद्र कंवर ने जल शक्ति विभाग के निरीक्षण भवन थानाकलां में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में जल रक्षकों को संबोधित करते हुए दी।
उन्होंने बताया कि गत पौने 5 वर्षों के दौरान कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में 150 करोड रुपए पेयजल योजनाओं पर खर्च किए जा रहे हैं । इन पेयजल योजनाओं के पूर्ण होने के पश्चात रोजाना एक करोड़ लीटर पेयजल आपूर्ति की जाएगी। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है तथा भविष्य में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में किसान के खेत तक सिंचाई की सुविधा हो इसके लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं । इस कड़ी में समूर तथा चपलाह में निर्मित चैक डैमों से क्षेत्र की 9 हजार कनाल भूमि सिंचित होगी तथा इसका सीधा लाभ क्षेत्र के किसानों व बागवानों को होगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने सामाजिक कल्याण तथा जनहित से जुड़े विषयों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में 50% किराए में छूट दी है । इसके अलावा 125 यूनिट तक प्रतिमाह बिजली की खपत करने वाले उपभोक्ताओं को बिजली बिल पूरी तरह माफ कर बड़ी राहत प्रदान की है। प्रदेश सरकार 60 वर्ष से ऊपर के लोगों को बिना आय सीमा के पेंशन सुविधा प्रदान कर रही है।
वीरेंद्र कंवर ने कहा कि गत पौने 5 वर्षों के दौरान कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है जिसका श्रेय इस क्षेत्र की जनता को जाता है जिन्होंने मुझे लगातार चार बार इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय निवासियों की जन समस्याएं सुनी तथा मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को हल करने के दिशा निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला परिषद के उपाध्यक्ष कृष्ण पाल शर्मा, भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष मदन राणा व जिला ऊना के अध्यक्ष मलकीत राय, उना जिला भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष सूरम सिंह, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अश्विनी कुमार बंसल सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए जल रक्षक गण तथा स्थानीय लोग भी उपस्थित थे। -

वीरभद्र सिंह ने ही दिया था ओपीएस सहमति पत्र: जयराम ठाकुर
अब कांग्रेस नेता अपने ही मुख्यमंत्री द्वारा लिए निर्णय पर उठा रहे सवाल
ऊना/सुशील पंडित : आज ऊना के एक निजी होटल में पत्रकार वार्ता करते हुए मुख्यमंत्री हिमाचल जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा कभी किसी को कापी नहीं करती। बल्कि विश्व की नंबर बन पार्टी है और अपने बलबूते पर ही चुनाव लड़ती है। कांग्रेस को किसी तरह की चिंता करने की जरुरत नहीं है। जैसे ही चुनाव संहिता लगेगी, उसके बाद पार्टी हाईकमान तय करेगी कि किस-किस को मैदान में उतारना है। ताकि मिशन रिपीट करके प्रदेश के रिवाज को बदला जाए।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता जिस ओपीएस को अपने घोषणा पत्र में देने की बात कर रहे हैं। यह करीब 20 साल पहले उस समय के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने ही सहमति पत्र दिया था और अब कांग्रेस नेता अपने ही मुख्यमंत्री द्वारा लिए निर्णय पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के भविष्य के लिए अच्छा सोचना ठीक है। लेकिन कांग्रेस नेता ओपीएस को लेकर कर्मचारियों को राजनीतिक रुप से गुमराह करने में लगे हैं। जबकि ओपीएस को कांग्रेस कुछ भी नहीं कर पाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अधिकांश कर्मचारियों की मांगों को भाजपा सरकार ने पूरा कर दिया है। ओपीसी गंभीर विषय है, इस पर गहनता से मंथन किया जा रहा है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा चुनाव में झूठे वायदों के दम पर नहीं बल्कि विकास के दम पर वोट मांगने के लिए उतरेगी।
उन्होंने कहा कि कोविड़ काल में जब पूरा देश भयंकर बीमारी की चपेट में था। तो देश के प्रधानमंत्री ने भारत को दवाईयों के सैक्टर में पूरी तरह से आत्मनिर्भर बनाने के लिए बल्क ड्रग पार्क बनाने को लेकर कवायद शुरु की थी। इसमें देश के तीन राज्यों में सबसे पहले हिमाचल को मैरिट के आधार पर हरोली के पोलियां बीत में बल्क ड्रग पार्क की मंजूरी मिली। इसके बनने से प्रदेश के 30 हजार युवाओं को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रुप से रोजगार के साधन मिलेगा। जबकि केंद्र की तरफ से 1000 करोड़ रुपए खर्च किया जाएगा। इसके अलावा यहां पर इसमें बाहर से करीब पचास हजार करोड़ रुपए का नया निवेश आएगा। इस पार्क के बनने से हिमाचल समेत अन्य पांच राज्यों में स्थित मेडिकल उद्योगों में कच्चे माल की पूर्ति यहां से होगी। इसे बनने के लिए करीब आठ से दस साल लग जाएंगे। इसे धरातल तक लाने में प्रदेश के अधिकारियों ने दिन-रात कड़ी मेहनत की है। इसके लिए वह उनके आभारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को इसे हरोली में बनाने से रोकने के लिए काफी प्रयास किए। लेकिन केंद्र सरकार ने इसे मंजूर करके बड़ा तोहफा दिया है। एक प्रश्न का उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब जो उद्योग लगाए जा रहे हैं। उस से पर्यावरण को नुकसान न हो इसका ध्यान रखा जा रहा है। -

नाबालिग से गैंगरेप, विडियो बना कर सोशल मीडिया पर किया वायरल
वैशाली। बिहार के वैशाली जिले में एक नाबालिग लड़की से गैंगरेप का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में दिख रहा है कि बॉयफ्रेंड के साथ अकेले में बैठी लड़की को चार मनचलों ने बंधक बनाकर गैंगरेप किया. इतना ही नहीं आरोपियों ने पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. पूरी घटना वैशाली जिले के जंदाहा थाना क्षेत्र की है. पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ नाबालिग से दुष्कर्म का मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी में जुटी है।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि एक कपल अकेले में में बैठे हुए हैं. तभी वहां चार युवक आते हैं और बॉयफ्रेंड को बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए. इस दौरान उन्होंने वीडियो भी बना लिया और फिर उसे वायरल कर दिया. अब वीडियो सामने आने के बाद पीड़िता के परिजनों ने जंदाहा थाना में लिखित शिकायत दी, जिसमें चार लड़कों पर किशोरी को ब्लैकमेल कर दुष्कर्म का आरोप लगाया गया है. आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है. आरोपी लड़कों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही हैं।
सभी आरोपी एक ही गांव के बताए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि नाबालिग को ब्लैकमेल करने का और फिर उसके साथ दुष्कर्म करने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. एक मोबाइल से दूसरे मोबाइल में यह वीडियो भेजा गया है. जिसके जरिए वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ तौर से दिख रहा है कि नाबालिग किशोरी एक युवक के पीछे छुपने का प्रयास कर रही है और तीन से चार लड़के उसका वीडियो बना रहे हैं. साथ ही बीच-बीच में नाबालिग के साथ अश्लील हरकत भी कर रहे हैं. जिससे किशोरी काफी डरी सहमी हुई है. वह बार-बार गलतियों की माफी मांग रही है और छोड़ देने की गुहार भी लगा रही है. यही नहीं वीडियो में किशोरी के साथ मौजूद लड़का अपना परिचय दे रहा है. साथ ही कई अन्य लोगों का नाम बता कर रहम की भीख मांग रहा है. बावजूद इसके आरोपियों ने कोई रहम नहीं दिखाई और हैवानियत की सभी सीमाओं को लांधते हुए मासूम पर टूट पड़े।
इस मामले में जंदाहा थाना अध्यक्ष विश्वनाथ राम ने फोन पर बताया कि पीड़िता के परिजन के द्वारा लिखित शिकायत देकर चार लड़कों पर ब्लैकमेल कर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. साथ ही आरोपी लड़कों की पहचान कर पुलिस गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
-

एक माह तक चलेगा एनयूजे इंडिया का सदस्यता अभियान
बददी/ सचिन बैंसल : नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्टस (इंडिया) हिमाचल प्रदेश इकाई की राज्य स्तरीय कोर कमेटी की बैठक सोलन जिले के परवाणु में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता राज्याध्यक्ष रणेश राणा ने की जबकि विशेष अतिथि के तौर पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य जोगिंद्र देव आर्य शामिल हुए। बैठक में जहां पूरे वर्ष की गतिविधियों की समीक्षा की गई वहीं आने वाले कार्यक्रमों का खाका भी खींचा गया। प्रदेश अध्यक्ष रणेश राणा ने कहा कि 11 सितंबर से एक माह के लिए पूरे प्रदेश में नए सिरे से सदस्यता अभियान करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद ही जिलों व मंडलों का पुर्नगठन होगा। 10 अक्तूबर तक एक महीने में जो भी पत्रकार निर्धारित शुल्क देकर सदस्य बनेंगे वही लिस्ट नई दिल्ली राष्ट्रीय कार्यालय को भेजी जाएगी। प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा व प्रवक्ता श्याम लाल पुंडीर ने इस बात पर खेद प्रकट किया कि वर्तमान भाजपा सरकार ने पत्रकारों के हितों के लिए एक भी कार्य नहीं किया जिसका हम यहां पर बखान किया जा सके। न तो हरियाणा-पंजाब व राजस्थान की तर्ज पर हिमाचल सरकार ने पेंशन का प्रावधान किया और न ही उनकी सामाजिक सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाए। प्रदेश पदाधिकारियों ने राज्य के तीनों दलों भाजपा, कांग्रेस व आम आदमी पार्टी से आग्रह किया चूंकि पत्रकार समाज का एक अभिन्न अंग है इसलिए सभी दल अपने अपने घोषणा पत्रों में पत्रकारों की मांगों को जरुर शामिल करें। इसके अलावा नवंबर में राष्ट्रीय प्रेस दिवस व वार्षिक अधिवेशन आयोजित करने के लिए बददी व हरोली दो स्थानों पर चर्चा हुई जिसमें अगली बैठक में निर्णय होगा।
अनुराग से मिलेंगे-आर्य
राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य जोगिंद्र देव आर्य व राज्य महामंत्री किशोर ठाकुर ने कहा कि केंद्रीय स्तर के जो मुददे लंबित है उनको लेकर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर से हम मिलेंगे। उन्होने कहा कि मोदी सरकार ने भी आठ साल में पत्रकारों व मीडीया जगत के लिए कुछ खास नहीं किया। हम चाहते हैं केंद्र सरकार पत्रकारों की सामजिक सुरक्षा को लेकर कोई विशेष नीति बनाए और उनको आयुष्मान जैसी योजनाओं का लाभ तो मिले ही साथ में किसी न किसी प्रावधान के तहत साठ साल बाद पेंशन भी मिले।
यह रहे उपस्थित-
बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुमित शर्मा, संगठन मंत्राी गोपाल दत्त शर्मा, प्रदेश उपप्रधान सुरेंद्र अत्री, राज्य महामंत्री किशोर ठाकुर, प्रवक्ता श्याम लाल पुंडीर, सह प्रवक्ता शांति गौतम, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजेंद्र चौधरी, जिला प्रधान ऊना पंकज कतना, सचिव भारत भूषण, कोषाध्यक्ष अश्विनी कुमार, मदन मैहरा, विमल ग्रोवर, एनयूजे इंडिया परवाणु इकाई प्रधान अमित ठाकुर, जिला कार्यकारी प्रधान सोलन विकास शर्मा, मदन मोहन भंडारी, अश्विन कुमार, राजेंद्र मैहरा व हरीश कुमार सहित कई सदस्य उपस्थित थे। -

किसानों की आमदनी में वृद्धि के लिए प्राकृतिक खेती को दिया जा रहा बढ़ावा
लोकगीतों के माध्यम से बताई सरकार की योजनाएँ
ऊना/सुशील पंडित : सूचना एवं जन संपर्क विभाग के सूचीबद्ध सांस्कृतिक दलों पूवी कलामंच, टब्बा और आरके कलामंच, चिंतपूणी के कलाकारों ने विभागीय विशेष प्रचार अभियान के अंतर्गत हरोली विस के ईसपुर, पूबोवाल और छत्रां में लोक संगीत व नुक्कड़ नाटक से प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
कलाकारों ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में लगभग दस लाख किसान परिवार हैं जिनके द्वारा 9.44 हैक्टेयर भूमि पर काश्त की जाती है। सरकार ने किसानों की फसलों को आवारा पशुओं से बचाने और बेहतर सिंचाई सुविधाएं प्रदान करने के लिए अनेकों योजनाएं चलाई हैं ताकि प्रदेश के किसान-बागवानों की आमदनी में वृद्धि हो सके। उन्होंने बताया कि कम लागत में अधिक आमदनी के लिए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है।
सांस्कृतिक दलों ने जानकारी देते हुए बताया कि सौर सिंचाई योजना के तहत छोटे व सीमांत किसानों को सोलर पंप स्थापित करने पर 85 प्रतिशत उपदान दिया जा रहा है जबकि मध्यम व बड़े किसानों के लिए सोलर पंपिंग मशीनरी लगाने पर 80 प्रतिशत उपदान का प्रावधान है। इस योजना के तहत प्रदेश में 1544 सोलर पंप स्थापित किए गए हैं जिनसे 2094 किसाना लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार देश के पात्र किसानों तीन किश्तों में प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की राशि किसान सम्मान निधि के रुप में बतौर आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इस योजना के तहत प्रदेश में 9.83 लाख से अधिक लाभार्थियों को लगभग 1932 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की गई है।
इस अवसर पर ग्राम पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य सहित स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। -

हर बेरोजगार को रोजगार मुहैया कराया जाएगा : सुषमा शर्मा
जब तक नौकरी नहीं मिलती तब तक हर बेरोज़गार को 3 हजार रुपये महीना बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा
ऊना/सुशील पंडित : हर बेरोजगार को रोजगार मुहैया कराया जाएगा जब तक नौकरी नहीं मिलती तब तक हर बेरोजगार को ₹3000 महीना बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा यह बातें आज एक प्रेस वार्ता के दौरान आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता सुषमा शर्मा ने कही उन्होंने कहा कि लगभग 6 लाख सरकारी नौकरियों की भर्ती की जाएगी।
वहीं पेपर लीक के खिलाफ कानून बनाकर सख़्त सजा का प्रावधान किया जाएगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि बिना पेपर लीक सभी परीक्षाएं समय सीमा में पूरी हो।
सहकारी क्षेत्र की नौकरियों की भर्ती में सिफारिश और भ्रष्टाचार खत्म कर पारदर्शिता लाई जाएगी।
तीर्थ यात्रा गारंटी
व्यापारियों एवं पर्यटन क्षेत्र के लिए गारंटी
हिमाचल के व्यापारियों के लिए भय का वातावरण खत्म किया जाएगा।
हिमाचल के सभी व्यापारियों को पूरा मान सम्मान दिया जाएगा।
हिमाचल के व्यापारियों को रेड राज और भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाई जाएगी।
वैट एमनेस्टी स्कीम लाई जाएगी और 6 महीने के अंदर वैट रिफन्ड दिलवाया जाएगा।
हर एक क्षेत्र के व्यापारी को प्रतिनिधित्व देकर एक सलाहकार बोर्ड बनाया जाएगा और हिमाचल के व्यापारियों को सरकार में भागीदार बनाया जाएगा।
पर्यटन उद्योग से सम्बंधित कार्यों की स्वीकृति के लिए सिंगल-विंडो सिस्टम बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि हर ग्राम पंचायत को विकास कार्यों के लिए सालाना ₹10 लाख की ग्रांट दी जाएगी। और पंचायत प्रधान को हर महीने ₹10 हजार मानदेय राशि दी जाएगी। -

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊना ने लगाया प्रशिक्षण एवं जागरुकता शिविर
ऊना/सुशील पंडित : हिमाचल प्रदेश विधिक सेवा प्राधिकरण, शिमला के निर्देशानुसार आज एडीआर भवन, ऊना के सभागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊना के सौजन्य से जांच अधिकारियों एवं यातायात पुलिस के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं संवेदीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण शिविर में लगभग 40 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संदीप सिंह सिहाग ने बताया कि पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए व्यक्ति को 24 घंटे के भीतर निकटतम मैजिस्ट्रैट के समक्ष प्रस्तुत करना होता है। इसमें गिरफ्तारी के स्थान से मैजिस्ट्रैट के न्यायालय तक व्यतीत किए गए समय की छूट मिलती है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति को अधिकार है कि गिरफ्तार करने वाला अधिकारी व कर्मचारी जानकारी दे कि उसे किन कारणों से गिरफ्तार किया जा रहा है। गिरफ्तारी के समय गिरफ्तार करने वाला पुलिस अधिकारी गिरफ्तारी का मेमो तैयार करे जिस पर कम से कम एक साक्षी का अनुप्रमाण होना चाहिए। साक्षी गिरफ्तार किए जा रहे व्यक्ति के कुटुम्ब का व्यक्ति या जिस क्षेत्र में गिरफ्तारी हुई वहां का सम्मानित व्यक्ति हो।
इस मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊना के सचिव नव कमल ने बताया कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिला, बालक, मानसिक रुप से अक्षम तथा ऐसे व्यक्ति जिनकी वार्षिक आय तीन लाख से कम है, के लिए निशुल्क कानूनी सहायता का प्रावधान है। उन्होंने निशुल्क कानूनी सहायता और पुलिस के कर्तव्यों व अधिकारों बारे विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण शिविर में गीतिका यादव, सिविल जज कोर्ट नंबर 2 ने भी पुलिस के कर्तव्यों व गिरफ्तार व्यक्ति के कानूनी अधिकारों बारे जागरुक किया। डॉ वसुधा सूद, डीएसपी अंब ने यातायात नियमों व सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि दो पहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेल्मेट पहनना चाहिए जबकि गाड़ी चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य तौर पर प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि गाड़ी चलाते समय दो वाहनों के मध्य एक उचित व सुरक्षित दूरी बनाए रखें। उन्होंने सड़क दुर्घटना के समय मदद के लिए आगे आने वाले गुड समेरिटन से संबंधित कानूनी पहलूओं पर भी विस्तार से जानकारी दी।
इस मौके पर अधिवक्ता सुरेश ऐरी ने भी विभिन्न कानूनी पहलूओं पर जानकारी सांझा की। -

कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें आपके शहर कैसे रहेंगे हालात
नई दिल्ली। उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत के राज्यों तक मॉनसून एक बार फिर एक्टिव हो गया है. मॉनसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर चल रही है और अगले 4-5 दिनों तक दक्षिण में बनी रहेगी. मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड, ओडिशा, बिहार, दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में अगले 3-4 दिन हल्की से मध्यम जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
उत्तराखंड के कई क्षेत्रों में मॉनसून ने एक बार फिर तेज रफ्तार पकड़ ली है. मौसम विभाग ने आने वाले चार दिनों तक भारी बारिश को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है. IMD के मुताबिक, देहरादून समेत पांच जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है. उत्तरकाशी में गंगोत्री और यमुनोत्री के क्षेत्र में बारिश का सिलसिला जारी है. बागेश्वर के कपकोट क्षेत्र में जबरदस्त बारिश से बिजली व्यवस्था ठप हो गई है. कुछ स्थानों पर भूस्खलन के कारण सड़कों पर मलबा आने की सूचना है. उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के अधिकतर क्षेत्रों में आज (रविवार) को भी बारिश का सिलसिला जारी है।
ओडिशा में भारी बारिश की संभावना बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव वाले क्षेत्र के कारण ओडिशा में 13 सितंबर तक भारी बारिश होने के आसार हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा तट से दूर बंगाल की उत्तर-पश्चिमी खाड़ी पर एक्टिव सिस्टम की वजह से ओडिशा में तेज बारिश होने का पूर्वानुमान है. IMD ने 13 सितंबर तक ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है. राज्य के दक्षिणी हिस्सों में कुछ स्थानों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, मॉनसून की ट्रफ रेखा जैसलमेर, उदयपुर, इंदौर, अकोला होते हुए पूर्व दक्षिण-पूर्व की ओर पश्चिम मध्य और उत्तर आंध्र प्रदेश एवं दक्षिण ओडिशा तट से सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव के क्षेत्र के केंद्र से गुजर रही है. जिससे देश भर के विभिन्न राज्यों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं. दिल्ली में भी बारिश के आसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में शनिवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई और अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में अगले पांच दिनों में हल्की बारिश होने के आसार हैं. राष्ट्रीय राजधानी में आज, 11 सितंबर को न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बिहार की राजधानी पटना समेत कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने 12 सितंबर से बिहार में झमाझम बारिश की भविष्यवाणी की है. पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, अगले दो दिनों में राज्य में छिटपुट बरसात होगी. 12 सितंबर से पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव के क्षेत्र के कारण बारिश की तीव्रता बढ़ने की उम्मीद है।
