डेली संवाद, कपूरथला। Punjab News: पंजाब के कपूरथला (Kapurthala) स्थित केंद्रीय जेल में शनिवार देर रात उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब हवालातियों के दो गुटों के बीच हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया।
जानकारी के अनुसार यह विवाद बैरक नंबर-4 में शुरू हुआ था और देखते ही देखते पूरे जेल परिसर में अफरा-तफरी फैल गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बैरक बदलने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी, जिसने बाद में उग्र रूप ले लिया। झड़प के दौरान कई हवालातियों ने जेल परिसर में आगजनी कर दी।

पुलिस विभाग में हड़कंप
कुछ कैदी मशालें लेकर जेल की छत पर चढ़ गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। घटना के दौरान जेल के अंदर कई स्थानों पर आग लगने की भी खबर है। इस हिंसक घटना में तीन कैदी घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
सूचना मिलते ही भारी पुलिस (Police) बल मौके पर पहुंचा और हालात पर काबू पाने के लिए कार्रवाई शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर जेल परिसर में अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार स्थिति को संभालने के दौरान कुछ हवाई फायरिंग भी की गई, हालांकि अधिकारियों ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
उत्पीड़न के गंभीर आरोप
इस बीच जेल के अंदर के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में हवालातियों के बीच हंगामा, आगजनी और अफरा-तफरी का माहौल साफ दिखाई दे रहा है। कुछ कैदियों ने जेल प्रशासन पर बेवजह परेशान करने और उत्पीड़न के गंभीर आरोप भी लगाए हैं। प्रशासन ने वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है।
जेल अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह कोई जेल ब्रेक या फरारी की घटना नहीं थी। अधिकारियों के मुताबिक यह केवल दो गुटों के बीच आपसी विवाद था, जो बाद में हिंसक रूप ले बैठा। फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
