डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: पंजाब के लुधियाना (Ludhiana) में सिविल अस्पताल के बाहर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब मेडिकल करवाने पहुंचीं दो युवतियां आपस में भिड़ गईं। मामूली बहस देखते ही देखते सड़क पर मारपीट में बदल गई। दोनों युवतियों ने एक-दूसरे को थप्पड़ मारे, बाल खींचे और बीच सड़क पर जमकर हंगामा किया।
इस पूरे घटनाक्रम का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस (Police) अब दोनों पक्षों की पहचान करने में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार 23 मई की शाम धांदरा इलाके में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला पुलिस तक पहुंच गया। इसके बाद दोनों पक्ष मेडिकल जांच करवाने के लिए लुधियाना (Ludhiana) के सिविल अस्पताल पहुंचे थे।
दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई
बताया जा रहा है कि अस्पताल के बाहर आते ही दोनों पक्ष फिर से आमने-सामने आ गए और पुराने विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। कुछ लोग उन्हें शांत करवाने की कोशिश भी करते रहे, लेकिन माहौल लगातार तनावपूर्ण बना रहा। इसी दौरान अचानक एक युवती ने दूसरी युवती को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद मामला पूरी तरह बेकाबू हो गया और दोनों युवतियां सड़क पर ही गुत्थम-गुत्थी करने लगीं।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
दोनों ने एक-दूसरे के बाल पकड़ लिए और जमकर मारपीट की। घटना के दौरान सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोग तमाशा देखने के लिए रुक गए, जिससे ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ। कई वाहन सड़क पर धीमी गति से चलते नजर आए। आसपास मौजूद कुछ युवकों ने दोनों युवतियों को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन दोनों लगातार एक-दूसरे पर हमला करती रहीं।

गाली-गलौज शुरू हो जाती
सामने आए CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि अस्पताल के बाहर एक एक्टिवा के पास कुछ लोग खड़े होकर बातचीत कर रहे हैं। इसी दौरान काले कपड़े पहने और सिर पर पट्टी बांधे एक युवक दूसरी तरफ जाता दिखाई देता है। उसके पीछे एक युवती, एक महिला और कुछ अन्य युवक भी जाते नजर आते हैं। थोड़ी ही देर बाद वहां गाली-गलौज शुरू हो जाती है और फिर हाथापाई होने लगती है।
वीडियो में यह भी दिखाई देता है कि एक युवक बीच-बचाव करते हुए एक युवती को वहां से हटाने की कोशिश करता है, लेकिन कुछ ही सेकेंड बाद दोनों पक्ष फिर भिड़ जाते हैं। मारपीट के दौरान दोनों युवतियां एक-दूसरे के बाल नोचती और थप्पड़ मारती नजर आती हैं।फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज की मदद से दोनों पक्षों के लोगों की पहचान करने में लगी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और शिकायतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
