डेली संवाद, मोहाली। Punjab News: मोहाली के जीरकपुर फ्लाईओवर के नीचे ट्रैफिक पुलिस के एक ASI का कथित रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है। वीडियो अपलोड करने वाले युवकों का दावा है कि ट्रैफिक चालान से बचाने के बदले ASI ने उनसे पैसे मांगे थे। हालांकि आरोपी ASI ने सभी आरोपों से इनकार किया है और वीडियो को गलत तरीके से पेश करने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार यह वीडियो मंगलवार शाम का बताया जा रहा है, लेकिन अब इसे सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। वीडियो में एक युवक ट्रैफिक बूथ के बाहर खड़े ASI से बातचीत करता दिखाई देता है। बातचीत के दौरान युवक पहले 500 रुपये देने की बात करता है, लेकिन ASI कथित तौर पर इससे अधिक रकम की मांग करता सुनाई देता है।
फोटो डिलीट करने की बात
वीडियो में युवक बार-बार कहता है कि उसके पास केवल 500 रुपये ही हैं। इसके बाद ASI वहां से अंदर चला जाता है। थोड़ी देर बाद युवक फिर उसे आवाज लगाता है और दूसरे युवक से पैसे लेकर ASI को देता दिखाई देता है। इस दौरान युवक यह भी पूछता है कि अब उसका चालान तो नहीं होगा। साथ ही वह फोटो डिलीट करने की बात भी करता है।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
वीडियो में ASI युवक को यह कहते हुए सुनाई देता है कि चालान नहीं किया जाएगा और फोटो भी डिलीट कर दी जाएगी। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में चर्चा तेज हो गई है। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं कुछ लोगों ने ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

वीडियो को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया- ASI
मामले में आरोपी ASI सोहन सिंह ने रिश्वत लेने के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि वीडियो को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कोई पैसे नहीं लिए और युवक खुद पैसे देने की कोशिश कर रहे थे। ASI के मुताबिक बातचीत के बाद युवकों को बिना चालान किए जाने दिया गया था।
उधर, मोहाली ट्रैफिक SP नवनीत सिंह महल ने कहा कि फिलहाल उनके पास वीडियो आधिकारिक रूप से नहीं पहुंचा है। उन्होंने कहा कि यदि वीडियो में रिश्वत लेने जैसी कोई बात सामने आती है तो मामले को SSP मोहाली के संज्ञान में लाया जाएगा और नियमानुसार जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
