Category: Punjab>Bathinda

  • Punjab News: नगर निगम के Record Room में आग लगने के मामले में मेयर का आया बड़ा बयान, देखें वीडियो

    Punjab News: नगर निगम के Record Room में आग लगने के मामले में मेयर का आया बड़ा बयान, देखें वीडियो

    बठिंडाः नगर निगम बठिंडा के रिकॉर्ड रूम में 30 जनवरी की रात लगी आग के मामले में मेयर पदमजीत मेहता मीडिया के समक्ष आए। मेयर ने कहा कि रिकार्ड रूम में आग लगने की घटना को लेकर विपक्ष द्वारा कई गंभीर आरोप लगाए गए थे। इस दौरान मेयर ने कहा कि घटना के दौरान निगम को किसी प्रकार का कोई वित्तीय नुकसान नहीं हुआ है। मेयर पदमजीत मेहता ने बताया कि जले हुए सभी रिकॉर्ड का बैकअप निगम के पास सुरक्षित मौजूद है। मेयर मेहता ने कहा कि आग की घटना के बाद जले हुए रिकॉर्ड की विस्तृत जांच करवाई गई।

    निगम के सभी विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने रिकॉर्ड की पड़ताल की। जांच के दौरान पाया गया कि जले हुए रिकॉर्ड की डिजिटल और अन्य प्रतियां सुरक्षित हैं। सभी विभागाध्यक्षों ने लिखित रूप में पुष्टि की है कि उनका रिकॉर्ड पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि शहरवासियों से संबंधित सभी दस्तावेज भी सुरक्षित हैं। जिन मामलों की जांच विजिलेंस विभाग के पास चल रही है, उनसे संबंधित दस्तावेज पहले ही विजिलेंस के पास उपलब्ध हैं। आवश्यकता पड़ने पर नगर निगम कभी भी उक्त रिकॉर्ड और दस्तावेज वापस प्राप्त कर सकता है।

    मेयर ने बताया कि कुछ विजिलेंस मामलों में थर्ड पार्टी वेरिफिकेशन और ऑडिट भी हो चुका है, इसलिए आग की इस घटना से निगम के कार्य या वित्तीय स्थिति पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। उन्होंने कहा कि आग लगने की घटना की जांच जारी है। अगर जांच में यह सामने आया कि आग किसी शरारत या साजिश का परिणाम थी, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

     

     

     

     

  • Punjab News: गुंडागर्दी का नंगा नाच, व्यस्त बाजार में हथियारों से लैस नौजवानों ने तोड़ी रेहड़ी, वीडियो वायरल

    Punjab News: गुंडागर्दी का नंगा नाच, व्यस्त बाजार में हथियारों से लैस नौजवानों ने तोड़ी रेहड़ी, वीडियो वायरल

    बठिंडा: शहर के अंदर अमन-कानून की स्थिति लगातार चिंताजनक बनती जा रही है। दरअसल, महेशवरी चौक में कुछ नौजवान किरपाण और अन्य हथियारों से लैस होकर एक रेहड़ी को तोड़ते हुए नजर आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा हैं, जिससे लोगों में डर और सहम का माहौल बन गया है। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ नौजवान बेखौफ होकर हथियार लहरा रहे हैं और एक रेहड़ी को नुकसान पहुंचा रहे हैं। घटना के समय इलाके में मौजूद लोग दहशत में दूर खड़े नजर आते हैं। घटना का वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इलाका वासियों ने बताया कि महेशवरी चौक शहर का व्यस्त इलाका है, जहां हर वक्त आवाजाही रहती है। ऐसे स्थान पर हथियारबंद नौजवानों की गुंडागर्दी से व्यापारियों और आम लोगों में भारी डर फैल गया है। व्यापारियों ने चिंता जताई है कि यदि हालात ऐसे ही रहे तो उनके कारोबार भी प्रभावित होंगे। लोगों ने मांग की है कि हथियार लहराने और सरकारी कानूनों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस संबंध में पुलिस अधिकारियों से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान के लिए टीमें तैनात कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि कानून को अपने हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और जल्दी ही मामले में कार्रवाई की जाएगी। शहर वासियों की मांग है कि पुलिस रात के समय गश्त बढ़ाए और संवेदनशील इलाकों में नाकाबंदी की जाए।
  • Punjab News: किसानों ने किया धरने का ऐलान, भारी पुलिस फोर्स तैनात

    Punjab News: किसानों ने किया धरने का ऐलान, भारी पुलिस फोर्स तैनात

    बठिंडाः भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां की ओर से आज डीसी दफ्तर के बाहर धरने का ऐलान किया गया है। इस मामले को लेकर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई है। जिसको लेकर पुलिस द्वारा माहौल खराब ना होने को लेकर किसानों को आगे जाने से रोकने के लिए विशेष नाकेबंदी की गई है। इस नाकेबंदी पर सिपाही से लेकर डीआईजी तक के पुलिस कर्मी एवं अधिकारी मैदान पर डटे हुए है।

    किसान नेता शिंगारा सिंह मान ने बीती रात एक वीडियो जारी करके कहा कि किसान हर हालत में धरना देने पहुंचेगें। भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के जिला अध्यक्ष शिंगारा सिंह मान ने बताया कि पिछले 11 माह से उनके किसान साथी जेल में बंद है और उनकी रिहाई को लेकर वह रोष प्रदर्शन कर रहे है। पंजाब के अलग-अलग जिलों से एक हजार से अधिक पुलिस कर्मी बठिंडा की हदों पर नाकाबंदी करके तैनात किए गए हैं।

    पुलिस फोर्स का मकसद शहर के माहौल को खराब ना होने देना है। जिस के चलते हर चाैराहे पर पुलिस द्वारा नाकाबंदी की गई है। वहीं एसएसपी एवं डीआईजी लगातार मैदान में डटे हुए है। इसके अलावा बठिंडा चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर रामपुरा के समीप भारी पुलिस फोर्स तैनात करके बेरिकेड लगाए गए हैं, ताकि किसानों को आगे बढ़ने से रोका जाए।

     

  • Punjab News: पुलिस और लुटेरों में चली गोलियां, 5 आरोपी गिरफ्तार

    Punjab News: पुलिस और लुटेरों में चली गोलियां, 5 आरोपी गिरफ्तार

    बठिंडाः नशे और क्राइम के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत आरोपियों के खिलाफ सख्त एक्शन पुलिस द्वारा लिया जा रहा है। वहीं आज सुबह पुलिस और लुटेरे में मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में लुटेरा घायल हो गया। घायल आरोपी की पहचान नीरज उर्फ काला के रूप में हुई है। पुलिस के साथ मुठभेड़ में नीरज के बाएं पैर में गोली लगी है। पुलिस ने मौके से नीरज समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी को इलाज के लिए सिविल अस्पताल बठिंडा में भर्ती कराया गया है।

    मामले की जानकारी देते हुए एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने बताया कि थाना शहर पुलिस को सूचना मिली थी कि परसराम नगर स्थित एक बिल्डिंग में कुछ लोग ड्रग्स का सेवन और सप्लाई कर रहे हैं। ये आरोपी रेलवे स्टेशन से आने वाले उन लोगों को भी लूट का शिकार बनाते थे, जो अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए आते थे। सूचना मिलने पर थाना शहर के इंस्पेक्टर परविंदर सिंह ने पुलिस टीम के साथ बिल्डिंग पर छापा मारा। इस दौरान नीरज उर्फ काला ने अपनी देसी कट्टे से पुलिस पार्टी पर गोली चला दी।

    पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में पहले हवा में फायरिंग की, लेकिन जब नीरज ने दोबारा गोली चलाई, तो पुलिस ने उसके बाएं पैर में गोली मार दी, जिससे वह मौके पर ही गिर गया। नीरज के घायल होने के बाद उसके चार अन्य साथियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें भी घेरकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

  • Punjab News: वाहनों की टक्कर को लेकर हुआ हंगामा, 3 निहंग बाणे में सिखों पर लगे मारपीट के आरोप, 2 घायल, देखें वीडियो

    Punjab News: वाहनों की टक्कर को लेकर हुआ हंगामा, 3 निहंग बाणे में सिखों पर लगे मारपीट के आरोप, 2 घायल, देखें वीडियो

    बठिंडाः जिले में माल रोड पर 2 वाहनों की टक्कर को लेकर हंगामा हो गया। आरोप है कि निहंग चोला पहने 3 व्यक्तियों ने 2 लोगों पर हमला कर दिया। दोनों घायल व्यक्तियों को इलाज के लिए अस्पताल में दाखिला कराया गया। बताया जा रहा हैकि बाइक पर जा रहे 3 निहंग चोले में सिखों को पीछे से कार चालक ने टक्कर मार दी।

    टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया और विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि गुस्साए निहंगों चोले में सिखो ने कार रोकी और यात्रियों पर लोहे की राडों और नुकीली वस्तुओं से हमला किया। इस हमले में 2 लोग घायल हो गए। वहीं घटना को लेकर लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों द्वारा घटना की सूचना पीसीआर टीम को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची ने स्थिति को काबू में किया।

    इस घटना के कारण माल रोड पर काफी समय तक आवागमन ठप रहा, जिससे लोगों को परेशानी हुई। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि नजदीकी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे है और बयानों के आधार पर बनती कार्रवाई की जाएगी।

     

  • Punjab News: ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत, कटी टांगे

    Punjab News: ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत, कटी टांगे

    बठिंडाः बठिंडा-फिरोजपुर रेलवे लाइन पर होटल डॉल्फिन के पास व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी संस्था नौजवान वेलफेयर सोसाइटी बठिंडा के स्वयंसेवक आकाश गर्ग और अंश मेहता एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के शरीर के कई टुकड़े हो गए थे। उसने नीले रंग की जींस पैंट और नीले रंग की जैकेट पहनी हुई थी।

    जीआरपी को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्राथमिक कार्रवाई की। इसके उपरांत, संस्था के सदस्यों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। जीआरपी अधिकारी एएसआई सुखपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके का मुआयना किया है।

    मृतक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मृतक की तस्वीरें आसपास के घरों में दिखाकर और पूरे पंजाब में इश्तहार जारी कर पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल शव को सिविल अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। पहचान होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

     

  • Punjab News: इंसानियत शर्मसार ! बहन के साथ मिलकर उजाड़ा अपना घर, मां ने मासूम बच्चों को दिया जहर

    Punjab News: इंसानियत शर्मसार ! बहन के साथ मिलकर उजाड़ा अपना घर, मां ने मासूम बच्चों को दिया जहर

    बठिंडा: जिला बठिंडा के थाना रामफूल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव फुलेवाला में 10 दिनों के अंदर एक ही परिवार के 2 मासूम बच्चों की मौत का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। यह हत्या किसी और ने नहीं बल्कि मां ने अपनी बहन और एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर की है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक बच्चों की मां जस्सी कौर, उसकी बहन मोटो कौर और लखी सिंह निवासी महल कलां के खिलाफ केस दर्ज कर मां और उसकी बहन को गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव फुलेवाला के बुध सिंह की 8 वर्षीय बेटी सुखप्रीत कौर की कुछ दिनों पहले मौत हो गई थी। परिवार ने इसे प्राकृतिक मौत समझकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। अब शुक्रावर रात को बुध सिंह के 6 वर्षीय पुत्र फतेहवर सिंह की अचानक मौत हो गई। इसके बाद पीड़ित को शक हुआ कि उसके अच्छे भले दोनों बच्चों की अचानक कैसे मौत हो गई। इसके बाद उसने इसकी सूचना थाना फूल की पुलिस को दी।

    जानकारी के अनुसार करीब 10 दिन पहले गांव की एक लड़की की संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। उस समय परिवार वालों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के उसका अंतिम संस्कार कर दिया था। मामले को लेकर उस वक्त कोई रजिस्टर शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। शुक्रावर रात लड़की के 6 साल छोटे भाई की भी अचानक मौत हो गई। एक ही परिवार में कम समय के अंदर दूसरी मौत होने से गांव वालों में संदेह गहराने लग गया। शनिवार सुबह गांव के सरपंच और अन्य गांव वाले थाना फूल पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को मांग पत्र सौंप कर दोनों मौतों की गहरी और निष्पक्ष जांच की मांग की।

    गांव वासियों भरपूर सिंह ने बताया कि पूरे गांव में इन दोनों मौतों को लेकर शक का माहौल है। उनका कहना है कि हालत साधारण नहीं लग रहे हैं, इसलिए पुलिस को मामले की गंभीरता से जांच करनी चाहिए। गांव वासियों ने रोष जताया कि दोनों घटनाओं के पीछे कोई साजिश भी हो सकती है। गांव वालों का कहना है कि पहले लड़की की मौत को प्राकृतिक मान लिया गया था, लेकिन अब छोटे भाई की मौत के बाद मामला शक की स्थिति में है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि अगर जरूरी हो तो पहले मामले की भी फिर से जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो।

    इस संबंध में रामपुरा फूल के डीएसपी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। मृतक बच्चे का शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा, ताकि मौत के असल कारण समझ में आ सकें। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच के दौरान किसी तरह की लापरवाही या अपराधिक पहलू सामने आता है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हर दिशा-निदेश को ध्यान में रख कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। गांव में इस घटना के बाद शोक और तनाव का माहौल है। गांव वासियों को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद ही दोनों मौतों का मामला स्पष्ट हो सकेगा।

  • Punjab News: सूटकेस से युवती के शव के मामले में आरोपी गिरफ्तार, हुआ चौकाने वाला खुलासा

    Punjab News: सूटकेस से युवती के शव के मामले में आरोपी गिरफ्तार, हुआ चौकाने वाला खुलासा

    बठिंडा: पुलिस ने लाल सूटकेस में मिली मृतक महिला की हत्या का मामला 48 घंटे में सुलझाते हुए प्रेमी दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान सपना उर्फ मलिका पुत्री सिकंदर पाल वासी बागा पुराना (जिला मोगा) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके करीबी दोस्त प्रियंका कुमार वासी गांव गुलाबगढ़ (हाल वासी सुरख़पीर रोड, बठिंडा) ने की थी। शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसएसपी डा. ज्योति यादव ने बताया कि बीती 11 फरवरी को दोपहर में बठिंडा-मलोट रोड पर स्थित गांव बहिमण दीवाना के पास खेतों से एक अनजान महिला का शव बरामद हुआ था।

    इस संबंधी थाना सदर बठिंडा में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी (डी) जसमीत सिंह और डीएसपी हरविंदर सिंह सरां की अगुवाई में विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें मृतका को अंतिम बार 7 फरवरी की रात को परसराम नगर इलाके में देखा गया था। मृतका के शरीर पर बने ‘काकू’ नाम के टैटू और काल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर उसकी पहचान सुनिश्चित की गई। जांच के दौरान शक की सूई मृतका के दोस्त प्रियंका कुमार की ओर घूमी और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

    पूछताछ के दौरान मुजरिम ने स्वीकार किया कि बीती 9 फरवरी को वह और मलिका उसके घर मौजूद थे। किसी वाद-विवाद के बाद उसने चाकू से हमला कर मलिका की हत्या कर दी। हत्या के बाद मुजरिम ने शव को जलाने की कोशिश की, लेकिन बदबू फैलने के कारण योजना बदल दी। उसने शव को लाल सूटकेस में बंद कर 10 और 11 फरवरी की मध्यरात्रि अपने सिल्वर रंग की आई-20 कार के जरिए पिंड बहीमण दीवाना के खेतों में फेंक दिया। पुलिस ने मुजरिम की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू और कार बरामद कर ली है।

    पुलिस पूछताछ में एक हैरान कर देने वाला खुलासा हुआ कि मुजरिम ने शव ठिकाने लगाने के अगले दिन अपनी छाती पर मृतका और अपना टैटू बनवाया, ताकि लोग यह समझें कि वह मलिका से बहुत प्यार करता था और उस पर हत्या का संदेह न किया जाए। हालांकि, उसकी यह चाल पुलिस के आगे नहीं चल सकी। एसएसपी के अनुसार मुजरिम को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। मुजरिम नशे का आदि बताया जा रहा है, इसलिए उसका ड्रग टेस्ट भी करवाया जाएगा।

  • Punjab News: सूटकेस में मिली लाश की हुई पहचान, आरोपी की गिरफ्तारी पर जल्द खुलासा कर सकती है पुलिस, देखें वीडियो

    Punjab News: सूटकेस में मिली लाश की हुई पहचान, आरोपी की गिरफ्तारी पर जल्द खुलासा कर सकती है पुलिस, देखें वीडियो

    बठिंडाः जिले के गांव बहमन दीवाना में बुधवार को लाल रंग के सूटकेस में युवती की लाश मिली थी। सूटकेस के पास आवारा कुत्ते घूम रहे थे और सूटकेस खींच रहे थे। सूटकेस में मिली युवती की लाश की पहचान हो गई है। मृतका की पहचान मोगा जिले के बाघापुराना की रहने वाली मलिका के रूप में हुई है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने युवती की हत्या करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

    युवती की पहचान के कुछ घंटे बाद ही पुलिस हत्यारों तक पहुंच गई। आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। सूत्र बताते है कि युवती की हत्या में उसके करीबी का हाथ था, जो पुलिस पूछताछ में खुलासा करेगा कि उसने युवती की हत्या क्यों और किस कारण की थी।हालांकि आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अधिकारी ने पुष्टि नहीं की है।

    इस पूरे मामले को लेकर पुलिस के बड़े अधिकारी शुक्रवार यानी आज मीडिया के सामने खुलासा कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि मलिका पिछले काफी समय से बठिंडा में ही रह रही थी। फिलहाल उसके पीछे परिवार का कोई भी सदस्य सामने नहीं आया है। बठिंडा में अपने किसी दोस्त के साथ रह रही थी, लेकिन वह दोस्त कौन है और कहां रहता है, इस बारे में पुलिस को अब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है।

    आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सूटकेस को यहां कौन और कब फेंककर गया। फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि मलिका की हत्या किसने की और उसका बठिंडा में साथ रहने वाला दोस्त कौन था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं यह मामला आपसी विवाद, प्रेम संबंध या किसी अन्य रंजिश से तो जुड़ा नहीं है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।

     

  • Punjab News: इस इलाके से Suitcase में शव बरामद, पुलिस जांच में जुटी

    Punjab News: इस इलाके से Suitcase में शव बरामद, पुलिस जांच में जुटी

    बठिंडाः जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मलोट रोड पर एक सूटकेस के अंदर 20 वर्षीय युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। जानकारी के अनुसार, मलोट रोड से गुजर रहे कुछ राहगीरों ने एक संदिग्ध सूटकेस को देखा। सूटकेस से बदबू आने पर लोगों को शक हुआ और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब सूटकेस को खोला तो उसके अंदर युवती का शव बरामद हुआ।

    मृतका के शरीर पर ‘काकू’ नाम का टैटू बना हुआ है, जिसे पुलिस पहचान का अहम सुराग मान रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक युवती की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच कर रही है ताकि मृतका की शिनाख्त हो सके।

    पुलिस के मुताबिक, शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि सूटकेस को वहां कौन और कब फेंककर गया।

    घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की जल्द से जल्द जांच कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और हर पहलू से जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है।