Category: Rashifal

  • विदेश में छुट्टियां मनाने गए भाई-बहन की हुई मौ+त

    सोलनः हिमाचल के सोलन के भाई-बहन की आस्ट्रेलिया में डूबने से मौत होने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार सोलन निवासी बिट्टू आनंद का बेटा जगजीत (शिवम) और बेटी सुहानी अपनी मौसी के साथ आस्ट्रेलिया के विक्टोरिया के फिलिप आइलैंड में छुट्टी मनाने गए थे। मिली जानकारी के अनुसार फिलिप आइलैंड के समुद्र में नहाने के लिए कुछ लोग समुद्र में उतर गए, लेकिन समुद्र की तेज लहरों में फंस कर मौत के घाट उतर गए। वहां मौजूद लाइफ गाड्र्स ने उन्हें बचाने की कोशिश की।

    लेकिन जब तक उन्हें समुद्र से निकाला गया, तब तक 3 लोग समुद्र की विशाल लहरों में अपनी जान गवां चुके थे। एक लडक़ी को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन युवती ने अस्पताल में दम तोड़ा दिया। इनमें दो सगे भाई-बहन सोलन शहर के वार्ड नंबर-छह के बिट्टू के बच्चे थे। मृतकों में रीमा सोढ़ी (43), शिवम (23), सुहानी (20) सहित एक अन्य 20 वर्षीय लडक़ी शामिल थी। घटना के बाद घर पर माहौल गमगीन हो गया है। वार्ड-छह की पार्षद रेखा साहनी ने गहरा शौक व्यक्त करते हुए कहा कि वार्ड-छह के सदस्य बिट्टू आनंद के दोनों बच्चे, जो आस्ट्रेलिया में पढ़ते थे, का अचानक निधन होने की सूचना मिलते ही वार्ड सहित शहर में शोक की लहर है। 

  • दर्दनाक हादसाः ट्रक और कार की भीषण टक्कर में दंपती की मौ+त, देखें वीडियो 

    कांगड़ाः हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में दर्दनाक हादसा हुआ है। हादसे में दंपती की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची जख्मी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, वीरवार रात करीब 12 बजे कांगड़ा के देहरा में डीएसपी देहरा के आवास के सामने एनएच 503 (ब्यास नदी पुल के साथ लोअर सुनहेत) पर एक ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में पति-पत्नी की मौके पर मौत हो गई।

    जबकि 14 साल की भांजी घायल हो गई। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे का शिकार हुए दंपती ज्वालाजी के साथ लगते गांव गुम्मर के रहने वाले थे। हादसे में कार चालक मुकेश कुमार (32), पत्नी पल्लवी (28) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी 13 वर्षीय भांजी शानू गंभीर रूप से घायल है। उसे सिविल अस्पताल देहरा से प्रारंभिक उपचार देने के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया गया है। पति-पत्नी ग्राम पंचायत डोहग देहरियां के बताए जा रहे हैं, जबकि भांजी नादौन से है। वहीँ सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर मामले की जाँच शुरू कर दी है।

  • 7 दुकानों में आग लगने से सिलेंडर हुए ब्लास्ट, मची अफरातफरी, देखें वीडियो 

    कुल्लू : जिला मुख्यालय के ढालपुर चौक में भीषण आग लगने से सात दुकानें जल कर राख हो गई है। जिसमें 40 लाख से अधिक के नुकसान की आशंका है। आग शनिवार रात करीब 12:40 लगी। अग्निकांड से शहर में अफरा तफरी का माहौल बना  रहा और स्थानीय लोगों ने सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलने ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। विभाग को आग पर काबू पाने में करीब दो घंटे समय लगा। 

    तीन गैस सिलिंडर के ब्लास्ट होने से आग ज्यादा फैल गई।  जबकि एक सिलिंडर को  दमकल विभाग ने सुरक्षित बाहर निकाला।  एसडीएम कुल्लू विकास शुक्ला ने बताया कि आग से तीन सब्जी की दुकानें, एक न्यूज एजेंसी सहित सात दुकानें जलकर राख हुई है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं लग पाया है।

  • भरभराकर गिरी 5 मंजिला इमारत, देखें दिल दहलाने वाला वीडियो

    शिमलाः हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में सर्दियों के शुष्क मौसम में भूस्खलन की एक बड़ी घटना सामने आई है। शिमला ग्रामीण क्षेत्र के तहत ग्राम पंचायत घंडल में एक पांच मंजिला मकान पलभर में जमींदोज हो गया। शिमला-बिलासपुर नेशनल हाइवे के किनारे सोलह मील पर बना यह भवन शनिवार को दिन में ताश के पत्तों की तरह भरभराकर धराशायी हो गया। हालांकि इस घटना में किसी भी तरह के जान माल के नुकसान की खबर नहीं है। इस मकान में लॉ कॉलेज के छात्र रहते थे। एक हफ्ता पहले दरारों के कारण इस भवन को खाली करवा दिया गया था।

    इसके ध्वस्त होने से इससे सटी धामी डिग्री कॉलेज की इमारत भी खतरे की जद में आ गई है। कॉलेज भवन में बड़ी दरारें पड़ गई हैं। धराशायी हुआ पांच मंजिला भवन का मालिक राजकुमार शर्मा है। इस भवन के गिरने की वजह जमीन की कटिंग बताई जा रही है। दरअसल जमीदोंज हुए भवन से सटी जमीन के प्लॉट की कटिंग का काम चल रहा है। स्थानीय लोगों की मानें तो प्लॉट के कटिंग के बाद राजकुमार के पांच मंजिला भवन में दरारें आने लगीं थीं और शनिवार को यह भवन ढह गया। भवन के ढहने के बाद बालूगंज थाना क्षेत्र की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।

    शिमला के उपायुक्त आदित्य नेगी ने बताया कि जमींदोज हुए पांच मंजिला भवन में पीजी चल रहा था। इस भवन में लॉ कॉलेज के छात्र रहते थे। भवन में दरार आने पर इसे पूरी तरह से खाली करवा दिया गया था। उन्होंने कहा कि इस घटना में कोई नुकसान नहीं हुआ है। बता दें कि एनएच से सटे इस क्षेत्र में कई बहुमंजिला भवन बने हैं। नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी का परिसर भी इसी जगह है। दो साल पहले मानसून सीजन के दौरान यहां नेशनल हाइवे का लगभग 180 फुट हिस्सा टूट गया था। इससे शिमला का राज्य के आठ जिलों से सम्पर्क कट गया था। नेशनल हाइवे के टूटे हिस्से पर बैली ब्रिज बना है।

  • गहरी खाई में गिरी बोलेरो, 5 की मौ’त

    किन्नौर : हिमाचल प्रदेश के ​​​​​​ट्राइबल जिला ​किन्नौर में आज दोपहर एक बोलेरो कैंपर 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। गाड़ी में पांच युवक ही सवार थे। गाड़ी सड़क से सतलुज किनारे तक पहुंच गई। इससे गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। पुलिस के अनुसार न्यू बोलेरो कैंपर रिकांगपिओ से सांगला की ओर जा रही थी। इस दौरान गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। यह हादसा शुदारंग से लगभग 5 किलोमीटर आगे हुआ। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने सभी शवों को खाई से निकाल दिया है। शवों को अस्पताल लाया गया है, जहां पर पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है।

    सतलुज किनारे तक पहुंचे इन युवाओं के शवों को रस्सी के सहारे बांधकर सड़क पर लाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। अब तक हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मृतक युवक सभी 22 से 29 साल की उम्र के थे। अब तक जानकारी के अनुसार सभी एक शोरूम में काम करते थे।  हादसे में मृतकों की पहचान अभिषेक पुत्र राकेश कुमार निवासी कल्पा किन्नौर, तनुज पुत्र श्याम लाल निवासी खवांगी, अरुण पुत्र इंद्र लाल निवासी शौग सांगला किन्नौर, उपेंद्र पुत्र रविंद्र कुमार निवासी सापनी सांगला और समीर पुत्र भाग चंद निवासी गांव चारंग किन्नौर के तौर पर हुई है

  • दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र की मौ’त, 3 घायल

    शिमला : लोहड़ी व मकर संक्रांति का पर्व एक परिवार के लिए खुशियों की बजाय गमगीन कर गया। राजधानी शिमला के ढली थाना क्षेत्र के तहत शिमला-सुन्नी मार्ग पर बल्देयां के पास एक कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से पिता-पुत्र की मौत हो गई है। जबकि परिवार के 3 अन्य लोगों को चोटें आई है। मृतकों की पहचान 72 वर्षीय ईश्वरदास व उनके बेटे बाल कृष्ण (42) के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार एक कार (एचपी 30-6983) शिमला से करसोग की ओर जा रही थी। कार में एक परिवार के 5 सदस्य सवार थे जोकि लोहड़ी मनाने शिमला से अपने मूल निवास करसोग के कथोल गांव जा रहे थे। कार जब शिमला शहर से करीब 14 किलोमीटर दूर बल्देयां पहुंची तो चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

    कार को बाल कृष्ण चला रहा था। इस हादसे में बालकृष्ण की पत्नी रक्षा, उनके बेटे व बेटी को भी चोटें आई है। इन तीनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस अधीक्षक शिमला संजीव गांधी ने कहा कि ढली थाना पुलिस के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मृतकों का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिए हैं जबकि घायलों के मेडिकल करवा लिए हैं। पुलिस हादसों के कारणों की पड़ताल में जुट गई है।

  • लोहड़ी के दिन भूकंप के झटकों से हिली धरती 

    लोहड़ी के दिन भूकंप के झटकों से हिली धरती 

    शिमलाः देश भर में लगातार भूकंप के झटकों के मामले सामने आ रहे है। वहीं आज दोपहर लोहड़ी पर्व के दिन हिमाचल प्रदेश में भूकंप के झटके लगने की सूचना मिली है। मिली जानकारी के मुताबिक भूकंप की तीव्रता 3.1 रिक्टर स्केल मापी गई। बता दें कि दो दिन पहले ही दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।

  • श्री नैना देवी माता के दरबार से पंजाब का धुंध से ढका दृश्य, वीडियो वायरल

    हिमाचल प्रदेश : हिमाचल की ऊंची पहाड़ियों पर स्थित माता नैना देवी के दरबार से कोहरे ओर बादलों से ढका पंजाब का दृश्य देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर इस दृश्य की वीडियो भी काफी वायरल हो रही है। हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर की ऊंची पहाड़ी पर स्थित माता श्री नैना देवी के दरबार से आजकल सुबह एंव शाम के समय पंजाब पूरी तरह धुंध की आगोश में समाया रहता है। कई बार ऐसा मनमोहक दृश्य देखने को मिलता है जब ऐसा लगता है मानो पूरा पंजाब ही धुंध की सफेद चादर में ढक गया हो या पूरे पंजाब के ऊपर बादल ही बादल छाए हो।

  • स्कूल में नेल पॉलिश, पैंट-सलवार पहनकर आने पर लगी रोक, निर्देश जारी

    शिमलाः हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र से विद्यार्थी बालों में जेल, हाथों में नेल पॉलिश, शरीर पर टैटू और खुली या तंग मोरी की पैंट-सलवार पहनकर नहीं आ सकेंगे। राज्य सरकार ने नए शैक्षणिक सत्र से वर्दी के रंग-रूप और अन्य पहनावों को लेकर निर्देश जारी कर दिए हैं। छात्राओं के लिए घुटने से नीचे तक स्कर्ट, कमर से नीचे तक शर्ट पहनना और लंबे बाल होने पर दो चोटी बनाना अनिवार्य होगा। शिक्षा विभाग ने प्रारंभिक और उच्च शिक्षा निदेशकों को तय नियमों का नए सत्र से पालन सुनिश्चित करवाने के लिए पत्र भेज दिए हैं। पहली से बारहवीं कक्षा तक पढ़ने वाले करीब साढ़े सात लाख विद्यार्थियों को नए सत्र से पहनावे में बदलाव लाना होगा। 

    शिक्षा सचिव की ओर से जारी निर्देशों में स्पष्ट है कि छात्राओं के सूट की लंबाई घुटनों से एक इंच नीचे होगी। सलवार की मोरी न तो बहुत अधिक होगी और न अधिक तंग। स्कूल शर्ट-स्कर्ट चुनते हैं तो शर्ट के कॉलर सफारी सूट जैसेे होंगे। सूट और शर्ट पूरे बाजू के बनाने होंगे। लंबी जुराबें पहननी होंगी। टाई को शर्ट के पहले बटन को बंद करते हुए लगाना होगा। लंबे बालों वाली छात्राओं को रिबन बांध कर दो चोटी करनी होगी। छोटे बाल वाली छात्राओं को हेयर बैंड के साथ हेयर पिन लगानी होगी।

    छात्राओं को दुपट्टा भी पहनना होगा। छात्रों को छोटे बाल रखने होंगे। सिख समुदाय के छात्रों को सफेद पटका पहनना होगा। बालों में जेल लगाने पर रोक लगाई गई है। इसके अलावा मेकअप कर आने, आभूषण पहनने, ऊंची एड़ी के जूते या बूट पहनने पर रोक लगाई है। सरकार ने वर्दी का रंग और रूप तय करने का अधिकार स्कूल प्रमुख और स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (एसएमसी) को दिया है। इसके लिए वर्दी के रंगों के छह विकल्प हैं। वर्दी का कोई भी विकल्प तय नहीं होने पर स्कूल पुरानी वर्दी चुन सकेंगे। बैग फ्री डे या अन्य किसी विशेष दिवस पर स्कूल ट्रैक सूट भी लगा सकेंगे। 

  • निशा ठाकुर के सिर सजा विंटर क्वीन 2024 का ताज

    कुल्लू : राष्ट्र स्तरीय विंटर कार्निवाल मनाली के अंतिम दिन शरद सुंदरी प्रतियोगिता में मनाली की निशा ठाकुर को शरद सुंदरी-2024 चुना गया। उन्होंने फाइनल राऊंड में 15 प्रतिभागियों को हराकर शरद सुंदरी-2024 के खिताब पर कब्जा जमाया। वहीं शिमला की कोहिनूर प्रथम उपविजेता जबकि मनाली की ही भव्या पंडित द्वितीय उपविजेता रहीं। पहले राऊंड में सुंदरियों ने रैंप पर कैटवॉक किया। दूसरे राऊंड में उनका सीधा सामना जजों से हुआ। अधिकतर सुंदरियों ने पूरे आत्मविश्वास से जजों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर दिए। इसके बाद फाइनल राऊंड हुआ, जिसमें निशा ठाकुर को शरद सुंदरी-2024 चुना गया।

    शरद सुंदरी को नकदी, ट्रॉफी व ताज देकर किया सम्मानित
    पहली बार दूसरे राऊंड में सभी 27 प्रतिभागियों को मौका दिया गया। शरद सुंदरी को 100000 रुपए व ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। वहीं प्रथम उपविजेता को 50000 व द्वितीय उपविजेता को 30000 रुपए से सम्मानित किया गया। मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। विंटर कार्निवाल के दौरान वॉइस ऑफ विंटर कार्निवल 2024 का खिताब लक्ष्मी ने जीता जबकि फर्स्ट रनरअप कुणाल सूद और सैकेंड रनरअप हरीश ठाकुर रहे।