Category: Rashifal

  • बर्ड फ्लू को लेकर सरकार अलर्ट, पोल्ट्री फार्मों से विभाग ने लिए सैंपल 

    बर्ड फ्लू को लेकर सरकार अलर्ट, पोल्ट्री फार्मों से विभाग ने लिए सैंपल 

    नालागढ़ः रूस के साइबेरिया और अन्य देशों में ज्यादा ठंड पड़ने के बाद प्रवासी पक्षी हिमाचल का रुख कर रहे हैं। जिसके चलते हिमाचल में बर्ड फ्लू फैलने की आशंका बनी है। इसे देखते हुए प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य और पशुपाल विभाग को अलर्ट कर दिया है। पशुपालन विभाग ने सभी पशु चिकित्सा संस्थानों को इस पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

    नालागढ़ व बद्दी में पोल्ट्री फार्म में मुर्गियों के सैंपल लिए जा रहे हैं। जिन्हें जांच के लिए भेजा जा रहा है। जानकारी के अनुसार साइबेरिया से सर्दियों में आने वाले प्रवासी पक्षियों का रूट सोलन और सिरमौर जिले के बॉर्डर एरिया में रहता है। पशुपालन विभाग नालागढ़ डॉ. बीबी करकरा ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि पूरी एहतियात बरती जा रही है। पोल्ट्री फार्मों से सैंपल भरे जा रहे हैं। जिन्हें जांच के लिए भेजा जा रहा है।

  • हिमाचल में कैबिनेट का विस्तार, इन मंत्रियों ने ली शपथ

    हिमाचल में कैबिनेट का विस्तार, इन मंत्रियों ने ली शपथ

    शिमला: हिमाचल प्रदेश में सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार हो गया है. हिमाचल प्रदेश में 7 मंत्री बनाए गए हैं. राजभवन में आज जगत सिंह नेगी, चंद्र कुमार, हर्षवर्धन चौहान, रोहित ठाकुर, विक्रमादित्य सिंह, धनीराम शांडिल और अनिरुद्ध सिंह को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई. सुक्खू कैबिनेट में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह को भी शामिल किया गया है. उनको सरकार में अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है.

    बता दें कि हिमाचल प्रदेश में सोलन (सुरक्षित) सीट से तीन बार के विधायक धनीराम शांडिल को भी मंत्री बनाया गया है. वहीं, पूर्व डिप्टी स्पीकर जगत सिंह नेगी, विधायक हर्षवर्धन चौहान और विधायक रोहित ठाकुर को भी मंत्रिमंडल में जगह मिली है.

    जान लें कि हिमाचल प्रदेश के गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने राजभवन में आज सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार के 7 मंत्रियों को शपथ दिलाई. इस शपथ ग्रहण समारोह में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू और डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री भी मौजूद रहे.

    गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दिल्ली में कैबिनेट विस्तार के मुद्दे पर पार्टी आलाकमान और वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार-विमर्श किया था. हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के जीतने के बाद आज से करीब एक महीने पहले सुखविंदर सिंह सुक्खू और मुकेश अग्निहोत्री ने सीएम और डिप्टी सीएम पद की शपथ ली थी.

  • नया साल मनाने गए पंजाब के सैलानियों से साथ हुआ भयानक हादसा, 2 की मौत

    नया साल मनाने गए पंजाब के सैलानियों से साथ हुआ भयानक हादसा, 2 की मौत

    सोलनः नया साल मनाने के लिए घूमने गए टूरिस्टों की हाईवे से कार खाई में गिरने का मामला सामने आया है। इस दर्दनाक हादसे में 2 सैलानियों की मौत हुई है। वहीं 4 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतक और घायल पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ से नया साल मनाने के लिए शिमला आए थे। पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस थाना परवाणू के अंतर्गत नेशनल हाईवे 5 पर TTR और कश्यप ढाबे के पास शनिवार सुबह हादसा हुआ। इनोवा गाड़ी नंबर PB23-AF6715 शिमला से पंजाब की ओर जा रही थी, जिसमे 6 लोग सवार थे। चालक ने अचानक एक तीखे मोड़ पर गाड़ी से नियंत्रण खो दिया व गाड़ी सड़क से नीचे गिर गई।

    हादसे में घायल कुंदन कुमार ने बताया की वह मंडी गोबिंदगढ़ में रवि सिंगला की दुकान पर काम करता है। 30 दिसंबर को दुकान बंद करने के बाद दुकान मालिक रवि सिंगला के साथ उनकी कार में घूमने के लिए हिमाचल आए थे। दुकान पर काम करने वाला रविन्द्र कुमार, चन्दन कुमार व राधे भी साथ आया था। गाड़ी दुकान मालिक रवि सिंगला ही चला रहे थे। हिमाचल में घूमने के बाद वह वापस मंडी गोबिन्दगढ़ जा रहे थे।

    कश्यप ढाबे के पास तीखा मोड़ होने के कारण रवि सिंगला ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरक खाई में गिर गई। हादसे मे रवि सिंगला उम्र 39 वर्ष निवासी मकान नंबर 230, विकासनगर मंडी गोबिंदगढ़, पंजाब और राधेश्याम उम्र 21 वर्ष निवासी खानपुर जिला समस्तीपुर बिहार की मौक़े पर ही मौत हो गई। घायल व्यक्तियों की पहचान कुन्दन कुमार, रविन्द्र कुमार, बलराम व चन्दन कुमार के तौर पर हुई है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। हादसे की पुष्टि परवाणू करते हुए थाना प्रभारी फूल चंद ने बताया कि सड़क हादसे की जांच की जा रही है। हादसे के असली कारणों का पता लगाया जा रहा है। शवों को कब्जे में लेकर केस दर्ज कर लिया गया है।

  • सरकार के कर्मचारियों को निर्देश, गोपनीयता लीक करने पर होगी कार्रवाई

    सरकार के कर्मचारियों को निर्देश, गोपनीयता लीक करने पर होगी कार्रवाई

    शिमलाः हिमाचल प्रदेश सरकार ने सचिवालय में तैयार की जाने वाली योजनाओं की गोपनीयता को लीक करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर कर दी है। शुक्रवार को सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से एक पत्र जारी कर फैसले लेने की प्रक्रिया के दौरान जानकारी को लीक करने वालों को अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए चेताया है।

    सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी प्रशासनिक सचिवों सहित शाखा प्रभारियों, निजी सचिवों और अनुभाग अधिकारियों को इस बाबत लिखित निर्देश जारी किए हैं। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि सचिवालय की गोपनीय सूचनाएं लीक होने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। सरकारी कार्यों में कोताही बरतने और सीसीएस नियम 1964 का यह उल्लंघन हैं।

    सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सरकारी योजनाओं और फैसलों की गोपनीयता का पूरा ख्याल रखने को कहा गया है। पत्र में कहा है कि जब तक सरकार कोई निर्णय लेने संबंधी अधिसूचना जारी ना कर दे, तब तक किसी भी सूचना को किसी के साथ साझा न किया जाए। भविष्य में इस तरह के मामले अगर सामने आए तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। 

  • सरकार ने कोरोना को लेकर कॉलेजों को जारी की गाइडलाइंस

    सरकार ने कोरोना को लेकर कॉलेजों को जारी की गाइडलाइंस

    शिमलाः हिमाचल के शैक्षणिक संस्थानों में मास्क पहनना अनिवार्य हो गया है। हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी (HPU) ने प्रदेश के सभी काॅलेजों, प्राइवेट यूनिवर्सिटी और मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थानों के लिए यह आदेश जारी किए हैं। यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार बलवान चंद ने कहा कि कैंपस और भीड़ भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा वैक्सीन की प्रीकॉशन डोज लगवाने को भी कहा गया है।

    कोविड के इन नियमों का पालन करना होगा

    • शैक्षणिक संस्थानों में भीड़भाड़ वाली जगह और कैंपस में मास्क पहनना जरूरी होगा।
    • सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करना होगा।
    • हैंड सैनिटाइज का प्रयोग जरूरी है।
    • जुखाम होने पर तुरंत कोविड टेस्ट करवाना होगा।

    हिमाचल के कॉलेजों में फर्स्ट ईयर से लेकर फाइनल ईयर तक की कक्षाओं के प्रैक्टिकल शुरू हो गए हैं। ऐसे में इन परीक्षाओं के दौरान काफी भीड़ रहेगी। इसलिए कोविड के नियमों का पालन करने के दिशा निर्देश दिए गए हैं। विवि प्रशासन का कहना है कि सभी कॉलेजों के प्रिंसिपलों को इन आदेशों का पालन करवाना सुनिश्चित करना होगा।

    हिमाचल की बात करें तो यहां पर फिलहाल कोरोना पॉजिटिव केस कम हैं। कोरोना केस में 25 दिसंबर से निरंतर गिरावट जारी है। 25 से 27 दिसंबर तक 2-2 नए मरीज मिले, जबकि बीते 24 घंटे के दौरान सिर्फ एक मरीज मिला। कोरोना की जांच लगभग डबल करने के बावजूद कम मरीज मिलना अच्छा संकेत है।

  • हिमाचल में नए साल से पहले उमड़ी भीड़, 45 मिनट के सफर में लग रहे 5 घंटे 

    हिमाचल में नए साल से पहले उमड़ी भीड़, 45 मिनट के सफर में लग रहे 5 घंटे 

    पर्यटकों की मदद के लिए सरकार ने जारी किया हैल्पलाइन नंबर

    मनालीः बड़ी संख्या में लोग मैदानी इलाकों से पहाड़ों की ओर नए साल का जश्न मनाने जा रहे हैं। हिमाचल प्रदेश में सैलानियों का तांता लगा हुआ है। बहुत से लोग शिमला और मनाली पहुंच रहे हैं। जिसके कारण मनाली से लेकर अटल टनल तक कई जगह पर ट्रैफिक जाम की स्थिति है। लोग घंटों-घंटों जाम में फंस रहे हैं। जाम का आलम ये है कि राज्य सरकार ने पर्यटकों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।

    आमतौर पर मनाली से अटल टनल पहुंचने में 45 मिनट का समय लगता है। लेकिन जाम की स्थिति में लोगों को अटल टनल पहुंचने में 5 घंटे का समय लग रहा है। मनाली शहर की 8 जगहों पर जाम की स्थिति बनी हुई है। पर्यटकों की गाड़ी नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भी काफी परेशानी हो रही है। जाम की इस स्थिति पर ड्रोन से नजर रखी जा रही है।

    हिमाचल प्रदेश सरकार ने पर्यटकों के लिए एक हेल्पलाइन नंबर (112) भी जारी किया है। बता दें, पिछले दो सालों से कोविड के साये में हो रहे नए साल के जश्न में लोग बाहर नहीं जा पा रहे थे। लेकिन इस बार नए साल का जश्न मनाने और बर्फबारी देखने के लिए लोग पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। 

    मौसम विभाग की मानें तो हिमाचल प्रदेश के मनाली में आज न्यूनतम तापमान -1 और अधिकतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया है। कल तापमान 0 डिग्री हो सकता है। वहीं, 29 दिसंबर को मनाली में बर्फबारी देखने को मिल सकती है। वहीं, अगर नए साल की बात करें तो 31 दिसंबर को न्यूनतम तापमान जीरो डिग्री और अधिकतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। वहीं 1 जनवरी को न्यूनतम तापमान -1 और अधिकतम तापमान 7 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।

  • अटल टनल, रोहतांग में बर्फबारी शुरू, घूमने गए सैलानियों को भेजा वापस, देखें वीडियो 

    अटल टनल, रोहतांग में बर्फबारी शुरू, घूमने गए सैलानियों को भेजा वापस, देखें वीडियो 

    रोहतांगः हिमाचल प्रदेश में अटल टनल, रोहतांग समेत अन्य ऊंची चोटियों पर सोमवार को ताजा बर्फबारी हुई है। जिला कुल्लू की ऊंची चोटियों के साथ लाहौल-स्पीति में हल्की बर्फबारी हुई है। सोमवार दोपहर बाद अटल टनल रोहतांग के साथ पूरी घाटी में रुक-रुककर बर्फबारी शुरू हुई और पुलिस ने लाहौल के सिस्सू व कोकसर घूमने गए सैलानियों को वापस मनाली भेजा।

    क्रिसमस के लिए मनाली पहुंचे हजारों सैलानी बर्फ देखने के लिए अटल टनल रोहतांग होकर लाहौल पहुंचे। लेकिन दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और बर्फबारी शुरू हो गई है। वहीं पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति मानव वर्मा ने कहा कि लाहौल-स्पीति में साउथ पोर्टल में बर्फबारी शुरू हो गई है। पर्यटकों को हिदायत दी जाती है की वे जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों की ओर प्रस्थान करें।

    29 और 30 दिसंबर को फिर बारिश-बर्फबारी के आसार

    मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के सभी भागों में 28 तक मौसम साफ रहेगा।  29 और 30 दिसंबर को प्रदेश के कई भागों में बारिश-बर्फबारी संभावना जताई है। इसके बाद मौसम साफ रहने के आसार हैं। 


    हिमाचल में न्यूनतम तापमान

    शिमला में न्यूनतम तापमान 3.5, सुंदरनगर 1.4, भुंतर 2.2, कल्पा माइनस 1.4, धर्मशाला 5.4, ऊना 2.0, नाहन 7.3, केलांग 5.1, पालमपुर 4.0, सोलन 2.7, मनाली 1.0, कांगड़ा 5.1, मंडी 0.5, बिलासपुर 4.0, हमीरपुर 2.6, चंबा 3.4, डलहौजी 4.0, जुब्बड़हट्टी 6.4, कुफरी 1.5, कुकुमसेरी माइनस 5.2, नारकंडा 0.6, रिकांगपिओ 1.2, धौलाकुआं 7.7, बरठीं 2.9, पांवटा साहिब 7.0 और सराहन में 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। 

  • पुलिसकर्मियों से उलझे हुड़दंगबाज, 6 को किया काबू, देखें वीडियो

    पुलिसकर्मियों से उलझे हुड़दंगबाज, 6 को किया काबू, देखें वीडियो

    शिमलाः राजधानी शिमला के रिज मैदान पर दिन भर क्रिसमस का खूब जश्न चलता रहा। हजारों की संख्या में पर्यटकों ने दिन भर रिज पर मस्ती की, लेकिन रात को कुछ हुड़दंगियों ने रंग में भंग डाल दिया। कुछ पर्यटक पुलिस से उलझ गए। हरियाणा के जींद से करीब आधा दर्जन सैलानी पुलिस से हाथापाई पर उतर आए। पुलिस के लाख समझाने के बाद भी यह नहीं समझे और पुलिस से बदतमीजी करते रहे।

    आखिर में पुलिस 6 हुड़दंगियों को उठाकर थाने ले गई। हरियाणा के यह युवकों ने रिज पर हुड़दंग मचाना शुरू कर दिया। नो स्मोकिंग जोन रिज मैदान पर युवक सिगरेट पीते रहे। इसी बीच दो युवकों ने कमीज उतार दी और डांस करने लगे। इससे दूसरे सैलानी परेशान दिखे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवकों को शोर-शराबा करने से रोका तो करीब आधा दर्जन युवक पुलिस से हाथापाई पर उतर आए।

    एक युवक एएसआई को धक्का देते हुए नजर आया। पुलिस काफी देर तक इन्हें समझाती रही। हुड़दंग देख पुलिस ने मौके पर क्यूआरटी भी बुला ली। जब युवक नहीं समझे तो पुलिस को जबरन इन्हें पीआर वैन में डाल दिया और थाने में पहुंचाया। रात करीब 11:30 बजे पुलिस ने इन्हें थाने पहुंचाया। पुलिस इन सब का मेडिकल करवाने के लिए अस्पताल ले गए। मामले में सदर थाना पुलिस कार्रवाई अमल में ला रही है। रिज मैदान पर बढ़ता हुड़दंग देख पुलिस की दो गाड़ियां यहां रात करीब 11:45 बजे पहुंचती हैं।

    पुलिस ने लाउड स्पीकर से रिज मैदान को खाली करने की पर्यटकों से अपील की। करीब पांच मिनट में ही रिज मैदान खाली हो गया और यहां सन्नाटा पसर गया। यहां पुलिस के कुछ जवान ही दिखे। रिज मैदान और मालरोड पर पुलिस कर्मियों के अलावा क्यूआरटी के जवान भी तैनात रहे। भारी संख्या में सैलानियों के शिमला पहुंचने से कार्ट रोड को माल रोड को जोड़ने वाली पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट के बाहर सैलानियों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई सैलानी कार्ट रोड से आजीविका भवन होते हुए पैदल ही माल रोड पहुंच गए। 

  • ज्वेलर्स की दुकान से गहने चुराकर फरार महिलाएं 

    ज्वेलर्स की दुकान से गहने चुराकर फरार महिलाएं 

    पांवटा साहिबः हिमाचल के सिरमौर स्थित पांवटा साहिब में एक ज्वैलर्स की दुकान पर आभूषण चोरी करते हुए 2 महिला सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं। ज्वैलर्स ने सीसीटीवी की फुटेज पुलिस को देकर चोरी का मामला दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी महिलाओं की तलाश में जुट गई है।मेन बाजार में ज्वैलर संजीव ने बताया कि उसकी दुकान पर 2 महिलाएं पहुंचीं। इस दौरान दुकान में उनका वर्कर मौजूद था। महिलाओं ने वर्कर को पेंडिल, अंगूठी आदि जेवर दिखाने के लिए कहा। दुकान में काम कर रहे वर्कर ने उन महिला को जेवर दिखाना शुरू किया। इसी बीच एक महिला ने उससे एक पेंडिल का वजन तोलने के लिए कहा।

    वर्कर ने जैसे ही वजन करना शुरू किया, तभी एक महिला ने डिब्बे से कुछ ज्वैलरी चुराकर दूसरी महिला को दे दी और एक पेंडिल खरीद कर चली गई। कुछ देर बाद जब दुकान पर पहुंचा तो ज्वैलरी गायब मिली। यह देख वह घबरा गया और सीसीटीवी कैमरा चेक किया। जिसमें महिलाएं ज्वैलरी चुराते हुए कैद हो गईं। दुकानदार ने आनन-फानन आसपास के अन्य दुकानदारों के साथ दोनों महिलाओं को खोजना शुरू किया, लेकिन दोनों का कहीं पता नहीं चल सका। जिसके बाद दुकानदार ने पुलिस को शिकायत देकर मामला दर्ज कराया है। डीएसपी रमाकांत ठाकुर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी महिला को काबू कर लिया जाएगा।

  • हिमाचल में नेशनल हाईवे पर पहाड़ी से बड़ी चट्टाने, हाईवे हुआ बंद, देखें वीडियो

    हिमाचल में नेशनल हाईवे पर पहाड़ी से बड़ी चट्टाने, हाईवे हुआ बंद, देखें वीडियो

    शिमलाः हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ बना हुआ है। सूबे में इस बार व्हाइट क्रिसमस होने की उम्मीद काफी कम है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिन तक मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है। हालांकि, मौसम साफ होने के बावजूद किन्नौर में लैंडस्लाइड हुआ है। यहां पर नेशनल हाईवे पर पहाड़ी से बड़ी बड़ी चट्टाने गिरी हैं और हाईवे बंद हो गया है। फिलहाल हाईवे की बहाली के प्रयास जारी हैं।

    जानकार के अनुसार, किन्नौर में शिमला और काजा को जोड़ने वाले राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पर उरनी ढांक के पास जेएसडब्ल्यू के फ्लैशिंग टनल के पास यह लैंडस्लाइड हुई है। भारी चट्टान टूटने से राष्ट्रीय उच्च मार्ग अवरुद्ध हो गया है। वाहनों को वाया उरनी भेजा जा रहा है। एसपी किन्नौर विवेक चहल ने बताया कि हाईवे पर लैंडस्लाइड हुआ है, लेकिन कोई जान मॉल के नुकसान नहीं हुआ है। हाईवे की बहाली के लिए मशीनरी लगी हुई है।

    मनाली में कहां तक खुला है हाईवे

    लाहौल पुलिस के अनुसार, लेह-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-003) लाहौल के केलांग से आगे दारचा तक खुला है। शिंकुला सड़क मार्ग 11 AM से 4.00PM तक स्थानीय 4*4 वाहनों के लिए खुला है। पांगी किलाड़ राजमार्ग (SH-26) सभी प्रकार के वाहनों के लिए खुला है। काजा सड़क (NH-505) सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए बन्द है, जो कि अगले साल खुलेगा।

    व्हाइट क्रिसमस के आसार नहीं 

    हिमाचल प्रदेश में इस बार व्हाइट क्रिसमस के आसार नहीं हैं। प्रदेश में एक सप्ताह तक मौसम साफ रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के सभी भागों में 25 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। मैदानी जिलों में 21 दिसंबर तक सुबह और शाम के समय धुंध पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वर्ष 2016 के बाद से अभी तक शिमला में व्हाइट क्रिसमस की आस पूरी नहीं हुई है और इस बार भी 25 दिसंबर को बर्फबारी के आसार नहीं हैं।