Category: Breaking News

  • स्कार्पियो के अंदर चली गोली, एक की मौत 

    स्कार्पियो के अंदर चली गोली, एक की मौत 

    बलिया: सदर कोतवाली थाना अंतर्गत जमुआ गांव में स्कार्पियो कार के अंदर एक सनकी प्रेमी ने खुद को प्रेमिका के सामने ही अवैध असलहे से गोली मार कर खुदखुशी कर ली। मामले की सूचना मिलते ही मौके पर एसपी सहित कई थाने की फोर्स पहुंच गई। एसपी एस. आनन्द ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि स्कार्पियो में दो लोगो को गोली लगी हुई है। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसी स्कार्पियो से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लाया गया। बताया गया है कि लड़के की मौत हो गई और लड़की को कोई दिक्कत नही है।

    साथ ही बताया गया कि मृतक सोनू गोड़ का एक लड़की के साथ पिछले 8 महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसको लेकर लड़के के परिवार में विवाद हो गया और उसी दौरान स्कार्पियो में बैठे हुए सोनू गोड़ ने अवैध असलहे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। प्रेमिका उसी गाड़ी में बैठी थी बताया प्रथमदृष्टया आत्महत्या का मामला है। बताया जा रहा है कि मृतक सोनू कि दो शादियां होने के बावजूद उसका एक अन्य लड़की से भी प्रेम प्रसंग चल रहा था। हालांकि इस घटना में लड़की सुरक्षित है। जबकि मृतक सोनू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया पुलिस ने स्कॉर्पियो को अपने कब्जे में लेकर आत्महत्या में प्रयुक्त असलहा बरामद कर लिया है। मृतक के भाई की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  • ट्रक में अजगर घूसने से मचा हड़कंप, देखें वीडियो

    ट्रक में अजगर घूसने से मचा हड़कंप, देखें वीडियो

    नई दिल्ली: ग्रेटर नोएडा के परी चौक से एक बड़ी खबर आ रही है। खबर यह है कि ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर खड़े ट्रक के केबिन में एक अजगर निकलने से हड़कंप मच गया। अजगर को देखकर भयभीत हुए ट्रक चालक व परिचालक ने ट्रक से कूद भाग निकले। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने अजगर को किसी तरह ट्रक के केबिन से बाहर निकाला। ट्रक के केबिन से निकलकर अजगर एक बाइक में घुस गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस व वन विभाग की टीम ने अजगर को पकड़ा।

    देर रात परी चौक पर चालक व परिचालक ट्रक को सड़क किनारे कर बदहवास भागते नजर आए। लोगों ने जब उनसे माजरा पूछा तो उन्होंने बताया कि ट्रक के केबिन में एक बड़ा अजगर घुसा हुआ है। लोगों ने इसकी सूचना परी चौक चौकी पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज व पुलिसकर्मियों ने अजगर को बाहर निकालने का प्रयास किया। इस दौरान अजगर ने कई बार पुलिस कर्मियों पर हमला भी किया।

    अजगर के तेवर को देखकर लोग उसके पास जाने की हिम्मत तक नहीं जुटा पाए। काफी देर की मशक्कत के बाद पुलिसकर्मी अजगर को ट्रक के केबिन से बाहर निकलने में सफल हो सके। ट्रक से बाहर निकलते ही अजगर पुलिस कर्मियों के हाथ से छूटकर पास खड़ी बाइक में घुस गया। अजगर को बाइक से निकालने के लिए पुलिस कर्मियों के पसीने छूट गए।

    इस दौरान वन विभाग को भी इस मामले की जानकारी दी गई। कई घंटे की मशक्कत के बाद अजगर पर काबू पाया गया जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली। अजगर को रेस्क्यू करने के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ लगी रही। इस दौरान कुछ लोगों ने इस पूरे वाक्ये को अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया। रेस्क्यू किए गए अजगर को पुलिस ने वन विभाग अधिकारियों के हवाले कर दिया।पुलिस आशंका जता रही है कि किसी सुनसान जगह पर खड़े ट्रक में अजगर घुस आया और नोएडा तक पहुंच गया। पकड़े गए अजगर को वन विभाग की टीम ने जंगल में छोड़ दिया है।

  • पुलिस को मिली बड़ी सफलताः 800 करोड़ की ड्रग्स बरामद 

    पुलिस को मिली बड़ी सफलताः 800 करोड़ की ड्रग्स बरामद 

    नई दिल्ली: गुजरात के कच्छ जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां कच्छ जिले के गांधीधाम से करोड़ों की कीमत की प्रतिंबधित नशीली दवाईयां मिली है। कच्छ में समुद्री तट से 80 किलो कोकीन जब्त की गई है। जानकारी के अनुसार विश्व बाजार में इसकी कीमत 800 करोड़ से अधिक आंकी जा रही है। ये नशीली दवाईयां समुद्र के किनारे लावारिश हालत में मिला है। पुलिस ने इसे जब्त कर लिया है और जांच शुरु कर दी है। इस सफल अभियान की तरीफ गुजरात के गृह राज्य मंत्री सांघवी ने की है।

    कच्छ पुलिस ने जानकारी दी है कि इस ड्रग्स की जांच करने पर पता चला की ये कोकिन है। पुलिस को कोकिन गांधीधाम शहर के करीब समुद्र तट पर मिला है। इसके कुल 80 पैकेट मिले हैं। हर पैकेट का वजन करीब 1 किलो है। कच्छ जिले के ईस्ट डिवीजन के एसपी सागर बागमार ने कहा कि पुलिस इन सब पर लंबे समय से नजर रख रही थी तो हो सकता है कि ड्रग्स तस्कर पकड़े जाने के डर की वजह से इसे यहीं छोड़कर भाग गए होंगे।

    एसपी बागमार ने जानकारी दी कि पुलिस को इस बात की गुप्त सूचना पहले से ही थी कि यहां ड्रग्स की डिलवरी होने वाली है। इसके बाद सूचना के आधार पर खोजबीन शुरु कर दी गई। इस अभियान के दौरान समुद्र किनारे कोकिन के 80 पैकेट मिले हैं। पुलिस ने जानकारी दी कि विश्व बाजार में इस कोकिन की कीमत 800 करोड़ रुपए हैं। पुलिस ने कहा कि गांधीधाम के पास जो पैकेट बरामद हुए हैं उसका पिछले ड्रग्स से कोई संबंध नहीं  है। जांच में पता चला कि इसे कुछ ही दिनों में तैयार किया गया है। पुलिस ने आगे कहा कि हमने सूचना के आधार ड्रग्स तस्करों की धर-पकड़ के लिए जांच तेज कर दी है।

    पुलिस से इस सफल अभियान के लिए गुजरात के गृहराज्य मंत्री हर्ष सांघवी ने प्रशांसा की है। सांघवी ने कहा कि ये बहुत बड़ी खेप है। उन्होंने कहा कि हाल के सालों में गुजरात पुलिस ने जितने ड्रग्स बरामद की है उतना किसी अन्य राज्य ने नहीं किया है। इससे पहले एक सितंबर को अहमदाबाद में पुलिस ने ड्रग्स रैकेट का खुलासा किया था। क्राइम ब्रांच ने दो अलग-अलग जगहों से एक किलो से अधिक मेफेड्रोन ड्रग जब्त की थी। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 1.2 करोड़ थी। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। चार आरोपी फरार हो गए थे। जिनकी तलाश चल रही है।

  • परिजनों ने गर्भवती युवती को लगाई आग

    परिजनों ने गर्भवती युवती को लगाई आग

    नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश के हापुड से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार यहां एक गर्भवती युवती को जंगल में जिंदा जलाने की कोशिश की गई है। जिसमें आग से झुलसी महिला अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है। वहीं हैरानी की बात यह है कि गर्भवती महिला को किसी रंजिश में आग के हवाले नहीं किया गया। बल्कि महिला के परिजनों ने ही उसके साथ ऐसा किया है। दरअसल जानकारी के अनुसार पता चला है कि कुछ किसानों ने जंगल में एक महिला को गंभीर रूप से घायल अवस्था में देखा।

    जिसे उन्होंने इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा दिया। जहां से उसे डॉक्टरों की टीम ने मेरठ के सरकारी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हादसे की जानकारी होने पर जब पुलिस ने मामले की तहकीकात की तो पता चला की गर्भवती महिला को उसके परिजनों ने ही आग के हवाले किया था। पुलिस अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि जब परिजनों को पता चला कि उनकी अविवाहित बेटी गर्भवती है तो वह उससे काफी नाराज हो गए और गुस्से में आकर गर्भवती युवती को जंगल में ले जाकर आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले में जांच करते हुए गर्भवती महिला की जान लेने की कोशिश के आरोप में उसकी मां और भाई को हिरासत में ले लिया है।

    जानकारी के अनुसार परिजनों ने युवती से उसके गर्भ में पल रहे बच्चे के पिता के बारे में जानकारी मांगी थी। जिस पर उसने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया था। ऐसे में गुस्से में आकर मां और भाई ने ही 21 साल की गर्भवती युवती को जंगल में ले जाकर आग के हवाले कर दिया था। फिलहाल आग बुझने के कारण युवती की जान बच गई और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

  • 100 किमी रफ्तार से कार चालक ने व्यक्ति को रौंदा, देखें दिल दहलाने वाला वीडियो

    100 किमी रफ्तार से कार चालक ने व्यक्ति को रौंदा, देखें दिल दहलाने वाला वीडियो

    चेन्नईः भीड़भाड़ वाली सड़क पर भी तेज रफ्तार वाहन दौड़ाने का कई लोगों का शौक जिंदगी पर भारी पड़ रहा है। ऐसे ड्राइवर कार पर नियंत्रण खोते ही कई लोगों की दहलाने वाली मौत का कारण बन रहे हैं। ऐसा ही एक हादसा तमिलनाडु के चेन्नई में हुआ है, जिसमें एक व्यस्त रोड पर पैदल जा रहे शख्स को सामने से 100 किमी प्रति घंटा से भी ज्यादा स्पीड से आ रही कार ने टक्कर मारकर कई फुट दूर उछाल दिया। टक्कर से घायल हुए शख्स की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग भी इस हादसे में घायल हुए हैं।

    आरोपी ड्राइवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरी घटना सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसका वीडियो वीरवार को सामने आया है। दिल दहलाने वाले हादसे का यह वीडियो सोशल मीडिया पर बेहद वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यस्त सड़क पर ट्रैफिक गुजर रहा है। इसी दौरान एक व्यक्ति कैमरे में सड़क किनारे चलता हुआ दिखाई देता है।

    सामने से अचानक काले रंग की एक कार बेहद तेज गति से कई वाहनों को टक्कर मारती हुई आती दिखती है और सीधे उस आदमी को जोरदार टक्कर मारकर एक ऑटोरिक्शा में घुस जाती है। कार की टक्कर लगते ही व्यक्ति कई फुट ऊंचा उछलने के बाद दूर जाकर गिरता है और उसकी वहीं पर मौत हो जाती है। यह हादसा बुधवार को हुआ है, लेकिन इसका सीसीटीवी वीडियो गुरुवार को सामने आया है।

  • प्रदर्शनकारियों ने डीसी दफ्तर में की तोड़फोड़, 2 गाड़ियों में लगाई आग, CRPF जवान तैनात

    प्रदर्शनकारियों ने डीसी दफ्तर में की तोड़फोड़, 2 गाड़ियों में लगाई आग, CRPF जवान तैनात

    इंफाल: मणिपुर में 2 छात्रों की मौत को लेकर चल रहा हिंसक प्रदर्शन आज सुबह भी जारी रहा। अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों की उग्र भीड़ ने इंफाल वेस्ट में एक डिप्टी कमिश्नर कार्यालय में तोड़फोड़ की और 2 गाड़ियों में आग लगा दी। सूबे की राजधानी में छात्रों की अगुवाई में यह हिंसा मंगलवार को तब शुरू हुई जब जुलाई में लापता हुए एक लड़के और लड़की की लाशों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं। अधिकारियों ने बताया कि बीती रात उरीपोक, यैसकुल, सगोलबंद और टेरा इलाकों में प्रदर्शनकारियों की सुरक्षाबलों से झड़प हुई।

    रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए सुरक्षाबलों को आंसू गैस के कई गोले छोड़ने पड़े। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाबलों को रिहायशी इलाकों में घुसने से रोकने के लिए टायर जलाकर सड़कों को जाम कर दिया। उन्होंने बताया कि भीड़ ने डीसी दफ्तर में तोड़फोड़ की और 2 गाड़ियों को फूंक दिया। CRPF के जवानों ने किसी तरह हालात को काबू में किया। इंफाल ईस्ट और इंफाल वेस्ट जिलों में सुरक्षाबलों के हिंसक प्रदर्शनों से निपटने के बीच कर्फ्यू फिर से लगा दिया गया है। इन प्रदर्शनों में मंगलवार से लेकर अब तक 65 प्रदर्शनकारी घायल हो गए हैं।

    पुलिस ने बताया कि थौबल जिले के खोंगजाम में बीजेपी के दफ्तर में आग लगा दी गई। मणिपुर पुलिस ने एक बयान में कहा कि भीड़ ने पुलिस की एक गाड़ी को निशाना बनाया और उसमें आग लगा दी जबकि एक पुलिसकर्मी से मारपीट की और उसका हथियार छीन लिया। उसने कहा कि ऐसे अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जाएगा। छीने गए हथियारों को बरामद करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया गया है। मणिपुर के बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने सुरक्षाबलों से लड़कों पर ‘मनमाने ढंग से’ लाठीचार्ज न करने, आंसू गैस के गोले न छोड़ने और रबड़ की गोलियां न चलाने की अपील की है।

    अनुसूचित जनजाति (ST) का दर्जा देने की मेइती समुदाय की मांग के विरोध में मणिपुर के पर्वतीय जिलों में जनजातीय एकजुटता मार्च के बाद 3 मई को जातीय हिंसा भड़क गई थी। हिंसा की घटनाओं में अब तक 180 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों लोग घायल हुए हैं। मणिपुर की आबादी में मेइती समुदाय के लोगों की संख्या लगभग 53 प्रतिशत है और वे ज्यादातर इंफाल घाटी में रहते हैं। वहीं, नगा और कुकी आदिवासियों की आबादी करीब 40 फीसदी है और वे ज्यादातर पर्वतीय जिलों में रहते हैं।

  • इस गेट के पास खालिस्तान समर्थक नारे लिखने के मामले में FIR दर्ज

    इस गेट के पास खालिस्तान समर्थक नारे लिखने के मामले में FIR दर्ज

    नई दिल्लीः राजधानी दिल्ली के कश्मीरी गेट के पास फ्लाईओवर पर खालिस्तान से संबंधित नारे लिखे गए हैं। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। जानकारी के मुताबिक, फ्लाईओवर पर बीती रात को आपत्तिजनक नारे लिखे गए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने स्प्रे पेंट से नारों मिटा दिया है। इस संबंध में पुलिस अधिकारी का कहना है कि कुछ सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में दो-तीन संदिग्ध दिखे हैं। वह कार से आए थे, हालांकि फुटेज में कार का नंबर स्पष्ट नजर नहीं आ रहा है। फिलहाल संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

    दिल्ली पुलिस के मुताबिक फ्लाईओवर के नीचे ‘दिल्ली बनेगा खालिस्तान’ जैसे नारे लिखे गए थे। एक राहगीर की नजर इन नारों पर पड़ी। उसने फोन कर पुलिस को जानकारी दी। जिसके बाद मौके पर दिल्ली पुलिस के सिपाही पहुंचे। फिर केस दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ की तैयारी के लिए टीम बनाई गई। खालिस्तानी समर्थकों ने फ्लाईओवर के दोनों तरफ नारे लिखे थे। माना जा रहा है कि मंगलवार देर रात दिल्ली में खालिस्तानी नारे लिखे जाने की ये घटना हुई। खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भी दिल्ली में खालिस्तानी नारे लिखे जाने की बात कही थी।

    दिल्ली में खालिस्तानी नारे लिखे जाने की ये एक महीने में दूसरी घटना है। इससे पहले 27 अगस्त को दिल्ली के 5 मेट्रो स्टेशनों के बाहर खालिस्तानी समर्थकों ने नारे लिखे थे। उस मामले में 2 लोगों को पंजाब से दिल्ली पुलिस ने पकड़ा था। जी-20 सम्मेलन से पहले खालिस्तानी नारे लिखे जाने की वो घटना हुई थी। तब भी खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने वीडियो जारी कर कहा था कि दिल्ली में नारे लिखवाए हैं। अमेरिका और कनाडा में रहने वाला गुरपतवंत सिंह पन्नू आतंकी संगठन सिख्स फॉर जस्टिस का प्रमुख है और आए दिन भारत को धमकी देता रहता है।

  • तेज रफ्तार डंपर ने 3 बाइक सवार युवकों को रौंदा, मौत

    तेज रफ्तार डंपर ने 3 बाइक सवार युवकों को रौंदा, मौत

    नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश के जनपद संभल में गत रात भीषण सड़क हादसा हुआ। जहां तेज रफ्तार डंपर ने 3 बाइक सवार युवकों को रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में इलाज के दौरान 2 बाइक सवार की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक युवक का नाम शादाब व कमल राजा निवासी लक्ष्मणगंज के है। घायल युवक का नाम जावेद है। यह हादसा संभल के थाना बनियाठेर क्षेत्र के एनएच 509 पर हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।

    जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। सीओ चंदौसी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हुई है। घटना के बाद फरार डंपर चालक को पकड़ने के लिए टीमें बना दी गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जानकारी के अनुसार बाइक सवार तीनों लोग जनपद मुरादाबाद के बिलारी रिश्तेदार से लौट कर आ रहे थे। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वो पुलिस से जल्द से जल्द आरोपी को पकड़ने की मांग कर रहे है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरु कर दी है।

  • 3  कारों में लगी भीष्ण आग, जलकर हुई खाक

    3 कारों में लगी भीष्ण आग, जलकर हुई खाक

    नई दिल्ली : हरियाणा के गुरुग्राम में सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक साथ 3 गाड़ियों में आग लग गई। ये तीनों गाड़ियां पार्किंग एरिया में खड़ी हुई थी। गुरुग्राम के सेक्टर 50 थाना एरिया की यह घटना बताई जा रही है। 3 गाड़ियों में एक साथ आग लगने की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। दरअसल सुबह सेक्टर 46 इलाके में आग लगने से 3 गाड़ियां जलकर खाक हो गईं। इनमें ग्रैंड विटारा, ब्रेज़ा और टाटा हैरियर एसयूवी गाड़ी शामिल है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।

    अग्निशमन अधिकारी नीतीश भारद्वाज ने बताया कि सुबह 3 गाड़ियों में आग लगने की खबर फायर विभाग को मिली थी जिसके बाद मौके पर फायर विभाग की टीम पहुंची और आग पर काबू पा लिया। गाड़ियों में आग लगने के पीछे क्या कारण है ये अभी तक पता नहीं चल पाया है। इसकी जांच पुलिस कर रही है। गुरुग्राम के सेक्टर 50 थाने के एसएचओ राजेश यादव ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे सेक्टर-46 में घरों के बाहर पार्किंग एरिया में खड़ी गाड़ियों में अचानक आग लग गई थी।

    जिसके बाद सूचना मिलते हीं मौके पर पुलिस और फायर विभाग की टीम पहुंच गई। फायर विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया। एसएचओ  राजेश यादव ने बताया की आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है और पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस वहां लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से भी जांच कर रही है। 

  • नेता की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार 3 बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

    नेता की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार 3 बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

    बिहारः गया जिले में केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस की पार्टी रालोजपा के नेता अनवर खान की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। आमस में बुधवार सुबह अनवर खान को बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोली मारी। वारदात तब हुई जब अनवर खान सैलून में दाढ़ी बनवा रहे थे। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। अनवर खान गुरुआ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। उनकी हत्या की खबर से इलाके में आक्रोश है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है। मामले की छानबीन की जा रही है। गुस्साए लोगों ने जीटी रोड जाम कर दिया।

    जानकारी के मुताबिक आमस के गम्हारिया गांव के पास बुधवार सुबह करीब सवा दस बजे सिहुली गांव निवासी लोजपा नेता अनवर खान को बाइक सवार अपराधियों ने गोलियों से भून दिया। बताया जाता है वे यहां एक सैलून में दाढ़ी बनाने आए थे। इसी बीच बाइक से आए तीन अपराधियों ने उन्हें कई गोलियां मार दी। वारदात के बाद गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने जीटी रोड जाम कर दिया।

    लोजपा नेता अनवर खान का नाम पहले कई आपराधिक मामलों में आ चुका है। हालांकि अपने इलाके में यह काफी जाना-माना चेहरा था। गरीब और असहाय लोगों की मदद के लिए अनवर हमेशा आगे रहते थे। इसलिए उनकी लोगों में खासी पहचान थी। 2005 में वे दिवंगत रामविलास पासवान की पार्टी लोजपा के टिकट पर गुरुआ से विधानसभा चुनाव लड़े थे, लेकिन हार मिली थी।