Category: Breaking News

  • 2 मंजिला मकान गिरा, 5 लोग दबे, 2 की मौत

    2 मंजिला मकान गिरा, 5 लोग दबे, 2 की मौत

     नई दिल्ली : दिल्ली से सटे गाजियाबाद के लोनी थाने की रूपनगर कॉलोनी में 2 मंजिला मकान भरभराकर नीचे गिर गया। जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई। जबकि 3 लोगों को बाहर निकाला गया है। मलबे में कई और लोगों के दबे हो सकते हैं। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।

    घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया हैजानकारी के अनुसार तीन मंजिला इमारत धमाके की वजह से गिरी है। मलबे में पांच लोग दबे थे। जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई। जबकि पुलिस और दमकलकर्मियों ने तीन लोगों को बाहर निकाला है। पड़ोसियों ने बताया कि आवासीय घर में कुछ महिलाओं से काम कराया जाता था। वहीं मकान को इमरान नाम के व्यक्ति ने किराए पर लिया था। मलबे से उसका शव बरामद हो चुका है। मकान में धमाके की वजह या तो सिलेंडर फटना या अवैध तौर पर पटाखे बनाना है।

  • बड़ा हादसा: राधा अष्टमी पर दर्शन करने आए श्रद्धालुओं की मौत

    बड़ा हादसा: राधा अष्टमी पर दर्शन करने आए श्रद्धालुओं की मौत

    मथुराः उत्तर प्रदेश के मथुरा के बरसाना में राधा अष्टमी पर दो श्रद्धालुओं की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। भीड़ के दबाव के कारण मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मौत के पीछे बीमारी होने का दावा किया है। वहीं, प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि दोनों ही श्रद्धालुओं की मौत बीमारी से हुई है। भीड़ के दबाव से किसी की मौत नहीं हुई है। मृतकों में बुजुर्ग महिला श्रद्धालु इलाहाबाद की रहने वाली है। वहीं, दूसरे बुजुर्ग मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। इस हादसे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुःख प्रकट किया है। एसपी देहात त्रिगुण बिसेन ने बताया कि शनिवार तड़के पुलिस को दो श्रद्धालुओं की बरसाना में मौत होने की जानकारी मिली। बरसाना थाना इंस्पेक्टर को मौके पर भेजा गया।

    पुलिस को सुदामा चौक से कटरा चौक जाने वाले मार्ग पर एक बुजुर्ग का शव मिला। आसपास भीड़ लगी हुई थी। मृतक की उम्र करीब 70 वर्ष है। पुलिस ने भीड़ से पूछताछ कर शिनाख्त का प्रयास किया, मगर अभी तक उनकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा है। वहीं दूसरी मौत कटरा चौक के पास 60 वर्षीय महिला श्रद्धालु राजमणि निवासी प्रयागराज की हुई है। राजमणि राधारानी के दर्शन करने अपने परिवार के साथ बरसाना पहुंची थीं। सुबह दर्शन को जाने वाली थीं। अचानक से उनकी शुगर बढ़ने से तबीयत खराब हो गई। उनकी बहन शोभा ने दवा दी तो वह अचेत होने लगीं। डॉक्टर के पास उन्हें उपचार के लिए ले जाने लगे।

    मगर, रास्ते में ही दम तोड़ दिया।  राजमणि की बहन सोभा ने बताया उनको शुगर की बीमारी थी। धर्मशाला से डॉक्टर के पास ले जा रहे थे। तभी रास्ते में दम तोड़ दिया। सीएचसी प्रभारी मनोज ने बताया महिला श्रद्धालु को मृत अवस्था में लाया गया था। एसपी देहात के अनुसार अज्ञात पुरुष श्रद्धालु का शव पोस्टमार्टम हाउस पर भेज दिया गया है। वहीं, महिला श्रद्धालु के शव को उसके परिवार वाले बिना पोस्टमार्टम कराए ले गए हैं। वहीं इस हादसे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुःख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। 

  • RBI ने जारी की डेडलाइन, नोट हो जाएंगे रद्दी

    RBI ने जारी की डेडलाइन, नोट हो जाएंगे रद्दी

    नई दिल्ली : सितंबर का महीना खत्म होने में केवल 7 दिन बचे हुए हैं और इसी समय आपको अपने जरूरी कामों को पूरा करना है। इनमें से एक सबसे जरूरी काम है 2 हजार रुपये के नोट को वापस करना है। अगर आपके पास भी 2 हजार हजार के गुलाबी नोट हैं तो उन्हें 30 सितंबर तक बैंकों में जमा कर दे। बता दें 30 सितंबर को नोटों को वापस करने की आखिरी तारीख है। आरबीआई ने गुलाबी नोटों को वापस करने की जो डेडलाइन रखी है जो बेहद करीब आ रही है। मिली जानकारी के मुताबिक कंपनियों ने इन नोटों के लेन-देन को बंद कर दिया है।

    आरबीआई ने 19 मई को ही 2 हजार के नोटों को सर्कुलेशन से बाहर कर दिया था। बैंक के जरिए इन नोट को वापस करने की आखिरी तारीख 30 सितंबर को रखा गया था। बता दें कि 93 फीसदी नोट को 31 अगस्त 2023 तक आरबीआई के पास वापस आ चुके थे, लेकिन अभी भी 7 फीसदी नोट मार्केट में है। इन 7 फीसदी नोट को लोग बैंक में जमा करने के बजाए ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर कैश ऑन डिलीवरी या किसी दुकानों पर चलाने की कोशिश कर रहे हैं। आपको बता दें कि जब आरबीआई ने 19 मई को नोट को वापस करने की घोषणा की थी

    उसी समय महज 20 दिनों के अंदर 50 फीसदी नोट को वापस कर दिया गया था। सितंबर महीने में आरबीआई ने डाटा जारी किया है जिसके अनुसार 31 अगस्त तक 93 फीसदी नोट बैंक में वापस किए है। वहीं इन दिनों बैंक हॉलिडे भी है, जो रुपये लौटाने में परेशानी खड़ी कर सकती है। इन हॉलिडे के दौरान बैंक के अन्य कामों के साथ 2000 के नोट को वापस करने वालों के लिए बाधित रहेगी। 23 और 24 को चौथे शनिवार और रविवार का अवकाश रहेगा.

  • भारी बारिश से आई बाढ़, 25 लोगों का रेस्क्यू, स्कूल कॉलेज बंद, देखें वीडियो 

    भारी बारिश से आई बाढ़, 25 लोगों का रेस्क्यू, स्कूल कॉलेज बंद, देखें वीडियो 

    नागपुरः महाराष्ट्र के नागपुर में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शुक्रवार रात हुई तेज बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया। सड़कों, कॉलोनियों में पानी जमा हो गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बाढ़ में फंसे करीब 25 लोगों का रेस्क्यू किया गया है। इलाके में एनडीआरएफ की टीम तैनात की गई है, जो राहत बचाव कार्य चला रहा है। वहीं, एहतियातन आज स्कूल-कॉलेजों को बंद कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि नासिक में भी गोदावरी नदी उफान पर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नागपुर शहर में बीती रात करीब 106 मिमी बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश के कारण शहर के नागलवाड़ी, अंबाझरी कॉर्पोरेशन कॉलोनी के कई घरों में पानी घुस गया। मौसम विभाग ने पहले ही नागपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया था।

    मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार को पूरे दिन नागपुर में बारिश होती रही। हालांकि, शाम के बाद जैसे ही बारिश की तीव्रता बढ़ी, अंबाझरी झील ओवरफ्लो हो गई। सोशल मीडिया पर वायरल कुछ फोटोज और वीडियो में कई गाड़ियां पानी में डूबी दिखीं। बारिश के कारण कई इलाकों में पानी के भरने के बाद जिला प्रशासन ने तुरंत काम राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया। एनडीआरएफ की एक यूनिट और एसडीआरएफ की दो यूनिट को तैनात किया गया है। उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस ने इस संबंध में आवश्यक उपाय योजना बनाने के निर्देश भी दिए हैं।

    भारी बारिश के कारण नागपुर में स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी गई है। नगर पालिका की ओर से नागरिकों को घर से बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है। पालिका की ओर से कहा गया है कि नदी नालों में पानी बढ़ रहा है। ऐसे में घरों से बाहर निकलना ठीक नहीं है। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने कहा कि कलेक्टर ने मुझे बताया कि केवल 4 घंटे में 100 मिमी से अधिक बारिश हुई। नागपुर कलेक्टर, नगर निगम कमिश्नर मौके पर पहुंच गए हैं। निचले इलाकों में फंसे लोगों की सबसे पहले मदद की जा रही है। बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की एक टीम और एसडीआरएफ की दो टीमें तैनात की गई हैं। उन्होंने ये भी कहा कि वे प्रशासन से लगातार संपर्क में हैं और हालात पर नजर बनाये हुए हैं।

  • नदी के तेज बहाव में बहे 6 युवक

    नदी के तेज बहाव में बहे 6 युवक

    नई दिल्ली : राजस्थान के धौलपुर जिले में चम्बल नदी उफान पर है। चम्बल नदी में अपने परिवार के साथ नहाने के लिए पहुंचे मध्य प्रदेश के 6 युवक तेज भाव में बह गए। बताया गया है की एक युवक पानी के तेज भाव में बहने लगा तो उसे बचाने के लिए अन्य 5 युवक उसे बचाने के प्रयास में बह गए। कुल 6 युवकों के चंबल में बहने से वहां मौजूद अन्य परिजनों में चीख पुकार मच गई। 3 युवकों को रेस्क्यू कर लिया गया है। लेकिन तीन युवक तेज भाव में बह गए है जिनको तलाश किया जा रहा है।

    जानकारी के अनुसार धौलपुर में पहाड़ वाले बाबा का उर्स चल रहा है। जहां पर मध्य प्रदेश के ग्वालियर से उर्स में कव्वाली का प्रोग्राम था जिसे देखने के लिए कुछ लोग अपने परिजनों के साथ पहुंचे थे। कव्वाली के बाद ग्वालियर और धौलपुर के रहने वाले दोनों परिवारों के लोग चंबल नदी पर नहाने आ गए। जहां अचानक एक युवक पानी में डूबने लगा जिसे बचाने के चक्कर में पांच युवक और नदी में चले गए।

    घटना के बाद मौके पर मौजूद परिजनों की चीख पुकार सुनते ही चंबल चेक पोस्ट पुलिस के साथ चंबल सफारी के स्टाफ ने रेस्क्यू कर तीन युवकों को सकुशल बाहर निकाल लिया। तीन युवक पानी के तेज बहाव में बह गए नदी में पानी का बहाव तेज होने की वजह से एसडीआरएफ की टीम द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

  • इस इलाके में चली गोली, BJP नेता की संदिग्ध हालत में मौत

    इस इलाके में चली गोली, BJP नेता की संदिग्ध हालत में मौत

    नई दिल्लीः राजधानी दिल्ली के ग्रेटर कैलाश इलाके में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता और सामाजिक कार्यकर्ता की गोली लगने से संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। भाजपा नेता करण बांका अपने घर के बाथरूम में लहुलूहान हालात में पड़े मिले। परिजनों ने उन्हें पास के मैक्स अस्पताल में भर्ती किया, जहां शुक्रवार शाम उनकी मौत हो गई। पुलिस ने उनके शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि करण ने ही खुद को गोली मारी है। सिर में गोली लगने के निशान हैं। उनके शव को रविवार को पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। पोस्टमॉर्टम के बाद ही सारी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। 

    पुलिस उपायुक्त चंदन चौधरी ने बताया कि करण अपने परिवार के साथ ग्रेटर कैलाश- पार्ट वन में रहते थे। उनके पिता एक बड़े कारोबारी हैं। करण ने प्राइवेट सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) रखा था। बुधवार को पीएसओ घर पर नहीं था। वह अपनी पिस्तौल घर पर ही छोड़ गया था। हालांकि, करण के परिजनों ने मैक्स अस्पताल में बताया कि वह बाथरूम में गिरने से घायल हो गए हैं। अस्पताल द्वारा इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने जांच शुरू की तो पता लगा कि करण के सिर में गोली लगी है।

  • अब भारत-चीन में हुआ विवाद! भारतीय खिलाड़ियों के लिए नो एंट्री, खेल मंत्री ने दौरा किया रद्द 

    अब भारत-चीन में हुआ विवाद! भारतीय खिलाड़ियों के लिए नो एंट्री, खेल मंत्री ने दौरा किया रद्द 

    नई दिल्ली : हांगझाऊ एशियन गेम्स के लिए भारत के तीन वुशु खिलाड़ियों को वीजा नहीं देने पर भारत ने चीन के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। ताजा वीजा विवाद से दोनों देशों के बीच पहले से तनाव भरे रिश्ते और बिगड़ सकते हैं। खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने एशियन गेम्स के लिए चीन जाने के अपने कार्यक्रम को रद्द कर दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने चीन की हरकत को एशियन गेम्स की भावना के खिलाफ बताया है। चीन ने अरुणाचल प्रदेश के 3 वुशु खिलाड़ियों को 19वें एशियन गेम्स में हिस्सा लेने के लिए वीजा नहीं दिया है। चीन के इस कदम के विरोध में केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने अपना चीन दौरा रद्द कर दिया है।

    केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी खिलाड़ियों को वीजा नहीं देने के लिए चीन की निंदा की है। वह पूर्व में केंद्रीय खेल मंत्री भी रह चुके हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, ‘अरुणाचल प्रदेश के हमारे वुशु खिलाड़ियों को वीजा नहीं देने के चीन के कृत्य की मैं कड़ी निंदा करता हूं। ये खिलाड़ी हांगझाऊ में 19वें एशियन गेम्स में हिस्सा लेने जा रहे थे। यह न सिर्फ खेल भावना के खिलाफ है बल्कि एशियन गेम्स के नियमों और आचार संहिता के खिलाफ है जो सदस्य देशों के प्रतिभागियों में भेदभाव को प्रतिबंधित करता है। अरुणाचल प्रदेश विवादित क्षेत्र नहीं है बल्कि भारत का अभिन्न हिस्सा है। अरुणाचल प्रदेश के सभी लोग यहां के भूभाग या लोगों पर चीन के किसी भी अवैध दावे का मजबूती से विरोध करते हैं। इंटरनैशनल ओलिंपिक कमिटी को चीन के इस अवैध कदम पर कार्रवाई करनी चाहिए।’

    भारत चीन की हरकत पर कड़ा ऐतराज जताया है। मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने शुक्रवार को कहा, ‘हमारे लंबे समय से और सतत रुख के अनुरुप, भारत डोमिसाइल या नस्ल के आधार पर भारतीय नागरिकों से भेदभाव वाले व्यवहार को खारिज करता है। अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न हिस्सा था, है और रहेगा। हमारे कुछ खिलाड़ियों के लिए चीन के जानबूझकर और सिलेक्टिव तरीके से बाधा पैदा करने को लेकर नई दिल्ली और बीजिंग में सख्त विरोध दर्ज कराया गया है। चीन की हरकत एशियन गेम्स की भावना के साथ-साथ उसके नियमों का भी उल्लंघन है, जो सदस्य देशों के प्रतिभागियों में किसी भी तरह के भेदभाव को वर्जित करते हैं।’

    भारत के तीन वुशु खिलाड़ी- मेमान वांगसू, ओनिलु तेगा और मेपुंग लाम्गु को हांगझाऊ एशियन गेम्स ऑर्गनाइजिंग कमिटी (HAGOC) की तरफ से उनका एक्रेडिएशन कार्ड उनहीं मिला जो एंट्री वीजा के तौर पर भी काम करता है। बुधवार को जब वे एशियन गेम्स के लिए रवाना हो रहे थे तो वे अपने ट्रैवल डॉक्युमेंट्स को डाउनलोड नहीं कर पाए। वुश टीम बुधवार को दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से चीन के लिए रवाना हुई लेकिन ये तीनों खिलाड़ी वीजा नहीं मिलने की वजह से नहीं जा पाए। बाकी 10 वुशु खिलाड़ियों को इस तरह की किसी दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ा।

    विवाद के बीच ओलिंपिक काउंसिल ऑफ एशिया की एथिक्स कमिटी के चेयरमैन वेइ जिझोंग ने इससे इनकार किया है कि चीन ने खिलाड़ियों को वीजा नहीं दिया। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने वीजा को स्वीकार ही नहीं किया। जिझोंग ने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि यह ओसीए की समस्या है क्योंकि चीन गेम्स में हिस्सा के लिए अपने यहां आने वाले सभी अर्ह खिलाड़ियों को वीजा देने पर सहमत है। वीजा पहले ही दिया जा चुका है।’

  • लोकसभा चुनाव 2024 से पहले NDA के साथ इस पार्टी ने किया गठबंधन 

    लोकसभा चुनाव 2024 से पहले NDA के साथ इस पार्टी ने किया गठबंधन 

    नई दिल्ली: अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर एनडीए का कुनबा और बढ़ गया है। शुक्रवार को JDS (जनता दल सेक्युलर), BJP के नेतृत्व वाले गठबंधन NDA (राष्ट्रीय जनतांत्रिक दल) में शामिल हो गई। दिल्ली में जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी ने गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। जिसके बाद गठबंधन का ऐलान किया गया। शाह और कुमारस्वामी के बीच कर्नाटक में सीट शेयरिंग को लेकर भी चर्चा हुई। हालांकि, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। जेडीएस और बीजेपी कभी कर्नाटक में साथ थीं, मगर इस बार हुए विधानसभा चुनाव बीजेपी, जेडीएस और कांग्रेस ने अलग-अलग लड़ा। विधानसभा चुनाव में जेडीएस को बड़ा झटका लगा था।

    अब एक बार फिर बीजेपी और जेडीएस कर्नाटक में मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। माना जा रहा है कि इस गठबंधन के बाद कर्नाटक में बीजेपी को बड़ी बढ़त मिल सकती है। अमित शाह से कुमारस्वामी की मुलाकात के दौरान बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और गोवा के सीएम प्रमोद सावंत भी मौजूद थे। नड्डा ने कुमारस्वामी से मीटिंग के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- “कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और जद(एस) नेता एचडी कुमारस्वामी से मुलाकात की। कुमारस्वामी की पार्टी ने हमारे वरिष्ठ नेता और गृहमंत्री अमित शाह की उपस्थिति में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का हिस्सा बनने का फैसला किया है। हम एनडीए में उनका तहे दिल से स्वागत करते हैं। यह एनडीए और प्रधानमंत्री मोदी के “न्यू इंडिया, स्ट्रॉन्ग इंडिया” के दृष्टिकोण को और मजबूत करेगा।”
     

  • इस इलाके के शॉपिंग मॉल में लगी आग, मौके पर पहुंची दमकल विभाग की 15 गाड़ियां, देखें वीडियो

    इस इलाके के शॉपिंग मॉल में लगी आग, मौके पर पहुंची दमकल विभाग की 15 गाड़ियां, देखें वीडियो

    मुंबई: मुंबई के उपनगरीय ओशिवारा इलाके में शुक्रवार को हीरा-पन्ना शॉपिंग मॉल में भीषण आग लग गई। फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियां और पुलिस मौके पर पहुंच गई है। करीब 20 दुकानें आग की चपेट में आई हैं। पुलिस ने पूरे मॉल को खाली करा लिया है। किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। मिली जानकारी के मुताबिक आज आंधेरी पश्चिम, मुंबई में स्थित ‘हीरा पन्ना बिजनेस मॉल’ में लगभग 2:30 बजे एक आग लग गई। इस मॉल में लगभग 500 कार्यालय और दुकानें हैं, जिसमें आग तेजी से फैल गई।

    सूचना प्राप्त होते ही, ओशिवारा पुलिस और अग्निशमन टीमें तुरंत ‘हीरा पन्ना मॉल‘ के परिसर में पहुंच गई हैं ताकि आग को नियंत्रित किया जा सके और बुझाया जा सके। मिली जानकारी के मुताबिक आग का कारण बिजली के तारों में स्पार्किंग का कहा जा रहा है। हालांकि आग लगने के मामले में कोई पुष्टि नहीं कर रहा है।

  • दुकान में घुसकर 3 युवकों ने चलाई गोलियां, बाप-बेटे की हुई मौत, देखें CCTV

    दुकान में घुसकर 3 युवकों ने चलाई गोलियां, बाप-बेटे की हुई मौत, देखें CCTV

    आजमगढ़ः बाप-बेटे की हत्या को लेकर आजमगढ़ से बड़ी खबर सामने आई है, जहां बाप बेटे का गोलियां मारकर कत्ल कर दिया गया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें बाप-बेटे दुकान में सफाई करते दिख रहे हैं। तभी 3 लोग आते हैं और दुकान में घुसकर दोनों पर फायरिंग करने लगते हैं। दोनों किसी तरह से दुकान के अंदर भागकर पीछे के गेट से बाहर निकलते हैं। फिर जान बचाने के लिए भागते हैं। इसी बीच बदमाश उन्हें दौड़ाकर सरेआम गोली मार देते हैं।

    घटना बुधवार सुबह महराजगंज थाना क्षेत्र के सरदहां बाजार की है। वीडियो आज सामने आया है। जिसमें तीन युवक लगातार फायरिंग करते दिख रहे हैं। जब बाप-बेटे दुकान से घर के अंदर भागते हैं तो बदमाश घर के अंदर घुसकर भी फायरिंग करने लगते हैं। इसके बाद दुकान में आकर फिर फायरिंग करते हैं। दुकान में लगे टीवी को तोड़फोड़ देते है। सामान को इधर-उधर करते है। गोली की आवाज सुनकर आस-पास के लोग जुट जाते है। हालांकि इसके बाद भी युवक लगातार फायरिंग करते रहते हैं।

    महाराजगंज थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव के रहने वाले रसीद अहमद ( 54) सरदहां बाजार में अपने मकान में रेडीमेड कपड़े का व्यापार करते थे। बुधवार की सुबह करीब 8 बजे रसीद अहमद अपने छोटे बेटे शोएब (22) के साथ दुकान खोलकर साफ-सफाई कर रहे थे। तभी बाइक सवार बदमाशों ने हमला कर दिया था। बदमाशों की गोलियों से बचने के लिए बाप-बेटे एक निर्माणाधीन मकान की तरफ भागे थे। इसके बाद हमलावरों ने दौड़ाकर बाप-बेटे को सिर और सीने में गोली मार दी। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

    स्थानीय लोगों ने बताया था कि मृतक की दुकान के सामने एक और कपड़े की दुकान है। दोनों दुकानदारों के बीच लगभग चार साल पहले ग्राहकों को अपनी तरफ बुलाने का लेकर विवाद हुआ था। इसके साथ ही कुछ महीने पहले मारपीट भी हुई थी। मारपीट के मुकदमे में मृतक पक्ष से लोग जेल भी जा चुके हैं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद होता रहता था। थाना अध्यक्ष संतोष कुमार कि मामले में मृतक के बेटे की तहरीर पर केस दर्ज किया था।

    मृतक के बेटे मोहम्मद आरिफ ने आरोप लगाया कि पिता-भाई दुकान में सफाई कर रहे थे। उसी समय दिनेश अपनी पत्नी निर्मला के साथ आए। इसके साथ ही दिनेश ने अपने तीनों बेटों पंकज, प्रदीप और पवन को गोली चलाने के लिए उकसाया। जिसके बाद उनके बेटों ने गोली मारकर बाप-बेटे की हत्या कर दी। एसपी ने मामले के खुलासा के लिए चार टीमों का गठन किया था। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। गुरुवार को गोली चलवाने के आरोप में पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी तीन बेटों की तलाश जारी है। वहीं, पुलिस ने वीरवार को हत्यारोपियों के अवैध मकान पर बुलडोजर चलवाया।