Category: Breaking News

  • दर्दनाक हादसाः घूमने गए युवकों की 500 फीट खाई में गिरी कार, 5 की मौत

    दर्दनाक हादसाः घूमने गए युवकों की 500 फीट खाई में गिरी कार, 5 की मौत

    समस्तीपुर: नेपाल के काठमांडू में एक सड़क हादसे में समस्तीपुर के पांच युवकों की मौत हो गई। मृतकों में तीन वारिसनगर और दो कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन नेपाल के काठमांडू रवाना हो गए, जहां पुलिस की कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आज वीरवार (13 अप्रैल) की सुबह सभी 5 शवों को गांव लाया गया। शव आते ही गांव में मातम पसर गया। मृतकों की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के फुलहारा गांव निवासी मोहन सिंह के पुत्र मृत्युंजय कुमार उर्फ गब्बर, भागीरथपुर के वार्ड नंबर-8 निवासी अभिषेक कुमार ठाकुर, मथुरापुर ओपी थाना क्षेत्र के राजेश कुमार सिंह, विकास नगर के मुकेश चौधरी, कल्याणपुर चौक स्थित मधु ज्वेलर्स के संचालक और पूसा बिरौली निवासी धर्मेंद्र सोनी शामिल हैं।

    गांव में शव आने के बाद देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं परिजनों की चीख पुकार से पूरा गांव गमगीन था।बताया जा रहा है कि बीते मंगलवार की शाम बाजार समिति के समीप से एक ही कार (बीआर डीडी 0687) से सभी युवक नेपाल के काठमांडू घूमने के लिए निकले थे। इसी दौरान बीच रास्ते में नेपाल के बर्दीवास काठमांडू बीपी राजमार्ग पर देर रात उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई।

    बुधवार की सुबह लगभग आठ बजे सबके परिजनों को कार हादसे की जानकारी मिली। इसके बाद परिजन नेपाल रवाना हो गए थे। हादसे के बाद चार युवकों की घटनास्थल पर मौत हो गई थी। सबसे अंत में स्वर्ण व्यवसायी धर्मेंद्र सोनी ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उसकी मौत को लेकर काफी देर तक लोगों में संशय बना रहा, लेकिन बुधवार की शाम पांच बजे उसकी मौत की पुष्टि की गई। घटना के बाद लोग परिजन को सांत्वना देने में जुटे हैं। फिलहाल इस घटना को लेकर परिजन कुछ बोलने की स्थिति में नहीं थे।

  • अमृतपाल को लेकर इस राज्य में सर्च ऑपरेशन जारी

    अमृतपाल को लेकर इस राज्य में सर्च ऑपरेशन जारी

    अमृतपाल के सम्भावित ठिकानों पर सेंट्रल एजेंसियों की रेड!

    नई दिल्लीः राजस्थान में पु्लिस खालिस्तान समर्थक अमृतपाल की धरपकड़ के लिए पाकिस्तान बॉर्डर से सटे 5 जिलों- श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, बीकानेर, बाड़मेर में बड़ा सर्च ऑपरेशन चला रही है। इसके अलावा जोधपुर, जयपुर, कोटा में भी पुलिस और एजेंसियां चौकसी बरत रही हैं। सेंट्रल एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर ही यह आशंका जताई जा रही है कि अमृतपाल राजस्थान के सरहदी इलाकों में कहीं पर शरण लेकर छिपा हुआ है। गंगानगर और हनुमानगढ़ पंजाब और पाकिस्तान दोनों के बॉर्डर एरिया पर हैं, यहां सिख समाज के लोग भी बड़ी तादाद में रहते हैं, बोलचाल,भाषा, हुलिये और पहनावे के आधार पर अमृतपाल ऐसी जगहों में शहर के बाहरी इलाकों में छिप सकता है, इसकी भी पूरी आशंका है। राजस्थान पुलिस के डीजीपी उमेश मिश्रा ने अमृतपाल के राजस्थान में होने के इनपुट के सवाल पर कहा- ‘’ मीडिया को सब मालूम है तो मैं क्या कह पाऊंगा।

    ये एक संवेदनशील इश्यू है। इसमें जब तक हमें कोई सफलता नहीं मिलती है हम कुछ भी कहने से बचेंगे। हमारी टीमें काम कर ही हैं। कुछ इनपुट है, वो क्या इनपुट है और उसका क्या आउटपुट अभी तक है, ये अगर होगा भी तो हम चाहेंगे कि पब्लिक डोमेन में अभी ना जाए। जब हमें कुछ कॉन्क्रीट सफलता मिलेगी, तो हम बता देंगे। थोड़ी बहुत मिली भी है। लेकिन अभी कुछ बताना उचित नहीं है। ‘’ आशंका है कि राजस्थान बॉर्डर होकर  अमृतपाल पाकिस्तान भागने की फिराक में है। इसके लिए वह सीमा पार से आने वाले नशे और हथियारों के तस्करों और रूट की मदद ले सकता है। बॉर्डर पार पाकिस्तान से भी एजेंसियां उसे इस काम में सपोर्ट कर सकती हैं। क्योंकि खालिस्तानी समर्थक सीमा पार भी मौजूद हैं। राजस्थान के बॉर्डर वाले जिलों में कई संभावित ठिकानों पर राजस्थान पुलिस, एजेंसियों, एटीएस,एसओजी और स्थानीय पुलिस के सहयोग से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

    अमृतपाल सिंह पिछले करीब 27 दिनों से फरार है। पंजाब पुलिस भी उसे लगातार खोज रही हैं। साये की तरह उसके साथ रहने वाला पपलप्रीत हाल ही में पुलिस के हत्थे चढ़ा है। लेकिन अब तक अमृतपाल को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पुलिस ने अमृतपाल को पकड़ने के लिए आम जनता से भी सहयोग मांगा है। पंजाब पुलिस ने तो अमृतपाल सिंह की सूचना देने वाले को उचित ईनाम देने और नाम गोपनीय रखने का भी वादा किया है। जगह जगह उसके पोस्टर भी चस्पा किए हैं। राजस्थान पुलिस के साथ ही सेन्ट्रल एजेंसियां भी अमृतपाल के सम्भावित ठिकानों पर रेड मार रही हैं। टेक्नोलॉजी, मुखबिर सूचना तंत्र और अमृतपाल के पकड़े गए साथियों के इनपुट के आधार पर भी खोजबीन की जा रही है। जयपुर से राजस्थान पुलिस हेडक्वार्टर से भी एक सीनियर आईपीएस अफसर को ऑपरेशन के नेतृत्व और मॉनिटरिंग के लिए भेजा गया है। अम़ृतपाल के पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े होने के भी संकेत मिले हैं। विदेश से उसके संगठन को फंडिंग होने का भी शक है। माना जा रहा है कि एनआईए भी इस केस में हस्तक्षेप कर सकती है।

  • मकान ढहने से मचा हड़कंप, 25 घायल, कई महिलाएं हुई जख्मी

    मकान ढहने से मचा हड़कंप, 25 घायल, कई महिलाएं हुई जख्मी

    पुंछः जम्मू संभाग के जिले पुंछ में बड़ा हादसा हुआ है। जिला पुंछ के खनेतर गांव में एक मकान के ढहने से करीब 25 लोग घायल हो गए हैं। घायलों के नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। यहां उनका इलाज जारी है।  घायलों में अधिकतर महिलाएं शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, पुंछ के खनेतर के गांव में एक घर में लोग परिवार के सदस्य की मौत पर शोक मनाने के लिए पहुंचे हैं। घटना का पता चलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है।

  • दवा कंपनियों पर DCGI की बड़ी कार्रवाई, 18 के लाइसेंस किए रद्द

    दवा कंपनियों पर DCGI की बड़ी कार्रवाई, 18 के लाइसेंस किए रद्द

    नई दिल्ली: भारतीय दवा नियामक संस्था ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने 20 राज्यों की 76 कंपनियों का रिव्यू करने के बाद नकली दवाओं के निर्माण के लिए 18 फार्मा कंपनियों के लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं। न्यूज एजेंसी ने वीरवार को आधिकारिक सूत्रों के हवाले से इस बारे में जानकारी दी। एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक अब तक सरकार की ओर से नकली दवा बनाने के मामले में जो कार्रवाई की गई है, उनमें हिमाचल प्रदेश की 70, उत्तराखंड की 45 और मध्य प्रदेश की 23 फार्मा कंपनियां शामिल हैं। एएनआई के हाथ लगी लिस्ट के मुताबिक, जिन कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उनमें से ज्यादातर उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में रजिस्टर्ड हैं।

    देहरादून में पंजीकृत हिमालया मेडिटेक प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस 30 दिसंबर, 2022 को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था और इस साल 7 फरवरी को इस कंपनी के 12 उत्पादों के निर्माण की अनुमति भी रद्द कर दी गई थी। हिमाचल प्रदेश के बद्दी में स्थित श्री साई बालाजी फार्माटेक प्राइवेट लिमिटेड को कारण बताओ और निर्माण बंद करने का नोटिस जारी किया गया था। ईजी फार्मास्यूटिकल्स, ग्राम मांधाला, तेहसील कसौली, जिला सोलन (हिमाचल प्रदेश) को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। फिर शिकायतों के सत्यापन के बाद उत्पादन पर रोक के आदेश को रद्द कर दिया गया था। एथेंस लाइफ साइंसेज, मौजा रामपुर जट्टान, नाहन रोड काला अंब, जिला सिरमौर 173030 (हिमाचल) को केवल कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। लेबोरेट फार्मास्यूटिकल्स इंडिया लिमिटेड, (यूनिट-II), राजबन रोड, नारीवाला, पांवटा साहिब (हिमाचल) को चेतावनी जारी की गई और कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

    हिमाचल के सोलन में जीएनबी मेडिका लैब को टैबलेट, कैप्सूल, ड्राई सिरप (बीटा-लैक्टम), इंजेक्टेबल (लिक्विड इंजेक्शन-वायल, एम्पाउल्स और पीएफएस) सैशे और प्रोटीन पाउडर (जनरल सेक्शन) की मैन्युफैक्चरिंग बंद करने के लिए कारण बताओ नोटिस भेजा गया है। साथ ही कंपनी के खिलाफ शिकायतों के सत्यापन के लिए ड्रग्स इंस्पेक्टर्स को कहा गया है। इसी तरह जिनोसिस फार्मास्यूटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड, नाहन रोड, ग्राम मोगीनंद, काला अंब, सिरमौर (हिमाचल) को कॉस्मेटिक मैन्युफैक्चरिंग के लिए शो कॉज और स्टॉप मैन्युफैक्चरिंग नोटिस दिया गया था। फरीदाबाद में पंजीकृत नेस्टर फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड को इस साल 30 जनवरी को कारण बताओ नोटिस दिया गया था। कम्प्लायंस रिपोर्ट सबमिट करने के बाद फर्म का फिर से निरीक्षण किया गया। कंपनी को ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के शेड्यूल एम के प्रावधानों और उसके तहत बनाए गए नियमों का पालन करने के निर्देश के साथ सख्त चेतावनी दी गई थी। नकली दवाओं के निर्माण से जुड़ी देश भर की फार्मा कंपनियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई अब भी जारी है।

  • चुनाव से पहले भाजपा को लगा झटकाः चर्चित विधायक ने दिया इस्तीफा

    चुनाव से पहले भाजपा को लगा झटकाः चर्चित विधायक ने दिया इस्तीफा

    बेंगलुरूः आगामी विधानसभा चुनाव के लिए टिकट ना मिलने से नाराज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और मुडिगेरे से तीन बार के विधायक एम पी कुमारस्वामी ने बृहस्पतिवार को पार्टी से इस्तीफा देने की घोषणा की। कुमारस्वामी ने भाजपा द्वारा टिकट काटे जाने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सी टी रवि को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि वह विधायक के तौर पर भी विधानसभा अध्यक्ष को जल्द ही अपना इस्तीफा सौंप देंगे। भाजपा ने बुधवार रात 23 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी थी। इसके मुताबिक भाजपा ने कुमारस्वामी के स्थान पर दीपक डोड्डैया को मुडिगेरे से अपना उम्मीदवार बनाया है।

    कुमारस्वामी ने टिकट नहीं मिलने पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सीटी रवि पर निशाना साधा और कहा कि वह अपने समर्थकों और अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के साथ चर्चा करने के बाद अपने अगले कदम पर फैसला करेंगे। विधायक ने टिकट नहीं मिलने का कारण उनके और रवि के बीच व्यक्तिगत प्रतिद्वंद्विता को बताया। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने अपना इस्तीफा पार्टी कार्यालय को भेज दिया है और जल्द ही (विधायक के रूप में इस्तीफा) अध्यक्ष को सौंप दूंगा। मैं अपने समर्थकों और मतदाताओं के साथ चर्चा करूंगा और कुछ दिनों में अपने अगले कदम पर फैसला करूंगा।’’

  • BBC की बड़ी मुश्किलें, इस मामले में ED ने किया केस दर्ज

    BBC की बड़ी मुश्किलें, इस मामले में ED ने किया केस दर्ज

    नई दिल्लीः वित्तीय अनियमितता को लेकर इंग्लैंड की मीडिया कंपनी BBC के खिलाफ छापेमारी के बाद अब उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रवर्तन निदेशालय ईडी ने बीबीसी इंडिया के खिलाफ विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत कार्रवाई की है। बीबीसी पर विदेशी फंडिंग में अनियमितता का आरोप है। बता दें कि वित्तीय अनियमितता को लेकर फरवरी में आयकर विभाग ने बीबीसी के दिल्ली और मुंबई दफ्तरों की तीन दिनों तक तलाशी ली थी। इसके बाद यह मामला अंतर्राष्ट्री स्तर पर उठा था। हालाँकि, इसको लेकर इंग्लैंड और अमेरिका ने इस पर कमेंट करने से इनकार कर दिया था। अधिकारी सर्वे के दौरान बीबीसी के ऑफिस से इकट्ठा किए गए कई दस्तावेज और डेटा को भी अपने साथ लेकर गए थे। हालाँकि, उन्होंने जुटाए गए दस्तावेजों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी थी।

    विदेशी मीडिया हाउस में यह सर्वे अर्जित किए गए लाभ को विदेश भेजने और ट्रांसफर प्राइसिंग रूल्स के उल्लंघन के कारण आयकर विभाग ने यह एक्शन लिया था। इसके पहले अधिकारियों ने इससे संबंधित बीबीसी को कई बार नोटिस भेजा था, लेकिन वहाँ से कोई जवाब नहीं आया। आयकर विभाग ने कहा था कि हस्तांतरण मूल्य निर्धारण नियमों (Transfer Pricing Rules) को जानबूझकर नजरअंदाज करने और विशाल लाभ को विदेश भेजने के मामले में सर्वे किया गया। अधिकारियों का यह भी कहना था कि यह छापेमारी या तलाशी नहीं है। आयकर नियमों के तहत इस तरह के सर्वे नियमित रूप से किए जाते हैं। इन नियमों की अनदेखी के कारण आयकर विभाग ने बीबीसी को कई नोटिस भेजे थे, लेकिन बीबीसी ने जानबूझकर उनका जवाब नहीं दिया। बीबीसी कार्यालय में सर्वे का मुख्य कारण सूत्रों टैक्स का फायदा सहित अनधिकृत लाभों में हेरफेर है।

    आयकर विभाग ने मंगलवार (14 फरवरी 2023) को बीबीसी के दफ्तर पर छापेमारी की थी। कहा जाता है कि उस दौरान अधिकारियों ने कर्मचारियों के मोबाइल और लैपटॉप रखवा लिया था। इसके साथ ही वहाँ के कर्मचारियों को सहयोग करने के लिए कहा था। बीबीसी ने मंगलवार की शाम को कहा था, “आयकर अधिकारी नई दिल्ली और मुंबई में बीबीसी कार्यालयों में हैं। कई कर्मचारियों ने अब इमारत छोड़ दी है, लेकिन कुछ को वहाँ मौजूद रहने के लिए कहा गया है। वे पूछताछ में सहयोग कर रहे हैं।”

    इस सर्वे को लेकर सरकार के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश की गई थी। सरकार और भारत विरोधी तत्वों ने कहा था कि बीबीसी ने हाल में एक ही डॉक्यूमेंट्री रिलीज की थी, जिसमें गुजरात दंगों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका को लेकर सवाल उठाया गया था। हालाँकि, जो लोग इस बात को समझ रहे थे, वे इससे सहमत नहीं थे। बता दें कि बीबीसी के कंटेंट को लेकर उस पर दुनिया भर में पक्षपात के आरोप लगते रहते हैं। ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क ने बीबीसी की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। दरअसल, सोशल मीडिया कंपनी ने बीबीसी को ‘सरकार द्वारा वित्तपोषित मीडिया’ संगठन के रूप में गोल्ड टिक दिया गया है। उसके ब्लू टिक को हटा दिया गया था। इतना ही एक इंटरव्यू में उन्होंने बीबीसी पर झूठ बोलने का भी आरोप लगाया।

  • बड़ी ख़बरः अतीक अहमद के बेटे असद और शूटर गुलाम का एनकाउंटर, दोनों ढेर

    बड़ी ख़बरः अतीक अहमद के बेटे असद और शूटर गुलाम का एनकाउंटर, दोनों ढेर

    झांसीः उत्तर प्रदेश से बड़ी खबर सामने आ रही है। यूपी एसटीएफ ने झांसी जिले में अतीक अहमद के बेटे असद और उसके शूटर मोहम्मद गुलाम का एनकाउंटर कर दिया है। दोनों एनकाउंटर में ढेर हो गए हैं। ये दोनों ही उमेश पाल मर्डर केस में आरोपी थे और दोनों के सिर पर पांच लाख रुपए का इनाम था। इन दोनों के एनकाउंटर को अंजाम देने वालों की टीम का नेतृत्व DSP नवेंदू और DSP विमल कर रहे थे। घटनास्थल से एसटीएफ ने विदेश में बने आधुनिक हथियार बरामद किए हैं।

  • बड़ी खबरः अड्डे पर खड़ी बस को लगी भीषण आग, चालक और सहचालक घायल, देखें वीडियो

    बड़ी खबरः अड्डे पर खड़ी बस को लगी भीषण आग, चालक और सहचालक घायल, देखें वीडियो

    रनसूः रियासी के श्री शिवखोड़ी धाम के आधार शिविर रनसू के स्थानीय बस अड्डे पर खड़ी बस में आग लगने का मामला सामने आया है। इसमें चालक और सहचालक को चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

    जानकारी के अनुसार, बस कटड़ा से श्रद्धालुओं को लेकर शिवखोड़ी धाम पहुंची थी। इसके बाद श्रद्धालु दर्शन के लिए धाम की ओर रवाना हो गए। चालक और सह चालक बस के भीतर स्टोव जला कर खाना बना रहे थे। इस दौरान स्टोव फट गया। इससे बस में आग लग गई। आग इतनी तेजी से भड़की कि उसने देखते ही देखते पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में चालक और सह चालक को हल्की चोटें आई हैं। घटना का पता चलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और इसे बुझाया गया। पुलिस को भी सूचित किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  • फिल्म में बम विस्फोट सीक्वेंस की शूटिंग दौरान Sanjay Dutt के साथ हुआ हादसा

    फिल्म में बम विस्फोट सीक्वेंस की शूटिंग दौरान Sanjay Dutt के साथ हुआ हादसा

    मुबंईः बॉलीवुड सुपरस्टार संजय दत्त फिलहाल बेंगलुरु के आस-पास के इलाकों में अखिल भारतीय कन्नड़ फिल्म ‘केडी’ की शूटिंग कर रहे हैं। वह एक बम विस्फोट सीक्वेंस की शूटिंग के दौरान घायल हो गए। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि बम विस्फोट के सीन की शूटिंग के दौरान संजय दत्त की कोहनी, हाथ और चेहरे पर चोटें आई थीं। इस घटना के बाद फिल्म की शूटिंग रोक दी गई है। फाइट मास्टर डॉक्टर रवि वर्मा फिल्म के लिए फाइट कंपोज कर रहे थे। यह घटना हाल ही में सामने आई। फिल्म उद्योग के सूत्रों ने बताया कि यह घटना बेंगलुरु के मगदी रोड में हुई थी और संजू बाबा चोटों से उबर रहे हैं। केजीएफ चैप्टर 1 और 2 के बाद, संजय दत्त एक्शन हीरो ध्रुव सरजा के खिलाफ कन्नड़ फिल्म ‘केडी’ में एक खलनायक की भूमिका निभा रहे हैं, जिसका ‘मार्टिन’ फिल्म का टीज़र लोकप्रिय हो गया है।

    ‘केडी’ प्रेम द्वारा निर्देशित है और केवीएन बैनर के तहत निर्मित है। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी भी फिल्म में एक प्रमुख भूमिका निभा रही हैं। संजय दत्त के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह रणबीर कपूर और वाणी कपूर के साथ फिल्म ‘शमशेरा’ में नजर आए थे। इस फिल्म को दर्शकों से कुछ खास रिस्पॉन्स नहीं मिला था। बॉक्स ऑफिस पर ‘शमशेरा’ फ्लॉप साबित हुई थी। आने वाले समय में संजय दत्त के पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं जिनमें संजय दत्त के साथ रवीना टंडन नजर आएंगी। संजय दत्त की पहली शादी ऋचा शर्मा से हुई थी, जिनकी 1996 में ब्रेन ट्यूमर से मौत हो गई थी। पहली शादी से संजय दत्त की एक बेटी है जिसका नाम त्रिशाला है। त्रिशाला अमेरिका में रहती हैं। संजय दत्त ने दूसरी शादी मान्यता से की है। 

  • कोरोना का कहरः 13 राज्यों में मिले ओमिक्रॉन वेरिएंट XBB.1.16.1 के मरीज

    कोरोना का कहरः 13 राज्यों में मिले ओमिक्रॉन वेरिएंट XBB.1.16.1 के मरीज

    नई दिल्लीः देश में एक बार फिर कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। देश के कई राज्यों में कोरोना तेजी से अपने पैर पसार रहा है। बीते कुछ महीने से कोरोना के मामलों में कमी देखी जा रही थी, लेकिन पिछले कुछ हफ्तों से एक बार फिर कोरोना संक्रमण बढ़ने लगा है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, बीते 24 घंटे में देशभर में कोरोना के 7,830 नए मामले सामने आए हैं। बताया गया कि 233 दिन बाद ऐसा हुआ है जब एक दिन में इतने ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। इससे पहले पिछले साल 1 सितंबर को कोरोना के 7,946 मामले सामने आए थे।

    स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि मंगलवार यानी 11 अप्रैल को देशभर में कोरोना से 16 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही संक्रमण दर भी 3.65 फीसदी पर आ गई है। इस बीच एक बड़ी परेशानी सामने आ रही है। दरअसल, कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच एक डराने वाली बात ये भी सामने आई है कि ओमिक्रॉन के सब-वैरिएंट XBB.1.16 में म्यूटेशन हो गया है। अब इसका एक और नया सब-वैरिएंट XBB.1.16.1 सामने आ गया है।

    13 राज्यों में मिला XBB.1.16.1 वैरिएंट

    रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत में कोरोना के मामलों की जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए (INSACOG) है। इसने बताया कि म्यूटेटेड सब-वैरिएंट XBB.1.16.1 के 234 मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही INSACOG के अनुसार, इस नए सब-वैरिएंट के मामले दिल्ली, गुजरात और हरियाणा समेत 13 राज्यों में मामले सामने आए हैं।

    कितना खतरनाक है ये नया वैरिएंट?

    अभी तक फिलहाल इस बात के सबूत नहीं मिले हैं कि XBB.1.16.1 ज्यादा गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है या नहीं। पिछले साल ओमिक्रॉन का सब-वैरिएंट XBB सामने आया था। इसी में म्यूटेशन की वजह से XBB.1.16 और XBB.1.16.1 निकलकर आए हैं।