Category: Breaking News

  • बोरीवली में 3 मंजिला इमारत का गिरा एक हिस्सा, कई वाहन दबे, देखें वीडियो

    बोरीवली में 3 मंजिला इमारत का गिरा एक हिस्सा, कई वाहन दबे, देखें वीडियो

    मुंबईः बोरीवली के वजीरा नाका इलाके में शुक्रवार को तीन मंजिला इमारत का एक हिस्सा ढह गया। इमारत के मलबे के नीचे 4 से 5 वाहन दब गए हैं। हालांकि इस हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। वहीं, मुंबई फायर ब्रिगेड ने इस घटना की जानकारी देते हुए कहा कि घटना स्थल पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौजूद हैं और राहत व बचाव कार्य किया जा रहा है।

    मझगांव में 4 मंजिला इमारत में लगी आग

    वहीं एक अन्य हादसे में मुंबई के मझगांव इलाके में शुक्रवार को एक चार मंजिला आवासीय इमारत की दूसरी मंजिल पर आग लग गई। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि गनपाउडर रोड स्थित तुलसीबाड़ी में अहमद बिल्डिंग की दूसरी मंजिल के एक फ्लैट में दोपहर करीब 12 बजे आग लग गई, हालांकि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है। नगर निगम के अधिकारी ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंची  और आग पर काबू पाने के लिए अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि घटना के 45 मिनट के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

  • 10 वर्षीय बच्ची की कब्र से छेड़छाड़

    10 वर्षीय बच्ची की कब्र से छेड़छाड़

    चेंगलपट्टू :- तमिलनाडु के चेंगलपट्टू जिले के कब्रिस्तान में दफनाई गई दस साल की बच्ची की कब्र के साथ छेड़छाड़ की गई और शव से उसका सिर काट दिया गया। कब्र के पास इमली का पाउडर और फूल बिखरे मिले हैं।बच्ची 5 अक्टूबर को घर के बाहर खेल रही थी जब एक बिजली का खंभा गिरने से वह घायल हो गई। उसके सिर में गहरी चोट आई थी। 14 अक्टूबर बच्ची ने दम तोड़ दिया था।

    शव को अगले दिन तमिलनाडु के चेंगलपट्टू जिले के चित्रवाड़ी कब्रिस्तान में दफनाया गया। दो दिन पहले, स्थानीय लोगों ने देखा कि बच्ची को जिस जगह पर दफनाया गया था, उस स्थान को जोत दिया गया था। जिसके बाद बच्ची के माता-पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि कब्र पर कुछ संदिग्ध गतिविधि हो सकती है।

    शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव से सिर गायब होने पर कब्र खोदी गई। चेंगलपट्टू पुलिस स्टेशन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “यह एक भयानक दृश्य था और शरीर बिना सिर के था। ऐसा लगता है कि जादू टोना करने वाले कुछ लोगों ने छोटी बच्ची का सिर काट दिया होगा। फिलहाल, जांच जारी है. सुराग जुटाकर जल्द ही दोषियों तक पहुंचेंगे।

  • NHAI ने एम्बुलेंस को लेकर जारी किए आदेश, नियम तोड़ने पर लग सकता है 1 लाख रुपए तक जुर्माना

    NHAI ने एम्बुलेंस को लेकर जारी किए आदेश, नियम तोड़ने पर लग सकता है 1 लाख रुपए तक जुर्माना

    नई दिल्लीः हाइवे पर अक्सर दुर्घटना होने के बाद एम्बुलेंस आने में देर हो जाती है। कई बार तो इस देरी की वजह से दुर्घटनाग्रस्त लोगों की जान पर बन आती है, लेकिन अब हाइवे पर यदि एम्बुलेंस लेट से पहुंचती है तो एम्बुलेंस तैनाती एजेंसियों पर जुर्माना लगेगा। न्यूज एजेंसी के अनुसार एम्बुलेंस तैनाती एजेंसियों पर ‘गोल्डन ऑवर’ के भीतर दुर्घटना पीड़ितों को निकटतम अस्पतालों में स्थानांतरित करने के लिए सेवा प्रदान करने में विफलता के लिए जुर्माना लगाया जाएगा।

    गोल्डन ऑवर’ चोट के तुरंत बाद की अवधि है, इस दौरान अधिकतम संभावना होती है कि तत्काल चिकित्सा और सर्जिकल हस्तक्षेप पीड़ित की मृत्यु को रोक देगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने बुधवार को घटना प्रबंधन और नियमों को मजबूत करने के लिए इन प्रावधानों को लागू करने का आदेश जारी किया है। जारी सर्कुलर में कहा गया है कि सिविल ठेकेदार या एजेंसियों द्वारा तैनात एम्बुलेंस को दुर्घटना पीड़ितों को बिना किसी देरी के इलाज के लिए निकटतम चिकित्सा देखभाल केंद्र तक पहुंचाना चाहिए।

    सर्कुलर में आगे कहा गया है कि अगर एम्बुलेंस सेवा प्रदाता अगर पहली बार नियम को तोड़ते पाए गए तो 10,000 रुपये का जुर्माना लगेगा, दूसरी बार 25,000 रुपये और तीसरी बार यह जुर्माना 1 लाख रुपये का लगेगा। NHAI ने कहा कि तीसरी बार नियम तोड़ने को अंतिम चेतावनी के रूप में माना जाएगा। इसके बाद सिविल ठेकेदार या एजेंसियां कार्रवाई के लिए जिम्मेदार होगी।

  • बर्ड फ्लू का बड़ा खतरा, सरकार ने 20 हजार से ज्यादा पक्षियों को मारने का दिया आदेश 

    बर्ड फ्लू का बड़ा खतरा, सरकार ने 20 हजार से ज्यादा पक्षियों को मारने का दिया आदेश 

    अलाप्पुझा: केरल में एवियन इंफ्लुएंजा के बढ़ते मामलों के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सतर्कता बढ़ा दी है। केंद्रीय मंत्रालय की तरफ से एवियन फ्लू से जुड़े मामलों की जांच के लिए सात सदस्यीय एक दल को केरल भेजा गया है। यह दाल जांच के अपनी रिपोर्ट केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को सौंपेगा और साथ ही इसको रोकने के तरीके को भी बताएगा। बता दें कि एवियन फ्लू बर्ड फ्लू के नाम से भी जाना जाता है। दुनियाभर में जंगली पक्षियों में इसका असर देखा गया है। वहीं पक्षियों के संपर्क में आने वाले इंसानों में भी इस संक्रमण का जोखिम होता है।

    अलाप्पुझा जिले में बत्तखों में एवियन फ्लू बीमारी फैलने की पुष्टि होने के साथ ही अधिकारियों ने वीरवार को इस रोग के प्रसार पर काबू के लिए यहां हरिपद नगरपालिका के वझुथनम वार्ड में 20,000 से अधिक पक्षियों को मारने के लिए अभियान शुरू किया। भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान में हाल ही में नमूनों की जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। जिला अधिकारियों ने यहां एक बयान में कहा कि 28 अक्टूबर शनिवार से इस बीमारी के केंद्र के एक किलोमीटर के घेरे में स्थित घरों के सभी पक्षियों को मारा जाएगा।

    बयान में कहा गया है कि 20,471 बत्तखों को मारा जाएगा और आठ त्वरित प्रतिक्रिया दल (आरआरटी) इस संबंध में केंद्रीय मानदंडों का पालन करते हुए ऑपरेशन में लगे हुए हैं। बयान के अनुसार पक्षियों के मारे जाने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी हरिपद नगरपालिका, पल्लीपाड़ पंचायत और आसपास के इलाकों में एक सप्ताह तक स्वास्थ्य एवं पशु कल्याण विभाग द्वारा निगरानी की जाती रहेगी। बीमारी फैलने के स्थान से एक किलोमीटर के घेरे में पक्षियों के परिवहन पर पहले ही प्रतिबंध लगा दिया गया है।

    पिछले 5 दिनों में कुट्टनाड क्षेत्र के हरिपद में लगभग 1,300 बत्तखों की मौत के बाद केरल के अलाप्पुझा जिले में लगभग 20,500 पोल्ट्री पक्षियों को मारने का फैसला किया गया है। यह आदेश बुधवार को हरिपद नगर पालिका के वझुथानम में एवियन इन्फ्लूएंजा के फैलने की पुष्टि के बाद आया है। जिला कलेक्टर वीआर कृष्णा तेजा ने बताया कि क्षेत्र में मौजूद बत्तख में फ्लू के मिलने की पुष्टी हुई है। पिछले एक सप्ताह में हरिपद नगरपालिका के वार्ड 9 में वझुथनम पडिंजारे और वझुथनम वडक्के में पोल्ट्री फार्मों में लगभग 1,500 पक्षियों की मौत हो गई।

  • सड़क पर मामूली विवाद के चलते कार चालक ने कई युवकों को कुचल डाला, देखें वीडियो

    सड़क पर मामूली विवाद के चलते कार चालक ने कई युवकों को कुचल डाला, देखें वीडियो

    नई दिल्लीः राजधानी दिल्ली के अलीपुर इलाके में 26 अक्टूबर को एक कार सवार और बाइक सवार युवकों में बहस हो गई। पुलिस ने बताया कि बहस के दौरान ही कार सवार युवक ने बाइक सवार युवकों को कार से कुचल दिया। कार से कुचलने के बाद 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

    इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बहस के कुछ ही देर बाद कार सवार युवक ने कुछ लोगों पर कार चढ़ा दी। कार से कुचलने के कारण 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। 

    पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी कार चालक का नाम नितिन मान है। आरोपी नितिन को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया है। घायलों का इलाज हॉस्पिटल में चल रहा है। उनकी स्थिति गंभीर है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

  • ‘फायर हेयर कट’ करवाने गए लड़के के सिर में लगी भयानक आग

    ‘फायर हेयर कट’ करवाने गए लड़के के सिर में लगी भयानक आग

    गांधीनगर: गुजरात में ‘फायर हेयर कट’ करवाने गए एक लड़के के सिर में आग लग गई जिस कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस घटना का वीडियो भी जारी हुआ है जिसमें लड़के को झुलसते हुए देखा जा रहा है। बता दें कि अभी भारत में ‘फायर हेयर कट’ का खूब चलन है। ऐसे में इस हेयर कट के दीवाने केवल लड़के ही नहीं बल्कि लड़कियां और औरतें भी है। फिलहाल युवक गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। 

    वीडियो में क्या दिखा

    यह घटना वलसाड़ जिले के वापी कस्बे का है जहां लड़का बंटी सैलून में अपना बाल कटवाने गया था। वायरल इस वीडियो में यह देखने को मिला है कि नाई ने लड़के के बाल को काटने से पहले उसमें एक पाउडर लगा रहा और फिर वह बाल काटना शुरू कर रहा है। वीडियो के अगले हिस्से में यह देखा गया है कि पाउडर लगाने के बाद जैसे ही नाई ने बाल में आग लगाई, आग चारो और फैल गया और लड़के के बाल जलने लगे। इतने में नाई अपने हाथों से आग को बुझाने लगा और नहीं हुआ को लड़के के मुंह पर रखे कपड़े से बुझाने लगा। अन्त में आग फिर भी नहीं बुझा और जब लड़के को इसका एहसास हुआ तो वह भी वहां से उठ खड़ा हुआ और आग बुझाने लगा। इसके बाद का वीडियो साफ नहीं आया है क्योंकि सभी लड़के के सिर में आग बुझाने को लग गए थे। 

    क्या है पूरा मामला

    इस वीडियो को रजनी सिंह नामक एक पत्रकार ने अपने ट्वीटर हैंडल से शेयर किया है। वीडियो को लेकर यह दावा किया जा रहा है कि घटना के समय पीड़ित लड़के का दोस्त भी सैलून में मौजूद था। वह वहां खड़ा होकर वीडियो बना रहा था ताकि वह इसे इंस्टाग्राम में शेयर कर सके। बताया जाता है कि यह घटना इसी वक्त हुआ है और पूरा मंजर कैमरे में कैद हो गया है। घटना के बारे में बोलते हुए वापी टाउन थाने की सहायक उप निरीक्षक मयूरीबेन ने बताया कि पुलिस को घटना के बारे में जानकारी दी गई है। ऐसे में वह गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज पास के सरकारी अस्पताल में चल रहा है। 

  • Airport पर महिला से 7.5 किलो सोना बरामद, मामला दर्ज

    Airport पर महिला से 7.5 किलो सोना बरामद, मामला दर्ज

    नई दिल्लीः दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (आईजीआई) पर आज सीमा शुल्क विभाग की टीम ने एक किर्गिस्तानी महिला यात्री को रोका गया। महिला से करीब 7.5 किलो सोना जब्त किया गया। महिला के खिलाफ सोना तस्करी का मामला दर्ज कर दिया गया है। महिला यात्री ने चार सोने की छड़ों की तस्करी का प्रयास किया। मामले में आगे की जांच जारी है। 

    बता दें कि बुधवार को सीमा शुल्क विभाग की टीम ने दुबई से आने वाली दो भारतीय महिला यात्रियों को मुंबई एयरपोर्ट पर रोका। जांच करने पर उनके पास से 2.65 किलो ग्राम सोना (24 कैरट) मोम (वैक्स) के रूप में जब्त किया गया। इसकी कीमत करीब 1.39 करोड़ रुपये है। मोम के रूप में ये सोना उनके पैरों के चारों और लिपटा हुआ था। दोनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

  • बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, रेलवे स्टेशन से संदिग्‍ध बैग में  भारी मात्रा में विस्‍फोटक सामग्री बरामद

    बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, रेलवे स्टेशन से संदिग्‍ध बैग में भारी मात्रा में विस्‍फोटक सामग्री बरामद

    जम्मू: जम्मू कश्मीर में सुरक्षा बलों की मुस्‍तैदी से बड़ी आतंकी वारदात टल गई। जम्मू रेलवे स्टेशन में टैक्सी स्टैंड के पास से एक संदिग्‍ध बैग बरामद क‍िया गया है। इस बैग में 2 डिब्बे मिले हैं। इसमें एक डिब्बे में विस्फोटक सामग्री और दूसरे डिब्बे में 18 डेटोनेटर्स मिले। रेलवे स्‍टेशन पर व‍िस्‍फोटक म‍िलने की सूचना पर सुरक्षा एजेंस‍ियों में हड़कंप मच गया। टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल की।

    उधर, इस पूरे मामले में जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताब‍िक, राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने वीरवार को जम्मू रेलवे स्टेशन के टैक्सी स्टैंड पर एक बैग बरामद क‍िया। बैग के संद‍िग्‍ध पाए जाने पर इसकी जांच की गई तो हड़कंप मच गया।

    बैग से विस्फोटक बरामद किया गया। जीआरपी के एसएसपी मोहम्मद आरिफ रिशु ने बताया कि विस्फोटक दो बक्सों में पैक किया गया था। उन्होंने बताया कि बैग में 18 डेटोनेटर और कुछ तार भी रखे गए थे। एसएसपी आरिफ रिशु ने कहा कि बक्से लगभग 500 ग्राम मोम टाइप की सामग्री से भरे हुए थे, जिसकी जांच की जा रही है।

  • 29  से होगी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

    29 से होगी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

    तमिलनाडु : मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में इस बात की भविष्यवाणी की है कि 29 अक्टूबर से देश के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। आईएमडी की रिपोर्ट के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में निचले क्षोभमंडल के स्तर में उत्तर-पूर्वी हवाओं के साथ पूर्वोत्तर मानसून की बारिश हो सकती है। पूर्वानुमान में यह भी कहा गया है कि एक चक्रवाती परिसंचरण वर्तमान में पश्चिम मध्य और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के निचले क्षोभमंडल स्तरों में बना हुआ है।
    इसके अलावा, मौसम विभाग ने कहा कि निचले क्षोभमंडल स्तरों में एक ट्रफ रेखा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक से तमिलनाडु होते हुए बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाड़ी तक जाती है। आईएमडी ने कहा, ”उपरोक्त स्थितियों के कारण 29 और 30 अक्टूबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा और केरल में अलग-अलग जगहों पर बारिश हो सकती है।” मौसम विभाग ने कहा है, “30 अक्टूबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। अगले दो दिनों के दौरान उत्तर-पूर्वी राज्यों और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग जगहों पर हल्की वर्षा की संभावना है।” पूर्वानुमान में यह भी कहा गया है कि अगले पांच दिनों के दौरान देश के बाकी हिस्सों में शुष्क मौसम रहने की संभावना है।

  • पुलिस को बाइक सवार युवकों को रोकना पड़ा भारी, कर दी बीच सड़क पर पिटाई, वीडियो वायरल

    पुलिस को बाइक सवार युवकों को रोकना पड़ा भारी, कर दी बीच सड़क पर पिटाई, वीडियो वायरल

    लखनऊ: राजधानी से सनसनीखेज घटना सामने आई है। बुधवार रात को ​गश्त के दौरान बाइक सवार 4 लड़कों को रोकना एक पुलिसकर्मी (दीवान) को महंगा पड़ गया। चारों लड़कों ने पहले दीवान से अभद्रता की, फिर दीवान को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फिलहाल दीवान की तहरीर पर पुलिस वीडियो में नजर आ रहे लड़कों की तलाश में जुटी है।

    हालांकि हम इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करते। बताया जा रहा है कि पारा के सरोसा-भरोसा मोड़ पर दीवान श्रीकांत गश्त कर रहे थे। तभी एक बाइक पर 4 युवक शोर मचाते हुए जा रहे थे। दीवान ने उन्हें हाथ देकर रोका, तो युवक अभद्रता करने लगे। ​यही नहीं युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दिया। चारों ने मिलकर दीवान की पिटाई शुरू कर दिया।

    इस बीच सड़क के दूसरी तरफ खड़ा युवक दौड़कर आया और बीच-बचाव किया। युवक मौके का फायदा उठाते हुए भाग निकले। इस घटना का वीडियो राहगीर ने बना लिया। पारा इंस्पेक्टर दधिबल तिवारी ने बताया कि मोहान चौकी में तैनात दीवान श्रीकांत को कुछ दबंगो द्वारा पीटा गया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दीवान श्रीकांत की तहरीर के बाद आरोपियों की तलाश की जा रही है।