Category: Breaking News

  • जल्द निपटा ले जरूरी काम, 12 दिन बंद रहेंगे बैंक

    नई दिल्ली: मई 2023 की शुरुआत हो गई है। हर महीने की तरह इस महीने भी कई दिनों बैंकों की छुट्टियां रहने वाली हैं। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने मई 2023 के लिए बैंकों की छुट्टियों की लिस्ट जारी कर दी गई हैं। यह लिस्ट राष्ट्रीय स्तर पर बैंकों के अवकाश की है। वहीं, कुछ राज्यों में अलग-अलग त्योहारों पर भी बैंक बंद रहता है। आरबीआई की ऑफिशियल बेवसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, मई महीने में अलग-अलग राज्यों में 12 दिन बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में अगर आप बैंकिंग से जुड़े किसी काम से बैंक जाने के लिए निकलें तो पहले यह चेक कर लें कि कहीं बैंक बंद तो नहीं है। क्योंकि अगर बैंकों की छुट्टी रहेगी तो आप बैंक से जुड़े अपने काम नहीं कर पाएंगे। तो चलिए आपको बताते हैं कि आखिर अगले महीने कब-कब बैंकों की छुट्टियां रहने वाली हैं।

    मई 2023 में बैंकों की साप्ताहिक छुट्टियां

    7 मई  2023: रविवार के चलते देशभर में बैंको बंद रहेंगे।
    13 मई  2023: महीने के दूसरे शनिवार के चलते देशभर में बैंक बंद रहेंगे।
    14 मई  2023: रविवार के चलते देशभर में बैंक बंद रहेंगे।
    21 मई  2023: रविवार के चलते देशभर में बैंक बंद रहेंगे।
    27 मई  2023: महीने के चौथे शनिवार के चलते देशभर में बैंक बंद रहेंगे।
    28 मई   2023: रविवार के चलते देशभर में बैंक बंद रहेंगे।

    इसके अलावा अलग-अलग त्योहारों के मौके पर देश में राज्य स्तर पर भी कई दिनों के लिए बैंक बंद रखने वाले हैं। तो चलिए जानते हैं इसके बारे में…

    1 मई 2023: महाराष्ट्र दिवस और मजदूर दिवस के अवसर पर बेलापुर, बेंगलुरु, चेन्नई, गुवाहाटी, हैदराबाद, कोच्चि, कोलकाता, मुंबई, नागपुर, पणजी, पटना और त्रिवेंद्रम में बैंक बंद रहेंगे।
    5 मई 2023: बुद्ध पूर्णिमा के  अवसर  पर अगरतला, आइजोल, बेलापुर, भोपाल, चंडीगढ़, देहरादून, जम्मू, कानपुर, कोलकाता, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, रायपुर, रांची, शिमला और श्रीनगर में बैंक बंद रहेंगे।
    9 मई 2023: रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के अवसर पर कोलकाता में बैंक बंद रहेंगे।
    16 मई 2023:सिक्किम दिवस के अवसर पर सिक्किम में बैंक बंद रहेंगे।
    22 मई 2023: महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर शिमला में बैंक बंद रहेंगे।
    24 मई 2023: काजी काजी नजरुल इस्लाम की जयंती के अवसर पर त्रिपुरा में बैंक बंद रहेंगे।

  • PM के रोड शो में बड़ी चूक, फेंका गया मोबाइल, देखें वीडियो

    PM के रोड शो में बड़ी चूक, फेंका गया मोबाइल, देखें वीडियो

    नई दिल्ली: कर्नाटक के मैसूर में एक बार फिर पीएम मोदी की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। यहां प्रधानमंत्री का रोड शो चल रहा था, तभी उनकी गाड़ी की तरफ एक महिला ने अपना मोबाइल फेंक दिया। पुलिस ने तुरंत महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि वह बीजेपी की कार्यकर्ता है और ऐसा गलती से हुआ। महिला ने बताया कि वह प्रधानमंत्री की तरफ फूल फेंक रही थी लेकिन उसे ध्यान नहीं रहा और गलती से मोबाइल भी फूल के साथ चला गया।

    कोई गलत इरादा नहींः पुलिस

    अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी), कानून व्यवस्था, आलोक कुमार ने कहा कि फोन भारतीय जनता पार्टी की एक कार्यकर्ता का था और पीएम मोदी विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) की सुरक्षा में थे। उन्होंने बताया “जिस महिला ने पीएम के वाहन पर फोन फेंका, उसका कोई गलत इरादा नहीं था और उत्साह में ऐसा किया गया था। प्रधानमंत्री एसपीजी की सुरक्षा में थे। फोन एक भाजपा कार्यकर्ता का है। हमने उसका पता लगा लिया है, और एसपीजी से उसको फोन सौंप दिया गया है।”

    महिला का बयान होगा दर्ज

    रविवार (30 अप्रैल) को पीएम मोदी कर्नाटक चुनाव के तहत मैसूर में रोड शो कर रहे थे। इस दौरान केआर सर्कल के पास उनकी गाड़ी की तरफ मोबाइल फोन फेंके जाने की घटना हुई। हालांकि, यह फोन गाड़ी के बोनट से टकराकर नीचे गिर गया। प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात एसपीजी के जवानों की नजर फोन पर पड़ी और उन्होंने उस ओर इशारा किया। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर आलोक कुमार ने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी के रोड शो के दौरान फोन फेंकने वाले  को सोमवार सुबह बयान दर्ज करने के लिए बुलाया गया है।

    प्रचार के लिए मैदान में पीएम

    प्रधानमंत्री कर्नाटक में चुनाव प्रचार के आखिरी चरण में बीजेपी के लिए प्रचार करने के लिए मैदान में उतरे हैं, जिसमें वह कई चुनावी रैलियां और रोड शो कर रहे हैं। कर्नाटक में 10 मई को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। 13 मई को वोटों की गिनती की जाएगी।

  • स्कूलों के समय में हुआ बदलाव, आदेश जारी

    स्कूलों के समय में हुआ बदलाव, आदेश जारी

    पटनाः जिले के सभी निजी और सरकारी स्कूलों की टाइमिंग बदल गई है। 1 मई से एक बार फिर से सभी स्कूल 11:30 बजे तक संचालित किए जायेंगे। पटना के डीएम डॉक्टर चंद्रशेखर सिंह ने मौसम में सुधार को देखते हुए स्कूलों की टाइमिंग बदले का निर्देश दिया है। 1 मई से 11:30 बजे तक संचालित करने का आदेश जारी कर दिया है। बता दें कि इससे पहले डीएम ने गर्मी को देखते हुए सभी स्कूलों को 10:45 तक संचालित करने के आदेश जारी किया था। यह आदेश सोमवार 1 मई से सभी स्कूलों पर लागू हो जाएगा।

    डीएम के आदेश के अनुसार निर्धारित समय के बाद स्कूल खुले रहने पर कार्रवाई होगी। इसके लिए डीएम चंद्रशेखर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिये हैं। बिहार में पिछले दिनों भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार देखने को मिल रहा था। रविवार को पटना में बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है। यही नहीं पटना का अधिकतम तापमान पिछले कुछ दिनों से 35 डिग्री सेल्सियस के नीचे दर्ज किया जा रहा है। जिसके कारण लोगों को गर्मी से काफी राहत मिल रही है।

  • पुलिस कस्टडी में व्यक्ति ने की खरीदी शराब, तस्वीर वायरल होने पर एसपी ने दिये कार्रवाई के आदेश

    पुलिस कस्टडी में व्यक्ति ने की खरीदी शराब, तस्वीर वायरल होने पर एसपी ने दिये कार्रवाई के आदेश

    हमीरपुर: यूपी के हमीरपुर से एक हैरान करने वाली तस्वीर वायरल हो रही है। जिसमें हथकड़ी लगाए मुजरिम अंग्रेजी शराब की दुकान से शराब खरीदता दिख रहा है। जबकि हथकड़ी की रस्सी पकड़े पीआरडी का जवान उसके पीछे खड़ा है। मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी दीक्षा शर्मा ने जांच के आदेश दिए हैं।उनका कहना है कि दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। मामला कुरारा थाना का है।

    पुलिस ने शनिवार को मारपीट के मामले में इंदल नाम के युवक का सीआरपीसी की धारा 151 में चालान किया था। रविवार को उसे कोर्ट में पेश करने के लिए ले जा रहे थे। इसी बीच, उसने पुलिसकर्मियों से शराब खरीदने की बात कही। जिसपर गाड़ी रोक कर पुलिसकर्मी उसे शराब खरीदवाने लगे। इसी दौरान किसी ने युवक की फोटो खींच ली। जिसमें पीआरडी जवान भी दिख रहा है। इसके बाद जिले की पुलिस की किरकिरी हो रही है।

    हमीरपुर की एसपी दीक्षा शर्मा ने पुलिसकर्मी पर कार्रवाई के आदेश देते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर जनपद हमीरपुर का एक फोटो वायरल हो रहा है। जिसमें मुलजिम को ले जाते हुए एक पीआरडी जवान शराब दिलवाता हुआ दिखाई दे रहा है। फोटो पर संज्ञान लेते हुए तत्काल उस पीआरडी जवान के खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारी को आदेश दिया गया है। इस प्रकरण में जो पुलिसकर्मी दोषी है, उसके विरुद्ध भी प्रारंभिक जांच की जा रही है। जल्द ही उसपर भी कार्रवाई की जाएगी।

  • 38 लाख के इनामी 3 नक्सली पुलिस एनकाउंटर में ढेर

    38 लाख के इनामी 3 नक्सली पुलिस एनकाउंटर में ढेर

    गढ़चिरौली: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आज सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठेभड़ हो गई। जिसके बाद जंगलसे तीन नक्सलियों के शव और भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं। सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी थी, जिसके बाद जवानों की तरफ से जवाबी फायरिंग की गई। अब नक्सलियों के तीन शव बरामद हुए हैं। मारे गए नक्सलियों पर 38 लाख का इनाम घोषित था. ये मुठभेड़ गढ़चिरौली के अहेरी इलाके में हुई. जिसमें 3 नक्सली ढेर हो गए हैं।

    न्यूज एजेंसी से मिली जानकारी अनुसार, गढ़चिरौली जिले के डीआईजी संदीप पाटिल ने बताया पुलिस को सूचना मिली थी कि अहेरी तहसील के मन्ने राजाराम में नक्सली डेरा डाले हुए हैं। सूचना के आधार पर जब पुलिस ने जंगल में तलाशी अभियान चलाने के लिए 60 दलों को लॉन्च किया था। पुलिस को शुरुआती जानकारी में पता चला कि मृतकों नक्सलियों में से एक पेरिमिली दलम के कमांडर बिट्लू मदावी और अन्य दो शव पेरिमिली दलम के वासु और अहेरी दलम के श्रीकांत के हैं। 

    दरअसल, ये मुठभेड़ शाम करीब 6 बजे हुई है। वहीं, डीआईजी ने कहा कि पुलिस एनकाउंटर में मारे गए नक्सलियों पर 38 लाख रुपये का इनाम घोषित था। हालांकि, पुलिस ने नक्सलियों ने शव बरामद कर लिए है। इसके साथ ही पुलिस को मौके से भारी मात्रा में हथियार भी बरामद हुए हैं। बता दें कि, बिट्लू मडावी इस साल 9 मार्च को छात्र साईनाथ नरोटे की हत्या के साथ-साथ फरवरी/मार्च 2023 में विसामुंडी और अलेंगा में सड़क निर्माण के सामान में आग लगाने की दो घटनाओं में मुख्य आरोपी था। 

    इस मामले में पुलिस का कहना है कि पिछले दिनों छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में हुए नक्सली हमले के बाद महाराष्ट्र बॉर्डर में कमांडो और स्थानीय पुलिस अलर्ट मोड़ पर है। बताया जा रहा है कि ये मुठभेड़ शाम 6 से 7 बजे के बीच हुई थी। जिसमें 3 नक्सलियों के ढेर होते ही बाकी के नक्सली अंधेरे का फायदा उठाकर घटनास्थल से भाग निकले। हालांकि, पुलिस अब भी जंगल मे सर्च ऑपरेशन चला रही है। जबकि मारे गए नक्सलियों के पास से भारी पैमाने पर हथियार और अन्य सामग्री बरामद हुई है।

  • केंद्रीय मंत्री की बिगड़ी तबीयत, AIIMS  में भर्ती

    केंद्रीय मंत्री की बिगड़ी तबीयत, AIIMS में भर्ती

    नई दिल्ली: केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें सीने में जकड़न की शिकायत के बाद दिल्ली-एम्स में एडमिट कराया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रेड्डी को रात करीब 11 बजे के आस-पास हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया है। उनका कार्डियक केयर यूनिट में इलाज किया जा रहा है। 

    रेड्डी रविवार को रेड्डी ‘नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट’ (NGMA) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शो ‘मन की बात’ के 100वें एपिसोड के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। यहां उन्होंने ‘जन शक्ति: एक सामूहिक शक्ति’ प्रदर्शनी के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मन की बात में भारत की विरासत, इतिहास और संस्कृति पर प्रकाश डाले जाने की बात कही थी। इस दौरान वे बिल्कुल स्वस्थ दिखाई दे रहे थे।

    बता दें कि शनिवार (29 अप्रैल) को ही रेड्डी ने सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर ‘गंगा पुष्करला यात्रा पुरी-काशी अयोध्या’ भारत गौरव ट्रन को हरी झंडी दिखाई थी। इससे पहले गुरुवार को पहले वैश्विक पर्यटन निवेशक सम्मेलन से पहले रेड्डी ने यात्रा और पर्यटन उद्योग में हितधारकों के बीच जागरूकता लाने के लिए एक रोडशो में भी शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने पर्यटन उद्योग में स्टार्टअप और कंपनियां के लिए निवेश के अपार अवसर मौजूद होने की बात कही थी। लेकिन रविवार रात अचानक ही उन्हें सीने में जकड़न की शिकायत हुई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी को सीसीयू में एडमिट कराया गया हैं जहां उनका इलाज चल रहा है। इसके अलावा फिलहाल उनके स्वास्थ्य के हवाले से कोई अन्य जानकारी सामने नहीं आई है।

  • राहत: LPG सिलेंडर 171 रुपये हुआ सस्ता

    राहत: LPG सिलेंडर 171 रुपये हुआ सस्ता

    नई दिल्ली: 1 मई यानी मजदूर दिवस के दिन सरकार ने एलपीजी सिलेंडर (LPG Price) के दाम में भारी कटौती की है। इसके बाद कई शहरों में गैस सिलेंडर के दाम बदल गए हैं। हालांकि, सिर्फ कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम घटाए गए हैं। 14.2 किलो वाले घरेलू रसोई गैस की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में कॉमर्शियल सिलेंडर 1856.50 रुपये का हो गया है। कोलकाता में इसका रेट 1960.50 रुपये, मुंबई में 1808.50 रुपये और चेन्नई में 2021.50 रुपये है। नए रेट तेल कम्पनियों ने अपनी वेबसाइट पर अपडेट कर दिए हैं।

    बता दें कि हर महीने की एक तारीख को सरकारी तेल मार्केटिंग कंपनियां गैस का दाम रीवाइज करती हैं। एक अप्रैल 2023 को भी कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम में कटौती की गई थी। तब गैस सिलेंडर करीब 92 रुपये सस्ता हुआ था, जबकि मार्च में वाणिज्यिक गैस सिलेंडर के दाम 350 रुपये से अधिक बढ़ा दिए गए थे। 1 मई 2023 को घरेलू एलपीजी सिलेंडर का रेट घटने के बाद पूरे देश में इसके दाम काम हो गए हैं। ये नई वाणिज्यिक गैस की कीमतें सोमवार, 1 मई से प्रभावी हैं। इस बार गैस सिलेंडर के दाम एक झटके में 171.50 रुपए कम हो गए हैं।

    कोलकाता में वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर (एलपीजी) और औद्योगिक गैस सिलेंडर (आरएसपी) की मौजूदा कीमत 2,132 रुपये थी। इन दोनों तरह के गैस सिलेंडर की कीमत में 171.50 रुपए की कमी की गई है। नतीजतन, कोलकाता में वाणिज्यिक क्षेत्र में उपयोग किए जाने वाले 19 किलो एलपीजी और आरएसपी गैस सिलेंडर की नई कीमत घटकर 1,960.50 रुपये हो गई। ये नई कीमतें आज यानी 1 मई से प्रभावी हो गई हैं।

  • 11 वर्षीय बच्ची ने मां का कर्जा चुकाने के लिए उठाया यह बड़ा कदम

    11 वर्षीय बच्ची ने मां का कर्जा चुकाने के लिए उठाया यह बड़ा कदम

    सीवानः बिहार के सीवान जिले से शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कर्ज ना चुकाने पर जिले के मैरवा थाना क्षेत्र की रहने वाली 11 साल की लड़की से 40 वर्षीय व्यक्ति ने शादी कर ली। शादी करने वाले की पहचान महेंद्र पांडे के रूप में हुई है। वह मैरवा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव का रहने वाला है।

    मैरवा थाना क्षेत्र के छेनी छापर गांव में इस बात की चर्चा है कि थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर निवासी 40 वर्षीय महेंद्र पांडे ने लड़की की मां को 2 लाख रुपए का कर्ज दिया था। महेंद्र लड़की की मां से रुपए वापस मांग रहा था। लड़की के माता- गरीब हैं, वे किसी वजह से कर्ज वापस नहीं कर पा रहे थे। इसी को लेकर कर्ज देने वाले महेंद्र पांडे ने उनकी 11 वर्षीय बेटी से शादी कर ली और वह लड़की को अपने घर ले गया।

    पीड़ित लड़की की मां ने कहा कि मैरवा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में रिश्तेदारी है, जहां बेटी हमेशा आती जाती थी। उसी गांव के महेंद्र पांडे ने मुझसे कहा कि मैं आपकी बेटी को अपने यहां रखकर उसकी पढ़ाई लिखाई कराऊंगा। इसके बाद महेंद्र ने उससे शादी करके उसे रख लिया है। मैं चाहती हूं कि मेरी बेटी मेरे पास वापस आ जाए।

    आरोपी महेंद्र पांडे की उम्र 40 साल बताई जा रही है। उसने पहले तो 11 साल की लड़की से शादी की। उसके बाद वह तरह-तरह की बातें बना रहा है। कभी कहता है कि मैंने गलती कर दी, जो भी सजा मिलेगी, वह भुगतूंगा तो कभी कहता है कि बेटी के नाम पर लाया हूं। जहां जाना चाहे, जा सकती है और रह सकती है। वहीं कभी लड़की से फोन करवाकर उसकी मां को धमकी दिलाता है कि अगर ये खबर फैलाई तो हम तुम्हें फंसा देंगे। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। बताया जा रहा है कि महेंद्र पांडेय शादीशुदा है, उसके दो बच्चे भी हैं। 

    इस मामले में नाबालिग लड़की का कहना है कि मम्मी को महेंद्र पांडे ने कर्ज दिया था, कितना कर्ज दिया था, ये मुझे नहीं मालूम। मुझे लेकर यहां आईं और पांडे के पास छोड़कर चली गई। वहीं लड़की की मां का कहना है कि वह पढ़ाने के लिए ले गए थे और शादी कर ली।

  • बृजभूषण सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने वाले पहलवानों को दी गई सुरक्षा

    बृजभूषण सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने वाले पहलवानों को दी गई सुरक्षा

    नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस के द्वारा भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों के मामले में पहलवानों और शिकायकर्ताओं को सुरक्षा दिलाई गई है।और इनके बयान दर्ज किए जाएंगे। सात महिला पहलवानों और एक नाबालिग लड़की ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए बयान दर्ज करेगी। 

    इस बीच, ‘इंडियन वीमन प्रेस कोर’ (IWPC) ने शनिवार को सरकार से यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ जांच की मांग कर रही प्रदर्शनकारी महिला पहलवानों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह किया। उल्लेखनीय है कि महिला पहलवानों द्वारा भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों के संबंध में दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को दो प्राथमिकी दर्ज की।

  • 1 मई से बदल जाएंगे यह नियम, आपकी जेब पर पड़ेगा सीधा असर

    1 मई से बदल जाएंगे यह नियम, आपकी जेब पर पड़ेगा सीधा असर

    नई दिल्ली : मई का महीना शुरू होने जा रहा है। इसके साथ ही कई नियम बदल जाएंगे, जिनका असर सीधा आपकी जेब पर पड़ सकता है। जो बदलाव होने जा रहे हैं, उनमें जीएसटी और पीएनबी के एटीएम ट्रांजैक्शन के नियम शामिल हैं।

    जीएसटी के नियमों में बदलाव

    1 मई से जीएसटी से जुड़ा एक बड़ा नियम बदलने जा रहा है। नए नियम के अनुसार जिन कंपनियों का टर्नओवर 100 करोड़ रुपये से ज्यादा होगा, उन्हें 7 दिनों के अंदर ही इनवॉइस रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर अपनी ट्रांजैक्शन रिसीट अपलोड करनी होगी। फिलहाल ऐसा करने के लिए कोई समय सीमा तय नहीं की गई है।

    पीएनबी ने किया बदलाव

    प्रमुख सरकारी बैंक पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) भी कुछ नियमों में बदलाव करने जा रहा है। पीएनबी ने एटीएम से लेन-देन करने के नियम बदले हैं। अगर खाते में पैसे की कमी के चलते आपकी एटीएम पर लेनदेन विफल हो जाए तो पीएनबी आपसे 10 रुपये का चार्ज वसूलेगा। इतना ही नहीं इस 10 रु पर जीएसटी अलग से लगाया जाएगा।

    गैस सिलेंडर के रेट में होगा बदलाव

    आपकी जानकारी के लिए बता दें कि केंद्र सरकार हर महीने की पहली तारीख को समीक्षा के बाद एलपीजी, सीएनजी और पीएनजी के रेट बदलती है। इनमें कटौती या बढ़ोतरी संभव होती है। ऐसा भी होता है कि सिलेंडर के रेट न बदले जाएं। इस महीने यानी अप्रैल से कमर्शियल सिलेंडर के दाम 91.50 रुपये तक घटाए गए थे। इस कटौती के बाद दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2028 रुपये रह गई थी। अब सरकार 1 मई से सिलेंडर की कीमतों में बदलाव कर सकती है। ये बदलाव घरेलू और कमर्शियल दोनों तरह के सिलेंडरों की कीमतों में हो सकता है।

    म्यूचुअल फंड कंपनियों में बदलाव

    मार्केट रेगुलेटर सेबी ने म्यूचुअल फंड कंपनियों से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि वे केवल उन्हीं ई-वॉलेट से पैसे लें, जिनका केवाईसी हो चुका है। इसका सीधा सा मतलब है कि अगर आपके वॉलेट का केवाईसी नहीं हुआ होगा तो आप इसके जरिए निवेश नहीं कर पाएंगे। ध्यान रहे कि ये नियम 1 मई से लागू होने जा रहा है।