Category: Breaking News

  • केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में 5 नए जजों की नियुक्ति को दी मंजूरी

    केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में 5 नए जजों की नियुक्ति को दी मंजूरी

    नई दिल्लीः केंद्र सरकार ने शनिवार को सुप्रीम कोर्ट में 5 नए जजों की प्रोन्नति की मंजूरी दी। केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट में पांच नए जजों की प्रोन्नति को मंजूरी दी।’ बता दें कि कॉलेजियम ने पिछले साल दिसंबर में सुप्रीम कोर्ट में प्रोन्नति के लिए उच्च न्यायालय के तीन मुख्य न्यायाधीशों और दो न्यायाधीशों के नामों की सिफारिश की थी।

    केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के लिए जिन 5 नए न्यायाधीशों की नियुक्तियों को मंजूरी दी, उनमें राजस्थान हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पंकज मिथल, पटना हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश संजय करोल, मणिपुर हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पीवी संजय कुमार, पटना हाई के न्यायाधीश अहसानुद्दीन अमानुल्लाह और इलाहाबाद हाई कोर्ट के न्यायाधीश मनोज मिश्रा शामिल हैं। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट में इन पांच न्यायाधीशों के शपथ लेने के बाद न्यायालय की कार्य शक्ति 32 हो जाएगी। वर्तमान समय में सुप्रीम कोर्ट में स्वीकृत कार्य शक्ति सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ सहित 27 है। जबकि इसकी क्षमता 34 है।

  • मुफ्त साड़ी बांटने दौरान मची भगदड़, 4 की मौत सहित कई घायल

    मुफ्त साड़ी बांटने दौरान मची भगदड़, 4 की मौत सहित कई घायल

    तिरुपत्तूर: तमिलनाडु के तिरुपत्तूर जिले में शनिवार को धोती और साड़ी वितरण के लिए एक टोकन वितरण समारोह में मची भगदड़ में कम से कम चार महिलाओं की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। थाईपुसम उत्सव के अवसर पर एक व्यवसायी द्वारा मुफ्त साड़ियां प्रदान करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। बताया जाता है तिरुपत्तूर जिले के वानियामबाड़ी इलाके में करीब 500 महिलाएं साड़ियां प्राप्त करने के लिए एकत्रित हुई थीं। इसी दौरान टोकन लेने के लिए महिलाएं उमड़ पड़ीं जिससे भगदड़ मच गई।

    इससे 15 महिलाएं बेहोश हो गईं जिनमें से चार महिलाओं की दम घुट जाने से मौत हो गई। वहीं सीएम एमके स्टालिन ने मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये देने की घोषणा की है। बताया जा रहा है कि करीब एक दर्जन घायलों को वानीयंबादी सरकारी अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसपी बालकृष्ण ने मामले के जांच के आदेश दिए हैं। मृत महिलाओं की शिनाख्त कर ली गई है, इनके नाम वल्लियाम्मल, राजथी, नागम्मल, छिन्नम्मल बताए गए हैं। इस बीच, टोकन बांटने की व्यवस्था करने वाली निजी फर्म अयप्पन के मालिक को हिरासत में ले लिया गया है।

    बता दें कि यह त्योहार तमिल समुदाय के द्वारा थाईपुसम के रूप में मनाया जाता है। यह भगवान मुरुगन की जयंती होती है। भगवान शिव और देवी पार्वती के पुत्र भगवान कार्तिकेय (भगवान मुरुगन) हैं। कहा जाता है कि इसी दिन देवी पार्वती ने भगवान मुरुगन को तारकासुर नामक राक्षस और उसकी सेना को मारने का आदेश दिया था। इसके बाद भगवान मुरुगन ने तारकासुर का वध किया था। इसी की खुशी में यह त्योहार को मनाया जाता है। थाईपुसम शब्द में थाई और पुसम शब्द शामिल हैं, जहां पुसम का अर्थ नक्षत्रम पुसम (जिसे पुष्य भी कहा जाता है) है। प्रमुख रूप ये त्योहार भारत के अलावा मलेशिया, इंडोनेशिया, श्रीलंका और दुनिया के कई अन्य देशों में मनाया जाता है।

  • गर्लफ्रैंड को रूम में बुला 20वीं मंजिल से सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने लगाई छलांग, मौत

    गर्लफ्रैंड को रूम में बुला 20वीं मंजिल से सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने लगाई छलांग, मौत

    नई दिल्ली : थाना एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में सेक्टर-168 स्थित गोल्डन पाम सोसायटी में अपनी गर्लफ्रेंड के साथ रहने आए 26 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने शुक्रवार देर रात 20वी मंजिल की बालकनी से छलांग लगा दी। उसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची एक्सप्रेस-वे कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में मृतक के गर्लफ्रेंड से पूछताछ की जा रही है।
    सुसाइड करने वाले युवक की पहचान नमन मदान के रूप में हुई है जिसकी उम्र 26 साल थी। थाना एक्सप्रेस वे प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि नमन मदान पुत्र अनिल मदान निवासी सेक्टर-15 सोनीपत, वीवान कंपनी बेंगलुरु में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। उन्होंने गोल्डन पाम सोसायटी में किराए पर फ्लैट लिया था और अपनी गर्लफ्रेंड के साथ वीरवार शाम करीब पांच बजे ओ टावर के स्टूडियो अपॉर्टमेंट में रुकने के लिए आए थे।

    लेकिन शुक्रवार की रात को नमन मदान ने उसी फ्लैट के कमरे की 20वी मंजिल की बालकनी से कूदकर आत्महत्या कर ली। हालांकि उसने खुदकुशी क्यों की यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। कहा जा रहा है कि युवती से किसी विवाद के बाद युवक ने खुदकुशी की है। पुलिस ने इस संबंध में युवती को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है।

    थाना प्रभारी का कहना है कि प्रारम्भिक पूछताछ से पता चला है कि मृतक नमन मदान की गर्लफ्रेंड भी सोनीपत की ही रहने वाली है। दोनों बैचमेट हैं। नमन मदान के परिवार वालों को सूचित कर दिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं पर मामले की जांच कर रही है। अभी तक नमन के आत्महत्या करने का कारण सामने नहीं आया है। हालांकि गर्लफ्रेंड की उपस्थिति में घटना घटित होने के कारण पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है और जांच में जुट गई है।

  • शौकीनों को बड़ा झटका, तंदूर जलाने पर लगा बैन, लगेगा 5 लाख रुपये जुर्माना

    शौकीनों को बड़ा झटका, तंदूर जलाने पर लगा बैन, लगेगा 5 लाख रुपये जुर्माना

    जबलपुरः शहर में तंदूर जलाने पर रोक लगा दी गई है, यानि आप अब तंदूरी रोटी या तंदूरी चिकन के लिए तरस जाएंगे। काफी दिनो से प्रशासन की जानकारी में यह बात सामने आ रही थी की शहर में तंदूर ज्यादा मात्रा में जलने से प्रदूषण का लेवल खूब बढ़ रहा है। इसलिए इन पर रोक लगाने का फैसला लिया गया है। ऐसे में जबलपुर ऐसा पहला शहर होगा जहां तंदूर जलाने पर रोक लग गई है। गौरतलब है कि प्रशासन के एक आदेश के बाद होटल और टैंट संचालकों में भी हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

    तंदूरी रोटी और तंदूरी चिकन के शौकीनों में निराशा

    इस आदेश के बाद तंदूरी रोटी के शौकीन लोगों को निराशा हो रही है। अब उनकी पसंदीदा डिश आसानी से उपलब्ध नहीं होगी। हालांकि कुछ लोगों का मानना है कि सेहत के लिहाज से यह आदेश लोगों में खुशी लेकर आया है, लेकिन इसमें होटल संचालक भी बेहद खफा हैं, उनके अलग मत हैं, वहीं प्रशासनिक अधिकारियों के अलग मत हैं। होटल संचालकों का कहना है कि प्रशासन का यह आदेश गैर व्यावहारिक है। इस आदेश पर प्रशासन को पुनर्विचार करना चाहिए, वहीं प्रशासन प्रदूषण की दुहाई दे रहा है।

    आदेश का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

    प्रशासन का तर्क यह है कि तंदूर से निकलने वाले धुएं से प्रदूषण फैलता है और तंदूर सेहत के लिए नुकसानदायक है और यह निर्णय हवा की क्वालिटी सुधारने के लिए लिया गया है। प्रशासन के अनुसार प्रदूषण कम करने के लिए यह फैसला लिया गया है। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर 5 लाख रुपये जुर्माने का प्रावधान है। संभवतया जबलपुर प्रदेश का पहला जिला है, जहां इस तरह का आदेश जारी किया गया है।

    निराश ना हों, ऐसे बनाएं तंदूरी

    इस आदेश के तहत यह भी कहा गया है कि आप तंदूरी खाद्य पदार्थ दूसरी तरह से भी बना सकते हैं। खाद्य विभाग ने हाल ही में 50 होटलों को नोटिस जारी किया था जिसमें लकड़ी और कोयले वाले तंदूर नहीं जलाने की बात कही गई थी। साथ ही खाद्य विभाग ने यह छूट दी थी कि एलपीजी या इलेक्ट्रिक तंदूर जलाकर तंदूरी खाद्य पदार्थ बनाए जा सकते हैं।

    हवा क्वालिटी सुधारने चल रहे विभिन्न अभियान

    केंद्र के निर्देश पर हवा की क्वालिटी सुधारने और पर्यावरण को स्वच्छ बनाने की दृष्टि से सभी राज्य अलग-अलग अभियान चला रहे हैं, जिससे प्रदूषण कम किया जा सके। इसी क्रम में जबलपुर प्रशासन ने भी कोशिश की है कि जिले में हवा की गुणवत्ता बेहतर रखना है। ऐसे में संभागायुक्त चंद्रशेखर ने मीडिया से बात करते वक्त बताया कि हमें जानकारी मिली थी कि होटलों में चलने वाले तंदूर लकड़ी और कोयला की आग से बनाए जा रहे थे और इससे निकलने वाले धुएं से प्रदूषण फैल रहा था।

  • नेशनल अवॉर्ड विनिंग मशहूर सिंगर का निधन, हाल ही में पद्म भूषण से किया गया था सम्मानित

    नेशनल अवॉर्ड विनिंग मशहूर सिंगर का निधन, हाल ही में पद्म भूषण से किया गया था सम्मानित

    नई दिल्ली: म्यूजिक जगत से एक दुखद खबर सामने आ रही है। नेशनल अवॉर्ड विनिंग लेजेंडरी सिंगर वाणी जयराम अब हमारे बीच नहीं रहीं। सिंगर का निधन हो गया है। वह चेन्नई में अपने घर में मृत पाई गई हैं। उनके निधन की खबर ने हर किसी को हैरान कर दिया है। हर तरफ शोक की लहर है। 

    वाणी जयराम ने दुनिया को कहा अलविदा

    सिंगर वाणी जयराम ने 77 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है। सिंगर का निधन उनके घर में हुआ है। वे अपने घर में मृत पाई गई हैं। सिंगर की मौत कैसे हुई इस बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

    10 हजार से ज्यादा गानों को दी आवाज

    वाणी जयराम ने हाल ही में एक प्रोफेशनल सिंगर के रूप में म्यूजिक इंडस्ट्री में 50 साल पूरे किए थे। वो अपने करियर में 10,000 से ज्यादा गाने रिकॉर्ड कर चुकी थीं। वाणी जयराम आरडी बर्मन, केवी महादेवन, ओपी नैय्यर और मदन मोहन समेत कई अन्य प्रसिद्ध संगीतकारों के साथ काम कर चुकी थीं। उन्होंने सदाबहार चार्टबस्टर्स गाने दिए हैं। गणतंत्र दिवस के ठीक एक दिन पहले 25 जनवरी को सरकार ने पद्म पुरस्कारों की अनाउंसमेंट की थी। सिंगर वाणी जयराम का नाम भी इस बार पद्म भूषण की लिस्ट में शुमार था। वाणी जयराम को आधुनिक भारत की मीरा भी कहा जाता था। उन्होंने संगीत जगत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया था।

    इतनी भाषाओं में गाए थे गाने

    वाणी जयराम ने तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, हिंदी, उर्दू, मराठी, बंगाली, भोजपुरी और उड़िया में कई गाने गाए थे। उन्हें तमिलनाडु, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, केरल, गुजरात और ओडिशा से राज्य पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। उन्होंने अपने सिंगिंग करियर में कई खूबसूरत गानों को अपनी आवाज दी है। म्यूजिक वर्ल्ड में उनका योगदान हमेशा सराहा जाएगा। वाणी जयराम के निधन की खबर ने उनके तमाम चाहने वालों के दिल तोड़ दिए हैं। फैंस उन्हें नम आंखों से याद कर रहे हैं। 

  • CRPF के ASI ने AK-47 ने चलाई गोली, मौत 

    CRPF के ASI ने AK-47 ने चलाई गोली, मौत 

    नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में इंटेलीजेंस ब्यूरो (IB) के डायरेक्टर की सुरक्षा में तैनात सीआरपीएफ के एक सब इंस्पेक्टर (ASI) ने एके-47 से गोली मारकर खुद को उड़ा दिया। ASI की आत्महत्या से हड़कंप मच गया। मामले की जांच जारी है। जानकारी के मुताबिक सीआरपीएफ में तैनात एएसआई राजबीर (53) मध्य प्रदेश के रहने वाले थे। पिछले दिनों से वह छुट्टियों पर थे और बीते शुक्रवार को ही ड्यूटी पर लौटे थे। उनकी तैनाती इंटेलीजेंस ब्यूरो (IB) के डायरेक्टर के तुगलक रोड स्थित बंगले पर थी।

    राजबीर ने शुक्रवार की शाम 4:15 बजे अपनी AK-47 से खुद को 2 गोलियां मारकर खुदकुशी कर ली। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और आगे की जांच कर रही है। मीडिया रिपोर्टे के मुताबिक यह घटना देश के खुफिया विभाग के प्रमुख तपन कुमार डेका के आधिकारिक आवास की है, जहां एएसआई राजबीर कुमार ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की। फिलहाल, दिल्ली पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि एएसआई ने घर से लौटते ही आत्महत्या क्यों की?

  • पिता ने दिया बच्चे को जन्म, अब मां की जगह खुद करा रहा स्तनपान

    पिता ने दिया बच्चे को जन्म, अब मां की जगह खुद करा रहा स्तनपान

    नई दिल्लीः ये तो पूरी दुनिया को पता है कि बच्चे को जन्म सिर्फ एक महिला ही दे सकती है। वहीं बच्चे को स्तनपान करा सकती है। लेकिन क्या आपने कभी किसी पुरुष को गर्भवती होते देखा है? और क्या एक पुरुष बच्चे को जन्म दे सकता है? लेकिन आज हम एक ऐसे ट्रांसजेंडर पुरुष के बारे में बताने जा रहे है जो प्रेग्नेंट भी हुआ और बच्चे को जन्म दिया। अब वो बच्चे को स्तनपान भी ​कराता है। ये बात सुनकर आपको यकीन तो नहीं होगा। आइए जानते हैं ये कैसे संभव हुआ?

    दरअसल, ये कहानी एक 31 साल के टैनियस पोसे की है। जिन्होंने पुरुष का शरीर पाने के लिए मेडिकल ट्रांजिशनिंग शुरू कर दी। उन्हें 6 साल पहले अपने किन्नर सहकर्मी की मदद से अहसास हुआ था कि वो पुरुष बनना चाहते है। इसके तुरंत बाद उन्होंने ट्रीटमेंट लेना शुरू कर दिया। लेकिन अचानक उन्हें पता चला कि वो प्रेग्नेंट हो गए है। ये खबर सुनते ही वो हैरान हो गए थे। जिसके बाद उन्होंने बच्चे को जन्म दिया। अब उनका एक साल का बेटा भी है।

    टैनियस को सीहोर्स डैड भी कहा जाता है। सीहोर्स एक ऐसा जीव होता है, जिसमें पुरुष प्रजाति भी प्रेग्नेंट हो सकती है। ये नाम यहीं से निकला है। टैनियस ने अपनी कहानी सोशल मीडिया पर शेयर की है, जहां उनके 9 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। यहां उनके वीडियो को 10 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिले हैं। हालांकि, कुछ लोग टैनियस की काफी आलोचना कर रहे हैं। उन्होंने लोगों की आलोचना को लेकर इस यू्ट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में बात की। उन्होंने बताया- किसी का कहना है कि वह किसी और ग्रह से हैं। तो कोई बोल रहा है कि वह हार्मोन्स ले रहे हैं और बच्चे को स्तनपान करा रहे हैं।

  • 12 घंटों में 3 राज्यों में भूकंप के झटके

    12 घंटों में 3 राज्यों में भूकंप के झटके

    गुजरातः शनिवार के दिन की शुरुआत होते ही देश के दो राज्यों में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इससे पहले मणिपुर के उखरुल में भी शनिवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। यह भूकंप सुबह 6 बजकर 14 मिनट पर आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने जानकारी दी कि उखरुल में 4.0 की तीव्रता से भूकंप के झटके महसूस किए गए। वहीं बीते 12 घंटों में देश मेंं कुल तीन जगह धरती हिली है।

    अब गुजरात के सौराष्ट्र क्षेत्र के अमरेली जिले में शनिवार सुबह 3.2 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसमें किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई खबर नहीं है। इंस्टीट्यूट ऑफ सीस्मोलॉजिकल रिसर्च (आईएसआर) ने अपने अपडेट में कहा कि भूकंप का केंद्र अमरेली शहर के 43 किमी दक्षिण-दक्षिण पूर्व (एसएसई) में रिकॉर्ड किया गया है। इससे पहले शुक्रवार रात उत्तर प्रदेश के शामली में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।

    जानकारी के मुताबिक रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.2 मापी गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक भूंकप की वजह से किसी तरह के जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। बता दें कि इससे पहले 30 जनवरी को गुजरात के कच्छ जिले में 4.2 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। वहीं बाहर देश की बात करें तो आज सुबह ही अफगानिस्तान में भी 4.3 तीव्रता का भूकंप आया है।

  • पूर्व सीएम के काफिले के साथ हुआ हादसा, आपस में टकराईं 6 गाड़ियां 

    पूर्व सीएम के काफिले के साथ हुआ हादसा, आपस में टकराईं 6 गाड़ियां 

    उत्तर प्रदेशः समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव का काफिला आज हादसे का शिकार हो गया। काफिले की आधा दर्जन गाड़ियां आपस में टकरा गईं। यूपी के हरदोई में उनकी कारों के काफिले का एक्सीडेंट हो गया है। इसमें कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुईं और 4 लोग घायल भी हो गए, जिनको प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। अखिलेश यादव को इस हादसे में कोई चोट नहीं आई है, उनकी कार के पीछे आ रही गाड़ियों की आपस में टक्कर हुई थी।

    अखिलेश यादव यहां हरपालपुर के बैठापुर में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इस बीच मल्लावा बिलग्राम रोड के खेमीपुर गांव के पास (फरहत नगर रेलवे क्रासिंग के पास) हादसा हुआ। हादसे के बाद के कुछ वीडियोज भी सामने आए हैं। इसमें 4 से ज्यादा गाड़ी क्षतिग्रस्त दिख रही हैं। गाड़ियों के आसपास लोग जमा हैं, साथ ही एंबुलेंस भी वहां पर है। जानकारी के मुताबिक, फरहत नगर रेलवे क्रासिंग पर ब्रेकर के निकट पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की फ्लीट में शामिल वाहन आगे निकल गए और काफिले में शामिल कार्यकर्ता ने ब्रेकर के कारण कार में ब्रेक लगा दी। इस वजह से पीछे चल रहे  वाहन आपस में टकरा गए।

    हादसे में वाहनों में सवार रूदामऊ के नसीम खान, बिलग्राम के मुनेंद्र यादव, संडीला के वसीम वारसी और कप्तान सिंह घायल हो गए। घायलों को कार्यकर्ताओं ने कार से बाहर निकाला और एंबुलेंस से सीएचसी ले जाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) अनिल कुमार ने बताया कि असल में टक्कर पूर्व मुख्यमंत्री के काफिले के वाहनों की नहीं हुई थी। बल्कि उनके साथ चल रहे कार्यकर्ताओं के वाहनों की हुई थी। 

    अखिलेश यादव का यह एक दिवसीय हरदोई दौरा पहले से तय था। वह दोपहर 11 बजे करीब लखनऊ से हरदोई के लिए निकले थे। शाम 4.30 बजे तक उनको लखनऊ वापस पहुंचना था। इससे पहले कल वीरवार को अखिलेश यादव का मुरादाबाद दौरा चर्चा में रहा था। समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया था कि योगी सरकार के दबाव में आकर कमिश्नर और डीएम ने मुरादाबाद में अखिलेश यादव के प्लेन को लैंड होने की अनुमति नहीं दी थी। सपा का कहना था कि ये कार्यक्रम पहले से तय था। सपा ने इसे बेहद निंदनीय एवं अलोकतांत्रिक बताया था। अखिलेश यादव की पार्टी सपा इन दिनों स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान की वजह से विरोध का शिकार हो रही है।

    स्वामी प्रसाद मौर्य ने रामचरितमानस की कुछ पंक्तियों पर आपत्ति जताकर उनको हटाने की मांग की थी। काफी विरोध के बाद भी उन्होंने अपना बयान वापस नहीं लिया था। इसके बाद सपा ने स्वामी प्रसाद मौर्य को महासचिव भी बना दिया था। इसपर बीजेपी का विरोध और तेज हो गया। बीजेपी का कहना था कि रामचरितमानस के अपमान का पुरस्कार मौर्य को दिया गया है। दरअसल, अखिलेश यादव ने 42 सदस्यीय समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में हाल ही में पार्टी में शामिल हुए शिवपाल सिंह यादव, आजम खान के साथ साथ रामचरितमानस पर बयान देकर विवाद खड़ा करने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य को शामिल किया था।

  • बुजुर्ग महिला रोज लंगूर को देती थी खाना, जब बीमार पड़ी तो… देखें भावुक करने वाली वीडियो

    बुजुर्ग महिला रोज लंगूर को देती थी खाना, जब बीमार पड़ी तो… देखें भावुक करने वाली वीडियो

    नई दिल्लीः सोशल मीडिया पर कभी-कभी ऐसे वीडियो देखने को मिलते हैं, जिनको देख लोग इमोशनल हो जाते हैं। जानवरों और इंसानों के बीच के खास रिश्ते को दर्शाने वाले ऐसे ही हजारों वीडियो ऑनलाइन सामने आते रहते हैं, जिनमें से कुछ वीडियो तो यूजर की आंखें भी नम कर देते हैं। अब वायरल हो रहे इस वीडियो को ही ले लीजिए, जिसमें अपनी अन्नदाता, बुजुर्ग महिला के बीमार पड़ने पर उनका हालचाल लेने एक लंगूर उनके पास, उनके कमरे में जा पहुंचता है।

    सोशल मीडिया पर एक बेहद इमोशनल वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें दिखाया गया है कि कैसे एक बुजुर्ग महिला के बीमार पड़ने पर एक लंगूर बेचैन हो जाता है और उसका हालचाल जानने के लिए उसके पास पहुंच जाता है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बीमार बुजुर्ग महिला बिस्तर पर लेटी हुई है, जबकि उसके पास एक लंगूर भी बैठा दिखाई दे रहा है।

    ये लंगूर उनसे बहुत स्नेह दिखा रहा है और बार-बार उनको गले भी लगा लेता है। बताया जा रहा है कि ये अम्मा हर रोज इस लंगूर को खाने के लिए रोटी देती थी और जब बीमार पड़ने की वजह से वो 2-3 दिनों से नहीं दिखी तो लंगूर को उनकी फिक्र हुई। तब ये मासूम जानवर उनके पास, उनके घर के अंदर पहुंच गया। वीडियो में बुजुर्ग महिला और इस जानवर की बॉन्डिंग देखकर कोई भी दंग रह जायेगा।