Category: Breaking News

  • चोर बना भला इंसान, वापिस किया मंदिर से चुराया सामान

    चोर बना भला इंसान, वापिस किया मंदिर से चुराया सामान

    बालाघाट: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में एक चोर ने एक मंदिर से कुछ दिन पहले चुराए गये चांदी और पीतल के सामान को माफीनामे के साथ लौटा दिया है। इस पत्र में चोर ने लिखा है, ‘इस चोरी से मुझे बहुत नुकसान हुआ है.’ बालाघाट जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डाबर ने रविवार को बताया कि थाना लामटा के बाजार चौक स्थित शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर से 24 अक्टूबर की रात को अज्ञात चोर ने चांदी के नौ छत्र समेत इस महंगी धातु के दस सामान एवं पीतल की तीन चीजें चुरा ली थीं।

    उन्होंने कहा कि चोरी की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुये जांच प्रारंभ की, जिसमें क्षेत्र में गश्त एवं बारीकी से साक्ष्य जुटाकर पूर्व के चोरी के आरोपियों एवं संदिग्धों पर लगातार दबाव बनाया। डाबर ने बताया कि इससे घबराकर आरोपी इस मंदिर से चुराये गये सभी छत्र आदि सामान माफीनामा के साथ ग्राम पंचायत के नल पर एक थैले में रख गया था, जिसे पानी भरने के लिए गये एक जैन परिवार के व्यक्ति ने शुक्रवार को देखा और इसकी सूचना जैन समाज के पदाधिकारियों व पुलिस विभाग को दी। उन्होंने कहा कि मौके पर पहुंची पुलिस ने चुराये गये सारे सामान को जब्त कर लिया है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

  • छठ घाट पर सफाई के दौरान हादसा,  2 बच्चों की मौत

    छठ घाट पर सफाई के दौरान हादसा, 2 बच्चों की मौत

    बिहार: बिहार की राजधानी पटना में छट घाट पर सफाई के दौरान बड़ा हादसा हुआ। पटना के फतुहा प्रखंड स्थित जैतिया पंचायत के अंडारी गांव में छठ पर्व को लेकर दरधा नदी पर बने घाट की सफाई करने के दौरान 2 बच्चों की डूबने से मौत हो गई. इस दौरान छठ की खुशियां मातम में बदल गई. बताया जाता है कि दोनों मृतक बच्चे अंडारी गांव के रहने वाले हैं, जिनकी पहचान राजकुमार (10 साल) और विशाल कुमार (8 साल) के रूप में हुई है।
    यह दोनों बच्चें घाट की सफाई के दौरान अचानक दरधा नदी के गहरे पानी में चला गए और जिससे दोनों डूब गए . स्थानीय लोगों की मदद से दोनों का शव निकाला गया, यह घटना आज रविवार को लगभग दिन के 2:00 बजे की है। इस घटना के काफी देर बाद मौके पर गौरीचक थाना पुलिस और फतुहां अंचलाधिकारी पल्लवी मिश्रा घटना स्थल पहुंचे। जिसे देखकर स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए।

    छठ की खुशियां मातम में हुईं तब्दील

    वहीं अंचलाधिकारी ने आक्रोशित लोगों को काफी समझाया और आपदा के तहत मिलने वाली सहायता राशि को देने का आश्वासन दिया। इस आश्वासन के बाद लोग शांत हुए और पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया। मृतक राजकुमार की मां भी छठ की हुईं थी लेकिन अचानक घर छठ की खुशियों के बजाय मातम में तब्दील हो गया और पूरे इलाके में मातम का माहौल है।

    डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने सूर्य को दिया अर्घ्य 

    चार दिवसीय सुप्रसिद्ध छठ पर्व को लेकर लोगों में काफी आस्था रहती है और इस पर्व के लिए लोग अपने घर मनाने आते हैं. इसके साथ ही विदेशों में रहने वाले बिहार के लोग वहां भी छठ पर्व मनाते हैं. वहीं बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन पर्व पर पटना के मीनार घाट पर छठव्रतियों के साथ अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया.

  • देवर के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट, डेढ़ साल बाद हुआ खुलासा…

    देवर के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट, डेढ़ साल बाद हुआ खुलासा…

    रीवाः देवर संग इश्क में पति रोड़ा बन रहा था। पति को रास्ते से हटाने के लिए महिला ने खौफनाक चाल चली। जहर देकर पति को मार डाला। हैवानियत की हदें पार करते हुए देवर और चाचा ससुर के साथ मिलकर उसकी गर्दन धड़ से अलग कर दी।

    डेढ़ साल तक पति के शव को घर में ही भूसे में छिपाकर रखे रही। फिर पति के कंकाल को जंगल में फेंक दिया। यहीं से महिला की पोल खुल गई। पुलिस ने शव को बरामद कर लिया है। हत्या के आरोप में महिला सहित 4 आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। अभी भी दो आरोपियों की तलाश जारी है।

    रोंगटे खड़े कर देने वाली हत्या की वारदात मध्य प्रदेश के रीवा जिले की है। दरअसल, प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या रीवा जिले के मऊगंज थाने के उमरी गांव में साल 2021 में हुई थी। यहां रहने वाले 40 वर्षीय रामसुशील पाल की पहली पत्नी कि मौत हो गई थी। फिर उसने दूसरी शादी की थी। दूसरी पत्नी का नाम बिटोल उर्फ रंजना पाल था। शादी के दो साल बाद रंजना का अपने देवर गुलाब पाल से प्रेम प्रसंग शुरू हो गया।

    इस बात की भनक लगने पर रामसुशील और रंजना के बीच आए दिन झगड़ा होने लगा था। ऐसे में रंजना और गुलाब ने मिलकर रामसुशील को रास्ते से हटाने के प्लान बनाया। दोनों ने सोचा रामसुशील नहीं रहेगा तो उसकी संपत्ति भी उन्हीं की हो जाएगी। फिर इस प्लान में रामसुशील की पत्नी रंजना और भाई गुलाब ने दूसरे भाई अंजनी पाल और चाचा रामपति पाल सहित 2 अन्य लोगों को भी शामिल कर लिया।

    करीब डेढ़ साल पहले रामसुशील की हत्या की गई थी। सबसे पहले पत्नी ने उसे समोसे में चूहे मारने वाला जहर मिलाकर खिला दिया। इसे खाने के कुछ देर बाद ही रामसुशील की मौत हो गई। फिर गुलाब और अंजनी पाल ने मिलकर रामसुशील के शरीर के दो टुकड़े कर दिए। सिर और धड़ अलग-अलग करने के बाद बोरे में भरा और भूसे के ढेर में छिपा दिया।

    हत्या को डेढ़ साल पूरा होने को आया था। जिस भूसे के ढेर में सिर और धड़ को छिपाकर रखा था, वो भी धीरे-धीरे खत्म होने लगा। एक बार फिर से लाश को ठिकाने लगाने की बात आरोपियों के सामने आ खड़ी हुई। इन लोगों ने सोचा कि अब तो लाश पूरी तरह से खराब हो चुकी है। 25 अक्टूबर को लाश को भूसे से निकालकर भाटी के जंगल में फेंक आए। इसके कुछ दिन बाद रंजना रीवा छोड़कर मिर्जापुर चली गई।

    कुछ दिनों पहले रीवा पुलिस को जंगल में नर-कंकाल मिलने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने कंकाल को पोस्ट मार्टम के लिए भिजवाया। गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल में कंकाल की फोरेंसिक जांच कराई गई। पुलिस के लिए मुश्किल हो रहा था कि यह किसका है। फिर पुलिस ने आस-पास के इलाकों में पूछताछ शुरू की। इस दौरान पुलिस को डेढ़ साल पहले गायब हुए रामसुशील के बारे में पता चला। उसके गांव के लोगों ने बताया कि वह अब दिखाई नहीं देता। उसकी पत्नी भी कुछ दिनों पहले यहां से चली गई है।

    ज्यादा जानकारी जुटाने पर पुलिस की एक टीम मिर्जापुर गई और रंजना को अपने साथ ले आई। सख्ती से पूछताछ करने पर पूरा सच सामने आया। प्रेम-प्रसंग और संपत्ति के लिए रामसुशील की हत्या की बात उसने कुबूल की। देवर, चाचा और बाकी के आरोपियों के नाम भी पुलिस को बता दिए। पुलिस ने मृतक के भाई, चाचा सहित एक अन्य को गिरफ्तार किया। वहीं, दो आरोपियों की तलाश अभी भी की जा रही है।

    पूरे मामले पर रीवा एसएसपी नवनीत भसीन ने बताया कि नरकंकाल मिलने के बाद पुलिस ने मऊगंज थाने में धारा 302, 201 का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। आरोपी पत्नी ने देवर के साथ मिलकर पति की हत्या की। पत्नी ने लाश के टुकड़ों को बोरे में भरकर डेढ़ साल तक भूसे मे छिपाए रखा था। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के लिए नरकंकाल को जंगल में फेंककर फरार हो गए थे। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि 2 की तलाश की जा रही है।

  • ‘बाहुबली समोसा’, खाने पर मिलेगा 51 हजार का इनाम!

    ‘बाहुबली समोसा’, खाने पर मिलेगा 51 हजार का इनाम!

    मेरठ : अगर आप समोसा लवर हैं, तो यह खबर आपके लिए है। सोशल मीडिया पर यूं तो खाने और स्नैक्स के बड़े ही रोचक वीडियोज आये दिन वायरल होते रहते हैं, लेकिन आज हम आपके लिए लेकर आये हैं एक ऐसा समोसा, जो अपने स्वाद से आपको दीवाना बनाने के साथ-साथ आपको मालामाल भी बना सकता है। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को बिजनेसमैन हर्ष गोयनका ने अपने ट्विटर हैंडल से शेयर किया है, जिसमें 8 किलो वजन के समोसे को देखा जा सकता है, जिसके नाम से ही कई लोगों के मुंह में पानी आ रहा है।

    हाल ही में मेरठ से एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें एक फूड वेंडर का बनाया हुआ समोसा हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है। हालांकि, सामने आया यह वीडियो पुराना है, लेकिन एक बार फिर यह चर्चा का विषय बना हुआ है । इंटरनेट पर एक फिर इस वीडियो को देखकर लोग हैरान रह गए हैं और सोचने लगे कि इसे कैसे बनाया गया होगा। वहीं कुछ लोग इसकी कीमत जानना चाह रहे हैं। बता दें कि उत्तर प्रदेश के मेरठ की एक मिठाई की दुकान पर यह समोसा पहली बार जुलाई में तैयार कराया गया था, जिसके बाद से इसकी डिमांड बढ़ती चली गई. यह ‘बाहुबली समोसा’ यूं तो आठ किलो का बताया जा रहा है, जिसमें आलू और पनीर की भरमार मिलेगी।
    बताया जा रहा है कि, इस समोसे की कीमत 1100 रुपये है, वहीं ऐसी बातें भी सामने आ रही हैं कि, इस समोसे को पूरा खाने पर 51 हजार रुपये नकद पुरस्कार भी मिल सकता है। इंटरनेट पर इस समोसे का वीडियो एक बार फिर हवा की तरह फैल रहा है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह वीडियो बिजनेसमैन हर्ष गोयनका ने अपने ट्विटर हैंडल से शेयर किया है। वीडियो को शेयर करते हुए हर्ष गोयनका ने कैप्शन में लिखा हैं, ‘इस दिवाली मेरी पत्नी ने सभी मिठाईयों के बाद मेरे खाने के लिए सिर्फ एक समोसा ऑर्डर किया है.’।

  • नहीं मिला लोगो को  होली, दीवाली पर फ्री सिलेंडर, सपा के निशाने पर बीजेपी

    नहीं मिला लोगो को  होली, दीवाली पर फ्री सिलेंडर, सपा के निशाने पर बीजेपी

    लखनऊ: समाजवादी पार्टी ने रविवार को योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पर विधानसभा चुनाव के दौरान उज्‍ज्‍वला योजना के लाभार्थियों को मुफ्त में एक-एक गैस सिलेंडर देने का वादा पूरा न करने का आरोप लगाया। वहीं, भाजपा ने सपा पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है।
    सपा ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से रविवार को ट्वीट किया, ‘‘झूठे वादे करने में योगी सरकार नंबर एक। चुनाव के समय उज्ज्वला योजना लाभार्थियों को होली और दीपावली पर एक-एक सिलेंडर मुफ्त देने का वादा करने वाली भाजपा सरकार ने मुफ्त में सिलेंडर नहीं दिया.’’।
    सपा ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से रविवार को ट्वीट किया, ‘‘झूठे वादे करने में योगी सरकार नंबर एक. चुनाव के समय उज्ज्वला योजना लाभार्थियों को होली और दीपावली पर एक-एक सिलेंडर मुफ्त देने का वादा करने वाली भाजपा सरकार ने मुफ्त में सिलेंडर नहीं दिया.” साथ ही सपा ने आरोप लगाया कि भाजपा से बड़ा झूठा और धोखेबाज कोई नहीं है।

    सपा ने ट्वीट में कानपुर देहात का एक वीडियो साझा किया है जिसमें उज्जवला योजना के लाभार्थी यह कहते सुने जा रहे हैं कि उन्‍हें होली और दीपावली पर मुफ्त गैस सिलेंडर नहीं मिला और वह लोग घर में चूल्हे पर खाना पका रहे हैं। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने सपा पर पलटवार करते हुए ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘योगी सरकार गांव-गरीब-किसान के लिए काम कर रही है और समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास को पहुंचाया गया है.”।

    उन्‍होंने कहा, ‘‘जनता से किए गए वादों को पूरा करने में देश में नम्बर एक पर है उत्तर प्रदेश सरकार।” शुक्‍ला ने सपा प्रमुख यादव पर तंज कसते हुए कहा कि लगता है कि झूठ बोलने के मामले में अखिलेश यादव के आदर्श अरविन्द केजरीवाल बन गये हैं. भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया, ‘‘वादों को पूरा करने के मामले में प्रदेश सरकार का पिछला ट्रैक रिकॉर्ड शानदार रहा है, सरकार दोबारा पांच साल के लिए बनी है और धीरे-धीरे सभी वादे पूरे होंगे.”

  • पिता ने 15 लाख में नाबालिग बेटी को बेचा, खरीदार ने किया घिनौना काम…

    पिता ने 15 लाख में नाबालिग बेटी को बेचा, खरीदार ने किया घिनौना काम…

    बूंदीः राजस्थान के बूंदी जिले में एक पिता ने ही अपनी बेटी का 15 लाख रुपए में सौदा कर डाला। उसके बाद खरीदार ने युवती को जिस्मफरोशी के घिनौने काम में धकेल दिया। उसने कई दिन तक युवती को अपने पास रखकर फिर आगे अपने दोस्त को बेच दिया। युवती के बयान के बाद पुलिस ने आरोपी पिता और युवती के पहले खरीदार को गिरफ्तार कर लिया है। पूरा मामला बूंदी के दबलाना थाना इलाके से जुड़ा हुआ है। पुलिस इस मामले की गहराई जांच में जुटी है।

    दबलाना थाना प्रभारी के रामेश्वर जाट ने बताया कि पीड़िता नाबालिग है। उसकी मां ने बीते 6 सितंबर को थाने आकर आधा दर्जन बदमाशों के खिलाफ बेटी के अपहरण का मामला दर्ज कराया था। उसके बाद हरकत में आई दबलाना पुलिस ने टीम बनाकर नाबालिग की तलाश शुरू की। पुलिस उसकी तलाश करते हुए महाराष्ट्र पहुंची। वहां पुलिस ने चिखली पुणे से युवती को बरामद कर लिया।

    पुलिस ने बाद में पीड़िता से पूछताछ की। उसने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने उसे दो वर्ष पूर्व सवाईमाधोपुर निवासी शिवराज कंजर को 15 लाख रुपए में बेच दिया था। शिवराज कंजर ने 15 लाख रुपए की वसूली के लिए उसे जिस्मफरोशी के धंधे में धकेल दिया। उससे जबरन जिस्मफरोशी करवाई जाती थी। शिवराज रोजना उसके पास 15 से 20 ग्राहक भेजने लगा। जिस्मफरोशी के लिए मना करने पर उससे मारपीट की जाती थी।

    पीड़िता ने बताया कि उसके बाद आरोपी शिवराज ने उसे रामनगर निवासी अपने दोस्त संजय कंजर को बेच दिया। वह उससे महाराष्ट्र के चिखली पुणे में फिर जिस्मफरोशी का गंदा काम करवाने लग गया। पुलिस ने मुखबीर के जरिए प्राप्त हुई सूचना के आधार पर युवती को बरामद किया है। उसके बाद पुलिस ने आरोपी पिता और सवाईमाधोपुर निवासी शिवराज कंजर को गिरफ्तार कर लिया। बाद में पीड़िता को बूंदी बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया। वहां से उसे कोटा नारी शाला भिजवा दिया गया। पीड़िता काफी डरी और सहमी हुई है।

  • जल्द निपटा ले जरूरी काम, 10 दिन बंद रहेंगे बैंक

    जल्द निपटा ले जरूरी काम, 10 दिन बंद रहेंगे बैंक

    नई दिल्लीः अगर आप बैंक से जुड़े अपने काम पूरे नहीं कर पाएं है, तो जल्दी से उन्हें निपटा लें। ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं, क्योंकि नवंबर में बैंक 10 दिनों तक बंद रहेंगे। जो लोग डिजिटल लेनदेन नहीं करते हैं, उनको जल्दी से जल्दी बैंक से जुड़े कामों को निपटा लेना चाहिए। बैंकों में किस दिन अवकाश होगा, इसकी जानकारी रिजर्व बैंक देता है।

    रिजर्व बैंक हर कैलेंडर वर्ष के लिए अवकाश सूची तैयार करता है। यहां यह जान लेना जरूरी है कि पूरे देश के बैंक नवंबर में 10 दिन बंद नहीं रहेंगे। छुट्टियों की जो लिस्‍ट आरबीआई ने जारी की है, इसमें से कई अवकाश राष्‍ट्रीय हैं। उस दिन पूरे देश में बैंकिंग सेवाएं बंद रहेंगी। वहीं, कुछ अवकाश स्‍थानीय या क्षेत्रीय स्‍तर के हैं। उन दिनों को केवल उससे जुड़े राज्‍यों में ही बैंक शाखाएं बंद होंगी।

    बैंक हॉलिडे नवंबर, 2022 लिस्‍ट

    1 नवंबर – कन्नड़ राज्योत्सव और कुट के कारण बेंगलूरु और इंफाल में बैंकों की छुट्टी रहेगी।
    6 नवंबर – रविवार की वजह से बैंक बंद रहेंगे।
    8 नवंबर – गुरुनानक जयंती, कार्तिक पूर्णिमा, रहास पूर्णिमा और वांगला फेस्टिवल मनाया जाएगा, जिसकी वजह से बैंक बंद रहेंगे।
    11 नवंबर – वांग्ला फेस्टिवल और कनकदासा जयंती की वजह से बेंगलूरु और शिलांग में बैंक बंद रहेंगे।
    12 नवंबर – महीने का दूसरा शनिवार होने की वजह से बैंक बंद रहेंगे।
    13 नवंबर – रविवार की वजह से छुट्टी है।
    20 नवंबर – रविवार का साप्ताहिक अवकाश है।
    23 नवंबर – सेंग कुत्सनेम की वजह से शिलांग में बैंकों की छुट्टियां रहेंगी।
    26 नवंबर – महीने का चौथा शनिवार होने के कारण भी बैंक बंद रहेंगे।
    27 नवंबर – रविवार है और इसलिए इस दिन बैंकों में काम नहीं होगा।

  • SBI सहित इन 17 बैंक के ग्राहकों को लग सकता है बड़ा झटका, जानें मामला

    SBI सहित इन 17 बैंक के ग्राहकों को लग सकता है बड़ा झटका, जानें मामला

    नई दिल्लीः एसबीआई समेत 17 बैंकों के ग्राहक पर एक बड़ा खतरा मंडरा रहा है। दरअसल, हाल ही में Drinik Android का एक नया वर्जन स्पॉट किया गया है। यह वर्जन इसके पुराने वर्जनों से कई गुना ज्यादा खतरनाक है। इसके निशाने पर एसबीआई समेत देश के 17 अलग अलग बैंक शामिल हैं। ये बड़ी ही आसानी से ग्राहक की बैंकिंग डिटेल्स के अलावा उनका पर्सनल डेटा भी चुरा लेता है। बता दें कि ड्रिनिक एक पुराना मैलवेयर है, जो 2016 से चर्चा में है। भारत सरकार ने पहले एंड्रॉइड यूजर्स को इस मैलवेयर के बारे में चेतावनी जारी की थी, जो इनकम टैक्स रिफंड जेनरेट करने के नाम पर यूजर्स की कई सारी जानकारी चुरा रहा था।

    ड्रिनिक मैलवेयर का एक एडवांस वर्जन है जो एपीके फाइल के साथ एक एसएमएस भेजकर यूजर्स को टारगेट कर रहा है। इसमें iAssist नामक एक ऐप शामिल है जो भारत के इनकम टैक्स के ऑफिशियल टैक्स मैनेजमेंट डिवाइस का रूप लेता है। रिपोर्ट के अनुसार, इस वायरस का लेटेस्ट वर्जन iAssist नाम से एपीके के साथ आता है। जो भारत के इनकम टैक्स के ऑफिशियल टैक्स मैनेजमेंट डिवाइस का रूप लेता है। एक बार डिवाइस पर इंस्टॉल हो जाने पर, एपीके फ़ाइल यूजर्स के कॉल लॉग को पढ़ने के अलावा एसएमएस पढ़ने, प्राप्त करने और भेजने की परमिशन मांगेगी। यह बाहरी संग्रहण को पढ़ने और लिखने की परमिशन की भी रिक्वेट करता है। एक बार जब कोई यूजर अनुमति देता है तो ऐप को यूजर्स को इसके बारे में बिना बताए कुछ काम करने का मौका मिलता है।

    अन्य बैंकिंग ट्रोजन के समान, ड्रिनिक एक्सेसिबिलिटी सर्विस पर निर्भर करता है। लॉन्च करने के बाद, मैलवेयर पीड़ित को परमिशन देने के लिए प्रेरित करता है, उसके बाद एक्सेसिबिलिटी सर्विस को सक्षम करने का अनुरोध करता है। इसके बाद यह Google Play प्रोटेक्ट को निष्क्रिय कर देता है और ऑटो जेस्चर को डिसेबल करना और की प्रेस को कैप्चर करना शुरू कर देता है। इसके बाद, यह नकली फ़िशिंग पेज को प्रदर्शित करने के बजाय वास्तविक भारतीय आयकर साइट को लोड करता है। पीड़ित को लॉगिन पेज दिखाने से पहले, मैलवेयर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के लिए एक प्रमाणीकरण स्क्रीन प्रदर्शित करेगा। जब पीड़ित एक पिन दर्ज करता है, तो मैलवेयर मीडियाप्रोजेक्शन का उपयोग करके स्क्रीन रिकॉर्ड करके बायोमेट्रिक पिन चुरा लेता है और कीस्ट्रोक्स भी पकड़ लेता है। फिर चुराए गए विवरण सी एंड सी सर्वर को भेजे जाते हैं।

    वायरस का शिकार होने से कैसे बचें

    • सबसे पहले तो Google Play Store या Apple के ऐप स्टोर से ही ऐप्स डाउनलोड करें। थर्ड पार्टी वेबसाइट या SMS के जरिए कोई भी ऐप डाउनलोड करने से बचें।
    • इसके अलावा किसी भी अनजान ऐप को SMS और कॉल लॉग परमिशन देने से बचें।
    • खास बात यह है कि Drinik का नया वर्जन एक्सेसिबिलिटी सर्विस पर निर्भर करता है इसलिए यूजर को यह ध्यान में रखना है कि वे इसे अपने एंड्रॉइड फोन पर एक्सेस करने की अनुमति ही न दें।
    • अगर आपको बैंकिंग से संबंधित कोई महत्वपूर्ण लिंक, SMS या ईमेल आया है तो आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इसकी दोबारा जांच करें।
  • बढ़ते प्रदूषण के चलते सरकार ने लगाए नए प्रतिबंध, निमार्ण कार्यों पर भी लगी रोक

    बढ़ते प्रदूषण के चलते सरकार ने लगाए नए प्रतिबंध, निमार्ण कार्यों पर भी लगी रोक

    नई दिल्लीः राजधानी दिल्ली और एनसीआर में दिवाली के बाद एक बार फिर से प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है। AQI के “गंभीर” श्रेणी को छूने के बाद दिल्ली में और भी प्रतिबंध लगा दिए गए हैं। जिसके मद्देनजर ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का तीसरा चरण लागू कर दिया गया है। जिसके मद्देनजर अब आवश्यक परियोजनाओं को छोड़कर सभी तरह के निर्माण और विध्वंस गतिविधियों पर पूरी तरह से रोक रहेगी।

    कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) द्वारा जारी नए आदेश में कहा गया है कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की बिगड़ती वायु गुणवत्ता के मद्देनजर एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों (सीएक्यूएम) में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान के तहत कार्रवाई करने के लिए उप-समिति ने आज एक आपातकालीन बैठक की।

    आयोग ने बैठक के दौरान समग्र वायु गुणवत्ता मानकों की व्यापक समीक्षा करते हुए कहा कि धीमी हवा की गति के साथ प्रतिकूल मौसम संबंधी परिस्थितियों और खेत में पराली जलाने की घटनाओं में अचानक वृद्धि के कारण, जीआरएपी के चरण III को पूरे एनसीआर में तत्काल प्रभाव से लागू करना आवश्यक माना जाता है।

  • इंडिगो विमान के इंजन में आग लगने की घटना पर DGCA ने दिए जांच के आदेश

    इंडिगो विमान के इंजन में आग लगने की घटना पर DGCA ने दिए जांच के आदेश

    नई दिल्लीः राजधानी दिल्ली से शुक्रवार को बेंगलुरू के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहे इंडिगो के एक विमान के एक इंजन में अचनक आग लग गई। इस कारण से दिल्ली हवाई अड्डे पर आपातकाल स्थिति घोषित कर दी गई थी। इस बीच नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने बयान जारी कर इस घटना की पुष्टि की है। डीजीसीए ने कहा कि इस दौरान एक धमाका भी सुना गया। इसके बाद आग बुझाने की बोतल को डिस्चार्ज कर दिया गया। इस फ्लाइट को निरीक्षण के लिए रखा गया है। 

    डीजीसीए ने यह भी बताया कि इंजन फेल होने के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जाएगी और आगे की कार्रवाई की जाएगी। आपको बता दें कि बेंगलुरु जाने वाला ए320 विमान इस हादसे के बाग पार्किंग स्थल पर लौट आया और उसमें सवार 180 लोगों को सुरक्षित उतार लिया गया। ट्विटर पर एक वीडियो में हवाई अड्डे पर उड़ान भरने की तैयारी कर रहे विमान के एक इंजन से चिंगारी उड़ती दिखाई दे रही है।

    उक्त घटना रात करीब 10 बजे की है। इंडिगो ने एक बयान में कहा कि दिल्ली से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरने वाले विमान 6ई2131 को उड़ान से पूर्व एक इंजन में चिंगारी का अनुभव हुआ। बयान में कहा गया, ”उड़ान को रोक दिया गया । सभी यात्रियों को एक वैकल्पिक विमान में बिठाया जा रहा है।” विमान में 177 यात्री और चालक दल के सात सदस्य सवार थे। उन्होंने बताया कि बाद में यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।