Category: Breaking News

  • स्कूल में बड़ा हादसा, पेड़ गिरने से एक दर्जन बच्चे दबे…

    स्कूल में बड़ा हादसा, पेड़ गिरने से एक दर्जन बच्चे दबे…

    चित्रकूट। रामनगर विकासखंड के बांधी गांव स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय बांधी शनिवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। बारिश में जड़ों की मिट्टी से पकड़ कमजोर होने से बड़ा पेड़ गिरने से नीचे खड़े करीब एक दर्जन बच्चे दब गए। घटना पर सीएम ने अफसरों को कार्रवाई का निर्देश दिया है। 

    विकासखंड के रामनगर के बांधी गांव में पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बच्चे बाहर मैदान में प्रार्थना कर रहे थे। कुछ बच्चे पुराने पीपल के पेड़ के नीचे खड़े थे। 

    देर रात हुई बारिश में मिट्टी नम होने जाने से जड़ों की पकड़ कमजोर हो जाने से सुबह पेड़ अचानक गिर गया। इसमें नीचे खड़े होकर प्रार्थना कर रहे करीब एक दर्ज बच्चे दब गए।

    पेड़ गिरते ही स्कूल और आसपास ग्रामीणों में अफरा तफरी मच गई। आनन फानन लोगों ने पेड़ के नीचे दबे बच्चों को बाहर निकाला। 

    जिलाधिकारी अभिषेक आनंद बताया कि पेड़ गिरने से करीब एक दर्जन बच्चों को मामूली चोट आई थी, उनका उपचार रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया है। ‌ इलाज के बाद बच्चों को घर भेज दिया गया और छह घायल बच्चों को भर्ती करके उपचारित किया गया।

  • बांके बिहारी मंदिर में जन्‍माष्‍टमी पर हादसा, दम घुटने से 2 की मौत, कई की हालत खराब, देखें वीडियो

    बांके बिहारी मंदिर में जन्‍माष्‍टमी पर हादसा, दम घुटने से 2 की मौत, कई की हालत खराब, देखें वीडियो

    उत्तर प्रदेश: जन्माष्टमी पर एक तरफ जहां पूरा देश भगवान कृष्ण की अराधना में लगा हुआ था तो वहीं दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश मथुरा जिले से एक बुरी खबर सामने आई. वृंदावन में स्थित प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में देर रात दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ में दबकर 2 लोगों की मौत हो गई.

    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक भीड़ इतनी ज्यादा थी कि करीब 50 से ज्यादा लोग मंगला आरती के दौरान बेहोश होकर गिर पड़े. एसएसपी अभिषेक यादव ने आजतक को बताया कि भीड़ बढ़ने के कारण यह हादसा हुआ है. उन्होंने मृतकों की पहचान नोएडा निवासी निर्मला देवी और जबलपुर मूल के वृंदावन वासी राजकुमार के रूप में की है.

    मंदिर के सेवादारों का दावा है कि अधिकारियों ने वीआईपी के नाम पर अपना रुतबा दिखाया और परिजनों को विशेष सुविधाएं दीं. चश्मदीदों के मुताबिक पुलिस के एक बड़े अधिकारी अपनी मां को लाए थे. मथुरा रिफाइनरी के एक बड़े पुलिस अधिकारी 7 परिजनों के साथ मंगला आरती में मौजूद थे.सेवादारों के मुताबिक अधिकारियों के परिजन छत पर बनी बालकनी से दर्शन कर रहे थे. अधिकारियों ने अपने परिवार की सुरक्षा के लिए ऊपरी मंजिल के गेट बंद करा दिए थे. इससे लोगों को बचाने में दिक्कत हुई. 
    लोगों के मुताबिक डीएम, एसएसपी, एसपी, जिला न्यायपालिका के अधिकारी परिवार सहित वीआईपी दर्शन में व्यस्त रहे. रात दो बजे मंगला आरती शुरू होने से पहले ही भीड़ का दबाव बढ़ने लगा और लोग बेहोश होने लगे. पुलिस-प्रशासन ने पहले परिवारों को सुरक्षित निकलवाया.

    मथुरा SSP का बयान

    मथुरा के एसएसपी के मुताबिक, बांके बिहारी में मंगला आरती के दौरान मंदिर के निकास द्वार पर एक भक्त बेहोश हो गया, जिससे भक्तों की आवाजाही प्रतिबंधित हो गई. भीड़ ज्यादा थी इसलिए परिसर के अंदर सफोकेशन की वजह से कई लोगों का दम घुट गया और दो लोगों की जान चली गई. 

    प्रशासन ने नहीं की मीटिंग

    लोग आरोप लगा रहे हैं कि इस साल अति आत्म विश्वास से भरे प्रशासन ने मंदिर समिति के साथ जन्माष्टमी व्यवस्था पर कोई मीटिंग नहीं की. प्रशासन ने मंगला आरती के अवसर पर जुटने वाली भीड़ और उस मुताबिक एहतियाती इंतजाम को हल्के में लिया.

  • महंगाई का एक और झटका, इस कंपनी ने बढ़ाए दूध के दाम

    महंगाई का एक और झटका, इस कंपनी ने बढ़ाए दूध के दाम

    नई दिल्ली: लोगों के घर में हर दिन दूध का इस्तेमाल जरूर होता है. वहीं रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले दूध के अगर दाम बढ़ जाए तो लोगों की जेब पर काफी असर पड़ता है. वहीं अब लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है. हाल ही में अमूल और मदर डेयरी ने अपने दूध के दामों में इजाफा किया था. वहीं अब एक और कंपनी ने अपने दूध के दाम बढ़ा दिए हैं. इस कंपनी ने अपने दूध के दाम में दो रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया है. इसके बाद अब लोगों को एक्स्ट्रा रुपये देकर दूध खरीदना होगा.

    मध्य प्रदेश में सांची के दूध के दामों में इजाफा किया गया है. सांची के दूध के दाम दो रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा दिए गए हैं. 20 अगस्त से ही नई दरें लागू हो गई हैं. भोपाल सहकारी दुग्ध संघ ने सांची के फुल क्रीम गोल्ड, स्टैंडर्ड, टोंड, डबल टोंड, चाह और चाय स्पेशल दूध के दामों में दो रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया है.

    सांची फुल क्रीम दूध (गोल्ड) का आधा लीटर पैकेट 29 की जगह अब 30 रुपये में मिलेगा, जबकि एक लीटर पैकेट के दाम 57 से बढ़ाकर 59 रुपये कर दिए गए है. आधा लीटर स्टैंडर्ड दूध (शक्ति) 27 के बजाय अब 28 रुपये में मिलेगा. वहीं टोंड दूध (ताजा) के रेट 24 से बढ़ाकर 25 रुपये कर दिए गए हैं. 

    डबल टोंड दूध (स्मार्ट) की कीमत 22 से बढ़कर 23 रुपये हो गई है. चाह दूध के 1 लीटर की कीमत 52 रुपये से बढ़कर 54 रुपये जबकी चाय स्पेशल दूध का एक लीटर का पैकेट 47 की जगह अब 49 रुपये में मिलेगा. बता दें कि इससे पहले अमूल और मदर डेयरी ने अपने दूध की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की थी.

  • मुंबई में फिर होगा 26/11 जैसा अटैक!, आया धमकी भरा फोन

    मुंबई में फिर होगा 26/11 जैसा अटैक!, आया धमकी भरा फोन

    मुंबई: देश की राजधानी मुंबई से बड़ी खबर सामने आ रही है. मुंबई में आतंकी हमले की धमकी दी गई है. मुंबई पुलिस के ट्रैफिक कंट्रोल रूम में धमकी भरा फोन आया, जिसमें कहा गया कि मुंबई में 26/ 11 जैसा एक दूसरा हमला होगा. ये फोन विदेश से आया. इसके साथ ही व्हाट्स आप के जरिए धमकी भरे संदेश मिले.

    धमकी भरे इस मैसेज को किसी विदेशी नंबर से भेजा गया है. मैसेज में लिखा है ‘मुबारक हो मुंबई में हमला होने वाला है. ये 26/11 की नई ताजी याद दिलाएगा. इस मैसेज में बताया गया है कि 6 लोग हैं जो भारत में जो इस काम को अंजाम देंगे. धमकी देने वाले ने आगे लिखा है कि मुंबई को उड़ाने की तैयारी कर रहे हैं. मैं पाकिस्तान से हूं. अगर लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश करोगे को बाहर का दिखाएगा. हम लोगों का कोई ठिकाना नहीं है.

    धमकी देने वाले ने कुछ नंबर भी शेयर किए हैं. उसने लिखा है कि इसलिए मैनें पहले ही आपको इंडिया के नंबर दे दिए हैं. मैसेज में आगे कहा गया है कि उदयपुर जैसा सर तन से जुदा वाला कांड भी हो सकता है. फिलहाल मुंबई पुलिस इस मामले में जांच कर रही है. साथ ही दूसरी एजेंसियों को भी इसकी जानकारी दी गई है.

  • बोरीवली में गिरी 4 मंजिला इमारत, कई लोगों के दबे होने की आशंका, देखें वीडियो

    बोरीवली में गिरी 4 मंजिला इमारत, कई लोगों के दबे होने की आशंका, देखें वीडियो

    मुंबई : देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से बड़ी खबर सामने आ रही है। मुंबई के साईंबाबा नगर में आज चार मंजिला इमारत गिर गई है। इसके मलबे में कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है। जानकारी के अनुसार, बोरीवली वेस्‍ट इलाके के साईंबाबा नगर में यह बिल्डिंग गिरी है।

    अधिकारियों के अनुसार, पुरानी और जीर्ण-शीर्ण अवस्‍था में होने के चलते बिल्डिंग को खाली करा लिया गया था। फायरब्रिगेड ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उनका अमला मौके पर मौजूद है और यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि कहीं कोई व्‍यक्ति मलबे में नहीं फंसा हुआ है।

    इमारत गिरने का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे पल भर में ये चार मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। फिलहाल स्थानीय प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। फायर ब्रिगेड के मुताबिक सुबह बिल्डिंग में रहने वालों ने घर खाली कर दिया था। उन्हें अंदाज लग गया था कि हादसा हो सकता है।

  • विवादों में घिरी Dolo-650 दवा कंपनी, जानें सुप्रीम कोर्ट ने क्यों कहा- ये गंभीर मुद्दा

    विवादों में घिरी Dolo-650 दवा कंपनी, जानें सुप्रीम कोर्ट ने क्यों कहा- ये गंभीर मुद्दा

    नई दिल्ली: पैरासिटामोल दवा ‘डोलो’ बनाने वाली कंपनी ने डॉक्टरों पर उपहार के लिए 1000  करोड़ से अधिक रुपये खर्च किए। मे़डिकल रिप्रजेंटेटिव की एक बॉडी ने आरोप लगाते हुए सुप्रीम कोर्ट को यह जानकारी दी। कोविड महामारी के दौरान ‘डोलो’ दवा बेहद लोकप्रिय हुई थी और खूब इस्तेमाल में लाई गई।

    फेडरेशन ऑफ मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव असोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता संजय पारिख ने पीठ से कहा, ‘डोलो कंपनी द्वारा 650mg फॉर्मूलेशन के लिए 1000 करोड़ रुपये से अधिक मुफ्त उपहार दिए गए हैं। डॉक्टर एक तर्कहीन डोज कॉम्बिनेशनल लिख रहे थे।’ उन्होंने अपनी जानकारी के स्रोत के रूप में केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) की एक रिपोर्ट का भी हवाला दिया।

    ‘जब कोविड हुआ तो मैंने भी यही लिया था’

    जस्टिस एएस बोपन्ना के साथ पीठ में शामिल और बेंच का नेतृत्व कर रहे डीवाई चंद्रचूड़ ने सुनवाई के दौरान कहा, ‘आप जो कह रहे हैं वह मेरे लिए संगीत की तरह नहीं है। यह (दवा) ठीक वही है जो मेरे पास कोविड के समय थी।’

    फेडरेशन ऑफ मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से दायर जनहित याचिका में भारत में बेची जा रही दवाओं के फार्मूलेशन और कीमतों पर नियंत्रण को लेकर चिंता जताई गई है। जस्टिस डी वाई चंद्रचूड़ और जस्टिस एएस बोपन्ना की पीठ ने संजय पारिख की दलीलें सुनने के बाद कहा कि यह एक गंभीर मुद्दा है।

    कोर्ट ने कहा- ‘ये गंभीर मुद्दा’, केंद्र से भी मांगा जवाब

    अदालत ने अब केंद्र से एक सप्ताह के भीतर जनहित याचिका पर अपना जवाब दाखिल करने को कहा है और कहा कि 10 दिनों के बाद मामले की फिर से सुनवाई करेगी। बेंच ने कहा, ‘यह एक गंभीर मुद्दा है।’ फेडरेशन ने एक जनहित याचिका दायर कर दवा कंपनियों को उनकी दवाओं को लिखने के लिए प्रोत्साहन के रूप में डॉक्टरों को उपहार देने के लिए उत्तरदायी बताए जाने के निर्देश देने की मांग की है। याचिका में केंद्र से यूनिफॉर्म कोड ऑफ फार्मास्युटिकल मार्केटिंग प्रैक्टिसेज (यूसीपीएमपी) को वैधानिक समर्थन देने के लिए कोर्ट से निर्देश देने की मांग की गई है।

    पारिख ने अपनी दलील में यह भी कहा, ‘वर्तमान में ऐसा कोई कानून नहीं है जो यूसीपीएमपी के लिए किसी वैधानिक आधार के अभाव में इस तरह की प्रथाओं को प्रतिबंधित करता है।’ याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता संजय पारिख और अधिवक्ता अपर्णा भट ने गंभीर आरोप लगाते हुए जस्टिस डी. वाई. चंद्रचूड़ और ए. एस. बोपन्ना की पीठ को बताया कि 500 मिग्रा तक के किसी भी टैबलेट का बाजार मूल्य सरकार की कीमत नियंत्रण प्रणाली के तहत नियंत्रित होता है। उन्होंने बताया कि लेकिन 500 मिग्रा से ऊपर की दवा की कीमत निर्माता फार्मा कंपनी द्वारा तय की जा सकती है। उन्होंने दलील दी कि उच्च लाभ हासिल सुनिश्चित करने के लिए कंपनी ने डोलो-650 मिग्रा टैबलेट के नुस्खे लिखने के लिए चिकित्सकों में मुफ्त उपहार बांटे। 

  • पूर्व NCB अफसर को मिली धमकी, जांच में जुटी पुलिस

    पूर्व NCB अफसर को मिली धमकी, जांच में जुटी पुलिस

    मुंबईः पूर्व एनसीबी अधिकारी समीर वानखेड़े को सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने की धमकी मिली है। वानखेड़े ने मुंबई पुलिस को इसकी जानकारी दी है। वानखेड़े ने मुंबई पुलिस को दी गई शिकायत में जांच करने को कहा है। बताया गया है कि 14 अगस्त को ट्विटर अकाउंट बनाया गया और उसी के जरिए वानखेड़े को धमकी दी गई। 

    समीर वानखेड़े ने मुंबई पुलिस को बताया कि उन्हें सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने की धमकी मिली है। अपनी शिकायत में एनसीबी के पूर्व जोनल डायरेक्टर ने मुंबई पुलिस को बताया कि जिस अकाउंट के जरिए शिकायत दी गई है उसे 14 अगस्त को ही बनाया गया था।

    ट्विटर अकाउंट से मिली है धमकी

    अमन नाम के ट्विटर अकाउंट की ओर से मिले मैसेज में उसने लिखा कि “तुमको पता नहीं तुमने क्या किया है, इसका हिसाब तुमको देना पड़ेगा।” आईआरएस अधिकारी वानखेड़े ने बताया कि उसके बाद शख्स ने लिखा, “तुमको खत्म कर देंगे।” 

    पुलिस ने दर्ज कर लिया वानखेड़े का बयान

    सोशल मीडिया से मिली धमकी के बाद समीर वानखेड़े ने मुंबई के गोरेगांव पुलिस थाने में संपर्क किया। पुलिस ने इस मामले में समीर वानखेड़े का बयान वीरवार को दर्ज कर लिया था। इसके बाद अब गोरेगांव पुलिस एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। वानखेड़े ने पुलिस को बताया कि जिस ट्विटर अकाउंट से धमकी मिली है, उस अकाउंट के जीरो फॉलोअर थे और संदेह है कि इस अकाउंट को धमकी देने के लिए ही बनाया गया था।

    जाति प्रमाण पत्र के मामले में मिली क्लीनचिट

    अभी हाल ही में समीर वानखेड़े को जाति प्रमाण पत्र के मामले में कास्ट स्क्रूटनी कमेटी से क्लीनचिट मिली थी। कास्ट स्क्रूटनी कमेटी ने 91 पेज के आदेश में उस दलील को खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि वानखेड़े जन्म से मुसलमान हैं।

    आर्यन ड्रग केस में फंसे थे समीर वानखेड़े

    यह पूरा मामला पिछले साल तब सामने आया था जब वानखेड़े मुंबई में नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो के प्रमुख थे। वानखेड़े ने आरोप लगाया कि मलिक ने उस समय एक कैबिनेट मंत्री के रूप में अपने जाति प्रमाण पत्र का मुद्दा केवल इसलिए उठाया था क्योंकि उनकी टीम ने मलिक के दामाद समीर खान को ड्रग मामले में गिरफ्तार किया था। समीर की रिहाई के बाद मलिक ने ये आरोप लगाने शुरू कर दिए थे। साल 2021 के ड्रग क्रूज मामले में, जिसमें शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान का नाम भी शामिल था। इस मामले ने भी वानखेड़े विरोधी अभियान को और अधिक बल दिया। इस केस के बाद वानखेड़े को एनसीबी से हटा दिया गया था।

  • सिसोदिया के घर समेत 21 ठिकानों पर CBI का छापा

    सिसोदिया के घर समेत 21 ठिकानों पर CBI का छापा

    नई दिल्लीः दिल्ली आबकारी घोटाले के मामले में सीबीआई ने मनीष सिसोदिया के कई ठिकानों पर तलाशी अभियान शुरू किया है. दिल्ली के पूर्व आबकारी आयुक्त अरवा गोपी कृष्ण के यहां भी सीबीआई की टीम पहुंची है. कुछ बड़े शराब कारोबारियों के यहां भी जांच एजेंसी ने रेड डाला है. तलाशी के बाद सीबीआई प्राथमिकी दर्ज करेगी. करीब 2 दर्जन ठिकानों पर केंद्रीय जांच एजेंसी की यह छापामार कार्रवाई चल रही है. आनंद तिवारी और पंकज भटनागर के यहां भी सीबीआई की टीमें पहुंची हैं. दोनों नौकरशाह हैं. आनंद तिवारी आईएएस हैं, जबकि पंकज भटनागर दिल्ली के पूर्व सह आबकारी आयुक्त हैं. यह कार्रवाई सिर्फ दिल्ली तक ही सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में 21 जगहों पर सीबीआई की छापेमारी चल रही है।

    दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी ट्वीट कर इसकी पुष्टि की है. उन्होंने लिखा, ‘सीबीआई आई है. उनका स्वागत है. हम कट्टर ईमानदार हैं. लाखों बच्चों का भविष्य बना रहे हैं. बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे देश में जो अच्छा काम करता है उसे इसी तरह परेशान किया जाता है. इसीलिए हमारा देश अभी तक नम्बर.1 नहीं बन पाया.’

    मनीष सिसोदिया ने कहा, ‘हम सीबीआई का स्वागत करते हैं. जांच में पूरा सहयोग देंगे ताकि सच जल्द सामने आ सके. अभी तक मुझ पर कई केस किए लेकिन कुछ नहीं निकला. इसमें भी कुछ नहीं निकलेगा. देश में अच्छी शिक्षा के लिए मेरा काम रोका नहीं जा सकता. ये लोग दिल्ली की शिक्षा और स्वास्थ्य के शानदार काम से परेशान हैं. इसीलिए दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री और शिक्षा मंत्री को पकड़ा है ताकि शिक्षा स्वास्थ्य के अच्छे काम रोके जा सकें. हम दोनों के ऊपर झूठे आरोप हैं. कोर्ट में सच सामने आ जाएगा.’

    मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मनीष सिसोदिया के समर्थन में ट्वीट किया है. उन्होंने लिखा, ‘दिल्ली के शिक्षा और स्वास्थ्य मॉडल की पूरी दुनिया चर्चा कर रही है. इसे ये रोकना चाहते हैं. इसीलिए दिल्ली के स्वास्थ्य और शिक्षा मंत्रियो पर रेड और गिरफ्तारी. 75 सालों में जिसने भी अच्छे काम की कोशिश की, उसे रोका गया. इसीलिए भारत पीछे रह गया. दिल्ली के अच्छे कामों को रुकने नहीं देंगे, जिस दिन अमेरिका के सबसे बड़े अखबार NYT के फ्रंट पेज पर दिल्ली शिक्षा मॉडल की तारीफ और मनीष सिसोदिया की तस्वीर छपी, उसी दिन मनीष के घर केंद्र ने सीबीआई भेजी. सीबीआई का स्वागत है. पूरा सहयोग करेंगे. पहले भी कई जाँच-रेड हुईं. कुछ नहीं निकला. अब भी कुछ नहीं निकलेगा.’

    आपको बता दें कि कुछ महीने पहले दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार राज्य के लिए नई आबकारी नीति लेकर आई थी. लेकिन भाजपा और कांग्रेस के विरोध के चलते उसे यह नई आबकारी नीति वापस लेनी पड़ी थी. दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की देखरेख में ही यह नई आबकारी नीति फाइनल की गई थी. इस मामले में दिल्ली के कुछ बीजेपी नेताओं ने चीफ सेक्रेटरी से शिकायत की थी. उन्होंने अपनी जांच में अनियमितताएं पाई थीं, जिसके बाद करीब 1 महीने पहले दिल्ली के उप राज्यपाल ने मामले में सीबीआई जांच की सिफारिश की थी. आरोप है कि कुछ बड़े शराब कारोबारियों से पैसे के बदले उन्हें फायदा पहुंचाने के लिए नई आबकारी नीति लाई गई थी.

  • SBI के लॉकर से गायब हुए 11 करोड़ रुपये के सिक्के

    SBI के लॉकर से गायब हुए 11 करोड़ रुपये के सिक्के

    नई दिल्लीः केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने राजस्थान के करौली में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की एक शाखा के लॉकर (तिजोरी) से 11 करोड़ रुपये के सिक्के गायब होने के मामले में वीरवार को 25 ठिकानों पर तलाशी ली। अधिकारियों ने वीरवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय एजेंसी ने राजस्थान उच्च न्यायालय के आदेश के बाद 13 अप्रैल को इस संबंध में मामला दर्ज किया था।

    उन्होंने बताया कि दिल्ली, जयपुर, दौसा, करौली, सवाई माधोपुर, अलवर, उदयपुर और भीलवाड़ा में बैंक के लगभग 15 पूर्व अधिकारियों और अन्य के परिसरों की तलाशी ली गई। गौरतलब है कि यह मामला तब सामने आया जब एसबीआई की शाखा ने अगस्त, 2021 में अपने नकदी भंडार में अंतर के बाद पैसे की गिनती करने का फैसला किया था। नकदी की गिनती एक निजी वेंडर द्वारा की गई। इससे पता चला कि शाखा से 11 करोड़ रुपये के सिक्के गायब थे।

  • घरेलू उड़ानों में कृपाण से प्रतिबंध हटाने पर केंद्र को नोटिस, हाईकोर्ट ने मांगा जवाब

    घरेलू उड़ानों में कृपाण से प्रतिबंध हटाने पर केंद्र को नोटिस, हाईकोर्ट ने मांगा जवाब

    नई दिल्ली: घरेलू उड़ानों में कृपाण पर से प्रतिबंध हटाने पर दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। दिल्ली हाई कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर कर सिख यात्रियों को देश में किसी भी घरेलू उड़ान में कृपाण ले जाने की अनुमति देने संबंधी अधिसूचना को चुनौती दी गई है। इस याचिका पर नोटिस जारी करते हुए मुख्य न्यायाधीश सतीश चंद्र शर्मा और न्यायमूर्ति सुब्रमण्यम प्रसाद की पीठ ने आज केंद्र से नागरिक उड्डयन मंत्रालय, गृह मंत्रालय, नागरिक उड्डयन महानिदेशक और नागरिक उड्डयन सुरक्षा महानिदेशक से जवाब मांगा है।

    अधिसूचना के अनुसार, सिख तीर्थयात्रियों को कृपाण ले जाने की अनुमति दी गई है बशर्ते, इसकी ब्लेड की लंबाई 15.24 सेमी (6 इंच) से अधिक न हो और कृपाण की कुल लंबाई 22.86 सेमी (9 इंच) से अधिक नहीं होगी। भारत के भीतर भारतीय विमानों में हवाई यात्रा के दौरान इसकी अनुमति है। गौरतलब है कि केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सिख कर्मचारियों और यात्रियों द्वारा कृपाण पहनने पर प्रतिबंध लगाने की अधिसूचना जारी की थी।

    इस संबंध में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखकर इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए उनसे इस आदेश को तुरंत वापस लेने का आग्रह किया। इसके बाद केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से एक अधिसूचना जारी की गई, जिसके अनुसार घरेलू उड़ानों में सवार सिख कर्मचारियों और यात्रियों को अब यात्रा के दौरान 9 इंच तक कृपाण ले जाने की अनुमति दी गई थी।

    याचिका में तर्क दिया गया है कि लागू अधिसूचना कानून ने नागरिक उड्डयन सुरक्षा प्रोटोकॉल और अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों का उल्लंघन किया है। सुरक्षा चिंताओं को अलग रखते हुए बिना सोचे-समझे अधिसूचना जारी की गई है। याचिका में कहा गया है कि किसी विशेष धर्म की मांगों को पूरा करने के लिए कृपाणों तक बिना किसी बाधा के पहुंच की अनुमति देकर सतर्कता की आवश्यकता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है, जिसका कोई तथ्यात्मक आधार नहीं है।