Category: Breaking News
-

कश्मीरी पंडित भाइयों पर आतंकियों ने चलाई गोलियां, एक की मौत
शोपियांः जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर कश्मीरी पंडितों को टारगेट किया गया है। दक्षिण कश्मीर के शोपियां में आतंकियों ने दो कश्मीरी पंडित भाइयों से पहले उनका नाम पूछा। इसके बाद अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। फायरिंग में सुनील कुमार भट्ट की मौत हो गई। जबकि उनके भाई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। आतंकियों ने कश्मीरी पंडित भाइयों पर सेब के बाग में गोलियां बरसाईं हैं।शुरुआती जानकारी के मुताबिक सुनील भट्ट औऱ उनके भाई अपने सेब के बागान में जा रहे थे। इसी दौरान आतंकियों ने उनसे नाम पूछा और फिर गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। टारगेट किलिंग में कश्मीरी पंडित सुनील कुमार भट्ट की मौत हो गई। जबकि फायरिंग में परतिंबर नाथ गंभीर रूप से घायल हो गए।शोपियां के छोटेपोरा इलाके में आतंकवादियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। फायरिंग में सुनील भट्ट और उनके भाई को गोली लगी थी, जिसमें सुनील भट्ट की मौत हो गई। जबकि उनके भाई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि फायरिंग से पहले कश्मीरी पंडियों के नाम पूछे गए थे। इसके बाद गोलियां बरसाईं गई हैं। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। -

200 फीट नीचे जा गिरी ITBP की बस, हादसे में कई जवानों की मौत, देखें तस्वीरें
चंदनवाड़ीः जम्मू और कश्मीर में सुरक्षा बलों संग मंगलवार को दर्दनाक हादसा हुआ है। इंडो तिब्बत बॉर्डर पुलिस (ITBP) और जम्मू कश्मीर पुलिस के जवानों को ले जा रही बस खाई में गिर गई। यह हादसा चंदनवाड़ी के पास हुआ। रिपोर्ट्स के अनुसार, बस में ITBP के 37 और पुलिस के 2 जवान सवार थे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर राहत कार्य शुरू किया गया है।

6 जवानों की मौत, कई बुरी तरह घायल
सुरक्षाबल, सेना, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। राहत कार्य चल रहा है। अभी तक सामने आया है कि हादसे में 6 जवान मारे गए हैं। वहीं 32 घायल हैं। फिलहाल ITBP की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है। पुलिस ने सिर्फ इतना ही कहा है कि गंभीर रूप से घायल जवानों को अस्पताल में शिफ्ट किया है। शुरुआती जानकारी में बस के ब्रेक फेल होने की बात सामने आ रही है। जवानों को ले जा रही बस 200 फीट नीचे नदी में जा गिरी। बस के परखच्चे उड़ गए।

घायलों को एयरलिफ्ट करके श्रीनगर स्थित आर्मी अस्पताल ले जाया जा रहा है। चंदनवाड़ी से पहलगाम जा रहे इन जवानों की ड्यूटी अमरनाथ यात्रा के लिए लगाई गई थी। अमरनाथ यात्रा खत्म होने के बाद जवान वहां से वापस लाए जा रहे थे। कई के हादसे में मारे जाने की आशंका है। पहलगाम के फ्रिसलान में यह बस नदी में गिरी है।

इस हादसे को लेकर बिहार के पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट करके कहा, “कश्मीर के पहलगाम में हुआ हादसा अत्यंत दुखद है। अमरनाथ यात्रा में लगी ITBP की बस खाई में गिरने से कई जवानों के शहीद होने और जख्मी होने की खबर से अत्यंत पीड़ा हुई है। शहीदों के परिजनों से गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायल जवानों के जल्द स्वस्थ होने के लिए दुआ करता हूं।
-

स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम से वापस लौट रही 17 साल की स्कूल छात्रा को सरकारी बस ने कुचला, मौत
चेन्नईः 15 अगस्त को देश आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है। लाल किले से लेकर सरकारी दफ्तरों और स्कूलों में तिरंगा फहराकर आजादी का जश्न मनाया गया। इस बीच चेन्नई से एक दुखद खबर सामने आई है। जहां स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम से लौट रही एक छात्रा को सरकारी बस ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने फरार बस ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
नेमिलिचेरी की रहने वाली 17 वर्षीय लक्ष्मी
जानकारी के मुताबिक चेन्नई के नेमिलिचेरी की रहने वाली 17 वर्षीय लक्ष्मी श्री क्रोमपेट के एक निजी स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा थी। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वह अपनी दोस्त के साथ साइकिल से वापस लौट रही थी। जैसे ही उन्होंने हस्तिनापुरम को पार किया, पीछे से आ रही 52 एच नंबर की एक सरकारी बस ने उसे टक्कर मार दी। जिससे लक्ष्मी श्री संतुलन खो बैठी और बस के नीचे गिर गई। जिसके बाद बस का पिछला पहिया उसके ऊपर चढ़ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इलाके के एक सीसीटीवी कैमरे में बस को साइकिल पर सवार दो बच्चों के पीछे से जाते हुए देखा गया है।
लोगों ने की अतिक्रमण की शिकायत
उधर, पुलिस ने मौके से भागे बस चालक गिरफ्तार कर लिया है और कार्रवाई का आश्वासन दिया है। लेकिन क्षेत्र के निवासियों ने शिकायत की है कि अगर अधिकारियों ने सड़क किनारे से अतिक्रमण (घेराबंदी) हटवा दिया होता तो इस तरह की गंभीर दुर्घटनाओं को रोका जा सकता था। लोगों का आरोप है कि अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के कारण सड़क पर वाहन चलने के लिए जगह ही नहीं बचती है।
-

मुकेश अंबानी और उनके परिवार को मिली जान से मारने की धमकी
मुंबई: देश के सबसे बड़े उद्योगपतियों में से एक मुकेश अंबानी और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी मिली है। मुंबई पुलिस का दावा है कि रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में धमकी भरे आठ कॉल आए हैं। कॉलर ने धमकी देते हुए कहा कि उनके पूरे परिवार को तीन घंटे के भीतर खत्म कर दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया। अस्पताल के अधिकारियों की ओर से डीबी मार्ग पुलिस थाने में शिकायत की गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी
मुंबई पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि रिलायंस फाउंडेशन के हरकिशन दास अस्पताल ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनके परिवार को धमकी भरे कॉल आने की शिकायत दर्ज कराई है। अस्पताल में तीन से अधिक कॉल आए। मामला दर्ज किया जा रहा है, जांच जारी है।
रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत
उधर, रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल की ओर से कहा गया है कि मुकेश अंबानी को अज्ञात व्यक्ति की ओर से जान से मारने की धमकी देते हुए कुल आठ कॉल किए गए हैं। हमने मामले की जांच के लिए मुंबई पुलिस से शिकायत की है।
2021 में भी मुकेश अंबानी को मिली थी धमकी
बता दें कि इससे पहले 2021 में मुंबई में मुकेश अंबानी के आवास एंटिलिया के बाहर 20 जिलेटिन स्टिक से भरी एक कार मिली थी। मुकेश और उनकी पत्नी नीता अंबानी को संबोधित करते हुए गाड़ी के अंदर एक धमकी भरा पत्र छोड़ा गया था जिसमें जान से मारने की धमकी दी गई थी।
कार में जिलेटिन स्टिक की जानकारी के बाद सचिन वाजे के नेतृत्व में मुंबई की क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट समेत कई पुलिस अधिकारी जांच के लिए मौके पर पहुंचे थे। मामले की जांच सचिन वाजे कर रहा था। घटना के कुछ दिनों बाद ठाणे के एक व्यवसायी मनसुख हिरेन की रहस्यमयी मौत हुई थी और फिर मामले को एनआईए को सौंपा गया था। अंबानी के घर के बाहर मिली स्कॉर्पियो का मालिक हिरेन ही था। उसने पहले दावा किया था कि वाहन एक सप्ताह पहले चोरी हो गया था। उनका शव 5 मार्च, 2021 को ठाणे में एक नाले में मिला था।
-

कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव के बाद अब भाई काजू श्रीवास्तव की तबीयत बिगड़ी
नई दिल्लीः बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव इन दिनों बीमार हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। कॉमेडियन को अभी तक होश नहीं आया है और दूसरी तरफ उनके छोटे भाई काजू श्रीवास्तव की तबियत बिगड़ गई है। काजू श्रीवास्तव को भी दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। यहां उनकी हालत गंभीर है। दोनों भाई एक ही हॉस्पिटल में एडमिट हैं और जिदंगी और मौत से जंग लड़ रहे है।
राजू के भाई काजू का दिल्ली के एम्स में सिर का ऑपरेशन होना था। राजू को जब हार्ट अटैक पड़ा तो उन्हे भी एम्स में भर्ती कराया गया यहां राजू के परिजन पहले से ही मौजूद थे। परिजनों के मुताबिक काजू श्रीवास्तव के कान समस्या हुई है। उनके कान में गांठ हो गई थी जिसकी वजह से वह कई बार बेहोश चुके थे। काजू का इलाज दिल्ली के एम्स में चल रहा था। जांच में पता चला कि काजू के ब्रेन में पानी चला गया था जिसका ऑपरेशन बुधवार को किया गया था। फैंस दोनों भाइयों के जल्द स्वस्थ होने की दुआं कर रहे हैं। काजू श्रीवास्तव भी कॉमेडियन रहे हैं उन्होंने भी अपने जोक्स और कॉमेडी शो से टीवी पर अच्छा-खासा नाम कमाया था।
जिम में राजू श्रीवास्तव को आया हार्ट अटैक
मालूम हो कि, कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव को 10 अगस्त की सुबह जिम में वर्कआउट करते समय हार्ट अटैक आ गया था, जिसके बाद तुरंत ही उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। हार्ट अटैक के बाद राजू श्रीवास्तव का ब्रेन डैमेज हो गया था, जिसके कारण उन्हें अभी तक होश नहीं आया है। फिलहाल कॉमेडियन वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं।
उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं राजू श्रीवास्तव
बता दें कि, राजू श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के चेयरमैन हैं. उनका परिवार किदवई नगर एम ब्लॉक में रहता है। राजू श्रीवास्तव के भाई काजू, चंद्रप्रकाश, दीपू श्रीवास्तव परिवार समेत कानपुर में ही रहते हैं। राजू, सेलिब्रिटी बनने के बाद भी गांव में अपने पुराने दोस्तों से मुलाकात करते हैं। चाय की दुकान में बैठकर मंडली लगाते हैं। इसलिए उन्हें जमीन से जुड़ा होने के कारण जनता का भरपूर प्यार मिला है। फैंस अपने फेवरेट कॉमेडियन के जल्द ठीक होने की दुआएं कर रहे हैं।
पीएम और सीएम ने की मदद की पेशकश
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजू श्रीवास्तव की पत्नी को फोन कर, उनकी तबियत और हाल-चाल जाना था, साथ पीएम ने उन्हें मदद की पेशकश भी की। प्रधानमंत्री के अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी राजू के परिवार को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है।
-

मीडिया के सवाल पूछने पर फूट-फूट कर रोने लगे द ग्रेट खली, वीडियो वायरल
नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर डब्लूडब्लूई के पूर्व रेसलर द ग्रेट खली का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो रोते हुए नजर आ रहे हैं। ट्विटर पर उनके इस वीडियो पर यूजर्स तरह-तरह की मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। दरअसल, वीडियो में खली से मीडियाकर्मियों की ओर मुस्कराते हुए बढ़ते हैं और हाथ हिलाकर उनका अभिवादन करते हैं।
इस बीच एक पत्रकार ने उनसे उनके जन्मदिन की योजनाओं के बारे में पूछा लिया। पत्रकार का सवाल सुनकर पहलवान को रोते हुए देखा गया। हालांकि यह ज्ञात नहीं है कि खली के रोने का कारण क्या है। अब सोशल मीडिया पर यूजर्स उनकी इस वीडियो क्लिप को उठाकर तरह-तरह के मीम्स बना रहे हैं। उनकी इस वीडियो क्लिप को लेकर माइक्रो-ब्लॉगिंग साइट पर मीम्स की बाढ़ आ गईष कई लोग खली की स्थिति के बारे में काफी चिंतित और सहानुभूति रखते हुए पूछा कि वह आखिरकार इतने भावुक क्यों हो गए।
-

रेप के दौरान बनाया वीडियो किया वायरल, गिड़गिड़ाती रही लड़की
जहानाबाद। बिहार के जहानाबाद जिले में एक लड़की से रेप का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होते ही एक्शन में आए एसपी दीपक रंजन ने तीन थानों की पुलिस को तफ्तीश में लगाया. इस मामले में पुलिस की गिरफ्त में दो आरोपी आ गए हैं. मामला जहानाबाद जिले के ओकरी ओपी क्षेत्र का है. बताया जा रहा है कि खेत में मोबाइल से इस वीडियो की रिकॉर्डिंग की गई है. पुलिस ने इस मामले में गोविंदपुर गांव निवासी रामाधार शर्मा उर्फ पोचू समेत दो लोगों को दबिश देकर पकड़ लिया है।
पकड़ा गया एक आरोपी रामाधार उर्फ पोचू शर्मा पहले भी रेप केस में जेल जा चुका है. वीडियो इतना अश्लील है कि इसे दिखाया नहीं जा सकता है. वायरल वीडियो में पकड़ा गया शख्स पोचू शर्मा सफेद लूंगी पहने हुए खड़ा दिख रहा है जबकि लड़की जमीन पर कपड़ा पहनते दिख रही है. इसी दौरान कोई शख्स उसका वीडियो बनाता हुआ दिख रहा है. कपड़ा पहनने के बाद पीड़ित लड़की वीडियो बना रहे शख्स से गिड़गिड़ाते भी दिख रही है. लड़की के साथ रेप का वीडियो वायरल होने के बाद ओकरी ओपी, हुलासगंज एवं घोसी थाना की पुलिस अलग-अलग टीम बनाकर आरोपियों को पकड़ने में कामयाब रही है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि वायरल वीडियो चार-पांच माह पुराना है. इसकी जांच पड़ताल भी की जा रही है. पुलिस वीडियो वायरल करने वाले शख्स की भी तलाश कर रही है. सबसे बड़ी बात है कि पुलिस जिसे 6 महीना पुराना वीडियो बता रही है उस मामले में पुलिस के पास अभी तक कोई शिकायत भी दर्ज नहीं है. एसडीपीओ ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है जिसमें दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है जबकि दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।जिले में दो साल पहले भी एक नाबालिग युवती का अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर चार युवकों द्वारा गैंगरेप करने का मामला सामने आया था. घटना जिले के कल्पा ओपी क्षेत्र के एक गांव की थी. मामले में पीड़िता के परिजनी द्वारा महिला थाना में मामला दर्ज कराया गया था. शिकायत दर्ज कराये जाने के बाद पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी और युवती के दोस्त सहित दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया था लेकिन ओकरी का जो वीडियो वायरल हो रहा है उस मामले में सबसे बड़ी परेशानी है कि ना तो पीड़ित की तरफ से कोई शिकायत की गई है, और ना ही यह पता चल पा रहा है कि आखिर वह लड़की कौन थी? कहां से आई थी? और उसके साथ ऐसा क्यों किया गया ?
-

स्वतंत्रता दिवस से पहले बस स्टेशन, ट्रेन और प्रमुख स्थलों की बढ़ाई गई सुरक्षा…
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के बरेली में 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) से पहले अलर्ट हो गया है. रेलवे स्टेशन, ट्रेन, मॉल और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है. पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ चेकिंग कर रही है.इसके साथ ही संदिग्धों की तलाश की जा रही है. उत्तर रेलवे के बरेली जंक्शन, बरेली कैंट स्टेशन, सीबीगंज स्टेशन, रामगंगा स्टेशन, एनईआर के बरेली सिटी, इज्जतनगर, भोजीपुरा आदि स्टेशनों पर चेकिंग अभियान रविवार सुबह से ही शुरू कर दिया गया.
स्टेशनों की सुरक्षा बढ़ाने के साथ ही गुजरने वाली ट्रेनों में चेकिंग की गई.रेलवे ट्रैक,प्लेटफार्म और माल गोदाम पर भी निगाह रखी जा रही है स्टेशन पर गश्त बढ़ा दी गई है.जीआरपी और आरपीएफ के जवान स्टेशन आने और जाने वाले यात्रियों को जांच पड़ताल के बाद ही आगे जाने दे रहे हैं. इसके साथ ही जवानों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गईं हैं.
रविवार को कानपुर से एटीएस ने एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है. इसके बाद पुलिस ने भी सुरक्षा बढ़ाई है. बरेली के मॉल और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग अभियान चल रहा है. यह अभियान रात में भी चलाने की तैयारी है. बरेली जंक्शन पर स्टेशन मास्टर कार्यालय के बाहर हर दिन वाहनों का जमावड़ा रहता है. यहां बड़ी संख्या में वाहन खड़े रहते हैं. स्टेशन के बाहर नो पार्किंग जोन का बोर्ड लगा है. मगर फिर भी मनमाने ढंग से इस क्षेत्र को पार्किंग में तब्दील कर दिया गया है. इनमें से अधिकतर वाहन रेलवे कर्मचारियों के ही होते हैं. मगर अब जीआरपी ने जो जोन पार्किंग में खड़े वाहन के चालान करने की तैयारी की है.
-

15 अगस्त से पहले आतंकी हमले की साजिश नाकाम, 7 उग्रवादी गिरफ्तार
इंफाल. 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस से पहले प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के सात सशस्त्र उग्रवादियों को मणिपुर के विभिन्न हिस्सों से गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. थोउबल जिले के पुलिस अधीक्षक एच जोगेशचंद्र ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि असम राइफल्स को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सरकारी प्रतिष्ठानों और सुरक्षा बलों को विस्फोटकों से निशाना बनाने की साजिश के बारे में शनिवार की सुबह सूचना मिली.
उन्होंने कहा कि थोउबल जिला पुलिस और 16 असम राइफल्स की एक संयुक्त टीम याइरीपोक बाजार पहुंची और इलाके की घेराबंदी की तथा तलाशी अभियान शुरू किया. उन्होंने कहा, ‘इंफाल पूर्व, इंफाल पश्चिम, काकचिंग और थोउबल जिलों में कई स्थानों पर इसी तरह के अभियान चलाए गए.’ अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों ने सात उग्रवादियों को गिरफ्तार किया और हथियारों एवं विस्फोटकों के साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा है.
उन्होंने कहा, ‘जांच के बाद, यह पता चला कि वे घाटी के जिलों में गैर-स्थानीय लोगों को निशाना बना रहे थे, और जून और जुलाई में क्रमशः काकचिंग और एंड्रो हुइकाप में दो गैर-स्थानीय लोगों की हत्या में शामिल थे.’ जोगेशचंद्र ने कहा कि नौ एमएम पिस्तौल, बेरेटा पिस्तौल, 35 कारतूस एवं हथगोले जब्त किए गए. पुलिस ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले राज्य के विभिन्न हिस्सों में अभियान जारी है और सुरक्षा चाक-चौबंद कर दी गई है.
-

साथ रहने का वादा कर पत्नी का काट दिया गला
नई दिल्ली। कर्नाटक के फैमिली कोर्ट में एक शख्स ने छुरी से अपनी पत्नी का गला काट दिया। यहां दोनों तलाक के लिए अर्जी देने के बाद काउंसलिंग सेशन में शामिल होने के लिए आए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद पति ने वहां से भागने की कोशिश की लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया।
आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। वहीं, हमले के बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गौरतलब है कि काउंसलिंग सेशन के दौरान दोनों इस बात पर सहमत हुए थे कि वे अपने बीच के मतभेदों को भूला देंगे और अपने सात साल के वैवाहिक जीवन को टूटने से बचाएंगे।
आरोपी पति की पहचान शिवकुमार के तौर पर हुई है, जिसकी पत्नी का नाम चैत्रा था। यह मामला हासन जिले के होलेनरसीपुरा फैमिली कोर्ट का है। एक घंटे की काउंसलिंग के बाद जैसे ही महिला बाहर निकली। शिवकुमार उसके पीछे-पीछे वाशरूम तक गया। यहां अकेले पाकर उसने छुरी से उसका गला काट दिया और लहूलुहान हालत में उसे छोड़कर भागने की नाकाम कोशिश की।
शिवकुमार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि कैसे वह कोर्ट में छुरी लेकर दाखिल हुआ। आरोपी ने जिस हथियार से वारदात को अंजाम दिया, उसे बरामद कर लिया गया है। अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के बाद मामले से जुड़े अन्य खुलासे हो पाएंगे। घटनास्थल पर मौजूद लोगों से भी सवाल-जवाब किए जा रहे हैं।