Category: Breaking News

  • पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे और कांग्रेस नेता कुलदीप बिश्नोई ने दिया इस्तीफा,  इस पार्टी में होंगे शामिल

    पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे और कांग्रेस नेता कुलदीप बिश्नोई ने दिया इस्तीफा,  इस पार्टी में होंगे शामिल

    चंडीगढ़ः कांग्रेस नेता कुलदीप बिश्नोई ने हरियाणा के आदमपुर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता को सौंप दिया है। वह गुरुवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होंगे। विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद कुलदीप बिश्नोई ने चंडीगढ़ में कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मुझे इस्तीफा देने की चुनौती दी थी और मैंने उनकी चुनौती स्वीकार की। मैं उन्हें आदमपुर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने और जीतने की चुनौती देता हूं। कल बीजेपी ज्वाइन करूंगा। आप से निवेदन है कि आप दिल्ली के बीजेपी हेड ऑफिस पहुंचे।

    आदमपुर से मौजूदा विधायक बिश्नोई (53) ने विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता को अपना इस्तीफा सौंपा। बिश्नोई के इस्तीफे के बाद अब हिसार जिले की आदमपुर सीट पर उपचुनाव कराना होगा। कांग्रेस ने जून में हुए राज्यसभा चुनाव में बिश्नोई के ‘क्रॉस वोटिंग’ करने के बाद उन्हें पार्टी के सभी पदों से हटा दिया था।

    चार बार के विधायक और दो बार के सांसद पहले से ही पार्टी से नाराज चल रहे थे। इस साल की शुरुआत में उन्हें कांग्रेस की हरियाणा इकाई के प्रमुख पद पर नियुक्त ना किए जाने के बाद उन्होंने बगावती तेवर अपना लिए थे। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के छोटे बेटे कुलदीप बिश्नोई दूसरी बार कांग्रेस से नाता तोड़ रहे हैं। पार्टी से अलग होने के बाद करीब छह साल पहले ही वह दोबारा कांग्रेस से जुड़े थे।

  • स्‍कूटी सवार दो शख्स को बस ने कुचला, एक की मौत

    स्‍कूटी सवार दो शख्स को बस ने कुचला, एक की मौत

    नई द‍िल्‍लीः देश की राजधानी द‍िल्‍ली में सुबह के वक्‍त एक बड़ी बुरी खबर सामने आई है। द‍िल्‍ली के द्वारका मोड इलाके में दिल्ली परिवहन निगम की कलस्‍टर बस से स्कूटी सवार दो व्यक्ति को कुचलने का मामला सामने आया है। बस के स्‍कूटी से टकराने से एक शख्‍स की मौके पर ही मौत हो गई है ज‍िसकी उम्र 33 साल बताई गई है। दूसरे शख्‍स को घायलावस्‍था में अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना एनएसयूटी के सामने की बताई गई है।

    इसके बाद पूरे इलाके में मातम छा गया है। घटना की सूचना म‍िलते ही मौके पर पीसीआर की कई गाड़‍ियां पहुंच गई हैं। इस मामले में अभी फ‍िलहाल इतनी ही जानकारी उपलब्‍ध हो पाई है। बताया जाता है क‍ि यह कलस्‍टर बस 764 रूट की है जोक‍ि नेहरू प्‍लेस टर्म‍िनल के ल‍िए संचाल‍ित होती है। इस बस का नंबर DL-1P-D3229 दर्ज क‍िया गया है। मौके पर पहुंची पुल‍िस ने शव को कब्‍जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

    इस मामले में द्वारका डीसीपी एम. हर्षवर्धन ने जानकारी देते हुए बताया कि क्लस्टर बस से स्कूटी की टक्कर हुई थी जिसमें एक शख्स की मौत हुई है, जिसकी उम्र 33 साल के आसपास है। फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है। उन्होंने स्कूल स्टूडेंट की मौत से इनकार किया है। घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

  • एयरपोर्ट पर प्लेन के आगे आई कार, टला हादसा, देखें वीडियो

    एयरपोर्ट पर प्लेन के आगे आई कार, टला हादसा, देखें वीडियो

    नई दिल्ली: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से मंगलवार को बड़ी  लापरवाही का मामला सामने आया है। दरअसल, एयरपोर्ट का एक वीडियो सामने आया है जिसमें गो फर्स्ट एयरलाइन के लोगो वाली एक कार इंडिगो विमान के पहिए के ठीक नीचे दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि कार विमान के पहिये से टकराकर बाल-बाल बच गई।

    सूत्रों के अनुसार, विमान को कोई नुकसान नहीं पहुचा है और न ही कोई इस हादसे में घायल हुआ है। अधिकारियों ने कहा कि घटना के बाद विमान निर्धारित समय पर पटना के लिए रवाना हो गया। इस विमान को दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 पर खड़ा किया गया था।

    वहीं इस मामले में नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने जांच के आदेश दे दिए हैं। जानकारी के अनुसार यह घटना हवाई अड्डे के टर्मिनल टी-2 के स्टैंड नंबर 201 पर हई है। डीजीसीए अधिकारियों ने बताया कि कार चालक की जांच (ब्रेथ एनलाइज़र टेस्ट) की गई और हादसे के समय उसके नशे में नहीं होने की बात सामने आई है।

    बता दें कि विमान मंगलवार सुबह पटना के लिए रवाना होने के लिए तैयार खड़ा था, तभी गो फर्स्ट एयरलाइन की एक स्विफ्ट डिज़ायर कार उसके नीचे आ गई। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद विमान ने तय समय पर पटना के लिए उड़ान भरी।

  • रिश्वत के मामले में CBI  ने रेलवे  के तीन अफसर समेत 5 को किया गिरफ्तार 

    रिश्वत के मामले में CBI ने रेलवे के तीन अफसर समेत 5 को किया गिरफ्तार 

    सीबीआई ने रिश्वतखोरी के मामले में पूर्व मध्य रेलवे (पूमरे) के तीन बड़े अफसरों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। रेलवे अफसरों के अलावा कोलकाता स्थित एक निजी कंपनी से जुड़े दो अन्य शख्स भी पकड़े गए हैं। गिरफ्तार किए गए रेलवे अधिकारियों में पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य माल परिवहन प्रबंधक (सीएफटीएम) संजय कुमार के साथ समस्तीपुर के वरीय मंडल परिचालन प्रबंधक (डीओएम) रूपेश कुमार और सोनपुर के वरीय मंडल परिचालन प्रबंधक सचिन मिश्रा शामिल हैं।

    तीनों भारतीय रेलवे यातायात सेवा (आईआरटीएस) के अधिकारी हैं। वहीं कोलकाता स्थित आभा एग्रो इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड और आभा एग्रो एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के नवल लाधा और मनोज कुमार साहा को भी गिरफ्तार किया गया है। छापे के दौरान 46.50 लाख रुपये भी जब्त किए गए हैं। इनके अलावा कंपनी से जुड़े मनोज लाधा को भी रिश्वतखोरी के मामले में नामजद किया गया है। सीबीआई ने पटना, सोनपुर, हाजीपुर, समस्तीपुर और कोलकाता में छापेमारी की। 

    वेंडरों को मनमाफिक लोडिंग के लिए रैक उपलब्ध कराने का आरोप

    सीबीआई के मुताबिक पूर्व मध्य रेल के इन अधिकारियों पर जोन के अधीन वेंडरों को सामान की मनमाफिक लोडिंग के लिए रैक उपलब्ध कराने का आरोप है। कोलकाता स्थित कंपनी के निदेशक और रेलवे के अफसरों के बीच इसको लेकर एक सुनियोजित साजिश रची गई थी। उक्त निजी कंपनी के लिए रैक उपलब्ध कराने में सारे नियम-कानून ताक पर रख दिए जाते थे। इसके एवज में कंपनी द्वारा रेलवे अधिकारियों को हर महीने रिश्वत के तौर पर मोटी रकम का भुगतान होता था। इस मामले में रविवार को प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसमें संजय कुमार, रूपेश कुमार और सचिन मिश्रा के अलावा कोलकाता स्थित कंपनी के निदेशक समेत तीन नामजद और अन्य अज्ञात को आरोपी बनाया गया था।

    संजय कुमार को 6 लाख रुपये रिश्वत लेते किया गिरफ्तार

    सीबीआई के मुताबिक सीएफटीएम संजय कुमार को 6 लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। इस दौरान रिश्वत देने वाला भी पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि कोलकाता स्थित कंपनी के निदेशक ने अपने भाई को रेलवे अधिकारियों को 23.5 लाख रुपये रिश्वत भेजने को कहा था। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने पटना, सोनपुर, हाजीपुर, समस्तीपुर और कोलकाता के कुल 16 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान 46.50 लाख रुपये के साथ कई दस्तावेज भी बरामद हुए। इनमें से 29 लाख रुपये कोलकाता स्थित व्यवसायी के पास से जब्त किए गए। एक एसयूवी गाड़ी में रेलवे अफसरों को रिश्वत में देने के लिए 6 लिफाफे में भी रुपये रखे हुए थे।

    दो दिनों तक चली सीबीआई की कार्रवाई

    रिश्वतखोरी के इस मामले में सीबीआई की कार्रवाई दो दिनों तक जारी रही। रविवार को सीएफएमटी को गिरफ्तार करने के बाद सीबीआई की कई टीमों ने अवैध लेनदेन से जुड़े रैकेट में शामिल लोगों के ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी। सोमवार तक कार्रवाई जारी रही। गिरफ्तार रेलवे अफसरों के अलावा निजी कंपनी के अधिकारियों से पूछताछ में कई अहम जानकारी सामने आने की बात कही जा रही है।

    इस मामले में हो सकती है कई और गिरफ्तारियां 

    सूत्रों के मुताबिक पूर्व मध्य रेल के तीन बड़े अफसरों की गिरफ्तारी और रैक के आवंटन में गड़बड़ी के खुलासे के बाद कई अन्य अधिकारियों के भी इसके जद में आने की आशंका है। छापेमारी के दौरान एक्सयूवी गाड़ी से रेलवे के छह अफसरों को रिश्वत देने के लिए रखा लिफाफा मिला था। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही इस मामले में कई और गिरफ्तारी हो सकती है।

  • नेशनल हेराल्ड के दफ्तर सहित 12 ठिकानों पर ED की रेड

    नेशनल हेराल्ड के दफ्तर सहित 12 ठिकानों पर ED की रेड

    नई दिल्लीः नेशनल हेराल्ड मामले में दिल्ली और कोलकाता समेत 12 जगहों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की है। ईडी ने दिल्ली स्थित नेशनल हेराल्ड के दफ्तर पर भी छापेमारी की है। बताया जा रहा है कि ईडी ने हेराल्ड हाउस की चौथी मंजिल पर सर्च कर रही है। यहां नेशनल हेराल्ड का पब्लिकेशन ऑफिस है। ईडी सुबह 10 बजे हेराल्ड हाउस में दाखिल हुई थी।

    ईडी ने नेशनल हेराल्ड केस में हाल ही में सोनिया गांधी से पूछताछ की थी। इतना ही नहीं इससे पहले राहुल गांधी से भी इस मामले में पूछताछ की गई थी। उधर, कांग्रेस ने ईडी की कार्रवाई के खिलाफ देशभर में सत्याग्रह किया था। बताया जा रहा है कि नेशनल हेराल्ड दफ्तर में सिक्योरिटी गार्ड के अलावा कोई भी मौजूद नहीं है। वहीं कांग्रेस सांसद उत्तर रेड्डी ने ईडी के छापेमारी को लेकर कहा है कि यह चौंकाने वाला है। यह राजनीतिक बदले के अलावा कुछ भी नहीं है।

  • अस्पताल में आग लगने से 8 की मौत

    अस्पताल में आग लगने से 8 की मौत

    मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक निजी अस्पताल में भीषण आग लगने से आठ लोगों की मौत होने का मामला सामने आया है। जबलपुर के एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने आठ लोगों के मौत की पुष्टि की। बताया जा रहा है कि मरने वालों में अधिकांश लोग हॉस्पिटल के स्टाफ के हैं। आधा दर्ज दमकल वाहनों ने एक घंटे की कवायद के बाद आग को काबू में किया। घटना के बाद अस्पताल में अफरातफरी फैल गई। अस्पताल में भर्ती मरीजों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया। आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल भी घायल हैं। मृतकों की पहचान की जा रही है।

    सीएम शिवराज ने किया मुआवजे का एलान

    घटना पर राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया, “राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जायेगी। घायलों के संपूर्ण इलाज का व्यय भी सरकार वहन करेगी।”

    दरअसल, गोहलपुर थाना क्षेत्र के चंडाल भाटा इलाके में न्यू लाइफ मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में दोपहर में अचानक से आग भड़क गई। अस्पताल से निकासी का एक ही रास्ता होने के कारण अधिकांश लोग अंदर ही फंस गए। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। दमकल के वाहन भी शुरुआत में आग पर काबू नहीं कर पा रहे थे। बाद में जब बिजली विभाग के कर्मचारियों ने बिजली कनेक्शन काटा तब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को काबू में किया गया।

    साल 2021 में कमला नेहरू अस्‍पताल में लगी थी आग

    साल 2021 में नवंबर के महीने में भोपाल स्थित कमला नेहरू अस्‍पताल के चिल्‍ड्रंस वार्ड में आग लगी थी। इस भीषण आग से लगने से चार बच्चों की जान चली गई थी। इस घटना के बाद कमला नेहरू अस्पताल के निदेशक सहित तीन चिकित्सा अधिकारियों को उनके पद से हटा दिया गया था। बता दें कि गांधी मेडिकल कॉलेज और हमीदिया अस्पताल के परिसर में स्थित सरकार द्वारा संचालित कमला नेहरू अस्पताल की स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) में पिछले साल 8 नवंबर की रात करीब 8:35 बजे आग लगी थी।

  • कैबिनेट मंत्री सिंधिया के काफिले की गाड़ी से हुआ हादसा, एक की मौत

    कैबिनेट मंत्री सिंधिया के काफिले की गाड़ी से हुआ हादसा, एक की मौत

    मध्य प्रदेश की कैबिनेट मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के काफिले की गाड़ी से हादसा हो गया है, जिसमें एक शख्स की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक, यशोधरा राजे सिंधिया के फॉलो वाहन से सड़क पार कर रहा एक वृद्ध शख्स टकरा गया था। शख्स का नाम पुजारी हरगोविंद परिहार है, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। यशोधरा राजे सिंधिया मध्य प्रदेश की खेल मंत्री हैं। जानकारी के मुताबिक, यशोधरा राजे झांसी से शिवपुरी जा रही थीं। उस दौरान ही यह हादसा हुआ।

  • भारत में मंकीपॉक्स से हुई पहली मौत, 22 साल के युवक ने तोड़ा दम

    भारत में मंकीपॉक्स से हुई पहली मौत, 22 साल के युवक ने तोड़ा दम

    नई दिल्लीः कोरोना महामारी के बाद देश में मंकीपॉक्स का खतरा लगातार बढ़ रहा है। केरल में मंकीपॉक्स से संक्रम‍ित 22 साल के युवक की मौत हुई है। इसे मंकीपॉक्‍स से संक्रम‍ित देश में पहली मौत बताया गया है। युवक संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से लौटा था। शनिवार सुबह त्रिशूर के एक प्राइवेट अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी। दरअसल युवक की रिपोर्ट संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में ही मंकीपॉक्स पॉजिटिव आई थी।

    मृतक ने त्रिशूर ज‍िले में की थी इलाज मांग की 

    उधर, केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बताया क‍ि युवक की मौत के कारणों की जांच की जाएगी। उसके नमूनों की रिपोर्ट अब तक आई नहीं है। उन्होंने कहा कि मरीज युवा था और उसे कोई और बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी कोई दूसरी दिक्कत नहीं थी। स्वास्थ्य विभाग उसकी मौत के कारणों का पता लगा रहा है। केरल के त्रिशूर ज‍िले के 22 साल के एक लड़के की शनिवार को मौत हो गई थी। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने कहा, ‘मंकीपॉक्स के लक्षण वाले व्यक्ति की मौत की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी। उसका विदेश में हुई टेस्ट का रिजल्ट पॉजिटिव निकला। उसने त्रिशूर में इलाज की मांग की थी।’

    इलाज में देरी की होगी जांचः मंत्री

    मंत्री ने आगे कहा, ‘इलाज में देरी क्यों हुई, इसकी जांच कराई जाएगी। युवक की मंकीपॉक्स से मौत को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने पुन्नयूर में बैठक बुलाई है। मृतक युवक की संपर्क सूची और रूट मैप तैयार किया गया।’

    21 जुलाई को आया था भारत, 27 को हुआ अस्पताल में भर्ती

    स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि त्रिशूर के 22 साल के लड़का 21 जुलाई को भारत पहुंचा था। यूएई छोड़ने से एक दिन पहले उसकी टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। 27 जुलाई को वह अस्पताल में भर्ती हुआ था और यहां परिवार के साथ रह रहा था। उसके नमूनों की फिर से जांच कराई जाएगी।

    भारत में मंकीपॉक्स का पहला मरीज हुआ ठीक 

    उधर, केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के एक सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय में भर्ती देश का पहला मंकीपॉक्स का मरीज स्वस्थ हो गया है। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने कहा कि चूंकि यह देश में मंकीपॉक्स का पहला मामला था, इसलिए राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान के निर्देशानुसार 72 घंटे के अंतराल पर कोल्लम निवासी मरीज का दो बार परीक्षण किया गया। वीणा जॉर्ज ने कहा, ‘सारे नमूने जांच में निगेटिव पाए गए। मरीज शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ है। उसकी सूजन और गांठ पूरी तरह ठीक हो गई है।’

  • सितंबर तक मिलेगी डिस्काउंट वाली शराब, 2 माह तक लागू रखेगी नई पॉलिसी 

    सितंबर तक मिलेगी डिस्काउंट वाली शराब, 2 माह तक लागू रखेगी नई पॉलिसी 

    शराब विक्रेताओं और शराब के शौकीनों के लिए राहत की खबर है। दिल्ली सरकार ने राजधानी में देसी शराब बेचने वाली सभी दुकानों को दो और महीने का एक्सटेंशन देने का आदेश जारी कर दिया। यानी केजरीवाल सरकार ने नई आबकारी नीति को एक महीने बढ़ाते हुए L-3/33 लाइसेंस के तहत देसी शराब की बिक्री के लिए लाइसेंस अवधि को 30 सितंबर तक बढ़ा दिया है। आबकारी विभाग के महाप्रबंधक अजय कुमार गंभीर ने इसकी जानकारी दी। विभाग द्वारा जारी सर्कुलर में कहा गया कि दिल्ली में देसी शराब की आपूर्ति के लिए L-3/33 लाइसेंस को दो महीनों की एक और अवधि के लिए अर्थात 1 अगस्त 2022 से 30 सितंबर 2022 तक बढ़ाया जा रहा है।

    L-3 लाइसेंसधारी जो अपने पंजीकृत ब्रांडों की मौजूदा कीमत पर बिक्री करने के लिए 1 अगस्त 2022 से 30 सितंबर 2022 तक दो महीने की इस विस्तार अवधि का लाभ उठाने के इच्छुक हैं, उन्हें दो महीने का शुल्क यानी लाइसेंस शुल्क, बीडब्ल्यूएच शुल्क और जमा करना होगा। हालांकि, ऐसा गैर-नवीकरणीय लाइसेंस रखने वाला कोई भी व्यक्ति अपने लाइसेंस का विस्तार करने के लिए इस तरह के प्रस्ताव को स्वीकार करने के लिए बाध्य नहीं होगा।

    बता दें, दिल्ली में चल रहीं शराब की निजी दुकानों का लाइसेंस 31 जुलाई को समाप्त हो रहा था। इसी के मद्देजनर दिल्ली सरकार ने निजी शराब की दुकानों को सितंबर तक खोलने की अनुमति दे दी है। क्योंकि सरकारी शराब की दुकानों को शुरू होने में अभी और वक्त लग सकता है। वहीं, इससे पहले शनिवार को दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा था कि मौजूदा विवाद के बीच दिल्ली फिर से नवंबर 2021 से पहले वाली पॉलिसी ही लागू करेगी। यानि दिल्ली में सरकारी शराब के ठेके फिर से चलेंगे और प्राइवेट ठेके बंद हो जाएंगे, लेकिन ऐसा करने के लिए एक कैबिनेट आदेश की जरूरत होगी और उसमें फिलहाल थोड़ा वक्त लगेगा।

  • 2024 के चुनाव में ये दिग्गज होगा बीजेपी का पीएम उम्मीदवार

    2024 के चुनाव में ये दिग्गज होगा बीजेपी का पीएम उम्मीदवार

    नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को पटना में भारतीय जनता पार्टी की विभिन्न मोर्चे की दो दिवसीय संयुक्त राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के समापन सत्र की अध्यक्षता की. बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा, बीजेपी-जेडीयू 2024 में एक साथ चुनाव लड़ेंगे, नरेंद्र मोदी बीजेपी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे. 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवारों की चर्चा हमेशा सुर्खियों में रहती है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीति से संन्यास लेने और नए चेहरों को उम्मीदवार बनाने की अटकलें अक्सर लगती रहती हैं. 

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बीजेपी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक और जीत हासिल करने की दिशा में प्रयास करें. यह जानकारी पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने दी. 

    पटना में आयोजित बीजेपी के सभी सात मोर्चों की पहली संयुक्त राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के समापन सत्र को संबोधित करते हुए शाह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे बूथ स्तर पर दलितों, आदिवासियों और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) जैसे कमजोर वर्गों के लिए मोदी के राजनीतिक समर्थन को लेकर जन जागरूकता बढ़ाएं.

    बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘शाह ने कार्यकर्ताओं से अमृत महोत्सव (स्वतंत्रता के 75 साल) के मद्देनजर देशभक्ति की भावना फैलाने के लिए नौ से 12 अगस्त तक चार दिन समर्पित करने के लिए कहा.’’

    सिंह ने कहा, ‘‘पार्टी कार्यकर्ताओं से यह भी कहा गया है कि वे 2024 के चुनावों की तैयारी शुरू कर दें और प्रधानमंत्री मोदी की लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी सुनिश्चित करें। उन्हें पिछली बार की तुलना में अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य दिया गया है.’’

    उल्लेखनीय है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 300 से अधिक सीटें जीती थीं. सिंह ने कहा कि शाह ने कार्यकर्ताओं से आम लोगों को अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और ओबीसी को केंद्रीय कैबिनेट में अब तक का सबसे बेहतर प्रतिनिधित्व जैसे तथ्यों से अवगत कराने के लिए भी कहा. ग्रामीण पृष्ठभूमि के लोगों का प्रतिनिधित्व भी बढ़ गया है.’’

    सिंह ने द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचन का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘शाह ने इस बात पर जोर दिया कि बीजेपी समाज के सभी वर्गों के हितों का प्रतिनिधित्व करने में विश्वास करती है. वंचितों को आखिरकार उनका हक मिल रहा है, इसके लिए मोदी जी को धन्यवाद. एक आदिवासी महिला शीर्ष संवैधानिक पद पर पहुंच गई हैं.’’

    इस अवसर पर पारित प्रस्ताव में उपरोक्त बिन्दुओं को उसमें शामिल किया गया. बीजेपी के प्रमुख रणनीतिकार माने जाने वाले शाह आज दोपहर पटना पहुंचे. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने इस दो दिवसीय कार्यक्रम के समापन सत्र में भी भाग लिया जिसका उद्घाटन उन्होंने शनिवार को किया था.

    सिंह ने यह भी कहा कि इस बैठक में केरल, तमिलनाडु, मिजोरम और मेघालय जैसे दूर-दराज के राज्यों सहित देश भर से 600 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. उन्होंने एक सवाल के उत्तर में कहा, ‘‘बीजेपी गठबंधन धर्म में विश्वास करती है. हम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू (जनता दल यूनाइटेड) के साथ गठबंधन में आम चुनाव और 2025 का बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे.’’

    समारोह के बाद बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय में विचार मंथन सत्र हुआ जहां शाह और नड्डा ने राज्य के प्रमुख नेताओं से मुलाकात की जिसमें पार्टी के सांसद और विधानमंडल के सदस्य शामिल थे.