Category: Breaking News

  • कारोबारी के ठिकानों पर आयकर विभाग का छापा,  देखें वीडियो

    कारोबारी के ठिकानों पर आयकर विभाग का छापा, देखें वीडियो

    जालना: महाराष्ट्र में एक कारोबारी के यहां आयकर विभाग की ओर की गई छापेमारी में भारी कैश और बेनामी संपत्ति का खुलासा हुआ है। स्टील, कपड़ा और रियल इस्टेट कारोबार से जुड़े इस बिजनेसमैन के यहां हुई छापेमारी में आयकर विभाग को 56 करोड़ रुपये कैश मिले हैं।

    एक से 8 अगस्त तक चली इस कार्रवाई में कारोबारी से जुड़े 100 करोड़ के बेनामी संपत्ति का भी पर्दाफाश हुआ है। साथ ही 32 किलो सोना, पर्ल और हीरे सहित संपत्ति के कागजात मिले हैं। आयकर विभाग को जब्त कैश की गिनती में 13 घंटे लग गए।

    आयकर विभाग की नासिक ब्रांच ने की कार्रवाई

    छापेमारी की इस कार्रवाई को आयकर विभाग की नासिक ब्रांच ने अंजाम दिया। इसमें राज्य भर के 260 अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे। आईटी के कर्मचारी पांच टीमों में बंटे हुए थे और छापेमारी में 120 से ज्यादा गाड़ियों का इस्तेमाल हुआ। कैश को सुबह 11 बजे से रात एक बजे तक जालना के स्टेट बैंक की स्थानीय शाखा में ले जाकर गिना गया। सामने आई जानकारी के अनुसार कारोबारी के घर से कुछ नही मिला लेकिन उसके फार्महाउस से नकदी, सोना और अन्य कागजात बरामद हुए।

    वाहनों पर चिपकाए गए ‘दुल्हन हम ले जाएंगे’ के स्टिकर 

    आयकर अधिकारियों ने छापेमारी के दौरान काफी सावधानी बरती। कारोबारी और उनसे जुड़े लोगों को इस छापेमारी की तैयारी की भनक नहीं लगे, इसके लिए आयकर की टीमें बेहद सतर्क रहीं। नासिक, पुणे, ठाणे और मुंबई के अधिकारियों ने अपनी गाड़ियों पर दूल्हे और दुल्हन के नाम के स्टिकर लगाए। इसके जरिए ये दिखाने की कोशिश की गई कि यह गाड़ियां किसी बारात का हिस्सा हैं और शादी में जा रही हैं। वाहनों पर अलग-अलग ‘दुल्हन हम ले जाएंगे’ के स्टिकर लगाए गए थे जो अधिकारियों के लिए एक कोड वर्ड था। 

  • मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की हालत नाजुक, वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया

    मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की हालत नाजुक, वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया

    नई दिल्लीः मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव को दवाओं के साथ दुआओं की भी जरूरत है। सूत्रों के मुताबिक, एंजियोप्लास्टी के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। सीने में दर्द होने और जिम में कसरत के दौरान गिर जाने के बाद उन्हें कल एम्स  में भर्ती कराया गया था। बाद में उनकी एंजियोप्लास्टी हुई।

    दिल्ली के एक होटल में रुके राजू श्रीवास्तव बुधवार को जिम में वर्क आउट कर रहे थे। तभी उनके सीने में तेज दर्द हुआ और वह ट्रेडमिल पर गिर पड़े। राजू को तुरंत एम्स में भर्ती कराया गया, जहां कार्डियोलॉजी डिपार्टमेंट में उनका इलाज चल रहा है।

    डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। सूत्रों का कहना है कि राजू की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें दवाओं के साथ दुआओं की भी जरूरत है। राजू के दिल की धमनियों में कई ब्लॉकेज हैं। जब से राजू के बीमार होने की खबर सामने आई है, उनके करोड़ों फैंस में निराशा है और सभी उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।

    द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज, कॉमेडी सर्कस, द कपिल शर्मा शो, शक्तिमान जैसे टीवी शो के अलावा राजू श्रीवास्तव ने कई हिंदी फिल्मों में भी अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता है। 58 साल के राजू श्रीवास्तव भारतीय जनता पार्टी के नेता भी हैं। भाजपा में आने से पहले वह समाजवादी पार्टी में भी रह चुके हैं।

  • मास्क लगाना फिर अनिवार्य, नहीं पहनने पर लगेगा 500 रुपये का जुर्माना

    मास्क लगाना फिर अनिवार्य, नहीं पहनने पर लगेगा 500 रुपये का जुर्माना

    नई दिल्ली। दिल्ली में लगातार बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने प्रदेश में सार्वजनिक स्थानों पर मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया है। अब सार्वजनिक स्थानों पर मास्क नहीं लगाने पर 500 रुपये जुर्माने का प्रावधान कर दिया गया है।

    राजधानी में बुधवार को कोरोना संक्रमण के 2,146 मामले सामने आए थे। इसके साथ ही आठ मरीजों की संक्रमण से मौत भी हुई है। राजधानी में संक्रमण दर 17.83 हो गई है। वहीं सक्रिय मरीजों की संख्या 8205 हो गई है। उधर, दिल्ली में तेजी से फैल रहे कोरोना के मामलों के पीछे ओमिक्रॉन का नया सब-वैरिएंट बीए 2.75 है। 

    लोक नायक अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ सुरेश कुमार ने बताया कि ओमिक्रॉन का नया सब-वैरिएंट तेजी से लोगों को संक्रमित करता है। यह सब-वैरिएंट उनको भी संक्रमित कर सकता है, जिन्होंने कोरोना वैक्सीन लगवाई है। हालांकि, इस मामले में अभी और जानकारी का इंतजार है।

    डॉ. सुरेश ने कहा कि कोरोना के मामले कम होने के साथ लोगों ने कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना कम कर दिया है। ऐसा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले बढ़ रहे हैं, लेकिन उनमें लक्षण कम गंभीर है। डायबिटीज, हार्ट, टीबी जैसी गंभीर बीमारियों वाले लोगों के लिए काफी जोखिम उठाना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि कोरोना अभी तक समाप्त नहीं हुआ है, तीन महीने पहले संक्रमित होने वाले लोग फिर से कोविड पॉजिटिव आ रहे हैं।

  • रिकॉर्ड 8वीं बार नीतीश कुमार ने ली सीएम शपथ

    रिकॉर्ड 8वीं बार नीतीश कुमार ने ली सीएम शपथ

    पटना: बिहार में एक बार फिर महागठबंधन की सरकार बन गई है। नीतीश कुमार ने बुधवार को 8वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के तेजस्वी यादव ने उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। तेजस्वी ने शपथ के बाद नीतीश कुमार के पैर छुकर आशीर्वाद भी लिया। इससे पहले मंगलवार को नीतीश कुमार ने भाजपा को झटका देते हुए गठबंधन तोड़ने का ऐलान कर दिया था।

    नीतीश कुमार ने कल ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। नीतीश कुमार ने इसके बाद राजद, कांग्रेस और अन्य दलों के समर्थन से सरकार बनाने का दावा राज्यपाल फागू चौहान के सामने पेश किया। नीतीश ने इसके बाद पत्रकारों से कहा कि उनकी पार्टी के सभी सदस्य, विधायक और सांसदों की इच्छा थी कि एनडीए से अलग हो जाया जाए।  

    बहरहाल, बुधवार को राजभवन में शपथग्रहण समारोह में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव का परिवार भी पहुंचा। इसमें तेजस्वी की पत्नी के अलावा उनकी मां और बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी भी थीं। पत्रकारों के सवाल पर राबड़ी देवी ने जदयू और आरजेडी के साथ मिलकर बन रही महागठबंधन की सरकार को बधाई दी और कहा कि ये बिहार और देश के लिए अच्छा है। शपथ ग्रहण के बाद नीतीश कुमार ने पत्रकारों से कहा कि जल्द ही मंत्रियों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम भी कराया जाएगा। दरअसल, सूत्रों के अनुसार नए मंत्रिमंडल की संरचना के बारे में सैद्धांतिक सहमति बन गई है। इसमें जदयू, राजद और कांग्रेस से करीब 35 सदस्य होने की संभावना है। 

    जदयू के नेता नीतीश कुमार ने राजनीतिक स्थिति पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से भी टेलीफोन पर बात की है। मंत्री पदों के बंटवारे के फार्मूले के अनुसार, राजद कोटे से सबसे अधिक मंत्री होंगे क्योंकि सात दलों वाले महागठबंधन में उसके विधायकों की संख्या सबसे अधिक है। लालू प्रसाद के नेतृत्व वाले राजद के पास 79 विधायक हैं। 

    नये मंत्रिमंडल के गठन के आपसी सहमति के तहत जदयू से 13 और राजद से 16 मंत्री हो सकते हैं। कांग्रेस को चार और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा को मंत्रिमंडल में एक स्थान मिलने की संभावना है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस को छोड़कर अन्य सभी गठबंधन सहयोगियों के बीच मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले नामों पर एक व्यापक सहमति बन गई है। कांग्रेस कोटे के मंत्रियों के नामों पर अंतिम मुहर आलाकमान की सहमति से लगेगी।

  • भारी बारिश से बिगड़े हालात, कारें बहीं, स्कूलों की छुट्टी घोषित, देखें वीडियो

    भारी बारिश से बिगड़े हालात, कारें बहीं, स्कूलों की छुट्टी घोषित, देखें वीडियो

    इंदौरः देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में भारी बारिश के बाद कई निचली बस्तियों में पानी भर गया और तेज बहाव के कारण सड़कों पर कुछ कारें बह गईं है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी है। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के हालात से सतर्क प्रशासन ने बुधवार को विद्यालयों की छुट्टी भी घोषित कर दी है। 

    हालात पर क्या बोले शहर के महापौर

    शहर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया,‘‘भारी बारिश के मद्देनजर नगर निगम के अमले को निचली बस्तियों में प्रभावित नागरिकों की मदद के लिए भेजा गया है। जरूरत पड़ने पर सबसे पहले बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।’’ 

    तेज बहाव में बही कार 

    इस पर बोलते हुए मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि शहर के पश्चिमी क्षेत्र में भारी बारिश के बाद सिरपुर तालाब की ओर जाने वाले रास्ते पर कुछ कारें पानी के तेज बहाव के कारण बह गईं, लेकिन इस घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की अभी कोई सूचना नहीं है। चश्मदीदों ने बताया कि शहर के मुख्य मार्गों पर भी बारिश का पानी भर गया जिससे लोगों को अपने वाहन चलाने में परेशानी हुई।

    जिलाधिकारी ने बताया फिलहाल हालात काबू में

    जिलाधिकारी मनीष सिंह ने बताया कि भारी बारिश के बाद शहर के निहालपुर मुंडी क्षेत्र में तालाब के उफनने के बाद नजदीकी बस्तियों की खैरियत के लिए पानी के निकासी के इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया, “इंदौर में भारी बारिश के बाद उत्पन्न हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पानी से उफनती नदियों व तालाबों और इनसे सटी बसाहटों पर भी निगाह रखी जा रही है।” 

    अगले दो दिनों तक हो सकती है ऐसे ही बारिश

    मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इंदौर में मंगलवार को सुबह 08:30 बजे से बुधवार सुबह 08:30 बजे तक 4.29 इंच बारिश दर्ज की गई। अधिकारी ने बताया कि शहर में बारिश का सिलसिला अगले दो दिन तक लगातार जारी रहने का अनुमान है। 

  • चीन-ताइवान में जंग छिड़ी तो मुश्किल में आएंगी कार और मोबाइल कंपनियां

    चीन-ताइवान में जंग छिड़ी तो मुश्किल में आएंगी कार और मोबाइल कंपनियां

    दशकों से चल रहा चीन-ताइवान विवाद एक बार फिर से गहराने लगा है। ड्रैगन लगातार गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहा है। सारी दुनिया को इस बात की चिंता सता रही है कि अगर चीन ने ताइवान पर सैन्य कार्रवाई की तो कहीं उनके अपने देश की रफ्तार धीमी न हो जाए। क्योंकि, ताइवान में पूरी दुनिया का लगभग 60 फीसदी सेमीकंडक्टर का उत्पाद होता है। सेमीकंडक्टर का इस्तेमाल इलेक्ट्रॉनिक्स, कम्प्यूटर, स्मार्टफोन और कारों के सेंसर में बड़े पैमाने पर किया जाता है। इससे दुनियाभर की कार और मोबाइल कंपनियां भी मुश्किल में पड़ सकती हैं।

    चिप की पहले से है कमी 

    ताइवान की सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी का कहना है कि ताइवान में युद्ध जैसे हालात बनते हैं तो यह पूरी दुनिया की टेक्नोलॉजी के लिए एक बड़ी समस्या उत्पन्न कर सकता है। पहले ही कोरोना महामारी के बाद से ऑटो से लेकर स्मार्टफोन इंडस्ट्री चिप की कमी से जूझ रही है। ताइवान में स्थिति बिगड़ने पर यह संकट और गंभीर हो सकता  है, क्योंकि यह छोटा देश सेमीकंडक्टर बनाने के मामले में दुनिया की फैक्ट्री है। ताइवान को दुनिया का टेक पावर हाउस भी कहा जाता है। ऐसे में अगर ये फैक्ट्रियां बंद होती हैं, तो पूरी दुनिया में मोबाइल और ब्रेक सेंसर की भारी किल्लत हो सकती है।

    सेमीकंडक्टर के उत्पादन में ताइवान ऐसे बना अग्रणी 

    – ताइवान ने खुद को सेमीकंडक्टर के उत्पादन में आगे लाने की शुरुआत साल 1985 में ही कर दी थी।
    – ताइवान की सरकार ने मॉरिस चांग को सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री को तैयार करने का काम सौंपा।
    – साल 1987 में ताइवान सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी (टीएसएमसी) की स्थापना हुई।
    – आज यह दुनिया की सबसे बड़ी सेमीकंडक्टर कंपनी है।
    – टीएसएमसी एक समय वैश्विक बाजार की 92% डिमांड पूरी कर रही थी।
    – दूसरे स्थान पर काबिज दक्षिण कोरिया की कंपनी सैमसंग की हिस्सेदारी महज 8% पर सीमित थी।

    दिग्गज कंपनियां भी ताइवान पर निर्भर 

    कोरोना महामारी का सबसे बुरा असर ताइवान की सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री पर पड़ा। हालांकि इसके बाद भी सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री में ताइवान का दबदबा बरकरार है। ताइपेई स्थित रिसर्च फर्म ट्रेंडफोर्स के अनुसार, साल 2020 में सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री के कुल वैश्विक रेवेन्यू में ताइवान की कंपनियों की हिस्सेदारी 60 फीसदी से अधिक रही। इसमें दुनिया की सबसे बड़ी सेमीकंडक्टर कंपनी टीएसएमसी का योगदान रहा।

    चीन से मीलों आगे है ताइवान 

    साल 2020 में रेवेन्यू के लिहाज से ताइवान की सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी पहले पायदान पर थी। दूसरे नंबर पर भी ताइवान की ही एक अन्य कंपनी यूएमसी का कब्जा था। तीसरे स्थान पर दक्षिण कोरिया की कंपनी सैमसंग थी। इसके बाद चौथे स्थान पर अमेरिकी कंपनी ग्लोबल फाउंड्रीज थी। चीन की कंपनी एसएमआईसी सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री में पांचवें नंबर की कंपनी थी। 

  • CM Nitish Kumar ने छोड़ा भाजपा का साथ, जाने किस पार्टी के साथ मिलकर बनाएंगे नई सरकार

    CM Nitish Kumar ने छोड़ा भाजपा का साथ, जाने किस पार्टी के साथ मिलकर बनाएंगे नई सरकार

    बिहारः मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बड़ा राजनीतिक कदम उठाते हुए बीजेपी से गठबंधन तोड़ लिया है। मुख्यमंत्री और जद (यू) नेता नीतीश कुमार आज शाम 4 बजे राजभवन में राज्यपाल फागू चौहान से मुलाकात करेंगे। जदयू बैठक में नीतीश कुमार ने गठबंधन तोड़ने का फैसला किया।

    राजद और जदयू मिलकर बनाएंगे सरकार 

    सूत्रों ने कहा कि सत्तारूढ़ जनता दल (यूनाइटेड) की बैठक में फैसला लिया गया। राजद और जदयू मिलकर सरकार बनाएंगे। 2020 विधानसभा चुनाव भाजपा और जदयू मिलकर लड़े थे। कम सीट आने के बाद भी भाजपा ने नीतीश कुमार को सीएम बनाया था। कई दिन से भाजपा और जदयू में खटपट की खबर आ रही थी। बिहार विधानसभा में भाजपा के पास 77 , जद (यू) के पास 45, कांग्रेस के 19, सीपीआईएमएल (एल) के नेतृत्व वाले वाम दलों के पास 16 और राजद के पास 79 सीटे हैं।

    शाम 4 बजे राज्यपाल फागू चौहान से मुलाकात करेंगे नीतीश

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल फागू चौहान से मुलाकात करने के लिए आज यानी मंगलवार को शाम चार बजे का वक्त मांगा हैं। घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने यह बात बताई। जदयू से जुड़े सूत्रों के अनुसार, कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देंगे लेकिन वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मंत्रियों के स्थान पर उन पार्टियों के सदस्यों को मंत्री बनाने की मांग कर सकते हैं, जो उनकी पार्टी को सरकार चलाने के लिए समर्थन देगीं। 

    तेजस्वी ने मां एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर बुलाई थी बैठक

    जदयू के सांसदों और विधायकों की बैठक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में उनके आधिकारिक आवास एक अणे मार्ग पर हुई। वहीं विपक्षी पार्टी राजद के विधायकों की बैठक पार्टी के नेता तेजस्वी यादव ने अपनी मां एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के दस सर्कुलर रोड स्थित आवास पर बुलाई थी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद के आवास पर बैठक कर रही है जिसमें पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष संजय जायसवाल भी मौजूद हैं। जदयू से जुड़े कई सूत्रों ने इस बात से इनकार किया कि भाजपा के साथ पार्टी के संबंध इस हद तक बिगड़ गए हैं कि फिर से गठबंधन की बात करनी पड़े।

    राज्यसभा सदस्य राम नाथ ठाकुर ने कहा, ‘‘ हमारी पार्टी ने अतीत में भी सांसदों और विधायकों की ऐसी कई बैठकें की हैं। हमें बताया गया है कि मौजूदा बैठक संगठनात्मक मामलों पर चर्चा के लिए बुलाई गई है। राजग में किसी बड़े संकट के बारे में कभी नहीं सुना। नीतीश के एक अन्य विश्वासपात्र लेसी सिंह ने कहा, ‘‘मैं पिछले चार या पांच दिनों से बाहर रहा हूं।

    लेकिन मुझे इस बात का इल्म है कि चीजें किस प्रकार रही हैं। राजग सरकार के समक्ष कोई बड़ा संकट नहीं है…।’’ सिंह विधायक हैं और नीतीश कुमार मंत्रिमंडल में मंत्री भी हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी मुख्यमंत्री द्वारा लिए गए किसी भी निर्णय का पालन करेगी। राजद के युवा विधायक चेतन आनंद ने कहा, ‘‘राजनीतिक गठजोड़ की अफवाहें कुछ समय से हैं। पार्टी नेतृत्व द्वारा लिये गये निर्णय से निश्चित रूप से सभी को अवगत कराया जायेगा।’’ 

  • सीएम को मिली जान से मारने की धमकी, कहा- 3 दिन में बम से उड़ा देंगे, मचा हड़कंप

    सीएम को मिली जान से मारने की धमकी, कहा- 3 दिन में बम से उड़ा देंगे, मचा हड़कंप

    लखनऊः उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। पुलिस कंट्रोल रूम यूपी 112 के व्हाट्सएप नंबर पर ये धमकी दी गई है। जिस नंबर से धमकी दी गई वह नंबर शाहिद खान के नाम पर रजिस्टर्ड है. धमकी के बाद पुलिस ने आनन-फानन सुशांत गोल्फ सिटी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। जान की धमकी 2 अगस्त को दी थी। इसे लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। अब इस मामले में पुलिस, साइबर और सर्विलांस सेल की टीम जांच में जुट गई है।

    आरोपी की तालाश में जुटी पुलिस

    पुलिस मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। प्रभारी निरीक्षक सुशांत गोल्फ सिटी शैलेंद्र गिरी ने मीडिया को बताया कि दो अगस्त की शाम को ऑपरेशन कमांडर के मुताबिक वह आफिस में थे। पुलिस मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।

    आरोपी ने व्हाट्सएप नंबर पर 3 दिन में सीएम को उड़ाने की दी धमकी

    प्रभारी निरीक्षक सुशांत गोल्फ सिटी शैलेंद्र गिरी ने मीडिया को बताया कि दो अगस्त की शाम को ऑपरेशन कमांडर के मुताबिक वह आफिस में थे। इस बीच यूपी 112 हेल्पलाइन के सोशल मीडिया के व्हाट्सएप्प नंबर पर एक नंबर से शाहिद खान नामक युवक की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को तीन दिन के अंदर बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इसके बाद से सभी के कान खड़े हो गए। बिना वक्त गंवाए इस संबंध में सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई।

  • दिल्ली पुलिस की Special Cell  ने पंजाब के 2 गैंगस्टरों को हथियारों सहित किया गिरफ्तार

    दिल्ली पुलिस की Special Cell ने पंजाब के 2 गैंगस्टरों को हथियारों सहित किया गिरफ्तार

    नई दिल्लीः गैंगस्टरों के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पंजाब के गैंगस्टरों को काबू किया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पंजाब के 2 गैंगस्टरों को काबू करके आरोपियों से 15 पिस्तौल बरामद की गई है।

    आरोपी पंजाब-दिल्ली सहित अन्य राज्यों में सप्लाई कर रहे थे हथियार

    बताया जा रहा है कि आरोपी पिछले 2 साल से पंजाब-दिल्ली सहित अन्य राज्यों में हथियारों की सप्लाई कर रहे थे। पुलिस ने इन गैंगस्टरों की पहचान गगनदीप सिंह और आकाशदीप सिंह के रूप की है। इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ कर और भी खुलासे होने की संभावना है।

  • सपा नेता की कार को ट्रक ने मारी टक्कर, 500 मीटर तक घसीटा ले गया चालक, देखें वीडियो

    सपा नेता की कार को ट्रक ने मारी टक्कर, 500 मीटर तक घसीटा ले गया चालक, देखें वीडियो

    उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव पर रविवार देर रात जानलेवा हमला हुआ है। शहर के भदावर हाउस के पास उनकी कार को एक ट्रक ने पीछे से पहले टक्कर मारी और फिर 500 तक घसीटता हुआ ले गया। हमले में देवेंद्र यादव बाल-बाल बच गए। वहीं, पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

    ट्रक ने जब देवेंद्र सिंह यादव की कार को टक्कर मारी, तब वह गाड़ी में अकेले थे। वह करहल रोड से होते हुए अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने उनकी गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सड़क पर ही घूम गई। चालक ने ट्रक को रोकने की बजाए सपा नेता की कार समेत और दौड़ाना शुरू कर दिया।

    इसके चलते सपा नेता की कार करीब 500 मीटर तक घिसटती चली गई। इस घटना में सपा के जिलाध्यक्ष बाल-बाल बच गए। घटना मैनपुरी सदर कोतवाली इलाके के भदावर हाउस के सामने की है। सपा जिलाध्यक्ष ने मैनपुरी सदर कोतवाली थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराई है।