Category: Breaking News

  • बड़ा हादसाः बच्चों से भरी स्कूल वैन पलटी, देखें तस्वीरें

    बड़ा हादसाः बच्चों से भरी स्कूल वैन पलटी, देखें तस्वीरें

    महाराष्ट्र के नागपुर में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां के बेसा घोगली रोड पर एक स्कूल वैन दुर्घटनाग्रस्त होकर नाले में गिर गई। इस हादसे में दो छात्र घायल हो गए। इसके बाद घायल छात्रों को अस्पताल ले जाया गया है। जानकारी के मुताबिक, जिस समय यह हादसा हुआ, वैन में 16 बच्चे सवार थे। वहीं पुलिस ने इस मामले में वैन चालक को गिरफ्तार कर लिया है। 

  • Khatu Shyam मेले में भगदड़ मचने से 3 श्रद्धालुओं की मौत, देखें वीडियो

    Khatu Shyam मेले में भगदड़ मचने से 3 श्रद्धालुओं की मौत, देखें वीडियो

    राजस्थानः प्रसिद्ध खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के मासिक मेले में सोमवार की सुबह भगदड़ मच गई। इस घटना में 3 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। दरअसल सुबह 5 बजे मंदिर के प्रवेश द्वार खोलते ही भीड़ का दबाव बढ़ गया, भीड़ बेकाबू हो गई और लोगों ने धक्का-मुक्की करना शुरू कर दिया।

    इस अफरा तफरी में तीन महिला श्याम भक्तों की मौत हो गई, जबकि कई श्रद्धालु घायल हुए हैं। फिलहल एक महिला की शिनाख्त हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस-प्रशासन पहुंचीं और राहत कार्य शुरू करवाया। फिलहाल इस भगदड़ में घायल सभी लोगों को पास के अस्पाल में भर्ती करवाया गया है। 

    सीएम गलहोत ने जताया दुख

    वहीं इस घटना पर राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने दुख जताते हुए कहा, ‘सीकर में खाटूश्याम जी के मंदिर में भगदड़ होने से 3 दर्शनार्थी महिलाओं की मृत्यु बेहद दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं, ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करें एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। भगदड़ में घायल हुए श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है।

    हर साल पहुंचते हैं करोड़ों श्रद्धालु

    यह मंदिर राजस्थान के शेखावाटी के सीकर जिले में स्थित है। यहां हर साल पूरी दुनिया के कोने-कोने से करोड़ों श्रद्धालु पहुंचते हैं और श्याम बाबा का दर्शन करते हैं। बता दें कि खाटू का श्याम मंदिर बहुत ही प्राचीन है, इसकी आधारशिला सन 1720 में रखी गई थी। मंदिर के इसी परिसर में हर साल बाबा खाटू श्याम का प्रसिद्ध मेला लगता है।

  • जश्न मनाते हुए की गई फायरिंग में तीन बच्चे घायल 

    जश्न मनाते हुए की गई फायरिंग में तीन बच्चे घायल 

    नई दिल्ली। दिल्ली के सीलमपुर इलाके में एक बच्चे के जन्म की खुशी में शनिवार शाम को आयोजित समारोह के दौरान जश्न मनाते हुए की गई फायरिंग में तीन बच्चे घायल हो गए। घायल बच्चों को नजदीकी जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।

    पुलिस ने बताया कि उसे शाम लगभग सात बजे सूचना मिली कि तीन बच्चे फायरिंग में घायल हो गए हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सूचना पाकर पुलिस जे ब्लॉक झुग्गी इलाके में पहुंची, जहां पता चला कि कुतुबद्दीन ने अपने बच्चे के जन्मदिन पर एक समारोह का आयोजन किया था।

    अधिकारी ने बताया कि समारोह के दौरान आमिर उर्फ हमजा ने हवा में गोली चलाई, जो जमीन से टकराते हुए पास में खेल रहे 7 साल के दो बच्चों के पेट को छूते हुए तीसरे बच्चे के कंधे पर लग गई। उन्होंने बताया कि तीनों बच्चों की उम्र सात से आठ साल के बीच है और घटना के समय वे वहां पर खेल रहे थे।

    पुलिस ने बताया कि बच्चों को अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है। वहीं, आरोपी को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी आमिर पड़ोस में ही रहता है। उसकी तलाश की जा रही है। यह भी मालूम किया जा रहा है कि उसके पास पिस्तौल कहां से आई।

  • बेरहम मां-बाप ने अपनी ही बच्ची को पीट-पीट कर मार डाला

    बेरहम मां-बाप ने अपनी ही बच्ची को पीट-पीट कर मार डाला

    नागपुर (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के नागपुर में पांच साल की एक बच्ची के माता-पिता ने बुरी शक्तियों को भगाने के लिए बच्ची पर काला जादू करते हुए उसे पीट-पीट कर मार डाला। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार-शनिवार की बीच रात की है। पुलिस ने बच्ची के पिता सिद्धार्थ चिमने (45), मां रंजना (42) और चाची प्रिया बंसोड़ (32) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सुभाष नगर निवासी चिमने यूट्यूब पर एक स्थानीय समाचार चैनल चलाता है। वह पिछले महीने गुरु पूर्णिमा पर अपनी पत्नी और पांच और 16 साल की दो बेटियों के साथ तकलघाट इलाके में एक दरगाह गया था। तब से व्यक्ति को अपनी छोटी बेटी के व्यवहार में कुछ बदलाव महसूस हो रहा था।

    अधिकारी ने बताया कि पिता का मानना था कि बच्ची पर कुछ बुरी शक्तियों का साया है और उसने उन्हें दूर भगाने के लिए काला जादू करने का फैसला किया. लड़की के माता-पिता और चाची ने रात में ‘काला जादू’ करना शुरू किया और उसका वीडियो भी बनाया, जिसे बाद में पुलिस ने उनके फोन से बरामद कर लिया. वीडियो में आरोपी रो रही लड़की से कुछ सवाल पूछते नज़र आ रहे हैं. अधिकारी ने बताया कि बच्ची सवालों को समझ नहीं पा रही थी. अधिकारी ने बताया कि इसी दौरान तीनों आरोपियों ने बच्ची को कथित तौर पर बुरी तरह पीटा, जिसके बाद वह बेहोश होकर ज़मीन पर गिर पड़ी. इसके बाद आरोपी शनिवार सुबह बच्ची को एक दरगाह पर ले गए. बाद में, वे उसे सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले गए और वहां से भाग गए।

    अधिकारी ने बताया कि अस्पताल के एक सुरक्षाकर्मी को उन पर संदेह हुआ और उसने अपने मोबाइल फोन पर उनकी कार की तस्वीर खींच ली. उन्होंने बताया कि अस्पताल के चिकित्सकों ने बाद में बच्ची को मृत घोषित कर दिया और पुलिस को इसकी सूचना दी. वाहन पंजीकरण संख्या के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई. अधिकारी ने बताया कि राणा प्रताप नगर थाने के अधिकारी आरोपियों के घर पहुंचे और उन्हें गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और महाराष्ट्र मानव बलि और अन्य अमानवीय, बुरी एवं अघोरी प्रथाओं और काला जादू रोकथाम अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया।

  • विडियो वायरल होने के बाद ‘गालीबाज’ नेता की गिरफ्तारी के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम

    विडियो वायरल होने के बाद ‘गालीबाज’ नेता की गिरफ्तारी के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम

    नोएडा। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक महिला से अभद्रता और कथित रूप से मारपीट करने की कोशिश के आरोपी श्रीकांत त्यागी की गिरफ़्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें, दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ, लखनऊ और गुरुग्राम में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। बता दें कि सांसद महेश शर्मा ने आश्वासन दिया है कि 48 घंटे के भीतर पुलिस आरोपी को पकड़कर सलाखों के पीछे भेजेगी। अगर ऐसा नहीं हुआ तो वे और पार्टी के कार्यकर्ता खुद उसे सोसाइटी से बेदखल करेंगे।

    DCP अंकिता शर्मा ने बताया कि पुलिस की कई टीमें आरोपी की गिरफ़्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं. जल्द ही वह पोलइ की गिरफ्त में होगा। उन्होंने बताया कि आरोपी श्रीकांत शर्मा के खिलाफ अभी तक पांच केस दर्ज किए गए हैं। बता दें कि नोएडा के ओमेक्स सोसाइटी में रहने वाले श्रीकांत त्यागी का सोसाइटी की साथ ही एक महिला को धमकाने, मारपीट की कोशिश और गालियां देने का वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद मामले ने सियासी तूल भी पकड़ लिया। आरोपी खुद को बीजेपी का नेता बताकर धक् जमाता था। हालांकि बीजेपी ने तुरंत प्रेस कांफ्रेंस कर स्पष्ट किया कि आरोपी का पार्टी से कोई लेनादेना नहीं है।

    वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी संसद डॉ महेश शर्मा भी सोसाइटी पहुंचे और महिलाओं को भरोसा दिया कि आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त करवाए होगी और उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। उन्होंने  गिरफ़्तारी के लिए 48 घंटे का वक्त दिया है। फ़िलहाल पुलिस ने आरोपी की तीन लग्जरी गाड़ियों को जब्त किया है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही गालीबाज नेता की गिरफ़्तारी होगी।

  • आम जनता को झटका, 50% बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम….

    आम जनता को झटका, 50% बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम….

    ढाका। श्रीलंका के बाद अब बांग्लादेश आर्थिक संकट के सबसे बुरे दौर से गुजर रहा है। यहां पेट्रोल में दामों में 50 फीसद तक की बढ़ोतरी कर दी गई है। यहां भी श्रीलंका जैसी स्थिति बन गई है। बढ़ती महंगाई के कारण जनता सड़क पर उतर आई है। देश के कई शहरों में प्रदर्शन चल रहे हैं। गुस्साई जनता ने पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया है। बांग्लादेश में जो वर्तमान हालात हैं उससे साफ है कि स्थितियां और बिगड़ सकती हैं।

    बांग्लादेश के वित्त मंत्री ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) से 4.5 अरब डॉलर का कर्ज मांगा है। इतना ही नहीं, आर्थिक तंगी से जूझ रहे बांग्लादेश में दूसरे दूसरों से आयात किए जा रहे तेल की सप्लाई बाधित हुई है। नतीजा, यहां डीजल से चलने वाले पावरप्लांट पर ताला पड़ गया है। देश के केंद्रीय बैंक के खजाने में इस हद तक गिरावट आई है कि कई तरह के सामानों के आयात पर पाबंदी लगा दी गई है।

    बिजली, ऊर्जा और खनिज संसाधन मंत्रालय ने फ्यूल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर बयान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन के दाम में हुई वृद्धि के चलते यह फैसला हुआ है। कम दाम पर ईंधन बेचने की वजह से बांग्लादेश पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन को फरवरी से जुलाई के बीच 8,014.51 टका का नुकसान हुआ है। मंत्रालय की प्रेस रिलीज में कहा गया है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईधन की कीमत बढ़ने से कई देश पहले ही यह फैसला ले चुके हैं।

  • 15 अगस्त से पहले NIA की बड़ी कार्रवाई, संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार….

    15 अगस्त से पहले NIA की बड़ी कार्रवाई, संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार….

    नई दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। 15 अगस्त से पहले एजेंसी ने दिल्ली से आईएसआईएस के सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। आतंकी का नाम मोहसिन अहमद है। उसे आईएसआईएस मॉड्यूल की गतिविधियों को लेकर की गई तलाशी के बाद गिरफ्तारी किया गया है। एनआईए ने रविवार को आरोपी मोहसिन अहमद पुत्र मोहम्मद शकील अहमद के आवासीय परिसर की तलाशी ली। वह वर्तमान में एफ- 18/27, जापानी गली, जोगाबाई एक्सटेंशन, बाटला हाउस में रह रहा था।

    एनआईए ने 25 जून को आईपीसी की धारा 153ए, और 153बी और यूए(पी) अधिनियम की धारा 18, 18बी, 38, 39 और 40 के तहत मामला दर्ज किया था। गिरफ्तार आरोपी प्रतिबंधित आतंकी संगठन आईएसआईएस का कट्टरवादी और सक्रिय सदस्य है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार, एनआईए की टीम ने बाटला हाउस के एक घर पर छापा मारा। जहां से संदिग्ध मोहसिन को गिरफ्तार किया गया। छापेमारी के दौरान घर से कई आपत्तिजनक दस्तावेज मिले हैं।

    आरोपी आतंकी संगठन का सक्रिय सदस्य है। एनआईए मामले की जांच में जुट गया है। 25 जून को ही एनआईए ने एफआईआर दर्ज कर ली थी। इसके बाद लगातार जांच की जा रही थी। पुलिस ने नजर बनाकर रखी हुई थी। संदिग्ध  मकान की चौथी मंजिल पर किराए पर रह रहा था। मोहसिन पर लगातार आईएसआईएस के मॉड्यूल से जुड़े होने का आरोप है। हवाला, क्रिप्टोकरेंसी के जरिए पैसों का लेन-देन कर रहा था। संदिग्ध पर यह भी आरोप है कि वो बाटला हाउस में रहकर आसपास के लोगों और छात्रों को बरगलाने की कोशिश करता था।

  • गीता कॉलोनी में बड़ा हादसा, पूर्व विधायक ने BMW से एक कार और स्कूटी को मारी टक्कर

    गीता कॉलोनी में बड़ा हादसा, पूर्व विधायक ने BMW से एक कार और स्कूटी को मारी टक्कर

    नई दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित गीता कॉलोनी इलाके में शनिवार रात एक बड़ा हादसा हो गया. यहां गीता कॉलोनी से शांति वन की ओर आ रही सफेद बीएमडब्ल्यू ने 4 कार और एक स्कूटी को टक्कर मार दी. सूचना मिलने पर कोतवाली थाना स्टाफ मौके पर पहुंचा और बीएमडब्ल्यू चालक को पकड़ लिया. यह BMW मध्यप्रदेश के सागर से पूर्व विधायक सुनील जैन चला रहे थे. इस हादसे में लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें पीसीआर ने नजदीकी अस्पताल में भर्ती करा दिया है.

    पुलिस ने बताया कि सुनील जैन की तेज रफ्तार बीएमडब्लू ने सबसे पहले एक किया सेल्टॉस को टक्कर मारी, जो आगे जा रही एक वैगन आर और एक स्कूटी से टकरा गई. इस घटना में वैगनआर कार चालक और स्कूटी सवार को मामूली खरोंचें आई हैं. इन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई. इस संबंध में आईपीसी की धारा 279/337 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है.

    पुलिस के मुताबिक, हादसे के वक्त बीएमडब्ल्यू में दो लोग मौजूद थे. वहां कार से शराब की बोतलें और खाली ग्लास भी मिले हैं. ऐसे में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या सुनील जैन भी हादसे के वक्त नशे थे या नहीं.

  • जगदीप धनखड़ होंगे देश के अगले उपराष्ट्रपति…

    जगदीप धनखड़ होंगे देश के अगले उपराष्ट्रपति…

    नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार जगदीप धनखड़ की जीत हुई है. उन्होंने विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को भारी मतों से हराया है. नतीजा आने के बाद जगदीप धनखड़ के गांव में जश्न का माहौल है. उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान आज शनिवार की सुबह 10 बजे शुरू होकर शाम 5 बजे संपन्न हुआ. चुनाव में कुल 725 सांसदों ने वोट डाला, वहीं 50 से अधिक उम्मीदवारों ने वोट नहीं डाला. उपराष्ट्रपति चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद देश के दिग्गज नेताओं ने जगदीप धनखड़ को बधाई दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुछ ही देर में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात करेंगे. 

    बता दें कि उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत करीब 93 प्रतिशत सांसदों ने मतदान किया, जबकि 50 से अधिक सांसदों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल नहीं किया. 

  • आप पार्टी को झटकाः तत्कालीन एक्साइज कमिश्नर आरव गोपीकृष्ण समेत 11 अधिकारी सस्पेंड

    आप पार्टी को झटकाः तत्कालीन एक्साइज कमिश्नर आरव गोपीकृष्ण समेत 11 अधिकारी सस्पेंड

    नई दिल्लीः दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने बड़ा एक्शन लिया है। उपराज्यपाल ने आबकारी नीति लागू करने में चूक को लेकर राष्ट्रीय राजधानी के पूर्व आबकारी आयुक्त आरव गोपीकृष्ण और उप आबकारी आयुक्त आनंद कुमार तिवारी सहित 11 अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उपराज्यपाल सक्सेना ने आबकारी नीति 2021-22 के कार्यान्वयन में नियमों के कथित उल्लंघन और प्रक्रियागत खामियों की सीबीआई जांच की सिफारिश की है, जिसके तहत शहर के 32 जोन में शराब की खुदरा बिक्री के लिए निजी कंपनियों को लाइसेंस जारी किए गए थे।

    गंभीर चूक’ को देखते हुए लिया यह निर्णय 

    उपराज्यपाल कार्यालय के सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली सरकार के आबकारी विभाग के दानिक्स कैडर के तीन तदर्थ अधिकारियों और छह अधिकारियों को भी निलंबित कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, उपराज्यपाल ने आबकारी नीति के कार्यान्वयन में ‘संबंधित अधिकारियों की ओर से की गई कथित गंभीर चूक’ को देखते हुए यह निर्णय लिया है, जिसमें ‘निविदा को अंतिम रूप देने में अनियमितताएं और चुनिंदा विक्रेताओं को पोस्ट-टेंडर लाभ प्रदान करना’ शामिल है। उपराज्यपाल सक्सेना ने सतर्कता निदेशालय (डीओवी) की ओर से दायर एक जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की है। गौरतलब है कि उपराज्यपाल ने आबकारी नीति 2021-22 के कार्यान्वयन में नियमों के कथित उल्लंघन और प्रक्रियात्मक खामियों की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की सिफारिश पहले ही कर दी है।

    जानें क्या है मामला

    दरअसल, 17 नवंबर 2021 को लागू की गई नयी आबकारी नीति के तहत 32 क्षेत्रों में विभाजित शहर की 849 शराब की दुकानों के लिए निजी फर्मों को खुदरा लाइसेंस जारी किए गए थे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने अब इस नीति को वापस ले लिया है। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शनिवार को पूर्व उपराज्यपाल अनिल बैजल पर अनधिकृत क्षेत्रों में शराब की दुकानें खोलने के मामले में अपना रुख बदलने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि इसके कारण उनकी सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ।

    सिसोदिया ने कहा कि उन्होंने इस मामले से जुड़ी जानकारी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को भेज दी है और दिया कि मामले की तफ्तीश होनी चाहिए। बैजल ने इस मामले में तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। सिसोदिया ने कहा, ‘‘नयी आबकारी नीति के तहत अनधिकृत क्षेत्रों समेत पूरी दिल्ली में 849 दुकानें खोली जानी थीं। तत्कालीन उपराज्यपाल ने इस प्रस्ताव का विरोध नहीं किया और इसे मंजूरी दे दी।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि नीति लागू होने से दो दिन पहले पिछले साल 15 नवंबर को तत्कालीन उपराज्यपाल ने अपना रुख बदल लिया और शर्त लगा दी कि अनधिकृत क्षेत्रों में शराब की दुकानें खोलने के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) से अनुमति लेनी होगी।

    सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का हुआ नुकसान: आप नेता 

    आम आदमी पार्टी (आप) के नेता ने कहा, ‘‘तत्कालीन उपराज्यपाल के रुख में बदलाव के कारण अनधिकृत क्षेत्रों में दुकानें नहीं खोली जा सकीं, जिससे सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ। दूसरी ओर, जो दुकानें खोली गई थीं, उन्होंने काफी कमाई की।’’ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली सरकार ने जब नयी आबकारी नीति तैयार की थी, उस समय बैजल दिल्ली के उपराज्यपाल थे। इस नीति को 17 नवंबर 2021 को लागू किया गया था। सरकार ने अब यह नीति वापस ले ली है और वह एक सितंबर से अपने उपक्रमों के माध्यम से पुरानी आबकारी व्यवस्था के तहत शराब की दुकानें संचालित करने की तैयारी कर रही है।

    सिसोदिया ने कहा कि इस बात की जांच की जानी चाहिए कि बैजल ने अपना रुख क्यों बदला, जिससे कुछ लोगों को लाभ हुआ और सरकार को वित्तीय नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि इस बात की भी जांच होनी चाहिए कि पूर्व राज्यपाल ने क्या किसी दबाव में यह फैसला किया और क्या भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का इससे कोई संबंध है।