Category: Breaking News

  • इस चैनल के जाने माने पत्रकार ने सीईओ पद से दिया इस्तीफा

    इस चैनल के जाने माने पत्रकार ने सीईओ पद से दिया इस्तीफा

    नई दिल्लीः मीडिया क्षेत्र की कंपनी जी मीडिया कॉरपोरेशन लिमिटेड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुधीर चौधरी ने पद से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी गई सूचना में कहा कि चौधरी का इस्तीफा एक जुलाई, 2022 की कारोबारी अवधि खत्म होने के बाद से प्रभाव में आ गया है। उनके इस्तीफे की वजह के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। 

    जी मीडिया ने लिया यह फैसला

    सुधीर चौधरी द्वारा इस्तीफा दिए जाने के बाद ‘जी मीडिया’ ने अब नया फैसला लिया है। इस फैसले के तहत ‘जी न्यूज’ , ‘जी बिजनेस’ और ‘जी 24 तास’ के एडिटर अब प्रेजिडेंट (स्ट्रैटेजी एंड इनोवेशन) को रिपोर्ट करेंगे। वहीं, ‘वियॉन’ के एडिटर सीधे पब्लिशर को रिपोर्ट करेंगे।

    सुधीर चौधरी ने नई दिशा में आगे बढ़ने का लिया फैसला 

    इस बारे में जारी एक इंटरनल ई-मेल (जिसकी एक कॉपी समाचार4मीडिया के पास भी है) में कहा गया है, ‘आप सभी को सूचित किया जाता है कि जी मीडिया में एक दशक बिताने के बाद, क्लस्टर-1 के सीईओ सुधीर चौधरी ने ‘जी मीडिया’ से अलग होकर नई दिशा में आगे बढ़ने का फैसला लिया है। वह वर्ष 2012 से हमारे साथ जुड़े हैं और क्लस्टर-1 के चैनलों को ऊंचाइयों पर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सुधीर चौधरी अब अपना वेंचर स्थापित करने की दिशा में अग्रसर हैं। उनकी इस महत्वाकांक्षा का सम्मान करते हुए भारी मन से ऑर्गनाइजेशन ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।’

    बता दें कि सुधीर चौधरी टेलीविजन न्यूज इंडस्ट्री में करीब तीन दशकों से काम कर रहे हैं और ‘जी न्यूज’ के साथ ही उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी। 

  • स्पाइसजेट विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, कैबिन में दिखा धुआं

    स्पाइसजेट विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, कैबिन में दिखा धुआं

    नई दिल्लीः दिल्ली से जबलपुर जाने वाले एक स्पाइसजेट विमान में आज सुबह उड़ान के दौरान केबिन में धुआं देखा गया। जिसके बाद विमान को दिल्ली हवाई अड्डे पर सुरक्षित वापस उतारा आया। स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया।

    विमान में बैठे यात्री घबराए

    बता दें कि दिल्ली से स्पाइसजेट विमान के उड़ते ही विमान के अंदर यात्रियों को धुंआ से उठते दिखा तो यात्री घबरा गए। इसके बाद पायलट ने तत्काल दिल्ली में ही विमान को लैंड कराने की अनुमति चाही। उसके बाद विमान को लैंड कराया गया।

    दिल्ली से जबलपुर आना था विमान 

    बताया जा रहा है कि इस विमान में करीब 70 यात्री थे। इस विमान को दिल्ली से जबलपुर में 8:50 पर आना था, लेकिन विमान में तकनीकी खराबी आने के कारण उसे दिल्ली एयरपोर्ट में ही लैंड कराया गया। स्पाइसजेट के स्थानीय अधिकारियों के अनुसार स्पाइसजेट के दिल्ली से आने वाले विमान तय समय से करीब दो घंटे विलंब से जबलपुर आएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए अन्य विमान से पैसेंजर को लाया जा रहा है। 

    कुछ दिन पहले भी हो चुकी ऐसी घटना

    बता दें कि दिल्ली में कुछ दिन पहले भी ऐसी घटना हो चुकी है। जब पटना से दिल्ली जा रही स्पाइस जेट के विमान के इंजन में आग लगने के बाद उसकी पटना एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। पायलट और एयरक्रू की सूझबूझ से सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया था।

  • देश में कोरोना की रफ्तार जारी, एक दिन में मिले इतने मरीज…

    देश में कोरोना की रफ्तार जारी, एक दिन में मिले इतने मरीज…

    नई दिल्ली। देश में इन दिनों कोरोना मामलों में तेजी से इजाफा देखने को मिल रहा है. पिछले 24 घंटों में कोरोना के 17,092 नए मामले सामने आए हैं. वहीं एक दिन में 29 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो गई है. बीते शुक्रवार को कोरोना के 17,070 नए मामले सामने आए थे. कल के मुताबिक कोरोना मामलों में हल्की बढ़त दर्ज की गई है. वहीं देश में एक्टिव मामलों की संख्या अब भी एक लाख के पार है.

    महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 3,249 नए मामले सामने आए जो कि एक दिन पहले सामने आए मामलों से 400 कम थे. इसके साथ ही महामारी से चार और मरीजों की मौत हो गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी. बुलेटिन में कहा गया कि महाराष्ट्र में अब तक संक्रमण के 79,79,363 मामले सामने आ चुके हैं और 1,47,929 मरीजों की मौत हो चुकी है.

    गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे. देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे. पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी. इस साल 25 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार हो गए थे.

  • सिविल कोर्ट में हुआ धमाका, परिसर में मची अफरातफरी

    सिविल कोर्ट में हुआ धमाका, परिसर में मची अफरातफरी

    पटनाः बिहार की राजधानी पटना के सिविल कोर्ट में शुक्रवार दोपहर बाद अचानक ब्लास्ट हो गया। धमाके की आवाज के बाद कुछ देर तक कोर्ट परिसर में अफरातफरी का माहौल रहा। उधर, घटनास्थल पर मौजूद पुलिस ने तुरंत हालातों को पर काबू पाया। फिलहाल, धमाके में एक पुलिस कर्मी के घायल होने की खबर है।

    हॉस्टल से कुछ दिन पहले बम जब्त किया गया था

    जानकारी के मुताबिक, पटना के एक हॉस्टल से कुछ दिन पहले बम जब्त किया गया था। बरामद बम को मामले की सुनवाई के लिए कोर्ट में पेश किया जा रहा था। पेशी के दौरान ही बम ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट के दौरान वहां मौजूद मामले की जांच में जुटे पुलिस अधिकारी घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कदमकुआं थाना की पुलिस जब्त किए गए बम को लेकर कोर्ट पहुंची थी। 

    कम थी धमाके की तीव्रता

    बताया जा रहा है कि जो ब्लास्ट होने वाले बम की तीव्रता काफी कम थी जिसकी वजह से ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। फिलहाल, धमाके में घायल पुलिस कर्मी को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, साथ ही मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

  • दिल्ली के डिप्टी CM मनीष सिसोदिया के खिलाफ मामला दर्ज

    दिल्ली के डिप्टी CM मनीष सिसोदिया के खिलाफ मामला दर्ज

    नई दिल्लीः दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज किया है। इससे पहले सीएम सरमा की पत्नी भी सिसोदिया के खिलाफ 100 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दर्ज कर चुकी हैं। दिल्ली के मंत्री ने कोविड पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (PPE) के ठेके को लेकर सीएम सरमा पर आरोप लगाए थे।

    सिसोदिया ने PPE किट मामले में लगाए थे भ्रष्टाचार के आरोप 

    डिप्टी सीएम सिसोदिया ने PPE किट के ठेके में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि सरमा ने अपनी पत्नी रिनीकी भुइयां सरमा से जुड़ी कंपनी को कॉन्ट्रेक्ट दिलाए थे और इसका अत्याधिक भुगतान कराया था।

    हिमंत बिस्वा ने अपनी पत्नी की कंपनी को दिया ठेकाः सिसोदिया

    सिसोदिया ने कहा था, ‘हिमंत बिस्वा सरमा ने अपनी पत्नी की कंपनी को ठेका दिया। उन्होंने पीपीई किट्स के लिए 990 रुपये का भुगतान किया। जबकि, उसी दिन दूसरी कंपनी से अन्य लोगों ने 600 रुपये प्रति पीस के हिसाब से खरीदा। यह बड़ा अपराध है।’ साथ ही उन्होंने दावा किया था कि इसे साबित करने के लिए दस्तावेज मौजूद हैं।

    सरमा दंपति ने सिसोदिया को दी थी चुनौती 

    हालांकि, सरमा दंपति ने आरोपों से इनकार किया है। सीएम ने सिसोदिया को चुनौती दी थी और कहा था, ‘आपसे जल्दी गुवाहाटी में मिलूंगा, क्योंकि आप आपराधिक मानहानि का सामना करेंगे।’ खास बात है कि कांग्रेस, वाम दलों, तृणमूल कांग्रेस, असम जातिय परिषद, राजजोर दल और आंचलिक गण मोर्चा ने भ्रष्टाचार के मामले में सीबीआई जांच की मांग की है।

  • राहतः LPG Cylinder की कीमतों में हुई कटौती, जाने कितने रुपए हुआ सस्ता

    राहतः LPG Cylinder की कीमतों में हुई कटौती, जाने कितने रुपए हुआ सस्ता

    नई दिल्लीः एलपीजी स‍िलेंडर के दाम कम होने से एक बार फिर आम आदमी को बड़ी राहत मिली है। इस बार एलपीजी स‍िलेंडर के रेट में 198 रुपये की ग‍िरावट आई है। 1 जुलाई को इंड‍ियन ऑयल की तरफ से जारी कीमतों के मुताबिक द‍िल्‍ली में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर 198 रुपये सस्ता हो गया।

    क्या है एलपीजी सिलेंडर की नई दरें?

    द‍िल्‍ली में 30 जून तक 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर 2219 रुपये में म‍िल रहा था, अब इसकी कीमत घटकर 2021 रुपये हो गई है। कोलकाता में एलपीजी सिलेंडर की कीमत 2322 रुपये थी, जो अब 2140 रुपये में म‍िलेगा। 


    मुंबई में 2171.50 से घटकर कीमत 1981 रुपये और चेन्‍नई में 2373 से कम होकर कीमत 2186 रुपये पर पहुंच गई है। दूसरी तरफ तेल कंपन‍ियों की तरफ से घरेलू गैस स‍िलेंडर में कंपन‍ियों की तरफ से क‍िसी तरह की राहत नहीं दी गई। 14.2 क‍िलो वाला गैस स‍िलेंडर द‍िल्‍ली में 1003 रुपये का म‍िल रहा है।

    300 रुपये से ज्‍यादा कम हुए दाम

    कमर्श‍ियल एलपीजी स‍िलेंडर 1 जून को 135 रुपये सस्ता हुआ था। इस तरह प‍िछले एक महीने के दौरान स‍िलेंडर की कीमत में 300 रुपये से भी ज्‍यादा की कटौती की गई है। मई में स‍िलेंडर के रेट बढ़कर 2354 रुपये पर पहुंच गए थे। घरेलू गैस स‍िलेंडर की कीमत में आख‍िरी बार 19 मई को बदलाव क‍िया गया था।

  • कई जगह हो रही मूसलाधार बारिश,  सड़कों पर भरा पानी, IMD ने जारी किया आरेंज अलर्ट

    कई जगह हो रही मूसलाधार बारिश,  सड़कों पर भरा पानी, IMD ने जारी किया आरेंज अलर्ट

    मुंबई. महाराष्ट्र के मुंबई में लगातार तीन दिन से मूसलाधार बारिश हो रही है. मुंबई के कई जगहों पर जलजमाव की समस्या बढ़ गई है. इसके चलते शहर का ट्रैफिक बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है. बता दें कि बीते बुधवार से ही मुंबई में बारिश जारी है. वहीं बीएमसी ने कहा है कि शहर और उपनगरों में मध्यम से भारी बारिश हुई है. मुंबई में आज अलग-अलग जगहों पर बहुत भारी से बेहद भारी बारिश की संभावना है. वहीं भारी बारिश के बाद मुंबई के सायन-बांद्रा लिंक रोड पर जलभराव हो गया. बीते गुरुवार की रात को मुंबई के दादर टीटी के खोदाद सर्कल के पास गंभीर जलजमाव ने यातायात की आवाजाही को बाधित कर दिया और एक कार सड़क के बीच में फंस गई।

    मुंबई के कुछ हिस्सों में बारिश का कहर जारी है. शहर में भारी बारिश के चलते मुंबई के गांधी मार्केट इलाके में जलजमाव हो गया. शहर में लगातार हो रही बारिश के कारण भीषण जलजमाव हो गया है. लोअर परेल इलाके की सड़कें और गलियां बारिश के पानी में डूबी हुई हैं. शहर में भारी बारिश के कारण अंधेरी के कुछ हिस्सों में भीषण जलभराव हो गया है.  मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि मुंबई के कई हिस्सों में भारी बारिश के बीच ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. शहर भर में ट्रेन और बस सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं. नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि मौसम की पहली भारी बारिश के कारण कई निचले इलाकों में जलजमाव देखा गया।

    कुर्ला, चेंबूर, सायन, दादर और अंधेरी सहित मुंबई के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई. इंडिया टुडे की रिपोर्ट्स के मुताबिक एक अधिकारी ने बताया कि मौसम विभाग ने एक और दो जुलाई को शहर के कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भविष्यवाणी करते हुए येलो अलर्ट भी जारी किया है. मुंबई के हिंदमाता, परेल, कालाचौकी, हाजी अली, डॉकयार्ड रोड, गांधी मार्केट और बांद्रा जैसे क्षेत्रों में कई सड़कों पर पानी भर जाने के कारण सड़क यातायात या तो धीमा हो गया या बंद हो गया।

  • एकनाथ शिंदे लेंगे CM पद की शपथ और फडणवीस बनेंगे Deputy CM

    एकनाथ शिंदे लेंगे CM पद की शपथ और फडणवीस बनेंगे Deputy CM

    मुबंईः महाराष्ट्र की राजनीति में लगातार नाटकीय मोड़ आ रहे हैं। अब बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा है कि देवेंद्र फडणवीस को डिप्टी सीएम बनना चाहिए। उनकी तरफ से बड़ा दिल दिखाया गया है, लेकिन उन्हें इस सरकार में शामिल होना चाहिए। अब देवेंद्र फडणवीस ने नड्डा की अपील का मान रख लिया है। वे महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम बनने को राजी हो गए हैं।

    बीजेपी हाईकमान ने किया फैसलाः  जेपी नड्डा 

    जेपी नड्डा ने कहा है कि बीजेपी हाईकमान ने फैसला किया है कि देवेंद्र फडणवीस को सरकार का हिस्सा बनना चाहिए। यहां ये जानना जरूरी हो जाता है कि देवेंद्र फडणवीस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सिर्फ एकनाथ शिंदे का नाम आगे किया था। उन्होंने कहा था कि महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री के रूप में एकनाथ शिंदे शपथ लेंगे। तब उन्होंने ये भी कहा था कि वे शायद खुद सरकार का हिस्सा ना बनें। लेकिन जब बीजेपी अध्यक्ष ने खुद फडणवीस को सरकार में शामिल होने के लिए कह दिया तो वे मना नहीं कर पाए। अब देवेंद्र फडणवीस सरकार में शामिल भी होने जा रहे हैं और एक अहम भूमिका निभाते दिख जाएंगे।

    बीजेपी के मन में कभी मुख्यमंत्री पद की नहीं थी लालसा

    जेपी नड्डा की तरफ से कई ट्वीट कर भी महाराष्ट्र की इस सियासत पर प्रतिक्रिया दी गई है। उन्होंने लिखा है कि एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फड़नवीस को बधाई। आज ये सिद्ध हो गया कि बीजेपी के मन में कभी मुख्यमंत्री पद की लालसा नहीं थी। 2019 के चुनाव में स्पष्ट जनादेश नरेंद्र मोदी एवं देवेंद्र को मिला था। उद्धव ठाकरे ने सीएम पद के लालच में हमारा साथ छोड़कर विपक्ष के साथ सरकार बनाई थी।

    नड्डा ने आगे लिखा कि भाजपा ने महाराष्ट्र की जनता की भलाई के लिए बड़े मन का परिचय देते हुए एकनाथ शिंदे जी का समर्थन करने का निर्णय किया। देवेन्द्र फडणवीस ने भी बड़े मन दिखाते हुए मंत्रिमंडल में शामिल होने का निर्णय किया है, जो महाराष्ट्र की जनता के प्रति उनके लगाव को दर्शाता है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भाजपा ने ये निर्णय लेकर एक बार फिर साबित कर दिया है कि कोई पद पाना हमारा उद्देश्य नहीं है अपितु नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और महाराष्ट्र की जनता की सेवा करना हमारा परम लक्ष्य है।

  • बड़ा उल्टफेरः आज शाम एकनाथ शिंदे लेंगे CM पद की शपथ!

    बड़ा उल्टफेरः आज शाम एकनाथ शिंदे लेंगे CM पद की शपथ!

    मुबंईः महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात के बाद देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस ने एलान किया कि एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के सीएम पद की शपथ लेंगे। इस दौरान देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि वो सरकार से बाहर रहेंगे। 

    चुनाव के बाद सबसे बड़ी पार्टी थी बीजेपी: फडणवीस

    देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि जनता ने महाविकास अघाड़ी को बहुमत नहीं दिया था। चुनाव के बाद बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी थी। बीजेपी-शिवसेना ने गठबंधन में चुनाव लड़ा था, लेकिन शिवसेना ने कांग्रेस और एनसीपी के साथ मिलकर सरकार बनाई। इस दौराना शिवसेना ने बाला साहेब ठाकरे के विचारों को भी ताक पर रख दिया। 

    इतिहास में ऐसा पहली बार:  सरकार के दो-दो मंत्री जेल में

    इस दौरान फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ कि सरकार के दो-दो मंत्री जेल में हैं। इससे पहले ऐसा कभी नहीं हुआ। बालासाहेब ने हमेशा दाउद का विरोध किया, लेकिन उद्धव सरकार का एक मंत्री दाउद से जुड़ा हुआ है। जेल में जाने के बाद भी उसे मंत्री पद से हटाया नहीं गया। ये बाला साहेब का अपमान है। आखिरी समय में संभाजी नगर किया गया है।

    बीजेपी के साथ हमारा नेचुरल गठबंधन था: एकनाथ शिंदे

    इस दौरान एकनाथ शिंदे ने बताया कि हम महाराष्ट्र के विकास के लिए एकसाथ आए हैं। आज शाम साढ़े सात बजे सिर्फ शिंदे ही शपथ लेंगे। हम लोगों को महाविकास अघाड़ी सरकार में काम करने में समस्याएं आ रही थीं। इस बारे में हमने उद्धव ठाकरे को बताया था। हमने अपना पक्ष समझाने की कोशिश की थी। बीजेपी के साथ हमारा नेचुरल गठबंधन था। हम लोग बाला साहेब के विचारों को लेकर आगे बढ़े तो सरकार की ओर से आखिरी में हिंदुत्व को लेकर कुछ फैसले लिए गए। 

    एकनाथ शिंदे ने पीएम मोदी और अमित शाह का किया धन्यावाद

    एकनाथ शिंदे कहा कि मैं पीएम मोदी और अमित शाह का शुक्रगुजार हूं, फडणवीस मंत्री नहीं बनेंगे। बीजेपी ने बड़ी पार्टी होते हुए भी मुझे मुख्यमंत्री बनाया है। बीजेपी ने अपना बड़ा दिल दिखाया है। महाराष्ट्र में एक मजबूत सरकार आने वाले दिनों में देखने को मिलेगी। जिस तरह केंद्र सरकार महाराष्ट्र की मदद करेगी, उससे महाराष्ट्र का विकास तेजी से हो पाएगा। ये सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने का काम करेगी। उन्होंने देवेंद्र फडणवीस का आभार भी जताया।

  • लैंडस्लाइड की चपेट में आया आर्मी कैंप, 50 से ज्यादा जवानों के दबे होने की आशंका, 6 शव बरामद

    लैंडस्लाइड की चपेट में आया आर्मी कैंप, 50 से ज्यादा जवानों के दबे होने की आशंका, 6 शव बरामद

    मणिपुरः जिले में कई दिनों से जारी बारिश की वजह से लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आ रही है। बुधवार रात नोनी जिले के तुपुल रेलवे स्टेशन के पास लैंडस्लाइड की चपेट में 107 टेरिटोरियल आर्मी का कैंप आ गया। इस हादसे के बाद दर्जनों जवान मिट्टी में दब गए।

    6 जवानों के शव निकाले बाहर 

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक 6 जवानों के शव बाहर निकाले जा चुके हैं, जबकि 13 जवानों को रेस्क्यू कर लिया गया है। मणिपुर के मुख्यमंत्री बीरेन सिंह इसे लेकर एक इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है। घायलों की मदद के लिए डॉक्टरों की एक टीम मौके पर पहुंच गई है। 

    आर्मी के 50 से अधिक जवान आए चपेट में 

    पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में लगातार भारी बारिश की वजह से आज भूस्खलन की चपेट में आने से आम लोगों के साथ टेरिटोरियल आर्मी के 50 से अधिक जवान इसकी चपेट में आ गए। यह घटना तुपुल रेलवे स्टेशन के पास हुई है। वहीं बड़े पैमाने पर मलबे गिरने के कारण इजेई नदी अवरुद्ध हो गई है, जिससे एक जलाशय बन गया है जो निचले इलाकों को जलमग्न कर सकता है।