Category: Government News>Himachal Govt

  • राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सशक्तिकरण को दे रही प्रोत्साहन: CM Sukhu

    राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सशक्तिकरण को दे रही प्रोत्साहन: CM Sukhu

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोमवार देर सायं जनजातीय विकास तथा बागवानी विभागों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सुदृढ़ीकरण की दिशा में कार्य कर रही है। किसानों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की आय बढ़ाने के लिए सरकार ने ठोस कदम उठाए है। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरकार रसायन-मुक्त कृषि उत्पादों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रदान कर रही है।

    उन्होंने कहा कि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा किसानों को लाभान्वित करने के लिए प्रदेश सरकार बागवानी विभाग को हर संभव सहयोग प्रदान करेगी और विभाग में रिक्त पदों को भी भरा जाएगा। मुख्यमंत्री ने एचपी-शिवा परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि विभिन्न क्षेत्रों की भौगोलिक एवं जलवायु परिस्थितियों के अनुसार बागवानी में फलों की विभिन्न किस्मों के विविधीकरण की नितांत आवश्यकता है। बागवानी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और विभाग को बागवानों को व्यापक तकनीकी सहायता उपलब्ध करवानी चाहिए, ताकि उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित हो सके।

    सुक्खू ने जनजातीय विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने इन योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी निर्देश दिए ताकि जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि मार्च 2023 से मार्च 2026 के बीच वन अधिकार अधिनियम, 2006 के तहत 636 व्यक्तिगत दावे तथा 20 सामुदायिक दावे स्वीकृत किए गए हैं। इन दावों के निपटारे के लिए 2259.24 हेक्टेयर भूमि हस्तांतरित की गई है।

    मुख्यमंत्री ने निचार, पांगी, भरमौर और लाहौल स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के कार्यकलापों की भी समीक्षा की। उन्होंने इन विद्यालयों के विद्यार्थियों को सर्वाेत्तम सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। वर्तमान में इन विद्यालयों में 1013 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। बैठक में बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी, अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार शर्मा, सचिव सी. पालरासू तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

  • Thakur Sukhwinder Singh Sukhu ने पूर्व CM की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की

    Thakur Sukhwinder Singh Sukhu ने पूर्व CM की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की जयंती के अवसर पर आज शिमला के रिज पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने राज्य के विकास में वीरभद्र सिंह के योगदान को स्मरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरभद्र सिंह कांग्रेस पार्टी के एक महान नेता थे जिन्होंने छः बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में सेवाएं दी।

    उन्होंने प्रदेश के सभी क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया और आज हम उनके अमूल्य योगदान को स्मरण कर रहे हैं।

    इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार, विधायक हरीश जनारथा एवं चंद्र शेखर, महापौर सुरेंद्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल, पार्षदगण, राज्य बाल कल्याण परिषद की महासचिव जैनब चंदेल, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, हिमको फेडरेशन के अध्यक्ष विक्रम शर्मा तथा अन्य गणमान्यों ने भी पूर्व मुख्यमंत्री को पुष्पांजलि अर्पित की।

     

     

  • मुख्यमंत्री ने शिमला के ऑकलैंड टनल में कार पार्किंग सुविधा का उद्घाटन किया

    मुख्यमंत्री ने शिमला के ऑकलैंड टनल में कार पार्किंग सुविधा का उद्घाटन किया

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज शिमला शहर में ऑकलैंड टनल के निकट नवनिर्मित बहुमंजिला कार पार्किंग सुविधा का उद्घाटन किया। इस पार्किंग का निर्माण 7.60 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है जिसमें 145 वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा उपलब्ध है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा सुनियोजित शहरी विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह पार्किंग सुविधा ऑकलैंड टनल क्षेत्र और उसके आसपास की प्रमुख सड़कों पर यातायात का दबाव कम करने, सड़क किनारे होने वाली पार्किंग की समस्या से छुटकारा पाने तथा वाहनों की सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने में सहायक सिद्ध होगी।

    राज्य सरकार राजधानी शिमला को अधिक सुलभ, व्यवस्थित और यात्रियों के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से विभिन्न आधारभूत संरचना परियोजनाओं पर कार्य कर रही है। यातायात प्रबंधन में सुधार और पर्याप्त सार्वजनिक अवसंरचना का निर्माण सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिमला में वाहनों की संख्या में तेजी से हुई वृद्धि के कारण यातायात नियंत्रण और पार्किंग प्रबंधन गंभीर चुनौतियों के रूप में उभरी है। इन चुनौतियों का समाधान करने तथा स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए आधुनिक पार्किंग सुविधा का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें यह पार्किंग सुविधा भी शामिल है।

    सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार शहरी विकास के लिए व्यापक दृष्टिकोण अपनाते हुए सतत अवसंरचना, प्रभावी सार्वजनिक सेवाओं और नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार पर विशेष ध्यान दे रही है। सरकार का संकल्प ऐसी आधुनिक सुविधाएं विकसित करना है जो स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पर्यटकों की आवश्यकताओं को भी पूरा करें। मुख्यमंत्री ने परियोजना से जुड़े विभागों और एजेंसियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस पार्किंग सुविधा का सफलतापूर्वक निर्माण विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। विश्वास व्यक्त किया कि यह सुविधा एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक संपत्ति के रूप में उभरेगी और शहर में यातायात के दबाव को कम करने में महत्वपूर्ण योगदान देगी। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक हरीश जनारथा, महापौर सुरेंद्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल, पार्षदगण तथा अन्य गणमान्य भी उपस्थित थे।

  • अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर मुख्यमंत्री ने ओलंपिक मैराथन को दिखाई हरी झंडी

    अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर मुख्यमंत्री ने ओलंपिक मैराथन को दिखाई हरी झंडी

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर अपने आधिकारिक निवास ‘ओक ओवर’ से ओलंपिक मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दौड़ सीटीओ मार्ग से होते हुए इंदिरा गांधी खेल परिसर, शिमला में संपन्न हुई। इस मैराथन में पुरुष एवं महिला वर्गों में लगभग 200 खिलाड़ियों ने भाग लिया।

    अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। खेल भी शिक्षा का एक स्वरूप है। जिस प्रकार विद्यार्थी शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं, उसी प्रकार खिलाड़ियों को भी खेलों में उपलब्धियां हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रयास निरन्तर जारी रखने चाहिए।

    उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश में ‘खेलो इंडिया’ प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए लगातार प्रयास कर रही है। युवाओं के हित में बिलासपुर, कांगड़ा, ऊना और हमीरपुर जिलों में सुदृढ़ खेल अवसंरचना विकसित की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त, हमीरपुर जिले के नादौन में 150 करोड़ रुपये की लागत से खेलों के लिए एक उत्कृष्टता का केन्द्र स्थापित किया जा रहा है, जिसके इस वर्ष अक्तूबर महीने तक पूरा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन और टीम भावना का विकास करते हैं, जो जीवन में सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से राज्य सरकार के नशा-विरोधी अभियान का सक्रिय समर्थन करने तथा नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का भी आह्वान किया।

    सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ने अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक विजेताओं के लिए नकद पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक वृद्धि की है। ओलंपिक, पैरालंपिक और शीतकालीन ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार राशि को तीन करोड़ रुपये से बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये किया गया है। एशियाई खेलों और पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओं के लिए नकद पुरस्कार राशि 50 लाख रुपये से बढ़ाकर चार करोड़ रुपये की गई है। वहीं, राष्ट्रमंडल खेलों और पैरा राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार राशि 50 लाख रुपये से बढ़ाकर तीन करोड़ रुपये कर दी गई है। इस अवसर पर स्थानीय विधायक हरीश जनारथा, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के निदेशक शिवम प्रताप सिंह, हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के महासचिव राजेश शांडिल तथा अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

  • मुख्यमंत्री ने जोल सप्पड़ में 35 करोड़ रुपए से बनने वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक का शिलान्यास किया

    मुख्यमंत्री ने जोल सप्पड़ में 35 करोड़ रुपए से बनने वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक का शिलान्यास किया

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज जिला हमीरपुर के जोल सप्पड़ में डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर के नए परिसर में लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक का शिलान्यास किया।

    उन्होंने इसी परिसर में नवनिर्मित अस्पताल ब्लॉक और अकादमिक ब्लॉक तथा अन्य निर्माणाधीन भवनों के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सीपीडब्ल्यूडी, पीडब्ल्यूडी और मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों को अस्पताल ब्लॉक और अकादमिक ब्लॉक को मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को सौंपने तथा कॉलेज एवं अस्पताल के विभिन्न विभागों को जोल सप्पड़ शिफ्ट करने की प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।

    जुलाई के पहले सप्ताह में मेडिकल कॉलेज के इन महत्वपूर्ण विभागों का संचालन जोल सप्पड़ में शुरू कर दिया जाएगा। मेडिकल कॉलेज से संबंधित अन्य मामलों तथा स्थानीय लोगों की समस्याओं को लेकर भी अधिकारियों के साथ व्यापक विचार-विमर्श किया। प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों की लैब्स के आधुनिकीकरण के लिए प्रदेश सरकार 150 करोड़ रुपये का प्रावधान कर रही है। इस धनराशि से लैब्स में अत्याधुनिक मशीनें स्थापित की जाएंगी। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला और टांडा के मेडिकल कॉलेज में दशकों पुरानी मशीनों एवं उपकरणों के स्थान पर इनकी जगह नवीनत्तम टैक्नोलॉजी की मशीनें एवं उपकरण स्थापित किए जाएंगे।

    प्रदेश सरकार बड़े पैमाने पर डॉक्टरों, प्रोफेसरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों की भर्ती कर रही है। इससे सभी मेडिकल कॉलेजों एवं चिकित्सा संस्थानों में पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध होगा और लोगों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. रमेश भारती, सीपीडब्ल्यूडी और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन नए परिसर में जारी विभिन्न निर्माण कार्यों की वस्तु स्थिति से अवगत करवाया।

    इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस हमीरपुर में लोगों की समस्याएं भी सुनीं। इस अवसर पर आयुष, विधि, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविन्द्र गोमा, विधायक सुरेश कुमार और कैप्टन रणजीत सिंह, राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर, ओबीसी वित एवं विकास निगम के उपाध्यक्ष डॉ. मोहन लाल, ओबीसी आयोग के सदस्य राजीव राणा, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुमन भारती, पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, सुभाष ढटवालिया, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, उपायुक्त गंधर्वा राठौड़, एसपी बलवीर सिंह और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

  • प्रदेश के खिलाड़ियों को प्रदान कर रहे हैं बेहतरीन सुविधाएं: Sukhvinder Singh Sukhu

    प्रदेश के खिलाड़ियों को प्रदान कर रहे हैं बेहतरीन सुविधाएं: Sukhvinder Singh Sukhu

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने जिला हमीरपुर के अणु स्थित साई के सेंटर आफ एक्सीलेंस के प्रशिक्षुओं एवं युवा खिलाड़ियों तथा अन्य बच्चों के साथ संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को वर्ल्ड क्लास सुविधाएं प्रदान करने के लिए कृत संकल्प है। इस क्रम में नादौन में लगभग 125 करोड़ रुपए का अत्याधुनिक इंडोर स्टेडियम बनाया जा रहा है, जिसे इसी वर्ष प्रदेश के खिलाड़ियों को समर्पित कर दिया जाएगा। इसमें तैराकी, बैडमिंटन, वॉलीबॉल और टेनिस सहित 14 खेलों के लिए विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

    राज्य स्तरीय योग दिवस समारोह एवं योगाभ्यास सत्र में भाग लेने के बाद खिलाड़ियों के साथ संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं के पदक विजेताओं के लिए करोड़ों रुपए की पुरस्कार राशि का प्रावधान किया है। एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक विजेताओं के लिए 3 करोड़ रुपए, रजत पदक विजेताओं के लिए 2 करोड़ और कांस्य पदक विजेताओं के लिए डेढ़ करोड़ रुपए तक के नकद पुरस्कार रखे गए हैं। इसी प्रकार ओलंपिक और अन्य इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं में भी सराहनीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी करोड़ों रुपए के ईनाम दिए जा रहे हैं।

    साढ़े तीन वर्ष पहले प्रदेश सरकार ने कार्यभार संभालते ही खिलाड़ियों की डाइट मनी में कई गुणा वृद्धि की थी। इन खिलाड़ियों के लिए हवाई यात्रा और रेलवे एसी क्लास में यात्रा का प्रावधान भी किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अणु के सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड की मरम्मत के लिए भी पर्याप्त बजट का प्रावधान किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री का सानिध्य पाकर यह खिलाड़ी काफी उत्साहित नजर आए।

     

  • मुख्यमंत्री ने लगभग दो हजार लोगों के साथ किया योगाभ्यास

    मुख्यमंत्री ने लगभग दो हजार लोगों के साथ किया योगाभ्यास

    शिमला: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज जिला हमीरपुर के अणु स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण के सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि भाग लिया।

    आयुष विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं और बच्चों सहित लगभग दो हजार लोगों के साथ करीब 45 मिनट तक योगाभ्यास किया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन और धनवंतरि पूजन के साथ योगाभ्यास सत्र का शुभारंभ किया। उन्होंने आईडीवाई यानि इंटरनेशनल डे फॉर योगा से संबंधित एक पुस्तिका का विमोचन भी किया। इस पुस्तिका में योगासनों से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियों का संक्षेप संकलन किया गया है।

    कार्यक्रम में आयुष, विधि, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविन्द्र गोमा, विधायक सुरेश कुमार और कैप्टन रणजीत सिंह, राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर, ओबीसी वित एवं विकास निगम के उपाध्यक्ष डॉ. मोहन लाल, ओबीसी आयोग के सदस्य राजीव राणा, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुमन भारती, पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, सुभाष ढटवालिया, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, आयुष विभाग की सचिव शाइनामोल, निदेशक रोहित जमवाल, उपायुक्त गंधर्वा राठौड़, एसपी बलवीर सिंह और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

  • राजस्व मंत्री ने मुख्यमंत्री की जीवन यात्रा से प्रेरित योद्धा ‘द फाइटर’ गीत जारी किया

    राजस्व मंत्री ने मुख्यमंत्री की जीवन यात्रा से प्रेरित योद्धा ‘द फाइटर’ गीत जारी किया

    शिमलाः राजस्व, बागवानी एंव जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज यहां योद्धा ‘द फाइटर’ गीत जारी किया। यू-ट्यूब पर 12 मिनट अवधि का यह गीत मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की जीवन यात्रा, संघर्ष और विजन से प्रेरित है। इस गीत को पहाड़ी गायक केवल राम बास्टा ने गाया है और संगीत का कार्य ललित सौहटा ने किया है।

    जगत सिंह नेगी ने केवल राम बास्टा और उनकी टीम के सदस्यों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह गीत मुख्यमंत्री के लिए सर्वोतम सम्मान है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश के लोगों के कल्याण के लिए राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं पर भी गीत में विस्तार से प्रकाश डाला गया है।

    केवल राम बास्टा ने गीत जारी करने के लिए राजस्व मंत्री का आभार व्यक्त किया। इस मौके नगर निगम शिमला के महापौर सुरेन्द्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य अधिकारी रितेश कपरेट भी उपस्थित रहे।

  • राजस्व मंत्री ने मुख्यमंत्री की जीवन यात्रा से प्रेरित योद्धा ‘द फाइटर’ गीत जारी किया

    राजस्व मंत्री ने मुख्यमंत्री की जीवन यात्रा से प्रेरित योद्धा ‘द फाइटर’ गीत जारी किया

    शिमला: राजस्व, बागवानी एंव जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज यहां योद्धा ‘द फाइटर’ गीत जारी किया। यू-ट्यूब पर 12 मिनट अवधि का यह गीत मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की जीवन यात्रा, संघर्ष और विजन से प्रेरित है। इस गीत को पहाड़ी गायक केवल राम बास्टा ने गाया है और संगीत का कार्य ललित सौहटा ने किया है।

    जगत सिंह नेगी ने केवल राम बास्टा और उनकी टीम के सदस्यों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह गीत मुख्यमंत्री के लिए सर्वोतम सम्मान है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश के लोगों के कल्याण के लिए राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं पर भी गीत में विस्तार से प्रकाश डाला गया है। केवल राम बास्टा ने गीत जारी करने के लिए राजस्व मंत्री का आभार व्यक्त किया। इस मौके नगर निगम शिमला के महापौर सुरेन्द्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य अधिकारी रितेश कपरेट भी उपस्थित रहे।

  • राज्यपाल ने प्रदेश में रह रहे लोगों को पश्चिम बंगाल स्थापना दिवस की दी शुभकामनाएं

    राज्यपाल ने प्रदेश में रह रहे लोगों को पश्चिम बंगाल स्थापना दिवस की दी शुभकामनाएं

    शिमला: ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना के अंतर्गत आज लोक भवन में पश्चिम बंगाल के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश में रह रहे पश्चिम बंगाल के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा सद्भावना और सांस्कृतिक भाईचारे के प्रतीक स्वरूप उन्हें पारंपरिक हिमाचली टोपी और मफलर भेंट कर सम्मानित किया।

    इस अवसर पर लोगों के साथ संवाद करते हुए राज्यपाल ने पश्चिम बंगाल के स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जीवंत परंपराओं, साहित्यिक उत्कृष्टता और राष्ट्र के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं बौद्धिक विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। राज्यपाल ने कहा कि विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस के अवसर पर लोक भवन में आयोजित किए जाने वाले मिलन कार्यक्रम ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करते हैं और सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा समन्वय के माध्यम से राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत बनाते हैं।

    उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम लोगों में सौहार्द और अपनत्व की भावना को मजबूत बनाता हैं। इससे अपने गृह राज्यों से दूर रह रहे लोग अपनी जड़ों से जुड़े रहते हैं और राष्ट्रीय परिवार का अभिन्न अंग भी बनते हैं। गुप्ता ने कहा कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम भारत की भाषाई, सांस्कृतिक और क्षेत्रीय विविधता में एकरूपता के दर्शन करवाता है। उन्होंने कहा कि विविधता में एकता भारत की सबसे बड़ी शक्ति है इसके साथ-साथ विभिन्न राज्यों की विशिष्ट संस्कृतियों, भाषाओं और परंपराओं का संरक्षण एवं संवर्धन भी बहुत जरूरी है।

    राज्यपाल ने कहा कि सांस्कृतिक धरोहर, मूल्यों और परंपराओं से युवाओं को जोड़कर समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण किया जा सकता है।
    कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने पश्चिम बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं, त्योहारों, साहित्य, कला और खान-पान से संबंधित जानकारी साझा की।
    इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज भी उपस्थित थे।