Category: Government News>Himachal Govt

  • सर्किट हाउस हमीरपुर की डॉरमीटरी के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू

    सर्किट हाउस हमीरपुर की डॉरमीटरी के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू

    शिमला: लोक निर्माण विभाग के प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि प्रदेश सरकार ने 20 मई, 2026 से सर्किट हाउस हमीरपुर स्थित 21 बैड वाली डॉरमीटरी को एचपीपीडब्ल्यूडी ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म में सम्मिलित कर दिया है। इस सुविधा के लिए हिमाचली निवासियों से प्रति बैड 100 रुपये तथा गैर हिमाचली निवासियों के लिए प्रति बैड 200 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है।

    उन्होंने बताया कि इस सुविधा के शुरू होने से प्रतियोगी परीक्षाओं एवं अन्य शैक्षणिक उद्देश्य से आने वाले विद्यार्थी विशेष रूप से लाभान्वित होंगे। विद्यार्थी हिम अतिथि होटल के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर ठहरने के लिए सस्ती एवं सुविधाजनक आवासीय सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

    उन्होंने बताया कि लोगों और पर्यटकों को मई, 2025 से 50 प्रतिशत अग्रिम भुगतान के आधार पर विश्राम गृहों की ऑनलाइन बुकिंग सुविधा मिल रही है। यह पहल सरकारी आवासीय सुविधाओं को आमजन के लिए अधिक सुलभ, पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई थी। इस सुविधा के शुरू होने से पर्यटकों, आमजन तथा विद्यार्थियों के लिए विश्राम गृहों एवं सर्किट हाउसिज की उपलब्धता एवं पहंुच में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। इस पहल के परिणामस्वरूप इन सुविधाओं की अधिभोग दर (अक्यूपेंसी रेट) तथा सरकारी राजस्व में वृद्धि दर्ज की गई है। प्रदेश सरकार राज्य में डिजिटल नवाचारों के माध्यम से नागरिक केंद्रित सेवाओं को सुदृढ़ करने एवं जन सुविधाओं में निरंतर सुधार की दिशा में कार्य कर रही है।

     

  • मुख्यमंत्री ने रविशंकर से भेंट की, प्राकृतिक खेती और बेसहारा गौवंश के संरक्षण पर हुई विस्तृत चर्चा

    मुख्यमंत्री ने रविशंकर से भेंट की, प्राकृतिक खेती और बेसहारा गौवंश के संरक्षण पर हुई विस्तृत चर्चा

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज बंगलुरू में आध्यात्मिक गुरु एवं आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के संस्थापक श्री श्री रविशंकर से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने आश्रम में कार्यरत हिमाचल प्रदेश के लोगों से भेंट की और उनका कुशलक्षेम जाना और उन्होंने आश्रम में गौसेवा भी की।

    रविशंकर के साथ भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक खेती और बेसहारा गौवंश के संरक्षण के लिए उठाए जा रहे कदमों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा राज्य में किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है तथा प्राकृतिक खेती से पैदा की फसलों पर सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य दे रही है। उन्होंने कहा कि इससे उपभोक्ताओं को बाजार में रसायनमुक्त उत्पाद सुगमता से उपलब्ध हो रहे हैं तथा किसानों को अपने उत्पाद के अच्छे दाम भी मिल रहे हैं।

    सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने ‘गोपाल योजना’ के तहत निजी गौ-सदनों में आश्रित गौवंश के लिए दिए जाने वाली अनुदान राशि को 700 रुपये प्रति गौवंश प्रतिमाह से बढ़ाकर 1200 रुपये किया है। बजट 2026-27 में बेसहारा गौवंश के पुनर्वास के लिए कई नए प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में राज्य सरकार ने कई गौ-अभ्यारण्य और बड़े गौ-सदनों की स्थापना की है। प्रतिष्ठित स्वयंसेवी संस्थाओं, गैर-सरकारी संगठनों तथा इच्छुक उद्योग समूहों को किसी भी सरकारी गौ-सदन या गौ-अभ्यारण्य को गोद लेने की अनुमति दी जाएगी।

    रविशंकर जी ने प्रदेश सरकार द्वारा प्राकृतिक खेती, गौ संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

     

     

     

  • राज्यपाल ने कांगड़ा जिला के गुजरेडा में राजकीय प्राथमिक पाठशाला का दौरा किया

    राज्यपाल ने कांगड़ा जिला के गुजरेडा में राजकीय प्राथमिक पाठशाला का दौरा किया

    शिमला: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज कांगड़ा जिला के राजकीय प्राथमिक विद्यालय गुजरेडा का दौरा किया। उन्होंने राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिए विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ संवाद किया।

    इस अवसर पर राज्यपाल ने विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, मूलभूत सुविधाओं तथा दूर-दराज क्षेत्रों के विद्यालयों और विद्यार्थियों के समक्ष आने वाली चुनौतियों के संबंध में जानकारी हासिल की। विद्यार्थियों के साथ आत्मीयता के साथ बातचीत करते हुए उन्हें समर्पण एवं आत्मविश्वास के साथ शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

    इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि बच्चे राष्ट्र का भविष्य हैं। उनके भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए राज्य के दुर्गम एवं ग्रामीण विद्यालयों में शैक्षिक आधारभूत अधोसंरचना को और सुदृढ़ करना अत्यंत आवश्यक है। भौगोलिक परिस्थितियों के कारण उत्पन्न होने वाली चुनौतियों का समाधान कर प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाना सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने बेहतर कक्षाओं, स्वच्छता सुविधाओं, डिजिटल शिक्षण संसाधनों तथा सरकारी ग्रामीण विद्यालयों में अनुकूल शैक्षणिक वातावरण की आवश्यकता पर भी बल दिया।

    राज्यपाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है। शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (पीजीआई) 2.0 तथा पीजीआई-डी 2024-25 रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल कर रहा है तथा प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में देश में छठा स्थान तथा राज्यों की श्रेणी में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।

    राज्यपाल ने अधिकारियों के साथ उपलब्ध संसाधनों और मानव बल के सर्वाेत्तम उपयोग के लिए विद्यालयों के रणनीतिक समूह की अवधारणा पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के उपाय शिक्षा की गुणवत्ता में वृद्धि करने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर प्रदान करने तथा इस क्षेत्र में प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने में सहायक साबित हो रहे हैं।

    उन्होंने कहा कि प्रगतिशील समाज के निर्माण में शिक्षा उल्लेखनीय भूमिका निभाती है। उन्होंने शिक्षकों से युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया। उन्होंने कठिन एवं दुर्गम क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे शिक्षकों के प्रयासों की भी सराहना की।
    इस अवसर पर शिक्षा विभाग तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

  • मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने तख्त श्री पटना साहिब में माथा टेका

    मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने तख्त श्री पटना साहिब में माथा टेका

    पटना: Bhagwant Mann ने आज दशमेश पिता Guru Gobind Singh की पावन जन्मस्थली Takht Sri Harimandir Ji Patna Sahib में माथा टेका और पंजाब, पंजाबियों तथा दुनियाभर की सिख संगत की खुशहाली, तंदुरुस्ती और चढ़दी कला के लिए अरदास की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब ने बेअदबी के खिलाफ देश का सबसे सख्त कानून बनाकर गुरु साहिबान के सत्कार की रक्षा का रास्ता पूरे देश को दिखाया है। उन्होंने कहा कि पवित्र शब्द गुरु की मर्यादा को कायम रखना हम सभी का नैतिक फर्ज है और इस सेवा का अवसर गुरु साहिब की कृपा से मिला है।

    मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बेअदबी को करोड़ों लोगों की आस्था के खिलाफ अक्षम्य अपराध बताते हुए देश के सभी राज्यों से भी ऐसा ही सख्त कानून बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंजाब में अब Guru Granth Sahib की बेअदबी करने वालों को उम्रभर जेल में रहना पड़ सकता है और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली किसी भी हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार धार्मिक मान-मर्यादा की रक्षा और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है।

     

    अपने सोशल मीडिया संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु साहिब की शिक्षाएं मानवता को सच्चाई, दया और भाईचारे का मार्ग दिखाती हैं। उन्होंने अरदास की कि पंजाब में अमन-शांति और आपसी भाईचारा और मजबूत हो तथा राज्य हर क्षेत्र में देश का नेतृत्व करता रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना साहिब में माथा टेकने के बाद वह नई ऊर्जा और मिशनरी जोश महसूस कर रहे हैं, जिससे उन्हें पंजाब के लोगों की सेवा के लिए नया उत्साह मिला है। इस अवसर पर पंजाब के मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा भी मौजूद रहे।

  • राज्यपाल ने डोगरी पंजाबी शब्दकोष का विमोचन किया

    राज्यपाल ने डोगरी पंजाबी शब्दकोष का विमोचन किया

    शिमला: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज जम्मू स्थित के.एल. सहगल हॉल में पंजाबी लेखक सभा और जम्मू-कश्मीर कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी के संयुक्त तत्वावधान से आयोजित एक समारोह में स्वर्गीय चंदन नेगी द्वारा लिखित डोगरी – पंजाबी शब्दकोश का विमोचन किया।

    इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि साहित्य समाज को सही दिशा दिखाने और सकारात्मक बदलाव लाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि साहित्यिक रचनाएं गहरी सोच, धैर्य और मानवीय संवेदनाओं को दर्शाती हैं। कविन्द्र गुप्ता ने भारत की समृद्ध भाषाई विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि भाषाएं केवल संवाद का माध्यम नहीं हैं, बल्कि हमारी संस्कृति, इतिहास और परंपराओं की पहचान भी हैं। उन्होंने पंजाबी साहित्य की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रेम, भाईचारे, साहस और मानवता जैसे मूल्यों को बढ़ावा देता है।

    राज्यपाल ने साहित्य और संस्कृति को संरक्षित करने के लिए आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को अपनी भाषा और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भारत की विरासत और परंपराओं की रक्षा करना एक मजबूत राष्ट्र के निर्माण के लिए भी जरूरी है।

    तकनीक के बढ़ते प्रभाव का जिक्र करते हुए राज्यपाल कहा कि डिजिटल युग में भी पुस्तकों का महत्त्व बना हुआ है। किताबें ज्ञान, संवेदनशीलता, तार्किक सोच और नैतिक मूल्यों को विकसित करने में मदद करती हैं। उन्होंने युवाओं से साहित्य और संस्कृति से जुड़े रहने का आह्वान किया।

    उन्होंने कहा कि साहित्य समाज का सच्चा दर्पण है और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने स्वर्गीय चंदन नेगी के परिजनों को बधाई और आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। डोगरी संस्था जम्मू के अध्यक्ष एवं पदमश्री पुरस्कृत प्रो. ललित मगोत्रा, साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित खालिद हुसैन, पंजाबी लेखक सभा जम्मू के अध्यक्ष डॉ. बलजीत सिंह रैणा, प्रसिद्ध पंजाबी उपन्यासकार सुरेन्द्र नीर, डॉ. उपिंदर सिंह घई, अरविंदर घई, मानवी चटवा तथा अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

     

  • राष्ट्र निर्माण में सिविल सोसाइटी की महत्त्वपूर्ण भूमिका: राज्यपाल

    राष्ट्र निर्माण में सिविल सोसाइटी की महत्त्वपूर्ण भूमिका: राज्यपाल

    शिमला: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्रभावी नेतृत्व केवल किसी पद पर आसीन होना नहीं, बल्कि लोगों को साथ लेकर चलना, समाज की आवश्यकताओं को समझना और सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनना है। राज्यपाल ने गत सायं जम्मू में रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3070 द्वारा आयोजित क्लब लीडरशिप लर्निंग सेमिनार को संबोधित करते हुए जम्मू, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली से आए प्रतिनिधियों की भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी उपस्थिति सेवा, नेतृत्व और सामाजिक समर्पण के प्रति गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

    रोटरी इंटरनेशनल के मार्गदर्शक सिद्धांत ‘सर्विस एबव सेल्फ’ की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि रोटरी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि मानव सेवा के लिए समर्पित एक वैश्विक आंदोलन है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, आपदा राहत और सामाजिक विकास के क्षेत्रों में रोटरी के योगदान को अत्यंत प्रेरणादायक बताया।

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि इस राष्ट्रीय लक्ष्य को प्राप्त करने में सामाजिक संगठनों और स्वैच्छिक संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि रोटरी जैसे संगठन समाज और प्रशासन के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करते हैं। जब सरकार और समाज मिलकर कार्य करते हैं, तभी व्यापक और सार्थक परिवर्तन संभव होता है।

    राज्यपाल ने देश के सामने मौजूद सामाजिक चुनौतियों जैसे नशा सेवन, पर्यावरण असंतुलन, मानसिक तनाव, स्वास्थ्य जागरूकता की कमी और युवाओं में बढ़ती सामाजिक दूरी का उल्लेख करते हुए कहा कि केवल सरकारी प्रयास इन समस्याओं का समाधान नहीं कर सकते, बल्कि समाज की सक्रिय भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है।

    युवा पीढ़ी से सीधा संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि नेतृत्व का अर्थ केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार क्षमता का उपयोग करने का आह्वान किया। रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच अभियान, स्वच्छता अभियान, शैक्षिक सहयोग, पौधरोपण अभियान और आपदा राहत कार्य जैसी रोटरी क्लब की गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि सच्चा नेतृत्व वही है जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का प्रयास करे।

    इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में की गई अपील का समर्थन करते हुए राज्यपाल ने नागरिकों से दैनिक जीवन में ईंधन बचत की आदत अपनाने की अपील की। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने, निजी वाहनों का अनावश्यक उपयोग कम करने, ट्रैफिक सिग्नल पर इंजन बंद रखने तथा कार पूलिंग अपनाने का आग्रह किया।

    राज्यपाल ने कहा कि ईंधन बचाना केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि राष्ट्रीय कर्तव्य भी है, जो देश के आयात बोझ और कार्बन फुटप्रिंट को कम करने में महत्त्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने क्षेत्र के सभी रोटरी क्लबों से ईंधन संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का आग्रह किया और कहा कि करोड़ों परिवारों द्वारा किए गए छोटे-छोटे प्रयास भी देश की ऊर्जा सुरक्षा में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं।

    उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री देशवासियों से कोई आह्वान करते हैं, तो हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह उसे चरितार्थ करने के लिए हर संभव प्रयास करें। उन्होंने सामूहिक प्रयास और नागरिक चेतना को एक विकसित एवं जिम्मेदार समाज की पहचान बताया।

    राज्यपाल ने रोटरी क्लब जम्मू, तवी और रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3070 को सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सामाजिक सेवा के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन रोहित ओबेरॉय, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट रोटेरियन अनिल सिंघल, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अविनाश महेन्द्रू, विशेष अतिथि पूर्व रोटरी इंटरनेशनल डायरेक्टर रोटेरियन ए.एस. वेंकटेश, मुख्य अतिथि पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन शशांक रस्तोगी तथा सेमिनार समन्वयक रोटेरियन आशीष लांगर और गणमान्य उपस्थित थे।

     

     

  • मुख्यमंत्री ने वी.डी. सतीशन को केरलम का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी

    मुख्यमंत्री ने वी.डी. सतीशन को केरलम का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज तिरुवनंतपुरम में केरलम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर वी.डी. सतीशन को बधाई दी। उन्होंने शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया और श्री सतीशन को शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि वी.डी. सतीशन के नेतृत्व में केरलम विकास, सामाजिक न्याय और सुशासन की नई ऊंचाइयों को हासिल करेगा।

  • Himachal News: हिमाचल में गर्मी के बीच बदलेगा मौसम, कई जिलों में बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी

    Himachal News: हिमाचल में गर्मी के बीच बदलेगा मौसम, कई जिलों में बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी

    शिमला, 17 मई, 2026: हिमाचल प्रदेश में बढ़ती गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों में आने वाले दिनों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने 19 मई से 23 मई तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

    मौसम विभाग के अनुसार राज्य के ऊंचाई वाले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम अचानक बदल सकता है। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। विभाग का कहना है कि मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण देखने को मिल सकता है।

    पिछले कुछ दिनों से हिमाचल प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर मैदानी और निचले इलाकों में दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हालांकि मौसम विभाग का मानना है कि आगामी बारिश और बादल छाए रहने से तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है।

    IMD ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि कुछ इलाकों में तेज आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

    विशेषज्ञों के अनुसार मौसम में बार-बार हो रहे बदलाव का असर कृषि और बागवानी पर भी पड़ सकता है। राज्य के कई हिस्सों में सेब और अन्य फसलों की खेती की जाती है, ऐसे में तेज हवाएं और बारिश किसानों के लिए चिंता का कारण बन सकती हैं।

    वहीं दूसरी ओर उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। हालांकि हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

    मौसम विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन ने भी लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

    फिलहाल राज्य में मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनी के बाद प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर राहत एवं सुरक्षा इंतजाम बढ़ाए जा सकते हैं।

  • राज्यपाल ने शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में मतदान के लिए नागरिकों से की अपील

    राज्यपाल ने शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में मतदान के लिए नागरिकों से की अपील

    शिमला: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने प्रदेश के सभी पात्र मतदाताओं से 17 मई, 2026 को आयोजित होने वाले शहरी स्थानीय निकाय (यूएलबी) चुनावों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। प्रदेश में यूएलबी चुनावों के लिए प्रचार अभियान आज समाप्त हो गया है तथा कल धर्मशाला, सोलन, मंडी एवं पालमपुर नगर निगमों सहित विभिन्न नगर परिषदों और नगर पंचायतों में मतदान होगा।

    राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि शहरी स्थानीय निकाय चुनाव स्थानीय स्वशासन को सुदृढ़ बनाने तथा शहरों और कस्बों में बेहतर नागरिक सुविधाएं एवं योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से जिम्मेदारीपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह करते हुए कहा कि मतदान केवल एक संवैधानिक अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है।

    राज्यपाल ने प्रथम बार मतदान करने वाले युवाओं से विशेष आह्वान करते हुए कहा कि युवा वर्ग लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक भागीदारी सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि पहली बार मतदान करना राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से अपने शहरों और प्रदेश के भविष्य निर्माण में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

    कविन्द्र गुप्ता ने लोगों से शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं व्यवस्थित ढंग से अपने-अपने मतदान केंद्रों तक पहुंचने तथा मतदान प्रक्रिया के दौरान सौहार्द, मर्यादा और निष्पक्ष चुनाव की भावना बनाए रखने की भी अपील की।

  • प्रदेश में सुनियोजित शहरीकरण को किया जा रहा प्रोत्साहितः Rajesh Dharmani

    प्रदेश में सुनियोजित शहरीकरण को किया जा रहा प्रोत्साहितः Rajesh Dharmani

    शिमला: नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी ने आज यहां हिमाचल प्रदेश आवास एवं शहरी विकास प्राधिकरण की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्राधिकरण की परियोजनाओं का उद्देश्य लोगों की आवासीय आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ प्रदेश के लिए राजस्व के नए स्रोत सृजित करना है।

    उन्होंने कहा कि शहरीकरण की तीव्र गति के दृष्टिगत शहरी विकास, हिमाचल के विकास की रणनीति का महत्त्वपूर्ण स्तम्भ है। राज्य में सुनियोजित विकास को बढ़ावा देने के तहत हिम चंडीगढ़, हिम पंचकूला और कांगड़ा वैली एयरोसिटी जैसी महत्त्वकांक्षी परियोजनाओें को धरातल पर उतारने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। हिम चंडीगढ़ को साकार रूप प्रदान करने के लिए आपसी सहमति अथवा लैंड पुलिंग के तहत भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सिरसा नदी के तटीकरण के लिए नदी तटीकरण विकास परियोजना तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि संतुलित क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देने तथा राज्य में बढ़ते शहरीकरण के दबाव को कम करने के लिए इन परियोजनाओं को योजनाबद्ध, सत्त विकास के दृष्टिगत भविष्य के अनुरूप शहरी केंद्रों में विकसित किया जाएगा।

    राजेश धर्माणी ने कहा कि राज्य में हर क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। हिमुडा द्वारा युवाओं के स्टार्ट-अप को, हिमुडा स्टार्ट-अप एंड स्टूडेंट इनोवेशन पॉलिसी के तहत प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस नीति के तहत युवाओं के स्टार्ट-अप को प्रति प्रस्ताव 5 लाख रुपये की फंडिंग दी जाएगी। नीति का उद्देश्य प्रदेश में नवाचार और स्टार्ट-अप को बढ़ावा देने के लिए एक मजबूत पारिस्थितिकीय तंत्र का निर्माण करना है। इससे आर्थिक विकास को गति मिलेगी और रोजगार के अवसर सृजित होंगे। प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इस नीति के तहत आपदा प्रबंधन से संबंधित स्टार्टअप के लिए फंडिंग की भी संभावना तलाशी जा रही है।

    सूचना प्रौद्योगिकी के महत्त्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि हिमुडा के एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के तहत ई-इनिशिएटिव मॉडल लागू किया जाएगा। इसके तहत सभी हितधारकों को ऑनलाइन आवंटन, ई-ड्राइंग और ई-ऑक्शन जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि नागरिक केन्द्रित परियोजनाएं उपलब्ध करवाने के दृष्टिगत प्राधिकरण निरन्तर क्षमता निर्माण के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। इसके तहत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ-साथ प्राधिकरण द्वारा विभिन्न विषय विशेषज्ञों को इम्पैनलड किया जा रहा है।

    बैठक में हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं सचिव डॉ. सुरेन्द्र कुमार वशिष्ठ और प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।