Category: Government News>Haryana Govt

  • हरियाणा को मिले कई बड़े तोहफे, केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने की महत्वपूर्ण घोषणाएं

    हरियाणा को मिले कई बड़े तोहफे, केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने की महत्वपूर्ण घोषणाएं

    चंडीगढ़ : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज पंचकुला आगमन पर हरियाणा को एक साथ कई सौगातें दी हैं। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी उपस्थित थे।

    शाह आज यहां सहकारी सम्मेलन में पहुंचे थे। इस अवसर पर सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि अमित शाह ने जिला भिवानी में दूध शीतकरण केंद्र सलेमपुर प्लांट , जिला रेवाड़ी के हैफेड आटा मिल जाटूसाना तथा सहकारिता मंत्रालय द्वारा तैयार आईवाईसी के पोर्टल का पंचकुला से रिमोट द्वारा ई -लोकार्पण किया।

    केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने इसी अवसर पर हरियाणा राज्य सहकारी बैंकों के 5 लाभार्थियों को रुपे -प्लैटिनम डेबिट कार्ड तथा हरियाणा में कृभको द्वारा बनाए गए 2 एम-पैक्स के अध्यक्षों को पंजीकरण प्रमाण-पत्र का वितरण किया। उन्होंने कृभको द्वारा तैयार आईवाईसी के समारोहों पर आधारित वर्ष पुस्तिका का विमोचन भी किया।

    इससे पूर्व कृभको कॉर्पोरेट फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण , सहकारिता मंत्री अरविन्द शर्मा , कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी, उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी, खेल मंत्री गौरव गौतम, हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी के अलावा कृभको के अध्यक्ष वी सुधाकर चौधरी , प्रबंध निदेशक एस एस यादव भी उपस्थित थे।

     

  • अटल जनसेवा को समर्पित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सैनी की मौजूदगी, पुलिस बल को दिया संदेश

    अटल जनसेवा को समर्पित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सैनी की मौजूदगी, पुलिस बल को दिया संदेश

    चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित यवनिका पार्क से हरियाणा पुलिस के बैच संख्या-93 के जवानों द्वारा आयोजित अटल जनसेवा को समर्पित दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती की स्मृति में आयोजित यह दौड़ एकता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना का प्रेरणास्पद प्रतीक है। उन्होंने बताया कि आज सांय केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह भारतीय पुलिस के इतिहास के सबसे बड़े पुलिस पासिंग-आउट बैच को सामूहिक शपथ दिलवाएंगे। इस ऐतिहासिक बैच में कुल 5,061 जवान शामिल हैं, जिनमें 4,191 पुरुष एवं 870 महिला जवान हैं। इस प्रकार, इस बैच में 20.75 प्रतिशत महिला भागीदारी सुनिश्चित हुई है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

    हरियाणा पुलिस में महिलाओं की भागेदारी 25 प्रतिशत तक करने का लक्ष्य

    उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में हरियाणा पुलिस में महिलाओं की भागीदारी मात्र 3 प्रतिशत थी, जो आज बढ़कर 10 प्रतिशत से अधिक हो चुकी है। राज्य सरकार ने इसे आगामी वर्षों में 25 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह भी कहा कि प्रदेश में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे व्यापक अभियान में हरियाणा पुलिस की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही है। नवप्रशिक्षित जवान इस अभियान के ब्रांड एम्बेसडर के रूप में समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य करेंगे। यह दौड़ 39 सप्ताह के कठोर प्रशिक्षण की सफल पूर्णता का प्रमाण है तथा पुलिसिंग और कर्मयोगी पाठ्यक्रम के उन मूल्यों को व्यवहार में उतारने की शुरुआत है, जिन्हें जवानों ने प्रशिक्षण के दौरान आत्मसात किया है। इस दौड़ में ग्रामीण पृष्ठभूमि से आए 4,252 जवान तथा शहरी पृष्ठभूमि के 809 जवान एक साथ कदमताल कर रहे हैं, जो पूरे हरियाणा की सामाजिक एकता और समरसता का सशक्त संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बैच की एक और उल्लेखनीय विशेषता यह है कि लगभग 85 प्रतिशत जवान स्नातक एवं स्नातकोत्तर हैं। इनमें से 2,390 जवान (50 प्रतिशत से अधिक) 26 वर्ष से कम आयु के हैं, जो हरियाणा पुलिस में नई ऊर्जा, आधुनिक दृष्टिकोण और कार्यकुशलता का संचार करेंगे। यह दौड़ केवल एक शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि योग, पी.टी. एवं आत्मरक्षा जैसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से विकसित आत्मबल और अनुशासन का परिणाम है। उल्लेखनीय है कि इन जवानों ने 9 अप्रैल 2025 को उत्साहपूर्वक 1,356 यूनिट रक्तदान कर समाजसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण भी प्रस्तुत किया। इस अवसर पर कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा, पूर्व विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, पुलिस महानिदेशक ओ पी सिंह, हरियाणा पुलिस अकादमी के निदेशक डॉ अरशिंदर सिंह चावला, उपयुक्त सतपाल शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक पंकज नैन, भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष, बंतो कटारिया, ओम प्रकाश देवीनगर, दीपक शर्मा सहित अन्य गणमान्य भी उपस्थित थे।
  • स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार, मुख्यमंत्री नायब सैनी ने किए 10 अस्पताल जनता को समर्पित

    स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार, मुख्यमंत्री नायब सैनी ने किए 10 अस्पताल जनता को समर्पित

    चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। इसी दिशा में हर जिला स्तर पर सभी प्रकार की सुविधाओं से सुसज्जित एक अस्पताल विकसित किया जा रहा है। अब तक 10 अस्पताल जनता को समर्पित किए जा चुके हैं। इनमें सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, एमआरआई व लैबोरेट्री सहित सभी सुविधाएं मिल रही हैं। अन्य 22 अस्पतालों पर कार्य चल रहा है।

    मुख्यमंत्री सोमवार को हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान प्रश्न काल में विधायक मामन खान द्वारा पूछे गए एक प्रश्न का उत्तर दे रहे थे। नायब सिंह सैनी ने कहा कि पहले की सरकार ने कभी प्रदेश के लोगों के स्वास्थ्य की चिंता नहीं की और न ही सुविधाएं बढ़ाने की तरफ ध्यान दिया। उन्होंने कभी विचार ही नहीं किया कि कैसे स्वास्थ्य सुविधाएं और बेहतर की जा सकती हैं। उस समय नागरिकों को प्राइवेट सेक्टर पर छोड़ दिया गया और किस प्रकार से लोगों का शोषण होता था, यह सब जानते हैं। वर्ष 2014 से पहले प्रदेश में हर वर्ष केवल 4 स्पेशलिस्ट डॉक्टर ही मिलते थे, जबकि आज यह संख्या लगभग 200 तक पहुंच चुकी है। इतना ही नहीं, वर्ष 2014 में एमबीबीएस सीटों की संख्या केवल 700 होती थी, जबकि आज राज्य सरकार के प्रयासों से एमबीबीएस सीटों की संख्या लगभग 2500 से अधिक हो चुकी है।

    उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के प्रयासों से आज सरकारी अस्पतालों में मरीजों को दवाइयां भी मिल रही है और हर प्रकार की टेस्ट की सुविधा भी प्रदान की जा रही है। इसके अलावा, स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ करते हुए राज्य सरकार ने अनेक कदम उठाए हैं। 30 बैड के अस्पताल को 50 बैड, 50 बैड के अस्पताल को 100 बैड, 100 बैड के अस्पताल को 200 बैड और 200 बैड के अस्पतालों को 400 बेड में अपग्रेड किया गया है। साथ ही, प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या भी बढ़ाई है। साथ ही, अस्पतालों में इलाज के साथ — साथ स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

     

  • मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का बड़ा ऐलान, भूमिहीन परिवारों को 100 गज के प्लॉट

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का बड़ा ऐलान, भूमिहीन परिवारों को 100 गज के प्लॉट

    चण्डीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश के भूमिहीन जरूतमंद परिवारों को सरकार द्वारा जल्द ही 100-100 गज के प्लाट आबंटित किए जाएंगे। प्रदेश के इन 7 हजार प्लाटधारकों को पीएम आवास योजना के साथ जोड़कर मकान निर्माण के लिए तय राशि दी जाएगी।

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को कुरुक्षेत्र जिला के लाडवा विधानसभा क्षेत्र के गांव प्रलाहदपुर, बदरपुर व गांव बणी में धन्यवादी एवं जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान सम्बोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी और मौके पर ही समाधान करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने गांव प्रलादपुर, बदरपुर और गांव बणी में विकास कार्यों के लिए 21-21 लाख रुपए देने की घोषणा भी की। गांव प्रलाहदपुर में सरपंच सुमन सैनी द्वारा रखी गई सभी मांगों को विभागों से भेजकर पूरा करवाने का आश्वासन दिया और पीने के पानी की पाइप लाईन के लिए 47.46 लाख रुपए, हॉल निर्माण के लिए 11 लाख रुपए देने की घोषणा की है।

    उन्होंने बदरपुर गांव के सरपंच कर्मवीर द्वारा रखी गई सभी 16 मांगों को विभागों को भेजकर पूरा करवाने, पीने के पानी की पाइप लाइन के लिए 43.31 लाख रुपए देने की घोषणा की है। गांव बणी के सरपंच द्वारा रखी गई सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।

    इस दौरान अपने संबोधन में कहा कि सरकार ने मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत करीब 15 हजार 500 परिवारों को 30 गज का प्लाट देने का काम किया है। शीघ्र ही शहरी आवास योजना के तहत योग्य प्रार्थियों को दूसरी किस्त के रूप में 30-30 गज के प्लाट आबंटित किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही युवाओं के लिए विभिन्न पदों के लिए सरकारी भर्तियां निकाल कर नौकरियां देंगी।

    चुनाव के दौरान संकल्प पत्र में वायदा किया था कि शपथ ग्रहण समारोह से पहले युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। तीसरी बार सरकार बनने के बाद सबसे पहले युवाओं को किए हुए वायदे को पूरा किया है। प्रदेश के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ जब 25 हजार युवाओं को बिना खर्ची पर्ची के एक साथ योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी मिली हो।

    किडनी के मरीजों का डायलिसिस प्रदेश के सभी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेज और हेल्थ यूनिवर्सिटी में फ्री में किया जा रहा है। इसके साथ ही जिन परिवारों की आय 1.80 लाख रुपए से कम है, ऐसे परिवार की महिलाओं को 500 रुपए में गैस का सिलेंडर उपलब्ध करवाया जा रहा है।

    प्रदेश में 15 लाख महिलाएं इस योजना के तहत 500 रुपए में गैस सिलेंडर प्राप्त कर रही है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि जिन योग्य परिवारों की महिलाएं इस योजना से वंचित हैं, वो आवेदन करें और योजना का लाभ प्राप्त करें।

    प्रदेश सरकार ने किसानों से किए हुए अपने वायदे को पूरा करते हुए सभी 24 फसलों पर एमएसपी लागू किया है, ऐसा करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य बना है। कुछ समय पहले हुए जलभराव के कारण फसलों के खराबे का किसानों के खाते में 116 करोड रुपए भेजा गया है। इसी दौरान कुछ किसानों की बाजरा की फसल प्रभावित हुई थी, जिस पर भावांतर भरपाई योजना के तहत 430 करोड़ रुपए प्रदेश के किसानों के खाते में भेजे गए हैं।

    जिन ग्रामीणों ने पंचायती भूमि पर मकान बने हुए हैं। ऐसे परिवारों के लिए सरकार ने योजना बनाकर 2004 के कलेक्टर रेट पर मालिकाना हक देने का काम किया है। इसके साथ ही प्रदेश की महिलाओं को 2100 रुपए प्रति माह देने के लिए लाडो लक्ष्मी योजना आरंभ की गई है, जिसके तहत प्रदेश की 10 लाख महिलाओं को दो किस्तें दी जा चुकी हैं।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि जो पात्र महिलाएं अब भी लाडो लक्ष्मी योजना में आवेदन नहीं कर पाई, वो अब भी आवदेन कर सकती हैं। आवेदन के लिए अपने मोबाइल पर ऐप डाउनलोड कर सारी जानकारी भरते हुए ऑनलाइन आवेदन करने की आवश्यकता है। प्रदेश सरकार के पास रोजाना इस योजना में 3 से 4 हजार के बीच नए आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गांव बाबैन भी क़ाफ़िला रोककर लोगों की समस्याएं सुनी और उनका समाधान किया।

     

  • राइट टू सर्विस कमीशन का कड़ा रुख, HUDA की लापरवाही पर मुआवजा तय

    राइट टू सर्विस कमीशन का कड़ा रुख, HUDA की लापरवाही पर मुआवजा तय

    चंडीगढ़: हरियाणा राइट टू सर्विस कमीशन ने फरीदाबाद स्थित हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के एक भूखंड से संबंधित मामले में सभी तथ्यों एवं परिस्थितियों पर विचार करने के उपरांत कड़ा रुख अपनाया है। आयोग ने पाया कि दिनांक 08.10.2025 के अंतरिम आदेशों में स्पष्ट निर्देश दिए जाने के बावजूद आवंटन पत्र की शर्तों के अनुसार 5.5 प्रतिशत की दर से विलंबित कब्जा ब्याज का भुगतान अब तक नहीं किया गया, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं अनुचित है।

    आयोग ने स्पष्ट किया कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सक्षम अधिकारियों द्वारा कोई संतोषजनक कारण प्रस्तुत नहीं किया गया, जबकि एस्टेट अधिकारी द्वारा समय रहते अतिरिक्त धनराशि की मांग की गई थी। आदेशों की प्रतिलिपि फील्ड कार्यालय एवं मुख्यालय—दोनों को भेजी जा चुकी थी, इसके बावजूद अनुपालन न होना अधिकारियों की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि वह अधिकारियों को प्रशासनिक मार्गदर्शन देने का मंच नहीं है और भविष्य में अपेक्षा की जाती है कि अधिकारी यथोचित सावधानी रखेंगे ।

    आयोग के प्रवक्ता ने बताया कि सुनवाई के दौरान दिए गए आश्वासन के आधार पर आयोग ने निर्देश दिए हैं कि एस्टेट अधिकारी द्वारा मांगी गई धनराशि शीघ्र स्थानांतरित की जाए तथा 19.12.2025 तक विलंबित कब्जा ब्याज की राशि संबंधित आवंटी के खाते में जमा कराई जाए। किसी भी प्रकार की आगे की देरी होने पर आयोग संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई करने के लिए बाध्य होगा।

    इसके अतिरिक्त, आयोग ने वर्ष 2022 में सेक्टर 76 एवं 77, फरीदाबाद में विकास कार्य पूर्ण हुए बिना ई-नीलामी किए जाने के मामले पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की है। आयोग ने इस निर्णय की जिम्मेदारी तत्कालीन मुख्य प्रशासक, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण पर निर्धारित करते हुए कहा कि इस “अनुमान आधारित निर्णय” के कारण न केवल वर्तमान आवंटी बल्कि अनेक अन्य आवंटियों को भी अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ी। यह विषय उचित कार्रवाई हेतु हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव के संज्ञान में भी लाया गया है।

    हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा अपने स्तर पर विलंबित कब्जा ब्याज देने की कोई सक्रिय एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था नहीं है और अधिकांश मामलों में आवंटियों को राहत केवल आयोग के हस्तक्षेप के बाद ही मिल पाती है, जो अत्यंत चिंताजनक है।

    आवंटी को हुई मानसिक पीड़ा एवं उत्पीड़न को ध्यान में रखते हुए आयोग ने हरियाणा राइट टू सर्विस अधिनियम, 2014 की धारा 17(1)(ह) के अंतर्गत अधिकतम 5,000 रुपये का मुआवजा प्रदान करने के आदेश दिए हैं। प्राधिकरण को निर्देश दिए गए हैं कि यह राशि पहले अपने स्तर पर भुगतान की जाए तथा बाद में दोषी अधिकारियों से वसूली की कार्रवाई की जाए।

    आयोग ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने एवं निर्धारित तिथियों के भीतर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी जारी किए हैं।

  • हरियाणा में बस ट्रैकिंग ऐप विकसित, यात्रियों को बस की सटीक स्थिति की जानकारी उपलब्ध

    हरियाणा में बस ट्रैकिंग ऐप विकसित, यात्रियों को बस की सटीक स्थिति की जानकारी उपलब्ध

    चण्डीगढ- हरियाणा के परिवहन मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि राज्य परिवहन की बसों में ऑटोमेटिक टिकटिंग सिस्टम के साथ-साथ बसों की जानकारी के लिए ट्रैकिंग सिस्टम तथा ऐप को भी विकसित किया जा रहा है ताकि यात्रियों को यात्रा करने में सुगमता और सटीक जानकारी उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि फतेहाबाद-हिसार लोकल मार्ग पर चलने वाली सभी बसें भोडा-होशनाक एवं खाराखेडी गांवों के बस स्टॉप पर रूकती है और प्रतिदिन 66 फेरे लगाती है।विज आज यहां चण्डीगढ में हरियाणा विधानसभा में चल रहे शीतकालीन सत्र के दौरान लगाए गए एक प्रश्न का उत्तर दे रहे थें। उन्होंने कहा कि बसों में ऑटोमेटिक टिकटिंग का सिस्टम लगाया हुआ है और इस सिस्टम को ओर अधिक एडवांस किया जा रहा हैं ताकि अब पेटिम/कार्ड इत्यादि से भी यात्री टिकटें ले सकें और पूरा रिकॉर्ड भी रह सकें।

    परिवहन मंत्री ने कहा कि बस अडडों पर बसों के जाने के लिए ट्रैकिंग सिस्टम लगाने के आदेश दिए गए हैं, जिसका काफी कार्य पूरा भी हो चुका है। बसों की जानकारी के संबंध में एक ऐप भी विकसित की गई है। इस ऐप के माध्यम से कोई भी आदमी यह देख सकता है कि मेरी बस कितनी दूर है।

  • हरियाणा सरकार ने रेवाड़ी में नई जल भंडारण सुविधा के निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाए

    हरियाणा सरकार ने रेवाड़ी में नई जल भंडारण सुविधा के निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाए

    चंडीगढ़: हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि रेवाड़ी में नई जल भंडारण सुविधा का निर्माण करने की दिशा में सरकार अग्रसर हैं। गंगवा आज विधानसभा के शीतकालीन सत्र में रेवाड़ी से विधायक लक्ष्मण सिंह यादव द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि रेवाड़ी शहर में पेयजल आपूर्ति, कलाका एवं लिसाना ग्रामों में स्थित दो नहर आधारित जल संयंत्रों के माध्यम से की जा रही है। वर्तमान में शहर को 135 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन (एलपीसीडी) की दर से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।

    उन्होंने कहा कि शहर की भावी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नहरी पानी की भंडारण क्षमता में वृद्धि हेतु, भगवानपुर ग्राम की 9 एकड़ 7 कनाल 5 मरला पंचायत भूमि को विभाग द्वारा जून 2025 को खरीदा गया है। भूमि पर अतिरिक्त नहरी जल भंडारण टैंक नयागांव स्थित मुख्य स्टॉर्म वॉटर पंपिंग स्टेशन के सृदृढ़ीकरण  हेतु 2605.66 लाख रुपये की लागत का अनुमान अक्तूबर 2025 को प्रशासनिक रूप से स्वीकृत किया गया है। इस हेतु पैकेज-1 का टेंडर जारी किया जा चुका है तथा पैकेज-2 की प्रक्रिया प्रगति पर है।

    कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि इसके अतिरिक्त, और अधिक नहरी जल भंडारण की आवश्यकता को दृष्टिगत रखते हुए, विभाग द्वारा भूमि अधिग्रहण के लिए ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से प्रक्रिया आरंभ की जा चुकी है। भूमि स्वामियों द्वारा प्रस्तावित 45.375 एकड़ उपयुक्त भूमि को नीतिगत दरों पर वार्ता हेतु नवंबर 2025 को निदेशक, भूमि अभिलेख को सचिवों की समिति की बैठक आयोजित करने हेतु प्रस्तुत किया गया है।

  • हरियाणा ऑनलाइन ट्रांसफर ड्राइव में मेडिकल सर्टिफिकेट की समय सीमा बढ़ी, अब 25 दिसंबर तक जमा करें

    हरियाणा ऑनलाइन ट्रांसफर ड्राइव में मेडिकल सर्टिफिकेट की समय सीमा बढ़ी, अब 25 दिसंबर तक जमा करें

    चंडीगढ़- हरियाणा में चल रही ऑनलाइन ट्रांसफर ड्राइव में शामिल कर्मचारी मॉडल अब 25 दिसंबर, 2025 तक अपना मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाकर अपने संबंधित चेकर के पास जमा करा सकेंगे। इस तिथि के बाद जारी किसी भी मेडिकल सर्टिफिकेट पर, चल रही ट्रांसफर ड्राइव में विचार नहीं किया जाएगा।

    मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा इस सम्बन्ध में जारी एक पत्र में चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग को निर्देश दिए गए है कि मेडिकल सर्टिफिकेट जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए ताकि मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पाॅलिसी के परिशिष्ट-1 में वर्णित दुर्बलकारी रोगों के आधार पर अंकों का दावा करने के इच्छुक कर्मचारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक प्रमाण-पत्र प्राप्त कर सकें। गौरतलब है कि ये सर्टिफिकेट अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), पीजीआई चंडीगढ़, पीजीआईएमएस रोहतक और हरियाणा, दिल्ली या चंडीगढ़ स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेजों द्वारा गठित मेडिकल बोर्डों के माध्यम से जारी किए जाने हैं।

    उल्लेखनीय है कि 23 मई, 2025 को जारी मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पाॅलिसी की अधिसूचना के उपरांत राज्य सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा 17 नवंबर, 2025 से ऑनलाइन ट्रांसफर ड्राइव शुरू की गई है। ट्रांसफर पाॅलिसी के प्रावधानों के अनुसार, दुर्बलकारी रोग (स्वयं/पति या पत्नी/अविवाहित पुत्र/पुत्री) के आधार पर 10 अंक का दावा करने के इच्छुक कर्मचारियों को 31 अक्टूबर, 2025 तक वैध मेडिकल सर्टिफिकेट प्राप्त करना आवश्यक था।

    इसके अलावा, सरकार ने ये भी निर्देश दिए हैं कि कर्मचारियों के आवेदनों की समुचित जांच करने के उपरांत आवेदन प्राप्त होने की तिथि से यथासंभव तीन दिन के भीतर मेडिकल सर्टिफिकेट जारी किए जाएं ताकि राज्य में चल रही ऑनलाइन ट्रांसफर ड्राइव को समयबद्ध रूप से पूरा किया जा सके।

  • मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेता प्रतिपक्ष चुने जाने पर व्यक्त की शुभकामनाएं

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेता प्रतिपक्ष चुने जाने पर व्यक्त की शुभकामनाएं

    चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सदन के नेता के रूप में हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन एक नई परंपरा की शुरुआत करते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा को नेता प्रतिपक्ष के रूप में चुने जाने पर बधाई दी एवं अभिनंदन किया जो हरियाणा विधानसभा के इतिहास में पहली बार हुआ है कि विपक्ष के नेता चुने जाने पर सदन के नेता द्वारा नेता प्रतिपक्ष का स्वागत किया गया हो।

    मुख्यमंत्री की इस पहल का भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी स्वागत किया और कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं। लोकहित में मनभेद नहीं होने चाहिए। विपक्ष की ओर से हम केवल राजनीतिक मतभेद तक ही अपने आपको सीमित रखेंगे और यही आशा सत्ता पक्ष से भी है, इस तरह हम जनता की बेहतर तरीके से सेवा कर सकेंगे।

    नायब सिंह सैनी ने विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा का स्वागत करते हुए कहा कि 15वीं विधानसभा को विपक्ष के नेता के रूप में भूपेंद्र सिंह हुड्डा जैसे वरिष्ठ एवं अनुभवी नेता मिले हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा हरियाणा की राजनीति का एक ऐसा नाम हैं, जो राजनीतिक अनुभव, विधायी कार्यों की गंभीरता और गहन प्रशासनिक समझ के प्रतीक माने जाते हैं। उन्होंने छात्र राजनीति से लेकर विधानसभा व संसद तक, हर मंच पर सक्रिय भूमिका निभाई है। इसी विश्वास के बलबूते वे 4 बार लोकसभा तथा 6 बार विधानसभा के लिए चुने गए।

    हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में 10 वर्षों तक भूपेंद्र सिंह हुड्डा इस महान सदन के नेता भी रहे हैं। उनका संसदीय अनुभव, प्रक्रियाओं की गहरी समझ और विषयों पर उनका मजबूत पकड़, सरकार और विपक्ष, दोनों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।

    उन्होंने कहा कि विपक्ष का नेता लोकतंत्र में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वह सरकार की नीतियों पर प्रश्न उठाता है। वह सुझाव देता है और जनता की आवाज़ को सदन तक पहुंचाता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा जैसे अनुभवी नेता का इस पद पर होना निश्चित रूप से इस सदन की कार्यवाही को अधिक सार्थक, गंभीर और रचनात्मक बनाएगा।

    हरियाणा आज विकास के एक नए दौर से गुजर रहा है। प्रदेश की जनता ने हमें ‘नॉन स्टॉप’ सेवा और सुशासन की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश की इस विकास यात्रा में सरकार और विपक्ष, दोनों की भूमिका महत्वपूर्ण है। यदि अनुभव और ऊर्जा मिलकर काम करें तो जनहित के बड़े लक्ष्य आसानी से हासिल किए जा सकते हैं।

     

     

     

     

     

     

  • हरियाणा विधानसभा में गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस पर सम्मानपूर्वक प्रस्ताव पारित

    हरियाणा विधानसभा में गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस पर सम्मानपूर्वक प्रस्ताव पारित

    चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सदन में श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान दिवस पर प्रदेशभर में कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी श्री गुरु तेग बहादुर शहीदी दिवस आयोजन समिति, सभी जनप्रतिनिधियों, समाजसेवी संगठनों और नागरिक संस्थाओं का आभार व्यक्त किया गया। इस संबंध में एक प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके अलावा, सदन की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने 25 नवम्बर को ज्योतिसर, कुरुक्षेत्र में आयोजित विशाल समागम में गुरुजी को नमन किया और अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में भी शामिल हुए।

    मुख्यमंत्री शीतकालीन सत्र के पहले दिन संसदीय कार्य मंत्री महीपाल ढांडा द्वारा श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों के लिए सरकारी प्रस्ताव प्रस्तुत करने के बाद चर्चा के दौरान सदन में बोल रहे थे।

    नायब सिंह सैनी ने नवम पातशाह ‘हिन्द की चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें बलिदान दिवस के संबंध में अपनी, हरियाणा सरकार की तथा हरियाणा के जन-जन की भावनाएं प्रस्तुत करते हुए कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी का जीवन और बलिदान भारतीय सभ्यता की उस आत्मा का प्रतीक है, जिसने सत्य, धर्म और मानव गरिमा की रक्षा के लिए स्वयं को न्योछावर करना स्वीकार किया, लेकिन अन्याय व अधर्म के सामने झुकना कभी स्वीकार नहीं किया।

    उन्होंने कहा कि गत 25 अगस्त, 2025 को इसी सदन में सर्वसम्मति से यह संकल्प लिया था कि जन-जन को प्रेरित करने के लिए श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान वर्ष को पूरे प्रदेश में गरिमा और गौरवपूर्ण तरीके से मनाया जाएगा। यह प्रस्ताव हरियाणा की धरती की उस परंपरा का विस्तार था, जिसने हमेशा गुरुओं, संतों और महापुरुषों के आदर्शों को अपने सामाजिक जीवन में अपनाया है। इसी संकल्प को साकार करने के लिए गत 3 नवम्बर को चंडीगढ़ में एक सर्वदलीय बैठक का आयोजन किया गया। इसमें सभी राजनीतिक दलों ने श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी वर्ष के आयोजन को भव्य बनाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

    इस बैठक में निर्णय लिया गया कि हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, हरियाणा सरकार सहयोग करेगी। इसके अलावा, यह भी निर्णय लिया गया था कि श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान वर्ष को समर्पित चार यात्राएं जिस—जिस मार्ग और क्षेत्र से गुजरेंगी या रात को यात्राओं का ठहराव होगा, वहां सभी दलों के नेता इन यात्राओं का स्वागत करेंगे।

    उन्होंने कहा कि यह सर्वदलीय बैठक हरियाणा की लोकतांत्रिक परंपरा और सांस्कृतिक एकता का सुंदर उदाहरण बनी, जिसमें राजनीति से ऊपर उठकर सभी द्वारा हमारे गौरवशाली इतिहास और विरासत के प्रति सम्मान प्रकट किया गया। उन्होंने कहा कि इस बैठक में सभी विपक्षी सदस्यों व नेताओं ने अपने सुझाव दिए थे और इन सुझावों पर काम किया गया।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के साथ मिलकर पूरे प्रदेश में अनेक आयोजन किए। इनका उद्देश्य गुरु साहिब को नमन करना तथा नई पीढ़ी को गुरु साहिब के जीवन, उनकी शिक्षाओं और उनके बलिदान से प्रेरित करना भी था। पूरे नवंबर के महीने में पूरे प्रदेश में श्री गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान के प्रति श्रद्धा और चेतना का एक निरंतर प्रवाह देखने को मिला।

    श्री गुरु साहिब के बलिदान को समर्पित पहली पावन यात्रा सिरसा जिले के रोड़ी से 8 नवंबर को रवाना की थी। इसके बाद पिंजौर, फरीदाबाद और सढौरा से भी विशाल यात्राएं निकाली गईं। इन चारों यात्राओं में हर कोने से लगभग डेढ़ लाख लोगों ने भागीदारी की गुरु जी को नमन किया। ये यात्राएं 20 जिलों के 500 से अधिक गांवों से होकर गुजरी और गुरु साहिब के संदेश को जन-जन तक पहुंचाती हुई ये यात्राएं 24 नवम्बर को धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र पहुंचीं। इन यात्राओं का हर धर्म और हर वर्ग के लोगों ने हर गांव, हर शहर में राजनीतिक, सामाजिक व धार्मिक विचार धाराओं से ऊपर उठकर बढ़-चढ़कर स्वागत किया।

     

     

    ज्योतिसर, कुरुक्षेत्र में 25 नवम्बर को श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन प्रकाश में आयोजित विशाल समागम ने हमारे संकल्प को एक नई आध्यात्मिक ऊंचाई प्रदान की। इस समागम में प्रदेश के कोने-कोने से आए लाखों श्रद्धालुओं ने गुरु जी को नमन किया। उस दिन भगवान श्री राम की जन्म भूमि अयोध्या से लेकर भगवान श्री कृष्ण की कर्मभूमि कुरुक्षेत्र तक एक विशेष आस्था का प्रवाह देखने को मिला। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी इस प्रवाह के विशेष संवाहक बने।

    प्रधानमंत्री ने श्री गुरु तेग बहादुर जी को समर्पित भारत सरकार द्वारा जारी किए गए एक सिक्के, एक डाक टिकट और हरियाणा सरकार द्वारा बनाई गई कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। इन सभी ने इस आयोजन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई।

    उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में 350 रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया, जिसमें 23 हजार से अधिक यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। गुरुजी की शिक्षाओं से बच्चों को प्रेरित करने के उद्देश्य से प्रदेश के सभी स्कूलों में संस्कृत, हिन्दी, पंजाबी और अंग्रेजी भाषाओं में निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें 3 लाख 50 हजार विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसी तरह, गुरु जी के जीवन पर एक राज्य स्तरीय कहानी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। यह भावी पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने का एक सफल प्रयास रहा।

    इसके अलावा, चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय, सिरसा में राष्ट्रीय स्तर का सेमिनार आयोजित किया गया। वहीं, गुरु जी के नाम पर एक चेयर स्थापित करने का निर्णय लिया। यह चेयर शोध और अध्ययन के माध्यम से उनके विचारों को आने वाली पीढ़ियों तक जीवंत रखने का माध्यम बनेगी।

    उन्होंने कहा कि गुरुजी की याद को चिरस्थाई बनाए रखने के लिए गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक, अंबाला का नामकरण श्री गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर किया गया। इसी प्रकार, टोहाना-जींद-धमतान साहिब सड़क का नाम श्री गुरु तेग बहादुर मार्ग रखा गया। इसी कड़ी में, करनाल में आयोजित ‘हिन्द की चादर’ मैराथन, में लगभग 80 हजार लोगों ने भाग लिया। साथ ही, बढ़खालसा में दादा कुशाल सिंह दहिया जी के बलिदान स्थल पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह ने उस वीर नायक को सम्मान दिया। विभिन्न कार्यक्रमों में भाई जैता जी, भाई दयाला जी, भाई सती दास जी और भाई मती दास जी के अद्वितीय बलिदानों को स्मरण कर उन्हें भी श्रद्धांजलि दी गई।

    यमुनानगर जिले के कलेसर में श्री गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर वन विकसित करने का निर्णय लिया। वहां पौधारोपण कर वन्य जीव संरक्षण ब्लॉक का निर्माण किया गया और श्री गुरु तेग बहादुर जी द्वार का निर्माण भी किया गया। यमुनानगर जिले के ही किशनपुरा में गुरु तेग बहादुर कृषि महाविद्यालय खोलने की घोषणा कर श्री गुरु साहिब के नाम को शिक्षा और कृषि से जोड़ा गया।

    25 नवम्बर को विशाल समागम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुजी को नमन किया। उसी दिन उनका अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में भी शामिल होना हरियाणा के लिए गौरव का क्षण था। उन्होंने महाभारत थीम पर आधारित ‘अनुभव केंद्र’ और भगवान श्री कृष्ण जी के पवित्र शंख के नाम पर ‘पंचजन्य स्मारक’ का लोकार्पण किया। इसके बाद 28 नवंबर को प्रधानमंत्री ने उडुपी में अनुभव केंद्र की प्रशंसा करते हुए लोगों से इसे देखने की अपील की। उन्होंने 30 नवंबर को अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी इसका उल्लेख किया। यह हरियाणा के लिए अत्यंत गर्व और गौरव की बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सदन की ओर से प्रधानमंत्री को धन्यवाद ज्ञापन पत्र जाना चाहिए।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में स्कूलों में निबंध प्रतियोगिताएं आरंभ कर दी गई हैं ताकि साहिबजादों के जीवन से बच्चों को प्रेरणा मिले। हरियाणा केवल वीरों की भूमि नहीं, बल्कि गुरुओं की भी धरती है। लगभग सभी सिख गुरुओं ने अपने पावन चरणों से हरियाणा की धरती को पवित्र किया है। उनकी याद में जगह-जगह पर गुरु घर बने हुए हैं। प्रदेश की जनता में गुरुओं के प्रति गहन श्रद्धा है। इसी श्रद्धा का प्रवाह श्री गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस कार्यक्रमों में देखने को मिला। प्रदेश के हर गांव, हर शहर और कोने-कोने से लोगों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।

    हमारा दायित्व है कि हम अपनी नई पीढ़ियों को श्री गुरु तेग बहादुर जी के संदेश, उनके आदर्शों और उनके निर्भीक जीवन से प्रेरित करते रहें। इसलिए वे हरियाणा सरकार की ओर से श्री गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस के कार्यक्रमों में राजनीतिक मतभेदों तथा धार्मिक अंतरों से ऊपर उठकर पूरे उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए सभी प्रदेशवासियों, हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, श्री गुरु तेग बहादुर शहीदी दिवस आयोजन समिति, सभी जनप्रतिनिधियों, समाजसेवी संगठनों और नागरिक संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हैं। साथ ही, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भी आभार व्यक्त किया।

    मुख्यमंत्री ने सदन से सरकारी प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित करने का अनुरोध किया और उनके अनुरोध पर प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया।