Category: Government News>Haryana Govt

  • तंबाकू नियंत्रण में हरियाणा राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी बनकर उभरा

    तंबाकू नियंत्रण में हरियाणा राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी बनकर उभरा

    चंडीगढ़: हरियाणा ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की पहली दो तिमाहियों के दौरान राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (एनटीसीपी) के तहत उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज की हैं, जिसने प्रभावी प्रवर्तन, जागरूकता सृजन, नशा मुक्ति सेवाओं और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से एक तंबाकू-मुक्त समाज बनाने की अपनी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ किया है।

    हरियाणा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने उपलब्धियों को साझा करते हुए कहा कि तंबाकू-मुक्त शैक्षणिक संस्थान (टीओएफईआई) दिशा-निर्देशों के तहत 12,865 शैक्षणिक संस्थानों को तंबाकू-मुक्त घोषित किए जाने के साथ हरियाणा तंबाकू नियंत्रण में अग्रणी राज्यों में से एक बनकर उभरा है। उन्होंने आगे कहा कि राज्य ने राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत तंबाकू नियंत्रण प्रतिज्ञाओं (शपथ) की संख्या के मामले में देश में दूसरा स्थान हासिल किया है, जो व्यापक जनभागीदारी और मजबूत अंतर-विभागीय समन्वय को दर्शाता है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि सरकार तंबाकू-मुक्त गाँव बनाने की दिशा में भी तेजी से प्रगति कर रही है, जिसके तहत 1,128 गाँवों को पहले ही तंबाकू-मुक्त घोषित किया जा चुका है, जो आने वाली पीढ़ियों को तंबाकू के हानिकारक प्रभावों से बचाने के लिए हरियाणा की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।

    तंबाकू नियंत्रण कानूनों का कड़ाई से पालन कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता बनी हुई है। रिपोर्टिंग अवधि के दौरान, कोटपा (COTPA), 2003 की धारा 4 के तहत 3,848 उल्लंघनकर्ताओं के चालान किए गए, जिससे जुर्माने के रूप में ₹1.82 लाख एकत्र हुए। इसके अलावा, प्रवर्तन एजेंसियों ने इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम, 2019 के तहत छह मामले दर्ज किए और 33 इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट का स्टॉक जब्त किया। उन्होंने आगे जानकारी दी कि सभी जिला अस्पतालों और 17 मेडिकल/डेंटल कॉलेजों में संचालित तंबाकू नशा मुक्ति केंद्रों ने 20,414 तंबाकू उपयोगकर्ताओं को परामर्श और उपचार सेवाएं प्रदान कीं, जिससे उन्हें पेशेवर परामर्श और फार्माकोथेरेपी के माध्यम से तंबाकू छोड़ने में मदद मिली।

    हरियाणा के राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के राज्य नोडल अधिकारी डॉ. ब्रह्मदीप सिंह ने कहा कि इन उपलब्धियों को हासिल करने में व्यापक जागरूकता गतिविधियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वित्तीय वर्ष की पहली छमाही के दौरान, 13,524 शैक्षणिक संस्थानों का मूल्यांकन किया गया, 10,500 से अधिक तंबाकू-मुक्त प्रतिज्ञा सत्र आयोजित किए गए, और राज्य भर में 4,255 स्कूल रैलियां तथा 4,633 जागरूकता प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

    तंबाकू-मुक्त गांव पहल के तहत, 1,444 ग्राम सभा बैठकों, 2,247 जागरूकता गतिविधियों और 1,002 ग्राम स्तरीय समन्वय समितियों के गठन ने सामुदायिक भागीदारी को मजबूत किया है। इस कार्यक्रम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से एक व्यापक डिजिटल पहुंच भी बनाए रखी है, जिससे तंबाकू नियंत्रण पर निरंतर जन जुड़ाव सुनिश्चित हुआ है।

    स्वास्थ्य विभाग ने कानून के प्रवर्तन को और मजबूत करने, नशामुक्ति सेवाओं का विस्तार करने तथा शैक्षणिक संस्थानों, गाँवों और सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू-मुक्त वातावरण को बढ़ावा देने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई, जिससे एक स्वस्थ और तंबाकू-मुक्त हरियाणा के निर्माण में योगदान दिया जा सके।

     

     

  • लोगों को सुलभ, किफायती और त्वरित न्याय देने के लिए हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की अनूठी पहल

    लोगों को सुलभ, किफायती और त्वरित न्याय देने के लिए हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की अनूठी पहल

    चंडीगढ़: लोगों को सुलभ, किफायती और त्वरित न्याय दिलाने के लिए हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति दीपक सिबल ने एक अनूठी पहल की है। जिसके तहत 18 जुलाई को नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट’ के तहत सभी जिलों में एक साथ विशेष लोक अदालतों का आयोजन किया गया, जिसमें 9,590 मामलों का सौहार्दपूर्ण ढंग से निपटारा किया गया।

    प्राधिकरण द्वारा यह विशेष पहल से विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान को बढ़ावा देने और वैकल्पिक विवाद समाधान (ADR) तंत्र को मजबूत करने के प्रति हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रतिबद्धता की पुष्टि हुई। इन समझौतों से लंबे समय से लंबित मामलों का त्वरित समाधान संभव हुआ, जिससे पक्षकारों को लंबी कानूनी लड़ाई से बचने, काफी समय और खर्च बचाने और आपसी सहमति से स्वीकार्य समाधानों के माध्यम से सौहार्दपूर्ण संबंध बहाल करने में मदद मिली।

    विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन ने हरियाणा की अदालतों में चेक बाउंस होने के मामलों की लंबित संख्या को कम करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, साथ ही विवाद समाधान के लिए एक प्रभावी, कुशल और नागरिक-अनुकूल तंत्र के रूप में लोक अदालत संस्था में जनता के विश्वास को भी मजबूत किया है। विशेष लोक अदालतों के दौरान 97,29,66,109 रुपये की राशि का निपटारा किया गया, जो विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान में लोक अदालत तंत्र की प्रभावशीलता को उजागर करता है।

  • युवा नशे से नहीं, खेल और शिक्षा से जुड़ें, तभी बनेगा विकसित भारत : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

    युवा नशे से नहीं, खेल और शिक्षा से जुड़ें, तभी बनेगा विकसित भारत : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

    चंडीगढ़: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज, संस्कार और मानवता की रक्षा का अभियान है। उन्होंने कहा कि नशा अनेक परिवारों को बर्बाद कर रहा है और युवाओं के भविष्य को अंधकार की ओर धकेल रहा है। ऐसे में इसे जनभागीदारी के माध्यम से जन आंदोलन का स्वरूप देना समय की आवश्यकता है।

    मुख्यमंत्री शनिवार को करनाल स्थित हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन में आयोजित “एक पुलिस, एक संकल्प – ‘ड्रग्स मुक्त हरियाणा’” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। हरियाणा पुलिस के सभी थाना प्रभारियों (एसएचओ) के साथ आयोजित इस संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश को पूर्णतः नशामुक्त बनाने के संकल्प को और सुदृढ़ करना तथा इस दिशा में प्रभावी रणनीति तैयार करना था।

    सुपर-100 के 70 विद्यार्थियों को दी बधाई

    मुख्यमंत्री ने नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले सुपर-100 कार्यक्रम के 70 विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इनका मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने कहा कि इनमें अधिकांश विद्यार्थी आर्थिक रूप से कमजोर एवं साधारण परिवारों से हैं। उनकी सफलता सरकार द्वारा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के प्रयासों का परिणाम है।

     

    इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग की त्रैमासिक पत्रिका का विमोचन भी किया। पत्रिका में विदेशों से प्रत्यर्पित कर भारत लाए गए अपराधियों सहित विभाग की प्रमुख उपलब्धियों और महत्वपूर्ण अभियानों का उल्लेख किया गया है।

    हर थाना सामाजिक परिवर्तन का केंद्र बने

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक थाना केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित न रहे, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का केंद्र बने। थाना प्रभारी अपने क्षेत्र के विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायतों, स्वयंसेवी संस्थाओं, धार्मिक संगठनों और युवा मंडलों के साथ नियमित संवाद स्थापित करें तथा युवाओं को नशे और अपराध से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।

    उन्होंने कहा कि आज नशे का कारोबार आधुनिक तकनीक, सोशल मीडिया और संगठित अपराध के माध्यम से युवाओं तक पहुंच रहा है। इसलिए पुलिस को भी आधुनिक तकनीक के अनुरूप सजग, सक्रिय और सक्षम बनना होगा। केवल तस्करों की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना आवश्यक है। साथ ही पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करना भी उतना ही जरूरी है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता, संवेदनशीलता और पुनर्वास पर भी समान रूप से ध्यान देना होगा। जब पुलिस, परिवार, शिक्षक, चिकित्सक, सामाजिक संगठन, मातृशक्ति और युवा शक्ति एकजुट होकर कार्य करेंगे, तभी नशा मुक्त हरियाणा का लक्ष्य साकार होगा।

    उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। हरियाणा को खेलों का हब बनाना है, ताकि युवा नशे की गिरफ्त में आने के बजाय मैदान में उतरकर देश के लिए स्वर्ण पदक जीतें। स्वस्थ, अनुशासित और खेल संस्कृति से जुड़े युवा ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति बनेंगे।

    हर स्तर पर बनेगी नशा मुक्ति टास्क फोर्स

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जिला, उपमंडल, ब्लॉक, गांव और वार्ड स्तर तक नशा मुक्ति टास्क फोर्स का गठन करेगी। इसमें जनप्रतिनिधियों, थाना प्रभारियों, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, युवा एवं महिला मंडलों, केमिस्ट एसोसिएशन तथा समाज के प्रबुद्ध नागरिकों को शामिल किया जाएगा, ताकि नशे के खिलाफ व्यापक सामाजिक अभियान चलाया जा सके।

    उन्होंने थाना प्रभारियों से ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक थाना प्रभारी यह संकल्प ले कि उसके क्षेत्र में नशे का कारोबार नहीं होने देगा, तो नशा माफिया के लिए हरियाणा में कोई स्थान नहीं बचेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की वर्दी सेवा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है तथा उसका सम्मान हर परिस्थिति में सर्वोपरि रहना चाहिए।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए युवाओं का स्वस्थ, जागरूक, नशामुक्त और खेलों से जुड़ा होना आवश्यक है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों से आह्वान किया कि वे ‘नशा मुक्त हरियाणा’ अभियान को जन-जन का अभियान बनाकर प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

    पुलिस अधिकारियों की मांगों पर मुख्यमंत्री की घोषणाएं

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पुलिस अधिकारियों के साथ संवाद के दौरान विभाग से जुड़े विभिन्न सुझावों और मांगों पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। तफ्तीश (Investigation) हेड के तहत उपलब्ध राशि बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये की जाएगी, ताकि नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जांच अधिकारियों (आईओ) को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा सकें।

    नशा तस्करों के विरुद्ध उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को प्रोत्साहित करने के लिए एनडीपीएस मामलों में हरियाणा की अलग पुरस्कार नीति तैयार की जाएगी। इसके लिए अन्य राज्यों की पुरस्कार नीति का अध्ययन कर हरियाणा के अनुरूप नीति बनाई जाएगी।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि ड्यूल पर्पज़ ड्रग्स के दुरुपयोग को रोकने के लिए सॉफ्टवेयर आधारित एंड-टू-एंड मॉनिटरिंग सिस्टम विकसित किया जाएगा। इसके तैयार होने तक सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि ऐसी दवाओं के दुरुपयोग पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

    उन्होंने बताया कि ग्रुप-डी कर्मचारियों के कार्यों के बेहतर प्रबंधन के लिए भी सरकार विचार कर रही है। इसके लिए एक सॉफ्टवेयर विकसित किया जाएगा, जिससे कर्मचारियों की योग्यता और कौशल के अनुरूप उनकी ड्यूटी सुनिश्चित की जा सके।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग से मेडिकल अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, समाज कल्याण एवं स्वास्थ्य विभाग को प्रदेश के प्रत्येक जिले में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र स्थापित करने का विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए जाएंगे, विशेष रूप से संवेदनशील जिलों को प्राथमिकता दी जाएगी।

    गैंगस्टरों और अपराधियों के महिमामंडन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया से जुड़े प्रतिनिधियों तथा कंटेंट क्रिएटर्स के साथ बैठक कर सुझाव लिए जाएंगे, जिसके बाद आवश्यक एडवाइजरी जारी करने पर निर्णय लिया जाएगा।

     

    मुख्यमंत्री ने एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि जो थाना प्रभारी अपने क्षेत्र को प्रभावी रूप से नशामुक्त बनाने में सफल होगा, सत्यापन के उपरांत उसे सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से थाना प्रभारियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और नशा मुक्त हरियाणा अभियान को नई गति मिलेगी।

    इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि विभाग द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध पूरे प्रदेश में लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं तथा उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस केवल नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई ही नहीं कर रही, बल्कि जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक कर रही है। विभाग द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों तथा उनकी उपलब्धियों की भी जानकारी दी।

    इस अवसर पर विधायक योगेंद्र राणा, करनाल की मेयर रेणुबाला गुप्ता, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन की निदेशक कला रामचंद्रन, हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक नवदीप सिंह विर्क, पंकज नैन सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

     

     

     

  • मुख्यमंत्री ने स्व. गुरनाम सिंह गुर्जर को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, कहा- उनका निधन संगठन व समाज के लिए अपूरणीय क्षति

    मुख्यमंत्री ने स्व. गुरनाम सिंह गुर्जर को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, कहा- उनका निधन संगठन व समाज के लिए अपूरणीय क्षति

    चंडीगढ़: भाजपा जिला अंबाला कार्यकारिणी सदस्य, शहजादपुर के पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं ब्लॉक समिति शहजादपुर के पूर्व चेयरमैन गुरनाम सिंह गुर्जर का 17 जुलाई को हृदय गति रुकने से निधन हो गया ।हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को जिला अंबाला के गांव धनाना स्थित स्वर्गीय गुरनाम सिंह गुर्जर के निवास पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय गुरनाम सिंह गुर्जर की पार्थिव देह पर शॉल ओढ़ाकर तथा भारतीय जनता पार्टी का ध्वज अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वर्गीय गुरनाम सिंह गुर्जर के परिवार के सदस्यों से मिलकर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि स्वर्गीय गुरनाम सिंह गुर्जर भारतीय जनता पार्टी के कर्मठ, अनुशासित एवं समर्पित कार्यकर्ता थे। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया। उनका सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, जनसेवा के प्रति समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा सदैव प्रेरणादायी रहेगी।

    मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति दें।

     

  • हरियाणा में ईवी चार्जिंग नेटवर्क के विस्तार में डिस्कॉम की उल्लेखनीय उपलब्धि : विक्रम सिंह

    हरियाणा में ईवी चार्जिंग नेटवर्क के विस्तार में डिस्कॉम की उल्लेखनीय उपलब्धि : विक्रम सिंह

    चंडीगढ़: हरियाणा में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) को बढ़ावा देने की दिशा में बिजली वितरण निगमों ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) एवं दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) द्वारा प्रदेशभर में ईवी चार्जिंग नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है ।

    यूएचबीवीएन एवं डीएचबीवीएन के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के कहा कि 30 जून 2026 तक प्रदेश में 789 ईवी चार्जिंग स्टेशन एवं पॉइंट स्थापित किए जा चुके हैं, जो वर्ष 2026 के लिए निर्धारित 900 के लक्ष्य का लगभग 88 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ई-मोबिलिटी नीति तथा स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता के अनुरूप पूरे प्रदेश में आधुनिक, सुलभ एवं विश्वसनीय ईवी चार्जिंग अवसंरचना विकसित की जा रही है। उन्होंने कहा कि चार्जिंग नेटवर्क के विस्तार से इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने में तेजी आएगी, जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता कम होगी तथा कार्बन उत्सर्जन में कमी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी ।

    डिस्कॉम के विभिन्न परिचालन क्षेत्रों में लक्ष्य के अनुरूप उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। गुरुग्राम में 380 के लक्ष्य के मुकाबले 336, फरीदाबाद में 60 में से 49, मानेसर में 60 में से 54, सोनीपत में 150 में से 126, करनाल में 100 में से 89, पानीपत में 75 में से 64 तथा रोहतक में 75 के लक्ष्य के मुकाबले 71 ईवी चार्जिंग स्टेशन एवं पॉइंट स्थापित किए जा चुके हैं । उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को शेष लक्ष्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी प्रमुख शहरी, औद्योगिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में ईवी चार्जिंग सुविधाओं का व्यापक विस्तार सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित, सुविधाजनक, विश्वसनीय एवं निर्बाध चार्जिंग सेवाएं उपलब्ध हो सकें और हरियाणा स्वच्छ एवं सतत परिवहन की दिशा में अग्रणी राज्य के रूप में अपनी पहचान ओर मजबूत कर सके ।

     

  • स्वच्छता जनभागीदारी का सबसे बड़ा माध्यम, इसे हर व्यक्ति अपने जीवन का हिस्सा बनाए : कृष्ण लाल पंवार

    स्वच्छता जनभागीदारी का सबसे बड़ा माध्यम, इसे हर व्यक्ति अपने जीवन का हिस्सा बनाए : कृष्ण लाल पंवार

    चंडीगढ़: हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने शनिवार को पानीपत में इसराना विधानसभा क्षेत्र के गांव वैसर में आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छता अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं स्वच्छता अभियान में भाग लेकर ग्रामीणों को स्वच्छता का संदेश दिया तथा उपस्थित जनसमूह से अपने गांव, गली, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 171 गरीब एवं पात्र परिवारों को आवंटन पत्र भी वितरित किए।

    मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल सरकार का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक और नैतिक दायित्व है। जब तक समाज का प्रत्येक व्यक्ति स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत नहीं बनाएगा, तब तक स्वच्छ और स्वस्थ भारत का सपना पूरी तरह साकार नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए स्वच्छ भारत मिशन ने पूरे देश में स्वच्छता के प्रति नई जागरूकता पैदा की है और हरियाणा सरकार भी इस अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।

    स्वच्छ वातावरण से न केवल बीमारियों पर नियंत्रण पाया जा सकता है, बल्कि लोगों के जीवन स्तर में भी सुधार आता है। गांवों में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होने से पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक विकास को नई गति मिलती है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे खुले में कूड़ा फेंकने की प्रवृत्ति छोड़ें, कूड़े का उचित प्रबंधन करें तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

    विकास एवं पंचायत मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में ग्रामीण विकास को नई दिशा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। पंचायतों को अधिक सशक्त बनाया जा रहा है तथा गांवों में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, नालियां, सामुदायिक भवन, खेल सुविधाएं और अन्य मूलभूत विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य केवल विकास कार्य करवाना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक गांव को आत्मनिर्भर, स्वच्छ और आधुनिक बनाना है।

    प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रत्येक गरीब परिवार का अपना पक्का घर होना सरकार की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी पात्र परिवार आवास जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से आज गांव वैसर में 171 पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवंटन पत्र सौंपे गए हैं। उन्होंने लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अपना घर केवल एक भवन नहीं होता, बल्कि यह परिवार के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का आधार होता है।

    सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रयास किए जा रहे हैं। गरीब, किसान, मजदूर, महिलाएं, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की जा रही हैं।

    मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता अभियान को नियमित जन आंदोलन के रूप में संचालित किया जाए तथा पंचायतों के सहयोग से गांवों में साफ-सफाई की व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा प्रत्येक योजना का लाभ समयबद्ध तरीके से पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा।

     

     

  • अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हरियाणा के दो पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन

    अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हरियाणा के दो पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन

    चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हरियाणा के दो पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन -कालका और नरवाना का उद्घाटन करने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत प्रदेश के 34 रेलवे स्टेशनों का आधुनिक स्वरूप में पुनर्विकास किया जा रहा है जिस पर 1149 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मंडी डबवाली, होडल और जींद रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास पहले ही पूरा किया जा चुका है और इन्हें अमृत रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित किया गया है।

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज रेलवे स्टेशन कालका पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का जालंधर, पंजाब से सीधा प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत रेलवे स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित किया जिसमे हरियाणा के दो रेलवे स्टेशन कालका व नरवाना भी शामिल हैं ।

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह हरियाणावासियों के लिए बड़ी खुशी की बात है कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत हरियाणा के दो पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया है । ये स्टेशन हमारी संस्कृतिए पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था के नये प्रवेश द्वार बनेंगे।उन्होंने कहा की आज का दिन पूरे हरियाणा के लिए ऐतिहासिक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने करकमलों से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन सहित लगभग 15 हजार करोड़ रुपये लागत की 9 परियोजनाएं हरियाणा को दी हैं।

    एक समय था जब रेलवे परियोजनाएं वर्षों तक फाइलों में धूल खाती रहती थीं। स्टेशन केवल यात्रियों के आने जाने की जगह माने जाते थे। लेकिन आज रेलवे स्टेशन देश की नई पहचान, नई संस्कृति और नई अर्थव्यवस्था के केंद्र बन रहे हैं। हरियाणा इस परिवर्तन का जीवंत उदाहरण है। वर्ष 2014 में हरियाणा का रेल बजट केवल 315 करोड़ रुपये था। आज वर्ष 2026-27 में यही रेल बजट बढ़कर 3 हजार 566 करोड़ रुपये हो गया है। यह प्रधानमंत्री के हरियाणा के प्रति विश्वास, प्रतिबद्धता और विकास की प्राथमिकता का प्रमाण है।

    आज प्रदेश में लगभग 12 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। यह निवेश उ‌द्योग, व्यापार, पर्यटन, रोजगार और विकास की नई संभावनाओं को गति दे रहा है। हरियाणा की 1 हजार 574 किलोमीटर लंबी सभी रेलवे लाइनों का शत प्रतिशत विद्युतीकरण हो चुका है। यह पर्यावरण संरक्षण के साथ तेज, सुरक्षित और आधुनिक रेल परिवहन की मजबूत नींव भी है।

    आज भारत केवल रेलवे का विस्तार नहीं कर रहा बल्कि भविष्य की रेलवे का निर्माण कर रहा है। हरियाणा में आज 8 वंदे भारत एक्सप्रेस और 2 अमृत भारत एक्सप्रेस सेवाएं संचालित हो रही हैं। वंदे भारत भारत की गति का प्रतीक है और अमृत भारत अंतिम पंक्ति में खड़े सामान्य नागरिक की सुविधा का प्रतीक है। उन्होंने बताया की 844 करोड़ रुपये की लागत से रोहतक-महम-हांसी रेलवे लाइन का निर्माण 713 करोड़ रुपये की लागत से सोनीपत-जींद रेलवे लाइन का निर्माण, रोहतक में देश की पहली एलिवेटेड रेलवे लाइन तथा कुरुक्षेत्र में आधुनिक एलिवेटेड रेलवे ट्रैक बनाया गया है। ये परियोजनाएं विकास की वह नई सोच हैं जो समय बचाती हैं, यातायात सुगम बनाती हैं और शहरों को नई गति प्रदान करती हैं।

    मुख्यमंत्री ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेलवे को केवल यात्री सेवा तक सीमित नहीं रखा। रेलवे को देश की आर्थिक शक्ति बनाने का संकल्प लिया है। मानेसर में गति शक्ति कार्गो टर्मिनल और पाटली-मानेसर फ्रेट सेक्शन का संचालन, सोनीपत के बड़ी में रेल कोच रिपेयर फैक्टरी की स्थापना तथा प्रदेश में आधुनिक माल परिवहन नेटवर्क का विस्तार हरियाणा को राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स हब बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम हैं। इससे उ‌द्योगों की लागत घटेगी, निर्यात बढ़ेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।

    नायब सिंह सैनी ने कहा की सुरक्षित रेलवे किसी भी राष्ट्र की पहचान है। पिछले लगभग 12 वर्षों में हरियाणा में 33 रेलवे ओवरब्रिज और 139 रेलवे अंडरब्रिज बनाए गए हैं। 123 मानवरहित रेलवे फाटकों को समाप्त किया गया है। यह हजारों परिवारों की सुरक्षाए लाखों लोगों के समय की बचत और आधुनिक भारत की संवेदनशील शासन व्यवस्था का उदाहरण है। आज हरियाणा का रेल नेटवर्क तेजी से विस्तार कर रहा है। हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर प्रदेश की औ‌द्योगिक और आर्थिक तस्वीर बदलने वाला है। पलवल,सोहना,मानेसर और खरखौदा को जोड़ने वाली यह महत्वाकांक्षी परियोजना आने वाले समय में उ‌द्योग, निवेश और रोजगार का नया गलियारा बनेगी। करनाल-यमुनानगर रेलवे लाइन तथा जींद-हांसी रेलवे लाइन जैसी परियोजनाएं भी भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर आगे बढ़ाई जा रही हैं। हमारी डबल इंजन सरकार हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए भी आधारभूत संरचना तैयार कर रही है।

    मुख्यमंत्री ने कहा की हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को हरियाणा विज़न डॉक्यूमेंट 2047 के माध्यम से धरातल पर उतारने के लिए पूरी गति के साथ काम कर रहे हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य केवल बेहतर सड़कें और रेलवे बनाना नहीं बल्कि ऐसा हरियाणा बनाना है जहां किसान समृद्ध हो, युवा आत्मनिर्भर हो, उ‌द्योग विश्वस्तरीय हों, महिलाएं सुरक्षित व सशक्त हों और हर नागरिक को विकास का समान अवसर मिले।

    जनता से आग्रह करते हुए कहा कि ये रेलवे स्टेशन केवल सरकार की संपत्ति नहीं हैं। यह हम सबकी साझी विरासत है। इनकी स्वच्छता, सुरक्षा और गरिमा बनाए रखना हम सबका कर्तव्य है। जब नागरिक और सरकार साथ चलते हैंए तभी राष्ट्र नई ऊंचाइयां प्राप्त करता है। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने पुनर्विकसित कालका रेलवे स्टेशन का अवलोकन किया और यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

    इस अवसर पर राज्य सभा सांसद रेखा शर्मा, राज्य सभा सांसद कार्तिकेय शर्मा, हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, मेयर श्याम लाल बंसल, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक मकरंद पांडुरंग, हरियाणा शिवालिक विकास बोर्ड के कार्यकारी उपाध्यक्ष ओम प्रकाश देवीनगर, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, पंचकूला जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, नगर परिषद कालका के चेयरमैन कृष्ण लाल लांबा, हरियाणा विमुक्त घुमंतू जाति विकास बोर्ड के चेयरमैन जसमेर सिंह बंजारा, पूर्व मेयर मनवीर कौर गिल, उपायुक्त सतपाल शर्मा, पुलिस उपायुक्त अदिति सिंह डीआरएम अंबाला विनोद भाटिया, एसडीएम कालका संयम गर्ग एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति और भारी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

     

  • नीट 2026 में हरियाणा ‘सुपर-100’ का रहा ऐतिहासिक प्रदर्शन – शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा

    नीट 2026 में हरियाणा ‘सुपर-100’ का रहा ऐतिहासिक प्रदर्शन – शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा

    चंडीगढ़: हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने नीट-2026 परीक्षा में शिक्षा विभाग की महत्वाकांक्षी योजना ‘हरियाणा सुपर-100’ के विद्यार्थियों द्वारा दर्ज की गई सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह शानदार परिणाम इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि यदि सरकारी स्कूलों के होनहार विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन, अनुशासित शैक्षणिक माहौल और उत्कृष्ट संसाधन मिलें, तो वे राष्ट्रीय स्तर की किसी भी कठिन परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल कर सकते हैं।

    महीपाल ढांडा ने बताया कि इस वर्ष देश की सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-2026 में ‘हरियाणा सुपर-100’ कार्यक्रम से कुल 62 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 51 विद्यार्थियों (लगभग 82 प्रतिशत) ने अभूतपूर्व सफलता प्राप्त कर राज्य का नाम पूरे देश में रोशन किया है। उन्होंने विशेष रूप से प्रदेश की बेटियों की सराहना करते हुए कहा कि सफल होने वाले 51 विद्यार्थियों में से 31 छात्राएं हैं। बेटियों की यह 61 प्रतिशत की सफलता दर, राष्ट्रीय स्तर पर छात्राओं के औसत प्रदर्शन (58%) से भी कहीं अधिक है, जो प्रदेश में महिला सशक्तिकरण और प्रतिभा के विकास का एक नया व सशक्त उदाहरण है।

    परिणामों का विश्लेषण साझा करते हुए उन्होंने बताया कि 600 से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 5 विद्यार्थी, 550 से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 11 विद्यार्थी, 500 से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 12 विद्यार्थी तथा 400 से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 23 विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। जिलावार प्रदर्शन की बात की जाए तो हिसार 8 सफल विद्यार्थियों के साथ अग्रणी रहा, जिसके बाद रोहतक से 7, गुरुग्राम से 5 तथा झज्जर, सोनीपत, भिवानी और फरीदाबाद से 4-4 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है। यह दर्शाता है कि हरियाणा सुपर-100 का प्रभाव प्रदेश के हर हिस्से में समान रूप से फैल रहा है।

    शिक्षा मंत्री ने कहा कि विकल्प फाउंडेशन ट्रस्ट के सहयोग से संचालित यह कार्यक्रम सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले मेधावी और आर्थिक रूप से वंचित पृष्ठभूमि के बच्चों के सपनों को सच करने का एक प्रभावी मंच बन चुका है। महीपाल ढांडा ने इस गौरवमयी उपलब्धि के लिए सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, समर्पित शिक्षकों, मेंटर्स और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को हार्दिक बधाई दी। यह प्रदर्शन प्रदेश के लाखों अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। अब सरकारी स्कूलों के बच्चे बिना किसी भय के बड़े सपने देख सकते हैं, क्योंकि हरियाणा सरकार उनके सपनों को उड़ान देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

     

     

  • बिजली उपभोक्ताओं पर लंबित 56 करोड़ रुपये की राजस्व वसूली के लिए 45 दिवसीय विशेष अभियान शुरू

    बिजली उपभोक्ताओं पर लंबित 56 करोड़ रुपये की राजस्व वसूली के लिए 45 दिवसीय विशेष अभियान शुरू

    चंडीगढ़: हरियाणा राज्य में बिजली चोरी के मामलों में लंबित जुर्माना राशि की प्रभावी वसूली सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक श्री नवदीप सिंह विर्क ने सभी 22 जिलों के प्रवर्तन ब्यूरो थाना प्रभारियों को विशेष निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने राज्यभर में 45 दिवसीय विशेष अभियान चलाकर बिजली चोरी के मामलों में लंबित लगभग 56 करोड़ रुपये की राजस्व वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया है।

    डीजीपी ने निर्देश दिए हैं कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थानों के अभिलेखों एवं केस डायरी का गहन परीक्षण कर ऐसे सभी मामलों की सूची तत्काल तैयार करें, जिनमें एक लाख रुपये या उससे अधिक की जुर्माना राशि लंबित है। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी स्वयं निगरानी करते हुए बकाया जुर्माना राशि की शीघ्र वसूली सुनिश्चित करें तथा अभियान की नियमित समीक्षा करें।

    उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अभियान की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट तथा वसूल की गई जुर्माना राशि का विवरण प्रत्येक सोमवार को पुलिस अधीक्षक, प्रवर्तन मुख्यालय, शक्ति भवन को अनिवार्य रूप से भेजा जाए। उल्लेखनीय है कि हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो राज्य के सभी 22 प्रवर्तन थानों के माध्यम से चौबीसों घंटे कार्यरत है। ब्यूरो का प्रमुख दायित्व बिजली चोरी, पानी चोरी, अवैध खनन, अवैध शराब के कारोबार तथा अनधिकृत कॉलोनियों के विकास पर प्रभावी नियंत्रण रखना है।

    डीजीपी नवदीप सिंह विर्क ने कहा कि बिजली चोरी केवल आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि सामाजिक और पर्यावरणीय अपराध भी है। बिजली उत्पादन में जल और कोयले जैसे प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग होता है। ऐसे में बिजली चोरी प्राकृतिक संसाधनों के अनावश्यक दोहन को बढ़ावा देती है और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन की वर्तमान परिस्थितियों में बिजली की चोरी रोकना और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देना प्रकृति संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

    प्रवर्तन ब्यूरो समय-समय पर बिजली चोरी की रोकथाम एवं ऊर्जा संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक अभियान भी चलाता है, ताकि आमजन की सहभागिता से बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

     

  • हरियाणा को मिली बड़ी सौगात: पीएम मोदी ने जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, राज्यपाल और मुख्यमंत्री रहे मौजूद

    हरियाणा को मिली बड़ी सौगात: पीएम मोदी ने जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, राज्यपाल और मुख्यमंत्री रहे मौजूद

    चंडीगढ़: माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुक्रवार को जींद से भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने तथा हरियाणा की रेल, सड़क, स्वास्थ्य एवं अन्य आधारभूत संरचना से जुड़ी अनेक विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों में जिला स्तरीय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जींद के हुडा ग्राउंड में आयोजित इस ऐतिहासिक समारोह में हरियाणा के माननीय राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव उपस्थित रहे। जिलों में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रमों में संबंधित जिलों के प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक, अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा तथा ‘विकसित भारत–2047’ के संकल्प को साकार करने का सामूहिक संकल्प लिया।

    प्रधानमंत्री मोदी ने हरियाणा को दी 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास सौगातें, हाइड्रोजन ट्रेन देश की ऐतिहासिक उपलब्धि – ऊर्जा मंत्री अनिल विज

    हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हरियाणा आगमन का पूरे हरियाणावासियों की ओर से अनूठे अंदाज में स्वागत करते हुए कहा, “इस बरस सावन में अजब बात हुई, पहले गिरती थीं बूंदें, इस बरस नोटों की बरसात हुई, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी हरियाणा में आए हैं और 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास सौगातें लाए हैं।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा हरियाणा को मिली ये सौगातें प्रदेश के विकास को नई गति देंगी तथा जींद से सोनीपत के बीच देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ देश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। विज आज अम्बाला में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जींद से विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जींद से सोनीपत के बीच देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाए जाने के साथ हरियाणा का नाम इतिहास में दर्ज हो गया है। उन्होंने कहा कि कोयला, तेल और गैस जैसे पारंपरिक ऊर्जा संसाधन सीमित हैं और धीरे-धीरे समाप्त हो रहे हैं, ऐसे में हाइड्रोजन आधारित स्वच्छ ऊर्जा भविष्य के परिवहन की दिशा तय करेगी।

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा ने रचा इतिहास, स्वच्छ एवं हरित परिवहन की दिशा में देश का बड़ा कदम : कृष्ण लाल पंवार

    सोनीपत के जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि आज का दिन हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन से संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर भारत को हरित परिवहन के नए युग में प्रवेश कराया है। उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व के कारण हरियाणा को यह गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन अत्याधुनिक फ्यूल सेल तकनीक पर आधारित है। इसमें हाइड्रोजन और ऑक्सीजन की रासायनिक प्रक्रिया से विद्युत ऊर्जा उत्पन्न होती है, जिससे ट्रेन संचालित होती है। इस प्रक्रिया में किसी प्रकार का प्रदूषण नहीं होता और केवल जलवाष्प उत्सर्जित होती है। यह तकनीक पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की बड़ी उपलब्धि है।

    स्वच्छ ऊर्जा, आधुनिक तकनीक और आत्मनिर्भर भारत का प्रतीक बनी हाइड्रोजन ट्रेन: शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा

    पानीपत के जिला स्तरीय कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लेकर उपस्थित गण मान्य व्यक्तियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत हरियाणा से होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। यह केवल नई रेल सेवा नहीं, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा, आधुनिक तकनीक और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्वस्तरीय आधारभूत ढांचे की ओर तेजी से बढ़ रहा है और रेलवे में हो रहा यह परिवर्तन आने वाली पीढिय़ों के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

    हाइड्रोजन आधारित परिवहन भविष्य की आवश्यकता, हरित ऊर्जा को मिलेगा बढ़ावा : विपुल गोयल

    हरियाणा सरकार में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल ने कहा कि आज का दिन हरियाणा और देश के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को रवाना कर स्वच्छ ऊर्जा, आधुनिक परिवहन और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने लगभग 14 हजार 700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया, जिससे प्रदेश के बुनियादी ढांचे, परिवहन, उद्योग, ऊर्जा और जन सुविधाओं को नई गति मिलेगी तथा हरियाणा के विकास को और मजबूती मिलेगी।

    भारत में विकास की गति होगी तेज: श्याम सिंह राणा

    कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद की धरती से भारत देश की पहली और लंबी हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ किया है। इससे भारत देश को मजबूती मिलेगी और विकास की गति में तेजी आएगी। यह भारत के लिए बड़ी सौगात है। इस ट्रेन का संचालन जींद से सोनीपत तक होगा और आने वाले समय में इसके दायरे को बढ़ाया जाएगा। भारत देश बदल रहा है और विश्व में देश का डंका बज रहा है। प्रधानमंत्री के विकसित भारत बनाने के सपने को हम सब मिलकर साकार करेंगे। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री कैथल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि उपस्थितगण को संबोधित कर रहे थे।

    हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ देश को विकसित राष्ट्र बनाने की ओर बड़ा कदम : श्रुति चौधरी

    भिवानी में जिला स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए केबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जींद की धरती से हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करके देश को विकसित राष्ट्र बनाने की ओर बड़ा कदम उठाया गया है। यह एक अद्भुत एवं ऐतिहासिक लम्हा है जिसको देशवासी हमेशा याद रखेंगे। कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा हरियाणा की धरती से उठाया गया यह कदम देश को विकसित बनाने में मिल का पत्थर साबित होगा। कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा भिवानी में पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज का उदघाटन किए जाने के साथ ही स्वास्थ्य के क्षेत्र में लोगों को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वे जिले में मेडिकल कॉलेज लेकर आई थी और आज यह जिलावासियों को समर्पित हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्ति करते हुए कहा कि दिन-रात प्रदेश के लोगों के लिए काम में जुटे रहते हैं, देर रात तक लोगों की समस्याएं सुनने में लगे रहते हैं। सिंचाई के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सिंचाई विभाग में छह हजार करोड़ रूपये के बजट का प्रावधान करके किसानों के हित मे बड़ा काम किया है।

    मोदी के विजन और सैनी सरकार की प्रतिबद्धता से बदल रहा हरियाणा का स्वास्थ्य परिदृश्य: आरती सिंह राव

    स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि आज का दिन पूरे देश और विशेष रूप से हरियाणा के लिए ऐतिहासिक और गौरव का दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जनकल्याणकारी सोच के कारण हरियाणा विकास के नए अध्याय लिख रहा है। उन्होंने कहा कि जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाना और अमृत भारत योजना के तहत रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण भारत की तकनीकी क्षमता और हरित विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। कोरियावास स्थित महर्षि च्यवन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं राव तुलाराम अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने प्रदेश को लगभग 1,437.79 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दो नए मेडिकल कॉलेजों भिवानी के पंडित नेकी राम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज तथा कोरियावास के महर्षि च्यवन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं राव तुलाराम अस्पताल की सौगात देकर हरियाणा के स्वास्थ्य क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया है।