Category: Jammu and Kashmir

  • आर्मी कैंप में फटा हैंड ग्रेनेड, सेना के 2 जवान शहीद

    आर्मी कैंप में फटा हैंड ग्रेनेड, सेना के 2 जवान शहीद

    बारामूलाः जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां एलओसी से सटे उरी सेक्टर में एक आर्मी कैंप में हैंड ग्रेनेड फटने से सेना के दो जवानों की मौत हो गई हैं। अधिकारियों ने इस घटना की पुष्टि की है। अधिकारियों ने बताया है कि यह भयावह हादसा उरी सेक्टर के कमलकोट इलाके में स्थित सेना के एक कैंप में हुआ। कैंप में जवानों के बीच रोजाना की तरह हथियारों और सैन्य उपकरणों की शिफ्ट चेंज के दौरान सौंपने की प्रक्रिया चल रही थी।

    इसी दौरान एक हैंड ग्रेनेड अचानक फट गया। अचानक हुए जोरदार धमाके की चपेट में आने से ड्यूटी पर तैनात दो जवान गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायल जवानों को तुरंत सेना के 92 बेस हॉस्पिटल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल लाते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सेना ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। इस बीच, श्रीनगर स्थित डिफेंस पीआरओ ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा है कि वे संबंधित अधिकारियों से घटना की पूरी रिपोर्ट मिलने के बाद ही इस पर कोई आधिकारिक और विस्तृत टिप्पणी करेंगे।

     

  • उरी में सेना की बड़ी कार्रवाई, घुसपैठ की कोशिश नाकाम, 3 लोग गिरफ्तार

    उरी में सेना की बड़ी कार्रवाई, घुसपैठ की कोशिश नाकाम, 3 लोग गिरफ्तार

    जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में भारतीय सेना को बड़ी सफलता मिली है। सेना ने एक संयुक्त अभियान के दौरान घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई विशेष खुफिया सूचना मिलने के बाद की गई। भारतीय सेना की चिनार कोर ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के उरी क्षेत्र में सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मिलकर सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए तीन लोगों को पकड़ा गया।

    भागने की कोशिश कर रहे थे आरोपी
    सेना के अनुसार गिरफ्तार किए गए तीन लोगों में सोपोर के दो निवासी भी शामिल हैं। ये लोग अपने एक सहयोगी गाइड के साथ उरी सेक्टर के रास्ते भागने की कोशिश कर रहे थे। पहले से सतर्क जवानों ने उन्हें रोक लिया और बिना किसी नुकसान के गिरफ्तार कर लिया।

    पकड़े गए व्यक्ति को पुलिस को सौंपा गया
    सेना ने बताया कि पकड़े गए घुसपैठिए को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई हैं।

    एलओसी पर बढ़ाई गई सुरक्षा
    नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कड़ी कर दी गई है। सेना और सुरक्षा बल लगातार निगरानी रख रहे हैं ताकि किसी भी तरह की घुसपैठ या आतंकवादी गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

    आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस नीति
    भारत आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है। पाकिस्तान में बैठे आतंकियों के सरगना अक्सर भारत में अशांति फैलाने और घुसपैठ कराने की साजिश रचते हैं, लेकिन भारतीय सेना और सुरक्षा बल उनकी योजनाओं को लगातार नाकाम कर रहे हैं।

    पहले भी विफल हो चुकी हैं कई साजिशें
    यह पहली बार नहीं है जब उरी या एलओसी पर घुसपैठ की कोशिश हुई हो। इससे पहले भी सेना और पुलिस ने कई बार आतंकियों की घुसपैठ की कोशिशों को नाकाम किया है। सुरक्षा बलों की सतर्कता के कारण बड़ी घटनाओं को होने से पहले ही रोक लिया जाता है।

     

  • गुलमर्ग घूमने जाने वालों के लिए बड़ी खबर, इतने दिनों तक बंद रहेगी Chair Car Gondola Service

    गुलमर्ग घूमने जाने वालों के लिए बड़ी खबर, इतने दिनों तक बंद रहेगी Chair Car Gondola Service

    Chair Car Gondola Service: कश्मीर के मशहूर पर्यटन स्थल गुलमर्ग से पर्यटकों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। गुलमर्ग की प्रसिद्ध गोंडोला सेवा को लगभग एक सप्ताह के लिए बंद कर दिया गया है। यह निर्णय पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, गोंडोला के एक हिस्से में तकनीकी खराबी आने के कारण यह कदम उठाना पड़ा।

    कंगडोरी स्टेशन पर गियरबॉक्स में आई खराबी
    जानकारी के मुताबिक, गोंडोला फेज-1 के कंगडोरी स्टेशन पर चेयर कार के गियरबॉक्स में तकनीकी खराबी आ गई थी। इस सिस्टम को आमतौर पर “G2” कहा जाता है। खराबी सामने आने के बाद अधिकारियों ने तुरंत चेयर कार का संचालन रोक दिया ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

    हवा में फंसे पर्यटकों को सुरक्षित निकाला गया
    तकनीकी खराबी के कारण कुछ पर्यटक हवा में ही फंस गए थे। इसके बाद प्रशासन ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि पर्यटकों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता थी, इसलिए पहले उन्हें सुरक्षित निकालने का फैसला लिया गया।

    छह विशेष बचाव दलों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
    बचाव अभियान के लिए छह विशेष रेस्क्यू टीमें बनाई गईं। इन टीमों को गोंडोला लाइन के ऊपरी, मध्य और निचले हिस्सों में तैनात किया गया। इस अभियान में जम्मू-कश्मीर पुलिस, SDRF और अन्य संबंधित एजेंसियों ने भी सहयोग किया। संयुक्त प्रयासों से सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

    एक सप्ताह तक बंद रहेगी सेवा
    पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इसलिए गोंडोला सेवा को लगभग एक सप्ताह तक बंद रखने का फैसला किया गया है। मरम्मत और सभी तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही इसे दोबारा शुरू किया जाएगा।

    गियरबॉक्स बदलने में लगेंगे 5 से 7 दिन
    अधिकारियों के अनुसार, खराब हुआ गियरबॉक्स करीब 3.6 टन वजनी है। इसे बदलने और पूरी प्रणाली की जांच करने में लगभग 5 से 7 दिन का समय लग सकता है। इसके अलावा घटना के कारणों का पता लगाने के लिए एक आंतरिक तकनीकी समिति का गठन भी किया गया है, जो पूरे मामले की जांच करेगी।

    एशिया की सबसे बड़ी केबल कार सेवाओं में शामिल है गुलमर्ग गोंडोला
    गुलमर्ग गोंडोला को एशिया की सबसे बड़ी और लोकप्रिय केबल कार सेवाओं में गिना जाता है। यह कश्मीर आने वाले पर्यटकों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण है। गोंडोला के माध्यम से पर्यटक कोंगडोरी और अफरवाट जैसी खूबसूरत जगहों तक पहुंचते हैं।

    सालभर बर्फ से ढके रहते हैं ये पर्यटन स्थल
    गोंडोला से पहुंचने वाली ये ऊंचाई वाली जगहें समुद्र तल से लगभग 10,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित हैं। यहां साल के अधिकांश समय बर्फ जमी रहती है, जिसके कारण देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक गुलमर्ग घूमने आते हैं। हालांकि, फिलहाल गोंडोला सेवा बंद होने से यहां आने वाले पर्यटकों को कुछ दिनों तक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

     

     

  • तकनीकी खराबीः Ropeway पर हवा में अटके 300 पर्यटक, रेस्क्यू जारी, देखें वीडियो

    तकनीकी खराबीः Ropeway पर हवा में अटके 300 पर्यटक, रेस्क्यू जारी, देखें वीडियो

    गुलमर्गः धरती का स्वर्ग कहे जाने वाले जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग से एक बेहद डराने वाली खबर सामने आई है, जहां एशिया के सबसे प्रसिद्ध गोंडोला रोपवे में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। दरअसल, अचानक तकनीकी खराबी आने के कारण केबल कार सेवा बीच में ही रुक गई। इस घटना के चलते 300 पर्यटक सैकड़ों फीट की ऊंचाई पर हवा में ही अलग-अलग केबिनों में फंस गए। इस घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में भारी दहशत फैल गई और लोगों ने चीखना शुरू कर दिया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की टीम को मौके पर बुलाया गया।
    जिसके तुरंत बाद प्रशासन द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन किया गया और लोगों को सुरक्षित उतारा जा रहा है। इस हादसे ने पर्यटकों की सुरक्षा के साथ-साथ इस विशाल रोपवे सिस्टम की वजन उठाने की क्षमता और तकनीकी मानकों पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार सभी फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित निकालने के प्रयास लगातार जारी हैं। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और तकनीकी टीम भी खराबी को ठीक करने में जुटी हुई है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जिससे राहत की बात है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल जरूर बन गया है, लेकिन रेस्क्यू टीम का कहना है कि सभी पर्यटक सुरक्षित हैं और जल्द ही उन्हें नीचे उतार लिया जाएगा। जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीजीपी नलिन प्रभात भी मौके के लिए रवाना हो गए, जबकि वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी पहले से ही घटनास्थल पर मौजूद रहे और राहत कार्यों की निगरानी करते रहे। उपराज्यपाल कार्यालय ने जानकारी दी कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। सभी केबल कार केबिन सुरक्षित हैं और प्रशिक्षित रेस्क्यू टीमें फंसे हुए पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटी हुई हैं। अधिकारियों के अनुसार बचाव अभियान तेजी और सावधानी के साथ चलाया गया, जिससे पर्यटकों में किसी तरह की अफरा-तफरी नहीं फैली। प्रशासन ने साफ किया है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
  • यात्रियों से भरी बस पलटी, एक की मौत, 25 घायल, देखें वीडियो

    यात्रियों से भरी बस पलटी, एक की मौत, 25 घायल, देखें वीडियो

    रामबनः जम्मू-कश्मीर के रामबन में भीषण सड़क हादसे में कंडक्टर की मौत हो गई। वहीं घटना में 25 लोग घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार गूल-संगालदान मार्ग पर यात्रियों से भरी एक बस अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गई। घटना को लेकर यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। यात्रियों के चिल्लाने की आवाज सुनकर राहगीर मदद के लिए आए और घायलों को बस से बाहर निकाला। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। हादसे में घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
    जानकारी के मुताबिक, बस (JK02CU-7482) गूल सब-डिवीजन के धारम इलाके से जम्मू की तरफ जा रही थी। इसी दौरान संगालदान के पास ड्राइवर कथित तौर पर बस से नियत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस सड़क किनारे पलट गई। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों, पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की टीम ने बिना देरी किए राहत व बचाव अभियान शुरू किया। ज़ख़्मी यात्रियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, कुछ यात्रियों की हालत गंभीर होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह ड्राइवर द्वारा बस से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। पहाड़ी और संकरी सड़कों वाले रामबन जिले में सड़क हादसे लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे संवेदनशील मार्गों पर सुरक्षा उपायों को और मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ज़ख़्मियों को बेहतर इलाज के लिए स्वास्थ्य विभाग को जरूरी निर्देश दिए गए हैं।    
  • टारगेट किलिंग की साजिश नाकाम, लश्कर-ए-तैयबा के 2 आतंकी हथियारों सहित गिरफ्तार

    टारगेट किलिंग की साजिश नाकाम, लश्कर-ए-तैयबा के 2 आतंकी हथियारों सहित गिरफ्तार

    श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने श्रीनगर में एक बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की कोशिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े दो आतंकी सहयोगियों को हथियारों और आपत्तिजनक सामग्री के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान फैसल अहमद बट, पुत्र गुलाम नबी बट (निवासी मलपोरा, हब्बाकदल, श्रीनगर और फैसल अहमद गुरू, पुत्र फारूक अहमद गुरू (निवासी कादी कदल, राजौरी कदल, श्रीनगर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान इन दोनों के पास से घातक हथियार और लश्कर-ए-तैयबा से संबंधित सामग्री बरामद हुई है।

    आरोपियों के कब्जे से 1 पिस्तौल, 3 मैगजीन, 21 कारतूस, 10 आपत्तिजनक पोस्टर लश्कर-ए-तैयबा के और 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के साथ जुड़े हुए हैं। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि वे आने वाले दिनों में श्रीनगर शहर के भीतर एक बड़ी वारदात (टारगेट किलिंग) को अंजाम देने के षड्यंत्र में शामिल थे।

    फिलहाल पुलिस दोनों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य खुलासों की प्रतीक्षा है। संबंधित सूत्रों के अनुसार, पुलिस को शहर के बाबाडेम्ब इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की विशेष सूचना मिली थी। इस आधार पर पुलिस ने इलाके में नाका लगाया था। इसी दौरान एक काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। पुलिस पार्टी द्वारा रुकने का संकेत दिए जाने पर उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क जवानों ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।

     

     

  • बड़ी खबरः सवारियों से भरी बस पलटी, 15 की मौत, 20 घायल, मची चीख-पुकार, देखें वीडियो

    बड़ी खबरः सवारियों से भरी बस पलटी, 15 की मौत, 20 घायल, मची चीख-पुकार, देखें वीडियो

    ऊधमपुरः जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर जिले के रामनगर इलाके में सवारियों से भरी बस पलट गई। मिली जानकारी के अनुसार खगोट क्षेत्र में बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस घटना में 15 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं हादसे में 20 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के दौरान सवारियों में चीख-पुकार मच गई। जिसके बाद यात्रियों की चिल्लाने की आवाजें सुनकर लोग मदद के लिए आगे और उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया।
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Encounter News (@encounter.news)

    मौके पर एंबुलेंस की मदद से घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। वहीं मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोग और बचाव दल मौके पर राहत कार्य में जुटे हुए है। इस घटना को लेकर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह का बयान भी सामने आया है। उन्होंने ऊधमपुर के रामनगर में हुए भीषण बस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए बचाव कार्यों की जानकारी साझा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि उन्होंने जिला उपायुक्त (DC) ऊधमपुर से बात की है और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। डॉ. जितेंद्र सिंह ने लिखा- अभी-अभी ऊधमपुर के डीसी मिंगा शेरपा से बात कर गांव कनोत (Kanote) के पास हुए दुखद सड़क हादसे की जानकारी ली है। रामनगर से ऊधमपुर जा रही एक सार्वजनिक परिवहन बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया है। हादसे में हताहतों की संख्या अधिक होने की आशंका है। सभी संभावित सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। घायलों को चिकित्सा सहायता के लिए स्थानांतरित किया जाएगा और गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट करने (विमान से भेजने) की व्यवस्था भी की जा रही है। मैं स्थानीय प्रशासन और राजिंदर शर्मा के नेतृत्व वाली हमारे स्थानीय कार्यकर्ताओं की टीम के साथ लगातार संपर्क में हूं।”    
  • Amarnath Yatra के लिए इस दिन से Registration शुरू, नियमों में उम्र सीमा लागू

    Amarnath Yatra के लिए इस दिन से Registration शुरू, नियमों में उम्र सीमा लागू

    नई दिल्लीः अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण 15 अप्रैल से शुरू होगा और पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर पंजीकरण कराया जाएगा। श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड की ने इसकी जानकारी दी है और यात्रा शुरू होने की जानकारी शीघ्र उपलब्ध करवाई जाएगी। श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड ने देश के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में विभिन्न बैंकों में होने वाले बैंकों की शाखाओं में होने वाले पंजीकरण की जानकारी उपलब्ध करवा दी है। बोर्ड ने कहा है कि 9 अप्रैल के बाद से जारी किया गया स्वास्थ्य प्रमाण पत्र ही वैध होगा। यात्री की आयु 13 साल से कम और 70 साल की आयु से अधिक नहीं होनी चाहिए। एडवांस पंजीकरण पहले की तरह आधार आधारित बायोमैट्रिक तरीके से होगा। हर श्रद्धालु को आवश्यक स्वास्थ्य प्रमाणपत्र बनवाना होगा।

    प्रति यात्री से एक सौ पचास रुपये की पंजीकरण फीस ली जाएगी। कुल 554 शाखाओं में पंजीकरण होगा। जिसमें से पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, जम्मू कश्मीर बैंक, यस बैंक शामिल है। जम्मू कश्मीर के डोडा, जम्मू, कठुआ, किश्तवाड़, रामबन, राजौरी, सांबा, श्रीनगर, उधमपुर, रियासी, अनंतनाग, पुलवामा, डोडा में संबंधित बैंकों की विभिन्न शाखाओं में एडवांस पंजीकरण किया जाएगा। बोर्ड ने विभिन्न प्रदेशों और केंद्र शासित प्रदेशों में डॉक्टरों और अस्पतालों की सूची भी जारी कर दी है। यात्रा परमिट भी इसी आधार पर जारी किए जाएंगे। तीर्थयात्रा की आधिकारिक तिथियों की घोषणा शीघ्र ही की जाएगी। श्रद्धालुओं को सलाह दी जाती है कि वे समय पर पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर लें।

    पंजीकरण के साथ ही यात्री को पहलगाम या बालटाल के लिए यात्री परमिट दिया जाएगा। आरआईएफडी के बिना यात्रा की अनुमित नहीं होगी। विदेशी नागरिक श्रद्धालुओं का श्री बाबा अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण पंजाब नेशनल बैंक से होगा। श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड की तरफ से जारी के निर्देश के तहत विदेशी नागरिक श्रद्धालु को आवश्यक दस्तावेजों को पंजीकरण के लिए आईटी विभाग पंजाब नेशनल बैंक के सीनियर मैनेजर, सर्किल ऑफिस जम्मू को ईमेल करना होगा। जिसमें आवेदन फार्म आवश्यक स्वास्थ्य प्रमाण पत्र, वैध पासपोर्ट स्कैन फोटो और प्रति यात्री पंजीकरण फीस 1550 रुपए बैंक के खाते में जमा करवानी होगी। यह जानकारी श्रद्धालु श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड की वेबसाइट से हासिल कर सकते हैं। आरआइएफडी कार्ड के बिना कोई भी श्रद्धालु यात्रा नहीं कर सकेगा। यह कार्ड जम्मू कश्मीर के विभिन्न जिलों में स्थापित किए जाने वाले केंद्रों में उपलब्ध होंगे।

     

  • बस स्टैंड पर आग लगने से 7 बसें जलकर राख, देखें वीडियो

    बस स्टैंड पर आग लगने से 7 बसें जलकर राख, देखें वीडियो

    कुपवाड़ाः जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में देर रात बस स्टैंड पर बसों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। इस घटना में 7 बसें जलकर राख हो गई। इस हादसे को लेकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जिसके बाद लोगों ने घटना की सूचना दमकल विभाग और पुलिस प्रशासन को दी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत या घायल नहीं हुआ। दमकल एवं आपातकालीन सेवाओं के एक अधिकारी ने बताया कि आग लगने की सूचना रात करीब 11:27 बजे मिली जिसके बाद दमकल दल मौके पर पहुंचे और कई बसों को आग की लपटों में घिरा पाया।

    अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में कुल सात बसें प्रभावित हुईं जिनमें से 3 पूरी तरह जल गईं, 3 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुईं और एक बस गर्मी और धुएं से प्रभावित हुई। दमकलकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया और उसे आगे फैलने से रोक दिया। वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में यह अभियान चलाया गया और इस दौरान किसी के जानमाल के नुकसान या घायल होने की कोई खबर नहीं है। आग लगने के कारण का पता लगाया जा रहा है और आगे की जांच जारी है।

    वहीं एक ट्रांसपोर्टर ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि देर रात 11 बजे के आसपास बसों को आग लगी थी। जिसके बाद कुछ देर बाद ही चौंकीदार ने दमकल विभाग को घटना की सूचना दी। ट्रांसपोर्टर ने कहाकि जिसके बाद जब वह घटना स्थल पर पहुंचे तो देखा कि दमकल विभाग की टीम और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गई थी और कार्रवाई में जुट गई थी। घटना में 3 गाड़ियां जलकर राख हो गई। आग लगने की घटना का अभी पता नहीं चल पाया है। ट्रांसपोर्टर ने कहा कि दमकल की गाड़ियों को टाउन से आने में समय लगा। जिसके कारण तब तक आग ने बसों को अपनी चपेट में ले लिया था। इस घटना में बस चालकों का काफी नुकसान हुआ है।

     

     

  • शादी समारोह में पूर्व CM पर व्यक्ति ने की Firing, गिरफ्तार आरोपी ने किया खुलासा, देखें वीडियो

    शादी समारोह में पूर्व CM पर व्यक्ति ने की Firing, गिरफ्तार आरोपी ने किया खुलासा, देखें वीडियो

    जम्मूः नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर बुधवार रात शादी समारोह में व्यक्ति ने फायरिंग कर दी। इस हमले में फारूक अब्दुल्ला बाल-बाल बच गए। गोली उनको छू कर निकल गई। अधिकारियों के मुताबिक फारूक जम्मू में एक शादी समारोह में पहुंचे थे। उनके साथ राज्य के डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी भी थे। वहीं पुलिस ने आरोपी बुजुर्ग को गिरफ्तार कर लिया है। जिस बुजुर्ग ने उन पर हमला किया उसकी उम्र 61 साल है। पुलिस ने आरोपी बुजुर्ग को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

    घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। जिसमें देखा जा सकता है कि 70 साल के हमलावर कमल सिंह जामवाल ने पीछे से आकर फारूक के सिर पर रिवॉल्वर तान दी। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत हमलावर का हाथ हटाया जिससे फायर हवा में हो गया। हमलावर कमल ने पुलिस को बताया- ‘मैं पिछले 20 सालों से फारूक अब्दुल्ला को मारना चाहता था। यही मेरा मकसद था।’ वह बस एक सही मौके की तलाश में था।

    आज उसे पता चला कि उसके चचेरे भाई के बेटे की शादी में फारूक अब्दुल्ला भी शामिल होने वाले हैं। ऐसे में उसने अटैक करने की योजना बनाई। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी कमल सिंह जमवाल जम्मू के पुराने शहर का निवासी है। वो जम्मू के ओल्ड सिटी इलाके में उसकी अपनी कई दुकानें हैं। इन दुकानों से मिलने वाले किराए के जरिए अपना जीवन यापन करता है। पुलिस ने उसके पास से एक लाइसेंसी पिस्तौल बरामद की है।

    वहीं इस घटना को लेकर जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा कि अल्लाह मेहरबान हैं। मेरे पिता बाल-बाल बच गए। फिलहाल पूरी जानकारी अधूरी है, लेकिन इतना पता चला है कि एक व्यक्ति भरी हुई पिस्तौल लेकर बिल्कुल करीब आ गया और गोली चला दी। उन्होंने आगे लिखा कि सुरक्षा दल ने ही आरोपी को रोककर हत्या के प्रयास को नाकाम कर दिया। उमर अब्दुल्ला ने सवाल उठाया कि कोई व्यक्ति राष्ट्रीय सुरक्षा बल (एनएसजी) द्वारा सुरक्षित पूर्व मुख्यमंत्री के इतने करीब कैसे पहुंच गया?