Category: Punjab>Ludhiana

  • Punjab News: रंगे हाथों रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

    Punjab News: रंगे हाथों रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

    लुधियानाः पंजाब विजिलैंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान के तहत माल हल्का धौल खुरद, उप-रजिस्ट्रार मलौद, जिला में तैनात पटवारी गुरजीत सिंह को 3500 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए राज्य विजिलैंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को गांव धौळ खुरद, थाना मलौद, जिला लुधियाना के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।

    प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता के माता-पिता की 2016 में मृत्यु हो गई थी और उसकी मां के नाम पर गांव धौल खुरद में 3-बिसवे का एक प्लॉट था। इस प्लॉट का वारिसाना अंतरण शिकायतकर्ता और उसके 6 भाई-बहनों के नाम किया जाना था। शिकायतकर्ता ने आवश्यक दस्तावेज तैयार कर पटवारी गुरजीत सिंह को सौंप दिए थे। आरोपी ने दस्तावेज ले लिए और अंतरण कराने के लिए 5,000 रुपये रिश्वत की मांग की। प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता की विनती पर अंतरण कराने के लिए आरोपी पटवारी के साथ 3500 रुपये में सौदा तय हो गया।

    शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने की पूरी बातचीत भी रिकॉर्ड कर ली थी। अवैध रिश्वत देने के लिए तैयार न होने पर शिकायतकर्ता ने विजिलैंस ब्यूरो रेंज लुधियाना से संपर्क किया। उसकी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजिलैंस ब्यूरो की टीम ने आरोपी पटवारी को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 3500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में विजिलैंस ब्यूरो थाना लुधियाना में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार-रोधी कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।

  • Punjab News: नशा छुड़ाऊ केंद्र में मचा हड़कंप, 25 से 30 मरीजों को पुलिस ने किया राउंडअप

    Punjab News: नशा छुड़ाऊ केंद्र में मचा हड़कंप, 25 से 30 मरीजों को पुलिस ने किया राउंडअप

    लुधियानाः समराला के सिविल अस्पताल में नशा छोड़ने की दवा लेने आए 20 से 25 मरीजों को पुलिस द्वारा हिरासत में ले लिया गया। नशा छोड़ने के इच्छुक या उनके माता-पिता नशा छुड़ाऊ केंद्रों में नशा छुड़ाने की दवा लेने के लिए आते है, जिसे अक्सर जीभ के नीचे रखने वाली गोली कहा जाता है, जिसे मरीज काफी समय से रहे हैं।

    लेकिन आज उस समय अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई, जब भारी संख्या में आए पुलिसकर्मियों ने सरकारी अस्पताल में दवा लेने वाले और बाहर एक निजी नशा छुड़ाऊ केंद्र में दवा लेने के लिए खड़े लाइनों में लोगों को हिरासत में ले लिया। इस घटना की खबर इलाके में जंगल की आग की तरह फैल गई। बच्चों को नशा छोड़ने की दवा लेने वालों के माता-पिता, सगे-संबंधी पुलिस स्टेशन में जमा होने शुरू हो गए।

    उनका आरोप है कि बिना कारण के पुलिस बच्चों को हिरासत में ले गई और जब वह थाने पहुंचे तो पुलिस कर्मियों का कहना था कि उन्हें पूछताछ के लिए सीआईए स्टाफ भेज दिया गया है। नशा छुड़ाऊ केंद्र की इंचार्ज डॉक्टर नवदीप कौर मांगट ने कहा कि उन्हें भी आज अचानक पता लगा कि बाहर दवा लेने लाइनों में खड़े मरीजों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उधर, स्थानीय डीएसपी प्रीतम पाल सिंह का कहना है कि उन्हें शक है कि यह नशा छोड़ने की दवा लेने वाले बाहर जाकर दवा बेचते हैं। इसलिए पुलिस इस मामले की पूछताछ कर रही है और जो लोग बेगुनाह होंगे उन्हें बाकायदा रिहा कर दिया जाएगा।

  • Punjab News: संदिग्ध इलाको में भारी पुलिस फोर्स का एक्शन, नशीले पदार्थ, हथियार सहित 199 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: संदिग्ध इलाको में भारी पुलिस फोर्स का एक्शन, नशीले पदार्थ, हथियार सहित 199 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    लुधियानाः पुलिस द्वारा गलत तत्वों के खिलाफ चलाए गए अभियान के अंतर्गत ऑपरेशन प्रहार 3.0 के तहत आज कार्यवाही शुरू की गई। मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी हरपाल सिंह ने बताया कि आज सुबह 4 बजे ऑपरेशन प्रहार के तहत 400 पुलिस मुलिजम और सीनियर पुलिस अधकारियों द्वारा संदिग्ध इलाकों में कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के दौरान 199 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं 44 एफआईआर दर्ज की गई है। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ, नशीली गोलियां और हथियार बरामद किए गए हैं।

    इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए डीसीपी हरपाल सिंह ने कहा कि पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार 3.0 के अंतर्गत ही 199 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है और यह अभियान विभिन्न क्षेत्रों में चलाया गया था। इस दौरान लगभग 141 ग्राम हेरोइन, 3 वेपन, 10 ग्राम आइस और 217 नशीली गोलियां बरामद की गई है। अधिकारी ने कहाकि अभी ऑपरेशन प्रहार जारी है। ऐसे में कार्रवाई के दौरान अन्य नशीला सामान बरामद किया जा सकता है। अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई इसी तरह से जारी रहेगी।

  • Punjab News: आटा चक्की में घुसकर सरपंच पति पर आरोपी ने तानी राइफल, केस दर्ज, देखें वीडियो

    Punjab News: आटा चक्की में घुसकर सरपंच पति पर आरोपी ने तानी राइफल, केस दर्ज, देखें वीडियो

    लुधियानाः थाना सदर के अधीन आते गांव ललतों खुर्द में वोटों की राजनीति और पुरानी रंजिश के चलते व्यक्ति ने सारी हदें पार कर दी। दरअसल, गांव की मौजूदा सरपंच के पति (जो खुद भी एक चुने हुए पंचायत सदस्य हैं) की आटा चक्की में घुसकर व्यक्ति ने उस पर सरेआम लोडेड राइफल तान दी। दिनदहाड़े हुई गुंडागर्दी से गांव के लोगों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। प्राप्त जानकारी और पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार गांव ललतों खुर्द के रहने वाले 48 वर्षीय दिलराज सिंह गांव के मौजूदा पंचायत सदस्य हैं,जबकि उनकी पत्नी गांव की सरपंच हैं।

    7 जुलाई की दोपहर, दिलराज अपनी आटा चक्की पर रोजमर्रा का काम कर रहे थे। तभी गांव का ही रहने वाला 48 वर्षीय अमर सिंह आगबबूला होते हुए हाथों में राइफल लेकर चक्की के अंदर घुस गया। आरोपी अमर सिंह के सिर पर वोटों की रंजिश के चलते आते ही दिलराज सिंह को भद्दी-भद्दी गालियां देनी शुरू कर दीं। एफआईआर के मुताबिक अमर सिंह ने सीधे दिलराज के सीने की तरफ राइफल तानते हुए खुलेआम धमकी दी, तू कैसे वोट बनाएगा? अगर तूने वोट बनाए या बांटे,तो मैं तुझे सीधी गोली मार दूंगा। आरोपी किसी भी पल ट्रिगर दबा सकता था। लेकिन किस्मत अच्छी थी कि मौके पर गांव के ही एक अन्य पंचायत सदस्य परमजीत सिंह और कुछ अन्य लोग मौजूद थे।

    उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत अमर सिंह को दबोच लिया और राइफल की नली का मुंह दिलराज की तरफ से हटा दिया। वहां मौजूद लोगों और साथी पंच परमजीत सिंह ने अमर सिंह को काफी समझाने की कोशिश की, वह अचानक लोगों के चंगुल से छूटा और दिलराज की तरफ झपट पड़ा। उसने अपनी राइफल के भारी बट से दिलराज पर जोरदार वार किया। इसके बाद आरोपी वहां से गालियां बकता हुआ और जान से मारने की धमकियां देता हुआ फरार हो गया। थाना सदर पुलिस ने 9 जुलाई को आरोपी अमर सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 333, 115(2), और 351(2,3) के तहत (FIR नंबर 184) मामला दर्ज किया है।फिलहाल मामले की जांच हवलदार गुरदीप सिंह को सौंपी गई है और पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।

     

     

     

  • Punjab News: America भेजने के नाम पर 40 लाख की ठगी, पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की दी धमकी

    Punjab News: America भेजने के नाम पर 40 लाख की ठगी, पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की दी धमकी

    लुधियानाः विदेश भेजने और वर्क वीजा दिलाने के नाम पर दो युवकों से ठगी करने का मामला सामने आया है। इतनी ही नहीं आरोपी एजेंट ने पीड़ितों को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से मरवाने की धमकी भी दी है। जिस पर पुलिस ने एजेंट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पीड़ित भाविक सारंगल और शुभम मेहता ने बताया कि ज्योत प्रकाश सिंह ने उन्हें झांसा दिया था कि वह डंकी रूट से लोगों को अमेरिका भेजने का काम कर रहा है। साल 2022 में आरोपी ने लुधियाना के सराभा नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में दोनों से टोकन मनी के तौर पर 5-5 लाख रुपए लिए।

    इसके बाद, अप्रैल 2023 में अमेरिका के अपॉइंटमेंट के नाम पर उनसे 5-5 लाख रुपए और लिए गए। पैसे देने के बावजूद जब अपॉइंटमेंट नहीं मिला, तो वे ज्योत प्रकाश के पिता रविंदरपाल सिंह से मिले। उन्होंने टालमटोल करते कहा कि वीजा के लिए सिर्फ चीमा चौक के पास रहने वाले कमल मुल्तानी और यदविंदर बंटी के जरिए ही आवेदन किया जा रहा है, इसलिए उन्हें थोड़ा इंतजार करना चाहिए। साल 2023 के आखिर में एजेंटों ने भरोसा दिलाकर प्रति व्यक्ति 9.5 लाख रुपए नकद और ले लिए। जब ​​वीजा नहीं आया तो पीड़ितों ने पैसे वापस देने की मांग की।

    आरोपियों ने पीड़ितों को धमकी दी कि उन्होंने लॉरेंस बिश्नोई के भाइयों अनमोल बिश्नोई और सचिन बिश्नोई को भी अमेरिका भेजा है, इसलिए अगर उन्होंने पैसे मांगे, तो वे उन्हें और उनके पूरे परिवार को मार डालेंगे। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी एजेंट दुबई में बसे देबी नाम के एजेंट का साथी है, जो मूल रूप से काला संघियां (कपूरथला) का रहने वाला है।

     

  • Punjab News: थार सवार ने डॉग को कुचला, विरोध करने पर दिखाई पिस्टल

    Punjab News: थार सवार ने डॉग को कुचला, विरोध करने पर दिखाई पिस्टल

    लुधियानाः हैबोवाल इलाके में थार चालक ने लापरवाही एक बेजुबान (आवारा कुत्ते) को तरह कुचल दिया। इस हादसे में उसकी मौत हो गई। इस मामले को लेकर मोहल्ले वालों और डॉग फीडर्स ने घटना का विरोध किया, तो आरोपी अपनी गलती मानने के बजाय गुंडागर्दी पर उतर आया और पिस्टल निकालकर लोगों को डराने-धमकाने लगा। घटना को लेकर लोगों द्वारा पुलिस को शिकायत दी गई। वहीं पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर आरोपी थार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

    आरोपी की पहचान रविंदर सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह चंडीगढ़ से यहाँ अपने ससुराल में आया हुआ था। जब परमजीत और वहां मौजूद लोगों ने उसकी इस बेरहमी और लापरवाही के लिए उसे रोकने की कोशिश की और विरोध जताया, तो आरोपी ने अपनी पैंट में रखी हुई पिस्टल लोगों को दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और वहां दहशत फैलाने की कोशिश की। डॉग्स को फीड करने वाले शिकायतकर्ता परमजीत सिंह वासी गुरु नानक देव नगर ने बताया कि वह पिछले 6 साल से रोजाना करीब 150 आवारा कुत्तों को खाना खिलाने की सेवा कर रहे हैं।

    रात करीब 10:30 बजे जब वह अपनी गली में डॉग्स को फीड करने के लिए निकले थे, तभी एक लड़की रोती और भागती हुई उनके पास आई। उसने घबराते हुए बताया कि एक थार गाड़ी वाले ने एक डॉग के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी है और उसे मदद चाहिए। शिकायतकर्ता ने बताया कि जब वे लोग तुरंत मौके पर पहुंचे तो देखा कि थार के नीचे आने से डॉग की मौत हो चुकी थी और वहां सब कुछ साफ किया जा रही थी। मोहल्ले के लोग भी वहां इकट्ठा हो गए थे। हैबोवाल पुलिस स्टेशन ने परमजीत सिंह की शिकायत और बयानों के आधार पर आरोपी रविंदर सिंह (वासी गुरु नानक देव नगर, हैबोवाल कलां) के खिलाफ U/S 325 BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी और असले (हथियार) के लाइसेंस की जांच करने में जुट गई है।

  • Punjab News: नशा बेचने से रोकने पर आरोपी भड़के, 10-12 बदमाशों ने मंदिर पर किया हमला, देखें वीडियो

    Punjab News: नशा बेचने से रोकने पर आरोपी भड़के, 10-12 बदमाशों ने मंदिर पर किया हमला, देखें वीडियो

    लुधियानाः लुधियाना की ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में नशा तस्करों का साहस इस कदर बढ़ गया है कि उन्हें रोकने वालों पर सरेआम जानलेवा हमला किया जा रहा है। 4 दिन पहले नशा बेचने से रोकने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि हथियारों से लैस 10-12 बदमाशों ने इलाके के मंदिर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने मंदिर के गेट पर तलवारें चलाईं, जमकर ईंट-पत्थर बरसाए और अंदर घुसकर शीशे तक तोड़ दी। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बदमाश हाथों में तलवारें और पिस्तौल लहराते नजर आ रहे हैं।
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Encounter News (@encounter.news)

    इस गुंडागर्दी और धार्मिक भावनाएं आहत होने से आक्रोशित स्थानीय लोगों और मंदिर प्रेमियों ने देर रात थाना 7 के बाहर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ SC/ST एक्ट और धार्मिक बेअदबी का मामला दर्ज कर उन्हें तुरंत जेल भेजने की मांग की है। ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में कुछ लोग कथित तौर पर नशा बेचने का काम कर रहे थे। वाल्मीकि समाज और स्थानीय मोहल्ला सुधार समिति के प्रधान व अन्य बुजुर्गों ने उन्हें इलाके का माहौल खराब करने और युवाओं को नशे की दलदल में धकेलने से रोकने का प्रयास किया। सामने आए घटना के लाइव वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि 10-12 बदमाश किस तरह बेखौफ होकर मोहल्ले और मंदिर के बाहर ईंट-पत्थर चला रहे हैं। एक युवक के हाथ में पिस्तौल भी साफ नजर आ रही है, जबकि अन्य तलवारों से मंदिर के गेट पर हमला कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों के अनुसार बदमाशों ने वाल्मीकि मंदिर के अंदर घुसकर तोड़फोड़ की, शीशे तोड़े और भगवान की मूर्तियों को भी खंडित कर दिया, जिससे पूरे इलाके के लोगों की आस्था को गहरी ठेस पहुंची है। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि विवाद होने के बाद उन्होंने थाने में शिकायत दी थी। पुलिस के बड़े अधिकारी भी मौके पर पहुंचे थे, लेकिन आरोपियों पर जो सख्त कार्रवाई होनी चाहिए थी, वह अभी तक नहीं हुई है। इसी से हताश होकर इलाके के सभी बुजुर्ग, महिलाएं और युवा अपना घर छोड़कर रात के समय थाने के बाहर सड़क पर धरना देने को मजबूर हुए। उधर, पुलिस ने उन्हें आश्वासन देकर धरना खत्म करवाया और जल्द गिरफ्तारी की बात कही।  
  • Punjab News: जैन मंदिर में चोरी मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार, चांदी का सामान बरामद, देखें वीडियो

    Punjab News: जैन मंदिर में चोरी मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार, चांदी का सामान बरामद, देखें वीडियो

    लुधियानाः न्यू सूर्य विहार, पंजपीर रोड पर स्थित जैन मंदिर में 13 और 14 जून की रात्रि चोरों द्वारा वारदात को अंजाम दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा नंबर 104 दिनांक 17 जून के तहत धारा 331(4) और 305 बीएनएस थाना पीएयू में दर्ज किया था। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर रोशन कुमार पुत्र तेजो साहनी और सुनील मंडल पुत्र लेट गोरख मंडल, हाल निवासी निकट गुरुद्वारा बुड्ढा साहिब, पंजपीर रोड, डेयरी कॉम्प्लेक्स को काबू गिरफ्तार किया है।

    पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने जैन मंदिर से शांतिनाथ भगवान जी की चांदी की मूर्ति, चांदी का मंगल कलश (चौकी), चांदी का सिद्ध चक्र, पूजा के लिए इस्तेमाल होने वाली चांदी की 20 प्लेटें, 20 कटोरियां, 4 बड़े कटोरे, मंदिर की गोलक में पड़ी करीब 10 से 15 हजार रुपये की नकदी और मंदिर में लगा डीवीआर चोरी किया गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान शांतिनाथ भगवान जी की चांदी की मूर्ति, चांदी का मंगल कलश (चौकी), चांदी का सिद्ध चक्र (मूर्ति) बरामद कर लिया है। प्राथमिक जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी रोशन कुमार के खिलाफ पहले भी 2 चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में आरोपियों से ओर खुलासे होने की संभावना है।

  • Punjab News: पार्टी के बाद चौथी मंजिल से गिरने से युवक की मौत, परिजनों ने हत्या के लगाए आरोप, देखें वीडियो

    Punjab News: पार्टी के बाद चौथी मंजिल से गिरने से युवक की मौत, परिजनों ने हत्या के लगाए आरोप, देखें वीडियो

    लुधियानाः मुंडिया इलाके में सरकारी फ्लैट में देर रात जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। जिसके बाद चौथी मंजिल में कुछ नौजवान सो रहे थे। इस दौरान अल सुबह चौथी मंजिल से गिरने से युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गोविंदा पुत्र उमेश निवासी 571 फ्लैट के रूप में हुई है। दरअसल मनोहर लाल के 606 नंबर फ्लैट में पार्टी चल रही थी और छत से गिरने से उसकी मौत हो गई। वहीं घटना को लेकर परिवार ने हत्या के आरोप लगाए है। परिवार का आरोप है कि बेटे को धक्का देकर छत से गिराया गया है।

    मामले की जानकारी देते हुए मां ने कि प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई है। मां ने कहा कि गोविंद सबसे बड़ा बेटा था और उसने कभी किसी से झगड़ा नहीं किया। परिवार के अनुसार देर रात 11 बजे फ्लैट में पार्टी चल रही थी। इस दौरान पार्टी में शराब को लेकर झगड़ा हो गया। भाई का आरोप है कि भाई ने पवा की जगह अधिया लेने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर झगड़ा हो गया और पैर पकड़ कर गिरा दिया गया। वहीं बर्थडे ब्वॉय विशाल के छोटे भाई ऋतिक ने कहाकि देर रात उसे फोन आया कि गोविंदा गिर गया और घायल हो गया।

    जिसके बाद वह उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर चले गए। वहीं झगड़े को लेकर ऋतिक ने सिरे से खारिज किया। ऋतिक का कहना है कि गोविंदा ने काफी नशा किया हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। पुलिस ने कहा कि गोविंदा नामक युवक की मौत लेकर परिवार ने सूचना दी। पता चला है कि फ्लैट में पार्टी चल रही थी और पार्टी के बाद छत से गिरने से युवक की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, जांच में पाए गए तथ्यों के आधार पर और परिवार के बयानों पर बनती कार्रवाई की जाएगी।

     

  • Punjab News: पुलिस को देख छत पर चढ़ा आरोपी, Encounter का रचा ड्रामा, देखें वीडियो

    Punjab News: पुलिस को देख छत पर चढ़ा आरोपी, Encounter का रचा ड्रामा, देखें वीडियो

    सोने की चोरी के मामले में लंबे समय से था सब्बल गैंग का वांछित सदस्य

    लुधियानाः खन्ना के गांव बुलेरपुर में एक काउंटर इंटेलिजेंस ऑपरेशन के दौरान एनकाउंटर का डर जताते हुए छत पर चढ़ा युवक अब एक कुख्यात अपराधी निकला है। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ के बाद, जिसने शुरू में निर्दोष होने का दावा किया था, यह खुलासा हुआ कि वह खन्ना सिटी पुलिस स्टेशन-2 में दर्ज लाखों रुपये के सोने की चोरी के मामले में लंबे समय से वांछित था। इसके बाद पुलिस ने उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आज अदालत में पेश किए जाने की उम्मीद है और पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी। जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी, बुलेरपुर का रहने वाला दिलदीप सिंह उर्फ ​​दीपी, खन्ना में सक्रिय सब्बल गैंग का एक सक्रिय सदस्य है। इस गैंग ने खन्ना और आसपास के इलाकों में कई बड़ी चोरियां की हैं। लाखों रुपये के सोने की चोरी के मामले में जनवरी 2026 में 8 गैंग सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, लेकिन दीपी तब से ही पुलिस की गिरफ्त से बच रहा था। पूछताछ के दौरान पुलिस को एक और महत्वपूर्ण जानकारी मिली। आरोपी भारतीय नंबर के बजाय एक विदेशी नंबर, विशेष रूप से यूके नंबर का उपयोग कर रहा था। उसने अपने साथियों से संपर्क करने और लोगों को यह विश्वास दिलाने के लिए व्हाट्सएप का इस्तेमाल किया कि वह विदेश में रह रहा है। पुलिस का मानना ​​है कि उसने अपनी स्थिति छिपाने और पुलिस की निगरानी से बचने के लिए विदेशी नंबर का इस्तेमाल किया। यह उल्लेखनीय है कि मंगलवार को एक काउंटर इंटेलिजेंस टीम, एक सूचना पर कार्रवाई करते हुए, आरोपी की पुष्टि करने के लिए बुल्पुर गांव में एक किराए के घर पहुंची। टीम को देखकर, आरोपी ने दरवाजा नहीं खोला और छत पर चढ़ गया। फिर उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया, जिसमें दावा किया गया कि वह एक मुठभेड़ में मारा जाने वाला है। लगभग दो घंटे चले एक हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद, काउंटर इंटेलिजेंस और स्थानीय पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतारा। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिसमें हत्या की कोशिश और अवैध हथियार रखना शामिल है। पुलिस अब उसके नेटवर्क, अन्य गैंग सदस्यों और विदेशी नंबरों के माध्यम से किए गए संपर्कों की जांच कर रही है। एसएचओ सिटी पुलिस स्टेशन 2 तरविंदर कुमार बेदी ने पुष्टि की कि आरोपी सोने की चोरी के एक मामले में वांछित था और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान उससे कई अन्य अपराधों और उसके साथियों के बारे में पूछताछ की जाएगी।