Category: Haryana

  • अब इस जगह पार्टी उम्मीदवार का हुआ विरोध, तेजी से निकाला गया काफिला, देखें वीडियो

    जींद: नरवाना के विश्वकर्मा चौक पर शुक्रवार को किसानों और मजदूर संघों ने सिरसा लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार अशोक तंवर का काले झंडे दिखाकर विरोध-प्रदर्शन किया। अशोक तंवर नरवाना की जाट धर्मशाला में एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। जैसे ही किसान व मजदूरों को अशोक तंवर के आने की भनक लगी, वैसे ही सभी लोग वहां पहुंचे और काले झंडे लेकर विश्वकर्मा चौक पर खड़े हो गए। कार्यक्रम से लौटते समय तंवर को उन्होंने काले झंडे दिखाते हुए विरोध जताया। इस दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। हालांकि पुलिस द्वारा तंवर का काफिला काफी तेजी से वहां से निकाला गया।

    वीडियो देखने के लिए Link पर Click करें

    विरोध प्रदर्शन कर रहे किसान नेता मास्टर बलबीर ने कहा कि सरकार ने पिछले चार सालों से जो सलूक उनके साथ किया है। वही सुलूक सभी नेताओं के साथ भी हर गली-मोहल्ले में होगा। वहीं, किसानों में इस बात की भी नाराजगी है कि तंवर उन्हें बिना पूछे और नजरअंदाज कर रवाना हो गए। उन्होंने कहा कि सरकार का हर मंत्री और नेता डरा हुआ है। वो हमसे बात नहीं करना चाहते और न ही हमारी समस्या को जानना चाहते।

    किसानों का कहना है कि सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रह रही है। लोकतंत्र में हर वर्ग की आवाज सुननी चाहिए, लेकिन सरकार सबकी आवाज दबाना चाहती है। किसानों ने कहा कि भाजपा सरकार लोगों को बरगला रही है। पहले ही दस साल के शासनकाल में भाजपा ने किसानों व मजदूरों को परेशान किया है। इसके बावजूद वह तीसरी बार फिर से सत्ता के सपने देख रही है। किसान व मजदूर विरोधी भाजपा को पूरे हरियाणा में काले झंडे दिखाए जा रहे हैं।

  • सड़क पर बेरोजगारों की निकली बारात, दूल्हे का सेहरा सुहाना लगता है गाने पर झूमे युवा

    करनालः हरियाणा के करनाल में शनिवार बेरोजगार युवाओं ने अलग तरीके से प्रदर्शन किया। दरअसल, ग्रुप-C में जॉइनिंग को लेकर बेरोजगारों की बारात निकाली। इस दौरान युवाओं ने बारात पुराने बस स्टैंड के पास कर्ण पार्क से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों पर निकाली। साथ ही बारात की तरह युवाओं ने सड़क पर दूल्हे का सेहरा सुहाना लगता है गाना बजाकर डांस किया। प्रदर्शन कर रहे युवाओं का कहना है कि सरकार ने सिर्फ युवाओं को गुमराह करने का काम किया है। युवा कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) के पेपर क्लियर कर चुके हैं, उसके बाद भी भर्तियां नहीं हो पाई हैं और बेरोजगार युवा सड़कों पर भटक रहे हैं। बेरोजगारों की बारात की अगुवाई जयहिंद सेना के प्रमुख नवीन जयहिंद ने की।

    उन्होंने कहा कि नए मुख्यमंत्री अभी-अभी सीएम बने हैं और उनमें सीएम की फीलिंग है, लेकिन यह सीएम वाली फीलिंग ज्यादा दिनों तक रहने वाली नहीं है। बेरोजगार युवा पहले भी बैंड, बाजा और बारात 2 बार निकाल चुके हैं और आज करनाल में तीसरी बार बारात निकाली जा रही है। आज प्रदेश का युवा करनाल में एकत्रित हुआ है और मांग कर रहा है कि प्रदेश सरकार नई भर्ती करे, ताकि युवाओं को रोजगार मिले और जो भर्तियों के जो मामले कोर्ट में अटके पड़े हैं, उनकी पैरवी हरियाणा सरकार करे, ताकि जल्द से जल्द युवाओं को नौकरियां मिल सके। जयहिंद ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर ने युवाओं को आश्वासन दिया था कि भर्तियां होंगी, लेकिन आज तक वह नहीं हुई। सरकार ने रांडा पेंशन जरूर शुरू कर दी, जिसके लिए सरकार का धन्यवाद है, लेकिन रांडा पेंशन शुरू करने से बात नहीं बनेगी, भर्तियां करें।

    अगर नौकरियां नहीं मिली तो सारे हरियाणा का युवा बेरोजगार रह जाएगा। मुख्यमंत्री ने कमिटमेंट की थी, इसलिए उनको याद दिलाने के लिए युवा करनाल में बारात लेकर आए हैं। नवीन जयहिंद से जब विधानसभा के उपचुनाव को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि हमें किसी भी राजनीतिक पार्टी से कोई मतलब नहीं है और न ही यह राजनीतिक प्रदर्शन है। सरकार युवाओं को सिर्फ नौकरियां दे दे। 22 और 23 अप्रैल को कोर्ट में तारीख है और उनमें मजबूती से पैरवी करें। अगर मुख्यमंत्री ने भर्तियां करवा दी तो भंडारा भी करवाया जाएगा। हम सिर्फ बेरोजगारों के साथ हैं। नवीन जयहिंद ने कहा कि नेता गांव में आते हैं तो उन्हें आने दें और किसी भी तरह से नेताओं का रास्ता न रोकें, न ही उनके साथ कोई दुर्व्यवहार करें। नेताओं से सिर्फ सवाल पूछें, बेरोजगारी के ऊपर सवाल पूछें, सेहत के ऊपर सवाल पूछें, शिक्षा के ऊपर सवाल पूछें।

  • कार और ट्रक में हुई टक्कर, 3 की मौ’त, एक की हालत गंभीर

    चरखी दादरी : जिले के गांव इमलोटा के समीप शादी समारोह से लौट रहे युवकों की कार खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार 3 दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान गांव इमलोटा निवासी साहिल 20, दीपक 27 व खेमचंद 28 के रूप में हुई है। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसको प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया।

    जानकारी के मुताबिक गांव इमलोटा निवासी प्रदीप, साहिल, दीपक और खेमचंद ये चारों दोस्त झज्जर जिले के छुछकवास में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। समारोह में शिरकत के बाद वह बीती रात को वापिस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान गांव इमलोटा से थोड़ा पहले सड़क पर ट्रक खड़ा था जिससे सियाज गाड़ी वहां खड़े ट्रक से टकरा गई। 

    थाना प्रभारी तेजपाल ने बताया कि रात करीब दो-ढाई बजे कार सवार शादी समारोह से लौट रहे थे। उसी दौरान सामने से लाइट पड़ने के कारण उनकी कार सड़क पर खड़े एक ट्रक से टकरा गई जिससे तीन की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

  • बड़ा झटका: नहीं थम रहा इस्तीफों का दौरा, प्रदेश महासचिव हरपाल सिंह कंबोज ने पार्टी छोड़ी

    अंबालाः हरियाणा में पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी में इस्तीफों का दौर अभी थमा नहीं है। अंबाला में भी जेजेपी को बड़ा झटका लगा है। 2019 में अंबाला सिटी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने वाले और वर्तमान में पार्टी के प्रदेश महासचिव हरपाल कंबोज ने भी जेजेपी पार्टी को अलविदा कह दिया है। अंबाला में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हरपाल कंबोज ने यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपना इस्तीफा पार्टी सुप्रीमो डॉ. अजय चौटाला को भेज दिया है। पार्टी छोड़ने के कारणों को लेकर जानकारी देते हुए हरपाल कंबोज ने बताया कि बीते लगभग 20 से 25 वर्षों से वो देवी लाल परिवार से जुड़े हुए हैं और जजपा के गठन से ही वे अजय चौटाला और दुष्यंत के साथ थे।

    हरपाल सिंह कंबोज पार्टी के 4 साल जिलाध्यक्ष भी रहे। कंबोज ने कहा कि सबसे पहले मैंने ही अंबाला में जजपा का झंडा उठाया है। कहा कि राजनीति भाइयों के साथ होती है। ऐसे फैसले भी भाइयों के कहने पर ही लिया है। इस्तीफा देने के पीछे क्या कारण रहे हैं,इस पर कंबोज ने कहा कि कोई खास कारण नहीं है। मेरे व्यक्तिगत कारण रहे हैं। किसी से कोई मतभेद नहीं है। आगामी फैसले के लिए वे अपने भाइयों (वर्कर्स) के साथ विचार करेंगे,उसके बाद ही अगला फैसला लिया जाएगा।

  • पिस्टल का बट से हमला कर मनी ट्रांसफर की दुकान से नगदी और फोन छीनकर लुटेरे फरार 

    रेवाड़ीः हरियाणा में रेवाड़ी के बावल कस्बा में स्थित मनी ट्रांसफर की दुकान पर गुरुवार की रात लूट हो गई। बाइक पर सवार होकर आए लुटेरों ने दुकान मालिक की कनपटी पर पिस्टल लगा दी। इतना ही नहीं एक बदमाश ने उसके सिर पर पिस्टल के बट से वार भी किए। जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई है। वहीं गल्ले में रखे करीब 1 लाख रुपए लूट ले गए। वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। बावल थाना पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बावल शहर के वार्ड नंबर-5 में मोहल्ला चतुर्देवी निवासी दशरथ कुमार ने बताया कि उसने गर्ल्स स्कूल के सामने मोबाइल के अलावा मनी ट्रांसफर की दुकान की हुई है।

    रोजाना की तरह रात को वह अपनी दुकान पर बैठा हुआ था। रात करीब सवा 9 बजे एक बाइक पर सवार होकर तीन बदमाश पहुंचे। हेलमेट पहने एक बदमाश बाहर खड़ा रहा और 2 बदमाश अंदर घुस गए। दोनों बदमाशों ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था। अंदर आते ही एक बदमाश ने उसकी कनपटी पर पिस्टल लगा दी। बदमाशों ने सीधे गल्ले पर हाथ मारा। इस बीच तीसरा बदमाश भी वहां पहुंच गया। बदमाशों ने गल्ले से करीब 1 लाख रुपए की राशि निकाल ली। बदमाशों ने उसका फोन छीनने के लिए उसके सिर पर पिस्टल के बट से कई वार किए। इसके बाद बाइक पर सवार होकर रेवाड़ी रोड की तरफ भाग गए। दशरथ ने काफी शोर भी मचाया, लेकिन जब तक लोग उसकी दुकान तक पहुंचते बदमाश मौके से भाग चुके थे।

    सूचना के बाद बावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच के बाद लूट का केस दर्ज कर लिया है। दशरथ ने बताया कि लूटी गई करीब 1 लाख रुपए की नकदी में से 81 हजार रुपए घटना से कुछ देर पहले ही उनका जानकार एक शख्स किसी के खाते में डलवाने के लिए देकर गया था। उसे शक ही कि इस वारदात में शामिल एक युवक उसकी दुकान पर पहले अकाउंट में पैसे डलवाने आता रहा है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसने उसका चेहरा भी पहचान लिया है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है। बावल थाना प्रभारी लाजपत ने बताया कि पीड़ित दशरथ की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ धारा 379बी, आर्म्स एक्ट के तहत FIR दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।

  • 5 स्पा सेंटरों पर पुलिस की रेड, 17 लड़कियां, 8 लड़के गिरफ्तार 

    गुरुग्रामः हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस ने 5 स्पा सेंटरों पर रेड कर सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। यहां से पुलिस ने 17 लड़कियों और 8 लड़कों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आपत्तिजनक हालत में थे। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है। मानेसर के थाना प्रभारी वीरेंद्र खत्री ने बताया कि स्पा सेंटरों की आड़ में देह व्यापार किए जाने की शिकायत मिल रही थी। इन सेंटरों पर कार्रवाई के लिए टीम तैयार की। कर्मचारियों को ग्राहक बनाकर अमरपाली टावर और सेक्टर एक मार्केट स्थित 5 स्पा सेंटरों पर भेजा गया। यहां मौजूद लोगों ने लड़की के लिए पैसे मांगे। 

    इस पर कर्मचारियों ने निशान लगाए नोट उन्हें दे दिए। देह व्यापार के लिए युवती मिलने पर कर्मचारियों ने टीम को मैसेज किया। इस पर पुलिस कर्मचारी स्पा सेंटरों में पहुंचे और देह व्यापार धंधे का भंडाफोड़ किया। थाना प्रभारी ने बताया कि अमरपाली टावर में जेड ब्लैक स्पा, सिल्की स्पा, न्यू अरोमा स्पा, न्यू पैलेस स्पा और सेक्टर एक में मैजिक टच स्पा सेंटर पर रेड की गई। 

    गिरफ्तार युवतियां बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, नेपाल और दिल्ली की हैं। मैजिक टच स्पा सेंटर के मालिक का नाम कमल उर्फ राजू, न्यू अरोमा स्पा सेंटर के मलिक का नाम शैलेंद्र कुमार, सिल्की स्पा सेंटर के मलिक का नाम पवन, न्यू पैलेस स्पा सेंटर के मलिक का नाम प्रियांशु चौधरी और जेड ब्लैक स्पा सेंटर के मलिक का नाम पंकज पाल बताया जा रहा है।

  • किसानों ने रेलवे ट्रैक पर लगाया पक्का धरना, कई ट्रेन रद्द और कईयों के रूट किए गए डायवर्ट

    अंबालाः संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) ने बुधवार दोपहर 12 बजे शंभू रेलवे स्टेशन पर ट्रैक पर पक्का धरना लगा दिया। इस कारण लुधियाना से होकर अंबाला को जाने वाली और अंबाला से लुधियाना आने वाली ट्रेनों को बीच रास्ते में ही रोकना पड़ा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। किसानों के पक्के धरने के चलते रेलवे ने ट्रेनों को लुधियाना से अंबाला की तरफ जाने वाली ट्रेनों को साहनेवाल-चंडीगढ़-अंबाला रूट पर डायवर्ट कर चलाना पड़ा। इसी तरह इसी रास्ते से अंबाला से आने वाली ट्रेनों को चलाया गया। इसके अलावा कुछ ट्रेनों को लुधियाना-गिल-धुरी-जाखल रूट से चलाया गया।

    उल्लेखनीय है कि किसान संगठन मांग कर रहे हैं कि किसान आंदोलन के चलते हरियाणा की पुलिस की ओर से गिरफ्तार किए गए उनके तीन साथियों को तुरंत रिहा किया जाए। इसके साथ ही शंभू में धरना दे रहे किसानों के लिए पानी और बिजली की व्यवस्था की जाए। बुधवार को किसान जब शंभू रेलवे स्टेशन की और कूच कर रहे थे तो रास्ते में पुलिस ने उनको रोकने की कोशिश की लेकिन किसानों के मुकाबले पुलिस कर्मचारियों की कम संख्या के चलते किसान पुलिस से धक्का-मुक्की करते हुए रेलवे लाइनों पर बैठ गए। वैसे तो किसानों का आंदोलन 13 फरवरी से चल रहा है लेकिन युवा किसान नेता नवदीप सिंह जलबेहड़ा सहित तीन किसानों की रिहाई के लिए फिर आंदोलन भड़क गया है।

    इन नेताओं की गिरफ्तारी के बाद अभी तक उन्हें जेल से रिहा नहीं किया गया है। पहले किसान संगठनों ने हरियाणा सरकार को 16 अप्रैल तक का अल्टीमेटम दे रखा था। तय समय सीमा तक किसान नेताओं को रिहा नहीं किया तो बुधवार 17 अप्रैल से किसानों ने रेल रोको आंदोलन शुरू कर दिया है। रेलवे ट्रैक पर किसानों के बैठने के कारण अंबाला-लुधियाना रेल खंड बंद है। अंबाला कैंट से निकलने वाली 36 ट्रेन प्रभावित हुई हैं और 11 ट्रेन रद्द हुई हैं। 19 ट्रेनों के संचालन में मार्ग परिवर्तन किया गया है। इन्हें चंडीगढ़ के रास्ते संचालित किया जा रहा है। एक ट्रेन को बीच रास्ते में रद्द करना पड़ा जबकि पांच ट्रेनों को देरी से चलाया जा रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि उत्तर रेलवे के अम्बाला मण्डल पर किसान आंदोलन के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ है। कुछ ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है जबकि कुछ ट्रेनों को आंशिक रद्द किया गया है। 

  • इंजीनियर की सड़क हादसे में हुई मौत, 2 दिन पहले हुई थी शादी

     पानीपत : जिले के समालखा कस्बे में सड़क हादसे में कुरूक्षेत्र के 31 वर्षीय इंजीनियर की मौत हो गई। जिस हादसे की शिकायत उसके जीजा ने पुलिस को दी है। बताया है कि वह नोएडा जा रहा था। इस दौरान रास्ते में उसे किसी बड़े वाहन ने टक्कर मार दी। शव को सिविल अस्पताल रखवाया गया है। जहां बुधवार को उसका पोस्टमॉर्टम होगा।समालखा थाना पुलिस को दी शिकायत में राजेश कुमार सैनी ने बताया कि वह मॉडल टाउन करनाल का रहने वाला है।

    16 अप्रैल को वह अपने परिवार के साथ कुरूक्षेत्र से ग्रेटर नोएडा जा रहा था। उसके पीछे उसका साला पीतेंद्र उर्फ प्रीत सैनी निवासी अर्बन स्टेट सेक्टर 13, कुरूक्षेत्र अपनी बाइक पर आ रहा था। राजेश ने बताया कि जब वह मुरथल टोल टैक्स के पास पहुंचा, तो उसे पता लगा कि उसके साला प्रीतेंद्र का समालखा के पास एक्सीडेंट हो गया है, वह समालखा सिविल अस्पताल में है। सूचना मिलने पर वह वापस समालखा गया। जहां पहुंचने पर देखा कि उसकी एक्सीडेंट में लगी चोटों के कारण मौत हो गई।

    राजेश ने बताया कि यह एक्सीडेंट किसी अज्ञात बड़े वाहन की टक्कर से हुआ है। जो अज्ञात आरोपी हादसे के बाद फरार हो गया।मृतक के जीजा राजेश सैनी वासी करनाल ने बताया कि बीते शनिवार को ही प्रीतेंद्र सैनी की शादी हुई थी। प्रीतेंद्र सैनी 2 बहनों का इकलौता भाई था। वह नोएडा एक मल्टीनेशनल कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। मंगलवार कुरूक्षेत्र से नोएडा काम पर जा रहा था। समालखा करहंस के पास गौतम होटल के पास पहुंचा तभी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हादसा हो गया।

  • प्राइवेट स्कूल और सरकार में गर्माया मामला: 5 जिलों के स्कूल संचालकों ने 12वीं तक के स्कूल बंद करने का किया ऐलान

    महेंद्रगढ़ः हरियाणा भर में प्राइवेट स्कूलों की ट्रांसपोर्ट पर सरकार का एक्शन दिन-प्रतिदिन सख्त होता जा रहा है। अब सरकार के खिलाफ निजी स्कूलों ने भी मोर्चा खोल दिया है। दरअसल, महेंद्रगढ़ के कनीना में हुए स्कूल बस हादसे के बाद बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे स्कूलों के खिलाफ राज्य सरकार ने सख्त कार्रवाई करते हुए विशेष अभियान चलाया हुआ है। इसी विरोध में फेडरेशन ऑफ प्राइवेट स्कूल संघ ने कनीना हादसे के लिए पूरी तरह से सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। साथ ही चेताया है कि अगर यूं ही नाजायज सख्ती जारी रही तो वह स्कूल बसों की चाबियां सरकार को सौंप देंगे। वहीं, स्कूली बसों के चालान के विरोध में प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने पांच जिलों कैथल, सोनीपत, झज्जर, सिरसा और फतेहाबाद में पहली से 12वीं तक के स्कूल बंद करने की घोषणा की है। सोमवार को प्रदेश में 1429 स्कूल बसों की जांच की गई। इनमें से 613 बसों के चालान काटे गए और 119 बसें जब्त की गईं। 3.57 लाख रुपए जुर्माना वसूला गया है।

    कनीना हादसे के बाद फेडरेशन ऑफ प्राइवेट स्कूल संघ के पदाधिकारी पहली बार मीडिया से रुबरू हुए। स्कूल बस चालकों के शराब पीकर वाहन चलाने के सवाल पर संघ के प्रदेशाध्यक्ष कुलभूषण शर्मा बौखला गए। गुस्से में उन्होंने यहां तक कह दिया कि सरकार प्रदेश में शराब के ठेके बंद क्यों नहीं करती। गुजरात मॉडल यहां भी लागू होना चाहिए। मृतक बच्चों के परिवारों की आर्थिक मदद के सवाल पर शर्मा ने कहा कि उनकी एसोसिएशन के पास ऐसा कोई फंड नहीं है, लेकिन हमारी परिवार के साथ सहानुभूति है। मीडिया के इस सुझाव को वह एसोसिएशन की बैठक में रखेंगे। इसके बाद ही आर्थिक मदद पर फैसला हो सकेगा। कुलभूषण शर्मा ने कहा कि उन्हें चेकिंग अभियान से एतराज नहीं है, लेकिन चेकिंग के तरीके पर आपत्ति है। शाम पांच बजे स्कूल बसों को उठाया जा रहा है, जब स्कूल में न संचालक होता है और न कर्मचारी। साथ ही चहेतों के स्कूलों को छोड़ा जा रहा है। अंबाला में ऐसा हुआ।

    वहीं, मुख्य सचिव ने वीसी में निजी स्कूल संचालकों के बारे में अपशब्द कहे। उनके साथ आतंकियों सा व्यवहार किया जा रहा है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि बच्चों की मौत के जिम्मेदार चालक और स्कूल के साथ जिला प्रशासन भी है, क्योंकि प्रशासन को ही बसों की जांच करनी थी। कुलभूषण शर्मा ने आरोप लगाया कि 14 अप्रैल को फरीदाबाद में सरकार की रैली थी, इसमें निजी स्कूलों की 430 बसें गई थीं। शर्मा ने ये भी आरोप लगाया कि आरटीए और राजनीतिक लोग दबाव बनाकर स्कूलों की बसें लेते हैं। अगर बसें नहीं दी जातीं तो उन पर कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें बसें लेकर तेल देती थीं, लेकिन ये सरकार तो तेल भी नहीं देती। इसके अलावा रैली में जाने वाली बसों में लोग तोड़फोड़ तक कर देते हैं।

  • मंदिर में हुई चोरी के मामले में 2 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    पंचकूला : पुलिस ने चोरी के मामले में 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। एसपी क्राइम अरविंद कम्बोज ने प्रैस कान्फ्रैंस के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि इंस्पैक्टर निर्मल सिंह, इन्चार्ज डिटेक्टिव स्टाफ व उनकी टीम ने चण्डी माता मन्दिर में हुई चोरी की घटना को अंजाम देने वाले 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सुखा(25) पुत्र विक्रम उर्फ बेपरवाह निवासी बंगाला कालोनी नजदीक रेलवे स्टेशन जिला मोहाली और गोलू (24) पुत्र स्व. राजकुमार निवासी बंगाला कालोनी नजदीक रेलवे स्टेशन जिला मोहाली के तौर पर हुई है।

    जानकारी के मुताबिक 11 जनवरी श्री माता मनसा देवी पूजास्थल बोर्ड, पंचकूला की तरफ से शिकायत प्राप्त हुई कि चण्डी माता मन्दिर में बीती रात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने मन्दिर से माता के आभूषण, 4 दानपात्र, सोने के मुकूट, सोने का हार, टीका, झुम्के, माता की प्रतिमा, माता के पहनें हुए आभूषण (सोने की आंख, नथ, बिन्दी मुकुट व गौल्ड पतरा), चांदी की ज्यौत तथा दान पात्रो में करीब 5 लाख रुपये की राशि चोरी करके ले गये है। जिस बारे थाना में प्राप्त शिकायत पर धारा 457/380 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी थी।

    पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से माता के आभूषण बरामद कर लिए गए है। आरोपियों से पूछताछ कर अन्य सलिप्त आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर, अन्य चोरी हुए सामान को बरामद किया जाएगा। एसीपी क्राइम अरविंद कम्बोज ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ पहले भी हिमाचल प्रदेश में करीब 4 से 5 चोरी के मामले दर्ज है।