Category: Himachal

  • नेशनल यूनिटी अवार्ड के लिए नामांकन 31 जुलाई तक: राघव शर्मा

    नेशनल यूनिटी अवार्ड के लिए नामांकन 31 जुलाई तक: राघव शर्मा

    ऊना/सुशील पंडित: नेशनल यूनिटी अवार्ड 2022 के लिए नामांकन गृह मंत्रालय के पोर्टल ूूूण्ंूंतकेण्हवअण्पद पर 31 जुलाई तक किए जा सकते हैं। नेशनल यूनिटी अवार्ड का नामांकन भरने का सम्पूर्ण विवरण गृह मंत्रालय के पोर्टल पर उपलब्ध हैं। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने बताया कि भारत की एकता और अखंडता में सराहनीय योगदान देने वाले नागरिकों के लिए 31 अक्तूबर, राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य पर पुरस्कृत किए जाने वाले नागरिकों की घोषण की जाएगी। 

    राघव शर्मा ने बताया कि सरदार पटेल राष्ट्रीय एकता पुरस्कार भारत की एकता और अखंडता में योगदान देने के क्षेत्र में सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार है। इस पुरस्कार का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय एकता और अखंडता को बढ़ावा देने व मजबूत तथा अखण्ड भारत के मूल्य को सुदृढ़ करने में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए सम्मानित करना। उन्होंने बताया कि बिना किसी भेद के भारत के सभी धर्म, मूलवंश, जाति, स्थान या जन्म, आयु व व्यवसाय तथा कोई भी संस्था इस पुरस्कार के लिए पात्र हैं।

  • पंजाबः चार बहनों के इकलौते भाई की नहर में डूबने से मौत

    पंजाबः चार बहनों के इकलौते भाई की नहर में डूबने से मौत

    गुरुहरसहाय: फिरोजपुर शहर के साथ लगते गांव चक्क महंता वाला के गरीब परिवार के 14 वर्षीय बच्चे की नहर में डूबने से मौत हो गई। मृतक बच्चे के पिता जीत सिंह ने बताया कि वह बीते रविवार शाम को खेत में खाद डालने गया था और उसका बेटा लव कुश जिसकी आयु 14 वर्ष थी और एक अन्य बच्चा नहर के किनारे पर खेल रहे थे। अचानक खेलते हुए उसका बेटा और दूसरा लड़का नहर में गिर गए। इस दौरान राहगीरों ने एक बच्चे को पकड़कर नहर से निकाल लिया, जबकि लव कुश की नहर में बह जाने से मौत हो गई। जिसका शव चक्क जमालगढ़ के नजदीक गांव निवासियों ने नहर से निकाला। 

    परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

    पीड़ित ने बताया कि उसका बेटा चार बहनों का इकलौता भाई था और उसकी मौत से परिवार पर दुख का पहाड़ टूट गया है। उसने बताया कि वह बहुत गरीब है और घर की हालत भी काफी नाजुक है। गांव वासियों ने पंजाब सरकार व डिप्टी कमिश्नर फिरोजपुर से मांग की कि परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए। बच्चे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इस मौके पर थाना प्रभारी जतिंद्र सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी।

  • पंजाबः विधायक डा. इंदरबीर सिंह निज्जर सहित ये पांच नए मंत्री ले रहे शपथ, देखें वीडियो

    पंजाबः विधायक डा. इंदरबीर सिंह निज्जर सहित ये पांच नए मंत्री ले रहे शपथ, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है। राजभवन में राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिला रहे हैं। अभी सरकार में मुख्यमंत्री सहित कुल 10 मंत्री हैैं। आज पांच मंत्रियों के शपथ ग्रहण के बाद इनकी संख्या 15 हो गई है। आज शपथ दौरान सबसे पहले अमन अरोड़ा ने शपथ ली। दूसरे नंबर पर, इंद्रबीर निज्जर, तीसरे पर फौजा सिंह सरारी, चौथे पर चेतन सिंह और आखिर में अनमोल गगन मान ने शपथ ली।

    जिन विधायकों के नाम मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है उनमें सुनाम से दूसरी बार विधायक बने अमन अरोड़ा का नाम सबसे प्रमुख है। उनके अलावा अमृतसर दक्षिण से विधायक डा. इंदरबीर सिंह निज्जर, खरड़ से महिला विधायक अनमोल गगन मान, गुरहरसहाय से विधायक फौजा सिंह सरारी और समाना से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा भी मंत्री पद की शपथ लेंगे।

    विधानसभा चुनाव में 92 सीट को जीतने के बाद 16 मार्च को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बलिदानी भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में शपथ ली थी। इसके बाद 19 मार्च को भगवंत मान के मंत्रियों ने शपथ ली। इन मंत्रियों में से डा. विजय सिंगला को भ्रष्टाचार के मामले में मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया था।

  • आइलेट्स कोचिंग इंस्टिट्यूट का 3 माह के लिए लाइसेंस सस्पेंड

    आइलेट्स कोचिंग इंस्टिट्यूट का 3 माह के लिए लाइसेंस सस्पेंड

    मोहालीः पंजाब के मोहाली जिले में फेज 3बी 2 स्थित डाउन टाउन ओवरसीज नामक कंसल्टेंसी एंड कोचिंग इंस्टिट्यूट ऑफ आइलेट्स फर्म का लाइसेंस 90 दिनों के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। पंजाब ट्रैवल्स प्रोफेशनल रेगुलेशन एक्ट, 2012 के तहत यह कार्रवाई की गई है। मोहाली की एडिशनल जिला मजिस्ट्रेट अमनिंदर कौर बराड़ ने आइलेट्स इंस्टिट्यूट के खिलाफ यह एक्शन लिया है। फेज 3बी2 के एससीएफ नंबर 31 की दूसरी और तीसरी मंजिल पर यह कोचिंग सेंटर है।

    पहले नोटिस भी किया गया था जारी 

    मोहाली की एडीसी ने बताया कि फर्म को कंसल्टेंसी एवं कोचिंग इंस्टिट्यूट ऑफ आइलेट्स के काम के लिए लाइसेंस जारी किया गया था। 13 नवंबर 2024 तक इसकी वैधता थी। इसके खिलाफ मिली शिकायत के बाद क्लाइंट्स की जानकारी और उनसे वसूली गई फीस की जानकारी मांगी गई थी। वहीं कहा गया था कि क्लाइंट्स को दी गई सर्विस की भी जानकारी प्रदान की जाए। काफी समय बीत जाने के बाद भी जानकारी न दिए जाने के चलते यह कार्रवाई की गई है। इससे पहले नोटिस भी जारी किया गया था।

    3 महीने के लिए किया गया लाइसेंस सस्पेंड 

    फर्म के खिलाफ मटौर थाने में पंजाब ट्रैवल प्रोफेशनल एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। इसकी जानकारी मोहाली के एसएसपी ने डीसी दफ्तर के साथ शेयर की थी, जिसके बाद विभाग द्वारा कार्रवाई शुरू की गई। एडीसी ने कहा कि फर्म की ओर से पंजाब ट्रैवल प्रोफेशनल रेगुलेशन एक्ट 2012 की धारा 6(1)(ई) की उल्लंघना की गई है। ऐसे में इसका लाइसेंस 3 महीने के लिए सस्पेंड किया गया है। 

    15 दिनों में स्पष्टीकरण देगी लाइसेंसी फर्म 

    लाइसेंसी फर्म को अपना स्पष्टीकरण 15 दिनों में देने को कहा गया है। इसके लिए इसे नोटिस भी जारी किया गया है। पूछा गया है कि इसका लाइसेंस पूरी तरह रद्द क्यों न कर दिया जाए।

  • सिद्धू मूसेवाला मर्डर केसः इन आरोपियों को पंजाब लाएगी पुलिस, कोर्ट से रिमांड हासिल कर करेगी पूछताछ

    सिद्धू मूसेवाला मर्डर केसः इन आरोपियों को पंजाब लाएगी पुलिस, कोर्ट से रिमांड हासिल कर करेगी पूछताछ

    नई दिल्लीः पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में गिरफ्तार किए गए आरोपी प्रियव्रत फौजी को दिल्ली पुलिस से पंजाब लाने की इजाजत मिल गई है। आरोपी प्रियव्रत फौजी के साथ ही पटियाला हाउस कोर्ट ने कशिश, केशव व दीपक की भी कस्टडी दे दी है। अब पंजाब पुलिस इन आरोपियों को तिहाड़ जेल से पंजाब लाकर अदालत में पेश करेगी और इनका रिमांड हासिल विस्तार से पूछताछ की जाएगी।

    प्रियव्रत को दिल्ली पुलिस ने किया था गिरफ्तार  

    बता दें कि दिल्ली पुलिस ने आरोपी प्रियव्रत को गिरफ्तार किया था और उसे अदालत में पेश कर दिल्ली पुलिस ने फौजी का रिमांड हासिल किया था। बाद में फौजी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। मनप्रीत मन्नु, दीपक मुंडी, जगरूप रूपा अभी पुलिस की पहुंच से बाहर है।

    दावा का किया जा रहा है कि ये आरोपी भी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे। गौरतलब है कि पंजाब पुलिस पहले लॉरेंस बिश्नोई और जग्गू भगवानपुरिया को तिहाड़ जेल से पंजाब लेकर आई थी। 

  • मूसेवाला के करीबी शगनप्रीत की बढ़ी मुश्किलें, हाईकोर्ट का आया फैसला

    मूसेवाला के करीबी शगनप्रीत की बढ़ी मुश्किलें, हाईकोर्ट का आया फैसला

    चंडीगढ़: पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का करीबी बताए जाने वाले शगनप्रीत को लेकर बड़ी ख़बर सामने आई है। शगनप्रीत ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी। जिसको लेकर आज हाईकोर्ट का फैसला आया है। हाईकोर्ट से शगनप्रीत को इस याचिका पर बड़ा झटका लगा है। पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट ने शगनप्रीत को अग्रिम जमानत देने से इंकार कर दिया है। कोर्ट ने कहा कि इसके लिए उसे भारत आना पड़ेगा। 

    गैंगस्टर लॉरेंस और गोल्डी बराड़ से है जान का खतराः शगनप्रीत

    बता दें कि खुद को मूसेवाला का मैनेजर बताते हुए शगनप्रीत ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर अग्रिम जमानत और सुरक्षा मांगी थी। हालांकि कोर्ट ने अपना फैसला सुनाते हुए शगनप्रीत को अग्रिम जमानत नहीं दी। हाल ही में शगनप्रीत ने गैंगस्टर लॉरेंस और गोल्डी बराड़ से जान का खतरा बताया है। उसने हाईकोर्ट से सुरक्षा मांगी है। गौर हो कि शगनप्रीत विक्की मिड्डूखेड़ा केस में शक के आधार पर आरोपी बताया जा रहा है। हालांकि खबरें हैं कि वह इस समय ऑस्ट्रेलिया में रह रहा है। लेकिन अब उसे भारत वापिस आना पड़ेगा।

  • सिद्धू मूसेवाला मर्डर केसः शार्प शूटर अंकित सेरसा गिरफ्तार, मूसेवाला के पिता ने किए बड़े खुलासे

    सिद्धू मूसेवाला मर्डर केसः शार्प शूटर अंकित सेरसा गिरफ्तार, मूसेवाला के पिता ने किए बड़े खुलासे

    चंडीगढ़ः पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में तीसरे शार्प शूटर अंकित सेरसा की गिरफ्तारी हो गई है। दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने उसे दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके से बीती रात गिरफ्तार किया। उसके एक और साथी सचिन चौधरी को भी पकड़ा गया है। उससे पुलिस ने डोंगल, सिम और 2 मोाबाइल के अलावा पुलिस की 3 वर्दी बरामद की हैं। वहीं, पहले पकड़े गए शामिल शार्प शूटर्स के लीडर प्रियवर्त फौजी और कशिश उर्फ कुलदीप को पुलिस पंजाब लेकर आएगी।

    उनके साथ केशव को भी लाया जाएगा। इसके लिए पंजाब पुलिस दिल्ली पहुंच गई है। तीनों इस वक्त तिहाड़ जेल में बंद हैं। पुलिस उनका प्रोडक्शन वारंट मांग रही है। जिसके बाद ट्रांजिट रिमांड लेकर उन्हें मानसा लाया जाएगा। वहीं मूसेवाला हत्याकांड के बाकी बचे शार्प शूटर मनप्रीत मनु कुस्सा, जगरूप रूपा और दीपक मुंडी के महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में छुपने के इनपुट मिले हैं। दिल्ली और पंजाब पुलिस उक्त राज्यों की पुलिस को साथ लेकर लगातार रेड कर रही है।

    मेरे बेटे पर चुनावों के दौरान 8 बार हुए हमले

    वहीं इस मामले को लेकर सिद्धू मूसेवाला के पिता ने भावुक होकर एक पहली बार बड़े खुलासे किए है। सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने इस दौरान बड़ा बयान देते हुए कहा कि सिद्धू मूसेवाला पर चुनावों के दौरान 8 बार हमला करने की कोशिश हुई थी। करीब 50-60 लोग उसे मारने के लिए आए थे। उन्होंने कहा कि सरकार को पता था कि सिद्धू मूसेवाला की जान को खतरा है परंतु इसके बावजूद उसकी सिक्योरिटी वापिस ली गई। सिक्योरिटी वापिस लेने पर उसके सिद्धू मूसेवाला के नाम की मशहूरी की गई। 

    बता दें कि आज सिद्धू मूसेवाला के पिता ने गांव बुर्ज डलवा की सड़क का आज नींव पत्थर रखा। इस दौरान उन्होंने कहा कि सिद्धू मूसेवाला के सपनों को पूरा किया जाएगा। उनके बेटे के सपनों को पूरा करने के लिए परिवार हमेशा आगे रहेगा। आपको बता दें कि सिद्धू मूसेवाला के पिता ने जिस सड़क का नींव पत्थर रखा है वह सिद्धू मूसेवाला ने चुनावों दौरान पास करवाई थी। 

    हत्या के बाद 9 दिन मानसा में रहे शूटर

    दिल्ली पुलिस के गिरफ्तार किए प्रियवर्त फौजी से पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ है। मूसेवाला की हत्या के बाद शार्प शूटर 9 दिन तक मानसा में किसी अज्ञात जगह पर छिपे रहे। इसके बाद वह लगातार ठिकाने बदलते रहे। अंत में गुजरात पहुंचे। जहां से फौजी और कशिश पकड़े गए। हालांकि अंकित सेरसा और दीपक मुंडी भाग निकले। सूत्रों की मानें तो जगरूप रूपा और मनु कुस्सा इनसे अलग चले गए।

    अज्ञात व्यक्ति ने की मदद, हर सामान मुहैया कराया

    सूत्रों के मुताबिक मानसा में छिपने के दौरान शार्प शूटर्स को खाने से लेकर जरूरत का हर सामान मुहैया कराया गया। हालांकि वह सामान कौन देकर जाता था, इसके बारे में शार्प शूटर्स को भी पता नहीं है। यह संभावना जताई जा रही है कि कनाडा बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के गुर्गे ही उनकी मदद कर रहे थे।

  • पंजाब सरकार को HC ने जारी किया Notice, जाने मामला

    पंजाब सरकार को HC ने जारी किया Notice, जाने मामला

    चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस के पूर्व मंत्री संगत सिंह गिलजियां को लेकर मामला सामने आया है। दरअसल, ट्री गार्ड खरीदे मामले में पंजाब सरकार ने गिलजियां पर केस दर्ज किया था। जिसके बाद अब हाईकोर्ट ने विजीलेंस की तरफ से दर्ज केस में पंजाब सरकार को नोटिस जारी कर दिया है। इस संबंध में कोर्ट ने पंजाब सरकार से स्टेट्स रिपोर्ट भी मांगी है। इस मामले की अगली सुनवाई अब 20 जुलाई को होगी। दरअसल, विजीलेंस ने कोर्ट में इस बात को माना है कि ट्री गार्ड 80 हजार रूपए में नहीं खरीदे गए थे।

    गिलजियां पर रिश्‍वत लेने के लगे थे आरोप

    बता दें कि संगत सिंह गिलजियां पर रिश्‍वत लेने और भ्रष्टाचार का आरोप लगा था। उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर में यह कहा गया था कि 80 हजार ट्री गार्ड खरीद में उन्होंने घोटाला किया है। साथ ही गिलजियां ने ट्री गार्ड खरीदने के लिए सभी डीएफओ से कहा था कि वे एक खास व्‍यक्ति से ट्री गार्ड की सप्‍लाई करें। इसकी कीमत 2800 रुपये रखी गई थी। हालांकि अब इस पर विजीलेंस ने स्टैंड बदलते हुए कोर्ट में कहा कि 80 हजार में ट्री गार्ड नहीं खरीदे गए हैं। जिसके बाद कोर्ट ने पंजाब सरकार को नोटिस जारी कर स्टेट्स रिपोर्ट मांगी है।

    विजिलेंस ब्‍यूरो ने किया था मामला दर्ज

    गौरतलब है कि पंजाब विजिलेंस ब्‍यूरो ने पिछले दिनों भ्रष्‍टाचार के मामले में पूर्व मंंत्री साधू सिंह धर्मसोत, पूर्व मंत्री संगत सिंह गिलजियां व अन्‍य आरोपितों के खिलाफ रिश्‍वत के लेन-देन में एफआइआर दर्ज की थी। वहीं साधू सिंह धर्मसोत इस मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है।

  • पंजाबः एसडीएम कार्यालय और बस स्टैंड पर खालिस्तान के लिखे पोस्टर लगे मिले

    पंजाबः एसडीएम कार्यालय और बस स्टैंड पर खालिस्तान के लिखे पोस्टर लगे मिले

    गुरदासपुरः पंजाब में लगातार राज्य का माहौल खराब करने को लेकर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा खालिस्तान के पोस्टर लगाए जा रहे है। हाल ही में पूर्व सेशन जज की कोठी की दीवार के बाहर भी खालिस्तान लिखा गया था। आज जिला गुरदासपुर में खालिस्तान के पोस्टर लगने का मामला सामने आया है।

    जिला गुरदासपुर के सीमावर्ती वह ऐतिहासिक कस्बा डेरा बाबा नानक में एसडीएम कार्यालय और बस स्टैंड पर खालिस्तान के हाथ लिखित पोस्टर लगे मिले। सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंच इन पोस्टरों को उतरवाया। पोस्टर किस ने लगाए संबंधी पुलिस जांच कर रही है।

    सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस 

    पुलिस अब इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है। जहां पोस्टर लगे, वहां सीसीटीवी नहीं हैं। पुलिस वहां से आते-जाते रास्तों के सीसीटीवी खंगाल रही है ताकि वहां से कोई सुराग हाथ लग सके।

    बॉर्डर एरिया में ऐसे पोस्टर से साजिश का खतरा


    डेरा बाबा नानक के जिस इलाके में यह पोस्टर लगे हैं, वह बॉर्डर एरिया है। जिसकी सीमा पाकिस्तान से सटी हुई है। यहां से पाकिस्तान के लिए कॉरिडोर भी है। ऐसे में पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है।

  • पंजाबः जेल में बंद गुरमीत राम रहीम को लेकर हाईकोर्ट का आया फैसला, जाने क्या कहा

    पंजाबः जेल में बंद गुरमीत राम रहीम को लेकर हाईकोर्ट का आया फैसला, जाने क्या कहा

    चंडीगढ़: साध्वी यौनशोषण मामले में रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को नकली (डमी) बताने वाली याचिका को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है। हाईकोर्ट ने कहा कि इस तरह की याचिका सुनने के लिए कोर्ट नहीं बनी।

    डेरे की तरफ से याचिका का विरोध करते हुए कोर्ट को बताया गया कि दो साल पहले भी याची ने इस तरह की आधारहीन याचिका दायर कर जेल में डेरा प्रमुख की जान को खतरा बताया था। हाईकोर्ट के आदेश पर सेशन जज ने इस मामले की जांच की थी और आरोप झूठे पाए गए थे। इसके बाद कोर्ट ने जुर्माना लगाकर याचिका खारिज की थी। कोर्ट ने कहा कि याचिका में जो आरोप लगाए गए हैं वो केवल फिल्मों में ही संभव हैं।

    बता दें, याचिका में आरोप लगाया गया था कि जेल में बंद गुरमीत राम रहीम नकली है, जबकि असली को अगवा कर लिया गया है। गुरमीत राम रहीम इन दिनों पैरोल पर है अपने यूपी के बागपत स्थित डेरे में है। यह याचिका चंडीगढ़ निवासी अशोक कुमार सहित एक दर्जन डेरे के अनुयायियों ने दायर की थी। 

    याचिका में आरोप लगाया गया था कि डेरे की गद्दी हासिल करने के लिए असली डेरा प्रमुख को अगवा कर मार दिया गया है, जबकि जेल में नकली डेरा प्रमुख बैठा दिया गया है। याचिका पर पंजाब एवं हाई कोर्ट ने हरियाणा सरकार, हनीप्रीत व सिरसा डेरा प्रशासक पीआर नैन को प्रतिवादी बनाया था। 

    याचिकाकर्ताओं ने बताया था कि उनके सूत्रों के मुताबिक गुरमीत राम रहीम को राजस्थान के उदयपुर से अगवा किया गया था अब नकली को असली डेरा प्रमुख से बदल दिया गया है या बदलने की योजना है। याचिकाकर्ताओं ने यह भी दावा किया था कि डेरा प्रमुख के व्यक्तित्व, आदि में कई परिवर्तन देखे गए हैं। गुरमीत राम रहीम का कद एक इंच के लगभग बढ़ गया है। अंगुलियों की लंबाई व पैरों का आकार भी बढ़ा हुआ है। बहरहाल, पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने यह याचिका खारिज कर दी है।