Category: Himachal

  • HRTC बस में धुआं निकलने से यात्रियों में मची अफरा-तफरी

    HRTC बस में धुआं निकलने से यात्रियों में मची अफरा-तफरी

    हिमाचलः शिमला जिला के रामपुर के तकलेच बाजार में सवारियों से भरी HRTC की बस में अचानक आग लग गई। इससे सवारियों में अफरा-तफरी मच गई। ड्राइवर की सूजबूझ से बड़ा हादसा टल गया। इंजन से धुआं उठते ही ड्राइवर ने बैटरी की वायर को डिस्कनेक्ट कर दिया। आग के समय बस में 20 से ज्यादा यात्री सवार थे।

    हादसा शुक्रवार शाम का है, इसका सीसीटीवी फुटेज आज सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि बस में सवार लोग तकलेच बस स्टैंड में जान बचाकर बाहर भाग रहे हैं। बता दें कि HRTC प्रबंधन पुरानी बसों को ग्रामीण इलाकों में भेज देता है। इससे कई बसें आधे रास्ते में ही हांफ जाती है। किसी का टायर पंक्चर हो जाता है तो किसी का कोई पुर्जा टूट जाता है। इसे देखते हुए स्थानीय लोगों ने पुरानी बसों को बदलने की मांग की है, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी को टाला जा सके।

  • Himachal News: फूड सेफ्टी विभाग ने 1200 किलो से ज्यादा पनीर व मिठाइयां पकड़ी, देखें वीडियो

    Himachal News: फूड सेफ्टी विभाग ने 1200 किलो से ज्यादा पनीर व मिठाइयां पकड़ी, देखें वीडियो

    हिमाचलः उन्नाव पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने 1200 किलो से ज्यादा पनीर पकड़ा है। इस संबंधी एसपी अमित यादव व एसपी संजीव भाटिया के नेतृत्व में एएसआई जितेंद्र कुमार ने टीम तैयार कर कोठार कला में एक गोदाम पर छापेमारी की। जहां पनीर के साथ-साथ कई तरह की मिठाइयां भी बरामद है। पुलिस ने अनुसार बनावटी पनीर बेचा जा रहा है।

    मौके पर फूड सेफ्टी कमिश्नर जगदीश दामन ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि बड़ी मात्रा में नकली पनीर पकड़ा गया है, जिसके बाद पर मौके का मुआयना करने पहुंचे है। जहां हर तरह की मिठाई की जांच की जा रही है। मिठाइयों और पनीर के सैंपल लिए गए है, जिन्हें लेबोरेटरी में जांच के लिए भेज दिया गया है। अगर किसी भी तरह की कोई मिठाई या पनीर के सैंपल फेल पाए जाते है तो बनती कार्रवाई की जाएगी। एसपी संजीव भाटिया ने बताया कि हमारे पूरे जिले में टीमों द्वारा हर गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं लोगों की सेहत के साथ कोई भी खिलवाड़ ना हो इसलिए त्यौहारी सीजन में अभियान चलकार चैकिंग की जा रही है।

    गोदाम मालिक वंदना शर्मा ने बताया कि वह सेल-परचेस का काम करते है। एक जगह से पनीर खरीदकर लाते है और मार्केट में सप्लाई करते है। विभाग को सैंपल दे दिए गए है, अगर कोई सैंपल फेल पाया जाता है तो उसकी जिम्मेदारी हमारी होगी। उन्होंने कहा कि ऊना में कई बड़े-बड़े फर्में है, लेकिन कोई भी कार्रवाई वहां नहीं की जा रही है।

  • संतुलित व पौष्टिक आहार पर दिया बल, पोषण माह के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन

    संतुलित व पौष्टिक आहार पर दिया बल, पोषण माह के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन

    ऊना को स्वस्थ समाज का मॉडल बनाना लक्ष्य : उपायुक्त जतिन लाल

    ऊना/सुशील पंडित: उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि स्वस्थ समाज की नींव संतुलित व पौष्टिक आहार पर टिकी होती है। हर व्यक्ति को अपने खान-पान के प्रति सजग रहना चाहिए ताकि शारीरिक और मानसिक विकास समान रूप से हो सके। उन्होंने कहा कि ऊना जिले को स्वस्थ समाज का मॉडल बनाने के लक्ष्य के साथ कार्य किया जा रहा है।

    वे मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर में आयोजित पोषण माह कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। यह कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत जिला ग्रामीण विकास अभिकरण द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग तथा राजकीय महाविद्यालय ऊना के सहयोग से आयोजित किया गया।

    उपायुक्त ने कहा कि किसी भी बच्चे की सफलता के लिए अच्छी शिक्षा और उत्तम स्वास्थ्य दोनों आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि जंक फूड बच्चों की सेहत के लिए घातक सिद्ध हो सकता है, इसलिए उन्हें पारंपरिक और पौष्टिक आहार अपनाने की आदत डालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारा शरीर एक मंदिर है, इसकी देखभाल हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

    उपायुक्त ने ज़िले में कार्यरत डॉक्टरों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वयं सहायता समूहों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पोषण संबंधी जागरूकता फैलाने में उनका योगदान उल्लेखनीय है। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी रमनवीर चौहान ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि जिला कार्यक्रम प्रबंधक ज्योति शर्मा ने पौष्टिक आहार के महत्व पर विस्तृत जानकारी साझा की।

    प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

    कार्यक्रम के दौरान भाषण, कविता पाठ, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में फरहान ने प्रथम, महेश्वर धीमान ने द्वितीय और प्रकाश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कविता पाठ प्रतियोगिता में संजना ने प्रथम, राधिका ने द्वितीय और कृषक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में प्रवेश, नितिन और सुनील ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल किए।

    रंगोली प्रतियोगिता (प्राथमिक विंग) में कृष्ण, मनीषा और तानिया क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय रहे, जबकि मिडल विंग में लौंगश्री व आदित्य ने प्रथम, कशिश व गौरव ने द्वितीय तथा अभिजीत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समारोह के अंत में उपायुक्त ने सभी विजेताओं को सम्मानित किया और पौष्टिक आहार के महत्व पर शपथ दिलवाई।

    कार्यक्रम में सीडीपीओ शिव कुमार, रामपुर स्कूल के प्रधानाचार्य सुरेंद्र कुंडल, ऊना कॉलेज के प्रोफेसर रशपाल व आरूषी शर्मा, राजकीय माध्यमिक विद्यालय रामपुर की  मुख्य अध्यापिका सविता देवी, वीरेंद्र कुमार सहित डीआरडीए के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

  • तकनीकी शिक्षा मंत्री का अहम ऐलान, हिमाचल के सपने को साकार करेंगे युवा

    तकनीकी शिक्षा मंत्री का अहम ऐलान, हिमाचल के सपने को साकार करेंगे युवा

    शिमला: तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने आज यहां तकनीकी शिक्षा संबंधी समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रदेश के युवा नवोन्मेषी विचारों और ऊर्जा से परिपूर्ण हैं। युवाओं को उद्यमशीलता की ओर आकर्षित करने के लिए उद्योग विभाग के साथ विभिन्न तकनीकी संस्थानों में एंटरप्रेन्योरशिप कार्यक्रम आयोजित करवाए जाएंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं में नेतृत्व के गुणों के विकास के साथ-साथ उनके नवाचारों को साकार करने के अवसर दिए जाएंगे। इसके लिए उद्योग जगत से जुड़े विशेषज्ञों की मदद ली जाएगी। इसके अतिरिक्त हिमुडा के साथ भी प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन करवाया जाएगा।

    युवाओं के स्टार्ट अप को दिया जा रहा बढ़ावा

    धर्माणी ने कहा कि राज्य में सूक्ष्म, लघु उद्यमों और स्टार्ट-अप इको सिस्टम का निर्माण किया जा रहा है। प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं के स्टार्ट-अप को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योग जगत से संबंधित विभिन्न संघों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है ताकि युवा उद्यम स्थापित कर सकें। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिपेक्ष्य में ब्यूटी और वेलनेस तथा फैशन उद्योग के विस्तार के दृष्टिगत युवाओं को इस इंडस्ट्री की तरफ आकर्षित करने के लिए देश के प्रतिष्ठित ब्रांड्स के साथ समन्वय स्थापित किया गया है और युवाओं को इस क्षेत्र में प्रशिक्षित किया जा रहा है। आधुनिक समय की मांग को ध्यान में रखते हुए पाठ्यक्रमों को तैयार किया जा रहा है। तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि हिमाचल जैसे प्राकृतिक आपदा संवेदनशील राज्य में आपदा प्रबंधन विषय का अपना महत्त्व है। इसके दृष्टिगत प्रदेश के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, बहु तकनीकी एवं इंजीनियरिंग संस्थानों में बच्चों को आपदा प्रबन्धन विषय की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। इसके तहत उन्हें आपदा से निपटने का व्यवहारिक ज्ञान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में प्रदेश के युवाओं के लिए राज्य में स्किल अकेडमी और डिजिटल यूनिवर्सिटी को भी स्थापित किया जाएगा। बैठक में सचिव तकनीकी शिक्षा संदीप कदम और निदेशक तकनीकी शिक्षा अक्षय सूद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
  • मां चिंतपूर्णी के दरबार में हुआ चमत्कार, Punjab के व्यक्ति की लौटी आवाज, देखें वीडियो

    मां चिंतपूर्णी के दरबार में हुआ चमत्कार, Punjab के व्यक्ति की लौटी आवाज, देखें वीडियो

    ऊनाः अगर कोई सच्चे मन से मां की स्तुति करे, तो गूंगे भी बोलना शुरू कर देते हैं। देवभूमि में देवताओं के दर कई चमत्कार देखने को मिलते हैं। ऐसा ही एक चमत्कार हुआ है। उत्तर भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी के दरबार में होशियारपुर पंजाब के रहने वाले 35 साल के सरजू शर्मा की आवाज लौट आई और सुनना भी शुरू हो गया। सरजू शर्मा बचपन से ही बोलने और सुनने में बहुत ज्यादा असमर्थ था, जिसके चलते कई उन्होंने कई डाक्टरों से इलाज भी करवाया लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ा।

    सरजू शर्मा ने परिवार के साथ कई बार माता श्री चिंतपूर्णी के दरबार में हाजिरी भरी लेकिन सोमवार रात माता के दरबार में सरजू के साथ चमत्कार हुआ और वो सुनने बोलने में सक्षम हो गया। माता श्री चिंतपूर्णी के दरबार सोमवार रात एक चमत्कार देखने को मिला जहां पर बोलने और सुनने में अक्षम पंजाब के होशियारपुर के 35 वर्षीय व्यक्ति ने माता का चरणामृत पीने के तुरंत बाद बोलना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं इस मूक बधिर व्यक्ति को सुनना भी शुरू हो गया। हालांकि होशियारपुर के निवासी 35 साल के सरजू शर्मा बचपन से ही सुन नहीं पाते थे, जबकि वह सही तरह से बोल भी नहीं पाते थे।

    इस बीच पिछले 3 महीने से सरजू शर्मा बिल्कुल बोल नहीं पा रहे थे। लेकिन माता चिंतपूर्णी के प्रति अगाध आस्था ने सोमवार रात ऐसा चमत्कार किया जिसे देखकर माता श्रीचिंतपूर्णी के दरबार में हर कोई हतप्रभ था। सरजू शर्मा भी माता श्रीचिंतपूर्णी के दरबार में अपने साथ हुए इस सुखद चमत्कार के बाद गदगद दिखे। उन्होंने अपनी बोलने और सुनने की शक्ति देने के लिए माता श्रीचिंतपूर्णी का आभार प्रकट किया।

  • SBI चंडीगढ़ के महाप्रबंधक ने आपदा राहत कोष के लिए 1.55 करोड़ रुपये का अंशदान किया

    SBI चंडीगढ़ के महाप्रबंधक ने आपदा राहत कोष के लिए 1.55 करोड़ रुपये का अंशदान किया

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू को आज यहां एसबीआई चंडीगढ़ सर्कल के मुख्य महाप्रबंधक कृष्ण शर्मा ने आपदा राहत कोष के लिए 1.55 करोड़ रुपये का चेक भेंट किया। मुख्यमंत्री ने इस पुनीत कार्य के लिए आभार व्यक्त करते हुए लोगों से आपदा प्रभावितों की सहायता के लिए उदारतापूर्वक योगदान देने का आग्रह किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर, एसबीआई हिमाचल के डीजीएम प्रभात कुमार तथा अन्य गणमान्य भी उपस्थित थे।

  • Activa सवार तीन युवकों ने Doctor पर किया हमला, सिर पर लगे 47 टांके, देखें वीडियो

    Activa सवार तीन युवकों ने Doctor पर किया हमला, सिर पर लगे 47 टांके, देखें वीडियो

    हिमाचलः मैहतपुर बसदेहड़ा में एक्टिवा सवार तीन लड़कों ने एक डॉक्टर पर तेजधार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। डाक्टर की पहचान धीरज के रूप में हुई है। जिसके सिर पर 47 टांके लगे है। डाक्टर धीरज ने बताया कि वह रात को घर पर थे, इस दौरान खाना खा रहे थे। उन्हें किसी मरीज के घर पर इंजेक्शन लगाने जाना था। बाहर से अचानक ऊंची-ऊंची अवाजें आने लगी। तुरंत बेटा बाहर की ओर गया तो देखा कि तीन युवक झगड़ा कर रहे थे। इतने में वह उनके पास गया और उन्हें समझाया कि यहां शौर मत मचाओ।

    इतने में तीनों ने कोई भी मेरी बात नहीं सुनी और हमला कर दिया। उनके पास तेजधार हथियार थे। आरोपियों ने सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मेरे रिश्तेदारों ने मुझे अस्पताल दाखिल करवाया, यहां सिर पर 47 के करीब टांगे लगे है। डाक्टर ने बताया कि युवक वार्ड नंबर-9 के है तीनों ने नशा किया हुआ था।

    दूसरी तरफ आकाश भारद्वाज ने बताया कि वह घर पर था। इतने में साहिल राणा उसके घर पर आया, और बाहर बुलाने लगा। जब उसने पूछा कि क्या बात है तो वह उसे जबरदस्ती उठाकर अपनी एक्टिवा के पास ले गया, जहां 2 लड़के और खड़े थे। बहसबाजी के दौरान शौर मचा तो आसपास के लोग इक्ट्ठा हो गए। इतने में डाक्टर साहब भी वहां पहुंच गए, जिन्होंने उसे छुड़वाना चाहा तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। आकाश भारद्वाज ने बताया कि साहिल राणा उसका भाई रमनी राणा और अनमोल ने हमला किया है। आकाश ने बताया कि इलाके में नशा बढ़ता जा रहा है। पुलिस से आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।

  • राज्य में Digital Governance अभियान को मिली उपलब्धि, एक साल में दी गई 22.78 लाख सेवाएं

    राज्य में Digital Governance अभियान को मिली उपलब्धि, एक साल में दी गई 22.78 लाख सेवाएं

    शिमला: वर्तमान प्रदेश सरकार के सार्वजनिक सेवाओं के डिजिटलीकरण अभियान को अभूतपूर्व सफलता हासिल हो रही है। सरकार के प्रयासों के फलस्वरूप प्रदेश में लोग अब घर बैठे ही सरकारी सुविधाओं का सुगमता से उपयोग कर पा रहे हैं। ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से वर्ष 2024 में लोगों को रिकॉर्ड 22.78 लाख सेवाएं प्रदान की गई हैं।

    मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में डिजिटल गवर्नेंस को प्रमुखता प्रदान करते हुए राज्य के विभिन्न विभाग सक्रिय रूप से ऑनलाइन सेवा वितरण प्रणाली को अपना रही है। वर्ष 2023 में पोर्टल के माध्यम से लगभग 14.97 लाख सेवाएं प्रदान की गई। वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 15 लाख तक पहुंच गई है और इस वर्ष के आगामी महीनों में वृद्धि का अनुमान है।

    मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों की अनुपालना करते हुए ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर उपलब्ध ऑनलाइन सेवाओं को बढ़ाया गया है। वर्ष 2022 में 113 सेवाएं प्रदान की जा रही थी और वर्ष 2025 में ऑनलाइन सेवाओं की संख्या बढ़कर 436 हो गई है। वर्तमान सरकार के कार्यभार ग्रहण करने के उपरान्त इन सेवाओं में चार गुणा की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2023 में यह संख्या 217 और वर्ष 2024 में 251 दर्ज की गई। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि हिमाचल डिजिटल शासन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

    मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (आईटी एवं नवाचार) गोकुल बुटेल ने कहा कि डिजिटल सेवाओं से नागरिकों की सरकारी सुविधाओं तक पहुंच में क्रांतिकारी बदलाव आया है। इन सेवाओं के माध्यम से नागरिक किसी भी स्थान से कभी भी आवेदन कर सकता है। इससे समय और धन दोनों की बचत हो रही हैं। ये सेवाएं प्रदेशभर में लोक मित्र केंद्रों के माध्यम से आसानी से उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप प्रदेश सरकार हर नागरिक को सुलभ, पारदर्शी और कुशल डिजिटल सेवाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित कर रही है।

    मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि सभी विभागों को कागज, उपस्थिति और नकदी रहित व्यवस्था अपनाने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व विभाग द्वारा कुछ तहसीलों में शुरू की गई एक पायलट परियोजना के तहत अब बिना सरकारी कार्यालय जा कर संपत्ति का पंजीकरण करवाना संभव हो गया है। सरकार की इस पहल को लोगों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए अन्य विभागों को भी इसी तरह की डिजिटल नवाचारों का विस्तार करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

  • CM Sukhu का बड़ा ऐलान, इस जिले में बनाए जाएंगे 66 केवी सब स्टेशन और मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट

    CM Sukhu का बड़ा ऐलान, इस जिले में बनाए जाएंगे 66 केवी सब स्टेशन और मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज मंडी जिला के करसोग विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला करसोग को राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगले साल से यह स्कूल सीबीएसई आधारित होगा, जिसमें पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने करसोग में मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट तथा 66 केवी सब स्टेशन बनाने की घोषणा भी की। उन्होंने करसोग विधानसभा क्षेत्र के तिब्बन और पांगणा को सीबीएसई स्कूल बनाने, सनारली, मतेड़ और बनेड़ा में पटवार सर्कल खोलने, तत्तापानी से बखरौट सड़क का सुधार करने की घोषणा भी की।

    उन्होंने कहा कि आईटीआई का भवन पूरा करने के लिए धन उपलब्ध करवाया जाएगा तथा इस संस्थान में एआई, मशीन लर्निंग के कोर्स शुरू किए जाएंगे। उन्होंने करसोग अस्पताल में जल्द ही रेडियोलॉजिस्ट नियुक्त करने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के दौरान करसोग विधानसभा क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बादल फटने की घटनाओं के कारणों का अध्ययन करवा रही है। राज्य सरकार करसोग में पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त 94 घरों को फिर से बसाने के लिए सात लाख रुपये प्रदान करेगी।

    करसोग में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के भाजपा नेता एडिशनल बॉरोइंग में अड़ंगे लगा रहे हैं जबकि उनके कार्यकाल में इसकी अनुमति दी गई। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित करने लिए पुरानी पेंशन स्कीम को बहाल किया, लेकिन इस निर्णय के परिणामस्वरूप केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश पर प्रतिबंध लगा दिए। केंद्र ने राज्य की ऋण सीमा में 1600 करोड़ रुपये की कटौती की है। उन्होंने कहा कि सभी दबावों के बावजूद कांग्रेस सरकार ओपीएस से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता बार-बार पूछते हैं कि महिलाओं को 1500 रुपये कब मिलेंगे। मैं कहना चाहता हूं कि हम व्यवस्था परिवर्तन से आगे बढ़ रहे हैं और सरकार शीघ्र ही सभी पात्र महिलाओं को 1500 रुपये पेंशन प्रदान करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार ने ठेकेदारों को लाभ देने के लिए प्रदेश भर में 1000 करोड़ रुपये के भवन बना दिए। सिराज के छतरी में 40 करोड़ रुपये की लागत से आईटीआई भवन बनाया गया जिसमें आज मात्र 18 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार लूट के दरवाजे बंद करके आम लोगों के लिए योजनाएं लेकर आ रही है।

    भाजपा पर हमला करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली डबल इंजन सरकार ने प्रदेश का खजाना खाली किया और प्रदेश की संपदा को लुटा दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार को पिछली सरकार से 50 हजार करोड़ रुपये कम मिले लेकिन इसके बावजूद सरकार पूरी गति से हिमाचल प्रदेश को विकास के पथ पर अग्रसर कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने राजनीतिक लाभ के लिए धन को लुटाया लेकिन हमारी सरकार प्रदेश की जनता का पैसा, जनता की भलाई के लिए खर्च कर रही है।

    उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार की ग़लत नीतियों के कारण गुणात्मक शिक्षा के मामले में हिमाचल प्रदेश वर्ष 2021 में 21वें स्थान पर पहुंच गया। भाजपा सरकार ने राजनीतिक लाभ के लिए जगह-जगह स्कूल खोल दिए, लेकिन वहां न स्टाफ दिया और न ही विद्यार्थियों को अन्य सुविधाएं दी गई। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने स्कूलों में 6000 अध्यापकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिनमें से 3000 अध्यापकों की बैच वाइज भर्ती की जा चुकी है। शिक्षा के क्षेत्र में किए गए सुधारों के फलस्वरूप हिमाचल गुणात्मक शिक्षा के मामले में 5वें स्थान पर पहुंच गया है।

     

    सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के प्रयास कर रही है। राज्य सरकार ने दूध के दाम में ऐतिहासिक वृद्धि की है। राज्य सरकार किसानों से गोबर की खरीद कर रही है। इसके अलावा प्राकृतिक खेती से उत्पन्न गेहूं, मक्की और कच्ची हल्दी को क्रमशः 60, 40 तथा 90 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदा जा रहा है। राज्य सरकार ने दो वर्षों में मनरेगा की दिहाड़ी में 80 रुपये की बढ़ौतरी की है, ताकि गांव के लोगों को लाभ मिल सके।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार की दिशा में कोई कदम नहीं उठाए। मेडिकल कॉलेजों में लगी 20 वर्ष पुरानी मशीनों से मरीज़ों को सही इलाज नहीं मिल पा रहा था। इसके विपरीत वर्तमान राज्य सरकार स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक मशीनें और उपकरण लगा रही है। स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए दो साल में वर्तमान राज्य सरकार ने 200 डॉक्टरों की भर्ती की है और आने वाले समय में 200 डॉक्टर और भर्ती किए जाएंगे। आज चमियाणा अस्पताल तथा टांडा मेडिकल कॉलेज में मरीज़ों को रोबोटिक सर्जरी की सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कानून बनाकर 27 वर्ष तक के 6 हज़ार अनाथ बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के रूप में अपनाया है, जिसके तहत उनकी पढ़ाई और देखरेख की जिम्मेदारी सरकार उठा रही है।

    स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने कहा कि करसोग में आपदा के दौरान काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावितों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें विशेष राहत पैकेज का लाभ दिया जा रहा है, जिसके तहत पूरी तरह से क्षतिग्रस्त घर के लिए सात लाख रुपये की मदद दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आदर्श स्वास्थ्य संस्थान बनाए जा रहे हैं, जिनमें 6-6 विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की जा रही है। ऐसे 50 आदर्श स्वास्थ्य संस्थान बना दिए गए हैं और शेष पर भी कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार डॉक्टरों के साथ-साथ पैरा मेडिकल स्टाफ की कमी को दूर कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही नए डॉक्टरों को दूर-दराज के क्षेत्रों में तैनाती दी जाएगी ताकि यहां के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

    मिल्कफेड के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार पशु पालकों की आय में बढ़ोतरी के प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने दूध के दाम पिछले दो वर्षों में 21 रुपये बढ़ाए और तीन रुपये ट्रांसपोर्ट सब्सिडी भी प्रदान की जा रही है, जिससे पशु पालकों को लाभ हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा के ढगवार में 1.50 लाख लीटर का मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट लगाया जा रहा है। इसके अलावा शिमला जिला के दत्तनगर मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट की क्षमता भी वर्तमान सरकार ने बढ़ाई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से मिल्कफेड के माध्यम से प्रदेश में प्रतिदिन तीन लाख लीटर दूध की खरीद कर रहा है जो पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में दूध की खरीद मात्र 90 हजार लीटर थी।

    करसोग से कांग्रेस प्रत्याशी महेश राज ने मुख्यमंत्री का करसोग विधानसभा क्षेत्र में पहुंचने पर स्वागत किया। उन्होंने करसोग की विकासात्मक परियोजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने इस परियोजनाओं को पूरा करने के लिए धन उपलब्ध करवाया है, जिससे करसोग की जनता लाभान्वित होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दे रहे हैं और सरकार ने दूध के दामों में ऐतिहासिक वृद्धि की। करसोग में स्त्री रोग, बच्चों की बीमारी के इलाज के लिए, मेडिसन तथा हड्डी रोग विशेषज्ञ मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध करवा रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर झूठ की राजनीति करने और लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया।

    इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विधवा एवं एकल नारी आवास योजना के तहत 12 लाभार्थियों को 1.50-1.50 लाख रुपये की पहली किश्त के रूप में 18 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। योजना के तहत पात्र विधवाओं एवं एकल नारियों को घर बनाने के लिए तीन-तीन लाख रुपये प्रदान किए जाते हैं।

    ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत घर बनाने के लिए चार ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ को एक-एक लाख रुपये की दूसरी किश्त प्रदान की। योजना के तहत घर बनाने के लिए 3 लाख रुपये की मदद दी जाती है। इसी योजना के तहत एक पात्र भूमिहीन चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट को भूमि के कागजार भी दिए। उन्होंने 10वीं कक्षा की दो मेधावी छात्राओं प्रज्ञा ठाकुर और हिमानी ठाकुर को सम्मानित भी किया। इससे पहले करसोग पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया तथा करसोग बाजार में मैगा रोड शो निकाला गया। करसोग के विधायक दीप राज ने विधानसभा क्षेत्र में पहुंचने पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

    इस अवसर पर पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर, एपीएमसी मंडी के अध्यक्ष संजीव गुलेरिया, कांग्रेस नेता जगदीश रेड्डी, विजय कानव, उपायुक्त अपूर्व देवगन तथा पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

  • युवती से दुष्कर्म केस में BJP प्रदेश अध्यक्ष का भाई गिरफ्तार

    युवती से दुष्कर्म केस में BJP प्रदेश अध्यक्ष का भाई गिरफ्तार

    शिमला: बीजेपी की हिमाचल प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजीव बिंदल के भाई और पारंपरिक चिकित्सा पद्धति के चिकित्सक राम कुमार बिंदल को मेडिकल जांच के बहाने 25 वर्षीय एक महिला से दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। वहीं, भाजपा ने कहा कि यह मामला ‘राजनीति से प्रेरित शरारतपूर्ण कृत्य’ है। पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में महिला ने कहा कि वह लंबे समय से एक बीमारी से पीड़ित है और आयुर्वेदिक उपचार के लिए 7 अक्टूबर को सोलन के पुराने बस स्टैंड के पास वैद्य से परामर्श लेने के लिए गई थी।

    शिकायत के अनुसार, महिला ने आरोप लगाया कि वैद्य, राम कुमार ने उसे शत प्रतिशत स्वस्थ होने का भरोसा दिलाया। आरोपी ने उससे यौन संबंधी समस्याओं के बारे में पूछा और उसकी सहमति के बिना उसके गुप्तांगों की जांच शुरू कर दी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मेडिकल जांच के बहाने उसके साथ दुष्कर्म किया गया और वह आरोपी को धक्का देकर किसी तरह भागने में सफल रही।

    अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश भाजपा प्रमुख राजीव बिंदल के बड़े भाई राम कुमार ने 7 अक्टूबर को महिला का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया था और उन्हें सोलन से गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़िता ने 8 अक्टूबर को सोलन के महिला थाने में एक शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) गौरव सिंह ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि इस सिलसिले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64 और 68 के तहत मामला दर्ज किया है।

    अधिकारियों ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है और बाहरी इलाके जुन्गा स्थित राज्य फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने नमूने एकत्र किए हैं। वहीं, शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं प्रदेश भाजपा मीडिया प्रकोष्ठ के संयोजक करण नंदा ने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है। संबंधित व्यक्ति (आरोपी) की उम्र 78 साल है और उनकी सार्वजनिक छवि अच्छी है तथा उन्होंने सनातन धर्म को मजबूत करने में बहुत योगदान दिया है। यह मामला राजनीति से प्रेरित शरारतपूर्ण कृत्य प्रतीत होता है।