बद्दी/सचिन बैंसल: रोटरी क्लब बददी ने सामाजिक स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मंगलवार को बालिकाओं के लिए विशेष कैंसर-रोधी वैक्सीनेशन अभियान आयोजित किया। इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) से बचाव हेतु एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण प्रदान करना और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाना था।
महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए अभियान के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उपस्थित बालिकाओं, अभिभावकों और समुदाय के सदस्यों को सर्वाइकल कैंसर के बढ़ते जोखिम, इसके प्रारंभिक लक्षणों तथा समय पर टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉक्टरों ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन एक प्रभावी और सुरक्षित उपाय है, जो भविष्य में इस गंभीर बीमारी से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। रोटरी क्लब बददी के पदाधिकारियों जगदीप सिंह अरोडा व कार्तिक शर्मा ने बताया कि यह अभियान क्लब की निरंतर चल रही जनहितकारी पहलूओं का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना और लोगों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करना क्लब की प्राथमिकता है। क्लब सदस्यों ने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य कार्यक्रम न केवल बालिकाओं बल्कि पूरे समुदाय के लिए अत्यंत लाभकारी होते हैं। रोटरी क्लब ने यह भी आश्वासन दिया कि आने वाले समय में भी ऐसे कई स्वास्थ्य एवं जन-जागरूकता से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे समुदाय को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, मार्गदर्शन और सुरक्षा प्रदान की जा सके।कार्यक्रम में अभिभावकों, डॉक्टरों, रोटरी सदस्यों और स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे यह अभियान सफल रहा और समाज में एक सकारात्मक संदेश गया।
बेटी को फूलमालाओं से लाद दिया और नाम रोशन करने पर की नारेबाजी
बद्दी/सचिन बैंसल: बांगला देश के ढ़ाका में कबडडी का वल्र्ड कप जीतने के बाद महिला कबडडी टीम की अहम सदस्य रही हिमाचल की बेटी साक्षी शर्मा का बददी नालागढ़ पहुंचने पर जगह जगह स्वागत हुआ। सर्वप्रथम हिमाचल व हरियाणा के बार्डर पर बददी में लाज मोटर्स में पहुंचने पर साक्षी शर्मा का स्थानीय व्यवसाई रमन कौशल ने लोगों के साथ कबडडी स्टार साक्षी शर्मा व उनके कोच संजीव ठाकुर का स्वागत किया। रमन कौशल ने कहा कि साक्षी ने वल्र्ड कप जिताकर हिमाचल का ही नहीं बल्कि पूरे भारत का नाम रोशन किया है। उन्होने साक्षी को इस बडी जीत पर बधाई दी और 11 हजार का शगुन देकर सम्मानित किया।
बाद में बददी की अन्य एक दर्जन सामाजिक संस्थओं के प्रतिनिधियों ने साक्षी शर्मा को स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया और आम जन तथा महिलाओं ने उनको फूलमालाओं से लाद दिया। साक्षी ने कहा कि उनकी जीत में उनके गुरु व कोच संजीव ठाकुर का अतुलनीय योगदान है। इसके अलावा खेलो इंडिया सैंटर राजपुरा व गुरुनानक पब्लिक स्कूल जगातखाना के स्टेडियम से भी उन्होने अपनी प्रतिभा निखारी तथा वह इस मुकाम पर पहुंची। इसके बाद साक्षी का कोच संजीव ठाकुर का दून विधानसभा के किशनपुरा में पहुंचने पर ट्रांसपोर्ट यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष मनोज राणा व उनकी टीम ने जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर नोबल चैरिटी वैल्फेयर सोसाईटी के अध्यक्ष गुरमेल चौधरी, रोड सेफटी कलब के प्रधान सुरेंद्र अत्री, भाजपा नेत्री उर्मिला चौधरी, लाज मोटर्स के निदेशक रमन कौशल, हेमंत कौशल, कृष्ण कुमार कौशल, हरनेक ठाकुर, कुलवीर जमवाल, विनोद शर्मा, सीडी मिश्रा, दिनेश काकू, डिंपल परमार, बलबीर ठाकुर, डा. रुप किशोर ठाकुर, मनोज राणा, कुलदीप राणा, देवराज चौधरी, यशवंत चोपडा,राजन सैणी, मान सिंह नेगी, शिव सैणी, हरनेक सैणी, रमेश गुज्जर, दिलाराम, पवन, शिवराम चोपडा, गुरदीप, गुरमीत लादी, बबू सैणी, कलपना राणा, सीमा, अंजू धीमान, हरबंस, निंदर सैणी, रवि सैणी व शौंकी सैणी भी उपस्थित रहे।
सेवा भारती की जिला इकाई के तत्वाधान में निखरेंगे प्रवासी नौनिहार
बद्दी/सचिन बैंसल: सेवा भारती जिला नालागढ़ इकाई ने बददी तहसील के मल्लांवाला गांव में आज नए संस्कार केंद्र का आगाज किया। यहां पर प्रवासी बच्चों के बौद्विक विकास व शैक्षणिक सुधार तथा उनको शिक्षा से जोडऩे का प्रयास किया जाएगा। इस संस्कार केंद्र को अटल संस्कार केंद्र का नाम दिया गया है जिसका शुभारंभ सेवा भारती के जिला स्वाबलंबन प्रमुख अशोक कुमार राणा ने किया। यह संस्कार केंद्र बददी के निकट मल्लांवालां गांव में गाईड कान्वेट स्कूल बददी में संचालित होगा और यहा पर सांध्यकालीन शाम को 3 बजे से पांच बजे तक कक्षाएं चलेंगी।
सेवा भारती के जिलाध्यक्ष मैथिलीशरण पराशर, सचिव हरीश खजूरिया व कोषाध्यक्ष कुलवीर जमवाल ने बताया कि इस अटल संस्कार केंद्र में जहां झोंपडियों में रहने वाले प्रवासी बच्चों को जो विद्यालय नहीं जा रहे उनको स्कूल जाने के लिए प्रति जागरुक किया जाएगा। प्रांत सोशल मीडिया प्रमुख सेवा भारती डिंपल परमार ने बताया कि इसके अलावा जो बच्चे स्कूल जाते हैं उनका समग्र विकास करने के लिए उनका होमवर्क करवाया जाएगा। उन्होने कहा कि कई बार बच्चे स्कूल तो चले जाते हैं और पढ़ते भी है लेकिन मां बाप दिहाडी करते हैं और ज्यादा शिक्षित नहीं होते इसलिए उनका होमवर्क नहीं हो पाता तो उनका होमवर्क भी करवाया जाएगा। इसके अलावा प्रवासी बच्चों के बौद्विक विकास के तहत उनको देशभक्ति के संस्कार दिए जाएंगे।
हम चाहते हैं कि बीबीएन में रहने वाला कोई भी बच्चा कूडा कचरा बीनने का काम न करे बल्कि उसको प्रारंभिक ज्ञान देकर वो सरकारी विद्यालय में अपनी पढ़ाई करे और देश समाज का नाम रोशन करे। इस अवसर पर सेवा भारती सदस्य अरविंद भारद्वाज व गाईड कान्वेट स्कूल की प्रधानचार्य सुमन गुप्ता भी उपस्थित रही। अशोक राणा ने कहा कि विद्यालय के अंदर जहां इन बच्चों की पढ़ाई होगी उस कक्ष में हर सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
बच्चों ने देश भक्ति गीत, नृत्य व नाटिका का मंचन कियाबद्दी/सचिन बैंसल: नालागढ़ के कन्या स्कूल में एनसीसी दिवस के अवसर पर एक शानदार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के सेना मेडल से सम्मानित कर्नल मनी सिंह रहे। कार्यक्रम की शुरूआत कैडेट ने सरस्वती वंदना से की। कार्यक्रम में बच्चों ने विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें देशभक्ति गीत, नाटक, और नृत्य शामिल थे।
स्कूल के प्रधानाचार्य पंकज शर्मा ने एनसीसी कैडेट को एनसीसी के आदर्शों पर रहने के लिए प्रेरणा दी और उन्हें देश सेवा के लिए हमेशा तैयार रहने का संदेश दिया। एनसीसी का मुख्य उद्देश्य युवाओं को देश सेवा के लिए तैयार करना है और एनसीसी कैडेट को इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए हमेशा प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल मनी ठाकुर ने एनसीसी कैडेट को बताया कि एनसीसी केवल एक संगठन ही नहीं बल्कि अनुशासन, देशभक्ति और नेतृत्व का प्रतीक है। एनसीसी कैडेट भारत के भविष्य के युवा हैं जो देश को नई दिशा देंगे। एनसीसी सिर्फ ड्रिल, परेड, शूटिंग ही नहीं सिखाती, बल्कि जीवन के बेमिसाल मूल्य देती है जो जीवन भर आपके साथ रहते हैं। सेल्फ डिसिप्लिन, लीडरशिप, कॉन्फिडेंस, टीम वर्क और सर्विस टू नेशन ये सब बातें आपको एनसीसी सिखाती है। उन्होंने एनसीसी कैडेट को प्रेरित किया कि वे एनसीसी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और देश के लिए कुछ करने का संकल्प लें। नालागढ़ कन्या स्कूल में कर्नल मनी ठाकुर का स्वागत करते हुए स्कूल के प्रधानाचार्य- स्रोत- स्कूल।
मेधावी व खेलकूद में अव्वल रहे छात्रों को किया सम्मानित
हमालनाटी पर झूमे विधायक व अन्य अतिथि गण
बद्दी/सचिन बैंसल: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बददी के वार्षिक समारोह में मेधावी व खेलकूद में अव्वल रहने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने बच्चों को पुरस्कार बांटे। इस मौके पर भाषा अध्यापक सरिता की ओर से तैयार की गई पारस व शिवानी के नेतृत्व में पहाड़ी नाटी पेश कर वाहवाही लूटी। इस नाटी पर मुख्य अतिथि के साथ साथ अन्य अतिथि भी झूमने को विवश हो गए। स्कूल के प्रधानाचार्य राम लाल ने स्कूल के वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी और वाइस प्रिंसीपल परिणीता ने मंच का दमदार संचालन किया।
सरस्वती वंदना व वंदेमातरम से यह कार्यक्रम शुरू हुआ। इस मौके पर शिक्षा के क्षेत्र में छठी कक्षा की भावना, रोशनी, राखी पाल, सानवी, खुशी, शुभम, सातवीं की श्रुति, अंजलि, निधि, रचना, नेहा व अभिनव, 8वीं के विद्या सागर, ज्योति कुमारी, विशाल, सुष्मिता जैना, जिज्ञासा व तानिया 9वीं कक्षा से मोहम्मद शहनवाज, अखिल रावत, अनिता, चंदन ठाकुर, काजल व तरूण, दसवीं से रोशनी कुमारी, रंजना, जिज्ञासा, 11 वीं से हर्ष चौधरी, डोले कुमारी, दीपांशु, सलूनी, सोनी कुमारी, सवाति, तानिया, मानसी, खुशबू, व आंचल, 12 कक्षा के अनमोल धीमान, तमन्ना कुमारी, स्नेहा, अमनदीप कौर, बबलू कुमार, शिवानी पांडे, ईशा, गुड्डी व अनुपम कुमारी को कक्षा में अव्वल आने पर सम्मानित किया गया। इसके अलावा सबसे अधिक उपस्थिति, खेलकूद में अव्वल रहने वाले बच्चों को भी मेडल पहना कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि ने बच्चों को जीवन में सफल रहने के लिए कड़ी मेहनत करने की नसीहत थी। उन्होंने कहा कि वह अभी मेहनत करेंगे तो वह पूरी जीवन सुखी रहेंगे। उन्होंने स्कूल को 20000 रुपये देने की घोषणा की। इस मौके पर तहसीलदार सतेंद्र जीत सिंह, एसएमसी प्रधान रामु, नम्बरदार राम लाल, निर्मल सिंह, साइंस अध्यापिका नीतू कुमारी समेत गणमान्य लोग मोजूद रहे।
रावमापा बददी के एन.एस.एस कैंप में छात्रों से रुबरु हुए प्रेरणादायक वक्ता
बद्दी: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बददी में चल रहे सात दिवसीय एनएसएस शिविर के दौरान आयोजित विशेष सत्र में हिमालया जनकल्याण समिति के संयोजक और वरिष्ठ पत्रकार डा. रणेश राणा ने छात्रों को पत्रकारिता और जनसंचार का समाज में महत्व विषय पर प्रेरणादायक विचार सांझा किए। डॉ. राणा ने कहा कि मीडिया समाज का चौथा स्तंभ है, जो न केवल तथ्यों को उजागर करता है बल्कि आम जनता की आवाज भी बनता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में मीडिया तीन प्रमुख हिस्सों में कार्य कर रहा है —प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया। उन्होंने कहा कि सबसे पुराना और विश्वसनीय माध्यम प्रिंट मीडिया है, जिसे समाचार पत्रों के रूप में जाना जाता है और जो आज भी सूचना का सबसे प्रमाणिक स्रोत माना जाता है। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक मीडिया यानी न्यूज चैनल आए, जो सैटेलाइट सिस्टम के तहत संचालित होते हैं और सरकार के पास विधिवत पंजीकृत हैं।
तीसरा और सबसे व्यापक माध्यम सोशल मीडिया है, जो आज जनसंचार का सबसे तेज़ और लोकप्रिय प्लेटफॉर्म बन चुका है। हालांकि, डॉ. राणा ने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया एक गैर-पंजीकृत और विदेश से संचालित प्लेटफॉर्म है, इसलिए इसका उपयोग सावधानी और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां पारंपरिक मीडिया तथ्यपरक और संपादकीय नियंत्रण में होता है, वहीं सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलने का खतरा अधिक रहता है। इसलिए छात्रों को चाहिए कि वे किसी भी सूचना को सांझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें और सोशल मीडिया को केवल मनोरंजन का नहीं, बल्कि सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनाएं।
अंत में डॉ. रणेश राणा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि मीडिया का सही उपयोग व्यक्ति को जागरूक, जिम्मेदार और समाज के प्रति संवेदनशील बनाता है। उनके विचारों से छात्र अत्यंत प्रेरित हुए और जनसंचार के महत्व को गहराई से समझा। इस अवसर पर प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामलाल, एनएसएस रजत ठाकुर व मोहिंद्र कुमार भी उपस्थित रहे।
भाजपा बोली, मुख्यमंत्री का दून दौरा पूरी तरह विफल, जनता खुद को कर रही है ठगा महसूस बददी/सचिन बैंसल: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खु के बुधवार को दून विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे को भाजपा ने पूरी तरह विफल करार दिया है। भाजपा जिला उपाध्यक्ष गुरमेल चौधरी ने कहा कि आपदा प्रभावित लोगों को उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री उन्हें राहत से जुड़ी ठोस घोषणाएं करेंगे, लेकिन दौरे से लोगों को निराशा ही हाथ लगी। गुरमेल चौधरी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पहले भी लोगों को झूठी गारंटियों से भ्रमित कर चुके हैं और अब एक बार फिर बिना किसी ठोस घोषणा के लौट गए।
उन्होंने कहा कि दून विधायक बार-बार झूठ बोलकर विकास नहीं कर सकते, विकास ईमानदारी और इच्छाशक्ति से होता है। पत्रकारों से बातचीत के दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष गुरमेल चौधरी ने कहा कि बद्दी में जिस नागरिक अस्पताल का उद्घाटन किया गया है, उसमें डॉक्टरों की नियुक्ति सहित किसी भी प्रकार की व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में बिना स्टाफ के अस्पताल स्थानीय लोगों के लिए किसी लाभ का कारण नहीं बन पाएगा। आरोप है कि सरकार केवल दिखावा कर रही है, जबकि जमीन पर कोई व्यवस्था नहीं दिखती। यही हाल बरोटीवाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बरोटीवाला में खाली अस्पताल उदघाटन करके गए है। उस अस्पताल में किसी भी प्रकार के उपकरण नही है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री केवल डिमांड चार्ट तैयार करवाते रहे, लेकिन इससे जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता। यदि वह उद्यमियों से भी बैठक करते, तो उन्हें उद्योग क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं का पता चलता। उद्यमियों की हालत खराब है। उद्यमी जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई तब से सरकार की ओर राहत की संभावनाओं के लिए देख रही है, लेकिन उनके लिए किसी तरह की राहत भरी खबर नहीं मिली है। वहीं दूसरी तरफ स्थानीय लोगों की जमीनें अवैध खनन माफिया लोगों की जमीनें तक निगल रहा है, लेकिन सरकार इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को पुलिस अधीक्षक के माध्यम से कई बार उठाया जा चुका है, फिर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। ऐसे में मुख्यमंत्री का दौरा सिर्फ रूट शो बनकर रह गया।
भाजपा नेताओं का कहना है कि दून विधानसभा क्षेत्र में आपदा से प्रभावित लोगों को इस दौरे से कोई नई राहत नहीं मिली। केवल एक एनजीओ द्वारा बनाए गए शेड की चाबियां बांटकर सरकार वाहवाही लूटने का प्रयास कर रही है, जबकि जिन लोगों के मकान टूट चुके हैं, वे अब भी राहत की प्रतीक्षा कर रहे हैं। वहीं दून मंडल भाजपा उपाध्यक्ष संजीव ठाकुर ने कहा कि जिस रूट से मुख्यमंत्री आए और गए, वहां जल्दबाज़ी में की गई पैचवर्क को ढककर लोगों को विकास का भ्रम दिखाया गया। उन्होंने कहा कि दून की जनता इस भ्रमजाल को समझ चुकी है और खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि बददी की सीवरेज व्यवस्था पूरी तरह खराब है। पहले 33 करोड़ से सीवरेज व्यवस्था बनाई गई और अब एक बार फिर 37 करोड़ की सीवरेज लाइन बिछाने का शिलान्यास कर दिया गया है। यह सवाल जनता दून कांग्रेस से पूछ रही है कि आखिर सीवरेज लाइन बिछाने के लिए किस स्तर पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है।
बद्दी/सचिन बैंसल: जिला वालीबाल एसोसिएशन की ओर से 21 नवंबर को बरोटीवाला के कुंड़ावाला में अंडर 19 वर्ग के वालीबाल टीम के ट्रायल होंगे। ट्रायल एक जनवरी 2008 के बाद पैदा हुए खिलाड़ी ही भाग लेंगे। ट्रायल देने आने वाले प्रतिभागी अपने जन्म प्रमाण पत्र लेकर आएं। एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष संजीव ठाकुर ने बताया कि कोच विशाल व आकाश ट्रायल लेंगे। ट्रायल के बाद जिले की टीम का चयन होगा। जो राज्य स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेगा। इस मौके पर ललित ठाकुर, कमल चंदेल, नितनि, विसाल, रोबिन, सचिन, सुखदेव व गुरदेव उपस्थि रहेंगे।
यह बददी में पहला ऑल डाटा स्टोरेज सैंटर है-दीपीन्द्र पाल
इसमें पूरे बीबीएन के लोगों को सुविधाएं मिलेंगी- प्रदीप टीनू
बददी/सचिन बैंसल: बददी स्थित टैक्जायफर टैक्नोलोजी प्राईवेट का उदघाटन का उदघाटन मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद सिंह ठाकुर ने किया। यह कंपनी डाटा सैंटर सर्विसिस प्रदान करेगी जिसमें वेवसाईट, होस्टिंग, मोबाईल एप्लिकेशन होस्टिंग सर्वर को-लोकेशन डेटा प्रोटेक्शन डिजास्टर रिकवरी बैक-अप ई मेल सर्वर होस्टिंग, वीपीएस डेडिकेटिंग सर्वर क्लाऊड होस्टिंग तथा मैनेजिस सर्विस दी जाएगी। कंपनी के निदेशक दीपीन्द्र पाल सिंह व प्रदीप कुमार टिन्नू ने बताया कि सीएम की प्राथमिकता योजनाओं में डाटा सैंटर स्टोरेज यूनिट की भी एक योजना है। यह बददी में पहला ऑल डाटा स्टोरेज सैंटर है जिससे पूरे बीबीएन के लोगों को सुविधाएं मिलेंगी।
भाजपा पर मात्र 1.12 करोड़ रुपये में 5,000 बीघा ज़मीन देने का आरोप
बद्दी/सचिन बैंसल: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जिला सोलन के दून विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग का मंडल खोलने की घोषणा की है। उन्होंने बद्दी नागरिक अस्पताल में बिस्तरों की क्षमता 100 करने और एसडीएम कार्यालय के निर्माण के लिए 25 करोड़ रुपये तथा खेल स्टेडियम के निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये देने की घोषणाएं कीं।
oplus_0
उन्होंने कहा कि बद्दी में बढ़ती आबादी के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। यहां एक आधुनिक बस स्टैंड बनाया जाएगा जिसके लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने बद्दी, बरोटीवाला और चंडी के स्कूलों में अगले शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू करने की घोषणा भी की।
oplus_0
बद्दी में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार पर आंखें मूंद लेने के लिए प्रदेश की पिछली भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने सैकड़ों करोड़ रुपये मूल्य की 5,000 बीघा ज़मीन सिर्फ़ 1.12 करोड़ रुपये में बड़े उद्योगपतियों को दे दी। कस्टमाइज्ड पैकेज की आड़ में स्टांप ड्यूटी माफ़ कर दी गई और पांच साल तक 3 रुपये प्रति यूनिट बिजली और मुफ़्त पानी देने का प्रावधान किया गया। उन्होंने कहा कि हम हिमाचल प्रदेश के संसाधनों के संरक्षक हैं इसलिए राज्य की संपत्तियों को लूटने नहीं देंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मेडिकल डिवाइस पार्क परियोजना में भी हिमाचल के हितों की रक्षा कर रही है, इसीलिए केंद्र से मिले 30 करोड़ रुपये वापस कर दिए और पार्क को खुद विकसित करने का निर्णय लिया है। भाजपा का सोशल मीडिया सेल मुझे इसलिए निशाना बना रहा है क्योंकि मैंने भ्रष्टाचार के दरवाजे बंद कर दिए और विधवाओं, अनाथ बच्चों, महिलाओं, मजदूरों और किसानों के अधिकारों को सुनिश्चित किया। पूर्व भाजपा सरकार 75,000 करोड़ रुपये का कर्ज और कर्मचारियों से संबंधित 10,000 करोड़ रुपये की देनदारियां छोड़ गई है। उन्होंने कहा कि चुनावी लाभ के लिए भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल के अंतिम छह महीनों में बिना बजट और कर्मचारियों का प्रावधान किए कई संस्थान खोले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय विधायक चौधरी राम कुमार हमेशा दून विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए चिंतित रहते हैं। उन्हें दून के लोगों की परवाह है और उनकी चिंताओं को दूर करने के लिए अथक प्रयास करते हैं। वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा किए गए सुधारों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 में भाजपा सरकार के कार्यकाल में हिमाचल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर 21वें स्थान पर था। हमने शिक्षा क्षेत्र में सुधार लाए और पहली कक्षा से ही अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा शुरू की और स्कूल निदेशालयों का विलय किया। जिससे हमें राष्ट्रीय स्तर पर पांचवें स्थान पर पहुंचने में मदद मिली। उन्होंने कहा कि अगले शैक्षणिक सत्र से राज्य में 100 सीबीएसई स्कूल खोले जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में भी सुधार ला रही है। अस्पतालों में उन्नत तकनीक और आधुनिक उपकरण उपलब्ध करवाने के लिए 3,000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। कई चुनौतियों के बावजूद, हिमाचल आत्मनिर्भरता की ओर तेज़ी से बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार विभागों में बड़े पैमाने पर भर्तियां करने जा रही है। पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में भर्ती के पेपर लीक हो गए थे। हमने आयोग को भंग कर दिया, क्योंकि हम पारदर्शिता और योग्यता आधारित भर्तियों में विश्वास करते हैं। वर्तमान सरकार आम जनता की सरकार है और भ्रष्टाचार के प्रति ज़ीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है।
सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा प्रभावित परिवारों की लगातार सहायता कर रही है। उन्होंने स्वयं आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और प्रभावित परिवारों को विशेष राहत पैकेज जारी किए। प्रदेश सरकार ने सहायता सुनिश्चित करने के लिए नियमों में बदलाव किया और आज प्रभावित परिवारों को अपने घर फिर से बनाने के लिए 7 लाख रुपये मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह केंद्र सरकार से सहायता लेने के लिए भाजपा के सभी सातों सांसदों के साथ केंद्र जाने को तैयार हैं। प्रधानमंत्री ने 1,500 करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की थी, लेकिन हमें अभी तक धनराशि नहीं मिली है और प्रदेश सरकार अकेले ही आपदा प्रभावित परिवारों का दर्द बांट रही है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश राहत नियमावली के अनुसार दून विधानसभा क्षेत्र के 18 आपदा प्रभावित परिवारों को 17,62,000 रुपये की राहत राशि और प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 15 लाभार्थियों को अंतिम किश्त के रूप में 17,03,000 रुपये के चेक प्रदान किए। उन्होंने क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत तीन क्षय रोगियों को पोषण किट भी प्रदान कीं।
चौधरी राम कुमार ने लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके आशीर्वाद से उनके पिता चौधरी लज्जा राम चार बार विधायक रहे और अब वह स्वयं भी दूसरी बार विधायक चुने गए हैं। मुख्यमंत्री के सहयोग से उनके क्षेत्र में 475 करोड़ रुपये के विकास कार्य पहले से ही चल रहे हैं और आज लगभग 400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी गई है। उन्होंने कहा कि 50 बिस्तरों वाले नए बद्दी अस्पताल का लोकार्पण एक बड़ी उपलब्धि है। पिछले तीन वर्षों में दून विधानसभा क्षेत्र में कई बड़े कार्यालय खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का इस विधानसभा क्षेत्र के लोगों से विशेष लगाव है इसलिए विकास कार्य बिना किसी बाधा के प्रगति पर हैं।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, विधायक विनोद सुल्तानपुरी, बावा हरदीप, जोगिंद्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, कांग्रेस नेता शिव कुमार, सुरेंद्र सेठी, उपायुक्त मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान , बीएमओ अनिल अरोड़ा, मदन चौधरी, सुरजीत चौधरी, रमन कौशल, प्रदीप धीमान, वरुण कालिया, हितेंद्र सोनू सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।