Category: Chandigarh

  • पंजाब: जल्द हो सकते हैं चुनाव, आदेश जारी

    चंडीगढ़ : पंजाब सरकार जल्द ही ग्राम पंचायत चुनाव करवा सकती है। पंजाब सरकार ने राज्य के जिला विकास व पंचायत अधिकारियों को जरूरी जानकारियां 16 जनवरी तक उपलब्ध करवाने के लिए कहा है। ताकि पंचायतों का समय खत्म होने के साथ ही उन्हें भंग किया जा सके और पंचायती अधिकारी नियुक्त किए जा सकें। पंजाब सरकार की तरफ से जारी आदेशों के अनुसार भेजे संदेश में लिखा गया है कि ग्राम पंचायतों को भंग करके उनके रिकॉर्ड की संभाल के लिए AE, JE, VDO, SCPO और पंचायत अधिकारियों को नियुक्त करने का सरकार का विचार है।

    पहली मीटिंग के 5 साल खत्म होने के बाद ग्राम पंचायतों का काम चलाने के लिए प्रबंधक नियुक्त किए जाने हैं। इसके लिए ग्राम पंचायतों को बांटने के लिए जरूरी जानकारियां चाहिए, जो 16 जनवरी तक भेजी जाएं। स्पष्ट है कि सरकार जल्द ही पंचायतों को भंग कर सकती है और अधिकारी नियुक्त कर सकती है।

  • पंजाब : कैबिनेट मंत्री मामले में सरकार को हाईकोर्ट का नोटिस जारी

    चंडीगढ़ : कैबिनेट मिनिस्टर अमन अरोड़ा की संगरूर कोर्ट में सजा के खिलाफ दायर याचिका पर आज सुनवाई हुई। जिसमें हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार को इस मामले में नोटिस भेज पक्ष रखने को कहा है। मामले में हाईकोर्ट में अगली सुनवाई 22 जनवरी को होगी। गौरतलब है कि अमन अरोड़ा को 21 दिसंबर 2023 को पारिवारिक झगड़े में दोषी करार दिए जाने के बाद दो साल की सजा सुनाई गई थी।

    मंत्री अरोड़ा ने इस सजा पर रिव्यू के लिए संगरूर कोर्ट में में याचिका दायर की है। वहीं, दूसरी तरफ कैबिनेट मिनिस्टर अमन अरोड़ा द्वारा अमृतसर में झंडा फहराने की रस्म अदा करने के लिए नोटिफिकेशन जारी हो चुका है। इसके खिलाफ एडवोकेट डॉ. एचसी अरोड़ा की तरफ से सरकार को नोटिस भेजा गया। गौरतलब है कि अमन अरोड़ा को 21 दिसंबर 2023 को पारिवारिक झगड़े में दोषी करार दिए जाने के बाद दो साल की सजा सुनाई गई थी।

  • धुंध का कहर: चो में गिरी बेकाबूू स्विफ्ट कार

    मोहाली : जीरकपुर में धुंध की वजह से स्विफ्ट कार बेकाबू होकर सुखना चो में गिर गई। कार चो में उल्टी होकर गिरी। हालांकि कार चालक का बचाव हो गया। वहां से गुजरने वाले लोगों ने कार सवार को चो से निकाला। चो का गंदा पानी कार में भर गया। जानकारी के मुताबिक यह मामला शनिवार देर रात का है। कार चालक किसी घरेलू काम से चंडीगढ़ की तरफ जा रहा था। जब वह बलटाना पुलिस चौकी के पास पहुंचा तो वहां पुल की रेलिंग टूटी हुई थी। धुंध होने की वजह से उसे कुछ दिखाई नहीं दिया। ऐसे में कार सीधे सुखना चो में जा गिरी। इसके बाद काफी मुश्किल से उसे निकाला गया।

    लोगों ने बताया कि पुल पर रेलिंग गत छह महीने से टूटी हुई है। जुलाई 2023 में सुखना चो में ज्यादा पानी आने से पुल के दोनों तरफ की रेलिंग टूट गई थी। इसके बाद से इसे अभी तक लगाया नहीं गया। लोगों के मुताबिक यहां पर हर समय हादसों का खतरा बना रहता है। कई वाहन पहले भी हादसों का शिकार हो चुके हैं। नगर काउंसिल के ईओ रवनीत सिंह ने बताया कि सड़क पर साइन बोर्ड लगा दिया जाएगा। साथ ही पहल के आधार पर रेलिंग लगा दी जाएगी

  • पंजाब : ठंड का कहर, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

    चंडीगढ़ : पंजाब और हरियाणा में शीतलहर का प्रकोप जारी है। कई जगहों पर पारा गिरकर 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। दोनों राज्यों के कई हिस्सों में सुबह कोहरा छाया हुआ है। शीत लहर का कहर जारी है। जानकारी के अनुसार पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ में लोगों को शीत लहर से फिलहाल राहत नहीं मिलेगी। मौसम विभाग ने 3 राज्यों में ठंड का अलर्ट जारी किया है। पंजाब में प्रबंधन मैनेजमेंट ने लोगों को ठंड से बाहर न निकलने का संदेश दिया है।

    बता दें कि चंडीगढ़ व हिमाचल में सुबह धुंध व दिन में धूप रहेगी। पंजाब के 16 जिलों में मौसम खराब रहेगा। इनमें से पठानकोट, गुरदापुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, जालंधर, नवांशहर, कपूरथला, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, लुधियाना, मानसा, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर व पटियाला में बहुत घनी धुंध पड़ने की चेतावनी दी गई है। आज विजिबिलिटी 50 मीटर के करीब रहने की उम्मीद है। 

  • स्कूलों को लेकर अब 20 जनवरी तक नए आदेश हुए जारी

    चंडीगढ़: कड़ाके की ठंड के बीच एक बार फिर स्कूल टाइमिंग को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार 20 जनवरी तक यू.टी. चंडीगढ़ के किसी भी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त नीजि स्कूलों में 8 कक्षा तक फिजिकल मोड में कोई कक्षा नहीं होगी। स्कूल इन कक्षाओं के अपने विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं आयोजित कर सकते हैं।

    यू.टी. चंडीगढ़ के सभी सरकारी व सरकारी एडिड और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में 9वीं से 12वीं कक्षा के लिए 20 जनवरी 2024 तक स्कूल विद्यार्थियों के लिए स्कूल सुबह 9.30 से पहले नहीं खुलेंगे और शाम 4.00 बजे से पहले बंद नहीं होंगे। स्कूलों को इन कक्षाओं के लिए समय निर्धारित करते समय विशेष रूप से सुबह और देर शाम को होने वाली ठंड और बच्चों द्वारा स्कूल आने-जाने में लगने वाले समय को ध्यान में रखना चाहिए। स्कूल अपने कर्मचारियों के लिए समय को तदनुसार नियंत्रित कर सकते हैं और सभी संबंधितों को सूचित करना होगा।

  • भाजपा को बड़ा झटकाः पार्षद AAP में हुआ शामिल

    चंडीगढ़ः नगर निगम के 18 जनवरी को होने वाले मेयर इलेक्शन से पहले बड़ी सियासी उठापटक हो गई है। 2 दिन से गायब भाजपा के पार्षद गुरचरण काला आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। वह पिछले 2-3 दिन से भाजपा नेताओं के संपर्क में नहीं थे। हालांकि उनके बेटे ने पुलिस थाने में पिता के किडनैपिंग की शिकायत तक दे दी। वहीं 3 दिन पहले ही भाजपा ने आम आदमी पार्टी के पार्षद लखबीर सिंह बिल्लू को तोड़ लिया था। वह सांसद किरण खेर की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए थे।

    वहीं इस चुनाव में कांग्रेस और आप ने INDIA गठबंधन को नकार दिया है। दोनों पार्टियां मेयर पद के लिए अपने-अपने उम्मीदवार उतार रही हैं। निगम के वोटों के हिसाब से ऐसे में भाजपा मेयर पद पर फिर चुनाव जीत सकती है। चंडीगढ़ निगम में इस बार मेयर की सीट आरक्षित है। नगर निगम में कुल 35 पार्षद हैं। BJP के पार्षदों की संख्या 14 हो गई है, जबकि आप के पास 13 तो कांग्रेस के पास 7 वोट हैं। जबकि एक पार्षद शिरोमणि अकाली दल का है।

  • घने कोहरे से लोहड़ी की शुरुआत, टूटा 10 सालों का रिकॉर्ड

    चंडीगढ़ः लोहड़ी के दिन की शुरुआत भी घने कोहरे के साथ हुई है। पंजाब, हरियाणा समेत चंडीगढ़ भीषण ठंड की चपेट में है। कोहरे के कारण विजिबिलिटी भी काफी कम है। सड़क पर विजीबिलटी महज 25 से 50 मीटर रही। बीते दिन चंडीगढ़ मौसम विभाग ने कोहरे और शीतलहर को लेकर रेड अलर्ट जारी किया था। पंजाब में अमृतसर सबसे ठंडा रहा। जहां 1.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसी तरह गुरदासपुर में तापमान 3 डिग्री रहा है। उत्तर भारत में ठंड ने पिछले 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दिन का तापमान भी 9 डिग्री से 10 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है। वैसे ही रातें भी काफी ठंडी हो गयी हैं। रात के तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट आई है। 13 जनवरी को पंजाब और हरियाणा में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

    इसके साथ ही पंजाब और हरियाणा के लोगों को 14 से 19 जनवरी तक कुछ राहत मिल सकती है। यहां कोहरे और शीतलहर का येलो अलर्ट जारी रहेगा। रातें ठंडी रहेंगी, लेकिन दिन का तापमान थोड़ा बढ़ेगा। 14 से 19 जनवरी तक मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। चंडीगढ़ में हालात सामान्य हैं, चंडीगढ़ में सुबह कोहरा रहेगा और दोपहर में धूप निकलेगी। जबकि हिमाचल में 16-17 जनवरी को बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली को छोड़कर पंजाब के सभी जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।

    यही हाल हरियाणा का है। हरियाणा के 8 जिलों अंबाला, कुरूक्षेत्र, करनाल, कैथल, महिंदरगढ़, रेवाड़ी, फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी रेड अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल में मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिन तक मौसम सामान्य रहेगा। बिलासपुर, मंडी, हमीरपुर, ऊना और कांगड़ा में स्मॉग का अलर्ट है। 16 जनवरी से यहां का मौसम बदल जाएगा। 16-17 जनवरी को हिमाचल प्रदेश के चंबा, किन्नौर, लाहौल स्पीति और शिमला जिलों के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तर भारत में पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश न होने का एक बड़ा कारण वैश्विक पैटर्न है। सर्दियों के मौसम में अटलांटिक महासागर से आने वाली हवाएँ बर्फबारी लाती हैं।

  • पंजाबः जेलों को लेकर हाईकोर्ट ने सरकार को लगाई फटकार

    पंजाबः जेलों को लेकर हाईकोर्ट ने सरकार को लगाई फटकार

    चंडीगढ़ः पंजाब की जेलों को लेकर सुनवाई आरंभ होते ही पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट ने जेल से पार्टियों की वीडियो वायरल होने पर सरकार को फटकार लगाते हुए कहा कि आखिर जेलों में यह हो क्या रहा है। जेल में कैदी पार्टी कर रहे हैं और अदालत में पेश होकर एडीजीपी को शर्मिंदा होना पड़ रहा है। इसे रोकना बहुत जरूरी है और यदि यह नहीं रुका तो हमें बेहद कड़े आदेश जारी करने को मजबूर होना पड़ेगा। लॉरेंस बिश्नोई के हिरासत में इंटरव्यू के मामले में सुनवाई आरंभ होते ही हाई कोर्ट ने कहा कि लगातार जेल से वीडियो आने के मामले बढ़ रहे हैं। जेल में पार्टियां हो रही हैं और उनके वीडियो बनाकर बाकायदा इंटरनेट मीडिया पर डाले जा रहे हैं। जेलों में लगातार मोबाइल फोन मिलने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं और एडीजीपी को कभी किसी अदालत में तो कभी किसी में तलब किए जा रहे हैं।

    हाईकोर्ट ने कहा कि यह शर्मिंदगी का विषय है और जेलों में मोबाइल फोन के इस्तेमाल को रोकना बेहद जरूरी है। हाईकोर्ट ने कहा कि इसके लिए सरकार जल्द प्रभावी कदम उठाए वरना हमें बेहद सख्त आदेश जारी करने को मजबूर होना पड़ेगा। सुनवाई के दौरान आदेश के अनुसार पंजाब सरकार ने जेलों में जैमर, सीसीटीवी, नायलॉन नेट, बॉडी स्कैनर आदि का काम पूरा करने के लिए  समय सीमा सौंपी। 6 माह से लेकर डेढ़ वर्ष की समय सीमा को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने अस्वीकार करते हुए नए सिरे से समय सीमा तय करने का सरकार को आदेश दिया है।

    हाईकोर्ट ने इस दौरान केंद्र सरकार को आदेश दिया है कि जिन कार्यों को पूरा करने में केंद्र सरकार की मंजूरी जरूरी है वहां यह सुनिश्चित किया जाए कि इस कार्य में समय न ले। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट को बताया गया कि लॉरेंस बिश्नोई के हिरासत में 2 इंटरव्यू हुए थे और दोनों की जांच के लिए दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। इस मामले में हाईकोर्ट के आदेश पर गठित एसआईटी जांच आरंभ कर चुकी है। लॉरेंस के इंटरव्यू को इंटरनेट मीडिया  से पूरी तरह से हटाया जा चुका है। हाईकोर्ट ने कहा कि अभी एसआईटी को जांच के लिए कुछ समय दिया जाना चाहिए इसलिए उन्हें फिलहाल निर्देश की आवश्यकता नहीं है। 

  • आप पार्टी को बड़ा झटकाः बीजेपी में शामिल हुआ यह पार्षद

    चंडीगढ़ः लोकसभा चुनावों से पहले सियासी पार्टियों में जोड़तोड़ का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी के चलते आज चंडीगढ़ में आप पार्टी को उस समय झटका लगा है, जब चंडीगढ़ से आप पार्टी के पार्षद ने पार्टी को अलविदा कह दिया है। ‘आप’ पार्षद लखबीर सिंह बीजेपी में शामिल हो गए हैं। मिली खबर के अनुसार पार्षद लखबीर सिंह किरण खैर की मौजूदगी में बीजेपी पार्टी में शामिल हुए हैं। 

  • पंजाबः कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव का आया बयान, पार्टी 13 सीटों पर चुनाव लड़ने को तैयार

    चंडीगढ़ः पंजाब में लोकसभा चुनाव को लेकर अकाली-भाजपा और कांग्रेस-आप में गठबंधन की खबरों ने जोर पकड़ा हुआ है। वहीं कांग्रेस इंचार्ज देवेंद्र यादव इस समय पंजाब दौरे पर है, जहां वह कांग्रेस भवन में विधायकों के साथ सीनियर नेताओं के साथ चुनावों को लेकर मीटिंग कर रहे है। इस दौरान कांग्रेस इंचार्ज देवेंद्र यादव ने कहा कि हमारा संगठन 2024 के चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। हम 13 सीटों पर लड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि मीटिंग के बाद वह अपनी रिपोर्ट हाईकमान को सौंपेंगे। पंजाब कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच 7 और 6 सीटों की शेयरिंग से जुडे़ सवाल पर कहा कि हमें इस बारे में पता नहीं है। जब उनसे पूछा गया कि आज नवजोत सिंह सिद्धू मीटिंग में शामिल होने आ रहे हैं, तो उन्होंने साफ किया कि आज की मीटिंग के लिए उन्हें न्योता नहीं दिया है।

    देवेद्र यादव की मीटिंग में पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी व पूर्व मंत्री भारत भूषण आशू सहित 11 कांग्रेस नेताओं के मीटिंग में शामिल होने पर सस्पेंस बना हुआ है। हालांकि, पंजाब के नए इंचार्ज की यह पहली बार मीटिंग है। इन बैठकों में वह पार्टी नेताओं से सीधे रूबरू हो रहे हैं, ताकि उनके अंदर पार्टी को लेकर विश्वास बना रहे। वहीं, पार्टी के वर्किंग प्रधान भारत भूषण आशू और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने भी पार्टी मीटिंग से दूरी बना ली है। इनकी नाराजगी हाईकमान द्वारा आप व कांग्रेस के बीच लोकसभा चुनावों में सीट बंटवारे को लेकर चल रही बैठकें हैं। आशू तो स्पष्ट कर चुके हैं कि हाईकमान को आप से गठजोड़ पर और नवजोत सिंह सिद्धू की गतिविधियों पर स्टैंड साफ करना चाहिए। पहले दिन की मीटिंग में भी लोकसभा चुनाव में आप के साथ न उतरने का मुद्दा गर्माया रहा। सभी सीनियर नेताओं में सांसद रवनीत बिट्‌टू व नवजोत सिंह सिद्धू के अलावा कोई भी आप से गठजोड़ से खुश नहीं है।

    वहीं दूसरी ओर कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने सिद्धू की रैलियों को लेकर बिना नाम लिए कहा कि जो अध्यक्ष होता है उसी के हिसाब से प्रोग्राम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजा वड़िंग भले ही व्यक्ति छोटा हो सकता है, लेकिन मेरा दिल बड़ा है। उन्होंने कहा कि मुझे किसी से इन सिक्योरिटी नहीं है। राजा वड़िंग ने कहा कि अभी तक आम आदमी से गठबंधन की चर्चा हाईकमान ने हमारे साथ नहीं की है। उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी का फोन आएगा और वह कहेंगे काका जी हमने सीटें बांट ली हैं तो आपको जरूर बता दिया जाएगा। हालांकि, उन्होंने कहा कि अभी तक उन्हें कोई फोन नहीं आया है। वहीं, उन्होंने कहा कि हाईकमान सर्वश्रेष्ठ है।