Category: Chandigarh

  • The Great Khali के घर आया नन्हा मेहमान, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः डब्ल्यूडब्ल्यूई में प्रतिभा का लोहा मनवा चुके दलीप राणा ऊर्फ द गेट खली के घर एक बार फिर खुशियां आई हैं, दरअसल उनके घर बेटे ने जन्म लिया है। उनकी पत्नी हरपिंदर कौर ने अमेरिका के मैटरनिटी होम में बेटे को जन्म दिया। रेसलर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इसका वीडियो भी शेयर किया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि वे अपने बच्चे को लाड़-प्यार कर रहे हैं। बता दें कि द ग्रेट खली की एक बेटी है।  

    खली ने बेटी को अनमोल हीरा कहकर खुशी का इजहार किया था। हैवीवेट चैंपियन खली के पैतृक निवास धिरयाना से मिली जानकारी के अनुसार खली की पत्नी हरपिंद्र कौर ने अमेरिका के मैटरिनिटी होम में एक लड़की को जन्म दिया था। बता दें कि ग्रेट खली सिरमौर जिला के शिलाई के धिरयाना के रहने वाले हैं। खली के घर में खुशी का माहौल है। खली बॉलीवुड की आधा दर्जन फिल्मों और रियलिटी शो बिग बॉस के उपविजेता भी रह चुके हैं।

  • PCR गाड़ी से शराब-चिकन बरामद होने पर हुआ हंगामा, देखें वीडियो

    कर्मचारी बोले- लोगों ने जबरदस्ती रखी बोतल

    चंडीगढ़ः इंदिरा कॉलोनी में एक समारोह में झगड़े की शिकायत पर पहुंचे पुलिसकर्मी बुरी तरह फंस गए। पीसीआर की गाड़ी के अंदर शराब की बोतल और चिकन मिलने का मामला सामने आया है। लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि लोगों ने जबरदस्ती पीसीआर की गाड़ी में शराब की बोतल रखी थी। दरअसल, झगड़ा कर रहे युवकों को जब पुलिसकर्मियों ने वैन में बिठाया तो उन्हें पुलिस की गाड़ी के डैशबोर्ड पर चिकन की प्लेट और शराब नजर आई। इस पर कॉलोनी वासियों ने हंगामा कर दिया। कॉलोनी वासियों ने आरोप लगाया कि मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने शराब पी हुई थी वहीं पुलिसकर्मियों ने कॉलोनी वासियों पर पुलिस की गाड़ी में जबरदस्ती शराब की बोतल और मीट की प्लेट रखने का आरोप लगाया। मामला बढ़ा तो थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पुलिस कर्मियों का मेडिकल कराया।

    एरिया डीएसपी अभिनंदन के अनुसार पुलिस कर्मियों का मेडिकल कराया गया है। यदि शराब की पुष्टि हुई तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कॉलोनी वासियों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी झगड़े में पकड़े गए युवकों से जबरदस्ती बयान लिखवा रहे हैं कि पुलिस की गाड़ी में उन्होंने ही शराब की बोतल और चिकन की प्लेट रखी। दूसरी ओर इस मामले को लेकर पीसीआर कर्मियों ने वहां पर झगड़े के आरोप में हीरा और गोपाल नाम के शख्स को हिरासत में ले लिया था। जब उन लोगों को गाड़ी में बिठाया गया तो उन्होंने स्थानीय निवासियों को गाड़ी में शराब और चिकन की सूचना दी।

    इस पर स्थानीय निवासियों ने मौके पर हंगामा खड़ा कर दिया। इस पर वहां मौजूद लोगों ने पीछे पीसीआर कर्मियों के साथ गाड़ी में शराब की बोतल और चिकन का वीडियो बना लिया। जब इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को मिली तो उन्होंने पीसीआर कर्मियों का मेडिकल कराया है, लेकिन पुलिस अभी भी यही कह रही है कि लोगों ने खुद को बचाने के लिए जबरदस्ती पीसीआर में शराब की बोतल रखी थी।मौके पर मौजूद लोगों का आरोप है कि चंडीगढ़ पुलिस के पास एल्कोमीटर है। वह जगह-जगह नाका लगाकर शराब की चेकिंग करते हैं, लेकिन इस मामले में पुलिस ने अपने एल्कोमीटर का इस्तेमाल नहीं किया है। वह अपने पुलिसकर्मियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। अगर पुलिस को जांच करनी थी तो मौके पर एल्कोमीटर से इसकी जांच हो सकती थी।

  • दिवाली की रात लोगों ने फोड़े 500 करोड़ के पटाखे 

    चंडीगढ़ः दिवाली के त्यौहार पर प्रशासन की तरफ से सिर्फ 2 घंटे के लिए पटाखे चलाने की अनुमति दी थी। अनुमति के अनुसार लोग 8 से 10 बजे तक ही पटाखे चला सकते थे, लेकिन कई इलाकों में यह पटाखे रात 12 तक भी देखे गए हैं। वहीं ट्राईसिटी में लोग ने 2 घंटे में करीब 500 करोड़ रुपए के पटाखे जलाकर खाक कर दिए। पूरे ट्राईसिटी में करीब 300 जगह पर पटाखे की बिक्री की गई थी।

    इससे शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) एक बार फिर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। अभी शहर का AQI खराब हालत में है। एयर क्वालिटी इंडेक्स मॉनिटरिंग स्टेशन सेक्टर-22 में इस समय AQI 226 पॉइंट नोट किया जा रहा है। इसके अलावा सेक्टर-53 में 209 और सेक्टर-25 में 176 एयर क्वालिटी इंडेक्स नोट किया गया है।

  • पंजाबः IAS अफसर वीरेंद्र शर्मा के घर पर हमलावारों ने चलाई गोली

    चंडीगढ़ः दिवाली की रात जहां पंजाब भर में पटाखे चलाए गए, वहीं पंजाब कैडर के एक आईएएस अधिकारी के घर पर गोली चलने का मामला सामने आया। मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना चंडीगढ़ के सेक्टर 24 में रहने वाले आईएएस अफसर वीरेंद्र कुमार शर्मा के घर हुई। बताया जा रहा है कि उनकी सरकारी कोठी पर अज्ञात हमलावरों ने गोली चलाई। इस घटना के दौरान वीरेंद्र कुमार शर्मा अपने पूरे परिवार के साथ घर पर ही मौजूद थे। इस फायरिंग में किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हुआ। वीरेंद्र कुमार शर्मा पंजाब सरकार के स्वास्थ्य विभाग में तैनात हैं और इन दिनों उनकी पोस्टिंग चंडीगढ़ में ही है।

    चंडीगढ़ पुलिस के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पंजाब के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी वीरेंद्र कुमार शर्मा दिवाली की रात चंडीगढ़ में अपनी सरकारी कोठी में पूजा करने के बाद परिवार के सदस्यों के साथ बैठे थे। उसी समय सड़क से अज्ञात बदमाशों की तरफ से उनके घर पर फायरिंग की गई। बदमाशों की ओर से चलाई गई गोली वीरेंद्र कुमार शर्मा की कोठी के एक कमरे की खिड़की पर लगी जिसे प्लाई लगाकर बंद किया गया था। गोली प्लाई में ही अटक जाने के कारण कोई नुकसान नहीं हुआ। हालांकि गोली की वजह से प्लाई के आरपार छेद हो गया।

    इस घटना के बाद ​​​​​​वीरेंद्र कुमार शर्मा ने खुद रात साढ़े 11 बजे चंडीगढ़ पुलिस को इसकी सूचना दी। मामला वरिष्ठ सरकारी नौकरशाह से जुड़ा होने के कारण रात में ही चंडीगढ़ पुलिस के डीसीपी क्राइम उदयभान सिंह, सेक्टर-11 थाने के एसएचओ और सेक्टर 24 की चौकी के इंचार्ज मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया जिसने मौके से गोली का एक खाली खोल बरामद कर लिया। पुलिस इस मामले में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर रही है।

  • नई दिल्ली-जालंधर सिटी एक्सप्रेस सहित 6 ट्रेने हुई रद्द

    चंडीगढ़ः उत्तर रेलवे ने हरियाणा के नीलोखेड़ी-अमीन और पानीपत-बाबरपुर स्टेशन के बीच पॉवर व ट्रैफिक ब्लाक के कारण 10 नवंबर यानी शुक्रवार को नई दिल्ली रूट की छह यात्री ट्रेनों को अस्थायी तौर पर रद्द करने की घोषणा की है। इन ट्रेनों में नई दिल्ली-अमृतसर सुपरफास्ट 12459, अमृतसर-नई दिल्ली सुपरफास्ट 12460, नई दिल्ली-जालंधर सिटी एक्सप्रेस 14681 और जालंधर सिटी-नई दिल्ली एक्सप्रेस 14682 प्रमुख रूप से शामिल हैं। नई दिल्ली-कुरूक्षेत्र ईएमयू 04449 और कुरूक्षेत्र-पुरानी दिल्ली ईएमयू 04452 भी रद्द रहेगी।

    वहीं, पांच यात्री ट्रेनों को कुछ समय के लिए रास्ते में रोककर चलाने की योजना है। इन ट्रेनों में अमृतसर-बांद्रा टर्मिनल पश्चिम एक्सप्रेस 12926, अमृतसर-कटिहार अमरपाली एक्सप्रेस 15708, पठानकोट-दिल्ली एक्सप्रेस 22430, जम्मूतवी-तिरूपति हमसफर एक्सप्रेस 22706 और अंबाला कैंट-नंगल डैम एक्सप्रेस 04577 को आधे घंटे से डेढ़ घंटे तक रास्ते में रोका जाना है। इस वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में आज के दिन किसी भी ट्रेन की टिकट खरीदने और यात्रा शुरू करने से पहले रूट व समयसारिणी की जानकारी प्राप्त करके सफर के दौरान होने वाली परेशानी से बचा जा सकता है।

  • पंजाबः अभिनेता Gippy Grewal के खिलाफ दर्ज धोखाधड़ी और बैनिंग मामले में कोर्ट का आया फैसला

    चंडीगढ़ः धोखाधड़ी और प्राइज चिट्स एंड मनी सर्कुलेशन स्कीम्स (बैनिंग) अधिनियम में दर्ज मामले में पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने पंजाबी अभिनेता, निर्माता और गायक रूपिंदर सिंह ग्रेवाल उर्फ गिप्पी ग्रेवाल के खिलाफ जिला अदालत में कार्यवाही पर रोक लगा दी है। 5 नवंबर, 2014 को बठिंडा पुलिस ने ग्रेवाल को धोखाधड़ी के मामले में दर्ज एफआईआर में अतिरिक्त आरोपी बनाया था। ग्रेवाल के वकील ने कोर्ट में दलील दी कि याचिकाकर्ता न तो उस कंपनी का शेयरधारक है जिसमें शिकायतकर्ता ने निवेश किया था और न ही याचिकाकर्ता ने कंपनी की कोई योजना शुरू की है। याचिकाकर्ता ने केवल कंपनी के एक समारोह में भाग लिया था।

    ऐसे में याचिकाकर्ता कंपनी के व्यवसाय में किसी भी गलत काम के लिए जिम्मेदार नहीं है। इस सब के बावजूद निचली अदालत ने याचिकाकर्ता को अतिरिक्त आरोपी के रूप में ट्रायल में शामिल होने के लिए समन आदेश जारी कर दिए। निचली अदालत ने याची को अतिरिक्त आरोपी बनाते हुए सीआरपीसी की धारा 319 के तहत आवश्यक कानून का पालना नहीं किया था। सभी पक्षों को सुनने के बाद जस्टिस राजबीर सहरावत की बेंच ने पंजाब सरकार को 13 फरवरी, 2024 के लिए नोटिस जारी कर जवाब-तलब कर लिया है। इसके साथ ही हाईकोर्ट ने इस मामले में निचली अदालत में याचिकाकर्ता के खिलाफ कार्यवाही पर रोक लगाई है। अंतरिम आदेश किसी भी तरह से अन्य आरोपियों के खिलाफ लागू नहीं होंगे।

  • आप पार्टी ने 12 कोऑर्डिनेटरों का किया ऐलान

    चंडीगढ़ः आम आदमी पार्टी ने आज चंडीगढ़ में पार्टी को मजबूत करने के लिए 12 कोऑर्डिनेटरों की घोषणा की। इनमें परमिंदर गोल्डी, गोविंदर मित्तल, अमित जैन, सुभाष शर्मा, करमजीत चौहान, नवदीप टोनी, अशोक सिरसवाल, गौरव अरोड़ा, धरमिंदर लांबा, रमन चंडी, एडवोकेट रविंदर सिंह और हरप्रीत काहलों शामिल हैं। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन सचिव और राज्यसभा के मैंबर डॉ. संदीप पाठक और पंजाब/चंडीगढ़ के ईंचार्ज व दिल्ली से विधायक जरनैल सिंह, पंजाब जल आपूर्ति और सीवरेज बोर्ड के अध्यक्ष और आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ के सह-प्रभारी डॉ. एसएस अहलूवालिया के जरिए इन 12 कोऑर्डिनेटरों की सूची जारी की गई है।

    इस दौरान उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में आप पार्टी को मजबूत बनाने के लिए 12 कोऑर्डिनेटरों का ऐलान किया गया है, जोकि चंडीगढ़ में आप पार्टी के लिए मजबूती से काम करेंगे। डॉ. अहलूवालिया ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि नवनियुक्त कोऑर्डिनेटर आम आदमी पार्टी की जन हितैषी नीतियों को चंडीगढ़ वासियों के घर-घर तक पहुंचाने में अपना अहम योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ के लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी की ओर से चंडीगढ़वासियों की सभी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।

    डॉ. अहलूवालिया ने आगे कहा कि चंडीगढ़ की जनता पुरानी पारंपरिक पार्टियों से तंग आ चुकी है। चंडीगढ़ के लोगों को पुरानी पार्टियों ने हमेशा नजरअंदाज किया है। चंडीगढ़ वासियों की बुनियादी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में चंडीगढ़ की जनता यहां की पुरानी पार्टियों का सफाया कर देगी।

  • पंजाबः इंसानियत शर्मसार! 5 दिन के मासूम को बाथरूम के बाहर छोड़कर माता-पिता हुए फरार 

    चंडीगढ़: सेक्टर- 16 जनरल अस्पताल से बड़ी खबर सामने आई है। जहां अस्पताल के बाथरूम के बाहर माता-पिता 5 दिन की मासूम बच्ची को तौलिए में लपेट कर वहां रखकर फरार हो गए। इस दौरान बच्ची की रोने की आवाज सुनकर सफाईकर्मी बाथरूम की तरफ गया। जहां उसने तौलिए में लिपटी हुई बच्ची देखी। जिसके बाद उसने घटना की सूचना तुरंत पुलिस और अस्पताल स्टाफ को दी। सेक्टर-25 निवासी गगन ने पुलिस को बताया कि वह सेक्टर 17 जनरल अस्पताल की 5वीं मंजिल पर प्राइवेट वार्ड में सफाई कर रहा था। इस दौरान बाथरूम के पास बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। बाथरूम के पास बच्ची तोलिए में लिपटी हुई थी।

    उसने बच्ची को उठाकर मामले की सूचना पुलिस और अस्पताल स्टाफ को दी। डाक्टरों ने बच्ची का चैकअप किया तो वह बिल्कुल ठीक है। इस घटना के बाद 5 दिन के मासूम बच्ची को तुरंत नर्सिंग वार्ड में शिफ्ट किया गया। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने सफाईकर्मी सेक्टर-25 निवासी गगन की शिकायत पर अज्ञात माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने में जुटी हुई है। वहीं दूसरी ओर पुलिस द्वारा अस्पताल में एक सप्ताह के अंदर पैदा बच्चों और माता-पिता के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

  • निजी स्कूलों की मनमानी को लेकर अभिभावकों ने की विभाग को शिकायत

    चंडीगढ़ः पंजाब सरकार द्वारा स्कूलों को लेकर गाईडलाइंस जारी की जा चुकी है, लेकिन उसके बावजूद स्कूलों की मनमानी के मामले सामने आ रहे है। वहीं अब चंडीगढ़ में एक निजी स्कूल की तरफ से बच्चों को एक खास दुकान से यूनिफॉर्म खरीदने का मैसेज देने का मामला सामने आया है। अभिवावकों का आरोप है कि बच्चों को व्हाट्सएप ग्रुप पर विंटर यूनिफॉर्म खरीदने का संदेश दिया गया है। यह सेक्टर-27 के एक निजी स्कूल का मामला है। जिसके बाद अभिभावकों की तरफ से शिक्षा विभाग को ईमेल कर इसकी शिकायत की गई है।

    स्कूल के छात्रों के अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि स्कूल प्रबंधकों की तरफ से जिस दुकान का नाम बताया गया है, उस दुकान पर यह यूनिफॉर्म महंगे दामों पर बेची जा रही है। स्कूल प्रशासन को यूनिफॉर्म का ड्रेस कोड बताना चाहिए। यह यूनिफॉर्म शहर की सभी दुकानों पर उपलब्ध होनी चाहिए ताकि कोई भी दुकानदार अतिरिक्त शुल्क न वसूल सके। ​​​​​​​चंडीगढ़ में शिक्षा विभाग की तरफ से सभी निजी स्कूलों को एक गाइडलाइन जारी की गई है। इस गाइडलाइन के अनुसार किसी भी स्कूल के परिसर में पुस्तक, यूनिफॉर्म आदि नहीं बेची जा सकती है। साथ ही किसी भी किताब, कॉपी व अन्य सामग्री पर स्कूल का नाम भी नहीं लिखा जा सकता है। अभिभावकों पर किसी विशेष दुकान से यूनिफॉर्म और पुस्तक खरीदने का दबाव भी नहीं बनाया जा सकता है। गाइडलाइन की पालना न करने पर स्कूल की मान्यता भी रद्द करने का प्रावधान है।

    ​​​​​​​शिक्षा विभाग के निदेशक स्कूल एजुकेशन हरसुहिंदर पाल सिंह बराड़ ने बताया कि मामला उनके ध्यान में नहीं है।अगर अभिभावकों को इस तरह का कोई सर्कुलर जारी किया गया है, तो इस शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी। गाइडलाइन को सख्ती से लागू करने के लिए कमेटी गठित कर दी गई है। जल्द ही नियम बनाकर निजी स्कूलों को भेजे जाएंगे। ​​​​​​​स्कूल की प्रिंसिपल डॉक्टर सीमा ने कहा कि स्कूल की तरफ से कोई भी आधिकारिक सर्कुलर जारी नहीं किया गया है। अगर किसी शिक्षक ने व्हाट्सएप पर इस तरह का कोई मैसेज भेजा है। तो उसकी जांच की जाएगी।

  • पंजाबः डेंगू का कहर, 10 हजार के पार पहुंची मरीजों की संख्या

    चंडीगढ़ः पंजाब में डेंगू का संकट गहरा गया है। डेंगू संक्रमित लोगों का आंकड़ा अब तक 10092 पहुंच गया है, जबकि गत वर्ष मरीजों की संख्या करीब 11 हजार थी। इन आंकड़ों ने स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ा दी है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि राज्य के सभी अस्पतालों में मरीजों का टेस्ट और इलाज फ्री में किया जा रहा है। ऐसे में मरीजों को घबराने की जरूरत नहीं है। किसी को भी लगता है कि वह संक्रमित हो सकता है तो उसे पहल के आधार पर निकटवर्ती सरकारी अस्पताल में संपर्क करना चाहिए। 

    सूबे के 23 जिलों में रोजाना डेंगू संक्रमण केस आ रहे हैं। इसमें कई जिले ऐसे हैं, जहां पर मरीजों की अब तक संख्या 500 पार हो चुकी है। मोहाली, होशियारपुर, अमृतसर, गुरदासपुर और पटियाला जिलों में काफी तेजी से केस बढ़ रहे हैं। सरकार ने नगर निगमों, नगर काउंसिलों और पंचायतों को हिदायत दी है कि वे अपने एरिया में जागरूकता मुहिम चलाएं। लोगों को बीमारी के प्रति जागरूक करें। साथ ही डेंगू का लारवा चेक करने के लिए चेकिंग मुहिम चलाई जाए। पंजाब स्वास्थ्य विभाग के डायरेक्टर आदर्श पाल कौर ने बताया कि अब तक 10 हजार से अधिक केस आ चुके हैं। मंगलवार को डेंगू के 138 केस व चिकगुनिया के 14 केस आए हैं। लोगों को बीमारी से बचने की कोशिश करनी चाहिए।