चंडीगढ़ : सेक्टर-37 सिटी की मार्केट के सामने काम के दौरान मुख्य सड़क पर अंडरग्राउंड गैस पाइपलाइन फटने का मामला सामने आया है। जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। दरअसल, गैस की लीकेज होने का पता चलते ही इलाके के लोगों में दहशत फैल गई है। जिसके बाद घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई। बताया जा रहा है कि फिलहाल पुलिस द्वारा यहां वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। कोशिश की जा रही है कि किसी तरह इस लीकेज को रोका जा सके। वहीं घटना की सूचना कंपनी को भी दे दी गई है। बताया जा रहा है कि वहां लोकल केबल चैनल की वायरिंग का काम चल रहा था जब पाइप फटी तो मौके से मजदूर फरार हो गए। हालांकि घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
Category: Chandigarh
-

बीजेपी के प्रधान बने जतिंदर पाल मल्होत्रा
चंडीगढ़ः लोकसभा चुनाव (2024) से पहले बीजेपी ने बड़ा फैसला लिया है। बीजेपी ने चंडीगढ़ अध्यक्ष अरुण सूद को हटाकर नए अध्यक्ष का ऐलान कर दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक, अरुण सूद को चंडीगढ़ बीजेपी अध्यक्ष पद से हटाकर उनकी जगह जितेंद्र पाल मल्होत्रा को चंडीगढ़ बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जतिंदर पाल मल्होत्रा को चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष नियुक्त करने के लिए अपने नियमित राष्ट्रीय महासचिव अरुण कुमार द्वारा हस्ताक्षरित एक पत्र भी जारी किया है। बता दें कि केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू को मिजोरम चुनाव का प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव अनिल एंटनी और नागालैंड के उपमुख्यमंत्री यानथुंगो पैटन को उप चुनाव प्रभारी बनाया गया है।
-

भड़के दुकानदारों और AAP पार्षद ने लगाया धरना, किया रास्ता किया बंद
चंडीगढ़ः सेक्टर 23 में दुकानदारों में भारी रोष पाया जा रहा है। इस दौरान दुकानदार धरने पर बैठ गए है और सेक्टर के बीच के रास्ते को बंद कर दिया है। जहां चंडीगढ़ प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके साथ आप पार्टी के पार्षद भी धरने पर बैठ गए है। दरअसल, दुकानदारों का आरोप है कि बिना किसी नोटिस और बिना किसी ऑर्डर के चंडीगढ़ प्रशासन ने एक ज्वेलरी की दुकान को सील कर दिया है। इलाके के आम आदमी पार्टी के पार्षद दमनप्रीत सिंह भी दुकानदारों के साथ धरने पर बैठ गए हैं। दुकानदार सुभाष चोपड़ा ने बताया कि उनकी दुकान में बिल्डिंग वॉयलेशन थे। इसके कारण 6 महीने पहले उनकी दुकान को सील करने के ऑर्डर किए थे।
डीसी के ऑर्डर के खिलाफ उन्होंने फाइनेंशियल सेक्रेटरी को इसकी अपील की थी। वॉयलेशन हटाने की शर्त पर उनकी दुकान को खोल दिया था। उन्होंने दुकान से वॉयलेशन हटाकर प्रशासन को इसके फोटो भी सौंप दिए है। मामले में इलाका पार्षद दमनप्रीत सिंह का कहना है कि इस दुकान मालिक के साथ वह शुरू से खड़े हैं इन्होंने अपनी वायलेशन हटाकर फोटो भी विभाग को सौंप दिए थे। मामला अभी विचाराधीन दिन होने के बाद भी आज सुबह-सुबह 8:00 बजे यहां पहुंचकर दुकान को सील कर दिया है। जब प्रशासन से इसके आदेश की कॉपी मांगी गई तो, उनके पास आदेश की कोई कॉपी नहीं है।
-

पंजाबः कांग्रेस सरपंच की हत्या करने के मामले में इस गैंग से 2 आरोपी गिरफ्तार
चंडीगढ़ः कनाडा में बैठा खालिस्तानी आतंकी अर्श डल्ला दिल्ली में बड़े आतंकी हमले की फिराक में है। इस बीच दिल्ली पुलिस को मिले विशेष इनपुट के आधार पर राजधानी में छिपे डल्ला के 2 शूटरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ये दोनों शूटर पंजाब में कांग्रेस नेता की हत्या करके दिल्ली में छुप गए हैं। स्पेशल सेल के अलावा खुफिया एजेंसियों को इनपुट मिला था कि इनके निशाने पर पुलिस अधिकारी या बड़े नेता हो सकते हैं।
स्पेशल सेल इसी इनपुट पर काम कर रही थी तभी स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस टीम को 12 अक्टूबर रात को जानकारी मिली कि प्रगति मैदान इलाके में खालिस्तानी आतंकी अर्श डल्ला के 2 शूटर किसी वारदात को अंजाम देने जा रहे हैं। जानकारी ये भी मिली की इन्हीं दोनों शूटरों ने पंजाब के मोंगा में कांग्रेस नेता और सरपंच की हत्या की थी। स्पेशल सेल की टीम ने शूटर कृष्ण और गुरबिंदर को रोकने की कोशिश तो एक आरोपी ने बैग से हैंड ग्रेनेड निकाल कर पुलिस की तरफ फेंकने की कोशिश की जिसके जवाब में स्पेशल सेल की टीम ने गोली चलाई और आरोपियों को दबोच लिया। स्पेशल सेल की टीम ने शूटर कृष्ण और गुरबिंदर को रोकने की कोशिश तो एक आरोपी ने बैग से हैंड ग्रेनेड निकाल कर पुलिस की तरफ फेंकने की कोशिश की जिसके जवाब में स्पेशल सेल की टीम ने गोली चलाई और आरोपियों को दबोच लिया।
-

पंजाबः इस मामले में हाईकोर्ट पहुंचे गृह सचिव, DGP और SSP
चंडीगढ़ः पंजाब के गृह सचिव गुरकीरत कृपाल सिंह और पुलिस महानिदेशक गौरव यादव वीरवार को ड्रग ट्रायल मामले में पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय में पेश हुए। एनडीपीएस के मामलों में सरकारी गवाहों (सरकारी अधिकारियों) के लापरवाह रवैये पर नाराजगी जताते हुए पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने पंजाब के गृह सचिव, डीजीपी व मुक्तसर साहिब के एसएसपी को तलब कर लिया था। हाईकोर्ट ने तीनों को खुद हाजिर होकर इस मामले में कोर्ट के सवालों का जवाब देने का आदेश दिया है। हाईकोर्ट ने कहा कि पंजाब में तो अब यह चलन बन गया है कि सरकारी अधिकारी गवाही के लिए पहुंचते ही नहीं हैं।
जब एसएसपी को बुलाया जाता है, तो कोर्ट को भविष्य में ऐसा न होने का विश्वास दिलाया जाता है। न्यायालय को यह देखकर दुख हुआ है कि विश्वास दिलाना व्यर्थ है और संभवत: केवल हमें खुश करने के लिए दिया गया है। इन परिस्थितियों में जब देश के इस हिस्से में समाज विशेषकर युवाओं पर नशे का विनाशकारी प्रभाव दिखाई दे रहा है, तो यह न्यायालय अब मूकदर्शक बन कर नहीं रहेगा। ऐसे में हाईकोर्ट ने अब अगली सुनवाई पर पंजाब के गृह सचिव, डीजीपी व मुक्तसर साहिब के एसएसपी को खुद हाजिर होने का आदेश दिया है।
-

AI से एडिट कर नामी स्कूल के 50 छात्राओं की आपत्तिजनक फोटो हुई वायरल, मामला दर्ज
चंडीगढ़ः एक नामी स्कूल की 50 छात्राओं की आपत्तिजनक फोटो स्नैपचैट की वॉल पर अपलोड करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह फोटो स्कूल की वेबसाइट से ही डाउनलोड की गई है। इसके बाद इन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग कर एडिट किया गया है। छात्राओं के अभिभावकों ने इस मामले में एसएसपी चंडीगढ़ को शिकायत दे दी है। जिसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामला 10 अक्टूबर का बताया जा रहा है। एक लड़की के पिता छुट्टी के समय उसे स्कूल लेने गए थे। वह लड़की वहां पर मायूस होकर रोने लग रही थी।
जब पिता ने इसकी वजह पूछी तो उसने बताया कि सीनियर्स का एक स्नैपचैट पोर्टल है। उस पोर्टल पर उसके अलावा कई अन्य लड़कियों की आपत्तिजनक तस्वीर शेयर की गई है। मामले का पता चलते ही चंडीगढ़ पुलिस की साइबर सेल ने इस स्नैपचैट आईडी को इंटरनेट से हटा दिया है। स्कूल प्रशासन मामले में चुप्पी साधे हुए हैं। अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल की तरफ से मामले में कोई संतुष्टि पूर्ण जवाब नहीं दिया जा रहा है। मामले में अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि स्कूल के जिस पोर्टल से यह फोटो डाउनलोड की गई है।
उस पोर्टल पर अभिभावक, स्कूल के छात्र और स्कूल स्टाफ जुड़ा हुआ है। इस कारण इस तरह की हरकत करने वाला किसी न किसी तरीके से स्कूल से जुड़ा हुआ है। उसकी पहचान कर जल्द से जल्द उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। मामले का खुलासा होने के बाद स्कूल के गेट पर हंगामा बढ़ता देख मौके पर पीसीआर बुला ली गई थी। जब अभिभावक पीसीआर कर्मियों की बातों से सहमत नहीं हुए तो उन्हें एसएसपी चंडीगढ़ से मिलवाया गया। एसएसपी चंडीगढ़ ने मामले में जांच कर सख्त से सख्त कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।
-

केमिस्ट शॉप के कर्मचारियों के बीच झड़प, जमकर चलें लात-घूंसे और कुर्सियां, वीडियो वायरल
चंडीगढ: सेक्टर 11 में केमिस्ट दुकानों के कर्मचारियों के बीच कथित तौर पर झड़प होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह क्रूर झड़प अपनी-अपनी दुकानों में अधिक ग्राहकों को आकर्षित करने की होड़ के कारण हुई। इस दौरान दोनों पक्षों में मामला तब बढ़ गया जब उन्होंने ग्राहकों को अपनी दुकानों में बुलाने का प्रयास किया। जिसके बाद दोनों पक्षों में पहले तो तीखी बहस हो गई, देखते ही देखते दोनों पक्षों में चल रही बहस लड़ाई में बदल गई। जिसमें उन्होंने एक-दूसरे पर ईंटों, पत्थरों और यहां तक कि कुर्सियों का इस्तेमाल किया। घटना का एक वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
-

चलती कार में लगी आग, मचा हड़कंप
कालकाः चंडीगढ़-कालका रोड पर कलाग्राम लाइट प्वाइंट के पास चलती कार में आग लग गई। हालांकि मनीमाजरा दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर कार में लगी आग पर काबू पाया लेकिन उससे पहले आग के कारण कार का इंजन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। वहीं सूचना मिलते ही मनीमाजरा थाना पुलिस और थाना प्रभारी जसपाल सिंह मौके पर पहुंचे।
जीरकपुर के पीर मुछल्ला निवासी कार चालक खुशाल ने बताया कि वह सेक्टर-26 सब्जी मंडी में काम करता है और वह पंचकूला से सेक्टर-26 की तरफ जा रहा था। कलाग्राम लाइट प्वाइंट पर पहुंचते ही अचानक इंडिगो कार से धुआं निकालने लगा। तुरंत कार को रोककर देखा और बोनट उठाया तो अंदर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। इसकी सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही कलाग्राम के सामने स्थित मनीमाजरा दमकल विभाग से फायर टेंडर मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।
-

पंजाबः SYL के मुद्दे को लेकर कांग्रेसी नेताओं पर चला वॉटर कैनन, देखें वीडियो
चंडीगढ़: सतलुज यमुना लिंक नहर (एसवाईएल) के मुद्दे पर राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित को मांग पत्र सौंपने जा रहे कांग्रेसी नेताओं पर चंडीगढ़ पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। कांग्रेसी नेताओं ने पुलिस द्वारा लगाई गई बैरिगेट्स को तोड़ने की कोशिश की। जिसमें वह कामयाब नहीं हो सके। पुलिस ने पहले वॉटर कैनन का इस्तेमाल कर कार्यकर्ताओं तितर-बितर कर दिया। बाद में पुलिस ने बड़ी संख्या में नेताओं व कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। इससे पहले कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि यह पंजाब का दुर्भाग्य है कि पंजाब के मुख्यमंत्री न तो शिक्षित है और न ही उनके पास प्रशासन को चलाने का अनुभव। बाजवा ने कहा मुख्यमंत्री 12वीं पास है।
निजी रूप से भी मुख्यमंत्री में खासी खामियां है। जिसके कारण वह पंजाब का नुकसान करवा सकते है बाजवा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ तालमेल बैठा रखा है। इसी कारण सरकारी कोठी में हरियाणा के आप नेता अशोक तंवर पंजाब से पानी की मांग करते है। बाजवा ने कहा कि पंजाब में नहर को लेकर न तो सर्वे होने देंगे और न ही पानी जाने देंगे। अगर केंद्र सरकार के पानी की मौजूदा स्थिति का सर्वे करवाना है तो वह करवा लें। क्योंकि पंजाब के पास पानी नहीं हैं। इससे पहले कांग्रेस के विधायक राणा गुरजीत सिंह ने कहा कि पानी पर राजनीति छोड़ कर ड्रिप इरीगेशन को प्रोत्साहित करना चाहिए।
इससे दोनों राज्यों की पानी की कमी पूरी हो सकती है। क्योंकि पंजाब में प्रति वर्ष पानी एक मीटर नीचे जा रहा है। कांग्रेस के प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान बेहद शातिर है। उन्हें मुद्दों पर से ध्यान भटकाना आता है। मुद्दा तो यह है कि पंजाब के वकील ने सुप्रीम कोर्ट में कहा कि वह तो नहर बनाना चाहते हैं लेकिन विपक्ष और किसान संगठन नहीं बनने दे रहे है लेकिन मुख्यमंत्री ने विपक्ष को बहस की चुनौती दे, मुद्दे को भटकाने की कोशिश की। वड़िंग ने कहा कि हमेशा विपक्ष सत्ताधारी से जवाब मांगता है लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान विपक्ष से जवाब मांग रहे है।
उन्होंने भी दोहराया कि पंजाब के पास पानी नहीं है, किसी दूसरे राज्य को पानी नहीं दे सकते है। प्रदेश प्रधान ने कहा कि राज्यपाल पूरे पंजाब का दौरा करते है। उन्हें केंद्र को यह भी बताना चाहिए कि पंजाब के पास पानी नहीं है। 70 फीसदी किसान ट्यूबवेल से अपने फसलों की सिंचाई कर रहे है। वड़िंग ने यह भी कहा कि पंजाब के पास कभी भी फालतू पानी नहीं था। बता दें कि नहर बनाने का शुभारंभ पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने किया था। वहीं, पानी की बौछारों के बीच कई नेताओं की पगड़ियां उतर गई। जिसें कांग्रेस के विधायक राणा गुरजीत सिंह भी शामिल हैं। इस बीच नवजोत सिंह सिद्धू एक बार फिर कांग्रेस के कार्यक्रम से दूर रहे।
-

मेडिकल कॉलेज चौक पर ट्रक पलटने से लगा जाम
चंडीगढ़ः सेक्टर 31 और सेक्टर 32 के चौक पर सुबह-सुबह एक ट्रक पलटने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह ट्रक डेराबस्सी से बद्दी की तरफ जा रहा था। उक्त ट्रक में फाइबर का सामान बताया जा रहा है। जिसके कारण वहां पर जाम लग गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने रास्ता खुलवा दिया है। वहीं इस ट्रक को और इसमें लदे सामान को हटाने की कोशिश चल रही है। मौके पर बड़ी हाइड्रोलिक मशीन बुलाई गई है। चंडीगढ़ पुलिस वहां पर मौजूद है। मौके पर उपस्थित लोगों ने बताया कि हादसे वाले ट्रक के आगे एक कार चल रही थी। चौक पर मोड़ के दौरान सिग्नल रेड होने के बाद कार ने ब्रेक लगा दिए थे। जैसे ही ट्रक में कंट्रोल करने की कोशिश की तो ट्रक पलट गया। इसके कारण यह हादसा हुआ है।
