Category: Chandigarh

  • कोरियर कंपनी के पार्सल से टेप हटाकर चोरी करने वाले गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार, देखें वीडियो

    कोरियर कंपनी के पार्सल से टेप हटाकर चोरी करने वाले गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः पुलिस ने एक्सप्रेसबीज कोरियर कंपनी के पार्सल से चोरी हुए मोबाइल के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दिल्ली, गुरुग्राम और राजस्थान से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चारों आरोपियों से 17 मोबाइल भी बरामद किए हैं। जबकि अन्य मोबाइल आरोपियों ने बेच दिए। शिकायतकर्ता टेक एरिना निवासी शोरूम नंबर 1073, मोबाइल मार्केट, सेक्टर 22 ने चंडीगढ़ पुलिस को दी शिकायत में कहा कि जनवरी और मई में उन्होंने एक्सप्रेसबीज लॉजिस्टिक्स सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से कुल 333 मोबाइल की सप्लाई फ्लिपकार्ट वेयरहाउस, गुरुग्राम हरियाणा को भेजी थी, लेकिन फ्लिपकार्ट के वेयरहाउस द्वारा रिपोर्ट दी गई कि कुल 130 के करीब मोबाइल फोन गायब पाए गए हैं।

    जांच के दौरान पुलिस ने IMEI नंबर को सर्विलांस पर डाल दिया। पाया कि लगभग 25 मोबाइल फोन सक्रिय थे। IMEI निगरानी रिपोर्ट के पूरे विवरण की जांच की गई है। इस दौरान पता चला कि मोबाइल फोन कालका कम्युनिकेशन, लाल कुआं, दक्षिणी दिल्ली द्वारा बेचे गए थे। जांच में यह पाया गया कि उक्त दुकान निर्मल तंवर नामक एक व्यक्ति द्वारा चलाई जा रही थी।जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर पूछताछ की। उसने बताया कि मोबाइल उसे मोहम्मद मुदस्सिर निवासी दक्षिणी दिल्ली ने बिना किसी बिल के बेचने को दिए थे।

    जिस पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को 4 जून को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मोहम्मद मुदस्सिर ने खुलासा किया कि उसे यह मोबाइल गुरुग्राम निवासी दान सिंह से मिले थे। जिसे भी पुलिस ने गुरुग्राम से 5 जून को गिरफ्तार कर लिया। इन सब ने पुलिस को एक आरोपी के बारे में बताया। जिसकी पहचान राजस्थान निवासी नवल मीणा के रूप में हुई। इसे पुलिस ने 8 जून को जिला अलवर राजस्थान से गिरफ्तार किया। वहीं, नवल मीणा ने पुलिस को बताया कि वह एक्सप्रेसबीज, कोरियर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड में काम करता था। उसी ने टेप हटाकर पार्सल से मोबाइल फोन चुराए थे। इनमें से कुछ आगे दोस्तों को दे दिए और बेच दिए। पुलिस सभी को चंडीगढ़ ले आई है और आगे की जांच की जा रही है।

  • आनंद कारज एक्ट लागू, यहां करें आवेदन

    आनंद कारज एक्ट लागू, यहां करें आवेदन

    चंडीगढ़ः सिख समुदाय के लोगों के लिए खुशखबरी है। यूटी प्रशासन ने चंडीगढ़ में आनंद मैरिज एक्ट-1909 को लागू कर दिया है। इस संबंध में प्रशासन की ओर से अधिसूचना जारी की जा चुकी है। बता दें कि पंजाब में अब तक आनंद मैरिज एक्ट लागू नहीं किया जा सका है लेकिन चंडीगढ़ प्रशासन ने इसे लागू कर दिया है। उपायुक्त चंडीगढ़ ने यूटी प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के तहत आनंद मैरिज एक्ट-1909 में पंजीकरण के लिए चंडीगढ़ आनंद विवाह पंजीकरण नियम 2018 को 15 मार्च 2023 से लागू किया है। बता दें कि राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरिया ने 22 फरवरी 2023 को चंडीगढ़ का दौरा किया था। 

    इस दौरान उन्होंने चंडीगढ़ आनंद मैरिज एक्ट 2018 के संबंध में चंडीगढ़ प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया था, जिसमें आनंद मैरिज एक्ट को लागू करने में सहमति बनी थी। अब तक हिंदू मैरिज एक्ट के तहत ही चंडीगढ़ में सिखों का विवाह पंजीकरण होता रहा है। अब चंडीगढ़ में सिख समुदाय से जुड़े लोग रीति-रिवाजों के अनुसार की गई शादी को आनंद मैरिज एक्ट-1909 के तहत पंजीकृत करवा सकते हैं। इसके अलावा चंडीगढ़ के अन्य निवासी भी इस अधिनियम के तहत आवेदन कर सकते हैं, जिनका विवाह सिख रीति-रिवाजों के अनुसार किया गया हो।

    आवेदक मैरिज ब्रांच (विंडो नंबर 5), ग्राउंड फ्लोर, उपायुक्त कार्यालय, सेक्टर-17, चंडीगढ़ से आवेदन पत्र प्राप्त करने के बाद आनंद विवाह अधिनियम के तहत विवाह पंजीकरण के लिए ऑफलाइन मोड में आवेदन कर सकते हैं। वहीं, चंडीगढ़ अनिवार्य विवाह पंजीकरण नियम 2012 के तहत आवेदन करने वाले आवेदकों को विवाह प्रमाणपत्र देने के लिए पहले से ही लागू ऑनलाइन पोर्टल को संशोधित किया जाएगा ताकि आनंद विवाह अधिनियम के तहत आवेदन करने वाले आवेदकों को ऑनलाइन सेवाओं का लाभ मिल सके।

  • भाजपा सासंद किरण खेर के खिलाफ शिकायत दर्ज

    भाजपा सासंद किरण खेर के खिलाफ शिकायत दर्ज

    चंडीगढ़ः निगम दफ्तर में बीते दिन बैठक दौरान भारी हंगामा देखने को मिला। इस दौरान आप पार्टी के पार्षदों और सासंद किरण खेर द्वारा एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए गए। जहां आप पार्षदों ने सासंद किरण खेर पर गाली-गालौच के आरोप लगाए वहीं किरण खेर ने आप पार्षदों पर गाली-गालौच के आरोप लगाए गए। वहीं इस हंगामे के बाद अब सांसद किरण खेर की मुश्किलें बढ़ती हुई दिखाई दे रही है। दरअसल, आप पार्षद जसबीर सिंह लाडी ने किरण खेर के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है।

    उन्होंने शिकायत में लिखा है कि मेरी पार्षद हाउस में एक मीटिंग थी। जिस दौरान किरण खेर ने मेरी सीट पर आ कर गालियां निकालनी शुरू कर दी। जिससे उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। पार्षद ने आरोप लगाए है कि जब किरण ने खेर को रोकने की कोशिश की तो उसने उसे मारने और पीटने की धमकियां दी। जसबीर सिंह ने मांग की है कि उसके साथ और उसके परिवार के साथ किरण खेर उनके कुछ भी गलत कर सकती हैं। इसलिए किरण खेर के खिलाफ कार्रवाई की जाए और उन्हें न्याय दिया जाए।

  • बड़ी खबरः अब बुलेट पटाखे बजाने या साइलेंसर बदलने पर हो सकती है 6 महीने तक की जेल 

    बड़ी खबरः अब बुलेट पटाखे बजाने या साइलेंसर बदलने पर हो सकती है 6 महीने तक की जेल 

    चंडीगढ़ः पंजाब में अब बुलेट या किसी अन्य बाइक के साइलेंसर को कटवा या मॉडिफाई कर उससे कानफोड़ू शोर पैदा करते हैं या उससे पटाके बजाते हैं तो ऐसे सभी लोगों के खिलाफ पंजाब पुलिस कार्रवाई करेगी। इसके तहत बाइक जब्त होने से लेकर धारा 188 के तहत कार्रवाई होगी। 6 महीने तक सजा और 1000 रुपए तक जुर्माना हाे सकता है। कार्रवाई के बाद भी पटाखे बजाए तो कंटेम्प्ट ऑफ कोर्ट मानते हुए कोर्ट तय करेगी कि आरोपी को कया सजा देना है। पंजाब पुलिस के एडिशनल डीजीपी, ट्रैफिक ने एक पत्र पंजाब भर के पुलिस कमिश्नर्स और सभी जिलों के एसएसपी को पत्र लिखकर निर्देश जारी किए हैं।

    इस पत्र में कहा गया है कि सभी ट्रैफिक अधिकारी और ट्रैफिक इंचार्ज को निर्देश दे कि वे इन आदेशों को पूरी तरह से और सख्ती से लागू करें। बता दें कि पर्यावरण (संरक्षण) नियम, 1986 के अनुसार, बाइक और स्कूटर्स के लिए अधिकतम साउंड सीमा 80 डेसिबल है। फैक्ट्री मॉडल के स्टॉक साइलेंसर में 3 फिल्टर होते हैं जो कम आवाज करते हैं। मॉडिफाइड साइलेंसर से कम से कम 120 डेसिबल की आवाज निकलती है। बाइक्स में साइलेंसर बदलने से आवाज कई गुना तेज हो जाती है। 2016 में हाईकोर्ट में बाइक पर पटाखे वाला साइलेंसर लगाने वालों पर कार्रवाई के लिए याचिका दायर की गई थी जिस पर साल 2019 में हाईकोर्ट ने ट्रैफिक पुलिस को आदेश जारी किए थे।

    इन आदेशों को सख्ती से लागू करने के लिए कहा गया है। 2019 में हाईकोर्ट का आदेश आने के बाद भी पंजाब में खुलेआम पटाखे बजाते हुए बुलेट देखे जा सकते हैं। पुलिस अभी कार्रवाई के नाम पर 1000 रुपए तक का चालान होता था। इसके अलावा मोटर साइकिल में कंपनी से फिट होकर आने वाले साइलेंसर उतारने वाले या उनमें किसी तरह का कोई बदलाव करने वाले मैकेनिक और वर्कशॉप ओनर्स पर भी आईपीसी की धारा 188 के तहत ही कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। अगर वे साइलेंसर को मॉडिफाई भी करते हैं तो उनके खिलाफ भी पुलिस कार्रवाई होगी।

  • पंजाबः पुलिस ने नाके दौरान दो युवकों को अवैध असले सहित किया गिरफ्तार, देखें वीडियो 

    पंजाबः पुलिस ने नाके दौरान दो युवकों को अवैध असले सहित किया गिरफ्तार, देखें वीडियो 

    चंढ़ीगड़ः आईटी पार्क थाना के अंतर्गत पड़ते शास्त्री नगर और किशनगढ़ रोड पर पुलिस ने नाका लगाकर 2 लोगों को अवैध असले समेत काबू किया है। आरोपियों से तीन रोंद बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक जब असले की जांच की गई तो वह बिना लाइसेंसी पाया गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आज कोर्ट में पेश कर दोनों आरोपियों को 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।

    आरोपियों की पहचान इंदिरा कॉलोनी के रहने वाले 24 वर्षीय सूरज के रूप में हुई है और दूसरा आरोपी शास्त्री नगर का रहने वाला है। जिसकी पहचान 29 वर्षीय रवि के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पहले कोई अपराधिक मामला दर्ज नहीं है। दोनों आरोपी 26 की ग्रेन मार्केट में पल्लेदारी का काम करते हैं।

  • देह व्यापार मामले में Raga Spa Center में पुलिस की रेड, 2 गिरफ्तार

    देह व्यापार मामले में Raga Spa Center में पुलिस की रेड, 2 गिरफ्तार

    चंडीगढ़ः सेक्टर-34 थाना पुलिस ने स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार का पर्दाफाश कर थाईलैंड की चार महिलाओं को रेस्क्यू किया है। सेक्टर 34 थाना पुलिस ने एसडीपीओ साउथ डीएसपी दलबीर सिंह की शिकायत पर 2 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार किया है। इनमें स्पा सेंटर का मैनेजर निखिल और रिसेप्शनिस्ट पूजा शामिल है। पुलिस का कहना है कि स्पा के मालिक व एक अन्य युवती की अभी तलाश है।पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-44-सी के एससीओ की पहली मंजिल पर स्थित रागा स्पा सेंटर में थाइलैंड की महिलाओं से देह व्यापार करवाया जा रहा है।

    इसके बाद पुलिस की एक टीम बनाई गई। पुलिस कर्मचारी फर्जी ग्राहक बनकर स्पा में गया और डील तय की। इसके बाद फर्जी ग्राहक के इशारे पर पुलिस स्पा के अंदर गई, जहां से थाईलैंड की 4 महिलाओं को रेस्क्यू किया। आरोपी 3 से 10 हजार रुपये में डील करते थे। थाइलैंड की चार महिलाओं की उम्र 33 से 45 के बीच की बताई जा रही है। पुलिस उन महिलाओं के पासपोर्ट की भी जांच कर रही है। ये सभी जीरकपुर में रह रही थीं। पुलिस ने इन चारों को सेक्टर-26 स्थित नारी निकेतन भेज दिया है।

    डीएसपी साऊथ दलबीर सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि सैक्टर-44 स्थित राग स्पा सेंटर में मसाज की आड़ में देहव्यापार हो रहा है। स्पा सेंटर में छापेमारी करने के लिए डीएसपी ने स्पेशल टीम बनाई और डील करने के लिए फर्जी ग्राहक स्पा सेंटर में भेज दिया। गाहक को स्पा सेंटर में मैनेजर निखिल और रिसेप्शनिस्ट पूजा मिली। दोनों ने थाईलैंड की लड़कियां दिखाई और सौदा तय हो गया। ग्राहक ने जैसे ही दोनों को पैसे दिए तो डीएसपी ने सेंटर पर छापा मारा। स्पा सेंटर के अंदर पुलिस को चार थाईलेड की लड़कियां मिलीं। जिन्हें पुलिस ने रेस्क्यू किया। पुलिस ने मैनेजर निखिल और रिसेप्शनिस्ट पूजा को गिरफ्त किया। मैनेजर निखिल ने पुलि को बताया कि स्पा सेंटर क मालिक बलविंदर सिंह गिल वह गिल के कहने पर देह व्यापार करवाता है। इसमें उनका साथ सह-आरोपी दीया देती है। 

  • निगम दफ्तर में भारी हंगामा, आप पार्षदों को किया गया सस्पेंड, देखें वीडियो

    निगम दफ्तर में भारी हंगामा, आप पार्षदों को किया गया सस्पेंड, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः निगम दफ्तर में बैठक दौरान भारी हंगामा देखने को मिला। जहां आप पार्टी के पार्षदों द्वारा भारी हंगामा किया है। बता दें कि डड्डू माजरा डंपिग मुद्दे को लेकर हंगामा हुआ था। बताया जा रहा है कि कि आप पार्षदों और अन्य पार्षदों में गाली-गालौच हुई। जिसके बाद सभी आप पार्षदों को हाउस से बाहर किया गया। इस दौरान आप पार्षदों की मार्शल के साथ हाथापाई भी हुई। मिली जानकारी के मुताबिक आप पार्षदों के सस्पेंड किया गया। दरअसल, सासंद किरण खेर और आप पार्षदों में तीखी बहस हुई थी। जिसके बाद हाउस में जमकर नारेबाजी की गई। वहीं इस मामले को लेकर किरण खेर ने आप पार्षदों पर गंदी गालियां निकालने का आरोप लगाया है। किरण ने आप पार्षदों पर आरोप लगाए कि उन्होंने पीएम मोदी को भी गालियां निकाली है। इस हंगामें के बाद दफ्तर के बाहर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। 

  • 72 घंटों में पुलिस ने 3 दुकानों में चोरी की वारदात करने वाले चोरों को किया गिरफ्तार, देखें वीडियो 

    72 घंटों में पुलिस ने 3 दुकानों में चोरी की वारदात करने वाले चोरों को किया गिरफ्तार, देखें वीडियो 

    चंडीगढ़ः मनीमाजरा पुलिस ने 72 घंटों के अंदर तीन दुकानों को निशाना बनाने वाले 2 चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। दो दुकानों में चोरी हुए 17 हजार 500 रुपयों में से पुलिस एक भी रुपया बरामद नहीं कर पाई है। जबकि, एक अन्य दुकान से चोरी हुए 5 किलो सिक्के बरामद किए हैं। उस दुकान से चोरी हुए 10 हजार रुपए बरामद नहीं हुए हैं। आरोपियों की पहचान सेक्टर-52 निवासी कबाड़ी रवि शंकर व धनास निवासी संदीप कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार रवि शंकर चोरी का सामान कबाड़ में खरीदता था। इनमें से आरोपी संदीप पर पहले भी मलोया, सेक्टर-11 व सारंपगुर थाने में चोरी के केस दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

    सेक्टर-7 पंचकूला के निवासी ओम प्रकाश गोयल ने पुलिस को दी शिकायत में कहा था कि उनकी मनीमाजरा स्थित गोविंदपुरा में दुकान है। उनकी शॉप से 30-31 मई की रात किसी ने रुपए, तौल मशीन, आधार कार्ड व पैन कार्ड चुरा लिया। इसी तरह पिंजौर के धर्मपुर निवासी ममन शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनकी मनीमाजरा के ठाकुर द्वारा रोड पर दुकान है। उनकी दुकान से भी 15 हजार कैश, आधार कार्ड, तांबे व पीतल की तारों के अलावा सीसीटीवी की डीवीआर भी चोरी हुई है। इन दोनों केसों में मनीमाजरा थाना पुलिस ने 31 की रात को FIR दर्ज की थी। इसके अलावा मनीमाजरा स्थित माड़ीवाला टाउन स्थित खान पेपर व स्क्रैप स्टोर के मालिक अरबाज की दुकान से 1-2 जून की रात को तांबा व कैश बॉक्स चोरी हुआ था।

    अरबाज के अनुसार 10 हजार के करीब नोटों की गड्डी के अलावा सिक्के थे। इस शिकायत पर मनीमाजरा थाने में 3 जून को FIR दर्ज की थी। जिसके बाद मनीमाजरा थाने के एसएचओ नीरज सरना की टीम ने उक्त तीनों चोरी की वारदातों में 5 किलो सिक्के, 40 किलो तांबा, ताले तोड़ने के लिए इस्तेमाल किया पेचकस व अन्य सामान बरामद करने के साथ-साथ एक एक्टिवा भी बरामद की। जो पुलिस जांच में पता चला कि आरोपियों ने सेक्टर-19 पंचकूला से चोरी किया था, लेकिन हैरानी की बात है कि चोरों ने 72 घंटों के अंदर-अंदर 27 हजार 500 रुपए खर्च कर दिए।

  • विश्व साइकिल दिवस पर फिटनेस के प्रति जागरुकता बढ़ाने के लिए साइक्लोथॉन का आयोजन, देखें वीडियो 

    विश्व साइकिल दिवस पर फिटनेस के प्रति जागरुकता बढ़ाने के लिए साइक्लोथॉन का आयोजन, देखें वीडियो 

    चंडीगढ़: विश्व साइकिल दिवस पर शनिवार को सेक्टर 42 कंम्यूनिटी सेन्टर से एक साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सी ई ओ अनिंदिता मित्रा की अध्यक्षता में आयोजित इस साइक्लोथॉन को अमृत उत्सव के अंतर्गत किया गया था। चंडीगढ़ नगर निगम के एम ओ एच की महिला कर्मियों ने हरी झंडी दिखा कर साइक्लोथॉन को रवाना किया। इस साइक्लोथॉन में नगर निगम के स्टाफ जो रोज साइकिल पर काम पर आते हैं एवंम बच्चे, युवा और वयस्कों ने भाग लिया। इस मौके निगम मेयर अनूप गुप्ता और एरिया पार्षद जसबीर सिंह बंटी सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित थे।

    मेयर अनूप गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि साइकल चलाना सभी आयु वर्गों और सभी शरीर के प्रकारों के लिए सबसे अच्छा हृदय-संबंधी (कार्डियो) व्यायाम है। यह कैलोरी जलाने में मदद करता है, वज़न नियंत्रण में रखता है, सहनशक्ति बनाने में मदद करता है और मांसपेशियों और हड्डी की शक्ति में वृद्धि करता है। यह तनाव से राहत देने वाला एक प्रमुख व्यायाम भी है, खासकर जब पार्क या भीड़भाड़ रहित सड़क जैसे अनुकूल माहौल में किया जाता है। नियमित साइकल चलाना आपके हृदय, फेफड़ों और रक्तप्रवाह को उत्तेजित करता है और हृदय संबंधित बीमारियों के आपके जोखिम को कम करता है।”

    एरिया पार्षद जसबीर सिंह बंटी ने बताया कि विश्व  साईकल दिवस पर साइक्लोथॉन के आयोजन उनके वार्ड में करवाए जाने के लिए वो नगर निगम कमिश्नर अनिंदिता मित्रा का आभार जताते हैं। बंटी ने बताया कि साइक्लोथॉन सेक्टरव 42 कम्युनिटी सेन्टर से होकर छोटे गोल चक्कर 42/43 अटावा चौक की ओर से होते हुए खुकरैन भवन से गुजरते हुए किसान भवन चौक से बत्रा राउंड अबाउट 36/37/23/24 से सेक्टर 36 / 37 लाइट्स से आगे 42/41/36/37 राउंडअबाउट और फिर छोटे राउंड अबाउट 42/41 से कम्युनिटी सेंटर सेक्टर 42 पर सम्पन्न हुई। उन्होंने आगे कहा कि लोगों को शारिरिक और मानसिक फिटनेस के प्रति सचेत करने की दिशा में यह एक प्रयास है। हालांकि मौजूदा समय में लोग फिटनेस के प्रति काफी जागरूक हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि आज के युग में हृदय रोग बड़ी चिंता है। प्राथमिक देखभाल और सावधानी के बारे में समाज में जागरूकता फैलाने के लिए साइक्लोथॉन
     से एक पहल की है। हमारी पहल हमारे परिवेश को तनाव मुक्त और स्वस्थ रखने के लिए है।”

  • आज से E-challan शुरू, जानें कहां जारी होगी जानकारी 

    आज से E-challan शुरू, जानें कहां जारी होगी जानकारी 

    चंडीगढ़: यूटी में 1 जून यानि आज से अब ई-चालान जारी किए जाएंगे। इसके लिए सूचना सीसीटीवी कैमरा, स्पीड राडार गन, हैंडीकैम उपकरण जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से या सोशल मीडिया आदि के माध्यम से प्राप्त जानकारी के आधार पर जारी की जाएगी। जनता को जानकारी देते गया है कि किसी भी यातायात उल्लंघन करने वाले वाहन के मालिक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर केवल एक एसएमएस के माध्यम से भेजा जाएगा। वाहन के मालिक के भौतिक पते पर अलग से कोई डाक चालान नहीं भेजा जाएगा।

    इसके अलावा, यह भी सूचित किया जाता है कि आम जनता अपने लंबित ट्रैफिक चालान के संबंध में वेबसाइट https://echallan.parivahan.gov.in पर जाकर और “गेट चालान विवरण” का चयन करके जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। आपके लंबित ट्रैफिक चालान की जांच के लिए लिंक “सेवा” टैब के तहत चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट के होमपेज पर भी उपलब्ध है।

    इसके अलावा, आम जनता को एतदद्वारा सलाह दी जाती है कि वे संबंधित पंजीकरण प्राधिकरण के पास या ऑनलाइन https://parivahan.gov.in/parivahan//en/content/vehicle-related-services पर जाकर आरसी विवरण के खिलाफ अपने नवीनतम मोबाइल नंबर को अपडेट करें। वाहन के पंजीकृत मालिक के नवीनतम पंजीकृत मोबाइल नंबर को अपडेट न करने के कारण किसी भी ट्रैफिक चालान के संबंध में सूचना नहीं देने के मामले में, चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस किसी भी तरह से जिम्मेदार नहीं होगी।