Category: Chandigarh

  • होटल की छत पर लगे मोबाइल टावर में लगी भीषण आग, देखें वीडियो

    होटल की छत पर लगे मोबाइल टावर में लगी भीषण आग, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः दरिया गांव से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक होटल की छत पर लगे मोबाइल टावर में भीषण आग लग गई। ​टावर में आग लगने के कारण आसमान में काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक देखा गया, जिससे इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों द्वारा घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई।
    ​घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। गनीमत यह रही कि आग को समय रहते काबू कर लिया गया और होटल की इमारत या आस-पास की संपत्तियों को कोई बड़ा नुकसान होने से बचा लिया गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।  
  • Punjab News: एक्शन में आई सरकार, दूध के 68 नमूने फेल, पनीर के 211 सैंपल जब्त

    Punjab News: एक्शन में आई सरकार, दूध के 68 नमूने फेल, पनीर के 211 सैंपल जब्त

    चंडीगढ़ः राज्य में पंजाब सरकार मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ एक्शन लेने के मूड में है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डा. बलबीर सिंह ने बताया कि पंजाब सरकार खाद्य सुरक्षा को लेकर लगातार सख्ती बरत रही है। इसी कड़ी में पूरे राज्य में पनीर सैंपलिंग अभियान चलाया गया। जहां दूध की जांच के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) पंजाब ने पूरे राज्य में 2 दिन का विशेष पनीर सैंपलिंग अभियान चलाकर 211 नमूने एकत्र किए हैं। ये नमूने स्थानीय डेयरियों, प्रोसेसिंग यूनिटों और शहरी-ग्रामीण क्षेत्रों के खुदरा बिक्री केंद्रों से लिए गए।

    सभी नमूनों को राज्य की मान्यता प्राप्त खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है, जहां मिलावट, अशुद्धता और गुणवत्ता मानकों के आधार पर जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि अगर कोई फूड बिजनेस आपरेटर तय मानकों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट-2006 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि पनीर अभियान से पहले 6 और 7 मई को राज्यभर में दूध सैंपलिंग अभियान चलाया गया था।

    उस दौरान 204 दूध के नमूने लिए गए थे। जांच रिपोर्ट में इनमें से 68 नमूने गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे, जबकि एक नमूना मानव उपभोग के लिए असुरक्षित पाया गया। इस खुलासे के बाद विभाग ने डेयरी उत्पादों की निगरानी और सख्त कर दी है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों तक सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री पहुंचाना है। एफडीए पंजाब की कमिश्नर कंवलप्रीत बराड़ ने कहा कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी केवल सैंपल लेने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि डेयरी संचालकों को स्वच्छता, भंडारण और सुरक्षित हैंडलिंग के नियमों के प्रति जागरूक भी कर रहे हैं।

  • CM Nayab Saini, Railway Tracks और Schools को बम से उड़ाने की मिली धमकी

    CM Nayab Saini, Railway Tracks और Schools को बम से उड़ाने की मिली धमकी

    चंडीगढ़ः पंजाब और चंडीगढ़ में पिछले काफी समय से सरकारी इमारतों और स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिल रही है। वहीं आज एक बार फिर से चंडीगढ़ में स्कूलों को बम से उड़ने की धमकी को लेकर ई-मेल सामने आई है। ई-मेल में चंडीगढ़ के स्कूल के साथ-साथ इस बार हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दफ्तर को भी उड़ने की धमकी दी गई है। वही रेलवे ट्रैक पर आईडी ब्लास्ट करने की धमकियां भी दी गई है। इस धमकी के आने के बाद चंडीगढ़ में स्कूलों को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है सर्च ऑपरेशन चल रहा है।

    मिली जानकारी के अनुसार ईमेल में दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) सेक्टर-40 और सेक्टर 25 चितकारा इंटरनेशन स्कूल में ब्लास्ट की धमकी दी गई। जिसके बाद पुलिस, बम स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा पूरे परिसर को खाली करवाकर जांच शुरू की गई। बम स्क्वाड और डॉग स्क्वाड ने स्कूल के हर हिस्से की तलाशी ली। कई घंटे चली जांच के बाद पुलिस को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

    बता दें कि चंडीगढ़ के स्कूलों को पहले भी ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं। इससे पहले भी शहर के कई स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि हर बार जांच के दौरान पुलिस को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। सिर्फ स्कूल ही नहीं, पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट, जिला अदालत, सेक्टर-43 बस स्टैंड और पासपोर्ट ऑफिस को भी पहले ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। इन मामलों में भी सुरक्षा एजेंसियों ने जांच और तलाशी अभियान चलाया था, लेकिन कहीं कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई।

  • करियाना कारोबारी 2 भाईयों पर चाकू से किया जानलेवा हमला, देखें वीडियो

    करियाना कारोबारी 2 भाईयों पर चाकू से किया जानलेवा हमला, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः मनीमाजरा स्थित शिव ठाकुरद्वारा मंदिर के पास बनी मार्केट में करियाना दुकान चलाने वाले 2 भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। वारदात उस समय हुई जब दुकानदार भाइयों ने एक युवक को उधार में सामान देने से मना कर दिया। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान 23 वर्षीय ओसामा और उसके भाई शादाब के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए सेक्टर-32 स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
    घायल युवकों के बड़े भाई जावेद के अनुसार नदीम नाम का युवक दुकान पर आया था। उसने दुकान के अंदर आकर कोल्ड ड्रिंक और खाने-पीने का सामान मांगा। जावेद ने बताया कि आरोपी एचडीएफसी बैंक के नजदीक रहता है, जबकि उसके कुछ साथी दुकान के बाहर खड़े थे। परिजनों का आरोप है कि नदीम पहले भी कई बार दुकान से उधार सामान लेकर जाता था। जब ओसामा और शादाब ने उसे उधार देने से मना किया तो दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि देर बाद नदीम अपने साथियों के साथ वापस आया और दोनों भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया।    
  • पुलिस और आरोपियों में मुठभेड़, ASI को गोली लगी, 3 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    पुलिस और आरोपियों में मुठभेड़, ASI को गोली लगी, 3 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः पुलिस और बदमाशों में गोलियां चलने की घटना सामने आई है। जहां देर रात पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ 5 राउंड फायरिंग कर दी। इस मुठभेड़ के दौरान एक गोली एएसआई केशव दहिया की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई। वहीं पुलिस की ओर से जवाबी एक्शन में 2 राउंड फायर किए। इसके बाद घेराबंदी कर टीम ने कपूरथला में गैंगस्टर सुक्खा काहलवां के करीबी गोपी निज्जर हत्याकांड में फरार चल रहे 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

    मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी धीरज कुमार के अुनसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर के अजय कुमार उर्फ जोबन और प्रभजोत के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से एक जिगाना पिस्टल, एक ग्लॉक पिस्टल और एक .32 बोर पिस्टल बरामद की गई है। ऑपरेशन सेल को सूचना मिली थी कि गोपी निज्जर हत्याकांड में वांछित आरोपी सेक्टर-43 बस स्टैंड के पास किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर निगरानी शुरू की। जैसे ही पुलिस ने आरोपियों को घेरने की कोशिश की, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस और बदमाशों के बीच करीब 7 राउंड गोलियां चलीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोच लिया।

    घटना के बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया। भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और अन्य सबूत कब्जे में लिए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। सूत्रों के मुताबिक आरोपियों पर लंबे समय से पुलिस की नजर थी और कई गंभीर मामलों में वांछित बताए जा रहे हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके गैंग नेटवर्क और शहर में संभावित वारदात की योजना के बारे में जानकारी जुटा रही है।

     

     

  • PM Modi की ईंधन बचाओ अपील का असर, साइकिल पर निकले CM Saini , देखें वीडियो

    PM Modi की ईंधन बचाओ अपील का असर, साइकिल पर निकले CM Saini , देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए विशेष सहयोग के आह्वान का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। इसी कड़ी में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक अनूठी पहल करते हुए साइकिल से सफर तय किया और जनता के बीच ‘स्वस्थ भारत, स्वस्थ हरियाणा’ का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए आम जनता से सहयोग की अपील की है। उन्होंने विपक्ष को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के इस राष्ट्रव्यापी आह्वान पर विपक्ष को भी राजनीति से ऊपर उठकर जनता के साथ मिलकर ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने में साथ आना चाहिए।

    मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक स्तर पर उठाए जा रहे कदमों की जानकारी देते हुए कहा, “हरियाणा में भी हमने केंद्र सरकार की गाइडलाइंस के अनुसार अपनी राज्य सरकार के स्तर पर SOP (मानक संचालन प्रक्रिया) जारी कर दी है।” पर्यावरण संरक्षण और ईंधन की बचत को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने अब वर्चुअल मीटिंग के साथ-साथ ‘वर्क फ्रॉम होम’ (घर से काम करने) जैसे विकल्पों को भी अपनाने का फैसला किया है, जिससे यातायात और प्रदूषण को कम करने में मदद मिलेगी।

    गौरतलब है कि पीएम मोदी ने हालही में देश से ईंधन बचाने और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने की अपील की थी। पीएम मोदी की इस अपील के बाद देश के कई राज्यों के सीएम ने अपनी कारों का काफिला छोटा कर दिया था। खुद पीएम मोदी का काफिला भी छोटा हुआ था। इसके अलावा तमाम राज्यों के मंत्रियों और बड़े अधिकारियों ने भी अपना काफिला छोटा किया था।

    दिल्ली सरकार की सीएम और अन्य मंत्री तो दिल्ली मेट्रो में सफर करते हुए नजर आए थे। बीजेपी नेताओं ने भी अपने काफिले को छोटा करते हुए पब्लिक ट्रांसपोर्ट और इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल में सफर करना शुरू किया था। वहीं विपक्ष ने पीएम मोदी की अपील के बाद पीएम मोदी पर ही निशाना साधा था और कहा था कि पीएम, देश को बताएं कि ऐसी कौन सी वजह है, जिसको लेकर पीएम मोदी को देशवासियों से इस तरह से अपील करनी पड़ रही है।

  • कैप्टन अमरिंदर सिंह के घर पर पहुंचे बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों

    कैप्टन अमरिंदर सिंह के घर पर पहुंचे बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों

    चंडीगढ़ः राधा स्वामी सत्संग ब्यास के मुखी बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लो आज पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के चंडीगढ़ स्थित निवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने कैप्टन अमरिंदर सिंह और उनकी बेटी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कैप्टन अमरिंद सिंह का हाल-चाल जाना। इस बेहद खास और पारिवारिक मुलाकात के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह की बेटी और भाजपा नेता जय इंदर कौर ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की।

    उन्होंने लिखा कि राधा स्वामी सत्संग ब्यास के पूजनीय मुखी, बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लो आज चंडीगढ़ में हमारे घर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मेरे पिता, कैप्टन अमरिंदर सिंह की सेहत को लेकर हाल-चाल जाना, जिसके लिए हम बाबा गुरिंदर ढिल्लों का घर में चरण स्पर्श करने और अपना आशीर्वाद देने के लिए दिल से धन्यवाद करते हैं।

  • Cabinet Minister Baltej Pannu ने जसकरणजीत सिंह की गिरफ्तारी को लेकर शिअद पर साधे निशाने, देखें Live

    Cabinet Minister Baltej Pannu ने जसकरणजीत सिंह की गिरफ्तारी को लेकर शिअद पर साधे निशाने, देखें Live

    चंडीगढ़ः आम आदमी पार्टी के कैबिनेट मंत्री बलतेज पन्नू ने हाल ही में पोक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार हुए शिरोमणि अकाली दल के हलका दाखा के प्रभारी जसकरणजीत सिंह देओल को लेकर शिअद पर जमकर निशाने साधे। प्रेस कांफ्रैंस दौरान उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि अकाली दल बादल ऐसे हीरे राजनीति में लेकर आ रहा है जो गैंगस्टरों के परिवार से संबंध रखते हैं जिसका उदाहरण तरनतारन हलका इंचार्ज और खंडूर साहिब के हलका इंचार्ज है जो गैंगस्टर के परिवार से संबंधी हैं। इसी के साथ मोगा में भी पिछले दिनों एक व्यक्ति पकड़ा गया जो शिरोमणि अकाली दल का आगू नेता है। उन्होंने सख्त लहजे से कहा, सुखबीर बादल के पास पता नहीं कौनसी मशीन है जो ऐसे लोगों को पंजाब के लोगों पर थोप रही है। इसी के साथ उन्होंने सुखबीर बादल की एक पुरानी वीडियो क्लिप भी दिखाई जिसमें हाल ही में गिरफ्तार हुए हलका दाखा के प्रभारी जसकरणजीत सिंह देओल की सुखबीर बादल तारीफ करते नजर आ रहे हैं। इसी के साथ उन्होंने जसकरणजीत के साथ सुखबीर बादल की फोटोज भी दिखाई।

    उन्होंने बताया कि लुधियाना के एक व्यक्ति ने जसकरणजीत सिंह पर आरोप लगाए हैं कि वह उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर साथ ले गया, क्योंकि उसकी पत्नी के साथ जमीन-जायदाद बहुत थी। उसके बाद महिला की बेटी के साथ भी दुष्कर्म के आरोप थे और उसे गिरफ्तार करने की मांग की। जिसके बाद कई अकाली नेताओं ने जसकरणजीत को बचाने के लिए पुलिस पर दबाव भी बनाए, लेकिन तब तक केस दर्ज हो चुका था और अब वे गिरफ्तार हो गया है। कहीं गैंगस्टरों की पत्नी को हलका इंचार्ज बनाया जा रहा है और कहीं कोई आरोपी शिअद का नेता बन रहा है, लेकिन इस पर कोई अन्य पार्टी भी नहीं बोल रही है।

    उन्होंने कहा कि क्या शिअद का यही मक्सद है कि वह आरोपियों को टिकटें दे और उन्हें राजनीति में लाए। इतना सब हो जाने के बाद अभी भी जसकरणजीत सिंह हलका दाखा का इंचार्ज ही है और इस पर सुखबीर बादल ने कुछ बोला तक नहीं। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि सुखबीर बादल 117 ऐसे मैंबरों को ही लाकर अकाली दल बादल पंजाब की सत्ता पर काबिज होने की फिराक में है। इस पर कड़ा संज्ञान लेने की जरूरत है।

     

  • Petrol-Diesel संकट को लेकर पंप पर लगे Poster, बाइक-स्कूटी को 500 और फोर-व्हीलर को मिलेगा इतने रुपए का तेल

    Petrol-Diesel संकट को लेकर पंप पर लगे Poster, बाइक-स्कूटी को 500 और फोर-व्हीलर को मिलेगा इतने रुपए का तेल

    चंडीगढ़ः पेट्रोल-डीजल संकट को लेकर पंप पर पोस्टर लगे है। जहां पंप पर लगे पोस्टर में वाहनों में पेट्रोल-डीजल भरवाने की सीमा तय कर दी गई है। अब शहर के पेट्रोल पंपों पर टू-व्हीलर में एक बार में अधिकतम 500 रुपए और फोर-व्हीलर में 1500 रुपए तक का ही पेट्रोल या डीजल मिलेगा। चंडीगढ़ में करीब 47 पेट्रोल पंप हैं, लेकिन अभी पोस्टर सिर्फ सेक्टर-17 स्थित पेट्रोल पंप एचजी पेट्रो केयर पर लगाए गए हैं। पंप के मुलाजिम उजगार सिंह ने बताया कि हमारे पास पीछे से पेट्रोल की सप्लाई कम हो रही है। ऐसे में हमारी कोशिश यह है कि सभी ग्राहकों को तेल मिल पाए।

    Read in English: India To Face Another Fuel Price Hike?

    जिसके चलते यह फैसला लिया गया है। आज से ही फैसला लागू हुआ। लोगों को कोई दिक्कत न आए। इसके चलते पेट्रोल पंप के सामने इस संबंधी लिख दिया गया। सुबह से ही उसी हिसाब से पेट्रोल और डीलज लोगों को मुहैया करवाया जा रहा है। गाड़ी में पेट्रोल डलवाने आए राजेश शर्मा ने कहा कि पेट्रोल पर 1500 रुपए तक की कैंपिंग का फैसला बहुत सही है। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति की गाड़ी में तय सीमा में पेट्रोल होगा तो वह उतनी ही गाड़ी घुमाएगा। मेरा मानना है कि इससे लोगों का ही फायदा होगा।

     

  • Haryana News: PM Modi के आह्वान का असर, Cycle पर विधानसभा पहुंचे खेल मंत्री गौरव गौतम

    Haryana News: PM Modi के आह्वान का असर, Cycle पर विधानसभा पहुंचे खेल मंत्री गौरव गौतम

    चंडीगढ़ः हाल ही में जंग के चलते पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा लोगों को पेट्रोल डीजल कम मात्रा में प्रयोग करने का आह्वान किया था। इस दौरान उन्होंने अपना सुरक्षा काफिला भी कम कर दिया है। इसी कड़ी में हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “पेट्रोल-डीजल बचाओ” संदेश का समर्थन करते हुए साइकिल से विधानसभा पहुंचे। उनकी इस पहल की काफी चर्चा हो रही है और इसे पर्यावरण संरक्षण व फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला कदम माना जा रहा है।

    इस दौरान गौरव गौतम ने कहा कि आज के समय में बढ़ते प्रदूषण और ईंधन की खपत को कम करने के लिए लोगों को छोटी दूरी तय करने में साइकिल का अधिक इस्तेमाल करना चाहिए। साइकिल चलाना न केवल पेट्रोल-डीजल की बचत करता है, बल्कि यह शरीर को फिट और स्वस्थ रखने का सबसे आसान और प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से साइकिल चलाने से शरीर को अच्छी एक्सरसाइज मिलती है, जिससे व्यक्ति कई गंभीर बीमारियों से दूर रह सकता है। खासकर युवाओं को मोबाइल और डिजिटल लाइफस्टाइल से बाहर निकलकर फिटनेस पर ध्यान देना चाहिए। साइकिलिंग से शरीर सक्रिय रहता है और मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर होता है।

    गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देशवासियों से ईंधन बचाने और पर्यावरण संरक्षण की अपील करते रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कई मंचों से लोगों को सलाह दी है कि छोटी दूरी के लिए पैदल चलें या साइकिल का इस्तेमाल करें ताकि पेट्रोल-डीजल की खपत कम हो सके और प्रदूषण पर भी नियंत्रण पाया जा सके। उन्होंने कहा कि “फिट इंडिया” और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाना समय की जरूरत है। खेल मंत्री ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने दैनिक जीवन में साइकिल को शामिल करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।