Category: Chandigarh

  • रोज गार्डन के अंडरब्रिज में लटकता मिला व्यक्ति का शव, मचा हड़कंप, सुसाइड नोट बरामद

    रोज गार्डन के अंडरब्रिज में लटकता मिला व्यक्ति का शव, मचा हड़कंप, सुसाइड नोट बरामद

    चंडीगढ़ः सेक्टर-16 रोज गार्डन के अंडरब्रिज में आज सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। यहां अंडर ब्रिज में लोहे की ग्रिल से व्यक्ति रस्सी के फंदे से लटक रहा था। राहगीर ने मामले की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम में दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सेक्टर-17 थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जीएमएसएच-16 पहुंचाया। मृतक की पहचान सेक्टर-19 में रहने वाले 42 वर्षीय जसबीर सिंह के तौर पर हुई है। जसबीर सिंह मूलरूप से पंजाब के जिला तरनतारन के गांव नाथू चक्क का रहने वाला था।

    पुलिस ने शव को जीएमएसएच-16 की मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक की गाड़ी से सुसाइड नोट भी मिला है। उसकी गाड़ी वहीं पास में सड़क किनारे खड़ी थी। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह 6.36 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में घटना की सूचना मिली थी। सूचना देने वाले ने बताया कि सेक्टर-16 रोज गार्डन के अंडर ब्रिज में व्यक्ति का शव फंदे से लटका हुआ है। उसने रस्सी के सहारे फंदा लगाया हुआ है। 

    सूचना मिलने के बाद सेक्टर-17 थाना पुलिस से जांच अधिकारी असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर धर्म सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। पुलिस कर्मियों ने रस्सी खोलकर शव को नीचे उतारा दिया। व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। उसके गले पर रस्सी के गहरे निशान भी थे। वहीं, जीएमएसएच-16 में डाक्टर की तरफ से व्यक्ति के मौत की पुष्टि के बाद शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है।

    पुलिस की जांच में सामने आया कि मृतक जसबीर अपनी पंंजाब नंबर PB 46 Y 6622 की आइ 20 कार से रोज गार्डन में आया था। उसने अपनी गाड़ी पार्क कर अनलाक ही छोड़ दी थी। कार के अंदर पुलिस को चाबी, पंजाबी में लिखा सुसाइड और कुछ कपड़े भी मिले हैं। सुसाइड नोट पर मृतक ने अपनी मौत का जिम्मेदार खुद को ही बताया है। पुलिस ने सुसाइड नोट और कार को भी कब्जे में ले लिया है और उसके घरवालों से संपर्क किया जा रहा है। 

  • ट्राईसिटी कैब एसोसिएशन ने किया हड़ताल का ऐलान, राजभवन का करेंगे घेराव

    ट्राईसिटी कैब एसोसिएशन ने किया हड़ताल का ऐलान, राजभवन का करेंगे घेराव

    चंडीगढ़ः ट्राईसिटी कैब एसोसिएशन ने अपनी मांगों को लेकर आज (26 सितंबर) को हड़ताल का ऐलान किया है। चंडीगढ़ समेत पंचकूला और मोहाली में आने जाने के लिए आज लोगों को कैब और टैक्सी नहीं मिलेगी। एसोसिएशन अपनी मांगों को लेकर राजभवन का घेराव करेंगे। ट्राईसिटी कैब एसोसिएशन अवैध तरीके से चलने वाली बाइक टैक्सियों और कारों पर कार्रवाई नहीं किए जाने से नाराज है। ऐसे में एसोसिएशन से जुड़े कैब चालक मोहाली के फेज-8 में मोहाली-चंडीगढ़ बॉर्डर पर जुटे हुए हैं। इनका कार्यक्रम चंडीगढ़ स्थित पंजाब राजभवन के घेराव करने का है।

    प्रशासन और पुलिस अलर्ट है। कैब चालकों की नारेबाजी लगातार जारी है। एसोसिएशन का कहना है कि वह कई बार चंडीगढ़ की स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (STA) को शिकायत कर चुके हैं। इसके बावजूद धड़ल्ले से बिना रोक-टोक के अवैध टैक्सियां चल रही हैं। इनमें कुछ ऐप आधारित बाइक टैक्सी और कारें हैं, जिन्हें STA ने मंजूरी नहीं दी, फिर भी वे ट्राइसिटी में दौड़ रही हैं। इनके चलते रजिस्टर्ड कैब चालकों का व्यापार खराब हो रहा है। एसोसिएशन का कहना है कि ट्राईसिटी में 10 हजार से ज्यादा अवैध बाइक, टैक्सी और कारें चल रही हैं। निजी गाड़ी के रूप में रजिस्ट्रेशन करवा कर इन्हें टैक्सियों के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। ऐसी अवैध टैक्सियों में यात्री भी सुरक्षित नहीं।

  • पंजाब में मिली भगौड़े अब्बास अंसारी की आखिरी लोकेशन, पाकिस्तान भागने की फिराक में था विधायक का बेटा

    पंजाब में मिली भगौड़े अब्बास अंसारी की आखिरी लोकेशन, पाकिस्तान भागने की फिराक में था विधायक का बेटा

    राजनीतिक संरक्षण देने में एक पूर्व मंत्री का नाम आया सामने 

    चंडीगढ़। शस्त्र लाइसेंस के दुरुपयोग मामले में भगोड़ा घोषित मुख्तार अंसारी का विधायक बेटा अब्बास अंसारी पाकिस्तान भागने की फिराक में है। एटीएस और लखनऊ पुलिस को उसकी पंजाब में आखिरी लोकेशन मिली है। वह पंजाब के रास्ते पड़ोसी मुल्क में शरण लेना चाहता है। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार सपा विधायक अब्बास को भगोड़ा घोषित कर चुकी है। उल्लेखनीय है कि अब्बास की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही पुलिस के अनुसार, शायद पंजाब में उसे राजनीतिक संरक्षण दिया जा रहा है।

     इस मामले में सूबे के एक पूर्व मंत्री का नाम भी सामने आया है। इससे पहले मुख्तार अंसारी के रोपड़ जेल में बंद होने के दौरान उसके लिए खास इंतजाम किए गए थे। इसका खुलासा सूबे के जेल मंत्री हरजोत सिंह बैंस सदन में कर चुके हैं। बता दें कि लखनऊ पुलिस विधायक अब्बास अंसारी की गाजीपुर स्थित संपत्ति कुर्क को करने के लिए नोटिस चस्पा कर दिया है। लखनऊ की महानगर पुलिस ने अब्बास को भगोड़ा घोषित करने की अर्जी 11 अगस्त को कोर्ट में दी थी। कोर्ट ने अर्जी खारिज करते हुए 25 अगस्त तक उसको पेश करने को कहा था, लेकिन वह पेश नहीं हुआ, जिसके बाद उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया।

  • पीएम मोदी का ऐलानः शहीद भगत सिंह के नाम पर रखा जाएगा चंडीगढ़ हवाई अड्डे का नाम

    पीएम मोदी का ऐलानः शहीद भगत सिंह के नाम पर रखा जाएगा चंडीगढ़ हवाई अड्डे का नाम

    चंडीगढ़। चंडीगढ़ एयरपोर्ट का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखा जाएगा। यह एलान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात में किया। मोदी ने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी को श्रद्धांजलि के रूप में, यह निर्णय लिया गया है कि चंडीगढ़ हवाई अड्डे का नाम अब शहीद भगत सिंह के नाम पर रखा जाएगा। इस हवाई अड्डे के नाम को लेकर पंजाब और हरियाणा के बीच लंबे समय से विवाद बना हुआ था, क्योंकि इसके निर्माण में केंद्र सरकार के अलावा पंजाब और हरियाणा की भी हिस्सेदारी है। केंद्र सरकार इस हवाई अड्डे का नाम चंडीगढ़ एयरपोर्ट ही प्रचारित करती रही है, जबकि पंजाब सरकार इसे मोहाली इंटरनेशनल एयरपोर्ट बताती रही।

    वर्ष 2007 में भगत सिंह के जन्म शताब्दी समारोह पर पंजाब सरकार की ओर से चंडीगढ़ हवाई अड्डे का नामकरण शहीद-ए-आजम भगत सिंह करने की घोषणा की गई थी। वहीं, हरियाणा सरकार इस हवाई अड्डे का नाम मंगलसेन पर रखना चाहती थी।

    इस नाम पर पंजाब और हरियाणा के बीच कभी सहमति नहीं बन सकी। दोनों राज्यों के बीच यह मामला पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट तक भी पहुंचा, जहां दोनों राज्यों को मिल-बैठकर मसला सुलझाने की हिदायत दी गई। इसके बाद अगस्त में चंडीगढ़ के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम शहीद-ए-आजम भगत सिंह के नाम पर रखे जाने पर पंजाब और हरियाणा सहमत हो गए। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के बीच इस मुद्दे पर सहमति बनी।

  • पंजाब: सरकार को विधानसभा सेशन बुलाने की मिली अनुमति

    पंजाब: सरकार को विधानसभा सेशन बुलाने की मिली अनुमति

    चंडीगढ़। पंजाब सरकार और राज्यपाल में 27 सितंबर को होने वाले विधानसभा सेशन को लेकर अब गर्मा गर्मी खत्म हो गई है। राज्यपाल ने सरकार के अनुरोध को स्वीकार करते हुए उन्हें सेशन बुलाने की अनुमति दे दी है। यानि कि अब 27 सितंबर को सुबह 11 बजे सेशन होगा। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से पंजाब सरकार और गवर्नर के बीच तकरार काफी बढ़ता जा रहा था। दरअसल पहले तो सेशन की मंजूरी रद्द करने को लेकर पंजाब सरकार नाराज थी। जिसके बाद राज्यपाल ने 27 सितंबर को होने वाले सेशन का ब्यौरा मांगा तो सरकार की नाराजगी और बढ़ गई। आप ने राज्यपाल द्वारा प्रस्तावित विधानसभा सत्र के दौरान होने वाले विधायी कार्य का विवरण मांगने की कड़ी आलोचना की और कहा कि राज्यपाल कार्यालय पंजाब सरकार के काम में लगातार हस्तक्षेप कर लोगों की चुनी हुई सरकार को स्वतंत्र रूप से काम करने से रोक रहा है।

  • 26 को सभी स्कूल और दफ्तर रहेंगे बंद , आदेश जारी 

    26 को सभी स्कूल और दफ्तर रहेंगे बंद , आदेश जारी 

    चंडीगढ़ः पंजाब में महाराजा अग्रसेन जयंती को लेकर प्रशासन ने आदेश जारी किए है। जारी आदेशों के मुताबिक चंडीगढ़ में 26 सितंबर को सरकारी छुट्टी का ऐलान किया गया है। बताया जा रहा है कि यह छुट्टी महाराजा अग्रसेन जयंती के  मौके पर की गई है। इस संबंधित चंडीगढ़ यूटी प्रशासन द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है। प्रशासन ने 15 दिसंबर 2021 की नोटिफिकेशन में आंशिक बदलाव करते हुए इस छुट्‌टी का ऐलान किया गया है। प्रशासन ने कहा है कि इस दौरान सभी सरकारी ऑफिसों, बोर्ड, कोरपोरेशन, इंस्टिट्यूट और इंडस्ट्रियल संस्थाओं में अवकाश रहेगा।

    प्रशासन के होम विभाग की ओर से होम सेक्रेटरी नितिन कुमार यादव ने यह आदेश जारी किए हैं। बता दें कि महाराजा अग्रसेन एक कर्मयोगी लोकनायक, समाजवाद के प्रणेता, युग पुरुष, तपस्वी, राम राज्य के समर्थक एवं महादानी थे। उनका जन्म द्वापर युग के अंत व कलयुग के प्रारंभ में हुआ था। वह भगवान श्री कृष्ण के समकालीन थे। महाराजा अग्रसेन का जन्म अश्विन शुक्ल प्रतिपदा हुआ, जिसे अग्रसेन जयंती के रूप में मनाया जाता है।

  • 2 देसी कट्टे सहित 20 साल के युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार 

    2 देसी कट्टे सहित 20 साल के युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार 

    चंडीगढ़ः पुलिस ने एक युवक को दो देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को आरोपी के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसके पकड़ने के लिए ट्रैप लगाया और उसे कजेहड़ी के पास गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 20 वर्षीय मुन्ना के तौर पर हुई है। सेक्टर-36 पुलिस स्टेशन में आरोपी मुन्ना के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार एएसआई राजेश कुमार के नेतृत्व में उनकी टीम ने आरोपी मुन्ना को दो देसी पिस्टल और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।

    पुलिस ने सूचना के आधार पर कजहेड़ी के पास नाकाबंदी की थी। तभी पैदल आ रहे युवक को देख पुलिस को उसपर शक हुआ। युवक के पास एक पीट्ठू बैग था, जिसकी तलाशी लेने पर उसमें से दो देसी कट्टे और दो कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी युवक को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवक मुन्ना गांव कजेहड़ी का ही रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी मुन्ना से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह ये देसी कट्टे बिहार से लेकर आया था। पुलिस आरोपी युवक को कोर्ट में पेश करेगी।

    अदालत में पेश करने के बाद पुलिस उसे रिमांड पर लेकर यह जानने की कोशिश करेगी कि आरोपित इन देसी पिस्टल का कहां इस्तेमाल करना वाला था। या इन्हें किसी दूसरे को आगे सप्लाई करना था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे बरामद हथियारों को भी अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस आरोपी मुन्ना के पुराना क्रिमिनल रिकार्ड भी खंगाल रही है। 

  • दो साल बाद बंद होगी पेट्रोल बाइक, सिर्फ EV का होगा पंजीकरण, प्रशासन ने दी मंजूरी 

    दो साल बाद बंद होगी पेट्रोल बाइक, सिर्फ EV का होगा पंजीकरण, प्रशासन ने दी मंजूरी 

    चंडीगढ़ः प्रशासन ने शहर में प्रदूषण के स्तर को कम करने के लिए इलेक्ट्रिक वाहन नीति की अधिसूचना जारी कर दी है। नीति में पांच वर्षों के लिए लक्ष्य तय किया गया है। दो साल में पेट्रोल मोटरसाइकिल बंद हो जाएंगी। सिर्फ ई-बाइकों का ही पंजीकरण होगा। पांच वर्षों में पेट्रोल-डीजल की कारों को भी आधा करने की तैयारी है। नया ई-वाहन खरीदने पर लोगों को तीन हजार से लेकर दो लाख तक का इंसेंटिव भी मिलेगा। पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित की तरफ से नीति को मंजूरी देने के बाद प्रशासन ने मंगलवार को अधिसूचना जारी कर दी। सलाहकार धर्मपाल ने नीति के फायदे गिनाए और कहा कि पहले पांच वर्ष के लिए ये नीति बनाई गई है। इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने वाले लोगों के लिए कई तरह के इंसेंटिव का प्रावधान किया गया है, जिसमें ई-साइकिल, ई-टू व्हीलर, ई-कार्ट, ई-ऑटो और ई-फोर व्हीलर शामिल हैं। 

    प्रशासन ने कहा कि साल दर साल पेट्रोल-डीजल के वाहनों की संख्या को घटाया जाएगा। तय कर दिया गया है कि प्रति वर्ष एक तय प्रतिशत में ही डीजल-पेट्रोल वाहनों का पंजीकरण होगा, उसके बाद सिर्फ ईवी का पंजीकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से फेम-2 स्कीम से भी अधिक इंसेंटिव शहर में दिया जा रहा है। ये केवल चंडीगढ़ में पंजीकृत होने वाले वाहनों को ही मिलेगी। हर सेक्टर में चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। अभी तक ईवी पर इंसेंटिव देने की अधिकतम सीमा 75 हजार रुपये थी, इसे बढ़ाकर डेढ़ लाख रुपये किया गया है। कॉमर्शियल वाहनों पर अधिकतम इंसेंटिव दो लाख रुपये मिलेगा। बिल्डिंग बायलॉज में भी संशोधन किया जाएगा, ताकि नई इमारतों में चार्जिंग स्टेशन के लिए घर की पार्किंग की 20 फीसदी जगह आरक्षित हो। नीति के अनुसार जिसके घर में चार ईवी होंगे, उन्हें अनिवार्य रूप में चार्जिंग स्टेशन लगवाना होगा। इसके लिए भी लोगों को इंसेंटिव दिया जाएगा। पहले 30 हजार चार्जिंग प्वाइंट्स के लिए 6000 रुपये की छूट मिलेगी। 

    प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल ने बताया कि ईवी खरीदने के बाद लोगों को सबसे पहले उसे आरएलए में पंजीकरण कराना होगा। उसके बाद नीति के तहत इंसेंटिव पाने के लिए उन्हें सेक्टर-19 स्थित पर्यावरण विभाग या विभाग की वेबसाइट से एक फॉर्म डाउनलोड करना होगा। फॉर्म को भरकर पर्यावरण विभाग में जाकर जमा कराना होगा। फिलहाल ये व्यवस्था ऑफलाइन है लेकिन इसे जल्द ही ऑनलाइन कर दिया जाएगा। इसके लिए एक वेबसाइट बनाई जा रही है। आवेदन करने के 15 दिन के अंदर लोगों के खाते में पैसा पहुंच जाएगा। 

    घर से बाहर ईवी को चार्ज करने के लिए प्रशासन पूरे शहर में 100 चार्जिंग स्टेशन बनाएगा। योजना के अनुसार सभी पार्किंग में एक-एक चार्जिंग स्टेशन होगा। वर्तमान में सेक्टर-19 के कम्युनिटी हॉल पार्किंग एरिया, सेक्टर-24ए में पब्लिक पार्किंग एरिया, सेक्टर-50 के बिजनेस कॉलेज, सेक्टर-42 के पॉम गार्डन, सारंगपुर के बोटेनिकल गार्डन, सेक्टर-31ए के जैपनीज गार्डन में दो और सेक्टर-42 की लेक पार्किंग में चार्जिंग स्टेशन बनाए गए हैं। दावा किया गया है कि साल के अंत तक 44 जगहों पर स्टेशन बना दिए जाएंगे।

  • कंज्यूमर कमीशन ने Yes Bank को जुर्माना देने के दिए आदेश, जाने मामला 

    कंज्यूमर कमीशन ने Yes Bank को जुर्माना देने के दिए आदेश, जाने मामला 

    चंडीगढ़ः पहली बार अकेले अमेरिका गई 17 साल की लड़की को यस बैंक की गलती से मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बैंक द्वारा जारी किया गया डेबिट कार्ड विदेश में काम नहीं करता था। ऐसे में चंडीगढ़ में बैठी मां को विदेश में फंसी अपनी बेटी के लिए पैसों का इंतजाम करने के लिए भटकना पड़ा। चंडीगढ़ कंज्यूमर कमीशन ने बैंक पर सेवा में लापरवाही और अनुचित कारोबारी व्यवहार में लिप्त होने का आरोप लगाया है।  

    शिकायतकर्ता को मानसिक पीड़ा और शोषण के कारण बैंक को हर्जाने के रूप में 5000 रुपये और अदालती खर्च के रूप में 5000 रुपये का भुगतान करने का आदेश दिया गया है। आयोग ने कहा कि पहली बार अपनी बेटी को अकेले विदेश भेजने वाली मां बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में लापरवाही नहीं कर सकती। साथ ही, उसने बैंक को यह नहीं बताया होगा कि कार्ड अमेरिका में काम नहीं कर रहा है।

    ऐसे में बैंक को उचित सेवा नहीं देने पर हर्जाना देने को कहा गया है। सेक्टर-9डी, चंडीगढ़ निवासी 17 वर्षीय जाह्नवी कपूर और उनकी मां मालविका कपूर ने अपने एमडी और ब्रांच मैनेजर के जरिए सेक्टर-9सी स्थित यस बैंक शाखा को पार्टी बनाया।

  • सावधान: ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, आज बंद रहेंगी शहर की ये मेन रोड़ 

    सावधान: ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, आज बंद रहेंगी शहर की ये मेन रोड़ 

    चंडीगढ़ः आज चंडीगढ़ में मुख्य सड़क पर वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह से रोक दिया गया है। चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस की तरफ से बकायदा सड़क को बंद करने को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है। जिस सड़क को बंद किया गया है वह शहर की मुख्य सड़क है।वहीं ट्रैफिक पुलिस की तरफ से लोगों को हिदायत दी गई है कि दूसरे वैकल्पिक रास्तों को अपनाएं। क्योंकि यह सड़क आज पूरा दिन बंद रहेगी। ऐसे में जान लिजिए कहीं आप इस रोड से गुजरने वाले हों और आगे आपको यह रोड बंद मिलेगी।

    इससे वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है। चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस की तरफ से बताया गया है कि पीजीआइ चंडीगढ़ से खुड्डा लाहौरा होते हुए न्यू चंडीगढ़ की तरफ जाने वाली सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने इस संबंध में ट्वीट भी किया है, जिसमें बताया गया है कि यह मुख्य सड़क आज बंद रहेगी। यह सड़क खुड्डा लाहौरा में बंद की गई है।

    ट्रैफिक पुलिस की तरफ से यह बताया गया है कि शहर में लॉ एंड आर्डर को देखते हुए इस सड़क को बंद किया गया है। सड़क को खुड्डा लाहौरा गुरुद्वारा के पास बने बीट बाक्स से लेकर खुड्डा लाहौरा पुल तक पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। यहां पुलिस जवानों को भी तैनात कर दिया गया है। ऐसे में वाहन चालकों से यह भी अपील की गई है कि इस सड़क के गुजरने के बजाय दूसरे रास्तों को अपनाएं।