Category: National

  • झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रांची जेल से रिहा

    भूमि घोटाला मामले में मिली है जमानत

    रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को रांची हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। पूर्व सीएम को जमीन घोटाले में मामले में ची हाई कोर्ट ने जमानत दे दी है। निचली अदालत में हेमंत सोरेन के अधिवक्ता की ओर से बेल बांड भरे जाने सहित अन्य प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें जेल से रिहा किया गया है। जमीन घोटाला मामले में आरोपी बनाए गए हेमंत सोरेन के जेल से बाहर आने की तस्वीर भी सामने आई है। जिसमें उन्हें सफेद दाढ़ी और कंधे पर गमछा डाले हुए देखा जा सकता है। जेल से बाहर आने के दौरान उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं। इसके अलावा उन्होंने अपने कंधे पर गमछा भी रखा हुआ था। इस दौरान हेमंत के समर्थक जमकर नारेबाजी करते रहे। बता दें कि इससे पहले हेमंत सोरेन को हाईकोर्ट ने शुक्रवार को ही जमानत दे दी थी। इस मामले में जेल गए थे पूर्व CM पूर्व सीएम हेमंत सोरेन को ईडी ने गिरफ्तार किया था। उन पर जमीन घोटाले का आरोप लगाया गया था। बड़गाई अंचल में यह 8.86 एकड़ भूमि है, जिस पर अवैध कब्जे का आरोप हेमंत पर लगाया गया था। इस मामले में सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने आज हेमंत को जमानत दे दी। इससे पहले बीती 13 जून को हुई सुनवाई में कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था। वहीं, अब हेमंत करीब 151 दिन बाद जेल से बाहर आए हैं।
  • NEET पेपर लीक मामले में CBI का बड़ा एक्‍शन, दो लोग और गिरफ्तार

    नई दिल्‍ली। NEET पेपर लीक मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने मामले से जुड़े दो लोग को और गिरफ्तार किया है। मामले में ओएसिस स्कूल के प्रिंसिपल डॉ एहसान-उल-हक और सेंटर सुप्र‍िटेंडेट इम्त‍ियाज को आज ग‍िरफ्तार कर लिया। डॉ एहसान नीट एग्जाम हजारीबाग के डिस्ट्र‍िक कोऑर्ड‍िनेटर भी थे। सीबीआई की टीम ने पहले एहसान-उल-हक से इसी गेस्ट हाउस में पूछताछ की। जानकारी के अनुसार सीबीआई पिछले चार दिनों से हजारीबाग में पेपर लीक मामले की जांच कर रही है। आज जांच के बाद टीम ने प्रिंसिपल एहसान उल हक को हिरासत में ले लिया था।

    पटना से हुई थी मामले में पहली गिरफ़्तारी
    27 जून को नीट यूजी के पेपर लीक मामले में सीबीआई ने पहली गिरफ़्तारी पटना से की थी। जिसमें दो लोगों को हिरासत में लिया था। अधिकारियों ने बताया था कि मनीष कुमार और आशुतोष कुमार ने कथित तौर पर परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों को सुरक्षित जगह उपलब्ध करवाया था।

  • सरकार का ऐलान, Petrol-Diesel होगा सस्ता, महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 1500 रुपए

    मुबंईः महाराष्ट्र में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले शिंदे सरकार ने राज्य के लोगों के लिए अपना खजाना खोल दिया। डिप्टी सीएम अजीत पवार ने विधानसभा में बजट पेश करते हुए पेट्रोल और डीजल पर टैक्स घटाने का ऐलान किया। साथ ही महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये मिलेंगे। महिलाओं को ये पैसे जुलाई से मिलने लगेंगे।

    उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने शुक्रवार को बजट पेश करते हुए कहा कि मुंबई में डीजल पर टैक्स 24 प्रतिशत से घटाकर 21 प्रतिशत किया जा रहा है, जिससे डीजल की कीमत में प्रभावी रूप से 2 रुपये प्रति लीटर की कमी आएगी। वहीं, पेट्रोल पर टैक्स 26 फीसदी से घटाकर 25 फीसदी कर दिया गया, जिससे पेट्रोल के दाम 65 पैसे प्रति लीटर कम हो जाएंगे। डिप्टी सीएम अजित पवार ने मुख्यमंत्री माझी लड़की बहिन योजना की घोषणा की। इस स्कीम के तहत सभी महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे। यह योजना जुलाई 2024 से लागू होगी।

    यानी अगले महीने से लाभार्थियों को 1500 रुपये मिलने शुरू हो जाएंगे। इस योजना का लाभ 21 से 60 साल तक की उम्र की महिलाओं को मिलेगा। सरकार ने किसानों को कपास और सोयाबीन की फसलों के लिए 5000 रुपये प्रति हेक्टेयर बोनस देने का फैसला किया। 1 जुलाई 2024 के बाद दूध उत्पादक किसानों को 5 रुपये प्रति लीटर बोनस मिलेंगे। सरकार ने मवेशियों के हमले से होने वाली मौतों पर आर्थिक मदद बढ़ा दी। अब मृतकों के परिजनों को 20 लाख की जगह 25 लाख रुपये मिलेंगे।

  • नौकरी के नाम पर करते थे ठगी, बेरोजगारों को बनाते थे निशाना, दो काबू

    नौकरी के नाम पर करते थे ठगी, बेरोजगारों को बनाते थे निशाना, दो काबू

    मुंबईः राजस्थान के जयपुर से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि यह दोनों व्यक्ति एक ऐसे रैकेट का हिस्सा हैं जो नौकरी देने के नाम पर लोगों को ठगते थे। यह मामला तब सामने आया जब 23 वर्षीय एक बेरोजगार लड़की को पैसे कमाने के लिए काम और प्रोजेक्ट देने के नाम पर ठगा गया। पीड़िता से कहा गया कि वह छह पेज टाइप करने के काम के लिए प्रतिदिन लगभग 600 रुपये कमा सकती है।

    जानकारी के अनुसार आरोपियों का टारगेट इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क करके बेरोजगार व्यक्तियों को नौकरी देने का झांसा देना था. वे या तो उन्हें मैसेज करते या विज्ञापन देते थे। उन्हें नौकरी का वादा किया जाता और बाद में धोखा दिया जाता। यहां पीड़ित को प्रोजेक्ट फीस, फिर आवेदन शुल्क का भुगतान करने के लिए राजी किया जाता और बाद में बताया गया कि उसे 84,000 बोनस मिलेगा, लेकिन बोनस के बारे में बताए जाने से पहले, उसे जीएसटी के लिए कुछ हज़ार रुपये देने के लिए कहा जाता था।

    दोनों आरोपियों के खिलाफ पर आईपीसी की धारा 419 (प्रतिरूपण) और 420 (धोखाधड़ी) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और उन्हें 29 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

  • India से हार के बाद बोले Jos Buttler, ये बड़ी गलती पड़ी भारी

    नई दिल्लीः विश्व कप में 27 जून को भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया। सेमीफाइनल में भारत के हाथों हारकर इंग्लैंड की टीम विश्व कप से बाहर हो गई है। टीम इंडिया की शानदार बल्लेबाजी और खतरनाक गेंदबाजी का लोहा खुद इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने भी माना है। कहीं न कहीं इस मैच में जोस बटलर की एक गलती इंग्लैंड को भारी पड़ा, जिसके चलते टीम को विश्व कप से बाहर होना पड़ा। इस मैच में इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था।

    जिसके बाद टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 171 रन बनाए थे, जो इस पिच पर काफी अच्छा स्कोर था। बारिश के बाद देखा गया था कि गेंद थोड़ा नीची और फसकर आ रही थी। हालांकि पहली पारी में फिर भी गेंद ठीकठाक बल्ले पर आ रही थी। इसके बाद दूसरी पारी में पिच थोड़ी स्लो लग रही थी जिसके चलते इंग्लैंड के बल्लेबाजों को खेलने में थोड़ी दिक्कत भी हो रही थी। वहीं जोस बटलर ने माना कि उनसे बड़ी गलती हुई है।

    टॉस जीतकर अगर वह पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करते तो शायद स्थिति थोड़ी अलग हो सकती थी। दूसरी रोहित शर्मा ने टॉस के बाद बताया था कि अगर वे टॉस जीत जाते तब भी बल्लेबाजी करने का ही फैसला करते। मैच के बाद बातचीत करते हुए जोस बटलर ने बताया कि टीम इंडिया ने शानदार खेल दिखाया और वे जीत के असली हकदार थे। हर परिस्थिति में टीम इंडिया ने अच्छा प्रदर्शन किया। उनका स्कोर भी काफी अच्छा था, जिसको बाद में भारत के स्पिनर्स ने और ज्यादा मुश्किल बना दिया था। बारिश के कारण थोड़ी स्थिति बदलने की उम्मीद भी थी लेकिन शायद बारिश के बाद भी कुछ नहीं बदला था।

  • बारिश से मौसम हुआ ठंडा, अब इन राज्यों में बरसेंगे बादल

    नई दिल्लीः शुक्रवार को दिल्ली-NCR में सुबह झमाझम बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया। इससे जलती-तपती गर्मी से लोगों को काफी राहत मिल गई है। ठंडी हवाएं भी चल रही थीं। शुक्रवार सुबह 5:30 बजे से तेज बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। तेज बारिश के चलते राजधानी दिल्ली-NCR के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति हो गई। लोगों को सड़कों पर निकलने में खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

    देश के कई राज्यों में मानसून पहुंच चुका है। मानसून के पहुंचते ही तापमान में गिरावट आ गई है। कई राज्यों में हल्की बारिश भी शुरू हो गई है। हरियाणा में शुक्रवार को मानसून पहुंचने की संभावना है। दिल्ली की कई इलाकों में हुई बारिश के बाद हरियाणा के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

  • आया नया OTT App, सिर्फ 36 रुपये में मिलेगा 365 दिन का सब्सक्रिप्शन

    आया नया OTT App, सिर्फ 36 रुपये में मिलेगा 365 दिन का सब्सक्रिप्शन

    नई दिल्लीः लोगों के मनोरंजन के लिए नया एप लांच हुआ है। स्मार्टफोन और इंटरनेट का इस्तेमाल बढ़ने के साथ ही लोगों को मनोरंजन का तरीका भी बदल गया है। जहां पहले लोग टीवी चैनल्स पर निर्भर रहते थे वहीं अब इनकी जगह OTT प्लेटफॉर्म ने ले ली है। पिछले कुछ समय में भारत में भी ओटीटी स्ट्रीमिंग करने वालों की संख्या में जबरदस्त उछाल आया है। अगर आप भी ओटीटी स्ट्रीमिंग करते हैं तो आपको बता दें कि एक नए ऐप ने दस्तक दे दी है।

    दरअसल इस समय जितने भी ओटीटी प्लेटफॉर्म मौजूद हैं उनमें एंटरटेनमेंट के लिए कंटेंट की लंबी चौड़ी लिस्ट मौजूद है। लेकिन जब धार्मिंक कंटेंट की बात आती है तो एक भी ऐसा प्लेटफॉर्म मौजूद नहीं है जिसका नाम तुरंत दिमाग में आ जाए। बहुत कम प्लेटफॉर्म हैं जिनमें सीमित मात्रा में धार्मिक कंटेंट उपलब्ध कराया जाता है।

    अगर आप धार्मिक कंटेंट देखना पसंद करते हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। धार्मिक कंटेंट देखने वालों के लिए अब एक नया OTT ऐप आ गया है। रिपोर्ट के मुताबिक भारत में Hari OM नाम का एक नया ओटीटी प्लेटफॉर्म लॉन्च किया गया है जो कि पूरी तरह से धार्मिक कंटेंट पर आधारित होगा। Hari OM  ऐप को 20 से ज्यादा धार्मिक कथाओं के साथ शुरू किया गया है। इसमें आपको छाया ग्रह राहु केतु, श्री तिरुपति बालाजी, मा सरस्वती, जय जगन्नाथ, मा लक्ष्मी समेत कई सारी कथाएं मिलने वाली हैं।