Category: Punjab>Batala

  • Punjab News: Readymade showroom के बाहर बाइक सवार युवकों ने की फायरिंग, देखें वीडियो

    Punjab News: Readymade showroom के बाहर बाइक सवार युवकों ने की फायरिंग, देखें वीडियो

    बटालाः देर रात शहर में तब दहशत का माहौल बन गया। जब शहर के अंदरूनी हिस्से में जस्सा सिंह हाल चौक में मोटरसाइकिल पर सवार युवकों ने एक रेडीमेड कपड़ों के शोरूम के बाहर फायरिंग कर दी। जिसका सीसीटीवी भी सामने आया है। फायरिंग की सूचना मिलते ही डीएसपी सिटी संजीव कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

    उन्होंने बताया कि जो शोरूम मालिक है, उसे पहले भी धमकी मिली थी और इस मामले में जांच की जाएगी। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि मौके पर जांच करने पर खाली खोला और एक जिंदा खोला मिला है। उन्होने कहा कि शोरूम मालिक जैसे ही दुकान बंद कर घर जा रहा था तो आरोपियों ने फायरिंग कर डाली। फिलहाल किसी भी तरह का कोई नुक्सान नहीं हुआ है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

  • Punjab News: चाकू की नोक पर युवती अगवा, बंधक बनाकर किया रेप, देखें वीडियो

    Punjab News: चाकू की नोक पर युवती अगवा, बंधक बनाकर किया रेप, देखें वीडियो

    परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप, न्याय न मिलने पर दी आत्महत्या की चेतावनी

    बटालाः जिले से एक लड़की को अगवा करके उसको बंधक बनाकर 3 महीने जबरन दुष्कर्म करने और उसे गर्भवति करने का मामला सामने आया है। इस दौरान युवती व उसके परिजनों ने पुलिस पर उचित कार्रवाई न करने की गुहार लगाई। पीड़ित ने कहा कि अगर उन्हें न्याय न मिला तो वह आत्महत्या कर लेगी। जानकारी मुताबिक, डेरा बाबा नानक थाने के अधीन पड़ते गांव पखोके टाहली साहिब की 22 वर्षीय युवती गुरप्रीत कौर अपनी मां, भाई व रिश्तेदारों के साथ थाने में इंसाफ की गुहार लगाने पहुंची। इस मौके पर डेरा बाबा नानक थाने में पीड़िता के भाई मनप्रीत सिंह ने बताया कि उसकी बहन जोकि मोलोवाली में एक शैलर में काम करती थी, को 19 जनवरी को गांव पखोके टाहली साहिब के एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर चाकू की नोक पर अगवा कर लिया तथा उसे बेहोश करके कहीं दूर ले गए। मां शिंदर कौर और भाई ने बताया कि जब उनकी बेटी लापता हुई तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया, जबकि डेरा बाबा नानक पुलिस स्टेशन और कोटली सूरत मल्ली पुलिस स्टेशन को भी सूचित किया गया। उन्होंने कहा कि लड़की के लापता होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय पुलिस यही कहती रही कि उनकी बेटी किसी के साथ भाग गई है। जब वह बैसाखी के दिन वापस लौटी तो उसने बताया कि उसे युवकों ने अगवा कर लिया था और उसे अपने पास रख लिया तथा वे लगातार उसके साथ बलात्कार करते रहे और वह एक महीने की गर्भवती है। पीड़ित लड़की ने बताया कि अपहरण के दौरान आरोपियों ने उससे जबरन लिव इन रिलेशनशिप संबंधी खाली कागजों पर हस्ताक्षर भी करवाए थे। कलानौर के एक पादरी ने भी उसे दूसरे धर्म में परिवर्तित करने पर जोर दिया। परिजनों ने बताया कि वे न्याय के लिए एसएसपी बटाला के समक्ष पेश हुए। उसके बाद वे डेरा बाबा नानक थाने और कोटली सूरत मल्ली थाने के चक्कर लगाते रहे और आज भी वे अपनी बेटी का बयान दर्ज करवाने के लिए डेरा बाबा नानक थाने में आए हैं। हालांकि, पूरा समय थाने में बैठने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। पीड़ित लड़की ने न्याय की मांग करते हुए कहा कि उसकी जिंदगी बर्बाद करने वालों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए, नहीं तो वह थाने के बाहर ही आत्महत्या कर लेगी। डेरा बाबा नानक थाने के एसएचओ सतपाल सिंह ने बातचीत के दौरान बताया कि लड़की ने पुलिस को 11 लोगों के खिलाफ बयान दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच कर जीओ के माध्यम से एसएसपी के संज्ञान में लाकर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
  • Punjab News: पिंगलवाड़ा के सेवादार बन घर में घुसे नौसरबाज, 33 हजार रुपए लेकर फरार, देखें CCTV

    Punjab News: पिंगलवाड़ा के सेवादार बन घर में घुसे नौसरबाज, 33 हजार रुपए लेकर फरार, देखें CCTV

    बटालाः कार सवार ठगों द्वारा पिंगलवाड़ा का सेवक बनकर महिला को बेहोश कर उससे हजारों रुपए की नकदी लेकर फरार हो गए। इस दौरान सारी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। घटना बटाला थाने के अंतर्गत आने वाले कस्बा घुमाणा की है।

    जानकारी देते हुए पीड़ित कुलविंदर सिंह ने बताया कि वह बटाला के कस्बा घुमाणा के निवासी हैं। उनकी मां घर पर अकेली थी कि कार में सवार होकर 3 लोग आए जिनमें एक ने गाड़ी बाजार में खड़ी कर दी और 2 युवक उनके घर में आ गए। उन्होंने उनकी मां को कहा कि वह अमृतसर के पिंगलवाड़ा से आए हैं और उनको कुछ कपड़े दें जिस पर मेरी मां अंदर कपड़े लेने गई तभी वह दोनों व्यक्ति अंदर घुस गए और मां को नशीली चीज देकर बेहोश कर दिया और घर में रखा कीमती सामान और 33 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए।

    इस दौरान घटना सीसीटीवी में भी कैद हो गई जिसमें आरोपी घर में घुसते और बाद में सामान लेकर फरार होते नजर आते हैं। उन्होंने बताया कि कैमरे में उनकी गाड़ी का नंबर और आरोपियों की शक्ल भी सामने आई है। पीड़ितों ने पुलिस को मामले की शिकायत दे दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

  • Punjab News: अनियंत्रित कार ने 5 वाहनों को मारी टक्कर, मचा बवाल, देखें वीडियो

    Punjab News: अनियंत्रित कार ने 5 वाहनों को मारी टक्कर, मचा बवाल, देखें वीडियो

    बटालाः शहर में तेज रफ्तारी का कहर देखने को मिला है। मंदिर के एक पुजारी ने बटाला के मुख्य बाजार बस स्टैंड के पास अपनी कार से करीब 4 मोटरसाइकिलों और 1 एक्टिवा को जबरदस्त टक्कर मार दी। घटना के बाद जब पुजारी ने भागने की कोशिश की तो वहां मौजूद भीड़ ने उसे पकड़ लिया और उसकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। बाद में लोगों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पुजारी और उसके वाहन को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

    जानकारी देते शीतला मंदिर के पुजारी ने बताया कि वह किसी काम से बस स्टैंड की ओर जा रहा था कि अचानक एक बाइक से उसकी टक्कर हो गई जिसके बाद वह घबरा गया और उसने भागने के लिए गाड़ी दौड़ा ली जिसके चलते 4 अन्य वाहनों से उसकी कार की टक्कर हो गई।

    स्थानीय निवासी गुरजीत सिंह ने बताया कि वह बस स्टैंड से सामान खरीदकर जा रहे थे कि पीछे से एक गाड़ी आई और एक्टिवा पर बैठे हमारे बच्चे को घसीटते हुए ले गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पंडित की कार करीब 100 की स्पीड पर थी और उसने लापरवाही से गाड़ी चलाई है। उन्होंने कहा कि हमारे बच्चे को ज्यादा चोट तो नहीं लगी लेकिन वह पूरी तरह घबरा गया है। लोगों ने मांग की कि इस तरह के लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि आगे से कोई इस तरह का काम न करे।

  • Punjab News: नशे की ओवरडोज से मरने वाले युवक के घर पहुंचे विधायक और SSP, देखें वीडियो

    Punjab News: नशे की ओवरडोज से मरने वाले युवक के घर पहुंचे विधायक और SSP, देखें वीडियो

    बटालाः पिछले दिन गुरदासपुर के बटाला शहर के मान नगर में नशे की ओवरडोज से एक युवक की मौत हो गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक बटाला आज मृतक युवक के परिवार से मिलने पहुंचे। उनके साथ बटाला पुलिस के एसएसपी भी परिवार से मिले। विधायक शैरी कलसी और एसएसपी बटाला सोहिल कासिम मीर ने कहा कि वे दुख की इस घड़ी में परिवार से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि इस मामले में यह बात सामने आई है कि यह युवक नशे का आदी था और परिजनों के बयानों के आधार पर एक महिला समेत 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

    उन्होंने कहा कि पुलिस और सरकार नशे को जड़ से खत्म करने और पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर रही है। वहीं लोगों के सहयोग के बिना इस जंग से विजय नहीं पाई जा सकती जिसके चलते पुलिस प्रशासन लगातार लोगों से भी सहयोग मांग रहा है।

    उन्होंने कहा कि लोग उस तरह आगे नहीं आ रहे हैं जैसा उन्हें आना चाहिए। उन्होंने अपील की कि यह लड़ाई किसी एक परिवार की लड़ाई नहीं है, इसलिए सभी को आगे आना चाहिए। हमें सहयोग करना चाहिए ताकि पंजाब को नशा मुक्त और खुशहाल बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति नशा छोड़ना चाहता है, पुलिस उनका पूरा सहयोग करेगी। किसी भी मदद के लिए पुलिस हमेशा लोगों के साथ है।

  • Punjab News: प्लॉट में मिला 25 वर्षीय युवक का शव, इलाके में फैली दहशत, देखें वीडियो

    Punjab News: प्लॉट में मिला 25 वर्षीय युवक का शव, इलाके में फैली दहशत, देखें वीडियो

    बटालाः पंजाब में नशे की लत लगातार कई घरों को तबाह कर चुकी है, जिससे आने वाली पीढ़ी खतरे में है। आए दिन किसी न किसी माता-पिता का इकलौता बेटा नशे की भेंट चढ़ जाता है। ताजा मामला बटाला के मान नगर से सामने आया है जहां, 25 वर्षीय रोहित की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का असली कारण पता चल पाएगा। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

    मृतक रोहित के पिता चरणजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके बेटे को आज शाम 6 बजे काम के लिए दिल्ली जाना था जिसके चलते हमने उसे पैसे भी दे दिए थे। तभी रोहित को किसी का फोन आया और वह घर से निकल गया। थोड़ी देर बाद फोन आया कि उसके बेटे का शव मान नगर स्थित खाली प्लॉट में पड़ा है जिसके बाद हमारे पैरों तले जमीन खिसक गई और हम आनन-फानन में वहां पहुंचे। प्लॉट में हमारे बेटा मृत पड़ा हुआ था। उन्होंने बताया कि रोहित ही हमारा एकमात्र सहारा था। उन्होंने कहा कि हमारा बेटा नशे का आदि था, हम उसे हमेशा कहते थे कि तुम ये सब छोड़कर परमात्मा की सेवा में लग जाओं, लेकिन उसने हमारी एक नहीं सुनी।

    मान नगर के वासी कुलविंदर कौर और रविंदर सिंह ने कहा कि कोई भी सरकार नशे पर रोक नहीं लगा पाई है। उन्होंने कहा कि हमारे इलाके में खुलेआम नशीले पदार्थ बिकते हैं। यहां से थोड़ी ही दूरी पर सीआई स्टाफ कार्यालय है। पुलिस में बार-बार शिकायत दर्ज कराने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जाती। इसके विपरीत, पुलिस ड्रग तस्कर को पहले ही बुलाकर चेतावनी दे देती है।

    उधर, मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी सुखदेव सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि मान नगर के खाली प्लॉट में युवक का शव देखा गया है। जिसके चलते मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि उसकी मौत नशे से हुई या हीट स्ट्रोक से। बाकी कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

  • Punjab News: स्कूलों का उद्घाटन करने पहुंचे विधायक और किसान हुए आमने-सामने, देखें वीडियो

    Punjab News: स्कूलों का उद्घाटन करने पहुंचे विधायक और किसान हुए आमने-सामने, देखें वीडियो

    बटालाः जिले के गांवों में स्कूलों में विकास कार्यों का उद्घाटन करने पहुंचे विधायक शैरी कलसी और किसान आमने-सामने हो गए। दरअसल, विधायक के काफिले को किसानों ने घेर लिया। इस दौरान किसानों के सवालों का जवाब देते हुए विधायक शैरी कलसी गाड़ी पर खड़े नजर आए। किसानों ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ नारेबाजी की, तो उनके समर्थकों ने भी आम आदमी पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाए।

    इस दौरान विधायक कलसी भी एक्शन मोड में आए और गाड़ी पर खड़े होकर किसानों को उनके सवालों के जवाब दिए। जब किसानों ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ नारेबाजी की, तो उनके समर्थन में भी आम आदमी पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाए। वहीं किसानों का कहना था कि उन्हें धक्के मारे गए।

    इस पर एमएलए शैरी कलसी का कहना था कि जिस तरीके से किसान सड़क रोक रहे हैं, वह गलत तरीका है। किसानों द्वारा इस तरह से धक्का किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर किसानों को अपनी कोई मांग या बात रखनी है, तो उन्हें मिलकर बात करनी चाहिए, बल्कि इस तरह नहीं। वहीं उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा घेराबंदी करने से स्कूल के बच्चों को भी कठिनाई झेलनी पड़ी।

  • Punjab News: ट्रैक्टरों पर Pressure Horn लगाने वालों पर सख्त हुई पुलिस, काटे चालान, देखें वीडियो

    Punjab News: ट्रैक्टरों पर Pressure Horn लगाने वालों पर सख्त हुई पुलिस, काटे चालान, देखें वीडियो

    गुरदासपुरः जिले में ट्रैफिक नियमों को लेकर पुलिस सख्त हो गई है। पुलिस नियमों का पालन का करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है, ताकि अधिक से अधिक सड़क हादसों से बचा जा सके। ताजा मामले में गुरदासपुर की ट्रैफिक पुलिस ने नियमों की उल्लंघना करने वाले ट्रेक्टर चालकों पर सख्ती का रुख अपनाना शुरू कर दिया है।

    ट्रैफिक इंचार्ज बटाला, सुरिंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने पुलिस टीम के साथ ट्रेफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगाम कसने के लिए नाका लगाया है। उन्होंने बताया कि इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले चार पहिया और दो पहिया वाहनों के चालान काटे गए।

    उन्होंने बताया कि आज ट्रैक्टरों को लेकर ज्यादा सख्ती का रुख अपनाया गया, जिन ट्रैक्टरों के मडगार्ड ट्रैक्टर से तीन से चार फीट आगे तक फैले होते हैं, उनमें प्रेशर हॉर्न, बड़े एम्प्लीफायर और बड़े स्पीकर लगे होते हैं। ट्रैफिक पुलिस प्रभारी के अनुसार यह सब कानूनन गलत है, क्योंकि अगर यह ट्रैक्टर किसी को टक्कर मारता है तो व्यक्ति को बहुत नुकसान होगा। यातायात प्रभारी ने यह भी बताया कि ट्रकों के साथ ट्रैक्टरों में प्रेशर हॉर्न नहीं लगाया जा सकता, न ही उनमें बड़े एम्प्लीफायर और बड़े स्पीकर लगाए जा सकते हैं जिसके चलते ऐसा करने वालों के चालान किए गए हैं।

    ट्रैक्टर मालिक युवक ने बताया कि उसे बैसाखी मेले में जाना था, इसीलिए उसने ट्रैक्टर किराये पर लिया था। हमें बैसाखी मेले से वापस आकर उसे उतारना था, लेकिन उससे पहले ही ट्रैफिक पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

  • Punjab News: Motorcycle सवार बदमाशों ने घर पर की Firing, देखें CCTV

    Punjab News: Motorcycle सवार बदमाशों ने घर पर की Firing, देखें CCTV

    बटालाः बीती देर रात गांव ग्रंथगढ़ में उस समय दहशत का माहौल बन गया जब मोटरसाइकिल सवार 3 लोगों में से 2 ने गांव निवासी गुरप्रीत सिंह के घर पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस दौरान सारी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसमें साफ तौर पर देखा जा रहा है कि मोटरसाइकिल सवारों ने पहले घर के बाहर धावा बोला, फिर वापस लौटे और 2 लोग मोटरसाइकिल से उतरकर पैदल आए और घर के सामने सड़क पर फायरिंग कर दी और फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

    पीड़ित गुरप्रीत सिंह और उसके चचेरे भाई नवदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि वह बटाला के गांव ग्रंथगढ़ के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि गांव में उनकी पुरानी रंजिश भी चल रही है। इसी के चलते ये हादसा हुआ होगा। उन्होंने बताया कि घटना के बाद से परिवार में दहशत का माहौल है। पीड़ितों ने सरकार से न्याय की मांग की है। उधर, बटाला पुलिस के डीएसपी संजीव कुमार ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली है कि घर के बाहर बाइक सवार कुछ युवकों ने फायरिंग की है जिसके संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी भी कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

  • Punjab News: Gun Point पर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: Gun Point पर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    बटालाः जिला पुलिस ने बंदूक की नोक पर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस दौरान पुलिस ने गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया है जबकि उनका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में 1 पिस्तौल .32 बोर, 2 जिंदा राउंड, एक खिलौना पिस्तौल भी बरामद की है। पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

    जानकारी देते एसपी गुरप्रताप सिंह ने बताया कि बटाला पुलिस ने कई जिलों में बंदूक की नोक पर की गई डकैती की 6 वारदातों को सुलझाने में सफलता हासिल की है। 24 मार्च, 2025 को सिविल लाइन्स पुलिस स्टेशन, बटाला के अधिकार क्षेत्र में स्थित फ्लिपकार्ट/अमेजॉन डिलीवरी स्टैंड पर हुई डकैती को लेकर भी कई खुलासे हुए हैं। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पाया गया कि अमृतसर ग्रामीण जिले के रहने वाले 5 सदस्यों का एक गिरोह इन डकैतियों के लिए जिम्मेदार था। यह गिरोह बटाला, अमृतसर ग्रामीण और तरनतारन के इलाकों में ई-कॉमर्स डिलीवरी स्टोरों, विशेष रूप से फ्लिपकार्ट और अमेजॉन स्टोरों को सक्रिय रूप से निशाना बना रहा था।

    तकनीकी खुफिया जानकारी और गुप्त सूत्रों के आधार पर बटाला पुलिस गिरोह के सदस्यों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने में सफल हो पाई है। आरोपी पिछले 6 महीनों में 6 डकैती के मामलों में शामिल रहे हैं, जिनमें मुख्य रूप से डिलीवरी स्टोंरों को निशाना बनाया गया था। इस दौरान आरोपियों से 1 पिस्तौल .32 बोर, 2 जिंदा राउंड, एक खिलौना पिस्तौल भी बरामद की गई है और उनका एक साथी लवप्रीत सिंह निवासी सठियाला अभी फरार है और उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।