Category: Punjab>Sangrur

  • पंजाब: बस स्टैंड पर समोसे के पैसे मांगने को लेकर दुकानदार पर तलवारों से हमला, 3 घायल

    पटियाला: नए बस स्टैंड पर युवकों ने तलवारों से सरेआम दुकान मालिक पर हमला कर उसे जख्मी कर दिया। समोसे के पैसे मांगने पर दुकान मालिक पर ठंडे समोसे देने की बात कह बहस की। जिसके बाद युवकों ने साथियों को बुलाकर दुकान मालिक पर तलवारों से हमला कर दिया, जिसमें दुकान मालिक सहित तीन लोग जख्मी हो गए। जख्मी दुकान मालिक शंकर, नौकर शिवम व शंकर के रिश्तेदार राजेश को अस्पताल में दाखिल करवाया है। घटना बाद दोपहर को हुई, जिसकी सूचना मिलने के बाद थाना अर्बन एस्टेट की पुलिस मौके पर पहुंची।

    हमले में जख्मी शंकर ने बताया कि उनकी दुकान पर समोसे खाने के लिए चार युवक दोपहर पहुंचे। इन युवकों ने समोसे ठंडे होने की बात कही तो गर्म छोले डाल दिए। समोसे खाने के बाद पैसे मांगने पर इन लोगों ने गालियां निकालते हुए बहस की। इन्हें रोकने की कोशिश की तो बाहर से साथियों को बुलाकर तलवारों से वार करना शुरू कर दिया। हमले में तीन लोगों को चोटें लगी है जबकि दो महिलाएं मामूली चोटिल हुई है। शोर सुनने के बाद आसपास के दुकानदारों ने दो युवकों को काबू कर लिया और बाकी मौके फरार हो गए।

  • पंजाबः  बस स्टैंड पर चली गोलियां, मचा हड़कंप

    पटियालाः पंजाब में गोलियां चलने के मामले लगातार बढ़ रहे है। वहीं नए बस स्टैंड पर अब गोली चलने का मामला सामने आया है। जिसके बाद बस स्टैंड पर लोगों में दहशत का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार 15 से 20 नौजवानों द्वारा युवक के साथ मारपीट की जा रही थी। इस दौरान पीड़ित युवक के साथी ने अपने बचाव के लिए गोलियां चला दी। बताया जा रहा है कि युवक द्वारा कुल 5 से 7 फायर किए गए। वहीं घटना स्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार 2 गुट आपस में लड़ रहे थे, लड़ाई में नौजवानों के बीच गोलियां चल गई। हालांकि गोली चलने से कोई भी घायल नहीं हुआ है। फिलहाल मारपीट में घायल युवक को पुलिस की हिरासत में ले लिया है। पुलिस द्वारा मारपीट और गोलियां चलाने के मामले में पूछताछ की जा रही है। 

  • पंजाब: हमलावर ने गुरुद्वारा साहिब पर किया हमला

    पटियाला : पसियाणा थाना क्षेत्र में गांव अमामगढ़ निजामनीवाला में व्यक्ति ने गुरुद्वारा साहब पर ईंट से हमला कर दिया। घटना उस समय हुई जब गुरुद्वारा साहिब में सुबह के समय नितनेम का पाठ चल रहा था। इस हमले के दौरान गुरुद्वारा साहब के अंदर बैठी संगत भी जख्मी हुई, जख्मी की पहचान जगदीश सिंह के रूप में हुई है जबकि अन्य कुछ लोगों को मामूली खरोंचे लगी। घटना के बारे में पता लगता ही पसियाणा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जिन्होंने रेड करते हुए उक्त व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान गांव के ही रहने वाले 40 साल के लखविंदर उर्फ काला के तौर पर हुई है। जिसे पुलिस ने जेल में भेज दिया है। गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी कुलवंत सिंह ने बताया कि इस गुरुद्वारा साहिब में पहले उनके पिता ग्रंथि की सेवा करते थे जिनके बाद अब वह ग्रंथि के तौर पर सेवा करते हैं। सुबह 6 बजे के करीब वह गुरुद्वारा साहब में नितनेम का पाठ कर रहे थे और गुरुद्वारा साहब के अंदर गांव के कुछ लोग बैठे हुए थे।

    अचानक से गुरुद्वारा साहिब की खिड़कियों के शीशे पर ईंट से हमला हो गया, जिस वजह से खिड़कियों से टूटा हुआ कांच अंदर गिरना शुरू हो। कांच का टुकड़ा लगने से जगदीश सिंह जख्मी हुआ और अन्य लोगों को मामूली खरोंचे आई। बाहर आकर देखा तो लखविंदर सिंह ईट से गुरुद्वारा साहब पर हमला कर रहा था और मौके से फरार हो गया। गुरुद्वारा में मौजूद लोगों ने लखविंदर सिंह को पहचान लिया था लेकिन घटना के कारण समझ नहीं आया। लखविंदर सिंह मेहनत मजदूरी करने वाले परिवार से संबंध रखता है और उसे किसी भी तरह की मानसिक बीमारी भी नहीं है। जानबूझकर की गई इस हरकत के बारे में पुलिस को तुरंत सूचित कर दिया गया था।

  • पंजाबः दुकानदार पर तेजाब फेंकने के मामले की सुलझी गुत्थी, हुआ चौंकाने वाला खुलासा

    पटियालाः कस्बा सन्नौर में दुकानदार पर तेजाब फेंकने के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पीड़ित का ही पुराना दोस्त है। पुलिस के मुताबिक दोनों दोस्तों की एक सांझी महिला मित्र थी। उसी को लेकर बीते दो-तीन सालों से दोनों में रंजिश चल रही थी। इसी के कारण आरोपी ने अपने तीन साथियों की मदद से वारदात को अंजाम दिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया जहां दोनों पक्षों को सुनने के बाद उसे 3 दिन के रिमांड पर भेज दिया गया है। थाना सन्नौर के इंचार्ज गुरविंदर संधू के मुताबिक वारदात को अंजाम देने वाले तीनों आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

    मुख्य आरोपी की पहचान सन्नौर की ग्रिड कालोनी के ही रहने वाले तेजवीर मेहता के तौर पर हुई है। तेजवीर आढ़त की दुकान चलाता है। वीरवार सुबह करीब 9 बजे निखिल सिंगला (28) ने सन्नौर के सदर बाजार स्थित अपनी हार्ड वेयर की दुकान को खोला था। थोड़ी ही देर में दो नकाबपोश पैदल चलते हुए दुकान के अंदर दाखिल हुए। निखिल ने उसने पूछा कि क्या सामान लेना है। इसी बीच एक आरोपी ने तेजाब उस पर फेंक दिया। जिससे दुकानदार की गर्दन, दोनों हाथ व दाईं टांग झुलस गए थे। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाहर एक्टिवा लेकर खड़े अपने तीसरे साथी के साथ मौके से फरार हो गए थे।

  • पंजाबः पैट्रोल-डीजल की किल्लत के बाद बस सेवा हुई ठप्प

    पटियाला: पंजाब भर में ट्रक यूनियनों की हड़ताल के कारण लोगों को भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में पैट्रोल पंपों पर तेल खत्म होने के कारण जहां लोग परेशान हो रहे है। वहीं पेट्रोल डीजल की कमी का असर बस सेवा पर भी पड़ रहा है। कई जगहों पर नियमित बस बंद कर दी गई हैं। वाहन चालकों के साथ-साथ उन लोगों को भी इस हड़ताल का खामियाजा भुगतना पड़ सकता है जो रोजाना अपने काम पर जाने के लिए बसों में सफर करते हैं।  यदि पंपों पर तेल नहीं होगा तो बस सेवा प्रभावित होना तय है। कई निजी बस ऑपरेटरों ने बसें बंद कर दी हैं। तेल न मिलने से न सिर्फ बसें बल्कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट भी प्रभावित हो सकता है।

    इसलिए घर से निकलने से पहले मौजूदा स्थिति को जरूर ध्यान में रखें। सिर्फ पंजाब ही नहीं बल्कि देश के 8 राज्य इस गंभीर समस्या से घिरे हुए हैं। बता देंकि पेट्रोल-डीजल की किल्लत बढ़ने से आवश्यक सेवाएं प्रभावित होने लगी हैं। ट्रक ड्राइवरों ने ‘हिट एंड रन’ मामलों से जुड़े नए कानून के विरोध में आवाजाई ठप्प कर दी है। वहीं पेट्रोल पंपों पर लोगों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। इसके उल्ट कुछ ही घंटों में पंप पर पेट्रोल-डीजल खत्म हो गया है। कई पंप वालों ने बाकायदा ‘NO Oil’ के  बोर्ड भी लगा दिए है।

  • पंजाबः SIT का नोटिस जारी होने पर आज कोर्ट पहुंचे बिक्रम मजीठिया, देखें वीडियो

    पटियालाः ड्रग्स के मामले में पूर्व अकाली मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया SIT को जारी तीसरे नोटिस के बाद आज पेश होने के लिए निर्देश हुए हैं। वह पटियाला कोर्ट पहुंच गए हैं। 31 दिसंबर को SIT के इंचार्ज एडीजीपी मुखविंदर सिंह छीना रिटायर होंगे, उससे पहले ही मजीठिया के बयान दर्ज किए जाने हैं। इससे पहले मजीठिया को 27 दिसंबर को पेश होना था लेकिन मजीठिया ने उनके पास SIT द्वारा मांगे गए सवालों के जवाब के दस्तावेज इकट्ठे नहीं होने का तर्क देते हुए पेशी से छूट मांगी थी। ‌ जिसे मंजूर कर लिया गया था।

    बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ जांच कर रही SIT ने पहला नोटिस पर 18 दिसंबर को पेश होने के लिए जारी किया था। पेशी पर मजीठिया अपने समर्थन की बड़ी संख्या के साथ एडीजीपी ऑफिस के बाहर पहुंचे थे। ससुराल मजीठिया से करीब 7 घंटे तक सिट के अधिकारियों ने पूछताछ की थी और इस दौरान उनके समर्थक बाहर दिनभर इंतजार करते रहे। पेशी से बाहर आते ही मजीठिया ने सरकार के खिलाफ अपने समर्थको को संबोधित करते हुए कहा था कि अब वह सीएम की हस्ताक्षर नोटिस पर होने के बाद ही पेश होंगे।

    सिट द्वारा उनसे ऐसे ऐसे सवाल पूछे जा रहे हैं जिसका कोई आधार नहीं है। अकाली दल छोड़ने के बाद बीजेपी में शामिल हुए अमरपाल सिंह बोनी नशे को लेकर मजीठिया के खिलाफ बोलते रहे हैं। पटियाला सिट द्वारा बुलाए जाने पर अमरपाल सिंह बोनी ने कहा था कि वह अपने बयान सिट के पास दर्ज करा चुके हैं। वह प्रकाश सिंह बादल के मुख्यमंत्री रहते हुए ही मजीठिया के बारे में सरकार को अवगत कर चुके हैं और इस बार भी उन्होंने सभी सबूत जांच अधिकारियों को सौंप दिए हैं।

  • पंजाबः नवजोत सिद्धू के समर्थक के खिलाफ हाईकमान का एक्शन, नोटिस किया जारी

    पटियालाः पंजाब में कांग्रेस में बीच एक बार फिर से चुनाव से पहले दरार बढ़ती हुई दिखाई दे रही है। हाल ही में नवजोत सिद्धू और प्रताप सिंह बाजवा में सोशल मीडिया पर चली बयानबाजी का मामला हाईकमान के पास पहुंचा था। इसके बाद नवजोत सिद्धू के समर्थकों ने बीते दिन सिद्धू को लेकर पोस्टर लगाए थे। जिसको लेकर हाईकमान ने कड़ा एक्शन लिया है। दरअसल, प्रदेश यूथ कांग्रेस के महासचिव ने सिद्धू के समर्थन में पोस्टर लगाने पर उनके एक समर्थक मनसिमरत सिंह शैरी रियाड़ से जवाब तलब किया है।

    पंजाब यूथ कांग्रेस के महासचिव दीपक खोसला ने शैरी रियाड़ को कारण बताओ नोटिस जारी कर कहा है कि पार्टी को पिछले दिनों रिपोर्टें मिली हैं कि वह (शैरी रियाड़) सीनियर कांग्रेसी नेताओं के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं। ऐसे में जहां रियाड़ को पंजाब यूथ कांग्रेस की गतिविधियों से अलग किया जाता है, वहीं इस मामले में स्पष्टीकरण देने के लिए तीन दिन का समय दिया जाता है। नोटिस में कहा गया है कि स्पष्टीकरण न मिलने पर पार्टी को अपने स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करनी पड़ेगी।

    गौरतलब है कि शैरी रियाड़ की नवजोत सिद्धू समर्थक गतिविधियां तब चर्चा में आई थीं जब पटियाला में कई जगह पोस्टर लगे मिले, जिनमें नवजोत सिद्धू के फोटो के साथ लिखा गया कि सारा पंजाब सिद्धू दे नाल। इसके साथ ही इस पोस्टर में सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू और शैरी रियाड़ का फोटो भी प्रकाशित किया गया था। इस पोस्टर में पंजाब कांग्रेस के किसी अन्य नेता का फोटो नहीं था, जबकि अन्य में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी के फोटो लगे थे। इस घटनाक्रम से पहले नवजोत सिद्धू को लेकर तब भी चर्चा छिड़ गई थी जब उन्होंने कुछ पूर्व विधायकों को साथ लेकर मेहराज (बठिंडा) में रैली की। तब प्रताप सिंह बाजवा ने सिद्धू को अलग से गतिविधियां करने के बजाय पार्टी लीडरशिप के साथ मिलकर चलने की सलाह दी थी।

  • पंजाबः पारिवारिक झगड़े के चलते ससुराल से बच्चे को ले भागा व्यक्ति, देखें CCTV 

    पटियालाः सरहिंद रोड इलाके भारत नगर कालोनी में परिवारिक झगड़े को लेकर पिता द्वारा वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। दरअसल, परिवारिक झगड़े के चलते एक आदमी बच्चे को लेकर भाग गया। घटना कालोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कैमरे चेक किए तो पता चला बच्चे को उठाकर भागने वाला कोई और नहीं बल्कि उसका पिता ही था। इस दौरान बच्चे के पिता के साथ उसके दोस्त शामिल थे। मामला पुलिस के पास पहुंचा, जिसके बाद पूरा मामला क्लियर हो गया।

    पत्नी की मौत के बाद बच्चे को उसके नाना नानी ले गए थे। जिसके बाद से ही उसका पिता बच्चे को वापस मांग रहा था। बच्चे के नाना-नानी के पास करीब 7 साल का यह बच्चा रहता था। बच्चे की मां की मौत के बाद पिता बच्चे को वापस मांग रहा था लेकिन महिला के जीते जी पारिवारिक क्लेश के कारण दोनों के बीच अलगाव हो गया था।

    दरअसल, बच्चा घर के बाहर खेल रहा था, जहां पर बच्चे का पिता अपने दोस्तों के साथ आता है। घर के बाहर खेल रहे बच्चे को गोद में उठाकर पैदल ही भाग जाता है। बच्चे के पीछे उसकी नानी भागती है और यह पूरी घटना कालोनी के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद मामला क्लियर हुआ था। थाना अनाज मंडी के एसएचओ जसप्रीत सिंह ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे की मदद से ही व्यक्ति की पहचान हुई है। दोनों परिवार में राजीनामा हो गया है, जिस वजह से केस दर्ज नहीं किया।

  • पंजाब: पुलिस व गैंगस्टर के बीच मुठभेड़ जारी

    पटियाला: पंजाब पुलिस व गैंगस्टर के बीच मुठभेड़ होने की सूचना मिली है। इस दौरान पुलिस व गैंगस्टर के बीच क्रॉस फायरिंग हुई, जिसमें गैंगस्टर मलकीत सिंह चिट्‌टा के गोली लगने की सूचना है। इसके तुरन्त बाद घायल गैंगस्टर को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

    मिली जानकारी के अनुसार पटियाला के CIA स्टाफ द्वारा कार्रवाई को अंजाम दिया गया। गैंगस्टर मलकीत सिंह कत्ल और इरादा कत्ल के मामलों में वांटेड था। बताया जा रहा है कि पीछा करने के दौरान गैंगस्टर ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जवाबी फायरिंग में गैंगस्टर मलिकित उर्फ चिट्टा घायल हो गया। गैंगस्टर के पास से 32 बोर की पिस्टल और 6 कारतूस बरामद हुए हैं। पंजाब मुख्यमंत्री भगवंत मान की गैंगस्टरों को चेतावनी के बाद पंजाब पुलिस लगातार एक्शन में नजर आ रही है। पिछले 10 दिनों में 7वें कुख्यात अपराधी का एनकाउंटर किया है।

  • पंजाबः घनी धुंध में 3 गाड़ियों में हुई टक्कर

    पटियालाः पंजाब में धुंध का कहर लगातार जारी है। कोहरे के चलते आए दिन सड़क हादसे के मामले सामने आ रहे है। वहीं आज सुबह ही धुंध के बीच पटियाला के धरेरी जट्टन टोल प्लाजा पर ट्रक समेत 3 गाड़ियों की टक्कर हो गई। हालांकि इस हादसे में गनीमत यह रही  कि किसी को गंभीर चोटें नहीं आई हैं। वहीं मौसम विभाग ने आज भी पूरे पंजाब में धुंध का अलर्ट जारी किया है और लोगों को वाहन ध्यानपूर्वक चलाने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों में मौसम में ठंडक बड़ी है। बीते दिन से राज्य का न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री कम दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में भी धुंध बढ़ने के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग के सुबह मिले आंकड़ों के अनुसार आज बठिंडा राज्य में सबसे ठंडा शहर है। यहां का न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो बीते दिन से 1.8 और सामान्य से 1.2 डिग्री कम है।