Category: International

  • नहीं रहे पूर्व पाकिस्तानी अंपायर असद रऊफ

    नहीं रहे पूर्व पाकिस्तानी अंपायर असद रऊफ

    लाहौर: पूर्व पाकिस्तानी अंपायर असद रऊफ का लाहौर में कार्डियक अरेस्ट के कारण निधन हो गया। वो 2006 से 2013 तक आईसीसी एलीट पैनल का हिस्सा थे। 66 वर्षीय रऊफ के निधन की खबर सुनकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख रमिज राजा ने ट्वीट कर लिखा, “असद रऊफ के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। वह न केवल एक अच्छे अंपायर थे बल्कि उनमें एक दुष्ट सेंस ऑफ ह्यूमर भी था।

    उन्होंने हमेशा मेरे चेहरे पर मुस्कान बिखेरी और जब भी मैं उनके बारे में सोचूंगा तो ऐसा करना जारी रखेंगे। उनके नुकसान के लिए उनके परिवार के साथ कई संवेदनाएं।” वहीं, पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर कामरान अकमल ने ट्वीट करते हुए लिखा, “आईसीसी के पूर्व अंपायर असद रऊफ के निधन की खबर के बारे में जानकर दुख हुआ…अल्लाह उन्हें माफ करे और उनके परिवार को सब्र अमीन दे।” बता दें कि असद रऊफ ने 2000 में अपना पहला वनडे और 2005 में अपना पहला टेस्ट अंपायर किया। 2006 में उन्हें आईसीसी के एलीट पैनल में नामित किया गया था, जिसका वह 2013 तक हिस्सा थे। 

    पूर्व पाकिस्तानी अंपायर असद रऊफ ने अंपायर या टीवी अंपायर के रूप में 64 टेस्ट, 139 एकदिवसीय, 28 टी20 और 11 महिला टी20 में अंपायरिंग की। उन्होंने आईपीएल मैचों सहित 40 प्रथम श्रेणी मैचों, 26 लिस्ट ए मैचों और कुल मिलाकर 89 टी20 मैचों में भी अंपायरिंग की। मध्यक्रम के बल्लेबाज के रूप में उनका घरेलू करियर भी सफल रहा। असद रऊफ ने 71 प्रथम श्रेणी मैच खेले, जिसमें उन्होंने 3423 रन बनाए। उन्होंने 40 लिस्ट ए मैच खेले, जिसमें उन्होंने 611 रन बनाए।

  • नीरज चोपड़ा ने रचा इतिहास, इस लीग को जीतने वाले पहले भारतीय बने

    नीरज चोपड़ा ने रचा इतिहास, इस लीग को जीतने वाले पहले भारतीय बने

    नई दिल्लीः ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग फाइनल्स का खिताब जीत लिया है। ज्यूरिख में हुए फाइनल्स में नीरज चोपड़ा ने 88.44 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ यह खिताब जीता। 24 साल के नीरज डायमंड लीग फाइनल जीतने वाले पहले भारतीय भी बन गए हैं। फाइनल में भारतीय एथलीट ने चेक गणराज्य के ओलंपिक रजत पदक विजेता याकुब वाडलेज और जर्मनी के जूलियन वेबर को पछाड़ा। वाडलेच 86.94 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ दूसरे और जर्मनी के जूलियन वेबर (83.73) तीसरे नंबर पर रहे।

    हरियाणा में पानीपत के पास खंडरा गांव के नीरज ने 27 अगस्त को डायमंड लीग के लुसाने लीग का खिताब जीता था। लुसाने लेग को जीतकर ही उन्होंने डायमंड लीग ग्रैंड फाइनल में जगह बनाई थी। इससे पहले उन्होंने 2017 और 2018 में भी फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था और क्रमशः 7वें और चौथे स्थान पर रहे थे।

    ज्यूरिख में हुए डायमंड लीग फाइनल में नीरज की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दबाव भरे मुकाबले में नीरज का पहला थ्रो फाउल रहा। हालांकि, चोट के बाद मैदान पर वापसी करने वाले नीरज ने दूसरे ही प्रयास में ही अपने विरोधियों से काफी आगे निकल गए। उन्होंने दूसरे प्रयास में 88.44 मीटर दूर भाला फेंका। तीसरे प्रयास में नीरज ने 88 मीटर, चौथे में 86.11 मीटर, पांचवें में 87 मीटर और छठे प्रयास में 83.60 मीटर दूर भाला फेंका। 

  • भारतीय क्रिकेट टीम के इस खिलाड़ी ने किया सन्यास का ऐलान

    भारतीय क्रिकेट टीम के इस खिलाड़ी ने किया सन्यास का ऐलान

    नई दिल्ली: टीम इंडिया के लेग स्पिनर राहुल शर्मा ने रविवार को खेल के सभी प्रारूपों से सन्यास लेने की घोषणा की। पंजाब के रहने वाले राहुल ने 2011 में वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ अपना अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था, और वह भारत के लिये चार एकदिवसीय और दो टी20 मुकाबले खेल चुके हैं। राहुल अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट से सन्यास लेने के बाद अब रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज़ में नज़र आयेंगे।

    राहुल ने सन्यास की घोषणा करते हुए कहा, “यह मेरा सौभाग्य रहा है कि मैंने सबसे ऊंचे स्तर पर अपने देश का प्रतिनिधित्व किया। मुझे इस परिवार में जगह देने के लिये बीसीसीआई का धन्यवाद। देश के लिये खेलना किसी भी खिलाड़ी का मूल लक्ष्य होता है। मैं खुश हूं कि मैं यह उपलब्धि हासिल कर सका।”

    उन्होंने कहा, “भारतीय टीम की नीली जर्सी पहनना मेरे लिये सबसे यादगार क्षण था। मैं हमेशा इस याद को संजोकर रखूंगा। गौतम गंभीर, राहुल द्रविड़, वीवीएस लक्ष्मण, वीरेंद्र सहवाग, महेंद्र सिंह धोनी, युवराज सिंह, हरभजन सिंह, सुरेश रैना, रोहित शर्मा, विराट कोहली और सभी खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना मेरा सौभाग्य था।”

    राहुल ने अपने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की शुरुआत साल 2010 में डेक्कन चार्जर्स की ओर से खेलते हुए की थी। वह उस समय बेल्स पाल्सी नामक बीमारी से जूझ रहे थे, जिसमें चेहरे की मांसपेशियां अस्थायी रूप से कमज़ोर हो जाती हैं। उन्होंने बताया कि डेक्कन चार्जर्स में उनके तत्कालीन कप्तान एडम गिलक्रिस्ट ने उनकी सहायता की और उन्हें खेलते रहने के लिये प्रेरित किया।

    राहुल आगे चलकर आईपीएल में पुणे वॉरियर्स, दिल्ली डेयरडेविल्स और चेन्नई के लिये भी खेले। उन्होंने आईपीएल करियर में 44 मैच खेलते हुए 27.15 की औसत और 7.02 की इकॉनमी से 40 विकेट लिये। राहुल ने कहा कि अब वह अपनी ‘नयी पारी के लिये तैयार हैं’ और जल्द ही रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज़ में नज़र आयेंगे। यह टूर्नामेंट 10 सितंबर से शुरू होगा जहां राहुल इंडियन लेजेंड्स की ओर से खेलते हुए नज़र आयेंगे।

  • CWG 2022: महिला T20 क्रिकेट के फाइनल मैच में खेली कोविड संक्रमित खिलाड़ी, फैसले पर उठ रहे सवाल 

    CWG 2022: महिला T20 क्रिकेट के फाइनल मैच में खेली कोविड संक्रमित खिलाड़ी, फैसले पर उठ रहे सवाल 

    बर्मिंघम: कॉमनवेल्थ गेम्स के महिला टी20 क्रिकेट के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को भारतीय टीम को 9 रनों से हराकर गोल्ड मेडल पर कब्जा कर लिया। भारत एक समय इस मैच में जीत की ओर बढ़ता दिख रहा था लेकिन खिलाड़ियों की कुछ अपनी गलतियों की वजह से टीम को हारकर सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। इन सबके बीच ऑस्ट्रेलिया द्वारा फाइनल में अपनी कोविड संक्रमित खिलाड़ी ताहलिया मैकग्राथ को प्लेइंग-11 में शामिल करने पर विवाद हो गया है।   

    ताहलिया मैकग्राथ हालांकि प्रभावी प्रदर्शन मैच में नहीं कर सकीं लेकिन ऑस्ट्रेलियाई टीम के फैसले पर सवाल जरूर उठ रहे हैं। मैकग्राथ के कोविड पॉजिटिव होने की सूचना मैच शुरू होने से पहले ही आ गई थी और इसलिए टॉस में भी देरी हुई। ऑस्ट्रेलिया कॉमनवेल्थ गेम्स टीम ने बताया कि ये फैसला आईसीसी और ऑस्ट्रेलियाई मेडिकल स्टाफ से सलाह के बाद किया गया। उनमें कोविड के हल्के लक्षण पाए गए थे। भारतीय टीम ने भी सहमति दी। भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि खेल ऑस्ट्रेलिया की ओर से इस बारे में सूचना दी गई थी। उन्होंने कहा, ‘हमने खेल भावना दिखाई।’

    बहरहाल पूरे मैच के दौरान मैकग्राथ अलग-थलग जरूर दिखी। मैच के दौरान जब उन्होंने एक कैच पकड़ा तो दूर से सभी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने जश्न मनाया। वहीं जब ऑस्ट्रेलिया की टीम बल्लेबाजी कर रही थी तो भी मैकग्राथ सबसे अलग मास्क लगाकर बैठी हुई थीं। इन सबके बीच कई लोग कोविड संक्रमित मैकग्राथ को मैदान पर उतारने को लेकर अपनी नाराजागी जता रहे हैं। खेल रिपोर्टर नवीन शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के इस कदम को ‘बेशर्म’ बताते हुए ट्वीट किया, ‘ऑस्ट्रेलियाई हमेशा सही या गलत के बारे में प्रचार करते हैं लेकिन जब उनकी बात आती है तो वे सब कुछ भूल जाते हैं।’

    अभिषेक मुखर्जी ने लिखा, ‘ताहलिया मैकग्राथ कोविड संक्रमित होने के बाद बल्लेबाजी करने के लिए चली गईं। मुझे यकीन है कि आने वाले महीनों में अन्य टीमें इसे नोटिस करेंगी और ये प्रचलन बढ़ेगा। भविष्य में और अधिक कोविड संक्रमित क्रिकेटरों को मैदान पर देखने के लिए तैयार हो जाइए।’

  • भारतीय महिला टीम ने लॉन बॉल्स में पहली बार जीता Gold Medal, रचा इतिहास

    भारतीय महिला टीम ने लॉन बॉल्स में पहली बार जीता Gold Medal, रचा इतिहास

    नई दिल्ली: कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारतीय महिला टीम ने इतिहास रच दिया है। लॉन बॉल्स इवेंट के फाइनल मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रीका को मात दी और गोल्ड मेडल अपने नाम किया। 92 साल के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब भारत ने इस इवेंट में कोई मेडल जीता हो, वह भी अब सीधा गोल्ड मेडल हाथ लगा है। महिला टीम के इस इवेंट में टीम इंडिया में लवली चौबे, पिंकी, नयानमोनी साइकिया, रूपा रानी शामिल रहीं। जिन्होंने लगातार बेहतर प्रदर्शन किया और देश के लिए मेडल जीता। फाइनल मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रीका को 17-10 से मात दी है।

    करीब ढाई घंटे चले इस रोमांचक मुकाबले में कई बार उतार-चढ़ाव आया, टीम इंडिया ने शुरुआत में बढ़त बनाई, लेकिन उसके बाद साउथ अफ्रीका ने भी वापसी की। अंत में टीम इंडिया का शानदार खेल काम आया और भारत ने 17-10 से मुकाबला अपने नाम किया। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारत के मेडल की संख्या अब 10 हो गई है, इसमें 4 गोल्ड मेडल, 3 सिल्वर और 3 ही ब्रॉन्ज़ मेडल शामिल हैं।

    भारत ने इस मुकाबले में 1-0 से बढ़त बना ली थी, लेकिन बाद में साउथ अफ्रीका ने वापसी की और स्कोर 2-1 पहुंच गया। जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ रहा है और भी दिलचस्प होता जा रहा है। टीम इंडिया ने अभी तक 4-2 से बढ़त बनाई हुई है। जैसे-जैसे राउंड आगे बढ़ते गए, टीम इंडिया की बढ़त भी मज़बूत हुई। भारत 7-2 के राउंड से आगे चल रहा है।

    हालांकि जब आगे के एंड शुरू हुए तब टीम इंडिया कुछ लड़खड़ाई। साउथ अफ्रीका ने यहां लगातार प्वाइंट हासिल किए और मुकाबला 8-8 की बराबरी पर पहुंच गया है। 13 राउंड का गेम खत्म होने तक भारत और साउथ अफ्रीका के बीच कांटे का मुकाबला हुआ और अंत में जाकर भारत ने 17-10 से मैच जीत लिया।

  • एशिया कपः दुबई में भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान, जानें शेड्यूल

    एशिया कपः दुबई में भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान, जानें शेड्यूल

    नई दिल्लीः क्रिकेट फैन्स के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। इसी महीने के आखिर में होने वाले एशिया कप की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। बीसीसीआई के सचिव जय शाह द्वारा मंगलवार शाम को इसका ऐलान किया गया। 27 अगस्त से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान की टीमें 28 अगस्त को आमने-सामने होंगी। एशिया कप इस बार टी-20 फॉर्मेट में खेला जाना है। यहां पर पहला मैच श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच दुबई में खेला जाएगा।

    जबकि रविवार (28 अगस्त) को भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी, यह मैच भी दुबई में ही खेला जाएगा। इस इवेंट में 27 अगस्त से 31 अगस्त तक ग्रुप मैच होंगे, इसके बाद सुपर-4 की टीमों के मैच होंगे जो 3 सितंबर से 9 सितंबर तक होंगे। जबकि रविवार 11 सितंबर को एशिया कप 2022 का फाइनल मुकाबला होगा।

  • भारत को झटकाः कॉमनवेल्थ गेम्स से बाहर हुए नीरज चोपड़ा, जाने मामला

    भारत को झटकाः कॉमनवेल्थ गेम्स से बाहर हुए नीरज चोपड़ा, जाने मामला

    नई दिल्ली: टोक्यो ओलंपिक में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतने वाले और हाल में विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच चुके भारत के स्टार जेवलिन थ्रो एथलीट नीरज चोपड़ाकॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा नहीं लेंगे। सूत्रों के अनुसार चोट की वजह से वह इस इवेंट से बाहर हो रहे हैं।

    राष्ट्रमंडल खेलों की शुरुआत 28 जुलाई से बर्मिंघम में होने जा रही है। इन खेलों में नीरज चोपड़ा से भारतीय फैंस को पदक की उम्मीद थी।  विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय के तौर पर अपना नाम दर्ज कराने वाले चोपड़ा ने स्पर्धा के फाइनल में 88.13 मीटर का थ्रो फेंका था।

    विश्व चैम्पियनशिप के फाइनल में हुए थे नीरज चोपड़ा चोटिल

    सूत्रों के अनुसार नीरज चोपड़ा को इंजुरी विश्व चैम्पियनशिप के फाइनल के दौरान ही हुई थी। फाइनल में छह अटेम्प्ट में उन्होंने तीन फाउल भी किए थे। नीरज ने मेडल जीतने के बाद कहा था, ‘चौथे थ्रो के बाद, मुझे अपनी जांघ में थोड़ी परेशानी महसूस हुई, मैं इतना प्रयास करने में सक्षम नहीं था। यह मेरे दिमाग में था, लेकिन मैं सिर्फ यह सुनिश्चित करना चाहता था कि मैं थ्रो कर सकूं। उम्मीद है कि यह ठीक हो जाएगा। मुझे सुबह तक पता चल जाएगा कि यह कैसा लगता है या चिंता की कोई बात है।’

    न्यूज एजेंसी के अनुसार भारतीय ओलंपिक संघ के महासचिव राजीव मेहता ने बताया, ‘नीरज चोपड़ा राष्ट्रमंडल खेल 2022 में हिस्सा नहीं लेंगे। विश्व एथलेटिक चैंपियनशिप के फाइनल में चोटिल होने के कारण वह फिट नहीं हैं। उन्होंने हमें इस बारे में सूचित किया है।’

    नीरज चोपड़ा को है ग्रोइन इंजुरी

    वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के बाद नीरज चोपड़ा का MRI स्कैन किया गया था। इसमें ग्रोइन इंजुरी की बात सामने आई है। ऐसे में नीरज चोपड़ा को करीब एक महीने का आराम करने की सलाह दी गई है। यही वजह है कि वह कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में नहीं खेल सकेंगे। कॉमनवेल्थ गेम्स में नीरज चोपड़ा का मैच 5 अगस्त को होना था। इस स्पर्धा में अब भारत की उम्मीदें डीपी मनु और रोहित यादव से हैं।

  • भारत-इग्लैंड टेस्ट मैचः जसप्रीत बुमराह ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, जानें एक ओवर में कितने बनाए रन

    भारत-इग्लैंड टेस्ट मैचः जसप्रीत बुमराह ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, जानें एक ओवर में कितने बनाए रन

    बर्मिंघम: भारत और इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन टेस्ट मैच में भारतीय गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया है। बुमराह ने इंग्लिश गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में 29 रन बनाकर रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किया है।

    इसी के साथ ब्रॉड अब टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे महंगा ओवर फेंकने वाले गेंदबाज बन गए हैं। ब्रॉड ने भारत की पहली पारी में एक ओवर में 35 रन लुटा दिए। इनमें से 29 रन भारत के कप्तान जसप्रीत बुमराह के बैट से निकले जिन्होंने उस ओवर में 3 चौके और 2 छक्के लगाए। बाकी के छह रन अतिरिक्त के खाते में गए। 

    ब्रॉर्ड से पहले इन 3 खिलाड़ियों के नाम रिकॉर्ड दर्ज 

    इससे पहले एक ओवर में सबसे ज्यादा रन खर्च करने का रिकॉर्ड तीन खिलाड़ियों के नाम पर था, जिन्होंने 28-28 रन दिए थे। सबसे पहले साउथ अफ्रीका के रॉबिन पीटरसन ने साल 2003 में विंडीज के खिलाफ जोहानिसबर्ग टेस्ट मैच में एक ओवर में 28 रन खर्च कर दिए थे। फिर एंडरसन ने 2013 और जो रूट ने 2020 में यह कारनामा किया था।

    ऐसे बनाए बुमराह ने एक ओवर में कुल 35 रन

    इग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में बुमराह ब्रॉड की पहली गेंद पर फाइन लेग पर चौका लगाया। फिर ब्रॉड की बाउंसर गेंद विकेटकीपर सैम बिलिंग्स के ऊपर से निकल गई और कुल 5 रन आए। फिर तीसरी गेंद पर 7 रन आए, क्योंकि बुमराह ने थर्ड मैन पर छक्का लगाया और 1 रन नो बॉल का मिला। इसके बाद बुमराह ने लगातार 3 चौके लगे। 

    फिर ओवर की पांचवीं गेंद को बुमराह ने डीप बैकवर्ड स्क्वेयर लेग पर छक्का लगाकर ओवर को 34 रन का कर दिया। आखिरी गेंद पर ब्रॉड को थोड़ी राहत मिली क्योंकि बुमराह यॉर्कर गेंद पर सिंगल ही ले सके।

  • टीम इंडिया के लिए बुरी खबरः इंग्लैंड दौरे से पहले आर अश्विन की कोरोना रिपोर्ट पॉजीटिव

    टीम इंडिया के लिए बुरी खबरः इंग्लैंड दौरे से पहले आर अश्विन की कोरोना रिपोर्ट पॉजीटिव

    नई दिल्लीः इंग्लैंड दौरे से पहले टीम इंडिया के लिए बुरी ख़बर सामने आई है। इंग्लैंड दौरे की शुरुआत से पहले ही टीम इंडिया स्टार ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं। उनके अभ्यास मैच से बाहर रहने की संभावना है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अश्विन ने पांचवें टेस्ट के लिए अपनी टीममेट साथ यूनाइटेड किंगडम रवाना नहीं हुए थे। रविचंद्रन अश्विन फिलहाल क्वारंटीन में हैं और जरूरी प्रोटोकॉल को पूरा करने के बाद ही टीम में शामिल होंगे। भारतीय टीम 16 जून को यूके के लिए रवाना हुई थी।

    टेस्ट मैच से पहले ठीक होने की उम्मीद

    बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘अश्विन ने टीम के साथ यूके की यात्रा नहीं की है, क्योंकि उन्होंने प्रस्थान से पहले कोविड-19 के लिए सकारात्मक परीक्षण किया है। लेकिन हमें उम्मीद है कि 1 जुलाई को शुरू होने वाले टेस्ट मैच से पहले वह समय पर ठीक हो जाएंगे।’

    सूत्र ने बताया कि, ‘हालांकि वह लीसेस्टरशायर के खिलाफ अभ्यास मैच खेलने से चूक सकते हैं।’ टेस्ट टीम के ज्यादातर सदस्य पहले से ही लीसेस्टर में हैं। गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे और बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर की देखरेख में इन खिलाड़ियों ने प्रशिक्षण भी शुरू कर दिया है।


    आयरलैंड के खिलाफ भी होने हैं मैच

    राहुल द्रविड़, ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज की समाप्ति के बाद लंदन पहुंच गए हैं और मंगलवार को ये सभी लीसेस्टर जाएंगे। वीवीएस लक्ष्मण के नेतृत्व में आयरलैंड जाने वाली टीम 23 या 24 जून को डबलिन के लिए रवाना होगी क्योंकि टीम के सदस्यों को तीन दिन का आराम दिया गया है।

    टीम इंडिया को 1-5 जुलाई के दौरान इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के आखिरी मुकाबले में भिड़ना है। गौरतलब है कि पिछले साल इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम कोविड-19 मामलों के चलते आखिरी टेस्ट मैच नहीं खेल सकी थी। चार टेस्ट मैचों के बाद टीम इंडिया फिलहाल 2-1 से आगे है।

  • विवादों में फंसे धोनी, FIR हुई दर्ज; जानें क्या है मामला…

    विवादों में फंसे धोनी, FIR हुई दर्ज; जानें क्या है मामला…

    नई दिल्ली। पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी फिर एक बार सुर्खियों में हैं. इस बार धोनी के खिलाफ बिहार के बेगूसराय में केस दर्ज हुआ है. यह मामला पैसों की धोखाधड़ी से जुड़ा हुआ है. 

    बता दें कि इस केस में धोनी के अलावा 7 अन्य लोगों को अभियुक्त बनाया गया है. यह केस एक खाद विक्रेता ने दर्ज कराया है. आरोप है कि 30 लाख रुपये का चेक बाउंस हो गया, इसलिए केस कराना पड़ा. 

    दरअसल यह दो कंपनियों के बीच का विवाद है. एसके इंटरप्राइजेज बेगूसराय नामक एजेंसी के साथ एक खाद कंपनी ने अपने उत्पाद की बिक्री के लिए करार किया था. कंपनी की तरफ से एजेंसी को खाद तो भेज दिया लेकिन वहां से मार्केटिंग में सहयोग नहीं किया गया. इसके बाद एजेंसी के मालिक नीरज कुमार निराला ने कंपनी पर असहयोग का इल्जाम लगाते हुए कहा कि इसकी वजह से उन्हें नुकसान हुआ है.

    एजेंसी ने प्रोडक्ट के लिए कंपनी को 36.81 लाख का भुगतान किया. केस में दावा किया गया है कि इस वजह से एजेंसी में माल फंस गया. बाद में शिकायत करने पर कंपनी ने एजेंसी में फंसा खाद वापस ले लिया और बदले में 30 लाख का चेक दिया. मालिक ने जब चेक बैंक भेजा तो बाउंस हो गया. इसकी सूचना बार-बार देने के बाद भी कंपनी के अधिकारी या रिप्रजेंटेटिव ने ध्यान नहीं दिया. 

    एजेंसी मालिक के अधिवक्ता ने कंपनी को चेक बाउंस हो जाने का लीगल नोटिस भी भेजा पर, दुकानदार को राहत नहीं मिली. थक हारकर नीरज कुमार निराला कोर्ट की शरण में चले गए. इस केस में नीरज कुमार निराला की ओर से पूर्व क्रिकेट कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी के साथ-साथ कंपनी के सीईओ राजेश आर्य, स्टेट हेड अजय कुमार, मार्केटिंग हेड अर्पित दूबे, एमडी इमरान जफर, मार्केटिंग मैनेजर वंदना आनंद और निदेशक महेन्द्र सिंह समेत 7 को अभियुक्त बनाया गया है.

    बता दें कि महेंद्र सिंह धोनी ने इस प्रोडक्ट का विज्ञापन किया था. इस वजह से नीरज कुमार निराला ने धोनी पर भी मुकदमा दर्ज करवाया है. कोर्ट ने इस मामले को स्वीकार कर लिया है और इस पर अगली सुनवाई 28 जून के होगी. केस में महेन्द्र सिंह धोनी का नाम होने की वजह से यह मामला सुर्खियों में है.