Category: Himachal>Una

  • मैहतपुर पुलिस ने 7 बोतल अवैध देसी शराब पकड़ी

    मैहतपुर पुलिस ने 7 बोतल अवैध देसी शराब पकड़ी

    ऊना,सुशील पंडित: अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए पुलिस थाना मैहतपुर की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर देहलां क्षेत्र में कार्रवाई कर 7 बोतल देसी शराब (VRV सुपर संतरा) बरामद की है।

    पुलिस के अनुसार गुरुद्वारा देहलां के सामने ऊना-नंगल मार्ग के किनारे बनी एक इमारत के पीछे से बलदेव सिंह निवासी देहलां अप्पर के कब्जे से बिना लाइसेंस एवं परमिट के शराब बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

     

  • सट्टा लगाते रंगे हाथ पकड़ा गया युवक, नकदी और पर्ची-दड़ा बरामद

    सट्टा लगाते रंगे हाथ पकड़ा गया युवक, नकदी और पर्ची-दड़ा बरामद

    ऊना,सुशील पंडित:  जिला पुलिस ऊना ने अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना सदर ऊना क्षेत्र में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर लोअर बसाल स्थित पुराने होशियारपुर रोड पर घालूवाल पुल के समीप दबिश देकर सूरज निवासी घालूवाल के कब्जे से ₹2,000 की नकदी और पर्ची-दड़ा सट्टा बरामद किया।

    आरोपी के विरुद्ध पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  • विजय डोगरा ने विधि विषय में पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त की

    विजय डोगरा ने विधि विषय में पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त की

    ऊना/सुशील पंडित : करियर प्वाइंट विश्वविद्यालय, हमीरपुर ने विजय डोगरा को विधि (Law) विषय में पीएच.डी. की उपाधि प्रदान की है। इस उपलब्धि के साथ वे अब डॉ. विजय डोगरा के नाम से जाने जाएंगे। डॉ. विजय डोगरा ने अपना शोधकार्य डॉ. भूपेन्द्र कुमार जोधटा, प्रोफेसर तथा प्राचार्य, अवस्थी कॉलेज ऑफ लॉ, नालागढ़ तथा डॉ. सुरेश ठाकुर, डीन एवं प्रोफेसर, विधि विभाग, सी.टी. विश्वविद्यालय, लुधियाना के संयुक्त मार्गदर्शन में पूर्ण किया। इस अवसर पर डॉ. विजय डोगरा ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने शोध-निर्देशकों के मार्गदर्शन, परिवार के सहयोग तथा मित्रों के निरंतर प्रोत्साहन को दिया। उन्होंने अपनी यह उपलब्धि अपने स्वर्गीय माता-पिता स्व.  ईश्वर दुखिया एवं स्व. श्रीमती सावित्री देवी, अपने दिवंगत छोटे भाई स्व. विनय शर्मा की पावन स्मृति को समर्पित करते हुए अपने बड़े भाई अजय शर्मा के स्नेह, मार्गदर्शन एवं निरंतर सहयोग के प्रति भी हार्दिक आभार व्यक्त किया।
    उन्होंने अपनी पत्नी श्रीमती मधु शर्मा, पुत्र दिव्यांशु डोगरा, अपने ससुराल परिवार, मित्र डॉ. नितिन धीमान, एम. पी. डोगरा, परिवारजनों, सहकर्मियों एवं शुभचिंतकों का उनके अमूल्य सहयोग, स्नेह एवं शुभकामनाओं के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। डॉ. विजय डोगरा की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर शिक्षाविदों, अधिवक्ताओं, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
     
  • अब सफर होगा और भी सुरक्षित: Google Play Store पर उपलब्ध हुआ Reachsafe HP ऐप

    अब सफर होगा और भी सुरक्षित: Google Play Store पर उपलब्ध हुआ Reachsafe HP ऐप

    ऊना/सुशील पंडित : हिमाचल प्रदेश में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाजनक यात्रा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से Reachsafe HP मोबाइल ऐप अब Google Play Store पर उपलब्ध है। जिला पुलिस ऊना ने आमजन से अपील की है कि वे इस ऐप को डाउनलोड कर अपनी हर यात्रा को अधिक सुरक्षित और स्मार्ट बनाएं। पुलिस के अनुसार, Reachsafe HP ऐप के माध्यम से यात्रियों को सड़कों की रियल-टाइम (Real-Time) स्थिति, मौसम व सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण अलर्ट प्राप्त होंगे। इसके अलावा, यात्री अपने स्मार्टफोन से सड़क पर मौजूद गड्ढों, भूस्खलन, जाम या अन्य खतरों एवं बाधाओं की जानकारी भी साझा कर सकेंगे। इससे अन्य यात्रियों को समय रहते आवश्यक सूचना मिलेगी और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी।
    जिला पुलिस ऊना ने नागरिकों से इस ऐप का अधिक से अधिक उपयोग करने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग देने की अपील की है। पुलिस ने लोगों को यह भी सलाह दी है कि Reachsafe HP ऐप केवल Google Play Store से ही डाउनलोड करें और किसी भी फर्जी ऐप या APK फ़ाइल से बचें, ताकि साइबर धोखाधड़ी और डेटा सुरक्षा से जुड़े खतरों से सुरक्षित रहा जा सके।
     
  • ऊना में घरेलू विवाद ने लिया हिंसक रूप, भाई पर मां, बहन, दादी और चाचा से मारपीट का आरोप

    ऊना में घरेलू विवाद ने लिया हिंसक रूप, भाई पर मां, बहन, दादी और चाचा से मारपीट का आरोप

    ऊना /सुशील पंडित : जिला ऊना के पुलिस थाना टाहलीवाल में घरेलू विवाद का मामला दर्ज हुआ है। दुलैहड़ निवासी काजल पुत्री अशोक कुमार ने शिकायत में बताया कि 10 जुलाई 2026 की सुबह उसके भाई जसबीर ने उनकी मां के साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपी ने कथित रूप से काजल, उसकी दादी और चाचा के साथ भी मारपीट की, जिससे सभी को चोटें आईं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
     
  • KBC के नाम पर ₹8.54 लाख की साइबर ठगी, व्हाट्सएप कॉल से बनाया शिकार

    KBC के नाम पर ₹8.54 लाख की साइबर ठगी, व्हाट्सएप कॉल से बनाया शिकार

    ऊना : ऊना जिले में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस थाना सदर ऊना में नंगल सलांगड़ी निवासी विजय कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार, अज्ञात ठगों ने खुद को KBC का आधिकारिक प्रतिनिधि बताकर व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के माध्यम से संपर्क किया। आरोपियों ने बड़ी पुरस्कार राशि दिलाने का झांसा देकर विभिन्न औपचारिकताओं के नाम पर पीड़ित से अलग-अलग बैंक खातों में कुल ₹8,54,201 ट्रांसफर करवा लिए। पैसे मिलने के बाद आरोपियों ने कॉल और मैसेज का जवाब देना बंद कर दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

     

  • उपमुख्यमंत्री 11 जुलाई को करेंगे प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय डिग्री कॉलेज के नए शैक्षणिक भवन का लोकार्पण

    उपमुख्यमंत्री 11 जुलाई को करेंगे प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय डिग्री कॉलेज के नए शैक्षणिक भवन का लोकार्पण

    ऊना, सुशील पंडित: हरोली विधानसभा क्षेत्र में उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलने जा रही है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री 11 जुलाई को प्रातः 10:30 बजे प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय डिग्री कॉलेज, हरोली के नवनिर्मित शैक्षणिक भवन का लोकार्पण करेंगे।

    उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर आधारभूत ढांचे का विस्तार कर रही है। इसी क्रम में महाविद्यालय का नया शैक्षणिक भवन तैयार किया गया है। परिसर में आधुनिक मंच, ओपन जिम, वॉलीबॉल एवं बैडमिंटन कोर्ट तथा कैंपस कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रमीय वातावरण उपलब्ध होगा।

    उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में वर्तमान में बीए, बी.कॉम, बीसीए, बीबीए, बी.एससी. (मेडिकल एवं नॉन-मेडिकल), एम.कॉम तथा राजनीति शास्त्र, अंग्रेज़ी, इतिहास और हिंदी विषयों में एम.ए. की पढ़ाई संचालित है। नए शैक्षणिक सत्र से पीजीडीसीए और बी.एससी. कंप्यूटर साइंस की कक्षाएं भी आरंभ की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त बॉटनी, केमिस्ट्री, फिजिक्स और जूलॉजी विषयों के लिए अत्याधुनिक मॉड्यूलर साइंस लैब्स स्थापित करने की स्वीकृति भी मिल चुकी है।

    उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक शैक्षणिक ढांचे, नई प्रयोगशालाओं और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों के विस्तार से हरोली क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी। तकनीक आधारित शिक्षा को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ युवाओं के लिए नए शैक्षणिक एवं करियर अवसर भी उपलब्ध होंगे।

     

  • स्वास्थ्य विभाग में भरे जाएंगे स्टाफ नर्स के 71 पद

    स्वास्थ्य विभाग में भरे जाएंगे स्टाफ नर्स के 71 पद

    ऊना, सुशील पंडितः निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं हिमाचल प्रदेश द्वारा स्टाफ नर्स के 71 पद बैच आधार पर भरें जाएंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला रोजगार अधिकारी अक्षय शर्मा ने बताया कि स्टाफ नर्स के पदों के लिए अनारक्षित वर्ग में 28 पद दिसम्बर 2010 बैच तक, अनारक्षित वर्ग की ईडब्ल्यूएस श्रेणी में 7 पद जून 2011 बैच तक, अनारक्षित वर्ग की स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों की श्रेणी से 1 पद दिसंबर 2012 तक, एससी श्रेणी में 13 पद दिसम्बर 2013 बैच तक, एससी की बीपीएल श्रेणी में 3 पद दिसम्बर 2014 बैच तक, एससी की डब्ल्यूएफएफ श्रेणी में 1 पद दिसम्बर 2017 बैच, ओबीसी श्रेणी में 13 पद दिसम्बर 2012 बैच और ओबीसी की बीपीएल श्रेणी में 3 पद दिसम्बर 2013 बैच तक भरे जाएंगे।

    उन्होंने बताया कि उपरोक्त बैच व श्रेणी से पात्र अभ्यर्थी जिन्होंने अपना नाम रोजगार कार्यालय में पंजीकृत नहीं करवाया है वे 20 जुलाई से पहले अपना नाम संबंधित रोजगार कार्यालय की आधिकारिक वेबसाइट https://eemis.hp.nic.in पर दर्ज करवा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नम्बर 01975-226063 पर सम्पर्क किया जा सकता है।

  • सोशल ऑडिट जनसुनवाई में विद्यालयों की समस्याओं और सुझावों पर हुई सार्थक चर्चा

    सोशल ऑडिट जनसुनवाई में विद्यालयों की समस्याओं और सुझावों पर हुई सार्थक चर्चा

    प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और एसएमसी सदस्यों ने रखे सुझाव, शिक्षा विभाग ने दिए समाधान

    ऊना, सुशील पंडित: समग्र शिक्षा के अंतर्गत विद्यालयों में कराए गए सोशल ऑडिट के क्रम में शुक्रवार को लता मंगेशकर कला केंद्र, समूर कलां में जनसुनवाई आयोजित की गई। इसमें विभिन्न सरकारी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों ने विद्यालयों से जुड़े सुझाव और समस्याएं साझा कीं, जिन पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक समाधान और मार्गदर्शन प्रदान किया।

    जनसुनवाई का आयोजन जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) ऊना द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के प्रिंसिपल इन्वेस्टिगेटर रणधीर सिंह रांटा ने किया। इस अवसर पर उपनिदेशक उच्च शिक्षा एवं जिला परियोजना अधिकारी अनिल तक्की, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा सोमपाल धीमान, डाइट के प्रधानाचार्य संजय धीमान सहित जल शक्ति, लोक निर्माण, विद्युत तथा स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

    शिक्षा उपनिदेशक (उच्च) अनिल तक्की ने कहा कि विद्यालयों का सोशल ऑडिट कागजी या वित्तीय समीक्षा भर भी है। यह समुदाय की सहभागिता से शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने की प्रक्रिया है। उन्होंने सभी हितधारकों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की। कार्यक्रम में डाइट प्रधानाचार्य संजय धीमान ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालयों की समस्याओं और उपलब्धियों पर खुलकर संवाद से शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकता है।

    जिला सोशल ऑडिट समन्वयक सुधा पराशर ने बताया कि अक्टूबर 2025 में समग्र शिक्षा के तहत जिले के 20 प्रतिशत चयनित विद्यालयों का स्वतंत्र तृतीय पक्ष सोशल ऑडिट हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के इंटरडिसिप्लिनरी स्टडीज विभाग की टीम द्वारा किया गया था। इसी प्रक्रिया के तहत जनसुनवाई आयोजित कर विद्यालयों से जुड़े विभिन्न पक्षों के सुझाव और फीडबैक प्राप्त किए गए।। जनसुनवाई के दौरान प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और एसएमसी सदस्यों ने विद्यालयों से संबंधित विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव और अनुभव साझा किए। जिला शिक्षा उपनिदेशक (उच्च) एवं जिला शिक्षा उपनिदेशक (प्रारंभिक) ने सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में डाइट के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षुओं ने भी भाग लिया।

     

  • लोक निर्माण मंत्री ने बड़साला पुल व बसाल-नंगल सलागड़ी सड़क का किया निरीक्षण

    लोक निर्माण मंत्री ने बड़साला पुल व बसाल-नंगल सलागड़ी सड़क का किया निरीक्षण

    शनिवार से वाहनों की आवाजाही के लिए खुलेगा बड़साला पुल

    ऊना, सुशील पंडित: लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शुक्रवार को ऊना जिले के बड़साला में क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण कर मरम्मत कार्य का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि करीब 200 मीटर लंबे पुल की मरम्मत पर दो करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं और इसे शनिवार से वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क एवं पुलों के सुदृढ़ीकरण को विकास की आधारभूत आवश्यकता मानते हुए गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना के निर्माण और समयबद्ध रखरखाव पर विशेष ध्यान दे रही है।

    प्रदेश के हर क्षेत्र में सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना हमारी प्रतिबद्धता है। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत अपग्रेड की जा रही बसाल-नंगल सलागड़ी सड़क का भी निरीक्षण किया। सात किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर नौ करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से बसाल, चलोला और नंगल सलागड़ी सहित आसपास के करीब एक हजार लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी।

    इससे पहले लोक निर्माण मंत्री ने ऊना के टक्का में नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य सुमित कुमार शर्मा द्वारा आयोजित आभार मिलन कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं। बाद में उन्होंने प्राचीन शिव मंदिर बनोड़े महादेव में माथा टेका और विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा, श्री चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (आईटी एवं नवाचार) गोकुल बुटेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देसराज गौतम तथा कुटलैहड़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विवेक मिंका, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण देवानंद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।